Blog

  • Punjab News: AAP के सरपंच पर गोलियां चलाकर हमलावर फरार, घायल

    Punjab News: AAP के सरपंच पर गोलियां चलाकर हमलावर फरार, घायल

    बटालाः गुरदासपुर के बटाला में गोलियां चलने की घटना सामने आई है, जहां गांव कादियां राजपूतां के मौजूदा सरपंच और आप पार्टी के यूथ विंग के जिला प्रधान गुरविंदर सिंह पर गोलियां चलाकर हमलावर फरार हो गए। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों के अनुसार, गुरविंदर सिंह अपने गांव के मौजूदा सरपंच हैं और राजनीतिक रूप से आम आदमी पार्टी के यूथ विंग में जिला स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाते हैं। हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग काफी डरे हुए नजर आए।

    घटना के तुरंत बाद लोगों की मदद से गुरविंदर सिंह को बटाला के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अमृतसर के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई। डीएसपी फतेहगढ़ चूड़ियां ललित कुमार ने बताया कि पुलिस को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि घायल सरपंच को बेहतर इलाज के लिए अमृतसर रेफर किया गया है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

    पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जुटाए जा रहे हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें इस हमले की जिम्मेदारी एक गैंगस्टर द्वारा लेने का दावा किया जा रहा है। हालांकि पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस वायरल पोस्ट की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।

  • आर्मी कैंप में फटा हैंड ग्रेनेड, सेना के 2 जवान शहीद

    आर्मी कैंप में फटा हैंड ग्रेनेड, सेना के 2 जवान शहीद

    बारामूलाः जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां एलओसी से सटे उरी सेक्टर में एक आर्मी कैंप में हैंड ग्रेनेड फटने से सेना के दो जवानों की मौत हो गई हैं। अधिकारियों ने इस घटना की पुष्टि की है। अधिकारियों ने बताया है कि यह भयावह हादसा उरी सेक्टर के कमलकोट इलाके में स्थित सेना के एक कैंप में हुआ। कैंप में जवानों के बीच रोजाना की तरह हथियारों और सैन्य उपकरणों की शिफ्ट चेंज के दौरान सौंपने की प्रक्रिया चल रही थी।

    इसी दौरान एक हैंड ग्रेनेड अचानक फट गया। अचानक हुए जोरदार धमाके की चपेट में आने से ड्यूटी पर तैनात दो जवान गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायल जवानों को तुरंत सेना के 92 बेस हॉस्पिटल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल लाते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सेना ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। इस बीच, श्रीनगर स्थित डिफेंस पीआरओ ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा है कि वे संबंधित अधिकारियों से घटना की पूरी रिपोर्ट मिलने के बाद ही इस पर कोई आधिकारिक और विस्तृत टिप्पणी करेंगे।

     

  • पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर किए हवाई हमले, 13 की मौत, कई घायल, देखें वीडियो

    पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर किए हवाई हमले, 13 की मौत, कई घायल, देखें वीडियो

    पाकिस्तानः पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के बीच कई महीनों से घातक संघर्ष जारी है, जिसमें सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं। वहीं आज भी पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर हवाई हमला किया है। जिसमें 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें कई लोग घायल होने की पुष्टि है।
    तालिबान के मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद ने इन हवाई हमलों की जानकारी देते बताया कि हमले अफगानिस्तान के खोस्त, कुनार और पक्तिका प्रांतों को निशाना बनाकर किए गए। इन हमलों में 11 बच्चों, एक महिला और एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। दूसरी ओर पाकिस्तान ने इस हमले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। पाकिस्तान का आरोप है कि अफगानिस्तान ऐसे चरमपंथियों को शरण देता है, जो पाकिस्तान के भीतर घातक हमले करते हैं। इनमें विशेष रूप से पाकिस्तान तालिबान शामिल है, जिसे तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) कहा जाता है। हालांकि, काबुल पाकिस्तान के इन आरोपों को खारिज करता रहा है।
  • बाजार खुलते ही शेयरों में आई तेजी

