Blog

  • मुख्यमंत्री से मिले प्रदेश गोसेवा आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष धर्मपाल चौहान

    मुख्यमंत्री से मिले प्रदेश गोसेवा आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष धर्मपाल चौहान

    बददी, सचि न बैंसल: हिमाचल प्रदेश गोसेवा आयोग के नवनियुक्त उपाध्यक्ष धर्मपाल चौहान ने शिमला में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश में गोसंवर्धन एवं गोसेवा को नई दिशा देने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

    धर्मपाल चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से उन पर जताया गया विश्वास उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हिमाचल प्रदेश गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष के रूप में वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे तथा प्रदेश में गौवंश के संरक्षण, संवर्धन और गौशालाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

    धर्मपाल चौहान ने मुख्यमंत्री को विश्वास दिलाया कि आयोग सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के अनुरूप कार्य करते हुए प्रदेश की गौशालाओं की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, बेसहारा गौवंश के संरक्षण तथा गोसेवा से जुड़े सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए प्रभावी पहल करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गोसेवा को जनभागीदारी से जोड़ने और युवाओं को भी इस अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा

     

  • Punjab News: पेड़ में उतरे करंट की चपेट में आने से 2 युवकों की मौत

    Punjab News: पेड़ में उतरे करंट की चपेट में आने से 2 युवकों की मौत

    मोगाः जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां, जिले के गांव राऊके के रहने वाले दो युवकों की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा गांव मानूके के पास नहर के किनारे हुआ, जहां दोनों युवक एक पेड़ के नीचे बैठे हुए थे। बताया जा रहा है कि पेड़ के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज बिजली की तारें पेड़ के संपर्क में आ गई थीं, जिससे पूरे पेड़ में करंट फैल गया। इसी दौरान दोनों युवक करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। करंट इतना तेज था कि पेड़ भी बुरी तरह झुलस गया।

    फीडर चलाने गए थे दोनों युवक
    जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 27 वर्षीय अमृतपाल सिंह और 32 वर्षीय सुखप्रीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों गांव राऊके के रहने वाले थे। गांव के प्रधान बूटा सिंह ने बताया कि दोनों युवक नहर के पास लगे बिजली के फीडर को चलाने के लिए गए थे। काम पूरा करने के बाद गर्मी से राहत पाने के लिए वे पास में मौजूद पेड़ के नीचे बैठ गए। इसी दौरान पेड़ में करंट उतर आया और दोनों उसकी चपेट में आ गए।

    हाल ही में हुई थी अमृतपाल सिंह की शादी
    इस हादसे ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। बताया जा रहा है कि अमृतपाल सिंह की शादी कुछ समय पहले ही हुई थी। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, सुखप्रीत सिंह के परिवार का भी रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है और लोग इस हादसे से बेहद दुखी हैं।

    पुलिस ने शुरू की जांच
    घटना की सूचना मिलते ही थाना निहाल सिंह वाला के प्रभारी इंस्पेक्टर जतिंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मोगा भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज करने और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें परिवार के हवाले कर दिया जाएगा। मामले की आगे की जांच सहायक थानेदार वरिंद्र कुमार कर रहे हैं।

    परिजनों के लिए मुआवजे की मांग
    इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव के लोगों ने पंजाब सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि दोनों मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों युवक काम के सिलसिले में वहां गए थे और हादसे का शिकार हो गए। ऐसे में सरकार को पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करनी चाहिए, ताकि उनके परिवारों को आर्थिक सहारा मिल सके।

     

     

  • विद्यार्थियों की मेहनत और प्रतिभा ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव: कृष्ण लाल पंवार

    विद्यार्थियों की मेहनत और प्रतिभा ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव: कृष्ण लाल पंवार

    चंडीगढ़— हरियाणा के पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि शिक्षा ही वह सबसे सशक्त माध्यम है, जो किसी भी राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखती है। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान केवल उनकी उपलब्धियों का अभिनंदन नहीं, बल्कि पूरे समाज में उत्कृष्टता और कड़ी मेहनत की संस्कृति को प्रोत्साहित करने का माध्यम भी है।

