जालंधर (वरूण): जालंधर में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। मंगलवार को जिले में कोरोना के 30 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बता दें कि सोमवार को 51 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
Blog
-

4 मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, देखें वीडियो
ऩई दिल्लीः न्यू अशोक नगर इलाके में मंगलवार को भीषण आग लग गई। 4 मंजिला इमारत में आग लगी है, जिसमें कई लोगों के फंसे होने की बात कही जा रही है। फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम कर रही हैं।
इमारत के बाहर लकड़ी की सीढ़ियों से 12 लोगों को निकाल लिया गया है। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग लगने की सूचना दोपहर 3 बजकर 35 मिनट पर आई थी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है।
मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास आग लगने से 27 की मौत
दिल्ली में मुंडका मेट्रो स्टेशन के पास 13 मई को तीन मंजिला कॉमर्शियल बिल्डिंग में आग लग गई थी। हादसे में 27 लोगों की जलकर मौत हो गई थी। मृतकों में फायर डिपार्टमेंट के दो कर्मचारी भी शामिल थे। वहीं, 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
करीब 7 घंटे बाद आग पर काबू पा लिया गया था, लेकिन देर रात 12 बजे आग फिर से धधकने लगी थी। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर खिड़कियां तोड़ी और बिल्डिंग के अंदर फंसे लोगों को बचाया। दिल्ली पुलिस ने घटनास्थल से संजय गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल तक ग्रीन कॉरिडोर बना दिया था, ताकि घायलों को तेजी से अस्पताल तक पहुंचाया जा सके।
-

ऊना जिले में हर घर तिरंगा लगाने को शुरू होगी व्यापक जन भागीदारी मुहिम
13-15 अगस्त तक जिला ऊना के हर घर व सरकारी भवन में लगाया जाएगा तिरंगा झंडा
ऊना/सुशील पंडित: भारत सरकार के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘हर घर तिरंगा’ के तहत ऊना जिले में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता तय बनाने को व्यापक जन भागीदारी मुहिम छेड़ी जाएगी। इसके जरिए सभी जिलावासियों को अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। यह बात उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने आज अभियान के संदर्भ में बुलाई गई बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
डीसी ने कहा कि वर्ष 2011 की जनगणना के मुताबिक ऊना जिले में कुल 1,10,332 घर हैं तथा एक व्यापक मुहिम छेड़ कर हर पंचायत, हर गांव तथा हर घर तक अभियान का संदेश पहुंचाया जाएगा और सभी को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भागीदार बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
राघव शर्मा ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत 75वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारत सरकार ने यह राष्ट्रव्यापी अभियान आरंभ किया है। इस अभियान के तहत हर घर, राजकीय, निजी, औद्योगिक और शैक्षणिक भवनों में तिरंगा फहराने का शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए प्रशासन लोगों को नाममात्र कीमत पर राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराएगा, जो कपड़े से बना होगा। अलग-अलग आकार के ध्वज की कीमत अलग होगी, लेकिन ये कीमत बहुत कम रहेगी। इसे वसूलने के पीछे उद्देश्य है कि लोगों को सहभागिता का एहसास हो।उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता के लिए संबंधित एसडीएम उपमंडल स्तर पर नोडल अधिकारी होंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में झंडों का वितरण बीडीओ तथा शहरी क्षेत्रों में ईओ करेंगे। इनके वितरण में पंचायती राज संस्थाओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, उचित मूल्य की दुकानों तथा पूर्व सैनिकों का सहयोग लिया जाएगा। झंडों के वितरण के बाद इन्हें सभी स्थान तथा सही तरीके से लगाना भी सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तिरंगे ध्वज के उपयोग के सही नियमों के बारे में पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों, शहरी निकायों के वार्ड सदस्यों तथा स्कूली बच्चों को अवगत करवाया जाएगा।
झंडे के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट करें फोटो
राघव शर्मा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत लोग झंडे के साथ अपनी फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट करें। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के बाद सभी लोग झंडों को उतार कर सुरक्षित रख लें तथा किसी भी सूरत में तिरंगे ध्वज का अपमान नहीं होना चाहिए।प्रगतिशील हिमाचल-स्थापना के 75 वर्ष
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की स्थापना के 75 वर्ष कार्यक्रम के तहत जिले में विभिन्न जगहों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए जल्द ही तिथियां निर्धारित होंगी। आयोजनों के जरिए प्रत्येक व्यक्ति में हिमाचली होने के सम्मान के भाव को बल देने के प्रयास किए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश के अस्तित्व में आने के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में होने वाले इन आयोजनों में राज्य की गौरवमयी यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में 75 वर्षों का सफर दर्शाती प्रदर्शनी सहित अन्य आयोजन होंगे। प्रदेश के विकास और प्रगति में राज्य के लोगों के योगदान को दिखाने की भी कोशिश होगी।उन्होंने कहा कि 75 वर्ष कार्यक्रम के तहत जिला ऊना के सभी विकास खंडों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा प्रतिदिन दो कार्यक्रम होंगे। इन कार्यक्रमों में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी आमंत्रित किया जाएगा, जिसमें 5000 से अधिक व्यक्ति सम्मिलित होंगे।
बैठक में एडीसी डॉ. अमित कुमार शर्मा, सभी एसडीएम, सभी बीडीओ तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। -

