Blog

  • 5.5 की तीव्रता से लगे भूकंप के तेज झटके, 6 की मौत, 21 घायल

    5.5 की तीव्रता से लगे भूकंप के तेज झटके, 6 की मौत, 21 घायल

    लीमाः पेरू के एंडीज इलाके में भूकंप के झटकों से 5 लोगों की मौत हो गई है। पेरू के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 21 लोग घायल हुए हैं, जबकि बचाव दल ढह गई इमारतों के मलबे के नीचे फंसे अन्य लोगों की तलाश जारी रखे हुए हैं। इस बीच, जर्मन भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएफजेड) ने भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.5 बताई है, जिसका केंद्र मध्य पेरू में 62.8 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।

    वहीं अधिकारियों ने कहा कि 5.5 तीव्रता के इस भूकंप के कारण 20 से अधिक लोग घायल हैं और 300 लोग बेघर हो गए हैं। यूएंस जियोलाजिकल सर्वे ने बताया कि भूकंप रात 9:24 बजे आया। इसका केंद्र हुआनकायो प्रांत के सिकाया शहर से दो किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में 10 किलोमीटर की गहराई पर था। पेरू के नेशनल सिविल डिफेंस इंस्टीट्यूट ने कहा कि लापता लोगों की कुल संख्या पता नहीं चल पाई है।

    भूकंप से कई इमारतें ढह गईं या उन्हें नुकसान पहुंचा, जिनमें स्थानीय चर्च भी शामिल हैं। स्थानीय सिविल डिफेंस आफिस के प्रमुख लुइस वास्केज ने बताया कि एंडियन इलाके में निर्माण कार्य में मिट्टी और कच्ची ईंटों जैसी पारंपरिक सामग्रियों के इस्तेमाल के कारण अधिक नुकसान हुआ है। पेरू में अक्सर भूकंप आते रहते हैं, क्योंकि यह प्रशांत महासागर के रिंग आफ फायर क्षेत्र में है। साल 2007 में, पिस्को प्रांत में 7.9 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें लगभग 600 लोगों की मौत हो गई थी।

  • Punjab News: थार गाड़ी में युवक का शव बरामद, पास से मिली शराब

    Punjab News: थार गाड़ी में युवक का शव बरामद, पास से मिली शराब

    अमृतसर: जिले के नरायनगढ़ इलाके में काली थार गाड़ी के अंदर एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। इस घटना को लेकर लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। वहीं घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।

    पुलिस कर्मियों द्वारा जब गाड़ी खोली गई, तो उसके अंदर शराब की एक खुली हुई बोतल मिली। युवक के पास मिले मोबाइल फ़ोन की स्क्रीन बंद थी। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर से उसकी पहचान की जा रही है। शक है कि मृतक ने उस रात दोस्तों के साथ शराब पी थी और ज़्यादा मात्रा में शराब पीने (ओवरडोज़) की वजह से उसकी मौत हो गई। उसने टी-शर्ट, शॉर्ट्स और टोपी पहनी हुई थी।

  • आज का राशिफल, 20 जुलाई 2026

    आज का राशिफल, 20 जुलाई 2026

    आज हस्त नक्षत्र की कुशल और दक्ष ऊर्जा हर राशि के लोगों के जीवन में अलग-अलग तरह की स्किल को निखारने की प्रेरणा देगी। विशेषरूप से उन लोगों को आज के दिन का लाभ उठाना चाहिए, जो हाथों से जुड़े किसी भी कौशल जैसे कला, लेखन, शिल्प, इलाज, कारीगरी, दस्तकारी आदि के काम करते हैं। गुरू अस्त हैं इसलिए शुभ फल धीरे-धीरे मिलेंगे। वृष, मिथुन और कर्क राशि के जातकों के घर में तालमेल बढ़ेगा और पुराने अटके काम बनेंगे। तुला और कुंभ राशि वाले आज कागजी दस्तावेज व्यवस्थित रखें। आइए ग्रहों की स्थितियों के आधार पर जानते हैं आज का भविष्यफल।

