Blog
-

Haryana News: गोगामाड़ी मंदिर में चोरी, जांच में जुटी पुलिस, देखें CCTV
पंचकूला: शहर में आये दिन चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही है। चोर आये दिन बेखौफ वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। जिससे लोगों अंदर आये दिन डर का माहौल बना रहता है। इसी बीच मोरनी टी-पॉइंट स्थित गोगामाड़ी मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई है। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। सीसीटीवी में देखा जा रहा है कि चोर पहले मंदिर के अंदर घुसता है। इसके बाद इधर-उधर देखता है फिर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो जाता है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष पाया जा रहा है। लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि आये दिन चोरी की वारदातें बढ़ती जा रही है। पुलिस-प्रशासन एरिया में गस्त बढ़ाये ताकि वारदाताओं को रोका जा सके।
हालांकि, मंदिर से कितना कैश चोरी हुआ है, इसकी जानकारी अभी कमेटी के पास नहीं है। फिलहाल इस मामले को लेकर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस का दावा है कि इस मामले में आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-

‘मुख्यमंत्री का कार्यकर्ताओं के साथ संवाद’ कार्यक्रम शुरू
कार्यकर्ता एकजुट होकर कांग्रेस की विचारधारा को आगे बढ़ाएं: मुख्यमंत्री
शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने ‘मुख्यमंत्री का कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम’ की शुरूआत सिरमौर जिला के पच्छाद तथा शिमला जिला के चौपाल विधानसभा क्षेत्र से की। उन्होंने ओक ओवर शिमला में दोनों विधानसभा क्षेत्रों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया और विकास कार्यों पर चर्चा की। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ कांग्रेस सरकार के साथ खड़े हैं। कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्र की विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की और सरकार को पूर्ण सहयोग देने की बात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर कांग्रेस की विचारधारा को आगे बढ़ाएं और राज्य सरकार की नीतियों और जन कल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में कांग्रेस सरकार ने लोगों का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं और इनका लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि बदहाल व्यवस्था कांग्रेस सरकार को पिछली भाजपा सरकार से विरासत में मिली। इस व्यवस्था में सुधार करने के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं। राज्य सरकार ने स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में सुधार लाए हैं। मेडिकल कॉलेजों में पीजी की सीटों की संख्या बढ़ाई गई है, जिससे आने वाले समय में स्वास्थ्य क्षेत्र में और सुधार नजर आएगा। इसके अलावा सरकार ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आदर्श स्वास्थ्य संस्थान भी बनाए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में 150 से ज्यादा सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठयक्रम लागू किया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों को भी बेहतर शिक्षा उपलब्ध हो सके। इन स्कूलों में अध्यापकों की नियुक्ति की जा रही है। इसके अलावा राज्य सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए दूध के मूल्य में वृद्धि की है। गाय का दूध 61 रुपये तथा भैंस का दूध 71 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदा जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए भी कदम उठा रही है और प्राकृतिक खेती से तैयार कृषि उत्पादों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सेब बागवानों का मण्डी मध्यस्थता योजना के तहत 30 बोरी तक खरीदे गए सेब का पूरा भुगतान कर दिया है। अब राज्य सरकार 100 बोरी तक सेब का भुगतान करने जा रही है और उसके बाद 100 से ज्यादा सेब बोरी का पैसा जारी कर दिया जाएगा।
सुक्खू ने कहा कि विधवा महिलाओं और एकल नारियों के बच्चों की शिक्षा का खर्च भी राज्य सरकार उठा रही है और पात्र विद्यार्थियों को एक प्रतिशत ब्याज दर पर बीस लाख तक ऋण दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि पच्छाद और चौपाल विधानसभा क्षेत्र में विकास के मामले में कमी नहीं आने दी जाएगी और वहां अधूरे कार्यों को पूर्ण करने के लिए समुचित धन उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के पास विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है और राज्य सरकार पूरे प्रदेश का एक समान विकास सुनिश्चित कर रही है।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि पच्छाद प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. वाई एस परमार की जन्मभूमि है और राज्य सरकार पच्छाद क्षेत्र का विकास सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें कांग्रेस का प्रदेशाध्यक्ष बनाकर कांग्रेस हाईकमान ने पूरे सिरमौर जिला को सम्मान दिया है। प्रदेश में संगठन को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में सरकार और संगठन मिलकर काम कर रहे हैं और वर्तमान कांग्रेस सरकार 2027 में पुनः सत्ता में आकर इतिहास रचने को तैयार हैं।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर, प्रदेश कांग्रेस के महासचिव विनोद जिंटा, चौपाल से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी रजनीश किमटा, जिला शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष कृष्ण हिमराल, मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट, कांग्रेस नेता दयाल प्यारी सहित अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता इस अवसर पर उपस्थित थेे।
-