चिंतपूर्णी में विभिन्न विकास कार्यों की डीसी ने की समीक्षा, समयबद्ध पूरा करने के दिए निर्देश
ऊना/सुशील पंडित: माता चिंतपूर्णी मंदिर परिसर व इसके आसपास के क्षेत्रों में किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों को संबंधित विभागीय अधिकारी तय समय सीमा में पूरा करें तथा कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। यह निर्देश उपायुक्त ऊना एवं चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट के आयुक्त राघव शर्मा ने चिंतपूर्णी में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति से संबंधित समीक्षा बैठक में उपस्थित विभागीय अधिकारियों को दिए।
बैठक में चिंतपूर्णी के लिए निर्माणाधीन उठाऊ पेयजल योजना, सीवरेज प्रणाली तथा फायर हाइड्रेंट स्थापित करने बारे विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि पेयजल योजना व सीवरेज प्रणाली के शेष निर्माण कार्य को अति शीघ्र पूरा करें तथा कार्य गुणवत्ता पर विशेष बल दें। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग सीवरेज कार्य पूर्ण करने के पश्चात इससे संबंधित क्षेत्र को लोक निर्माण विभाग को सौंपना सुनिश्चित करे, ताकि इन सड़कों व रास्तों की मुरम्मत कर वाहनों व श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुविधाजनक बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि आगामी नवरात्रों के दौरान आने वाले श्रद्धालु के लिए स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में ऑडियो विजुअल सिस्टम स्थापित करने, मेलों के दौरान यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने, आवश्यक पार्किंग स्थल विकसित करने के अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग के अधीन निर्माणाधीन विकास कार्यों सहित भविष्य से जुड़ी अनेक परियोजनाओं गहन विचार विमर्श किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ऊना डॉ अमित शर्मा, एसडीएम अंब डॉ. मदन कुमार, मंदिर अधिकारी चिंतपूर्णी बलवंत सिंह पटियाल, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एच एल शर्मा, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता होशियार सिंह, चिंतपूर्णी मंदिर ट्रस्ट के एसडीओ राज कुमार जसवाल व वित्त अधिकारी शम्मी राज सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित थे। -

