Home Haryana Surajkund Accident: झूला लगाने वाली कंपनी पर एक्शन, मालिक समेत 2 गिरफ्तार

Surajkund Accident: झूला लगाने वाली कंपनी पर एक्शन, मालिक समेत 2 गिरफ्तार

0
Surajkund Accident: झूला लगाने वाली कंपनी पर एक्शन, मालिक समेत 2 गिरफ्तार

डीजीपी ने बनाई जांच के लिए एसआईटी

Surajkund Accident: हरियाणा के फरीदाबाद में 7 फरवरी को सूरजकुंड मेला परिसर में हुए झूला हादसे को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में झूला लगाने वाली कंपनी हिमाचल फन केयर के प्रोपराइटर मोहम्मद शाकिर के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में थाना सूरजकुंड में FIR रजिस्टर की गई है। पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस हादसे में घायलों को बचाने की कोशिश करते हुए हरियाणा पुलिस के इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की जान चली गई थी, जिससे पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए SIT का गठन
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि घटना की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए DGP अजय सिंघल के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है।

यह SIT पुलिस कमिश्नर अपराध के नेतृत्व में बनाई गई है, जिसमें सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध-2), प्रभारी क्राइम ब्रांच NIT, थाना सूरजकुंड के उप निरीक्षक संजय शामिल हैं। टीम वैज्ञानिक और तकनीकी तरीकों से मामले की गहराई से जांच कर रही है।

झूला लगाने वाली कंपनी का मालिक गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए झूला लगाने वाली कंपनी हिमाचल फन केयर के प्रोपराइटर मोहम्मद शाकिर को गिरफ्तार कर लिया है। वह हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के टोका नंगला गांव का रहने वाला है। इसके अलावा, पुलिस ने एक अन्य आरोपी नितेश को भी गिरफ्तार किया है, जो मेरठ कैंट (उत्तर प्रदेश) के धर्मपुरी इलाके का निवासी है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद के निधन पर DGP ने जताया शोक
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद के निधन पर गहरा दुख जताया है। DGP ने कहा कि इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद ने ड्यूटी के दौरान घायलों को बचाने के लिए बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया, जो पूरे पुलिस विभाग के लिए गर्व की बात है। उन्होंने यह भी बताया कि विभाग की ओर से उनके परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी और अनुकंपा नीति के तहत परिवार के पात्र सदस्य को नौकरी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

घायलों का हाल जानने पहुंचे DGP
DGP अजय सिंघल ने फरीदाबाद के सिविल अस्पताल और सुप्रीम अस्पताल जाकर हादसे में घायल लोगों का हालचाल भी जाना। उन्होंने डॉक्टरों को घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here