Blog

  • Punjab News: लाइन ठीक करने चढ़े बिजली कर्मी के साथ हुआ हादसा, दर्दनाक मौत

    Punjab News: लाइन ठीक करने चढ़े बिजली कर्मी के साथ हुआ हादसा, दर्दनाक मौत

    मोहालीः जिले में डेराबस्सी के खेड़ी गुज्जरां क्षेत्र में 11 केवी बिजली लाइन की मुरम्मत करते समय एक बिजलीकर्मी की करंट लगने से मौके पर ही मौत का मामला सामने आया है। करंट की चपेट में आने के बाद उसका शव तारों पर ही लटका रह गया। यह घटना तब हुई जब बिजली विभाग ने करीब 5 घंटे का शटडाउन घोषित किया था, इसके बावजूद लाइन में रिवर्स करंट आ गया। मृतक की पहचान अंबाला जिले के गांव गनौली निवासी सुनील कुमार (32) पुत्र करण सिंह के रूप में हुई है। वह ठेकेदारी के तहत बिजली विभाग में कंप्लेंट हैंडलिंग बाइकर (सीएचबी) के पद पर कार्यरत थे।

    जानकारी देते मौके पर मौजूद साथी कर्मचारी विकास ने बताया कि लाइन की मुरम्मत के दौरान 3 सीएचबी कर्मी ड्यूटी पर थे। सुनील सीढ़ी लगाकर तारों की मुरम्मत कर रहे थे, जबकि 2 अन्य कर्मचारी नीचे खड़े थे। इसी दौरान अचानक सुनील को करंट लगा और कुछ ही पलों में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद रस्सियों की सहायता से शव को नीचे उतारा गया और डेराबस्सी सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

    वहीं, बिजली विभाग के जेई गगनदीप सिंह ने बताया कि लाइन की मुरम्मत के लिए दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक का शटडाउन लिया गया था। प्राथमिक जांच में रिवर्स करंट आने की आशंका है, हालांकि वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • आज का राशिफल, 11 जनवरी 2026

    आज का राशिफल, 11 जनवरी 2026

    आज का राशिफल दिनांक 11 जनवरी 2026 सभी 12 राशियों के जातकों के लिए दिनभर की संभावनाओं, चुनौतियों और अवसरों का संकेत देता है। ग्रह-नक्षत्रों की चाल के आधार पर आज का दिन कहीं मेहनत के बाद सफलता दिलाने वाला है तो कहीं सतर्कता बरतने की सलाह देता है। नौकरी, व्यापार, आर्थिक स्थिति, पारिवारिक जीवन, स्वास्थ्य और यात्रा से जुड़े योग आज के राशिफल में बताए गए हैं। कुछ राशियों के लिए नया कार्य शुरू करने का उत्तम समय है, वहीं कुछ को खर्च और विवाद से बचने की आवश्यकता है।

    मेष – आज आपको अत्यधिक परिश्रम के बाद सफलता प्राप्त होगी। कार्यक्षेत्र में आज विरोधी सक्रिय होंगे। आपके कार्य को बिगाड़ने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि अपनी सूझबूझ से आज अपना कार्य करने में सफल होंगे। व्यापार-व्यवसाय में लाभ की स्थिति रहेगी। आर्थिक सहयोग लेना पड़ सकता है। आज आपके कार्यक्षेत्र में कोई नया दायित्व दिया जा सकता है। परिवार के साथ आज का दिन अच्छा है। स्वास्थ्य का ख्याल रखें।

    वृषभ – आज का दिन आपके लिए मिश्रित फल देने वाला रहेगा। आज कार्यक्षेत्र में स्थिति सामान्य रहेगी। आर्थिक तौर से आज व्यर्थ के खर्चों से अपने को बचाएं। आज प्रॉपर्टी संबंधी कार्यों में सफलता मिलेगी। व्यापार-व्यवसाय में सामान्य लाभ के योग हैं। आज वाणी संबंधी विवाद से दूर रहें।

    मिथुन – आज का दिन आपके लिए सफलतादायक रहेगा। सोचे हुए कार्य पूर्ण होंगे। आज परिवार के साथ किसी लंबी यात्रा पर जाने के योग भी बनेंगे। आज अपने कार्य के प्रति आपके मन में उत्साह रहेगा। आर्थिक तौर से आज कोई बड़ा लाभ आपको प्राप्त होगा। परिवार में मांगलिक कार्यों के योग बनेंगे।

