Blog

  • मैहतपुर पुलिस ने 7 बोतल अवैध देसी शराब पकड़ी

    मैहतपुर पुलिस ने 7 बोतल अवैध देसी शराब पकड़ी

    ऊना,सुशील पंडित: अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पुलिस थाना मैहतपुर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर देहलां क्षेत्र में कार्रवाई कर 7 बोतल देसी शराब (VRV सुपर संतरा) बरामद की है।

    पुलिस के अनुसार गुरुद्वारा देहलां के सामने ऊना-नंगल मार्ग के किनारे बनी एक इमारत के पीछे से बलदेव सिंह निवासी देहलां अप्पर के कब्जे से बिना लाइसेंस एवं परमिट के शराब बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

     

  • सट्टा लगाते रंगे हाथ पकड़ा गया युवक, नकदी और पर्ची-दड़ा बरामद

    सट्टा लगाते रंगे हाथ पकड़ा गया युवक, नकदी और पर्ची-दड़ा बरामद

    ऊना,सुशील पंडित:  जिला पुलिस ऊना ने अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना सदर ऊना क्षेत्र में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर लोअर बसाल स्थित पुराने होशियारपुर रोड पर घालूवाल पुल के समीप दबिश देकर सूरज निवासी घालूवाल के कब्जे से ₹2,000 की नकदी और पर्ची-दड़ा सट्टा बरामद किया।

    आरोपी के विरुद्ध पब्लिक गैंबलिंग एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • मुख्यमंत्री ने अत्याधुनिक 3-टेस्ला MRI मशीन का किया शुभारंभ

    मुख्यमंत्री ने अत्याधुनिक 3-टेस्ला MRI मशीन का किया शुभारंभ

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज शिमला के अटल इंस्टीच्यूूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटीज़, चमियाना में अत्याधुनिक 3-टेस्ला एमआरआई सुविधा का शुभारंभ किया। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज, शिमला के बाद एआईएमएसएस प्रदेश का दूसरा सरकारी स्वास्थ्य संस्थान बन गया है, जहां यह उन्नत इमेजिंग तकनीक उपलब्ध करवाई गई है। लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित यह अत्याधुनिक 3-टेस्ला एमआरआई मशीन बेहतर गुणवत्ता की इमेजिंग, कम समय में जांच तथा अधिक सटीक निदान की सुविधा प्रदान करेगी।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीक से सुसज्जित करना वर्तमान राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि इस उन्नत एमआरआई सुविधा के शुरू होने से विभिन्न सुपर स्पेशियलिटी विभागों की निदान क्षमता अत्यधिक सुदृढ़ होगी, जिससे चिकित्सकों को जटिल बीमारियों का अधिक प्रभावी ढंग से पता लगाने और उनका उपचार करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब मरीजों को एमआरआई जांच के लिए संस्थान से बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे उनके समय और धन दोनों की बचत होगी तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त होंगी।

    मुख्यमंत्री ने मीडिया से संवाद करते हुए कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताएं हैं तथा इन दोनों महत्त्वपूर्ण क्षेत्रों को सशक्त बनाने के लिए धन की कमी को आड़े नहीं आने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों में कार्यरत चिकित्सकों से व्यापक विचार-विमर्श के पश्चात् पूरे प्रदेश में चिकित्सा तकनीक को उन्नत बनाने के लिए व्यापक सुधार कर रही है। राज्य सरकार प्रदेश के लोगों को सस्ती, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में सरकार जहां एक ओर चिकित्सकों के रिक्त पद भर रही है, वहीं दूसरी ओर सभी सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों को अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीक और आधुनिक निदान उपकरणों से लैस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग्य चिकित्सकों को सरकारी सेवाओं में बनाए रखने के लिए प्रतिस्पर्धी वेतनमान भी प्रदान किया जा रहा है।

    उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों में 125 करोड़ रुपये की लागत से स्वचालित (ऑटोमेटेड) प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी, जहां अत्याधुनिक और पूरी तरह स्वचालित जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे जांच की सटीकता बढ़ेगी और मरीजों के उपचार में उल्लेखनीय सुधार होगा।

    सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार एआईएमएसएस को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहली बार रोबोटिक सर्जरी की सुविधा भी यहीं शुरू की गई थी, जिसके पश्चात् डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा, आईजीएमसी शिमला तथा श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, नेरचौक में भी रोबोटिक सर्जरी सुविधा आरम्भ की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार मरीजों को रोबोटिक सर्जरी की सुविधा रियायती दरों पर उपलब्ध करवा रही है, जबकि निजी अस्पतालों में यह उपचार अत्यंत महंगा होता है। इसी प्रकार एमआरआई और पैट स्कैन जैसी जांच भी प्रदेश में न्यूनतम दरों पर उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधारों के माध्यम से सभी जांचों के लिए शून्य प्रतीक्षा अवधि सुनिश्चित करना है।

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एआईएमएसएस मोबाइल एप्लीकेशन का भी शुभारंभ किया, जिसके माध्यम से मरीज संस्थान और उसकी विभिन्न सेवाओं से संबंधित समस्त जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने संस्थान की स्वच्छता निगरानी प्रणाली का भी शुभारंभ किया, जिससे अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और स्वच्छता प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

     

     

  • Jalandhar News: मोबाइल लूटने आए बदमाशों ने युवक पर किया तेजधार हथियार से हमला, मौत, देखें वीडियो

    Jalandhar News: मोबाइल लूटने आए बदमाशों ने युवक पर किया तेजधार हथियार से हमला, मौत, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: गांव चोगामा में मोबाइल लूट की कोशिश के दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने एक युवक पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। टांग पर गंभीर चोट लगने से अत्यधिक खून बह गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के अररिया जिले के गांव पटना निवासी 25 वर्षीय सुनील के रूप में हुई है। वह करीब डेढ़ माह पहले जालंधर आया था और खेतों में धान लगाने का काम करता था। थाना लाबड़ा पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि आरोपी वारदात के बाद फरार हैं।

    मृतक के साथी रुपेश कुमार मंडल ने बताया कि वह सुनील के साथ खेत में धान लगाने के लिए जा रहे थे। रास्ते में बारिश शुरू होने पर दोनों गांव चोगामा के बस स्टैंड के नीचे बारिश से बचने के लिए रुक गए। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और दोनों से मोबाइल फोन मांगने लगे। परतेश ने बताया कि उसने अपना मोबाइल बदमाशों को दे दिया, लेकिन जब उन्होंने सुनील से मोबाइल मांगा तो उसने दोनों हाथ ऊपर उठा दिए ताकि वे स्वयं मोबाइल निकाल लें।

    बदमाशों को लगा कि वह विरोध कर रहा है। इस पर एक आरोपी ने तलवार से उसकी टांग पर वार कर दिया। हमले के बाद दोनों बदमाश दोनों मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद रुपेश कुमार और अन्य साथियों ने गंभीर रूप से घायल सुनील को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रुपेश कुमार ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना लाबड़ा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

     

  • Punjab News: गन्ने के खेतों में संदिग्ध ड्रोन बरामद, जांच में जुटी पुलिस

    Punjab News: गन्ने के खेतों में संदिग्ध ड्रोन बरामद, जांच में जुटी पुलिस

    गुरदासपुर: पाकिस्तान लगातार अपनी नाकाम हरकतों से बाज नहीं आ रहा है और सीमा क्षेत्र के इलाकों में नशीले पदार्थ तथा हथियार जैसी सामग्री गिराने के लिए बार-बार कोशिशें करता रहता है। लेकिन सीमाओं पर तैनात हमारी सुरक्षा बलों के जवान अक्सर उनकी इन हरकतों को नाकाम करने में सफल रहते हैं। एक बार फिर सरहदी ज़िला गुरदासपुर के पुलिस स्टेशन बहिरामपुर के अंतर्गत आने वाले गांव जागोचक टांडा के टी-पॉइंट के पास गन्ने के खेतों में एक संदिग्ध ड्रोन मिलने की खबर सामने आई है। ड्रोन देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

    इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी दीनानगर रज़िंदर मीन्हास ने बताया कि टीम ने मौके पर पहुंचकर ड्रोन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और आस-पास के इलाके की बारीकी से तलाशी ली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रोन किस मकसद से इस क्षेत्र में आया था और क्या इसके द्वारा कोई संदिग्ध सामग्री उतारी गई है।

    सरहदी इलाका होने के कारण सुरक्षा एजेंसियाँ इस मामले को गंभीरता से ले रही हैं। पुलिस द्वारा ड्रोन की तकनीकी जाँच करवाई जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल पुलिस ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की है। दूसरी ओर पुलिस ने थाना बहिरामपुर में अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर अगली जांच शुरू कर दी है और जाँच पूरी होने के बाद ही ड्रोन संबंधी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

  • बेटे संग पाकिस्तानी महिला गिरफ्तार, कई भारतीय दस्तावेज बरामद, जांच में जुटी पुलिस

