लुधियानाः जिले में सुभाष नगर इलाके के पीड़ित से शातिर ठगों ने 45 हजार रुपए ठग लिए। दरअसल, पीड़ित एटीएम मशीन में पैसे जमा कराने गया था, लेकिन मशीन खराब होने के कारण वह जैसे ही बाहर आया तो उसे 2 अज्ञात ठगों ने अपनी बातों के जाल में फंसाकर उससे 45 हजार रुपये ठग लिए। इस दौरान ठगों ने उसे 1 लाख रुपये की गड्डी का लालच दिया था। पीड़ित ने बताया कि जब उसने गड्डी को खोला तो उसमें महज कागज के टुकड़ों का बंडल निकला। पीड़ित पिंटू कुमार ने बताया कि उसे घर पर अपने परिवार का एक पुराना कर्ज उतारना था। इसके लिए उसने अपने मालिक से 45,000 रुपये उधार लिए थे। वह यह पैसा अपने घर भेजने के लिए एटीएम में जमा करवाने गया था। मशीन में किसी कारणवश पैसे जमा नहीं हो पाए।
जैसे ही वह एटीएम से बाहर निकला,गेट पर उसे एक अनजान व्यक्ति मिला। उस व्यक्ति ने पिंटू से पूछा कि उसे कितने पैसे जमा कराने हैं। पिंटू के 45,000 बताने पर उस शख्स ने कहा कि उसे भी 1 लाख रुपये जमा करवाने हैं, लेकिन मशीन काम नहीं कर रही है। ठग ने पिंटू को झांसा दिया कि वे किसी दुकान से गूगल-पे (Google Pay) के जरिए पैसे ट्रांसफर करवा लेते हैं। इसी दौरान ठग का दूसरा साथी वहां आ पहुंचा। दोनों ने मिलकर पिंटू को एक गड्डी दिखाई, जिसके ऊपर 500 रुपये का असली नोट लगा था। उन्होंने पिंटू से कहा, ये 1 लाख रुपये तुम पकड़ो और शिवपुरी चौक स्थित दुकान पर जाकर जमा करवा दो, बदले में तुम्हारे 45,000 रुपये कैश हम रख लेते हैं। पिंटू उनके झांसे में आ गया। उसने अपने 45,000 रुपये उन्हें दे दिए और वह गड्डी लेकर शिवपुरी चौक की तरफ चला गया। दोनों ठग कुछ दूर तक उसके पीछे आए और फिर अचानक गायब हो गए। जब पिंटू ने गड्डी खोलकर देखी तो उसके होश उड़ गए।
ऊपर के एक 500 के नोट को छोड़कर बाकी सारे सादे कागज के टुकड़े थे। पिंटू का रो-रोकर बुरा हाल है। उसका कहना है कि एक तरफ तो वह पहले से ही कर्ज में डूबा था, दूसरी तरफ अब उस पर मालिक के 45,000 रुपये का अतिरिक्त कर्ज चढ़ गया है। इस पैसे को चुकाने के लिए अब उसे अगले 5-6 महीने बिना वेतन के मालिक के पास काम करना पड़ेगा। घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत सुंदर नगर थाने में जाकर अपनी शिकायत (कच्ची कंप्लेंट) दर्ज करवाई। लेकिन 3 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। यहां तक कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने की जहमत भी नहीं उठाई। पीड़ित ने खुद ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई है। पिंटू ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द इन शातिर ठगों को गिरफ्तार किया जाए और उसकी खून-पसीने की कमाई वापस दिलाई जाए।