    कर्क – आज का दिन आपके लिए सामान्य ठीक है। हालांकि अपने कार्यक्षेत्र में आपको संभलकर रहने की आवश्यकता है। आज अपने गोपनीय बातों को किसी से साझा न करें। कार्यक्षेत्र में बदलाव की स्थिति रहेगी। आज अपने सहयोगी लोगों से किसी बात को लेकर झगड़ा हो सकता है। विवाद की स्थिति से दूर रहें। मौसम के हिसाब से स्वास्थ्य में कुछ गिरावट रह सकती है।

    सिंह – आज का दिन आपके लिए अच्छा है। हालांकि आज आप मानसिक तौर से कुछ बातों को लेकर चिंतित रहेंगे। कार्यक्षेत्र में सहयोगी लोगों का सहयोग प्राप्त होगा। आर्थिक तौर से आज आप बैंक संबंधी कर्ज ले सकते हैं। परिवार में लोग आपके प्रति अच्छा व्यवहार रखेंगे। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा।

    कन्या – आज का दिन आपके लिए ज्यादा अच्छा नहीं है। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां देखने को मिल सकती हैं। आज आप किसी पर अत्यधिक विश्वास न करें। किसी को बड़ा कर्ज देना आज आपके लिए मुसीबत में डाल सकता है। आज आप मौसम के हिसाब से घर पर ही रहें। कहीं बाहर की यात्रा पर जाने से बचें। कार्यक्षेत्र में परिवर्तन के योग हैं। आर्थिक स्थिति सामान्य रहेगी।

    तुला – आज का दिन आपका शानदार है। आज आप नए कार्य की शुरुआत कर सकते हैं। कार्यक्षेत्र में नए अवसर प्राप्त होंगे। आज नए लोगों से जुड़ना होगा। आज आपके मन में सकारात्मक विचार रहेंगे। आज पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहा झगड़ा खत्म होगा। परिवार के लोगों के साथ किसी धार्मिक यात्रा पर जाने का विचार बन सकता है।

    वृश्चिक – आज का दिन आपके लिए अच्छा है। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में राहत मिलेगी। कार्यक्षेत्र में उन्नति के अवसर मिलेंगे। नौकरी वर्ग वालों के लिए आज कोई सम्मान प्राप्त होगा। आज परिवार में मांगलिक कार्यों के योग बनेंगे। मेहमानों का आना-जाना लगा रहेगा। साथी आज आपके विचारों की सराहना करेंगे। सामाजिक-राजनीतिक क्षेत्र में आपको सम्मान प्राप्त होगा।

    धनु – आज का दिन आपको अपने जीवनसाथी के साथ कहीं लंबी यात्रा पर जाने का अवसर प्रदान करेगा। आज परिवार के साथ अच्छा समय व्यतीत होगा। आर्थिक तौर से आज का दिन ठीक है। व्यापार-व्यवसाय में स्थिति ठीक रहेगी। आज पारिवारिक मतभेदों को भुलाकर आप और आपका परिवार एक नई शुरुआत करेंगे। आज अपने व्यवहार से आप बिगड़े हुए कार्य भी बनाने में सफल होंगे।

    मकर – आज का दिन आपके लिए अच्छा है। हालांकि परिवार में कुछ बातों को लेकर मतभेद पैदा हो सकते हैं। कार्यक्षेत्र में आज स्थिति सामान्य रहेगी। व्यापार-व्यवसाय में आज घाटा हो सकता है। आर्थिक तौर से आज बड़े कार्य की शुरुआत के लिए आर्थिक मदद लेनी पड़ सकती है। जीवनसाथी के साथ कुछ बातों को लेकर मतभेद बढ़ सकते हैं।

    कुंभ – आज का दिन आपके लिए अच्छा है। आज आप अपने कार्यक्षेत्र में कोई बड़ा बदलाव कर सकते हैं, जिसमें आपके पार्टनर और परिवार के लोगों का सहयोग प्राप्त होगा। व्यापार-व्यवसाय में लाभ के योग हैं। आर्थिक तौर से आज का दिन आपके लिए अच्छा है। लाभ के नए रास्ते बनेंगे। आज किसी विशिष्ट व्यक्ति से मुलाकात आपके लिए नए अवसर खोलेगी। परिवार के साथ आज का दिन अच्छा व्यतीत होगा। आज अपने खान-पान पर नियंत्रण रखें।