    मेष राशि: हाथों से जुड़े हुनर को निखारने का दिन। मेष राशि वालों के लिए आज का दिन सेहत और दिनचर्या के मामले में ध्यान देने का है। आज अपने कौशल को निखारने और काम की बारीकियों को मजबूत करने का समय है। यदि आप हाथों से जुड़ा कोई काम करते हैं, तो उस हुनर में आज अलग ही धार देखने को मिलेगी। सेहत का आज खास ध्यान रखें, पाचन संबंधी कोई तकलीफ हो सकती है। दिनचर्या में कुछ नई और अच्छी आदत जोड़ना चाहते हों, तो आज से उसकी शुरुआत कर सकते हैं। मामा पक्ष से कोई मदद मिल सकती है। घर में सुखद और स्थिर माहौल है। जीवनसाथी के साथ शाम को कुछ अच्छा समय बिताएं। उधार चुकाने के प्रयास कर रहे हैं, तो लाभ मिलेगा

    वृष राशि: भाई-बहनों से मिलेगा सहयोग। वृष राशि वालों के लिए आज का दिन संतान, रचनात्मकता और कौशल के मामले में बहुत अच्छा है। बच्चों की किसी कला, हस्तशिल्प या कौशल को आज निखारने पर ध्यान दें, नतीजा बेहतरीन रहेगा। कोई मनोरंजन का काम या फिल्म देखने का प्लान बन सकता है। रचनात्मक काम में आज बारीकी और दक्षता का संयोग है, जो असाधारण परिणाम दे सकता है। शिक्षा से जुड़ा कोई काम आज आगे बढ़ाएं। प्रेम संबंध में आज सेवा और देखभाल से रिश्ता और मजबूत होगा। पड़ोसी से विवाद हो सकता है। मंगलदेव व्यक्तित्व में जल्दबाजी की प्रवृत्ति दे रहे हैं। खासतौर पर धन के मामले में थोड़ा सोच-विचारकर कदम उठाएं। भाई-बहन से बातचीत में मार्गदर्शन मिल सकता है।

    मिथुन राशि: घर की मरम्मत या सजावट का काम आज करें। मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन घर और परिवार के मामले में अच्छा रहेगा। घर के सदस्यों के साथ कहीं यात्रा का योग बन सकता है। घर में किसी मरम्मत के काम को करना हो या सजावट करानी हो, तो आज उसे करवा सकते हैं। मां के साथ आज बातें संवेदनशील हो सकती हैं। वाहन चलने के दौरान सावधानी बरतें। अपनी गाड़ी की सर्विसिंग वगैरह करवाएं और उसका ध्यान रखें। पैसों के मामले में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। लग्नेश की ऊर्जा सावधानी से कदम उठाने की मांग कर रही है। यदि किसी काम में मदद मांगेंगे, तो जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा।

    कर्क राशि: भाई-बहन के साथ कहीं घूमने जा सकते हैं। कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन भाई-बहन, कम्युनिकेशन के मामले और किसी हुनर को सीखने के मामले में बेहतर साबित हो सकता है। भाई-बहन के साथ आज कहीं घूमने जा सकते हैं या साथ में कोई मनोरंजन वाले काम कर सकते हैं। पड़ोसी के साथ रिश्ते मधुर होंगे। यदि कोई मदद मांगना हो तो समय साथ देगा। आज की बातचीत में व्यावहारिकता और दक्षता का संगम है। व्यक्तित्व पर एक गरिमामय और नेतृत्व वाली ऊर्जा बनी हुई है। लाभ में स्थिर वृद्धि जारी है। कंधों का ध्यान रखें और कोई हैवी एक्सरसाइज न करें। जीवनसाथी के साथ धर्म-कर्म के काम में जा सकते हैं या किसी धार्मिक विषय पर चर्चा हो सकती है।

    सिंह राशि: खान-पान में आज कुछ नया ट्राय करें। सिंह राशि वालों के लिए आज का दिन धन और परिवार के मामले में अपना हुनर दिखाने का है। खान-पान में आज कुछ नया और स्वास्थ्यवर्धक बनाकर ट्राय कर सकते हैं। आज आपके हाथ की बनी खास डिश की तारीफ होगी और आपको भी खाना बनाने में विशेष आनंद आएगा। आवाज आज बेहद प्रभावी रहेगी, इसका सदुपयोग करें। परिवार में सुखद और व्यावहारिक माहौल है। आंखों को थोड़ा आराम दें। शुक्रदेव व्यक्तित्व पर आकर्षण बनाए हुए हैं। करियर में स्थिर वृद्धि जारी है।