Punjab News: SBI Bank से साढ़े 4 लाख रुपये चोरी, सफाई कर्मचारी फरार
बठिंडा: जिले के प्रताप नगर एसबीआई बैंक की शाखा से साढ़े 4 लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार घटना स्थल से वारदात को अंजाम देकर स्थायी (कच्चा) कर्मचारी फरार हो गया। बैंक कर्मियों द्वारा घनटा की सूचना पुलिस को दे दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपीसी ने बताया कि उन्हें एसबीआई बैंक प्रताप नगर के कर्मचारियों द्वारा एक आवेदन दिया गया था, जिसमें बैंक में चोरी की बात बताई गई थी। इसके बाद जब पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि यह बैंक का ही कच्चा कर्मचारी था, जिसने बैंक से साढ़े चार लाख रुपये लेकर हड़प लिया है। सफाई करने वाले युवक का नाम सतबीर कुमार है और उसी ने ही बैंक से साढ़े चार लाख रुपये की चोरी की है। बठिंडा पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। एसपीसी का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
-

मोहिंदर भगत ने पूर्व सैनिकों के कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों के साथ की विशेष समीक्षा बैठक
पूर्व सैनिकों के लिए रोजगार के अधिक अवसर सृजित करने पर दिया जोर
चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पूर्व सैनिकों तथा उनके परिवारों के कल्याण के लिए तेजी से कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए चंडीगढ़ में रक्षा सेवाएं कल्याण, स्वतंत्रता संग्रामी तथा बागवानी मंत्री श्री मोहितंदर भगत ने रक्षा सेवाएं कल्याण विभाग तथा पंजाब एक्स-सर्विसमैन कॉरपोरेशन (पेस्को) के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने के लिए अधिकारियों के साथ विशेष बैठक की। बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्व सैनिकों, शहीदों के परिवारों तथा उनके आश्रितों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर तथा पारदर्शी तरीके से उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित निपटारे के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए। इससे पहले बैठक के दौरान रक्षा सेवाएं कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव सुमेर सिंह गुर्जर तथा निदेशक ब्रिगेडियर भूपिंदर सिंह ढिल्लों (सेवानिवृत्त) ने विभाग की विभिन्न परियोजनाओं तथा उनकी प्रगति के बारे में मंत्री को विस्तारपूर्वक अवगत कराया। इस अवसर पर विभाग की चल रही परियोजनाओं, आवश्यक बजट, कर्मचारियों की पदोन्नतियों, भर्ती प्रक्रिया तथा सैनिक स्कूलों के विकास से संबंधित मामलों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर भगत ने पंजाब एक्स-सर्विसमैन कॉरपोरेशन (पेस्को) के कार्यों की भी समीक्षा की। पेस्को के प्रबंध निदेशक मेजर जनरल हरमनदीप सिंह ने पूर्व सैनिकों को कॉरपोरेशन द्वारा उपलब्ध कराए गए रोजगार तथा कॉरपोरेशन की प्रगति के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर मंत्री ने पूर्व सैनिकों को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध करवाने तथा पेस्को की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए निर्देश दिए। -

लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक व्यक्ति अपना वोट अवश्य बनवाए- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपना वोट अवश्य बनवाना चाहिए। बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के सहयोग के लिए प्रत्येक राजनीतिक दल अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करता है, जो मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने तथा अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों में लोगों का सहयोग करते हैं।
इसी कड़ी में प्रदेशभर में पार्टी द्वारा शक्ति केंद्रों पर 30 टिफिन बैठकों का आयोजन किया गया। पिंजौर के मानकपुर गांव स्थित देवीलाल कॉलोनी में आयोजित एक टिफिन बैठक में मुख्यमंत्री ने स्वयं भाग लिया और पार्टी संगठन की मजबूती के लिए बीएलए तथा अन्य पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा, जिलाध्यक्ष अजय मित्तल, मंडलाध्यक्ष हरीश मोंगा, भाजपा बीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुनील धीमान, जिला उपाध्यक्ष पवन कुमारी, वार्ड पार्षद गुलशन ठाकुर तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रत्येक परिवार को आवास उपलब्ध करवाने के संकल्प को प्रदेश में प्रभावी रूप से साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। वे योजनाओं के लाभार्थियों के घर जाकर भी उनसे योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभ की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।
इसी क्रम में आज उन्होंने हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना-2 के अनुसूचित जाति के दो लाभार्थियों, सरोज और जयंती, के घर जाकर उनसे मुलाकात की तथा उनके साथ भोजन भी किया। इन दोनों लाभार्थियों को योजना के तहत पिंजौर के सेक्टर-28 स्थित मानकपुर गांव में 30-30 वर्ग गज के प्लॉट आवंटित किए गए हैं।
-

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मिर्जापुर माजरा व भूखड़ी पहुंचकर शोक संतप्त परिवारों को दी सांत्वना
चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को उपमंडल नारायणगढ़ के गांव मिर्जापुर माजरा एवं गांव भूखड़ी पहुंचकर शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की तथा दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों को सांत्वना दी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सबसे पहले गांव मिर्जापुर माजरा पहुंचे, जहां उन्होंने स्वर्गीय जय सिंह के निवास पर जाकर शोक व्यक्त किया। स्वर्गीय जय सिंह का 15 जुलाई को बीमारी के कारण निधन हो गया था। मुख्यमंत्री ने परिवारजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गांव भूखड़ी पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस पार्टी के पूर्व विधायक स्वर्गीय राजपाल भूखड़ी के निवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। स्वर्गीय राजपाल भूखड़ी का 20 जुलाई को हृदयगति रुकने से निधन हो गया था। मुख्यमंत्री ने उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की । उन्होंने शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
-

उपायुक्त ने जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में आधुनिक सम्मेलन कक्ष का किया लोकार्पण
बोले…पूर्व सैनिकों के सम्मान और सुविधाओं को मिलेगी नई मजबूती
ऊना, सुशील पंडित : उपायुक्त जतिन लाल ने आज (मंगलवार) को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में लगभग 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक वातानुकूलित सम्मेलन कक्ष का लोकार्पण किया। 60 व्यक्तियों की क्षमता वाला यह सम्मेलन कक्ष पूर्व सैनिकों, वीर नारियों तथा सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठकों, विचार-विमर्श और विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जिला सैनिक कल्याण कार्यालय सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों को सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रशासन का प्रयास है कि उन्हें एक ही स्थान पर बेहतर सुविधाएं सुलभ हों। उन्होंने बताया कि घनारी में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक संचालित की जा रही है, जबकि रोड़ा में लगभग 4.5 करोड़ रुपये की लागत से सैनिक भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके पूर्ण होने पर सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों को विभिन्न सेवाएं और सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकेंगी।
उपायुक्त ने बताया कि कार्यालय परिसर में पार्किंग सुविधा के विस्तार पर 3.5 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। उन्होंने परिसर स्थित लीगल सर्विस क्लीनिक का निरीक्षण भी किया तथा उसकी छत की मरम्मत के लिए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कार्यालय के उप निदेशक लेफ्टिनेंट कर्नल एस.के. कलिया ने बताया कि कार्यालय के माध्यम से पूर्व सैनिकों को पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान, मेडिकल सहायता, सीएसडी सहित विभिन्न सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि विभाग समय-समय पर दूरदराज के क्षेत्रों में जागरूकता शिविर आयोजित कर पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। इस अवसर पर सेवानिवृत्त कर्नल रघुवीर सिंह, कृष्ण पाल चन्झोत्रा, के.सी. शर्मा, सेवानिवृत सैनिक लीग के अध्यक्ष कैप्टन शक्ति चंद, बीडीओ राहुल धीमान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
-