    बाजार खुलते ही शेयरों में आई तेजी

    नई दिल्लीः भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को शुरुआती कारोबार में तेजी देखने को मिली। आज दोनों प्रमुख सूचकांक बीएससी सेंसेक्स और एनएससी निफ्टी दोनों हरे निशान पर खुले। सेंसेक्स 303.73 अंक चढ़कर 74,222.49 पर पहुंचा; निफ्टी 85.40 अंक बढ़कर 23,327.50 पर पहुंचा। खास बात है कि सबसे ज्यादा तेजी FMCG इंडेक्स में देखने को मिल रही है। निफ्टी एफएमसीजी सूचकांक, 1.35 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है।

    कोलगेट का शेयर 2.63 प्रतिशत की तेजी के साथ इस इंडेक्स का टॉप गेनर शेयर बन गया है। मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि पश्चिम एशिया में ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच सीजफायर को लेकर चल रही बातचीत और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के कारण भारतीय बाजार में जल्द ही स्थिरता रहने की उम्मीद है। उधर, ग्लोबल मार्केट में डाऊ फ्यूचर्स, नेक्कई और हेंगसेंग में कमजोरी देखने को मिल रही है।

    वहीं, घरेलू मोर्चे पर महंगाई, कच्चे तेल व अन्य कमोडिटी की कीमतों में उतार-चढ़ाव और कमजोर मॉनसून से जुड़ी चिंताओं को लेकर निवेशकों को सतर्क रुख अपना सकते हैं। निफ्टी50 के टॉप गेनर शेयरों में हिंदुस्तान यूनीलिवर, नेस्ले इंडिया, रिलायंस, टाटा कंज्यूमर और एशियन पेंट्स हैं,जबकि टॉप लूजर में हिंडाल्को, अदाणी एंटरप्राइजेज, एसबीआई लाइफ, कोल इंडिया और टाटा मोटर्स पैंसेजर व्हीकल्स के शेयर शामिल हैं। वहीं, F&O सेगमेंट में कोलगेट, डाबर इंडिया, विशाल मेगा मार्ट, गोदरेज कंज्यूमर, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स समेत कई एफएमसीजी शेयर भारी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं।

  • Punjab News: ऐतिहासिक गुरुधामों के दर्शन करने 541 सिख श्रद्धालुओं का जत्था हुआ रवाना, देखें वीडियो

    Punjab News: ऐतिहासिक गुरुधामों के दर्शन करने 541 सिख श्रद्धालुओं का जत्था हुआ रवाना, देखें वीडियो

    अमृतसरः शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने आज ‘खालसा’ के जयकारों के बीच अपने दफ़्तर से पाकिस्तान में ऐतिहासिक ऐतिहासिक गुरुधामों के दर्शन के लिए जाने वाले सिख तीर्थयात्रियों के एक जत्थे को रवाना किया। इस मौके पर एसजीपीसी ने जत्थे में शामिल तीर्थयात्रियों को ‘सिरौपा’ भेंट कर सम्मानित किया। अटारी-वाघा सीमा पर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। “बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने अपनी यात्रा की शुरुआत की।जानकारी के मुताबिक, कुल 561 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट वीजा के लिए भेजे गए थे, जिनमें से 541 श्रद्धालुओं को पाकिस्तान हाई कमीशन द्वारा वीजा जारी किया गया। वहीं 20 श्रद्धालुओं की वीजा अर्जी स्वीकृत नहीं हो सकी।

    धर्म प्रचार कमेटी के सचिव गुरिंदर सिंह मथरेवाल ने बताया कि पाकिस्तान में 18 जून को श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस से संबंधित मुख्य धार्मिक समागम आयोजित किए जाएंगे। जत्था विभिन्न ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करने के बाद इन समागमों में शामिल होगा और 19 जून को भारत वापस लौटेगा। इस जत्थे की अगुवाई एसजीपीसी सदस्य भूपिंदर सिंह भलवान कर रहे हैं, जबकि गुरमीत सिंह बाहू को उप-आगू नियुक्त किया गया है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु गुरुद्वारा जन्म स्थान ननकाना साहिब, गुरुद्वारा पंजा साहिब, गुरुद्वारा करतारपुर साहिब सहित कई ऐतिहासिक गुरुधामों में माथा टेकेंगे और धार्मिक समागमों में हिस्सा लेंगे।

