Home Government News>Himachal Govt ‘वॉच एंड पेट्रोल’ पहल का राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक विस्तार

‘वॉच एंड पेट्रोल’ पहल का राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक विस्तार

0
‘वॉच एंड पेट्रोल’ पहल का राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक विस्तार

शिमला: हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के मार्गदर्शन में हिमाचल प्रदेश पुलिस ने अपनी नागरिक-हितैषी ‘वॉच एंड पेट्रोल’ पहल को शिमला के मॉल रोड से आगे बढ़ाते हुए मनाली, सोलन और मैक्लोडगंज सहित अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों तक सफलतापूर्वक विस्तारित किया है। उन्होंने बताया कि आरम्भ में मॉल रोड पर पुलिस विजिविलिटी बढ़ाने, जन सुरक्षा सुनिश्चित करने और पर्यटकों की सहायता के उद्देश्य से शुरू की गई यह पहल अब सेवा, सुलभता और जन विश्वास पर आधारित आधुनिक पुलिस का एक प्रभावी मॉडल बनकर उभरी है।

उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत औपचारिक (सेरेमोनियल) वर्दी में पुलिस कर्मियों को प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तैनात किया गया है, जो पर्यटकों की सहायता, मार्गदर्शन, वरिष्ठ नागरिकों की मदद तथा आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करेंगे। इन पुलिस कर्मियों की सहज उपस्थिति ने पर्यटकों और स्थानीय निवासियों में सुरक्षा और विश्वास की भावना को काफी मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों के अनुशासित, विनम्र और सहायक व्यवहार के लिए इस पहल को व्यापक सराहना मिली है, जिससे हिमाचल प्रदेश पुलिस की एक जन-केंद्रित और सकारात्मक छवि बनी है।

प्रवक्ता ने कहा कि आमजन की उत्साहजनक प्रतिक्रिया को देखते हुए राज्य पुलिस ने इस मॉडल को राज्य के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर और मजबूत तथा विस्तारित करने का निर्णय लिया है। ‘वॉच एंड पेट्रोल’ पहल राज्य सरकार की हिमाचल को सुरक्षित और पर्यटक-अनुकूल राज्य बनाने के साथ-साथ उत्तरदायी शासन और सेवा-उन्मुख पुलिस व्यवस्था को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित कर रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस इस पहल को और बेहतर बनाने के लिए नियमित निगरानी, प्रशिक्षण और आधुनिक पुलिस व्यवस्था के माध्यम से निरंतर कार्य कर रही है, ताकि प्रत्येक नागरिक और आगंतुक के लिए सुरक्षा, विश्वास और सुविधा सुनिश्चित की जा सके।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here