    बेटे संग पाकिस्तानी महिला गिरफ्तार, कई भारतीय दस्तावेज बरामद, जांच में जुटी पुलिस

    चिक्कबल्लापुरः कर्नाटक के चिक्कबल्लापुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां, एक पाकिस्तानी महिला और उसके बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान फरहानाज और उनके बेटे मोहम्मद फरदीन खान के तौर पर हुई है। पुलिस टीम ने इनके पास से कई भारतीय दस्तावेज बरामद किए हैं। मिली जानकारी के अनुसार दोनों दासागरेपल्ली गांव में रह रहे थे। पकड़ी गई महिला ने इसी गांव के एक व्यक्ति से शादी की थी। ये दोनों पाकिस्तानी नागरिक हैं।

    गैर-कानूनी तरीके से रहने का आरोप
    बागेपल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी महिला और उसके बेटे को गिरफ़्तार किया है। उन पर आरोप है कि वे वीजा की मियाद खत्म होने के बाद भी भारत में गैर-कानूनी तरीके से दासागरेपल्ली गांव में रह रहे थे। पाकिस्तानी नागरिक फरहानाज की शादी दासागरेपल्ली गांव के रहने वाले अयूब खान से हुई थी। इस जोड़े के दो बच्चे हैं।

    जांच में जुटी पुलिस
    पुलिस ने बताया कि फरहानाज और उनका बेटा मोहम्मद फरदीन खान, दोनों पाकिस्तानी नागरिक हैं। शुरुआती जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि भारतीय नागरिक न होने के बावजूद, आरोपियों के पास कथित तौर पर राशन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड और बैंक खाते थे। जांच के तहत इन दस्तावेजों की असलियत की पुष्टि की जा रही है।

    150 लोग ATS के रडार पर
    इससे पहले पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े ऑनलाइन नेटवर्क को लेकर महाराष्ट्र ATS ने छापेमारी शुरू की। NIA की कार्रवाई के बाद अब ATS  ने शहजाद भट्टी से जुड़े नेटवर्क की जांच तेज कर दी है।  मिली जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र और राज्य के कई हिस्सों में एटीएस का सर्च ऑपरेशन चलाया। एटीएस ने मुंबई, ठाणे, कुर्ला, बांद्रा, जोगेश्वर, नवी मुंबई, मीरारोड, भायंदर, सांगली, सतारा, छत्रपति संभाजी नगर सहित कई जगहों पर रेड की है। वहीं, पाकिस्तानी गैंस्टर शहजाद भट्टी से सोशल मीडिया के माध्यम से कथित संपर्क के मामले में महाराष्ट्र में करीब 150 से ज्यादा लोग एटीएस के राडार पर हैं। इसी मामले को लेकर छापेमारी चल रही है।

     

  • Punjab News: ताबड़तोड़ गोलियां मारकर व्यक्ति का कत्ल, दंपति गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: ताबड़तोड़ गोलियां मारकर व्यक्ति का कत्ल, दंपति गिरफ्तार, देखें वीडियो

    गुरदासपुर: सीरा गांव में देर रात मामूली विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब रणजीत सिंह के पुत्र गगनदीप सिंह गगन ने गांव के निवासी करनैल सिंह के पुत्र मनपिंदर सिंह उर्फ ​​मन्ना पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से 6 गोलियां चला दी। इस गोलीबारी में मनपिंदर सिंह उर्फ ​​मन्ना गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को लेकर लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। वहीं हादसे में घायल मनपिंदर को परिवार और गांव वासियों की मदद से उपचार के लिए अमृतसर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां आज उपचार के दौरान मनपिंदर सिंह उर्फ ​​मन्ना की मौत हो गई। परिवार द्वार घटना की सूचना पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही घनिया के बंगर पुलिस स्टेशन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

    बातचीत के दौरान, मृतक के भाई ने जानकारी देते हुए बताया कि वह भी घटनास्थल पर मौजूद था। जब भाई को गोली मारने वाला व्यक्ति हमलावर विवाद कर रहा था। पीड़ित ने बताया कि आरोपी का भाई से पहले से ही झगड़ा चल रहा था। ऐसे में देर रात भी हुए विवाद के दौरान आरोपी की पत्नी अंदर से पिस्तौल लाई और उसे दे दी, जिसके बाद उसने सीधे भाई पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। इस घटना में घायल भाई को उपचार के लिए पहले बटाला के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा हालत गंभीर होने के कारण उसे अमृतसर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