    श्रद्धालुओं ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इन पवित्र स्थलों के दर्शन करना उनके जीवन का एक बड़ा सपना था, जो अब पूरा होने जा रहा है। मोगा के श्रद्धालु मेजर सिंह ने बताया कि वह पहली बार इस यात्रा पर जा रहे हैं और उनका पूरा परिवार इसे लेकर बेहद उत्साहित है। वहीं, प्रसिद्ध लेखक और समाजसेवी लखविंदर सिंह लखा सलेमपुरी ने कहा कि वर्षों से जिन गुरुधामों के दर्शन की अरदास करते आ रहे थे, आज वह अवसर प्राप्त हुआ है।

  • भरभराकर गिरा मकान का छज्जा, महिला की मौत, देखें वीडियो

    भरभराकर गिरा मकान का छज्जा, महिला की मौत, देखें वीडियो

    बल्लभगढ़ः फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित सुभाष कॉलोनी के हरि विहार इलाके में बुधवार सुबह भीषण हादसा हो गया। जहां, मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिरने से 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब महिला सुबह शौच के लिए छज्जे पर बने बाथरूम में गई थी और शौच कर वापस आते समय हादसे का शिकार हो गई।

    तस्वीरें फरीदाबाद के आदर्श नगर हरि विहार इलाके की है, जहां एक मकान का छज्जा जिसके ऊपर शौचालय बना हुआ था जो काफी पुराना और जर्जर हालत में था सुबह 6 बजे महिला जयवती उम्र 55 वर्ष शौच के लिए गई और जब वह शौच के बाद वापस आ रही थी की तभी छज्जा भरभरा कर गिर गया जिसके मलवे में दबने के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बता दें कि हादसे की तेज आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

    घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतका के बेटे और पड़ोसियों ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों के चलते वह और उसकी दोनों बहनें अपनी मां के घर आई हुई थीं। परिवार पहले ही पिता को खो चुका है और अब घर में केवल एक भाई ही बचा है। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरा सदमा पहुंचाया है। वहीं सूचना मिलने पर आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया गया है।

  • महिला आयोग की चेयपर्सन ने दिया इस्तीफा, CM को सौंपा पत्र

    महिला आयोग की चेयपर्सन ने दिया इस्तीफा, CM को सौंपा पत्र

    चंडीगढ़: हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। रेनू भाटिया ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को अपना इस्तीफा भेज दिया है। हालांकि उन्होंने इस्तीफा देने की वजह नहीं लिखी है। कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) सिविल अस्पताल में नाबालिग से दुष्कर्म प्रकरण की जांच के दौरान नर्सिंग स्टाफ पर की गई कथित विवादित टिप्पणियों को लेकर बढ़े विवाद में नर्सें लगातार रेनू भाटिया के इस्तीफे की मांग कर रहीं थीं। वहीं इस मुद्दे पर प्रदेशभर के सरकारी अस्पतालों में नर्सिंग कर्मचारियों ने सांकेतिक हड़ताल कर विरोध जताया।

    पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब हाल ही में कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी सिविल अस्पताल में एक 15 वर्षीय किशोरी के साथ कथित यौन उत्पीड़न के मामले की जांच के लिए रेनू भाटिया अस्पताल पहुंचीं। इस मामले में अस्पताल में कार्यरत 62 वर्षीय कंसल्टेंट डाक्टर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पॉक्सो सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान रेनू भाटिया ने अस्पताल प्रशासन और ड्यूटी पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ की भूमिका पर सवाल उठाए। उन्होंने कथित तौर पर पूछा कि यदि यह उनकी अपनी बेटियां होतीं तो क्या उन्हें इस तरह अकेला छोड़ा जाता।