    कन्या राशि: आज है सेवा और मदद करने का दिन। कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन अपने हाथों से पुण्य कमाने का है। सेवा और मदद करने का आज का दिन उत्तम है। दोस्तों के साथ किसी ज्ञान के विषय पर चर्चा होगी। दोस्तों की मदद भी आज करनी पड़ सकती है। आप किसी जरूरतमंद के मदद मांगने पर आगे बढ़कर उसका काम आसान बनाएं। व्यक्तित्व में आज एक तेजी साफ दिखेगी। शिल्प, कला या बारीक काम करने वाले लोगों को आज असाधारण परिणाम मिलेंगे। सिर में हल्कापन महसूस होगा। लाभ में गुरू का विलंबित शुभ साथ बना है। जीवनसाथी के साथ रिश्ते में एक स्थिर और अनुशासित ऊर्जा है। हालांकि, उसके स्वास्थ्य का ध्यान रखना आपकी जिम्मेदारी है।

    तुला राशि: आज नींद अच्छी आएगी, आत्मचिंतन करें। तुला राशि वालों के लिए आज का दिन एकांत और आत्मचिंतन करने का है। विचार कीजिज कि आपके हाथ में ऐसा क्या हुनर है, जिससे आप अपनी जिंदगी को बदल सकते हैं। आज अपनी स्किल्स का सही से इस्तेमाल करें। अपने शिल्प या कला को आज निखारें, असाधारण नतीजा मिलेगा। नींद आज अच्छी और आरामदेह आएगी। खर्चों पर नजर रखें। किसी कोर्ट-कचहरी के पुराने मामले में आज एक कुशल कदम उठाएं। लग्नेश शुक्रदेव लाभ में एक आकर्षक और व्यावहारिक ऊर्जा दे रहे हैं। करियर में गुरू का शुभ साथ होने से प्रतिष्ठा बनी रहेगी। जीवनसाथी के साथ शांति के साथ क्वालिटी टाइम का आनंद लीजिए।

    वृश्चिक राशि: दोस्तों से मदद मिल सकती है। वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन लाभ और मित्रों के मामले में बेहतर साबित होने वाला है। किसी हुनर या कौशल के जरिए आज लाभ कमाने का अच्छा मौका है। किसी पुराने मित्र से आज कौशल-आधारित मदद मिल सकती है। बड़े भाई-बहन से कोई उपयोगी जानकारी या सलाह मिल सकती है। कोई पुरानी इच्छा को पूरा करने के लिए आज अपने आजमाए हुए हुनर का इस्तेमाल करें। लग्नेश की ऊर्जा जीवनसाथी के साथ रिश्ते में भरोसेमंद ऊर्जा दे रही है। करियर में पुराने काम बारीकी से निपटाएं।

    धनु राशि: करियर में हुनर से बड़ा काम होगा। धनु राशि वालों के लिए आज का दिन करियर के मामले में अपनी दक्षता को दिखाने का है। करियर में आज हाथों से जुड़ा या बारीक काम करने पर विशेष सफलता मिलेगी। बॉस या कोई वरिष्ठ आज आपकी दक्षता और कौशल से प्रभावित हो सकते हैं। सरकारी काम में आज एक कुशल और व्यवस्थित कदम उठाएं। पिता से कोई व्यावहारिक सलाह मिल सकती है। भाग्य का साथ मिलेगा। जांघों में थकान हो, तो थोड़ा आराम करें।

    मकर राशि: उच्च शिक्षा से जुड़ा काम आज आगे बढ़ाएं। मकर राशि वालों के लिए आज का दिन भाग्य और उच्च शिक्षा के लिहाज से कौशल और दक्षता का है। भाग्य में आज अपने हुनर का साथ मिलने से वो सब हासिल हो सकता है, जिसकी आपको चाहत है। उच्च शिक्षा या किसी नई कौशल-आधारित पढ़ाई से जुड़ा काम आज आगे बढ़ाना शुभ है। किसी गुरू या बड़े से व्यावहारिक और कौशल-आधारित मार्गदर्शन लेना हो तो आज उचित समय है। लग्नेश शनिदेव बातचीत में एक अनुशासित और कुशल ऊर्जा दे रहे हैं। जीवनसाथी के साथ रिश्ते में गुरू की कृपा से सामन्जस्य बना रहेगा।