    आज उपचार के दौरान भाई की मौत हो गई। दूसरी ओर फतेहगढ़ चुड़ियां के डीएसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि देर रात सीरा गांव के एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी द्वारा 6 गोलियां चलाई गईं, जिनमें से 6 गोलियां मृतक के शरीर में लगीं और उसकी मौत हो गई। इस घटना में परिवार के बयानों पर पति-पत्नी दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

     

  • मानसून की तैयारियों की मुख्यमंत्री ने की व्यापक समीक्षा, प्रदेशभर में प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

    मानसून की तैयारियों की मुख्यमंत्री ने की व्यापक समीक्षा, प्रदेशभर में प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

    चंडीगढ़- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मानसून के मद्देनजर प्रदेशभर में जल निकासी व्यवस्था, जलभराव की रोकथाम तथा संभावित बाढ़ प्रबंधन की तैयारियों की शुक्रवार देर रात व्यापक समीक्षा की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों, मंडलायुक्तों तथा सिंचाई, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, शहरी स्थानीय निकाय, विकास एवं पंचायत, राजस्व, स्वास्थ्य तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, प्रदेश में कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करें और किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

    मुख्यमंत्री ने सभी उपायुक्तों को निर्देश दिए कि अपने-अपने जिलों में जल निकासी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करें तथा फील्ड स्तर पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। जिन क्षेत्रों में जलभराव की आशंका रहती है, उनकी पहले से पहचान कर वहां सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूरे किए जाएं। वर्षा के तुरंत बाद प्रभावित क्षेत्रों से पानी की शीघ्र निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि जनजीवन सामान्य बना रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंचाई, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, शहरी स्थानीय निकाय, विकास एवं पंचायत, राजस्व, पुलिस तथा अन्य संबंधित विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें। जल निकासी के लिए आवश्यक पंप सेट, मोटर, पाइप तथा अन्य उपकरण पूरी तरह कार्यशील अवस्था में तैयार रखे जाएं। उपमंडल स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समय-समय पर समीक्षा की जाए।

    मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश से गुजरने वाली नदी सहित सभी ड्रेन की नियमित निगरानी की जाए तथा जहां कहीं भी बरसाती पानी के प्रवाह में अवरोध हो, उसे तत्काल हटाकर निर्बाध जल निकासी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यमुना नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश देते हुए कहा कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में संवेदनशील क्षेत्रों में अधिकारियों की तत्काल तैनाती सुनिश्चित की जाए। राजस्व, सिंचाई, पुलिस तथा अन्य संबंधित विभाग बाढ़ संभावित क्षेत्रों में समन्वित ढंग से कार्य करें, ताकि जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

    मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों में उपयोग होने वाली मशीनरी, नावों, जनरेटर तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता की नियमित जांच की जाए। सभी जिलों में बाढ़ नियंत्रण एवं जल निकासी से संबंधित कंट्रोल रूम चौबीस घंटे सक्रिय रखे जाएं तथा आपदा प्रबंधन तंत्र को पूरी तरह तैयार रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा सकें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान जलजनित एवं संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए तथा चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता में किसी प्रकार की कमी न रहे।

    मुख्यमंत्री ने सभी उपायुक्तों को निर्देश दिए कि प्रत्येक जिला मानसून के दौरान नागरिकों की सुविधा के लिए अपना टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर जारी करे, ताकि जलभराव, बाढ़ अथवा अन्य आपात स्थिति से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि जलभराव की प्रत्येक घटना का विस्तृत रिकॉर्ड तैयार किया जाए। इसमें प्रभावित स्थान, पानी की निकासी में लगा समय तथा स्थिति सामान्य होने में लगे समय का समुचित विवरण दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि इन आंकड़ों के विश्लेषण के आधार पर भविष्य के लिए स्थायी एवं दीर्घकालिक समाधान तैयार किए जाएंगे, ताकि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या का प्रभावी एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

     

  • Jalandhar News: Karma Fashion Studio के बाहर पुलिस तैनात, देखें वीडियो

    Jalandhar News: Karma Fashion Studio के बाहर पुलिस तैनात, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: थाना 4 के अधीन आते फैशन डिजाइनिंग की मशहूर दुकान करमा फैशन चर्चा में आ गई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार करमा फैशन के परिजनों द्वारा मामले को लेकर चुप्पी साधी हुई है। वहीं थाना 4 को सूचना मिलने पर फैशन की दुकान के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है। घटना की वीडियो भी सामने आई है। वीडियो में देखा जा सकता है कि दुकान के बाहर पुलिस की गाड़ी लगी हुई है और महिला पुलिस कर्मी सहित अन्य कर्मी तैनात है। हालांकि इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारी भी कुछ बोलने को तैयार नहीं है।

