Blog

  • पंजाबः हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को लगाया 50 हजार रुपये जुर्माना, जाने मामला

    पंजाबः हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को लगाया 50 हजार रुपये जुर्माना, जाने मामला

    चंडीगढ़ः पंजाब सरकार को एक बार फिर से हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। होशियारपुर की खनन साइट का नियमों के खिलाफ कॉन्ट्रैक्ट रद्द करने पर हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को 50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। साथ ही इस राशि को 1 सप्ताह के अंदर याचिकाकर्ता कंपनी को देने के आदेश भी दिए हैं। जस्टिस एजी मसीह एवं जस्टिस आलोक जैन की खंडपीठ ने यह आदेश प्राइम विजन इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से दायर याचिका का निपटारा करते हुए दिया।

    हाईकोर्ट ने कहा कि पहले भी ऐसा एक मामला सुनवाई के लिए पहुंचा था। उस दौरान हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को चेतावनी दी थी कि भविष्य में ऐसा करने से पहले नियमों का पालन किया जाए, लेकिन पंजाब सरकार द्वारा दोबारा ऐसा किए जाने पर हाईकोर्ट ने सख्ती दिखाई है। हालांकि पंजाब सरकार ने गलती से यह आदेश जारी होने की बात स्वीकार कर इन्हें वापस ले लिया है।

    हाईकोर्ट ने कहा कि पहले भी एक मामले में नियमों का उल्लंघन किया गया था। उस दौरान हाईकोर्ट ने चेतावनी दी थी कि दोबारा ऐसा किया जाना बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। नतीजतन हाईकोर्ट ने सरकार पर 50 हजार रुपए जुर्माना लगाते हुए राशि की अदायगी के आदेश दिए हैं। कंपनी द्वारा हाईकोर्ट में दायर याचिका में बताया गया था कि पंजाब सरकार ने 23 सितंबर को आदेश जारी कर कॉन्टैक्ट किया था, लेकिन मामला हाईकोर्ट पहुंचने पर सरकार ने 26 अक्टूबर को आदेश वापस ले लिया।

  • केंद्र सरकार ने Crude Oil पर यह टैक्स घटाने का किया ऐलान,  कम को सकते हैं पैट्रोल के दाम !

    केंद्र सरकार ने Crude Oil पर यह टैक्स घटाने का किया ऐलान,  कम को सकते हैं पैट्रोल के दाम !

    नई दिल्लीः केंद्र सरकार ने घरेलू स्तर पर उत्पादित कच्चे तेल पर विंडफॉल टैक्स घटाने का ऐलान किया है। एक आधिकारिक नोटिफिकेशन के मुताबिक, पेट्रोलियम कंपनियों की ओर से घरेलू लेवल पर बनाए जाने वाले कच्चे तेल पर विंडफॉल टैक्स को 11,000 रुपये प्रति टन से घटाकर अब 9,500 रुपये प्रति टन कर दिया गया है। यह कटौती बुधवार 2 नवंबर 2022 से लागू हो गई है। घरेलू स्तर पर उत्पादित क्रू़ड की बिक्री पर विंडफॉल टैक्स में कटौती ऐसे समय में की गई है, जबकि ग्लोबल ऑयल प्राइस 95 डॉलर प्रति बैरल के करीब बना हुआ है।

    डीजल-जेट फ्यूल के निर्यात पर टैक्स बढ़ा

    कच्चे तेल पर विंडफॉल टैक्स में कटौती करने के साथ ही केंद्र सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती तेल की कीमतों के मद्देनजर डीजल और विमान ईंधन (ATF) के निर्यात पर ड्यूटी बढ़ाने की भी घोषणा की है। एक ओर जहां डीजल के निर्यात पर टैक्स 12 रुपये से बढ़कर 13 रुपये प्रति लीटर हो गया है, तो वहीं एविएशन टर्मबाइन फ्यूल (ATF) के निर्यात पर एक्साइज ड्यूटी को 3.5 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 5 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है।

    क्यों लगता है विंडफॉल प्रॉफिट टैक्स?