    कुंभ राशि: छुपे मामलों में कौशल से रास्ता निकलेगा। कुंभ राशि वालों के लिए आज का दिन छुपे मामलों और दस्तावेज के मामले में कौशल और दक्षता का है। बीमा, आयकर या पुराने दस्तावेज को आज अपनी दक्षता से व्यवस्थित करें, अच्छे नतीजे मिलेंगे। कोई छुपा हुआ मामला आज अपनी कुशलता से सुलझाएं। ससुराल पक्ष से कोई खुश खबरी मिल सकती है। लग्नेश शनिदेव धन में एक अनुशासित और कुशल ऊर्जा दे रहे हैं। जीवनसाथी के साथ रिश्ते में आज व्यावहारिक बातचीत फलदायी रहेगी।

    मीन राशि: जीवनसाथी के साथ मिलकर कोई हुनर वाला काम करें। मीन राशि वालों के लिए आज का दिन जीवनसाथी के साथ आनंद उठाने का और साझेदारी के मामले में आगे बढ़ने का है। जीवनसाथी के साथ मिलकर आज कोई हाथों से जुड़ा या हुनर वाला काम करें, घर को सजाने-संवारने की कोशिश करें, तो नतीजा बेहतरीन रहेगा। सबसे बड़ी बात मन को संतुष्टि मिलेगी। पीठ के निचले हिस्से का ध्यान रखें। सेहत का ध्यान रखने के लिए पानी खूब पिएं। लग्नेश बृहस्पतिदेव प्रेम और रचनात्मकता में एक कुशल और सेवा-भावना वाली ऊर्जा दे रहे हैं। सेहत का ध्यान रखें।

  • Jalandhar News: संदिग्ध हालात में युवक की मौत, परिवार ने जताई ये आशंका

    Jalandhar News: संदिग्ध हालात में युवक की मौत, परिवार ने जताई ये आशंका

    जालंधरः फिल्लौर के नजदीकी गांव महो साहिब में संदिग्ध हालात में एक युवक की मौत हो गई। परिवार के लोगों ने आशंका जताई कि युवक की नशे से जान गई है। मृतक की पहचान हरविंदर कुमार उर्फ के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा जांच शुरू कर की है

    मृतक की बहन पूजा ने बताया कि 3-4 लोग फोन करके उसके भाई को अपने साथ ले जाने की बात कहकर घर से ले गए थे। परिवार को यह पता नहीं था कि वे लोग कौन थे। उन्हें पता चला कि भाई इलाके के स्कूल की ग्राउंड पड़ा हुआ है और मुंह से झाग निकल रही थी। वह मौके पर पहुंचे तो भाई की मौत हो चुकी थी।

    घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे नेता राजिंदर संधू ने बताया कि हरविंदर कुमार तीन बहनों का इकलौता भाई था और उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि गलत संगत में पड़े चार लोग हरविंदर को अपने साथ ले गए थे। मृतक के मुंह से झाग निकल रही थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसे कोई नशीला या जहरीला पदार्थ दिया गया हो। हालांकि, मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

    थाना बिलगा से मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मचारी दिलबाग सिंह ने बताया कि मृतक की मां के बयानों के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि युवक की मौत किस तरह हुई,  यह जांच का विषय है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

     

     

  • Punjab News: आवारा कुत्तों ने 70 साल के बुजुर्ग को नोंचा, इलाज के दौरान मौत, देखें CCTV

    Punjab News: आवारा कुत्तों ने 70 साल के बुजुर्ग को नोंचा, इलाज के दौरान मौत, देखें CCTV

    अमृतसरः जिले के इस्लामाबाद इलाके से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां, जानकारी के मुताबिक आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक 70  साल के एक बुज़ुर्ग पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बुज़ुर्ग को कई जगहों पर बुरी तरह नोचा और काटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
    स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस पूरी घटना का CCTV  वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुत्तों के हमले की घटना कैद बताई जा रही है। फिलहाल, मृतक के परिवार की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है,  जिसके कारण पुलिस ने कोई मामला दर्ज नहीं किया है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में डर और गुस्से का माहौल है।    
  • Punjab News: बेखौफ चोरों का कारनामा, घर के बाहर खड़ी फॉर्च्यूनर के चारों टायर चोरी, देखें वीडियो

    Punjab News: बेखौफ चोरों का कारनामा, घर के बाहर खड़ी फॉर्च्यूनर के चारों टायर चोरी, देखें वीडियो