    मीन – आज का दिन आपके लिए उतार-चढ़ाव से भरा रहेगा। मौसम के हिसाब से स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। अपने खान-पान पर नियंत्रण रखें। व्यापार क्षेत्र में पुराने मतभेदों के कारण स्थिति बिगड़ सकती है। आज व्यापार-व्यवसाय में स्थिति सामान्य रहेगी। आर्थिक तौर से आज का दिन अच्छा नहीं है। व्यर्थ के खर्चों से बचें, नहीं तो बड़े आर्थिक सहयोग की मांग करना पड़ सकता है। आज अपने सम्मान से समझौता न करें। ऐसी जगह न जाएं जहां आपका सम्मान न हो।

  • मान सरकार के डिजिटल विज़न से ईज़ी रजिस्ट्री ने बनाया रिकॉर्ड

    मान सरकार के डिजिटल विज़न से ईज़ी रजिस्ट्री ने बनाया रिकॉर्ड

    6 महीनों में 3.70 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रियां हुई दर्ज

    चंडीगढ़: पंजाब के राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि ‘ईज़ी रजिस्ट्री’ पहल पंजाब की संपत्ति रजिस्ट्रेशन प्रणाली में एक नया मील का पत्थर साबित हुई है, जिससे पूरे राज्य में मज़बूत और लगातार सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

    राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि जुलाई 2025 में इसकी शुरुआत से लेकर दिसंबर 2025 तक कुल 370967 रजिस्ट्रियां की गईं, जो पारदर्शी, भ्रष्टाचार-मुक्त शासन और नागरिक-हितैषी सेवाओं की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि ईज़ी रजिस्ट्री को मिली लोगों की प्रतिक्रिया स्पष्ट करती है कि लोग ऐसी प्रणाली पर भरोसा करते हैं, जो पारदर्शी, समयबद्ध और परेशानी-मुक्त हो। उन्होंने बताया कि सिर्फ छह महीनों के दौरान संपत्ति से संबंधित 3.70 लाख से अधिक रजिस्ट्रियां दर्ज की गईं, जो इन सुधारों की सफलता की गवाही देती हैं।

    इस संबंध में महीनावार आंकड़े साझा करते हुए राजस्व मंत्री ने बताया कि जुलाई 2025 में 64965 दस्तावेज़ रजिस्टर किए गए, अगस्त में 62001, सितंबर में 55814 और अक्टूबर में 53610 दस्तावेज़ रजिस्टर किए गए। उन्होंने कहा कि नवंबर में रजिस्ट्रियों से संबंधित 58200 दस्तावेज़ दर्ज किए गए जबकि दिसंबर में सबसे अधिक 76377 रजिस्ट्रियां की गईं। उन्होंने कहा, ‘‘रजिस्ट्रेशनों में यह निरंतर वृद्धि आसान और तकनीकी-आधारित संपत्ति रजिस्ट्रेशन ढांचे में बढ़ते लोगों के भरोसे को स्पष्ट करती है।’’

    इन ढांचागत सुधारों के बारे में विस्तार से बताते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ईज़ी रजिस्ट्री के तहत दस्तावेज़ों की ऑनलाइन प्री-स्क्रूटनी शुरू की गई है, कार्यालय कार्यवाही में होने वाली देरी को काफी हद तक कम किया गया है और सब-रजिस्ट्रार कार्यालयों में पहुंच आसान हुई है। मंत्री ने बताया, ‘‘सेल डीड की हस्ताक्षर-रहित प्रतियों की अब 48 घंटों के अंदर ऑनलाइन जांच की जाती है, जिससे परेशानी काफी घटी है और भ्रष्टाचार के रास्ते प्रभावी ढंग से बंद हुए हैं।’’ उन्होंने आगे बताया कि जांच के दौरान उठाई गई सभी आपत्तियों की निगरानी सीधे तौर पर डिप्टी कमिश्नरों और एस.डी.एमज़. द्वारा की जाती है ताकि जवाबदेही सुनिश्चित हो और अनावश्यक रुकावटों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

    राजस्व मंत्री ने कहा कि ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के सिद्धांत को लागू करने से लंबी-लंबी कतारें और पक्षपातपूर्ण व्यवहार से निजात मिली है, जिससे संपत्ति रजिस्ट्रेशन के दौरान वी.आई.पी. संस्कृति का खात्मा हुआ है। मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा, ‘‘लोगों को अब अपने ज़िले के किसी भी सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में दस्तावेज़ रजिस्टर करवाने की आज़ादी है। इससे एकाधिकार का खात्मा हुआ है और सभी के लिए निष्पक्ष एवं समान सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की गई है।’’