    ग्लोबल मार्केट में क्रूड ऑयल और पेट्रोल, डीजल, एटीएफ जैसे रिफाइनरी उत्पादों के दाम समय के साथ घटते-बढ़ते रहते हैं। अगर ग्लोबल मार्केट में डीजल, पेट्रोल और एटीएफ आदि के दाम घरेलू बाजार से ज्यादा हों, तो रिफाइनरियां निर्यात बढ़ाने लगती हैं, ताकि उन्हें ज्यादा मुनाफा हो। सरकार इस पर लगाम लगाने और घरेलू बाजार में उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विंडफॉल प्रॉफिट टैक्स लगा देती है। यही हिसाब क्रूड ऑयल के मामले में भी लागू होता है। वहीं जब ग्लोबल मार्केट में इनके भाव कम हो जाते हैं, तो कंपनियां खुद ही एक्सपोर्ट कम करने लगती हैं। ऐसी स्थिति आने पर सरकार विंडफॉल टैक्स को कम करने या हटाने का फैसला लेती है।

  • भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में आज स्कूल बंद

    भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में आज स्कूल बंद

    तमिलनाडुः देश के विभिन्न राज्यों में मौसम बदल रहा है। दक्षिण के राज्यों में बारिश का अलर्ट है तो वहीं मैदानी इलाकों  में तापमान में कमी दर्ज की जा रही है। इस बीच मौसम विभाग ने तमिलनाडु के कई इलाकों में आज भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की मानें तो तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में आज पूरे दिन बादल छाए रहेंगे वहीं, भारी बारिश हो सकती है। भारी बारिश को देखते हुए तमिलनाडु के कुछ जिलों के स्कूलों में आज स्कूल बंद रहेंगे। भारी बारिश की चेतावनी के चलते ही तिरुवरूर, नागापट्टिनम, मयिलादुथुराई, चेन्नई, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, तिरुवल्लूर और तंजावुर जिलों के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। 

    मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, अगले तीन घंटों के दौरान तमिलनाडु के तिरुवल्लूर, चेन्नई, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, विल्लुपुरम, कुड्डालोर, मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम, तिरुवरुर, तंजावुर, पुदुकोट्टई, रामनाथपुरम, तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी जिले में गरज के साथ मध्यम से भारी बारिश देखने को मिल सकती है। भारी बारिश के चलते चेन्नई के कई इलाकों में जलजमाव हो गया है। मौसम विभाग की मानें तो चेन्नई में 2 से 5 नवंबर के बीच गरज के साथ बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

    वहीं, इन दिनों चेन्नई में न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं, मदुरई में भी आज से 5 नवंबर तक गरज के साथ बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। तमिलनाडु के कोयंबटूर में आज बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होगी। वहीं, 2 नवंबर को गरज के साथ बारिश देखने को मिलेगी। मौसम विभाग की मानें तो 3 और 4 नवंबर को कोयंबटूर में भारी बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं, 5 से 7 नवंबर के बीच गरज के साथ ठीक-ठाक बारिश देखने को मिलेगी। ऊटी में 2 से 4 नवंबर के बीच गरज के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान है।

  • पंजाबः इस जेल में खतरनाक बीमारी से बीमार हुए 300 कैदी

    पंजाबः इस जेल में खतरनाक बीमारी से बीमार हुए 300 कैदी

    पटियालाः पंजाब की जेलों में कैदियों की स्क्रीनिंग की जा रही है। इस दौरान नाभा जेल में काला पीलिया से कैदियों के बीमार होने का मामला सामने आया है। दरअसल, नाभा जेल में 1000 से ज्यादा कैदियों के स्क्रीनिंग की गई।

    इस दौरान करीब 300 कैदियों को काला पीलिया होने का मामला सामने आया है। जानकारी मुताबिक पॉजिटिव कैदियों की अगली जांच के लिए खून के सैंपल भेजे जा रहे है, जिसके बाद इलाज शुरू किया जाएगा। कैदियों के खून की जांच के बाद बड़े स्तर पर कैदी हेपेटाइटिस पॉजिटिव पाए गए।

  • तीसरे विश्व युद्ध का खतरा! ईरान किसी भी समय कर सकता है सऊदी अरब पर हमला, हाई अलर्ट पर अमेरिकी सेना

    तीसरे विश्व युद्ध का खतरा! ईरान किसी भी समय कर सकता है सऊदी अरब पर हमला, हाई अलर्ट पर अमेरिकी सेना