    कृष्ण लाल पंवार शुक्रवार को पानीपत स्थित सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2025-26 की कक्षा 10वीं एवं 12वीं के मेधावी एवं टॉपर विद्यार्थियों के सम्मान में आयोजित भव्य एवं गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विद्यालय के नवीन पुस्तकालय का विधिवत उद्घाटन किया तथा पुस्तकालय का अवलोकन करते हुए विद्यालय की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा भी की।  उन्होंने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2025-26 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी एवं टॉपर विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति-चिह्न एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

    मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने विद्यार्थियों को उनकी सफलता पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण का सशक्त आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से उच्च लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने तथा अपने ज्ञान एवं प्रतिभा का उपयोग समाज और राष्ट्र के विकास में करने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यालय द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं संस्कारयुक्त वातावरण प्रदान करने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्कूल प्रबंधक फादर कार्तिक एबल के आशीर्वाद से यह संस्थान निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और स्कूल प्रधानाचार्या सिस्टर दीपा सेबास्टियन के मार्गदर्शन में विद्यालय शिक्षा और संस्कारों का केंद्र बन गया है। मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने विद्यालय की लाइब्रेरी में बच्चों की पुस्तकों हेतु 5 लाख रुपये अनुदान की घोषणा की और कहा कि विद्यालय के ऑडिटोरियम को पूर्ण रूप से वातानुकूलित भी कराया जाएगा।

  • जन-जन तक पहुंचीं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं, विशेष जागरूकता अभियान का पहला चरण सफलतापूर्वक सम्पन्न

    जन-जन तक पहुंचीं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं, विशेष जागरूकता अभियान का पहला चरण सफलतापूर्वक सम्पन्न

    बल्ह और मोमन्यार पंचायतों के ग्रामीण किए जागरूक ऊना, सुशील पंडित: प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याणार्थ चलाए जा रहे विशेष जन जागरूकता एवं प्रचार प्रसार अभियान का पहला चरण सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। अभियान के प्रथम चरण के अंतिम दिन आज शुक्रवार को विकास खंड बंगाणा की बल्ह पंचायत के सकोहन और मोमन्यार पंचायत के मोउखास गांवों के ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस दौरान आरके कलामंच चिंतपूर्णी के कलाकारों ने स्थानीय ग्रामीणों को गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सरकारी नीतियों, कार्यक्रमों और जन कल्याणकारी योजनाओं बारे जागरूक किया। साथ ही उन्होंने लोगों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों से भी अवगत करवाया। सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग से संबद्ध नाटयों दल के कलाकारों ने जागरूकता कार्यक्रमों बताया कि अनुसूचित जाति के व्यक्तियों पर जाति भेदभाव के कारण अत्याचार होने पर अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 की धारा 3 के अंतर्गत पुलिस में दर्ज मामले के तहत कम से 25 हजार रुपये और अधिकतम 8,25,000 रुपये पुनर्वास राहत राशि का प्रावधान है। हत्या के मामले में मृतक की विधवा को 5 हजार रुपये बेसिक पर वर्तमान मंहगाई भत्ता प्रतिशतता की गणना करके प्रतिमाह राशि पैंशन के रूप् में भी दी जाती है। मृतक के बच्चों की स्नातक तक की शिक्षा एवं रख-रखाव का पूरा खर्चे की व्यवस्था एवं तीन महीने तक परिवार के भरण-पोषण के लिए राशन की व्यवस्था सरकार द्वारा की जाती है। इस घटना के तुरंत बाद प्रभावित व्यक्ति को अपने नजदीक के पुलिस थाना में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करवानी होगी तथा न्यायालय में चालान प्रस्तुत होने के उपरांत धारा के अनुसार राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांग, विधवाओं, एकल व परित्यक्ताओं और अल्पसंख्यकों के 18 से 35 वर्ष के पात्र उम्मीदवारों जिनकी आय 2 लाख रुपये से अधिक के युवाओं को पीजीडीसीए और डीसीए का एक वर्ष का निःशुल्क कम्प्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। इसके अलावा उन्होंने ग्रामीणों को मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, स्वर्ण जयंती आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख सुरक्षा योजना के साथ-साथ अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। साथ ही, उन्होंने नशा निवारण पर बल देते हुए नशे को समाज की गंभीर बुराई बताया और लोगों से नशे से दूर रहने व समाज को इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। दूसरे चरण के जागरूकता कार्यक्रमों का शेडयूल वहीं, अनुसूचिज जाति के कल्याणार्थ चलाए जा रहे जन जागरूकता अभियान का दूसरा चरण 14 से 18 जुलाई तक संचालित होगा। दूसरे चरण में पूर्वी कलामंच जलग्रां टब्बा द्वारा 14 जुलाई को हरोली के जोड़ियां और जननी, 15 को हरोली के जंगल पंजावर और भदसाली थोलियां, 16 को ऊना के बटूही और लमलेहड़ी अप्परली, 17 को ऊना के जखेड़ा और बहडाला लोअर तथा 18 जुलाई को परोइयां कलां और पनसाई में गीत संगीत व नुकड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को मनोरंजन के साथ जनहित में संचालित योजनाओं बारे जानकारी दी जाएगी। इस मौके पर बल्ह पंचायत प्रधान गोरख राम, मोमन्यार पंचायत के प्रधान रमेश चंद, उप प्रधान बल्ह विजय कुमार, उप प्रधान मोमन्यार सुरेश कुमार, पंचायत सचिव मनोज कुमार और राकेश सहित संबंधित पंचायतों के वार्ड सदस्य व स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
       
