Blog

  • इन राज्यों में हो सकती है भारी बारिश, IMD की चेतावनी

    इन राज्यों में हो सकती है भारी बारिश, IMD की चेतावनी

    नई दिल्ली। मॉनसून ने दक्षिण-पश्चिम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराना शुरू कर दिया है. मॉनसून ने केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में दस्तक दे दी है. हालांकि, उत्तर भारत के लोगों के अभी बारिश का इंतजार करने पड़ेगा. मौसम विभाग ने उत्तर भारत में जून के अंत तक बारिश का अनुमान जताया है.

    मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिनों मध्य अरब सागर, कर्नाटक, कोंकण, गोवा, तमिलनाडु, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी, पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी, उत्तरपूर्वी राज्यों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं, इन क्षेत्रों में अच्छी बारिश देखी जा सकती है.

    भारत के बारिश आधारित कृषि क्षेत्र में इस मानसून के मौसम में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार बंपर कृषि उत्पादन के साथ ही महंगाई पर लगाम लगने की भी उम्मीद है. आईएमडी ने कहा कि इस मॉनसून सीजन में औसत बारिश लंबी अवधि के औसत का 103 फीसदी रहने की उम्मीद है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने संवाददाताओं से कहा कि देश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिलेगी.

    भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को भविष्यवाणी की कि अगले 5 दिनों में बिहार, झारखंड, ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में गरज के साथ छिटपुट बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. आईएमडी ने आगे बताया कि 2 और 3 जून को राजस्थान में, दक्षिण पंजाब, दक्षिण हरियाणा, दक्षिण उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश में 3 और 4 जून को और विदर्भ में 2-5 जून के दौरान हीट वेव की स्थिति लौटने की संभावना है.

    अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है. 2-4 जून के दौरान असम और मेघालय में और 3-6 जून के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश होने की संभावना है. 

    -मेघालय में 2 और 3 जून को अत्यधिक भारी बारिश की भी संभावना है.
    -अगले 5 दिनों के दौरान तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे और लक्षद्वीप में गरज के साथ मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है.
    -अगले 5 दिनों के दौरान आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, उत्तर कर्नाटक और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में छिटपुट बारिश होगी.
    -2-4 जून के दौरान तमिलनाडु और दक्षिण कर्नाटक में 2, 3, 5 और 6 जून को केरल और माहे में भी भारी बारिश होने की संभावना है.

  • यातायात नियमों की अवहेलना करने पर कटे 140 चालान

    यातायात नियमों की अवहेलना करने पर कटे 140 चालान

    ऊना/सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना द्वारा यातायात के नियमों की अवहेलना करने पर 140 चालान काटे गये जिनमें से 08 चालानों का मौके पर ही निपटारा करके जुर्माने के रूप में 7000/- रूपये वसूल किये गये हैं।

    इनमें से 17 चालान बिना हैल्मेट के वाहन चलाने पर, 04 चालान बिना सेफ्टी बैल्ट के वाहन चलाने पर, 01 चालान बिना लाईसैंस के वाहन चलाने पर, 01 चालान खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर, 15 चालान पुलिस संकेतों की अवहेलना करने पर, 01 चालान बिना बीमा के वाहन चलाने पर, 10 चालान अनाधिकृत स्थान पर वाहन पार्क करने पर, 01 चालान लापरवाही व खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर, 20 चालान गति सीमा से अधिक गति से वाहन चलाने पर, 02 चालान वाहन चलाते समय मोबाईल फोन का प्रयोग करने पर, 24 चालान बिना नम्बर पलेट लगाये वाहन चलाने पर व 44 चालान मोटर वाहन अधिनियम की अन्य धाराओं के अंतर्गत किये गये हैं। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थान पर धुम्रपान करने पर 08 व्यक्तियों के चालान धुम्रपान निषेध अधिनियम के अंतर्गत किये गये व जुर्माने के रूप में 800/- रूपये वसूल किये गये हैं व अवैध खनन अधिनियम के तहत अवैध खनन करने पर 03 वाहनों का चालान कर जुर्माने के रुप में  14700/- रुपये वसूले गये है।

  • पंजाबः मान सरकार को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट की फटकार, फिर 424 वीआईपी को मिलेगी सुरक्षा

    पंजाबः मान सरकार को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट की फटकार, फिर 424 वीआईपी को मिलेगी सुरक्षा

    नई दिल्ली। मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुआई वाली सरकार को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने गुरुवार को फटकार लगाई. मान सरकार ने कोर्ट से कहा कि 424 लोगों की सुरक्षा अस्थायी रूप से हटाई गई है, जो 7 जून से फिर से बहाल कर दी जाएगी. अब इस मामले की अगली सुनवाई 11 जुलाई को होगी.