    ईरान: सऊदी अरब और ईरान के बीच स्थिति ठीक नहीं है। खबर है कि ईरान किसी भी वक्त सऊदी अरब पर हमला कर सकता है। ये खुफिया जानकारी सऊदी अरब ने अमेरिका से शेयर की है। सऊदी अरब में ईरान कई जगह हमले कर सकता है। ये खुफिया जानकारी सामने आते ही खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सेना को हाई अलर्ट पर रखा गया है। अगर ईरान ने सऊदी अरब पर हमला किया तो दुनिया फिर से एक और विश्व युद्ध के मुहाने पर पहुंच सकती है।

    कई जगहों पर हमला करने की योजना

    वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में कहा गया है कि संयुक्त राज्य अमेरिका और सऊदी अरब हाई अलर्ट पर हैं, क्योंकि सऊदी खुफिया ने अमेरिका को यह जानकारी दी है कि ईरान, सऊदी अरब में कई जगहों पर हमला करने की योजना बना रहा है। दोनों देशों के अधिकारियों ने कथित तौर पर आने वाले हमलों पर चिंता के बारे में जर्नल को बताया।

    क्यों हो सकता है हमला?

    सऊदी अधिकारियों ने कहा कि ईरान सऊदी अरब के अलावा, एरबिल, इराक पर भी हमला करना चाहता है, जहां अमेरिकी सैनिक स्थित हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इन सुनियोजित हमलों का इरादा इस्लामिक राष्ट्र के नेतृत्व के खिलाफ ईरान में हो रहे विरोध प्रदर्शनों से ध्यान भटकाना है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, खुफिया जानकारी साझा करने की पुष्टि करने वाले अधिकारियों में से एक ने बताया कि “यह हमला 48 घंटे के भीतर” ही हो सकता है।

    अमेरिका ने क्या कहा?

    पेंटागन के प्रेस सचिव वायु सेना ब्रिगेडियर जनरल पैट राइडर ने मंगलवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान कहा, अमेरिका “क्षेत्र में खतरे की स्थिति” के बारे में ‘चिंतित’ है और सऊदी अधिकारियों के साथ “नियमित संपर्क में” है। राइडर ने किसी विशेष खतरे के बारे में जानकारी देने से इनकार करते हुए कहा, “हम अपनी रक्षा और बचाव का अधिकार सुरक्षित रखेंगे, चाहे हमारी सेना इराक में या कहीं और सेवा कर रही हो।”

  • बड़ी राहतः जल्द बहाल होगी आदमपुर एयरपोर्ट से विमान सेवा, देखें पत्र 

    बड़ी राहतः जल्द बहाल होगी आदमपुर एयरपोर्ट से विमान सेवा, देखें पत्र 

    नई दिल्ली: आदमपुर एयरपोर्ट से विमान सेवा बहाल किए जाने को लेकर केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश द्वारा उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को पत्र लिखा गया था। जिसका जवाब देते हुए सिंधिया ने कहा कि मंत्रालय द्वारा इस दिशा में गंभीर प्रयास किये जा रहे हैं और जल्द ही सेवा बहाल किये जाने का निश्चय है l उन्होंने आगे कहा कि अधिकारियों के साथ बैठक कर आदमपुर एयरपोर्ट से जल्द से जल्द फ्लाइट चलाये जाने को लेकर चर्चा हुई जो पूरी तरह सकारात्मक रही l

  • पंजाब: पराली की आग बुझाने आई टीम को किसानों ने 5 घंटे बनाया बंधक, देखें वीडियो

    पंजाब: पराली की आग बुझाने आई टीम को किसानों ने 5 घंटे बनाया बंधक, देखें वीडियो

    चंडीगड़: पराली को लगाई आग बुझाने के लिए पहुंची जिला प्रशासन की टीम को किसानों ने करीब 5 घंटे तक बंधक बनाकर रखा। वहीं आग बुझाने के लिए बुलाई गई फायर ब्रिगेड की गाड़ी को भी किसानों ने कब्जे में ले लिया। घटना भदौड़ के नजदीकी गांव कलाला की है। शाम 4 बजे गांव कलाला के किसान रणजोध सिंह ने खेत में पराली को आग लगाई हुई थी। खेतीबाड़ी अधिकारी चरण राम, तरसेम सिंह जसविंदर सिंह टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड को बुलाया।