  • 40 वर्ष पुरानी पानी की समस्या के स्थायी समाधान पर कारसिंधु के ग्रामीणों ने सिंचाई मंत्री का जताया आभार

    40 वर्ष पुरानी पानी की समस्या के स्थायी समाधान पर कारसिंधु के ग्रामीणों ने सिंचाई मंत्री का जताया आभार

    चंडीगढ़— हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी के चंडीगढ़ आवास पर आज जींद जिले के उचाना विधानसभा क्षेत्र के गांव कारसिंधु के ग्रामीणों ने मुलाकात कर गांव की 40 वर्ष पुरानी पानी की समस्या का स्थायी समाधान कराने पर उनका आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि गांव कारसिंधु लंबे समय से सिंचाई जल वितरण से जुड़ी समस्या का सामना कर रहा था, जिससे किसानों और ग्रामीणों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने बताया कि मंत्री श्रुति चौधरी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा स्वयं इसकी नियमित समीक्षा की, जिसके परिणामस्वरूप वर्षों से लंबित इस समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सका।

    इस संबंध में गांव कारसिंधु एवं अलीपुरा (तहसील उचाना, जिला जींद) के बरौला माइनर की आरडी 33850/आर (RD 33850/R) के आउटलेट से तरखा माइनर की आरडी 17150/टीएफ (RD 17150/TF) के आउटलेट में 179/179 एकड़ क्षेत्र के चाक (कमांड एरिया) को स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया। इस तकनीकी एवं प्रशासनिक व्यवस्था से गांव के करीब 400 परिवारों की पानी की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित हुआ है।

    मंत्री से मुलाकात के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि चार दशक से लंबित इस समस्या का समाधान उनके लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि मंत्री श्रुति चौधरी ने उनकी वर्षों पुरानी मांग को गंभीरता से लेते हुए उसका स्थायी समाधान कराया है। ग्रामीणों ने उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके संवेदनशील दृष्टिकोण, त्वरित निर्णय और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के कारण आज गांव के सैकड़ों परिवारों को स्थायी राहत मिली है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मंत्री के नेतृत्व में सिंचाई विभाग किसानों एवं ग्रामीणों के हित में इसी प्रकार कार्य करता रहेगा।

    इस अवसर पर सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और ग्रामीणों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य में जल संसाधनों के वैज्ञानिक एवं प्रभावी प्रबंधन के साथ-साथ सिंचाई तंत्र को सुदृढ़ बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक खेत तक समय पर पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध कराना तथा प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र की लंबित समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

     