    गाड़ी को ईंटों पर छोड़ हुए फरार, दादा के अंतिम संस्कार में गया था पूरा परिवार लुधियानाः जिले के सबसे सुरक्षित और पॉश इलाकों में गिने जाने वाले राख बाग के पास क्लब रोड पर चोरों ने हैरान कर देने वाली वारदात को अंजाम दिया। बेखौफ चोरों ने एक घर के बाहर खड़ी महंगी फॉर्च्यूनर एसयूवी के चारों टायर चोरी कर लिए। टायर निकालने के बाद उन्होंने गाड़ी को ईंटों के सहारे खड़ा कर दिया और आराम से मौके से फरार हो गए। सुबह जब लोगों ने यह नजारा देखा तो सभी हैरान रह गए।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    दादा के अंतिम संस्कार में गया था पूरा परिवार पीड़ित कौशलदीप सिंह सेखों ने बताया कि एक दिन पहले उनके दादा जी का निधन हो गया था। परिवार के सभी सदस्य अंतिम संस्कार के लिए अबोहर गए हुए थे। इस वजह से लुधियाना स्थित उनका घर पूरी तरह खाली था और बाहर खड़ी फॉर्च्यूनर पर किसी की नजर नहीं थी। अखबार वाले ने दी चोरी की जानकारी सुबह रोज की तरह अखबार बांटने वाला हॉकर घर के बाहर पहुंचा। उसने देखा कि फॉर्च्यूनर गाड़ी बिना टायरों के ईंटों पर खड़ी है। यह देखकर वह तुरंत घर में काम करने वाली मेड के पास गया और उसे पूरी बात बताई। मेड ने तुरंत कौशलदीप सिंह को फोन कर घटना की जानकारी दी। दादा जी के अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच चोरी की खबर सुनकर पूरे परिवार के होश उड़ गए। कई सालों से वहीं खड़ी होती थी गाड़ी कौशलदीप सिंह के भाई ने बताया कि उनका परिवार सरकारी कॉन्ट्रैक्टर है और शहर में स्ट्रीट लाइट समेत कई सरकारी प्रोजेक्ट्स पर काम करता है। उन्होंने बताया कि यह फॉर्च्यूनर कई वर्षों से घर के बाहर उसी जगह पर पार्क की जाती थी। इलाके में पहले कभी इस तरह की चोरी की घटना नहीं हुई थी। इस गिरोह पर जताया शक परिवार का कहना है कि जिस तरीके से चोरों ने भारी-भरकम फॉर्च्यूनर को जैक से उठाया, ईंटों पर खड़ा किया और चारों टायर निकाल लिए, उससे साफ लगता है कि यह किसी पेशेवर गिरोह का काम है। इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने में काफी समय लगा होगा, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की जानकारी मिलते ही परिवार ने अपने एक कर्मचारी को मौके पर भेजा और पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज करवाई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस पुलिस आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जाएगी। पॉश इलाके में हुई इस चोरी ने इलाके के लोगों की सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।    
  • Punjab News: BJP-RSS नेता विकास शर्मा दर्जनों साथियों के साथ AAP में हुए शामिल, देखें वीडियो

    Punjab News: BJP-RSS नेता विकास शर्मा दर्जनों साथियों के साथ AAP में हुए शामिल, देखें वीडियो

    मंत्री लाल चंद कटारूचक ने सिरोपा पहनाकर सभी का किया स्वागत

    पठानकोटः भोआ विधानसभा क्षेत्र के तारगढ़ इलाके में आम आदमी पार्टी को उस समय और मजबूती मिली जब BJP-RSS  नेता विकास शर्मा अपने दर्जनों साथियों के साथ पार्टी में शामिल हो गए। इस मौके कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारू चक ने नए शामिल हुए नेताओं और पदाधिकारियों को सिरोपा पहनाकर सम्मानित किया और पार्टी में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

    उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी लोगों के हितैषी नीतियों और विकास पर आधारित सोच के दम पर लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि नए साथियों के शामिल होने से पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलेगी।

    कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले हर पदाधिकारी को पूरा सम्मान दिया जाएगा और इलाके के विकास में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जाएगी। इस मौके पर विकास शर्मा ने कहा कि वह पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, पारदर्शी प्रशासन और विकास पर आधारित सोच से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह पार्टी की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए पूरी लगन से काम करेंगे।

     

     

     

  • Jalandhar News: कमिश्नरेट पुलिस ने चलाया CASO ऑपरेशन, 5 संदिग्ध हिरासत में, देखें वीडियो