पंजाबः मुख्य सचिव की नियुक्ति को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर
चंडीगढ़ः पंजाब के मुख्य सचिव के पद पर विजय कुमार जंजुआ की नियुक्ति को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में चुनौती दी गई है। सोमवार को इस मामले में कोर्ट में सुनवाई थी पर याचिका पक्ष का वकील अदालत में पेश नहीं हुआ जिसके बाद सुनवाई स्थगित कर दी गई और अगली सुनवाई 1 अगस्त को तय की गई है। लुधियाना निवासी तुलसी राम मिश्रा ने याचिका दायर कर 5 जुलाई 2022 के प्रमोशन आर्डर को खारिज करने की मांग की, जिसमें आईएएस अधिकारी विजय कुमार जंजुआ को प्रमोशन देकर मुख्य सचिव के पद पर नियुक्ती की गई।
जंजुआ के खिलाफ मुकदमा चलाने की मिली इजाजत
याचिका में कहा गया है कि जंजुआ के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में केस विचाराधीन है। इन मामलों में जंजुआ के खिलाफ मुकदमा चलाने की इजाजत भी दी गई है। ऐसे में पंजाब सरकार मुख्य सचिव के पद पर ऐसे अधिकारी को नियुक्त नहीं कर सकती है।
याचिका में कहा- भ्रष्टाचार के मामले में आरोपी को नहीं दी जा सकती प्रमोशन
याचिका में कहा गया है कि मुख्य सचिव के पद पर प्रमोशन केंद्र सरकार के पर्सोनल विभाग के इंडियन एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस के 28 मार्च 2000 को जारी दिशा-निर्देशों की भी अनदेखी है। इनमें स्पष्ट है कि भ्रष्टाचार के मामले में आरोपी अधिकारी को मुख्य सचिव स्तर के पद पर प्रमोशन नहीं दी जा सकती है। ऐसे में 5 जुलाई के आदेश पर रोक लगाई जाए, जिसमें आईएएस अधिकारी विजय कुमार जंजुआ को पंजाब सरकार का मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है।
-

स्कूली बच्चों को कोविड का दूसरा टीका प्रधानाचार्य की जिम्मेदारीः डीसी
ऊना/सुशील पंडित: जिलाधीश ऊना राघव शर्मा ने कहा है कि स्कूली बच्चों को कोविड का दूसरा टीका लगवाना सुनिश्चित करना स्कूल प्रधानाचार्य व मुख्याध्यापक की जिम्मेदारी है। डीसी ने कहा कि जिला ऊना में 15-18 वर्ष की आयु के 34,764 बच्चों को कोवैक्सीन की पहली डोज़ दी जा चुकी है, जबकि 30,996 बच्चों को दूसरी डोज़ दी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि अभी भी लगभग 17 प्रतिशत बच्चे इस आयु वर्ग में ऐसे हैं, जिन्होंने कोवैक्सीन की दूसरी डोज़ नहीं लगाई है।
राघव शर्मा ने कहा कि 12-14 वर्ष के आयु वर्ग में 19,333 बच्चों को कोर्बेवैक्स वैक्सीन की पहली डोज़ लगाई गई है, वहीं 16,851 बच्चों को दूसरा टीका लगाया गया है। उन्होंने कहा कि इस आयु वर्ग में लगभग 9 प्रतिशत बच्चे ऐसे रह गए हैं, जिन्होंने कोर्बेवैक्स वैक्सीन की दूसरी डोज़ नहीं लगाई है। डीसी ने कहा कि स्कूल के प्रधानाचार्य व मुख्याध्यापक बच्चों को कोविड वैक्सीन लगवाना सुनिश्चित करें। स्कूल प्रबंधन टीका लगवाने से छूटे हुए बच्चों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के साथ साझा करें, ताकि वहां पर वैक्सीनेशन का सत्र आयोजित किए जा सकें।
जिलाधीश ऊना ने सभी जिलावासियों से आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोविड टीकाकरण के लिए 15 जुलाई से अगले 75 दिनों तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत 18 वर्ष से 59 वर्ष तक के लोगों को मुफ्त में कोरोना की प्रिकॉशन डोज निशुल्क लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी फ्री प्रीकॉजन डोज़ लगाने के लिए आगे आएं और कोविड वायरस से बचाव के लिए वैक्सीन की तीसरी खुराक लगाएं।
राघव शर्मा ने कहा कि कोविड-19 वायरस से बचाव के दृष्टिगत मास्क का उपयोग, हाथों की स्वच्छता तथा 2 गज की दूरी जैसे नियमों का पालन करें। उन्होंने जिला के लोगों से अपील की है कि वह अनावश्यक रुप से ज्यादा भीड़ वाली जगहों पर जाने से बचें तथा सार्वजनिक स्थलों व सार्वजनिक वाहनों में सफर के दौरान मास्क तथा सैनिटाइजर का उपयोग करें। किसी भी प्रकार के जुखाम, खांसी, बुखार, बदन दर्द तथा सांस से संबंधित समस्या को हल्के में न लें तथा अपनी कोरोना जांच करवाएं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों, पहले से गंभीर बीमारियों से ग्रस्त लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उपायुक्त ऊना ने कहा कि कोविड-19 महामारी का खतरा अभी पूरी तरह से समाप्त नहीं हुआ है, इसलिए सावधानी बरतें।
-