  • Punjab News: नेशनल हाईवे पर दुकान के बाहर खड़े 2 ट्रकों में लगी अचानक भीषण आग, मची अफरा-तफरी, देखें वीडियो 

    Punjab News: नेशनल हाईवे पर दुकान के बाहर खड़े 2 ट्रकों में लगी अचानक भीषण आग, मची अफरा-तफरी, देखें वीडियो 

    पठानकोटः पठानकोट-जम्मू नेशनल हाईवे पर उस समय हड़कंप मच गया, जब वेल्डिंग की दुकान के बाहर खड़े दो ट्रकों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार, वेल्डिंग की दुकान के बाहर खड़े ट्रकों में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आग लगने की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गई। वहीं स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि पहली फायर ब्रिगेड आग बुझाने में नाकाम रही।

    हालात को देखते हुए स्थानीय लोगों ने खुद मोर्चा संभाला और फायर ब्रिगेड की गाड़ी से बाल्टियों के जरिए पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद दूसरी फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी तरह का कोई भी जानी नुकसान नहीं हुआ है फिलहाल एयरप्रेशर फटने के कारण ये आग लगी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड की व्यवस्था को और बेहतर किया जाए, ताकि समय रहते बड़े हादसे को टाला जा सके। इस बारे में बात करते हुए स्थानीय लोगों ने कहा कि धमाके की आवाज आने के बाद गाड़ी को आग लग गई।

    इसके बाद स्थानीय लोगों ने बुझाने की कोशिश की और फायर ब्रिगेड को सूचित किया, लेकिन जो गाड़ी फायर ब्रिगेड की पहले पहुंची वह किन्ही कारणों से खराब हो गई। जिसके कारण दूसरी फायर ब्रिगेड मंगवानी पड़ी, लेकिन जब तक और फायर ब्रिगेड आती तब तक आग ने दोनों ट्रकों को अपनी चपेट में ले लिया था। फिलहाल किसी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ लेकिन ट्रकों का काफी नुकसान हुआ है। वही फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने भी माना की फायर ब्रिगेड गाड़ी में कोई तकनीकी खराबी हो गई थी। जिस कारण वह समय पर काम ना कर पाए लेकिन बाल्टियों के साथ आग बुझाने की कोशिश जरूर की और तब तक दूसरी गाड़ियां पहुंच चुकी थी। पुलिस अधिकारी ने कहा कि एयरप्रेशर टैंकी फटने के कारण ये आग लगी है फिलहाल किसी तरह का कोई जानी नुकसान नही हुआ है।

     

     

     

  • पॉलीक्लीनिक पशु चिकित्सालय ललड़ी में 66 नुकीली धातु की तारें निकालकर गर्भवती भैंस को दिया नयाजीवन

    पॉलीक्लीनिक पशु चिकित्सालय ललड़ी में 66 नुकीली धातु की तारें निकालकर गर्भवती भैंस को दिया नयाजीवन

    ऊना, सुशील पंडित: जिला ऊना के पशु चिकित्सालय पॉलीक्लिनिक ललड़ी में पशु चिकित्सकों की टीम ने एक जटिल एवं सफल शल्य चिकित्सा कर नौ माह की गर्भवती भैंस को नया जीवन प्रदान किया। ऑपरेशन के दौरान भैंस के पेट से 66 नुकीली धातु की वस्तुएं, जिनमें कीलें, तार तथा धातु के छोटे-छोटे टुकड़े शामिल थे, सुरक्षित रूप से निकाले गए। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. निशांत राणौत ने बताया कि हरोली उपमंडल के बारेवाल गांव के पशुपालक करनैल सिंह अपनी नौ माह की गर्भवती भैंस को पिछले लगभग दस दिनों से चारा न खाने, सुस्त रहने तथा लगातार अस्वस्थ दिखाई देने की शिकायत के साथ पशु चिकित्सालय पॉलीक्लिनिक ललड़ी लेकर आए थे। पशु की विस्तृत चिकित्सीय जांच, रक्त परीक्षण तथा अल्ट्रासाउंड के दौरान उसके पेट में बड़ी संख्या में धातु की विदेशी वस्तुएं (फॉरेन बॉडी) होने की पुष्टि हुई।

