Home Government News>Himachal Govt Himachal News: 15 जून से पहले शिमला से धर्मशाला शिफ्ट होगा रेरा कार्यालय, एक जून को निरीक्षण करेगी टीम

Himachal News: 15 जून से पहले शिमला से धर्मशाला शिफ्ट होगा रेरा कार्यालय, एक जून को निरीक्षण करेगी टीम

0
Himachal News: 15 जून से पहले शिमला से धर्मशाला शिफ्ट होगा रेरा कार्यालय, एक जून को निरीक्षण करेगी टीम

शिमला, 27 मई: हिमाचल प्रदेश रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (रेरा) का कार्यालय जल्द ही शिमला से धर्मशाला स्थानांतरित किया जाएगा। राज्य सरकार और प्रशासनिक स्तर पर इसकी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जानकारी के अनुसार रेरा कार्यालय को 15 जून से पहले धर्मशाला शिफ्ट करने की योजना बनाई गई है।

बताया जा रहा है कि रेरा कार्यालय को धर्मशाला नगर निगम कार्यालय परिसर से संचालित किया जाएगा। इसके लिए एक जून को रेरा के सदस्य और अधिकारियों की एक टीम धर्मशाला पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के दौरान कार्यालय संचालन के लिए उपलब्ध भवनों और कमरों का अंतिम चयन किया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार रेरा कार्यालय में फाइलों और अन्य दस्तावेजों की पैकिंग प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। शुरुआती चरण में जरूरी फाइलें और आवश्यक सामान धर्मशाला भेजा जाएगा, ताकि नए कार्यालय से कामकाज जल्द शुरू किया जा सके।

वर्तमान में रेरा का कार्यालय शिमला में एक निजी भवन से संचालित हो रहा है। राज्य सरकार का प्रयास है कि विभिन्न विभागों और कार्यालयों को निजी भवनों से हटाकर सरकारी भवनों में स्थानांतरित किया जाए, जिससे किराये पर होने वाले अतिरिक्त खर्च को कम किया जा सके।

सरकार की इस पहल को प्रशासनिक खर्च कम करने और सरकारी संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि विभागीय कार्यालयों को सरकारी परिसरों में स्थानांतरित करने से आर्थिक बचत के साथ-साथ प्रशासनिक कार्यों में भी बेहतर समन्वय संभव हो सकेगा।

उधर, उद्योग विभाग के खनन विंग को भी शिमला में स्थित मजीठा हाउस भवन में स्थानांतरित करने की तैयारी की जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर इसके लिए भी आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

धर्मशाला में रेरा कार्यालय शिफ्ट होने के बाद कांगड़ा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी सुविधा मिलने की संभावना है। वहीं, सरकार आने वाले समय में अन्य विभागीय कार्यालयों के पुनर्गठन और स्थानांतरण को लेकर भी फैसले ले सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here