    नर्सिंग कर्मचारियों का आरोप है कि इस दौरान उनके प्रति अपमानजनक और असम्मानजनक भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे पूरे नर्सिंग समुदाय की गरिमा आहत हुई। इसी के विरोध में पहले कुरुक्षेत्र के अस्पताल में दो घंटे का पेन-डाउन आंदोलन किया गया और बाद में हरियाणा नर्सिंग फेडरेशन के आह्वान पर प्रदेश के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में भी सांकेतिक हड़ताल हुई। नर्सिंग संगठनों ने रेनू भाटिया से सार्वजनिक माफी की मांग की और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष उठाई। विवाद के राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर तक पहुंचने के बाद रेनू भाटिया द्वारा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को इस्तीफा सौंपे जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि इस्तीफे पर अंतिम निर्णय और सरकार की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

  • आज का राशिफल, 10 जून 2026

    आज का राशिफल, 10 जून 2026

    आज 10 जून के दिन बुधवार है। आज बुधवार के दिन गणेश जी की पूजा करने का विधान है। आज 10 जून के दिन बुधवार को धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, बुधवार को गणपति बप्पा की पूजा करने से जीवन में समृद्धि बनी रहती है। ज्योतिषीय के अनुसार, 10 जून का दिन कुछ राशि वालों के लिए बेहद शुभ रहने वाला है, तो कुछ राशि वालों के लिए मुश्किल भरा रह सकता है।

    मेष राशि: आज आप किसी से कोई वादा बहुत ही समझदारी दिखाते हुए करें. कार्यक्षेत्र में आपको कोई पुरस्कार मिलता दिख रहा है. आपकी संतान आपकी उम्मीदों पर खरी उतरेगी. आपको इनकम के बढ़ने के सोर्सो पर पूरा ध्यान देंगे. जीवनसाथी की सेहत के प्रति आप थोड़ा सचेत रहें. आप कही घूमने-फिरने की योजना बना रहे हैं, तो वहां आप अपने कीमती सामानों की सुरक्षा अवश्य करें. आप अपनी शौक-मौज की चीजों की खरीदारी कर सकते हैं.

    वृषभ राशि: आज का दिन आपके लिए खुशियों से सराबोर रहने वाला है. आपको किसी दूसरी नौकरी का ऑफर आ सकता है. कार्यक्षेत्र में आपको किसी से कोई जरूरी जानकारी शेयर करने से बचना होगा. आपका किसी बात को लेकर यदि मन परेशान चल रहा था, तो आप अपने पिताजी से बातचीत कर सकते हैं. आपको किसी काम को लेकर जल्दबाजी नहीं दिखानी है, क्योंकि आपके लिए गए निर्णय के लिए बाद में आपको पछतावा हो सकता है. किसी नए घर की खरीदारी करना आपके लिए अच्छा रहेगा.

    मिथुन राशि: आज का दिन आपके लिए सकारात्मक परिणाम लेकर आएगा. आपको अपने कामों को लेकर धैर्य और संयम रखने की आवश्यकता है. आप अपने बिजनेस की योजनाओं को लेकर किसी अनुभवी व्यक्ति से बातचीत कर सकते हैं. आपको अपने आस-पड़ोस में किसी को भी बिना मांगे सलाह देने से बचना होगा. आपकी कही घूमने-फिरने की इच्छा पूरी हो सकती है. आपको अपने मित्रों से बातचीत थोड़ा सोच समझकर करनी होगी. आपके खिलाफ कोई शत्रु षड्यंत्र रच सकता है.

    कर्क राशि: आज का दिन आपके लिए किसी कानूनी मामले में सावधान रहने के लिए रहेगा. आप कोई इंवेस्टमेंट बहुत ही सोच समझकर करें. आप अपनी नौकरी के कामों में लापरवाही करने से बचें. आपको आपको किसी पुरानी गलती से सबक लेना होगा. आपके मन में यदि किसी काम को लेकर संशय बना हुआ है, तो आप उस काम को बिल्कुल ना करें. आपको अपने किसी काम को कल के भरोसा नहीं छोड़ता है. परिवार में किसी सदस्य के विवाह प्रस्ताव पर मोहर लग सकती है.