    इस पहल के एक और लोक-हितैषी पहलू को उजागर करते हुए मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि आवेदकों को उनके दस्तावेज़ों संबंधी कार्यवाही के हर चरण जैसे जांच, भुगतान और अपॉइंटमेंट के बारे में ऑटोमेटेड व्हाट्सएप अपडेट भेजे जाते हैं। उन्होंने बताया कि किसी भी रूप में रिश्वत मांगने की रिपोर्ट करने के लिए एक सीधी शिकायत प्रणाली भी बनाई गई है ताकि ज़िला स्तर पर तुरंत निपटारा सुनिश्चित किया जा सके।

    अन्य सुविधाओं का विवरण देते हुए मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि लोग ‘ड्राफ्ट माई डीड’ मॉड्यूल के माध्यम से सेल डीड खुद तैयार कर सकते हैं या किसी भी सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में स्थापित सेवा केंद्र काउंटरों से यह सेवाएं प्राप्त कर सकते हैं या फिर घर बैठे ही हेल्पलाइन 1076 के द्वारा रजिस्ट्रेशन संबंधी दस्तावेज़ तैयार करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि 25 बैंकों के द्वारा एक बार में स्टैंप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन फीस का ऑनलाइन भुगतान करने से यह प्रक्रिया और भी सुगम हो गई है जिससे लोगों के लिए सुविधा बढ़ी है।

    राजस्व मंत्री ने बताया कि पहले से अपॉइंटमेंट ले चुके और पूरे दस्तावेज़ों वाले नागरिकों को प्राथमिकता देने के लिए एक ‘एकीकृत टोकन प्रबंधन प्रणाली’ भी लागू की गई है। उन्होंने बताया कि इससे लोगों को ज़्यादा इंतज़ार नहीं करना पड़ता और शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में एकसमान सेवा प्रदान करने को सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि अपग्रेड किए गए सर्वर, प्रशिक्षित स्टाफ और मानकीकृत प्रक्रियाओं ने लोगों का भरोसा और बढ़ाया है जिससे राज्य में राजस्व संग्रहण में भी सुधार हुआ है।

  • भाजपा पंचायती राज प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय बैठक में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भाग लेंगे 

    भाजपा पंचायती राज प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय बैठक में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भाग लेंगे 

    ऊना/सुशील पंडित: भारतीय जनता पार्टी प्रदेश पंचायती राज प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय बैठक जिला भाजपा कार्यालय ऊना में 11 जनवरी रविवार को आयोजित होगी। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर मुख्य रुप से उपस्थित रहेंगे। जबकि ऊना सदर से विधायक सतपाल सिंह सत्ती बैठक का शुभारंभ करेंगे।

    बैठक में भाजपा प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक पुरुषोतम गुलेरिया व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से पूर्णकालिक विस्तारक अमित शर्मा विशेष रुप से उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी देते हुए पंचायती राज प्रकोष्ठ के सह संयोजक कृष्णपाल शर्मा ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनोद ठाकुर करेंगे। उन्होंने बताया कि बैठक में विकसित भारत जी राम जी पर ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह सत्ती विशेष रुप से संबोधन करेंगे।

  • HEALTH TIPS: भीषण सर्दी में ऊनी कपड़े पहनने के बाद भी लगती है ठंड, तो अपनाएं ये आसान उपाय

    HEALTH TIPS: भीषण सर्दी में ऊनी कपड़े पहनने के बाद भी लगती है ठंड, तो अपनाएं ये आसान उपाय