    पिछले हफ्ते सरकार ने इन लोगों की सुरक्षा हटा दी थी या कम कर दी थी. इन 424 लोगों में शुभदीप सिंह सिद्धू यानी सिद्धू मूसेवाला भी शामिल थे, जिन्हें रविवार को पंजाब के मनसा जिले में अज्ञात हमलावारों ने गोलियों ने भून डाला था. 

    पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट पूर्व डिप्टी सीएम ओपी सोनी की याचिका पर सुनवाई कर रहा था. सुरक्षा वापस लिए जाने के बाद उन्होंने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था. हाईकोर्ट ने 30 जून को पिछली सुनवाई के दौरान आप सरकार से यह साफ करने को कहा था कि  किस आधार पर लोगों की सुरक्षा वापस ली गई और उनकी पहचान सार्वजनिक हुई. 

    हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से सीलबंद लिफाफे में 2 जून को रिपोर्ट दाखिल करने को कहा था. सोनी के वकील मधु दयाल ने बताया, ‘पंजाब सरकार ने सीलबंद लिफाफे में अपनी रिपोर्ट पेश की, जिसमें उन्होंने बताया कि किन वजहों से लोगों की सुरक्षा वापस ली गई. उनके पास केंद्र सरकार की रिपोर्ट नहीं थी और इसके लिए उन्होंने अतिरिक्त समय की मांग की है.’

  • भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में की नई नियुक्तियां: राजकुमार पठानिया

    भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में की नई नियुक्तियां: राजकुमार पठानिया

    नरेंद्र राणा को जिला सचिव, रमेश चौधरी को संयोजक: राजीव राणा को महामंत्री

    गुलविंदर सिंह गोल्डी को हरोली भाजपा अध्यक्ष की कमान

    ऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश व जिला नेतृत्व से चर्चा के बाद संगठन की नियुक्तियां की हैं। जिला ऊना भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री राजकुमार पठानिया ने बताया कि जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा ने जिला संगठन में नई नियुक्तियां की हैं, जिनमें हरोली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र राणा को भाजपा का जिला सचिव व कार्यालय प्रमुख नियुक्त किया गया है जबकि एडवोकेट रमेश चौधरी को भाजपा प्रशिक्षण प्रकोष्ठ का जिला संयोजक बनाया गया है।

    महेंद्र सिंह मोनू को जिला खेल प्रकोष्ठ का संयोजक बनाया गया है। गुलविंदर सिंह गोल्डी को हरोली भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं राजीव राणा को हरोली भाजपा का महामंत्री बनाया गया। उन्होंने कहा कि यह नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी और सभी कर्मठता के साथ कार्य करते हुए पार्टी को आगे बढ़ाने व जनता के बीच सरकार की नीतियों को ले जाने का काम करेंगे।

  • कृषि मंत्री वीरेन्द्र कंवर 3 व 4 जून को थानाकलां में सुनेंगे जनसमस्याएं

    कृषि मंत्री वीरेन्द्र कंवर 3 व 4 जून को थानाकलां में सुनेंगे जनसमस्याएं

    ऊना/सुशील पंडित: ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, कृषि, मत्स्य व पशुपालन मंत्री 3 जून को प्रातः 9 बजे थानाकलां स्थित जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह में जन समस्याएं सुनेंगे। यह जानकारी देते हुए एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि वीरेन्द्र कंवर इसके पश्चात प्रातः11ः30 बजे बंगाणा के आशीर्वाद होटल में नेहरु युवा केन्द्र द्वारा विश्व साईकलिंग दिवस पर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने बताया कि वीरेन्द्र कंवर 4 जून प्रातः 9 बजे थानाकलां स्थित आईपीएच रेस्ट हाउस में जन समस्यांए सुनने के उपरांत दोपहर दो बजे जिला हमीरपुर के लिए रवाना होंगे।

  • चिंतपूर्णी के पास अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकराई टूरिस्ट बस, बाल-बाल बचा ड्राइवर

    चिंतपूर्णी के पास अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकराई टूरिस्ट बस, बाल-बाल बचा ड्राइवर