देश में ही नहीं विदेशों में भी नौजवान वर्ग शहीद भगत सिंह को मानता है आपना प्रेरण स्रोत: अमनदीप गोल्डी
कपूरथला/चन्द्र शेखर कालिया: हाल ही के दिनों में शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के रोपड से सांसद सिमरनजीत सिंह ने देश की आजादी के लिए आपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीद भगत सिंह को आतंकवादी कहा है जो की हरेक उस शहीद का अपमान है जिस ने भी मां भारती कि आजादी के लिए आपने प्राण दिये हैं। धार्मिक नेता अमनदीप गोल्डी ने कहा कि सिमरनजीत सिंह मान आपना दिमागी सन्तुलन खो चुके हैं शहीद भगत सिंह को देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी नौजवान वर्ग उनको अपना प्रेरण स्रोत मानता है। बता दें कि लाहौर सेन्ट्रल जेल (जहां भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को फांसी दी गई थी) के बाहर कुछ् कदमों की दूरी पर शादमन चौंक है जो की अब भगत सिंह चौंक के नाम से जाना जाता है उन्होंने मान सरकार से मांग की है ऐसी बयान बाजी से भारत के करोड़ों देश वासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचीं है। सरकार जल्दी से जल्दी सिमरनजीत सिंह मान पर बनती करवाई करे ताकि आने वाले दिनों में कोई और ऐसी बयानबाज़ी ना करें।
-

चावल, आटा और दाल सहित इन 14 चीजों पर नहीं लगेगा GST, रखी गई यह शर्त
नई दिल्लीः 18 जुलाई से देश में खाने- पीने की कई चीजों पर माल एवं सेवा कर (GST) लागू हो गया है। ऐसे में आपको खाने-पीने के ब्रांडेड और पैक वाले सामानों जैसे दाल, आटा, चावल, दही और लस्सी जैसे जरूरी सामानों के दामों पर जीएसटी लगेगा। इस बीच मंगलवार को अहम जानकारी साझा करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि 14 आइट्म पर टैक्स नहीं लगेगा, सिर्फ अगर आप इन्हें खुले में खरीदें।
मंगलवार को एक ट्वीट में जानकारी देते हुए वित्त मंत्री ने इन 14 सामानों की सूची संलग्न करते हुए स्पष्ट किया कि अगर इस सूची में शामिल सामानों को खुले, बिना पैकिंग या बिना लेबल के खरीदा जाता है तो इन सामानों पर जीएसटी से छूट दी जाएगी।