    सिंह राशि: आज का दिन आपके लिए इनकम को बढ़ाने वाला रहेगा. आपको अपने किसी पुराने वाद-विवाद से छुटकारा मिलेगा. यदि आपके किसी लोन के लिए अप्लाई किया था, तो वह भी आपको मिल सकता है. आप अपने भाई बहनों से काम को लेकर यदि कोई मदद मांगेंगे, तो वह भी आपको आसानी से मिल जाएगी. विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा के मार्ग प्रशस्थ होंगे. आपका कोई लेनदेन से संबंधित मामला सुलझेगा. आपका मन इधर-उधर के कामों में खूब लगेगा.

    कन्या राशि: आज का दिन नौकरी में कार्यरत लोगों के लिए सावधान रहने के लिए रहेगा. आपको अपनी जिम्मेदारियां से पीछे नहीं हटाना है, जो लोग नौकरी को लेकर परेशान चल रहे हैं, उन्हें किसी नई नौकरी की प्राप्ति हो सकती है. आप अपने किसी विरोधी की बातों में ना आएं. आपको अपने रिश्तों को बेहतर रखना होगा. माताजी की सेहत में गिरावट आ सकती है. आपको कोई मित्र निवेश संबंधी योजना का जिक्र कर सकता है, जिसमें आप धन सोच विचार कर लगाएं.

    तुला राशि: आज का दिन आपके लिए सेहत में उतार-चढ़ाव से भरा रहने वाला है. आपकी कोई पुरानी समस्या उभर सकती है. आप कहीं बाहर घूमने जाएं, तो अपने माता-पिता से आशीर्वाद अवश्य लेकर जाएं. आपको किसी पानी वाली जगह जाने पर थोड़ा सावधान रहकर जाने की आवश्यकता है. आपके रहन-सहन के स्तर में सुधार आएगा, लेकिन आप किसी से धन उधार लेने से बचें, क्योंकि आपको बाद में समस्या हो सकती है. राजनीति में आप सोच समझकर कदम बढ़ाएं.राजनीति

    वृश्चिक राशि: आज आप अपने लेनदेन से संबंधित मामलों में अपनी आंख और कान खुले रखें, क्योंकि आपके साथ कोई धोखा हो सकता है. आपको अपने किसी काम को पूरा करने के लिए मेहनत जारी रखनी होगी. आपको किसी दूर रह रहे परिजन से कोई खुशखबरी सुनने को मिल सकती है. व्यवसाय में आपका डूबा हुआ धन आपको मिलने से खुशी का ठिकाना नहीं रहेगा. आपके कुछ विरोधी आपके बॉस से चुगली लगा सकते हैं, इसलिए आपको समझदारी दिखाने की आवश्यकता है.

    धनु राशि: आज का दिन आपके लिए बाकी दिनों की तुलना में बढ़िया रहने वाला है. आप अपने बिजनेस को आगे तक ले जाने की कोशिश में कामयाब रहेंगे. संतान को आप किसी नई एक्टिविटी को ज्वाइन करा सकते हैं. आपको किसी धार्मिक आयोजन में सम्मिलित होने का मौका मिलेगा. आपका कोई काम आपको समस्या दे सकता है. आपको किसी काम को पूरा होने में यदि समस्या आ रही थी, तो उसके लिए आप अपने पिताजी से सलाह ले सकते हैं, उनकी सलाह आपके लिए कारगर सिद्ध होगी.

    मकर राशि: आज का दिन आपके लिए वाणी पर संयम रखने के लिए रहेगा. आपको यदि कोई वाद-विवाद की स्थिति हो, तो आप उसमें धैर्य बनाए रखें. आपको अपने परिवार में किसी सदस्य की ओर से कोई निराशाजनक सूचना सुनने को मिल सकती है. आप अपने घर के रिनोवेशन का काम शुरू कर सकते हैं, लेकिन बिजनेस में आपका कोई नुकसान होते-होते बच सकता है, इसलिए आप अपनी आंख और कान खुले रखकर काम करें और किसी अजनबी पर भरोसा बिल्कुल ना करें.