    जालंधरः कमिश्नरेट पुलिस ने शहर की शेर सिंह कॉलोनी में बड़े स्तर पर CASO (कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन) चलाया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पूरी कॉलोनी को चारों तरफ से घेर लिया, ताकि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति वहां से निकल न सके। पुलिस की कई टीमें मौके पर मौजूद रहीं और इलाके में आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी गई।

    राहगीरों और बाइक सवारों से की पूछताछ
    ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने सड़क से गुजर रहे संदिग्ध लोगों, बाइक सवारों और अन्य वाहनों को रोककर उनकी जांच की। पुलिस ने लोगों से पूछताछ की और उनके दस्तावेज भी चेक किए। कई वाहनों की तलाशी ली गई, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले कुछ वाहनों को पुलिस ने जब्त भी कर लिया।

    5 लोगों को हिरासत में लिया गया
    जांच के दौरान पुलिस ने पांच संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनका किसी आपराधिक गतिविधि से कोई संबंध है या नहीं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    एडीसीपी ने बताई कार्रवाई की वजह
    एडीसीपी राकेश यादव ने बताया कि पुलिस को एक दिन पहले शेर सिंह कॉलोनी से कुछ शिकायतें मिली थीं। इन शिकायतों के आधार पर इलाके में नाकेबंदी कर CASO ऑपरेशन चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य इलाके में कानून व्यवस्था बनाए रखना और अपराधियों पर नकेल कसना है।

    आगे भी जारी रहेगा अभियान
    पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह के ऑपरेशन आगे भी जारी रहेंगे। शहर के अलग-अलग इलाकों में समय-समय पर नाकेबंदी और सर्च अभियान चलाकर संदिग्ध लोगों की जांच की जाएगी, ताकि अपराध पर प्रभावी तरीके से रोक लगाई जा सके।

    लोगों से पुलिस की अपील
    एडीसीपी राकेश यादव ने शहरवासियों से अपील की कि यदि उनके इलाके में कोई अवैध गतिविधि, संदिग्ध व्यक्ति या अपराध से जुड़ी कोई जानकारी हो, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग से ही अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना और शहर में शांति बनाए रखना संभव है।

  • मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जालंधर में होने वाली राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप की तैयारियों का जायजा लिया

    मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जालंधर में होने वाली राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप की तैयारियों का जायजा लिया

    जालंधर: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इस साल दिसंबर महीने में जालंधर के ऐतिहासिक रायज़ादा हंसराज स्टेडियम में होने वाली सब-जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप की तैयारियों का जायजा लिया। अपनी यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने एक अत्याधुनिक इनडोर बैडमिंटन हॉल के निर्माण के लिए 2.14 करोड़ रुपये की विशेष अनुदान देने की घोषणा की, जिससे प्रदेश भर में खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और खेलों में सफलता को बढ़ावा देने के लिए पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता को फिर से रेखांकित किया गया।

    इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि लगभग 44 साल बाद राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप ऐतिहासिक रायज़ादा हंसराज स्टेडियम में वापस आ रही है। उन्होंने कहा, “अंडर-13 श्रेणी की यह चैंपियनशिप पंजाब में बैडमिंटन को बड़ा बढ़ावा देगी और प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूत करेगी। पंजाब सरकार नौजवानों की असीम ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने के लिए खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।”

    मुख्यमंत्री ने नए इनडोर बैडमिंटन हॉल के निर्माण के लिए डिप्टी कमिश्नर जालंधर वरजीत सिंह वालिया और पंजाब बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव रितिन खन्ना को 2.14 करोड़ रुपये का चेक सौंपा। उन्होंने उल्लेख किया, “लगभग छह दशकों में यह पहली बार है जब किसी मौजूदा मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक स्टेडियम का दौरा किया है, जिसने कई शानदार बैडमिंटन खिलाड़ी पैदा किए हैं।”

    मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया, “लोक निर्माण विभाग (पी.डब्ल्यू.डी.) इस प्रोजेक्ट को पूरा करेगा और टेंडर प्रक्रिया जल्द ही शुरू हो जाएगी। निर्माण कार्य अगस्त में शुरू होने की उम्मीद है। मौजूदा चार आउटडोर मल्टीपर्पज कोर्टों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के बुनियादी ढांचे से लैस विश्व स्तरीय इनडोर बैडमिंटन सुविधा में बदला जाएगा।”

    मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा होने के बाद रायज़ादा हंसराज स्टेडियम में कुल 10 इनडोर बैडमिंटन कोर्ट होंगे, जिससे यह पंजाब का एकमात्र ऐसा खेल मैदान बन जाएगा, जहां इतना बड़ा इनडोर बैडमिंटन कॉम्प्लेक्स होगा और यह उत्तर भारत के प्रमुख बैडमिंटन केंद्रों में से एक बन जाएगा।

    उन्होंने कहा, “यह उन्नत बुनियादी ढांचा प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन टूर्नामेंटों की मेजबानी करने के लिए पंजाब की क्षमता को महत्वपूर्ण रूप से मजबूत करेगा। इस स्टेडियम को इस साल दिसंबर में सब-जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए चुना गया है, जो लगभग चार दशकों में यहाँ होने वाली पहली राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप होगी।”

    अपनी यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने खिलाड़ियों, कोचों और खेल अधिकारियों से बातचीत की और स्टेडियम में मौजूदा खेल बुनियादी ढांचे का जायजा लिया। उन्होंने बैडमिंटन जगत को भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए हर संभव सहयोग देगी और प्रदेश भर में खेल बुनियादी ढांचे के विकास में निवेश करना जारी रखेगी।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब ने कई महान खिलाड़ी पैदा किए हैं और सदियों से खेलों से इसका गहरा संबंध रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “हमारे पूजनीय सिख गुरुओं ने खेलों के माध्यम से न केवल आध्यात्मिकता बल्कि शारीरिक तंदुरुस्ती को भी बढ़ावा दिया। श्री गुरु अंगद देव जी ने खडूर साहिब में ‘मल्ल अखाड़ा’ स्थापित किया और खुद कुश्ती और शारीरिक प्रशिक्षण की निगरानी की, जबकि श्री गुरु हरगोबिंद साहिब जी ने नौजवानों को घुड़सवारी और तीरंदाजी का प्रशिक्षण दिया। दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी अपने समय के हर खेल और युद्ध कला (मार्शल आर्ट) में माहिर थे। आज भी पंजाब श्री अनंदपुर साहिब में होला महल्ला के दौरान की जाने वाली पारंपरिक खेलों के माध्यम से अपनी समृद्ध खेल परंपराओं का गर्व के साथ प्रदर्शन करता है।”

    मुख्यमंत्री ने कहा, “खेल बुनियादी ढांचे और एथलीटों के विकास में पंजाब सरकार के निरंतर निवेश ने पहले ही उत्साहजनक परिणाम देना शुरू कर दिए हैं, जिससे प्रदेश के कई खिलाड़ियों ने उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी जगह बनाई है।” उन्होंने दोहराया कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने और पंजाब के नौजवानों के लिए विश्व स्तरीय सुविधाएं सृजित करने के लिए हर संभव प्रयास जारी रखेगी।

  • Haryana News: ट्रक से 22 किलोग्राम चूरा पोस्त की खेप बरामद, चालक गिरफ्तार

    Haryana News: ट्रक से 22 किलोग्राम चूरा पोस्त की खेप बरामद, चालक गिरफ्तार

    पंचकूलाः पुलिस टीम द्वारा जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक में तस्करी कर लाई जा रही 22 किलोग्राम चूरा पोस्त की खेप बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने ट्रक चालक गुरचरण सिंह उर्फ गुड्डु (60), निवासी पिंजौर, जिला पंचकूला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पांच दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है।

    डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार 18 जुलाई को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अपने ट्रक में राजस्थान से चूरा पोस्त लेकर मौली-बरवाला मार्ग से पिंजौर आने वाला है।  एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम इंचार्ज सौरव रावत की अगुवाई में मौके पर पहुंची और ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ की गई। ट्रक की तलाशी के दौरान चालक सीट के पीछे रखे कट्टे से 22 किलोग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ।

    थाना चंडीमंदिर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने बरामद चूरा पोस्त राजस्थान से खरीदा है। आरोपी को आज अदालत में पेश कर पांच दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है इस दौरान पुलिस मुख्य सप्लायर को पकड़ने के साथ-साथ यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ किन-किन लोगों को सप्लाई करता था और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है।

    पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का उद्देश्य केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशा सप्लाई करने वाले पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना है, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखा जा सके।