    HEALTH NEWS: सर्दियों के मौसम में लगभग हर कोई ठंड से बचने के लिए ऊनी कपड़ों का सहारा लेता है। लोग घर से बाहर निकलते समय ही नहीं, बल्कि घर के अंदर भी स्वेटर, जैकेट, टोपी, मोजे और मफलर पहनकर रखते हैं। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि इतने कपड़े पहनने के बाद भी ठंड से राहत नहीं मिलती। अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान उपाय अपनाकर आप पूरे सर्दियों के मौसम में खुद को गर्म और आरामदायक महसूस कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसे विस्तार से… बाहर निकलते समय सही जैकेट का चुनाव करें अक्सर लोग सर्दियों में पॉलिएस्टर या डेनिम की जैकेट पहन लेते हैं, क्योंकि ये दिखने में स्टाइलिश होती हैं। लेकिन सच्चाई यह है कि ऐसी जैकेट ठंडी हवा को पूरी तरह रोक नहीं पातीं। अगर आप ठंडी हवा से सही मायनों में बचना चाहते हैं, तो विंडप्रूफ और वॉटर रेसिस्टेंट जैकेट पहनना ज्यादा फायदेमंद होता है। क्या पहनें?
    • डाउन फेदर जैकेट
    • पफर जैकेट
    • ऐसी जैकेट जिनके अंदर गर्म लाइनिंग हो
    • ये जैकेट शरीर की गर्मी को बाहर जाने से रोकती हैं और ठंडी हवा को अंदर नहीं आने देतीं।
    घर के अंदर ठंड से कैसे बचें? घर के अंदर ठंड से बचने के लिए बहुत से लोग हीटर का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, हर कोई हीटर खरीदना नहीं चाहता या बिजली के ज्यादा बिल से बचना चाहता है। अगर आप भी हीटर का इस्तेमाल नहीं करना चाहते, तो घबराने की जरूरत नहीं है। आप अपनी डाइट में थोड़ा बदलाव करके भी शरीर को अंदर से गर्म रख सकते हैं। डाइट में बदलाव से मिलेगी अंदरूनी गर्माहट सर्दियों में हमारा शरीर ज्यादा ऊर्जा और गर्माहट चाहता है। ऐसे में गर्म तासीर वाले खाने-पीने की चीजें बहुत फायदेमंद होती हैं। मसाले और जड़ी-बूटियां
    • अदरक
    • लहसुन
    • दालचीनी
    • लौंग
    • काली मिर्च
    • हल्दी
    • तुलसी
    इनका सेवन करने से शरीर को गर्माहट मिलती है और इम्यूनिटी भी मजबूत होती है। सर्दियों में खाएं ये सब्जियां कुछ सब्जियां ऐसी होती हैं जो शरीर को अंदर से गर्म रखने में मदद करती हैं।
    • शकरकंद
    • गाजर
    • चुकंदर
    • इन सब्जियों को उबालकर, भूनकर या सब्जी के रूप में खाने से शरीर को भरपूर ऊर्जा मिलती है।
    ड्राई फ्रूट्स और देसी चीजें भी हैं फायदेमंद सर्दियों में कुछ देसी और पौष्टिक चीजें जरूर शामिल करनी चाहिए, जैसे गुड, शहद, घी, खजूर, अंजीर, मुनक्का, बादाम, तिल इनमें मौजूद पोषक तत्व शरीर को अंदर से गर्म रखते हैं और ठंड से बचाने में मदद करते हैं।  
  • Himachal News: सरकार की नाकामी के चलते हरिपुरधार में हुई बस दुर्घटना

    Himachal News: सरकार की नाकामी के चलते हरिपुरधार में हुई बस दुर्घटना

    सरकार ने घाटे के नाम पर बंद किए 460 रूट- कौशल बद्दी/सचिन बैंसल: भाजपा के जिला कार्यकारिणी के सदस्य कृष्ण कौशल ने कहा कि हरिपुर धार में सड़क में  दुर्घटना सरकार की कमियों की चलते हुई है। सरकार ने प्रदेश भर में 460 रूटों को  घाटे के नाम पर बंद कर दिया है। अब जब रूट पर गाड़ी नहीं होगी तो यात्रियों को घर जाना ही है। बस चालक की भी मजबूरी है कि रूट पर अन्य बस न होने से यात्रियों को छोड़ना भी ठीक नहीं है। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने पूर्व सरकार के समय में खोले गए संस्थान व व्यवस्था में कटौती की है। व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर प्रदेश के सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 460 रूटों को घाटे के नाम पर बंद किया। इन रूटों पर अब गिनी चुनी बसें रह गई है। हरिपुरधार एक विकट  पहाड़ी क्षेत्र है। सोलन से चलने वाली इस  बस राजगढ़, नौहराधार, हरिपुरधार व रोनहाट व शिलाई तक के लोग सवार थे। 14 लोगों की मौत के बाद पूरे गिरिपार क्षेत्र में  मातम छाया हुआ है। दो दिन के बाद इस क्षेत्र में माघी का पर्व है। ऐसे  में साल भर में  मनाए जाने वाले इस पर्व में भी लोग केवल खाली रस्मे ही निभाएंगे। उन्होंने बताया कि बीबीएन में भी पहाड़ी क्षेत्र  के रूटो पर जाने वाली बसें हांफ रही है। जोहड़ी जी, घरेड़, साई व रामशहर क्षेत्रो में जाने वाली बसें रूटो पर खड़ी हो रही है। इन  रूटों पर भेजी जाने वाली बसों की समय पर रखऱखाव नहीं हो रहा है। एचआरटीसी के कर्मचारियों  10 दिसंबर को  वेतन मिला। जबिक पेंशनरों को अभी तक पेंशन नहीं मिली है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि बंद किए हुए रूटों को बहाल किया। खास कर पहाड़ी क्षेत्र में जहां पर बसों रटों का अभाव है।
  • शिक्षा को मजबूत करने को लेकर नई पहलः अगर छात्र एक सप्ताह नहीं गए स्कूल तो शिक्षक पहुंच जाएंगे घर!