    मौके पर नायब तहसीलदार सुरेंद्र सिंह को बुलाने की भनक लगी तो भाकियू कादियां के जिला प्रधान जगसीर सिंह सीरा छीनीवाल भी टीम पहुंच गए। करीब 3 घंटे तक माहौल तनावपूर्ण रहा और अधिकारियों द्वारा कार्रवाई न करने का आश्वासन मिलने के बाद ही किसानों ने गाड़ी को और अधिकारियों को जाने दिया। किसान भारतीय किसान यूनियन कादियां के जिला प्रधान जगसीर सिंह ने कहा कि इसी साल क्षेत्र में करीब 18 एकड़ गेहूं की फसल जलने से नष्ट हुई है तब तो फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं पहुंची, अब किसानों को तंग करने के लिए गाड़ी भेज दी। अगर आग लगाने वाले किसान पर कोई कार्रवाई की कोशिश होगी तो वह खेतों में पड़ी सारी पराली मोगा रोड, चंडीगढ़ रोड, बठिंडा रोड और पटियाला रोड पर फेंक कर जाम लगा देंगे।

  • एलन मस्क का ऐलान, Twitter पर ब्लू टिक के लिए हर महीने देने होंगे इतने रुपए

    एलन मस्क का ऐलान, Twitter पर ब्लू टिक के लिए हर महीने देने होंगे इतने रुपए

    नई दिल्ली: टेस्ला के मालिक और अरबपति एलन मस्क ट्विटर को खरीदने के बाद एक के बाद एक बड़े फैसले ले रहे हैं। एलन मस्क ने मंगलवार को ट्वीट कर बताया कि अब ट्विटर पर ब्लूटिक यानी वेरिफाइड अकाउंट्स को एक निर्धारित फीस चुकानी होगी। मस्क ने एक के बाद एक कई ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है. दरअसल, अपने ट्वीट में ट्विटर के नए मालिक मस्क ने कहा कि ब्लू टिक के लिए यूजर्स को 8 डॉलर फीस के रूप में देने होंगे। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि फीस हर देश में अलग-अलग होगी। मस्क ने ट्वीट करके Twitter Blue सब्सक्रिप्शन की प्राइसिंग का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने ये भी बताया है कि ब्लू सब्सक्रिप्शन के तहत लोगों को क्या फायदे मिलेंगे।

  • सुखना लेक में मिली 6 वर्षीय बच्चे की लाश  

    सुखना लेक में मिली 6 वर्षीय बच्चे की लाश  

    चंडीगढ़: सुखना लेक पर करीब 6 साल के बच्चे (मेल चाइल्ड) की लाश मिली है। चंडीगढ़ पुलिस का कहना है कि बच्चे की उम्र 6 से 8 वर्ष प्रतीत हो रही है। बच्चे की लाश लेक में तैरती नजर आने पर उसे गोताखोरों की मदद से बाहर निकाला गया। शव को सेक्टर 16 के गवर्नमेंट मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में रखवा दिया गया है। लेक चौकी इंचार्ज ने बताया कि बच्चे की लाश सुखना लेक पर रेगुलेटरी एंड पर पानी में मिला। यह रास्ता लेक के पीछे जंगली इलाके की तरफ जाता है। चंडीगढ़ पुलिस ने कहा है कि अगर किसी का बच्चा गुमशुदा हो या जानकारी प्राप्त करनी हो तो वह सुखना लेक चौकी पर संपर्क कर सकता है। वहीं, बच्चे का शव मिलने के बाद पुलिस स्थानीय लोगों से भी संपर्क में जुटी हुई है। बता दें कि सुखना लेक के पीछे किशनगढ़ गांव है और वहां बड़ी आबादी है, जिसमें पूर्वांचल के लोग भी रहते हैं। पुलिस मामले को हत्या मान कर भी चल रही है। इतनी छोटी उम्र के बच्चे का अकेले इस तरह लेक पर आना भी संदेहास्पद लग रहा है।

  • राशिफल (बुधवार 2  नवंबर 2022) जानिए कैसा रहेगा आपका दिन

    राशिफल (बुधवार 2 नवंबर 2022) जानिए कैसा रहेगा आपका दिन

    मेष: रचनात्मक कार्य सफल रहेंगे। कार्य की प्रशंसा होगी। प्रसन्नता तथा संतुष्टि रहेगी। यात्रा मनोरंजक हो सकती है। व्यापार-व्यवसाय में नए प्रयोग किए जा सकते हैं। समय की अनुकूलता का लाभ लें। धन प्राप्ति सुगम होगी। नौकरी में अनुकूलता रहेगी। कार्यभार व अधिकार में वृद्धि हो सकती है।