मुख्यमंत्री से मिले नीट (स्नातक)-2026 में अखिल भारतीय स्तर पर द्वितीय रैंक प्राप्त करने वाले पंशुल बंसल
पंशुल बंसल की उपलब्धि हरियाणा सहित पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी- मुख्यमंत्री
चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से चंडीगढ़ स्थित उनके आवास पर फ़रीदाबाद निवासी पंशुल बंसल ने शिष्टाचार भेंट की। पंशुल बंसल ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (स्नातक)–2026 में अखिल भारतीय स्तर पर द्वितीय रैंक प्राप्त कर हरियाणा का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने पंशुल बंसल को उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पंशुल की यह सफलता हरियाणा सहित पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उनकी मेहनत, लगन, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ने यह सिद्ध कर दिया है कि निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा के युवा शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रौद्योगिकी तथा अन्य विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। पंशुल बंसल की उपलब्धि भी इसी गौरवशाली परंपरा का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने पंशुल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। इस अवसर पर पंशुल बंसल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का स्नेह, आशीर्वाद और प्रोत्साहन उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा। -

ट्रीटेड पानी का वैज्ञानिक और योजनाबद्ध तरीके से उपयोग किया जाए- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जल संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि ट्रीटेड पानी का वैज्ञानिक और योजनाबद्ध तरीके से उपयोग किया जाए तो न केवल भूजल और पेयजल स्रोतों पर दबाव कम होगा, बल्कि उद्योगों, ऊर्जा क्षेत्र, हरित क्षेत्रों और कृषि के लिए भी पानी की दीर्घकालिक उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी। मुख्यमंत्री सोमवार देर सांय रीयूज़ ऑफ ट्रीटेड वेस्टवॉटर (टीडब्ल्यूडब्ल्यू) पॉलिसी, हरियाणा से संबंधित विशेष बैठक ले रहे थे। बैठक में प्रदेश के जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा भी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राज्य के सभी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीटीपी) से तय मानकों के अनुरूप ट्रीटेड पानी निकले और उसका अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ट्रीटेड पानी किसी भी स्थिति में व्यर्थ नहीं जाना चाहिए। इसके लिए ऐसा मजबूत और सुव्यवस्थित नेटवर्क तैयार किया जाए, जिससे यह पानी थर्मल पावर प्लांटों, ग्रीन बेल्ट, कृषि और अन्य जरुरत वाले क्षेत्रों तक आसानी से पहुंच सके।
बैठक के दौरान जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग ने ट्रीटेड वेस्ट वाटर के दोबारा इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए चरणबद्ध योजना बनाई है। पहले चरण में 21 जिलों के 35 एसटीपी को शामिल करते हुए 500 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार की गई, जिसे नाबार्ड के तहत मंजूरी मिली। इनमें 27 एसटीपी को माइक्रो इरिगेशन के जरिए ट्रीटेड वेस्ट वाटर के दोबारा इस्तेमाल के लिए अंतिम रूप दिया गया है। 19 एसटीपी का काम पूरा हो चुका है, जबकि 8 पर काम चल रहा है। इस परियोजना से करीब 40 हजार एकड़ खेती की जमीन को सिंचाई जल मिलेगा।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि दूसरे चरण में 57 एसटीपी को शामिल किया गया है। इनमें 13 एसटीपी की क्षमता 157.50 एमएलडी और 44 एसटीपी की क्षमता 370.75 एमएलडी है। फिलहाल राज्य में 207 एसटीपी/सीईटीपी हैं और बाकी प्लांट्स को भी चरणबद्ध तरीके से इस योजना से जोड़ा जाएगा।