    महाराष्ट्र से श्रद्धालुओं को लेकर माता चिंतपूर्णी आई थी बस 

    ऊना/सुशील पंडित: चिंतपूर्णी में माता के दर्शनों को आई टूरिस्ट बस एक पहाड़ी से जा टकराई। इस हादसे में बस ड्राइवर बाल-बाल बच गया। उक्त घटना दोपहर करीब एक बजे घटित हुई। इस बस हादसे के दौरान बस में कोई भी श्रद्धालु सवारी नहीं बैठी हुई थी।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार जम्मू कश्मीर से भारद्वाज कंपनी की यह टूरिस्ट बस महाराष्ट्र के श्रद्धालुओं को लेकर शंभू बैरियर के पास पहुंची और बस में बैठे सभी श्रद्धालुओं को माता चिंतपुरनी के दर्शन करने के लिए बस से उतार कर भेज दिया। बस चालक खाली बस को एक पहाड़ी की साइड में खड़ी करने जा रहा था कि बस अनियंत्रित होकर सड़क के एक तरफ पहाड़ी से जा टकराई। पहाड़ी के साथ हुई टक्कर के बावजूद ड्राइवर सकुशल बच गया, जबकि बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। बस परिचालक मोहित ने बताया कि उतराई होने के कारण ड्राइवर बस का गियर नहीं बदल पाया, जिस कारण बस अनियंत्रित हो गई। मोहित ने बताया कि जब यह हादसा हुआ उस समय बस की सवारियां माता के दर्शन करने गई हुई थीं। चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन करने के बाद बस में आए श्रद्धालुओं को अमृतसर जाना था।

  • सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद जालंधर में शख्स को आई गोल्डी बराड़ की Call….

    सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद जालंधर में शख्स को आई गोल्डी बराड़ की Call….

    जालंधर: सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाला गोल्डी बराड़ एक बार फिर चर्चा में आ गया है। दरअसल, अब जालंधर के फाइनेंस का काम करने वाले व्यक्ति को गोल्डी बराड़ की व्हाट्सएप कॉल आई है। 

    शिकायतकर्त्ता का कहना है कि व्हाट्सएप कॉल में गोल्डी बराड़ बोलकर 5 लाख रुपए की मांग की गई है। इसकी शिकायत उक्त व्यक्ति ने जालंधर में पुलिस थाने में दर्ज करवा दी है। थाना प्रभारी ने कहा कि शिकायतकर्त्ता की शिकायत और उसे आई व्हाट्सएप कॉल की डिटेल लेकर साइबर क्राइम में जांच करवाई जाएगी। 

  • एनजीटी द्वारा गठित कमेटी सदस्यों ने पीएसीएल कंपनी का किया निरीक्षण

    एनजीटी द्वारा गठित कमेटी सदस्यों ने पीएसीएल कंपनी का किया निरीक्षण

    सीमावर्ती गांवों में प्रदूषण से निजात मिलने की जगी आस

    ऊना/सुशील पंडित: पंजाब की सीमा से सटे सनोली, मजारा, मलूकपुर व बीनेवाल पूना गांवों में पीएसीएल उद्योग से निकलने वाले कैमिकल युक्त पानी व वायु प्रदूषण से स्थानीय निवासियों को राहत प्रदान करने की दिशा में प्रयास तेज कर दिए गए हैं। इसी दिशा में एनजीटी द्वारा गठित कमेटी के सदस्यों डीसी राघव शर्मा, डीसी रोपड़ डॉ प्रीती यादव सहित अन्यों ने पीएसीएल कंपनी का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। 

    डीसी राघव शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय हरित ट्रिब्यूनल ‘एनजीटी’ ने प्रभावित पक्ष की याचिका पर डीसी रोपड़, डीसी ऊना, पंजाब प्रदूषण बोर्ड की एक कमेटी गठित करके मामले में हर संभव सकारात्मक हल निकालने के लिए समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती गांवों की इस समस्या को समाप्त करने के लिए प्रदेश सरकार के निर्देशों की अनुपालना करते हुए पुरज़ोर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समस्या के निपटारे के लिए पहले पंचायत स्तर पर बैठकें हुईं जिसके बाद इन गांवों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से भी शिमला में मिला। प्रदेश सरकार में ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने स्वयं आकर इन गांवों का दौरा किया था और अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को दी थी। जल शक्ति विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में सैंपल लिए और पाया कि उद्योग से निकलने वाले गंदे पानी से इन सीमावर्तीर् गांवों में पीने के पानी के स्रोत प्रदूषित हो रहे हैं और किसानों की खेती योग्य भूमि भी खराब हो रही है।