    वृष: विवाद को बढ़ावा न दें। बेवजह कहासुनी हो सकती है। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। थकान व कमजोरी रह सकते हैं। लेन-देन में जल्दबाजी न करें। धनहानि की आशंका है। व्यापार-व्यवसाय में धीमापन रह सकता है। आय में निश्चितता रहेगी। समय शीघ्र सुधरेगा।

    मिथुन: मित्रों का सहयोग करने का अवसर प्राप्त हो सकता है। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। व्यापार-व्यवसाय मनोनुकूल चलेगा। शेयर मार्केट व म्युचुअल फंड से लाभ होगा। यात्रा सफल रहेगी। शत्रु सक्रिय रहेंगे। चिंता तथा तनाव रहेंगे। किसी दूसरे व्यक्ति के काम में हस्तक्षेप न करें। विवाद होगा।

    कर्क: आत्मसम्मान बना रहेगा। उत्साहवर्धक सूचना प्राप्त होगी। भूले-बिसरे साथियों व संबंधियों से मुलाकात होगी। कारोबार में अनुकूलता रहेगी। स्वास्थ्य कमजोर रह सकता है। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। बुद्धि का प्रयोग लाभ में वृद्धि करेगा। प्रसन्नता बनी रहेगी। प्रमाद न करें।

    सिंह: बेरोजगारी दूर करने के प्रयास सफल रहेंगे। नवीन वस्त्राभूषण की प्राप्ति हो सकती है। नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा। यात्रा लाभदायक रहेगी। शेयर मार्केट व म्युचुअल फंड मनोनुकूल लाभ देगा। प्रसन्नता का वातावरण रहेगा। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।

    कन्या: स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। कोई भी महत्वपूर्ण निर्णय लेने में जल्दबाजी न करें। फालतू खर्च होगा। कर्ज लेना पड़ सकता है। आय में कमी होगी। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। व्यापार-व्यवसाय ठीक चलेगा। बेकार बातों पर बिलकुल ध्यान न दें।

    तुला: यात्रा मनोनुकूल रहेगी। नया काम मिलेगा। नए अनुबंध होंगे। डूबी हुई रकम प्राप्त हो सकती है। कारोबार में वृद्धि होगी। नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा। समय की अनुकूलता रहेगी, लाभ लें। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। आय में वृद्धि होगी। जल्दबाजी न करें।

    वृश्चिक: कार्यस्थल पर सुधार व परिवर्तन हो सकता है। योजना फलीभूत होगी। तत्काल लाभ नहीं होगा। निवेश में जल्दबाजी न करें। आय के नए स्रोत प्राप्त हो सकते हैं। रुके कार्यों में गति आएगी। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। प्रमाद न करें।

    धनु: अध्यात्म में रुझान रहेगा। सत्संग का लाभ प्राप्त होगा। राजकीय बाधा दूर होकर स्थिति लाभदायक बनेगी। कारोबार में वृद्धि होगी। आसपास का वातावरण सुखद रहेगा। पार्टनरों तथा भाइयों का सहयोग प्राप्त होगा। विवाद को बढ़ावा न दें। विवेक का प्रयोग करें। प्रमाद न करें।

    मकर: स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा। क्रोध व उत्तेजना पर नियंत्रण रखें। चोट व दुर्घटना से बड़ी हानि की आशंका बनती है, सावधानी आवश्यक है। लेन-देन में जल्दबाजी से बचें। आय बनी रहेगी। जोखिम व जमानत के कार्य टालें। व्यापार-व्यवसाय की गति धीमी रहेगी।

    कुंभ: कोर्ट व कचहरी के कार्य अनुकूल रहेंगे। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। कारोबार लाभदायक रहेगा। नौकरी में प्रभाव बढ़ेगा। जीवनसाथी से सहयोग प्राप्त होगा। घर-बाहर प्रसन्नता का वातावरण रहेगा। लेन-देन में सावधानी रखें। धनहानि भी आशंका है।

    मीन: भूमि-भवन व मकान-दुकान इत्यादि की खरीद-फरोख्त मनोनुकूल लाभ देगी। बेरोजगारी दूर होगी। आय के नए स्रोत प्राप्त हो सकते हैं। भाग्य का साथ मिलेगा। चारों तरफ से सफलता मिलेगी। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी। उत्साह बना रहेगा। चिंता तथा तनाव कम होंगे।