    उन्होंने बताया कि भैंस की गंभीर स्थिति को देखते हुए पशु मालिक को तुरंत ऑपरेशन कराने की सलाह दी गई। इसके उपरांत डॉ. निशांत राणौत, डॉ. नवनीत शर्मा, डॉ. शिल्पा राणौत तथा डॉ. स्टेफनी प्रधान की टीम ने सफल शल्य चिकित्सा कर भैंस के पेट से कुल 66 नुकीली धातु की वस्तुएं बाहर निकालीं। यदि समय रहते यह ऑपरेशन नहीं किया जाता तो ये धातु की वस्तुएं भैंस के पेट एवं अन्य अंदरूनी अंगों को गंभीर क्षति पहुंचाकर उसकी जान के लिए खतरा बन सकती थीं।

    डॉ. राणौत ने बताया कि ऑपरेशन के बाद भैंस की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। उसे दर्द से काफी राहत मिली है तथा अगले सात से दस दिनों तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में रखकर आवश्यक उपचार दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सफल शल्य चिकित्सा में फार्मासिस्ट सौरव कुमार, सुनंदा, दीपक, करमवीर तथा विकास ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

    पशुपालकों से सावधानी बरतने की अपील
    डॉ. निशांत राणौत ने पशुपालकों से आग्रह किया कि पशुओं को चारा खिलाने से पहले विशेष रूप से गेहूं के भूसे एवं अन्य सूखे चारे को अच्छी तरह छान लें, ताकि उसमें मौजूद कील, तार अथवा अन्य धातु के टुकड़े पशुओं के पेट में न पहुंच सकें। थोड़ी-सी सावधानी पशुओं को गंभीर बीमारी और बड़े ऑपरेशन से बचा सकती है।

    आधुनिक सुविधाओं से लैस है पॉलीक्लीनिक ललड़ी 
    डॉ रनौत ने बताया कि पशु चिकित्सालय पॉलीक्लिनिक ललड़ी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है । यहाँ जटिल शल्य चिकित्साएं नियमित रूप से की जा रही हैं। अस्पताल में अब तक एक हजार से अधिक सफल सर्जरी की जा चुकी हैं। यहां अनुभवी पशु चिकित्सकों की टीम आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ विभिन्न प्रकार की सर्जरी, ऑर्थोपेडिक उपचार, फ्रैक्चर प्रबंधन तथा एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) कार्यक्रम जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध करा रही है। इन सेवाओं के माध्यम से क्षेत्र के पशुपालकों को समय पर गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ पशु चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।

     

  • SBI ATM का गेट खोलते वक्त सफाई कर्मी को लगा करंट, मौत, देखें वीडियो

    SBI ATM का गेट खोलते वक्त सफाई कर्मी को लगा करंट, मौत, देखें वीडियो

    हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई के सांडी मार्ग पर बावन चुंगी के निकट एसबीआई बैंक के पास लगे एटीएम का गेट खोलते ही सफाई कर्मचारी करंट की चपेट में आ गया। घटना में गंभीर हालत में सफाई कर्मी को उपचार के लिए हरदोई के मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मनोज कुमार के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली शहर क्षेत्र के रुकमनापुर निवासी मनोज कुमार मल्लावां विकासखंड क्षेत्र के सुमेरपुर गांव में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात थे।

    दोपहर वह अपने साथी मनोज के साथ हरदोई सांडी रोड स्थित बावन चुंगी के पास स्थित एसबीआई के एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे थे। जैसे ही मनोज कुमार ने एटीएम का गेट खोला, उसमें उतरे करंट की चपेट में आकर वह गिर पड़े। साथी मनोज जोर से चिल्लाया तो आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद उन्हें हरदोई के मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    हादसे के बाद बैंक प्रबंधन ने एटीएम गेट पर एक चेतावनी चस्पा कर अपना पल्ला झाड़ लिया। बैंक प्रबंधक ने मीडियाकर्मियों से बात करना भी मुनासिब नहीं समझा। हालांकि, काफी देर तक मीडियाकर्मी उनका पक्ष लेने के लिए खड़े रहे। मनोज हाथ से दिव्यांग थे और 4 भाइयों में सबसे बड़े थे। पिता की मौत के बाद अपनी बूढ़ी मां फूलकुमारी सहित पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। घटना से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से मिलने वाली तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