  • विवाहिता ने पति समेत चार पर लगाए मारपीट के आरोप

    विवाहिता ने पति समेत चार पर लगाए मारपीट के आरोप

    ऊना/सुशील पंडित: सदर थाना के अंतर्गत आते गांव अप्पर कोटला कलां में एक विवाहिता ने अपने पति समेत चार के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। लगभग 10 दिन के भीतर ही इस विवाहिता ने दूसरी बार पुलिस के पास पहुंचकर पति सहित रिश्तेदारों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस को दी शिकायत में पूजा शर्मा निवासी अप्पर कोटला कलां ने बताया कि मेरी शादी 6 वर्ष पहले विजय कुमार के साथ हुई थी। महिला का कहना है कि बुधवार शाम को पति से घर के लिए कुछ सामान मंगवाया था जिसे लेकर आपस में बहस हो गई।            

    महिला ने आरोप लगाया है कि पति ने थप्पड़ मारे और कान की बालियां खींच ली। इस की सास व चाचा ससुर ने भी मारपीट की। महिला ने बताया कि बेटी के दरवाजा खोलने के बाद तुंरत उसने भाग कर अपनी जान बचाई।    

    पीड़ित महिला ने 10 दिन पहले भी महिला थाने में पहुंचकर पति व उनके रिश्तेदारों द्वारा मारपीट की जाने की शिकायत दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीन धीमान ने बताया कि पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

  • केन्द्रीय विद्यालय बंगाणा को मिले 6.53 करोड़, वीरेन्द्र कंवर ने अनुराग ठाकुर का जताया आभार

    केन्द्रीय विद्यालय बंगाणा को मिले 6.53 करोड़, वीरेन्द्र कंवर ने अनुराग ठाकुर का जताया आभार

    ऊना/सुशील पंडित: केन्द्रीय विद्यालय संगठन, नई दिल्ली ने केन्द्रीय विद्यालय बंगाणा के स्थाई विद्यालय भवन के निर्माण को मंज़ूरी दे दी है। इस बारे जानकारी देते हुए ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, कृषि, मत्स्य व पशुपालन मंत्री वीरेन्द्र कंवर ने बताया कि केन्द्रीय विद्यालय संगठन ने विद्यालय भवन निर्माण के पहले चरण में 6.53 करोड़ से सीपीडब्ल्यू एजेंसी के माध्यम से स्टाफ क्वार्टरज़, चारदीवारी के कार्य तथा इलैक्ट्रिक सबस्टेशन का कार्य आरंभ करने को मंजूरी प्रदान कर दी है। वीरेन्द्र कंवर ने इसके लिए केन्द्र सरकार और केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर क्षेत्र के विकास के लिए सदैव कृत संकल्पित रहे हैं। हमारे यहाँ के छात्रों को अच्छी शिक्षा व सुविधा मिले इस दृष्टि से उनके प्रयास सराहनीय रहे हैं। उन्हीं के अथक प्रयासों का परिणाम है कि केंद्रीय विद्यालय बंगाणा के स्थाई भवन निर्माण कार्य को गति मिली है। मैं इसके लिए उनका हृदयतल से आभारी हूं।
    ग्रामीण विकास मंत्री वीरेन्द्र कंवर ने बताया कि भवन निर्माण का कार्य आरंभ करने के लिए केवी संगठन द्वारा पहली किश्त के तौर पर 20 लाख रुपये की राशि जारी कर दी गई। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय विद्यालय बंगाणा वर्ष 2010 से पहली से बारहवीं कक्षा तक एक अस्थाई भवन में चल रहा है, जहां लगभग 500 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। वीरेन्द्र कंवर ने कहा कि शिक्षणसंस्थानों में बुनियादी ढांचों को सुदृढ़ करने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए सरकार कृतसंकल्प है। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में एमए हिंदी, एमए इंग्लिश सहित एमकॉम व पीजीडीसीए की कक्षाएं शुरू की गई है, जिसका लाभ युवाओं को मिल रहा हैं। यहां पर युवाओं के लिए इनडोर स्टेडियम का निर्माण भी किया जा रहा है। कॉलेज में एनसीसी के तीनों विंग शुरू किए गए हैं और पूरे प्रदेश में केवल बंगाणा कॉलेज ही एक मात्र ऐसा कॉलेज है, जहां पर एनसीसी के तीनों विंग हैं। इसके अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं पिपलू व बुधान में विज्ञान की कक्षाएं आरंभ की गई हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय विद्यालय बंगाणा के स्थाई भवन के निर्माण से क्षेत्र के बच्चों का चंहूमुखी विकास संभव हो पायेगा।