    बता दें कि करमा फैशन के मालिक शेखर के पास कपड़े लेने के लिए कई पंजाबी सिंगर और कलाकार आते जाते रहते हैं। शेखर के पास पंजाबी सिंगर प्रेम ढिल्लों उनके शोरूम में कपड़े लेने के लिए आ चुके है। गौर हो कि 2 साल पहले भी दुकान मालिक को थ्रेट कॉल आ चुकी है। उस दौरान शोरूम के सिक्योरिटी गार्ड को एक पत्र और जिंदा रौंद बरामद हुआ था। जिसके बाद सिक्योरिटी गार्ड ने तुरंत मामले की जानकारी अपने मालिक को दी। लेटर में 2 नाम लिखे हुए थे। जिसमें एक लॉरेंस बिश्नोई (LB) और दूसरा गोल्डी बराड़ (GB) का था। लेटर हिंदी में लिखा गया था।

    2 साल पहले मिली धमकी भरे पत्र में लिखा था ”जय श्री राम लिखते हुए कहा ये रौंद तुम्हें बतौर गिफ्ट भेजा है। अगर, तू मेरे जितने मर्जी नंबर ब्लॉक कर दे, तूने कया सोचा मेरा नंबर ब्लॉक करके कितने दिन भागेगा, तू चाहे पुलिस को बता दें चाहे सिक्योरिटी रखे लें, लेकिन कितने दिन सिक्योरिटी रख लेगा, तेरा परिवार का कोई भी सदस्य मिल गया, उसका नुकसान करेंगे। तेरी दुकान भी बंद होगी और सुसायटी में भी बदनामी होगी। अगर हमने कोई कार्रवाई की तो,… नहीं तो चुपचाप निपटा लें, हम तेरे साथ हैं और तेरा साथ देंगे। हमने दोस्ती वाला हाथ आगे किया है। जो भी तेरा टेक्स है दे दे… अगर हमारे साथ दुश्मनी करनी है तो तेरी मर्जी है। तूझे 2-4 दिन में वह रिजल्ट मिल जाएगा। ये गोली तूझे गिफ्ट के तौर पर दे रहे हैं। नहीं तो हमारे साथ सेटलमेट कर लें, नहीं तो ये गोली तेरे किसी भूी परिवार के सदस्य पर चल सकती है।”

     

  • प्रदेश की चिकित्सा सुविधाओं में किया जा रहा है निरंतर विस्तार- स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव

    प्रदेश की चिकित्सा सुविधाओं में किया जा रहा है निरंतर विस्तार- स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव

    चंडीगढ़- प्रदेश की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने आज भिवानी में महम रोड पर स्थित जगन्नाथ सर्राफ वेलनेस सेंटर एवं हरियाणा योग प्राकृतिक चिकित्सालय परिसर में नवनिर्मित फिजियोथैरेपी सेंटर का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं में निरंतर विस्तार किया जा रहा है। आने वाले समय में प्रदेश को और अधिक बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।

    उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद से भिवानी और महेंद्रगढ़ जिला के कोरियावास को नए मेडिकल कॉलेज की सौगात देंगे, जो स्वास्थ्य सेवाओं में मील का पत्थर साबित होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्ष से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। यह योग दिवस स्वास्थ्य रहने के लिए प्रकृति की गोद में जाने का एक संदेश है। नियमित रूप से योगासन प्राणायाम कर हम स्वस्थ रह सकते हैं और बुजुर्ग अवस्था में आने वाली सामान्य बीमारियों से बचा जा सकता है।

    उन्होंने कहा कि पिछले करीब पौने दो साल के दौरान प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं में निरंतर विस्तार किया है। प्रदेश में 1100 चिकित्सकों की भर्ती की गई है। उनका प्रयास है कि ग्रामीण अंचल में स्थापित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सामान्य अस्पताल जैसी चिकित्सा सुविधा मिलें ताकि ग्रामीणों और विशेष कर महिलाओं को चिकित्सा सुविधा प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी ना हो। कार्यक्रम के दौरान भिवानी के विधायक श्री घनश्याम सर्राफ, बवानी खेड़ा के विधायक श्री कपूर सिंह वाल्मीकि, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़, चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. दीप्ति धर्माणी व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।