    शिक्षा को मजबूत करने को लेकर नई पहलः अगर छात्र एक सप्ताह नहीं गए स्कूल तो शिक्षक पहुंच जाएंगे घर!

    Education News: ओडिशा सरकार ने प्राथमिक शिक्षा को लेकर एक अहम और सराहनीय कदम उठाया है। राज्य के प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के लिए एक नई एडवाइजरी जारी की है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा पढ़ाई से पीछे न छूटे।

    एक हफ्ते से ज्यादा गैरहाजिर रहने पर होगी घर जाकर जांच
    नई एडवाइजरी के अनुसार, अगर कोई छात्र लगातार एक सप्ताह या उससे अधिक समय तक स्कूल नहीं आता, तो स्कूल प्रशासन को उसकी जानकारी लेने के लिए उसके घर जाना अनिवार्य होगा। शिक्षक या स्कूल के संबंधित अधिकारी छात्र के परिवार से मिलकर यह जानेंगे कि बच्चा स्कूल क्यों नहीं आ रहा है।

    अनुपस्थिति के असली कारण जानना होगा जरूरी
    घर जाकर पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि बच्चे की गैरहाजिरी के पीछे क्या कारण हैं। जैसे पारिवारिक परेशानी, आर्थिक दिक्कत, स्वास्थ्य समस्या, बाल श्रम या सामाजिक दबाव कारण सामने आने के बाद, स्कूल प्रशासन को सुधारात्मक कदम उठाने होंगे ताकि बच्चे को फिर से स्कूल से जोड़ा जा सके।

    बाल अधिकार संरक्षण आयोग की गाइडलाइन के बाद लिया गया फैसला
    यह एडवाइजरी ओडिशा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग (OSCPCR) की गाइडलाइन के आधार पर जारी की गई है। आयोग का मानना है कि बच्चों की पढ़ाई से दूरी उनके अधिकारों का उल्लंघन हो सकती है, इसलिए समय रहते हस्तक्षेप जरूरी है।

    जिला और ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
    इस आदेश को तुरंत लागू कराने की जिम्मेदारी जिला शिक्षा अधिकारी (DEO), ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) को दी गई है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस व्यवस्था का सख्ती से पालन कराएं और इसकी नियमित रिपोर्ट भी तैयार करें।

    शिक्षा में रुकावट डालने वाले सामाजिक कारणों की होगी पहचान
    इस पहल का एक बड़ा उद्देश्य यह भी है कि बच्चों की पढ़ाई में रुकावट बनने वाले सामाजिक और पारिवारिक कारणों को पहचाना जा सके। सरकार चाहती है कि समय रहते समस्या समझकर समाधान किया जाए, ताकि बच्चा पढ़ाई से हमेशा के लिए दूर न हो जाए।

    सरकार का संदेश: हर बच्चे की पढ़ाई है जरूरी
    ओडिशा सरकार इस कदम के जरिए साफ संदेश देना चाहती है कि हर बच्चे की शिक्षा अहम है। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा स्कूल छोड़ने के लिए मजबूर न हो और सभी बच्चों को सुरक्षित और बेहतर भविष्य का अवसर मिले।

     

     

  • माननीय उच्च न्यायालय के पंचायत चुनावों के आदेश की अवहेलना कर रही सुक्खू सरकार :राजेंद्र मलांगड़