     

  • शाहजादपुर के राजकीय महिला महाविद्यालय का नाम अब होगा ‘महारानी पद्मावती राजकीय महिला महाविद्यालय’- शिक्षा मंत्री

    शाहजादपुर के राजकीय महिला महाविद्यालय का नाम अब होगा ‘महारानी पद्मावती राजकीय महिला महाविद्यालय’- शिक्षा मंत्री

    चंडीगढ़- हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बताया कि राज्य सरकार ने महिला शिक्षा को बढ़ावा देने और हमारे समृद्ध सांस्कृतिक इतिहास को सहेजने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत शाहजादपुर स्थित सरकारी महिला महाविद्यालय का नाम बदलकर अब ‘महारानी पद्मावती सरकारी महिला महाविद्यालय, शाहजादपुर’ करने के प्रस्ताव को औपचारिक मंजूरी दे दी गई है।

    शिक्षा मंत्री ने कहा कि महारानी पद्मावती का जीवन त्याग, साहस और अद्वितीय आत्मसम्मान का प्रतीक है। महाविद्यालय का नाम उनके नाम पर रखे जाने से न केवल क्षेत्र की छात्राओं को प्रेरणा मिलेगी, बल्कि वे राष्ट्र और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक संजीदगी से समझ सकेंगी। हमारी आने वाली पीढ़ियों को अपने गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के बलिदानों से परिचित कराना अत्यंत आवश्यक है।

    महीपाल ढांडा ने कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेश में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ नैतिक मूल्यों पर आधारित शिक्षा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। शाहजादपुर के इस महिला कॉलेज का नया नामकरण बेटियों में स्वाभिमान और उच्च आदर्शों की भावना का संचार करेगा। उन्होंने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया।

     

  • जिला ऊना के निजी विद्यालयों को स्कूल समय निर्धारण में छूट, आदेश जारी 

    जिला ऊना के निजी विद्यालयों को स्कूल समय निर्धारण में छूट, आदेश जारी 

    ऊना, सुशील पंडितः जिला ऊना के निजी विद्यालयों के लिए पूर्व में निर्धारित विद्यालय समय-सारिणी में आंशिक संशोधन किया गया है। इस संबंध में जिला दंडाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, ऊना जतिन लाल द्वारा आदेश जारी किए गए हैं।
    जिला दंडाधिकारी ने विद्यार्थियों के हित, सुविधा एवं उनके समग्र कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले के सभी निजी विद्यालयों को विद्यालय संचालन समय निर्धारित करने में आवश्यक छूट प्रदान की है।
    जारी आदेशों के अनुसार कुछ निजी विद्यालयों द्वारा जिला प्रशासन को दिए गए आवेदनों एवं अनुरोधों में दोपहर के लंबे समय तक विद्यालय संचालन को छोटे विद्यार्थियों के लिए असुविधाजनक बताया था। इन अनुरोधों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करने के उपरांत उपायुक्त ने निजी विद्यालयों को यह अनुमति प्रदान की है कि वे अपने प्रबंधन स्तर पर स्थानीय परिस्थितियों तथा विद्यार्थियों के सर्वोत्तम हितों को ध्यान में रखते हुए विद्यालय का समय निर्धारित कर सकेंगे।
    आदेशों के मुताबिक निजी विद्यालयों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि विद्यालय संचालन के दौरान सरकार द्वारा निर्धारित सभी नियमों एवं विनियमों का पूर्ण रूप से पालन किया जाए। साथ ही, विद्यार्थियों के लिए निर्धारित शिक्षण अवधि, शैक्षणिक दिवसों एवं अनिवार्य शिक्षण घंटों में किसी प्रकार की कमी न आने पाए।
    यह निर्णय विद्यार्थियों की सुविधा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा विद्यालयों के सुचारु संचालन के बीच संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है, ताकि बच्चों को अनुकूल एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।