बता दें कि इससे पहले 18 जुलाई को ही वित्त मंत्रालय ने कहा था कि अगर इन चीजों की पैकिंग 25 किलोग्राम या 25 लीटर से ज्यादा की बोरी या पैक में होती है, तो इन पर जीएसटी नहीं लगाया जाएगा। पांच फीसदी जीएसटी पहले से पैक हुई सिर्फ उन्हीं प्रोडक्ट्स पर लगेगा जिनका वजन 25 किलोग्राम तक है। अगर रिटेलर व्यापार विनिर्माता या वितरक से 25 किलोग्राम पैक में सामान लाकर उसे खुले में बेचता है, तो इस पर जीएसटी नहीं लगेगा।
वित्त मंत्री ने ट्वीट कर दी सफाई
सीतारमण ने अपने अगले ट्वीट में कहा कि खाद्य पदार्थों पर कर लगाना नया नहीं है। उन्होंने लिखा, क्या यह पहली बार है, जब इस तरह के खाद्य पदार्थों पर कर लगाया जा रहा है? नहीं, राज्य जीएसटी व्यवस्था शुरू होने से पहले खाद्यान्न से महत्वपूर्ण राजस्व एकत्र कर रहे थे। अकेले पंजाब ने खरीद कर के रूप में खाद्यान्न पर 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली की, जबकि उत्तर प्रदेश ने 700 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
फिटमेंट कमेटी ने की थी सिफारिश
वित्त मंत्री ने अपने अगले ट्वीट में कहा कि राज्यों द्वारा वसूले जाने वाले कर को ध्यान में रखते हुए, जब जीएसटी लागू किया गया था, तो ब्रांडेड अनाज, दाल, आटे पर 5% की जीएसटी दर लागू की गई थी। हालांकि, जल्द ही इस प्रावधान का दुरुपयोग देखने को मिला और धीरे-धीरे इन वस्तुओं से जीएसटी राजस्व में काफी गिरावट आई। सरकार को फिटमेंट कमेटी ने इस तरह के दुरुपयोग को रोकने के लिए सभी पैकेज्ड और लेबलयुक्त सामानों पर समान रूप से जीएसटी लगाने का प्रस्ताव दिया था।
-

इनोसेंट हार्टस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में शोध कार्य प्रशंसा समारोह आयोजित
जालंधऱ/विजयः शिक्षाविदों में अनुसंधान को बढ़ावा देने के प्रयास के साथ, इनोसेंट हार्टस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने उन संकाय सदस्यों के लिए एक प्रशंसा समारोह का आयोजन किया, जिन्होंने भारत और विदेशों में यूजीसी द्वारा अनुमोदित पत्रिकाओं में गुणवतापूर्ण शोध पत्र प्रकाशित किए हैं।
इनोसेंट हार्टस ग्रुप गुणवतापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है। हमारा ध्यान संकाय सदस्यों और छात्रों को उनके शैक्षणिक विकास के लिए तैयार करने और प्रशिक्षण देने पर है। अकादमिक पैनल ने चार पात्र संकाय सदस्यों डॉ. गगनदीप कौर, सहायक प्रो. दिवाकर जोशी, अंकुश शर्मा और सहायक प्रो. विशाल मिश्रा को यूजीसी द्वारा अनुमोदित और सहकर्मी समीक्षा पत्रिकाओं में शोध कार्य को प्रकाशित करने के लिए प्रमाण पत्र के साथ सराहना की है।
डॉ. शैलेश त्रिपाठी (ग्रुपडायरेक्टर) ने विजेताओं को बधाई दी और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने शिक्षाविदों में अनुसंधान के महत्व पर भी जोर दिया। राष्ट्रीय शैक्षिक नीति 2020 ने भी उच्च शिक्षा में गुणवता पूर्ण शोध पत्रों के महत्व पर जोर दिया गया है।
-

बैंक की गाड़ी पर हमलावारों ने चलाई ताबड़तोड़ गोलियां
जम्मू : कुंजवानी इलाके में मंगलवार को ताबड़तोड़ गोलियां चलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि हमलावारों की ओर से ग्रामीण बैंक की गाड़ी पर फायरिंग तब हुई जब बैंक अधिकारी लोन वसूली के लिए पहुंचे थे। बैंक लोन बकाएदार की तरफ से गोलीबारी में गाड़ी के शीशे टूट गए। इस मामले में फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस इस मामले में जांच-पड़ताल कर रही है।