    कुंभ राशि: आज का दिन आपके लिए मौज-मस्ती से भरा रहने वाला है. आपको एक के बाद एक खुशखबरी सुनने को मिलेगी. आप परिवार के सदस्यों के साथ कुछ समय व्यतीत करेंगे, जिससे आपकी पुरानी यादें ताजा होंगी और यदि किसी से कोई अनबन चल रही थी, तो वह भी दूर होगी. आपको अपने कामों को लेकर लापरवाही बरतने से बचना होगा, नहीं तो बाद उन्हें पूरा करने में समस्या आ सकती है. माता-पिता के आशीर्वाद से आपका कोई रुका हुआ काम पूरा हो सकता है.

    मीन राशि: आज आपके मन में काम को लेकर कश्मकश बनी रहेगी. आप किसी से कोई भी बात बहुत ही समझदारी दिखाते हुए बोले. कार्यक्षेत्र में आपके मित्र ही विरोधी हो सकते हैं, जिनसे आपको सावधान रहना होगा. आपका कोई सहयोगी आपको यदि काम को लेकर कोई सलाह दे, तो आप उस पर अमल बहुत ही सोच विचारकर करें. प्रेम जीवन जी रहे लोगों का कोई पुराना साथी उनकी जिंदगी में वापस आ सकता है. आप सेहत को लेकर लापरवाही बिल्कुल ना बरतें.

  • Punjab News: करोड़ों रूपये के लेनदेन को लेकर टंडन परिवार ने झूठे पर्चे दर्ज करवाने के लगाये आरोप, देखें वीडियो

    Punjab News: करोड़ों रूपये के लेनदेन को लेकर टंडन परिवार ने झूठे पर्चे दर्ज करवाने के लगाये आरोप, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले में टंडन परिवार से जुड़ा एक विवाद सामने आया है। मामला करोड़ों रुपये के लेनदेन से जुड़ा बताया जा रहा है। इस संबंध में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं और न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया।

    रिश्तेदार पर लगाए पैसे मांगने के आरोप
    प्रदर्शन के दौरान आशा रानी ने बताया कि चेतन टंडन जो उनका रिश्तेदार (बुआ का बेटा) है, उनसे और उनके परिवार से करोड़ों रुपये की मांग कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चेतन टंडन करीब 5 करोड़ रुपये मांग रहा है और पैसे न देने पर उनके पूरे परिवार को परेशान किया जा रहा है।

    झूठे मामलों में फंसाने का आरोप
    आशा रानी ने कहा कि उनके परिवार के खिलाफ झूठे पुलिस मामले दर्ज करवाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि उनके परिवार को लगातार कानूनी परेशानियों में फंसाने की कोशिश की जा रही है, जिससे उनका पूरा परिवार परेशान है।

    2018 से चल रहा है विवाद
    उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2018 में भी चेतन टंडन कथित तौर पर झूठे चेक लेकर चला गया था। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच विवाद लगातार बढ़ता गया। आशा रानी के अनुसार, उनका परिवार कई वर्षों से इस मामले के कारण मानसिक तनाव का सामना कर रहा है।

    धमकियां दिलवाने का भी आरोप
    पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें बाहरी लोगों के जरिए धमकियां दिलवाई जाती हैं। परिवार का कहना है कि वे लगातार डर और तनाव के माहौल में जी रहे हैं।

    पुलिस प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार
    आशा रानी ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करने और उनके परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए ताकि उनका परिवार बिना किसी डर के सामान्य जीवन जी सके।

    इंधर, पुलिस अधिकारी हरपाल सिंह ने मामले संबंधी जानकारी देते हुए कहा कि मामले मेरे संज्ञान में आया है। जिसे जांच करके आगे की बनती कार्रवाई की जाएगी।

     

  • सदनों में व्यवधान लोकतंत्र के लिए गंभीर चुनौती, जनविश्वास बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी

    चंडीगढ़ : कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन (CPA) इंडिया रीज़न ज़ोन-II (नॉर्थ ज़ोन) का द्वितीय सम्मेलन, जिसका उद्घाटन कल लोक सभा अध्यक्षओम बिरला द्वारा किया गया था, आज हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष के समापन संबोधन के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह को संबोधित करते हुए लोक सभा अध्यक्ष  ने कहा कि सदनों का बार-बार बाधित होना और व्यवधान उत्पन्न होना लोकतांत्रिक संस्थाओं के सामने एक गंभीर चुनौती है। उन्होंने रेखांकित किया कि इस समस्या का समाधान विधायी संस्थाओं के भीतर जनअपेक्षाओं के अनुरूप आचरण, संवाद और सार्थक चर्चा को बढ़ावा देने में निहित है। जनता का विश्वास मजबूत करना आज सभी जनप्रतिनिधियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों का आह्वान किया कि विधायी संस्थानों में उनका आचरण अनुकरणीय होना चाहिए, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति का कल्याण सुनिश्चित किया जा सके। बिरला ने कहा, “जैसा नेतृत्व का आचरण और व्यवहार होता है, वैसा ही समाज बनता है। जनता ने हमें चुनकर भेजा है, इसलिए हमारे आचरण का सीधा प्रभाव समाज पर पड़ता है।” उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि सभी विधायक अपने-अपने राज्यों और संस्थाओं में इन संकल्पों को आत्मसात कर आगे बढ़ेंगे। दो दिवसीय सम्मेलन के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बिरला ने कहा कि विभिन्न राज्यों से आए जनप्रतिनिधियों और नीति-निर्माताओं ने यहाँ अपने अनुभव, दृष्टिकोण और नवाचार साझा किए। उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन चार महत्वपूर्ण संकल्पों के साथ संपन्न हुआ है, जिनका उद्देश्य विधायी संस्थाओं को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनोन्मुख बनाना है।

    उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना मजबूत संसदीय और विधायी संस्थाओं पर ही आधारित है। इसके लिए जनभागीदारी बढ़ाना, तकनीक का अधिकतम उपयोग, विधायकों का क्षमता संवर्धन, नीतियों एवं कानूनों के निर्माण में नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करना तथा संविधान एवं संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आगे कहा कि सम्मेलन में पारित सभी संकल्प भविष्य की एक मजबूत नींव हैं, जिनके माध्यम से देश की विधायी और लोकतांत्रिक संस्थाएँ जनता के सहयोग से आगे बढ़ेंगी।

    उन्होंने जोर देकर कहा कि हमारा उद्देश्य एक ऐसे सहभागी लोकतंत्र का निर्माण करना है, जिसमें राज्यों के विकास को विशेष महत्व दिया जाए, क्योंकि राज्यों के समग्र विकास से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। भारत के संघीय ढांचे में राज्य और केंद्र मिलकर ही योजनाओं, कानूनों और नीतियों के माध्यम से लोगों की आकांक्षाओं को पूरा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज नए दृष्टिकोण और नए विचारों के साथ परिवर्तन लाना समय की मांग है। उन्होंने संतोष व्यक्त किया कि सम्मेलन में लगभग 40 वक्ताओं ने इस दिशा में सार्थक सुझाव दिए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि हम इन विचारों पर तत्परता से कार्य प्रारंभ करते हैं, तो देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता की भागीदारी और विश्वास दोनों में वृद्धि होगी।

    बिरला ने कहा कि 21वीं सदी भारत की सदी है और हमें युवाओं, महिलाओं तथा समाज के सभी वर्गों की आकांक्षाओं को केंद्र में रखकर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, विद्यार्थी जीवन से ही संविधान और कर्तव्यबोध के प्रति जागरूकता विकसित करने तथा राज्यों के विकास को राष्ट्रीय विकास का आधार बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सम्मेलन से प्राप्त नए विचार और संकल्प विकसित भारत के निर्माण में नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेंगे।

    इस दो दिवसीय CPA इंडिया रीज़न ज़ोन-II (नॉर्थ ज़ोन) कॉन्फ्रेंस में देश के 12 राज्यों की विधायिकाओं के पीठासीन अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इसमें सीपीए ज़ोन–II के सदस्य राज्यों—हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और दिल्ली—के अतिरिक्त मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, सिक्किम और पश्चिम बंगाल जैसी अन्य राज्य विधायिकाओं के पीठासीन अधिकारियों ने भी सहभागिता की। इस अवसर पर राज्य सभा के उपसभापति हरिवंश और हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण  ने भी अपने विचार व्यक्त किए। हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष कृष्ण लाल मिड्ढा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।