    माननीय उच्च न्यायालय के पंचायत चुनावों के आदेश की अवहेलना कर रही सुक्खू सरकार :राजेंद्र मलांगड़

    तीन वर्षों की विफलता एवं चुनावो में हार के डर से पंचायत चुनावों से भाग रही सुक्खू सरकार

    ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़ ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर पंचायत चुनावों को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। राजेंद्र मलांगड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार माननीय उच्च न्यायालय के स्पष्ट आदेशों के बावजूद पंचायत चुनाव करवानें से बच रही है, जो लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। मलांगड़ ने सवाल उठाया कि आखिर सरकार उच्च न्यायालय के पंचायत चुनावों से संबंधित आदेशों को क्यों नहीं मान रही है।

    राजेंद्र मलांगड़ ने कहा कि सरकार पंचायत चुनावों में संभावित हार के डर से डिजास्टर एक्ट का बहाना बनाकर चुनावों को टाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल एक बहाना है,जबकि सच्चाई यह है कि कांग्रेस सरकार को जमीनी स्तर पर जनता का समर्थन नहीं मिल रहा है। पंचायत स्तर पर जनता सरकार की नीतियों और कार्यशैली से नाराज है, इसी कारण सरकार चुनाव कराने से डर रही है। भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़ ने कहा कि 23 जनवरी को प्रदेश के पंचायती राज प्रतिनिधियों का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इसके बावजूद सरकार की ओर से नए चुनावों को लेकर कोई ठोस तैयारी या स्पष्टता नहीं दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि समय पर चुनाव न करवाना संविधान और लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। पंचायतें लोकतंत्र की नींव होती हैं और इन्हें कमजोर करना जनता के अधिकारों का हनन है।

    राजेंद्र मलांगड़ ने आगे कहा कि यह पहली बार नहीं है जब राज्य सरकार चुनावों से पीछे हट रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार राज्य में हर उस चुनाव से भाग रही है, जिसमें उसे हार का डर नजर आता है। चाहे पंचायत चुनाव हों या अन्य स्तर के चुनाव, सरकार जनता के बीच जाने से कतरा रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की तथाकथित गारंटियों की सच्चाई को समझ चुकी है। महंगाई, बेरोजगारी और विकास कार्यों की धीमी रफ्तार से लोग परेशान हैं।

     

  • 9.12 करोड़ में तैयार ‘सत्कार घर’ बुजुर्गों को समर्पित

    9.12 करोड़ में तैयार ‘सत्कार घर’ बुजुर्गों को समर्पित

     लोहड़ी कार्यक्रम में होगा नवजन्मी बेटियों का सम्मान राज्य स्तरीय

    चंडीगढ़: मुख्यमंत्री पंजाब स भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार समाज के हर वर्ग की भलाई के लिए प्रतिबद्ध है। बुजुर्ग हमारा अमूल्य धरोहर हैं और उनकी सेवा-संभाल के लिए पंजाब सरकार ने 9.12 करोड़ रुपये की लागत से “सत्कार घर” का निर्माण किया है।

    यह बात सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री पंजाब डॉ. बलजीत कौर ने यहां सरकारी वृद्ध आश्रम “सत्कार घर” के उद्घाटन अवसर पर कही। उन्होंने बताया कि 72 बेड वाले इस “सत्कार घर” में बुजुर्गों के लिए डे-केयर, भोजन, चिकित्सा सुविधाएं, पुस्तकालय, योग कक्ष और गेम रूम जैसी सभी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के लिए सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विशेष कार्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं तथा आने वाले दिनों में स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे।

    इस अवसर पर उन्होंने “सत्कार घर” में रह रहे वृद्धजनों से मुलाकात की और उनका सम्मान किया। साथ ही राज्य स्तरीय ‘धियों की लोहड़ी’ कार्यक्रम के तहत 21 नवजन्मी बेटियों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बुढलाडा से विधायक प्रिंसिपल बुद्ध राम ने कहा कि पंजाब सरकार समाज के हर वर्ग की भलाई के लिए ठोस प्रयास कर रही है। एक ओर जहां नशों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है, वहीं करोड़ों रुपये के विकास कार्य भी जारी हैं।

    इस अवसर पर मानसा से विधायक डॉ. विजय सिंगला ने कहा कि पंजाब सरकार ने जरूरतमंद बुजुर्गों की बुढ़ापे में सेवा-संभाल के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने बताया कि मानसा में 40 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सीवरेज परियोजना चल रही है, साथ ही सड़कों के निर्माण कार्य भी जारी हैं, जो अगले 3-4 महीनों में पूरे हो जाएंगे।

    इस मौके पर सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशक श्रीमती विम्मी भुल्लर ने कहा कि विभाग बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की भलाई के लिए लगातार विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर मैडम नवजोत कौर आईएएस ने कैबिनेट मंत्री बलजीत कौर और सभी उपस्थित जनों का धन्यवाद करते हुए कहा कि बुजुर्गों की सेवा-संभाल सर्वोत्तम तरीके से की जाएगी और उन्हें घर जैसा वातावरण दिया जाएगा।

    इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. बलजीत कौर द्वारा एलीम्को और नेकी फाउंडेशन के सहयोग से दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर और चश्मों का वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बेटियों का सम्मान किया गया तथा बुजुर्गों को पेंशन पत्र वितरित किए गए। इससे पहले उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं और मेडिकल कैंप का निरीक्षण भी किया। कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। मंच संचालन की भूमिका डॉ. सुमन बत्तरा ने निभाई।

    इस अवसर पर जिला योजना बोर्ड मानसा के चेयरमैन गुरप्रीत सिंह भुच्चर, मार्केट कमेटी बुढलाडा के चेयरमैन सतीश सिंगला, मार्केट कमेटी भीखी के चेयरमैन वरिंदर सोनी, नगर परिषद मानसा के प्रधान सुनील कुमार नीनू, महिला विंग की प्रधान शरणजीत कौर, ज़ोन इंचार्ज जसविंदर कौर, संयुक्त सचिव सामाजिक सुरक्षा महिला एवं बाल विकास विभाग श्री आनंद सागर शर्मा, अतिरिक्त निदेशक श्री चरणजीत सिंह मान, एसएसपी श्री भागीरथ सिंह मीना, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अनुप्रिता जौहल, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) आकाश बांसल, अंडर-ट्रेनिंग आईएएस गुरलीन कौर, एसडीएम मानसा काला राम कांसल, एसडीएम सरदूलगढ़ हरजिंदर सिंह जस्सल, एसडीएम बुढलाडा गगनदीप सिंह, जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी नवीन गढ़वाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी खुशवीर कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

     

  • Jalandhar News: कई वाहनों को टक्कर मारने वाला आर्मी कर्मी काबू, जांच में जुटी CM Security, देखें Live

    Jalandhar News: कई वाहनों को टक्कर मारने वाला आर्मी कर्मी काबू, जांच में जुटी CM Security, देखें Live

    जालंधर, ENS: गुरु नानक पुरा में तेज रफ्तार आर्मी के कर्मी ने कई वाहनों को टक्कर मार दी थी। इसके बाद घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया। जब पुलिस उसे थाने के लिए गाड़ी में बिठाने के लिए ले जा रही थी तो कार चालक पुलिस की हिरासत से भाग गया। जिसके बाद पुलिस महकमें हड़कंप मच गया।

    पुलिस टीम ने फरार आर्मी कर्मी को पकड़ने लिये तुरंत आसपास के सभी पीसीआर में मामले की सूचना दे दी। वहीं, साथ ही मुख्यमंत्री भगवंत मान का दो दिन का दौरा था। लेकिन आज अचानक उनका दौरा रद्द हो गया।

    जिसको लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क था। वहीं इस दौरे को लेकर CM Security में तैनात पुलिस मिलाजिम व लोकल पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को बाईपास हाईवे से गिरफ्तार कर लिया है। जिसके बाद जांच पड़ताल में जुट गई है।

    ये था मामला
    कार चालक ने कई वाहनों को टक्कर मार दी थी। हालांकि घटना के दौरान गली में खेल रहे बच्चे सहित इलाका निवासी बाल बाल बच गए। जिसके बाद लोगों ने गाड़ी के शीशे तोड़कर कार चालक को बाहर निकाला और घटना की सूचना रामामंडी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया। हैरानी की बात यह है कि जब पुलिस उसे थाने के लिए गाड़ी में बिठाने के लिए ले जा रही थी तो कार चालक पुलिस की हिरासत से भाग गया। हैरानी की बात यह है कि थाने की पुलिस ने पुलिस गाड़ी में एक ही कर्मी को घटना स्थल पर भेज दिया। जिसके बाद कार चालक पुलिस की कस्टडी से फरार हो गया।