विभाग ने पहले चरण की परियोजनाएं समय पर पूरी करने, दूसरे चरण के व्यवहारिक एसटीपी विकसित करने और बाकी एसटीपी को भी इस योजना से जोड़ने की तैयारी की है। लक्ष्य है कि विजन@2047 के तहत मार्च 2031 तक राज्य में 100 फीसदी ट्रीटेड वेस्ट वाटर का दोबारा इस्तेमाल किया जाए।
एसटीपी और सीटीपी की मैपिंग की जाएं
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश में जहां-जहां एसटीपी और सीटीपी स्थापित हैं, उनकी विस्तृत मैपिंग की जाए। प्रत्येक प्लांट की क्षमता, वहां से निकलने वाले ट्रीटेड पानी की मात्रा, उसके संभावित उपयोग और आसपास के क्षेत्रों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था का पूरा खाका तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि सही योजना और बेहतर समन्वय के साथ ट्रीटेड पानी का व्यापक स्तर पर उपयोग किया जा सकता है, जिससे भूजल और पेयजल स्रोतों पर दबाव भी कम होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि ट्रीटेड पानी के उपयोग में सबसे पहले थर्मल पावर प्लांटों को प्राथमिकता दी जाए। इसके बाद ग्रीन बेल्ट, पार्कों, पौधारोपण और कृषि कार्यों में इसका अधिक से अधिक उपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों के लिए भी अलग से योजना तैयार की जाए, ताकि उद्योगों में भी ताजे पानी की जगह ट्रीटेड पानी का उपयोग बढ़ाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस पूरी व्यवस्था को स्ट्रीमलाइन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह कार्य केवल एक विभाग तक सीमित नहीं रहना चाहिए। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, सिंचाई विभाग, शहरी स्थानीय निकाय, उद्योग विभाग, ऊर्जा विभाग और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित सभी संबंधित विभाग संयुक्त रूप से कार्ययोजना तैयार करें। इसके लिए विभागों के वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से बैठक करें और पूरे कार्य की क्लोज मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।
कॉलोनियों के एसटीपी की होगी जांच
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सोसायटी कॉलोनियों में स्थापित एसटीपी की भी विशेष जांच की जाएगी। इसके लिए हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के साथ-साथ संबंधित नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं के अधिकारी संयुक्त रूप से निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि निजी कॉलोनियों के एसटीपी से निकलने वाले ट्रीटेड पानी का उपयोग कॉलोनियों की ग्रीन बेल्ट, पार्कों और पौधारोपण में हो। यदि वहां इसकी आवश्यकता नहीं है, तो पाइपलाइन अथवा अन्य उपयुक्त नेटवर्क के माध्यम से इस पानी को खेतों या अन्य जरूरत वाले क्षेत्रों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। प्रदेश में लगभग 678 सोसायटी कॉलोनी हैं, जहां इस व्यवस्था की चरणबद्ध समीक्षा की जाएगी।
क्लस्टर बनाकर होगी ट्रीटेड पानी की सप्लाई
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे क्लस्टर आधारित व्यवस्था विकसित कर ट्रीटेड पानी की सप्लाई सुनिश्चित करें। जहां एक से अधिक एसटीपी हैं, वहां उन्हें आपस में जोड़कर प्रभावी वितरण प्रणाली विकसित की जाए, ताकि अधिक से अधिक क्षेत्रों तक इस पानी का लाभ पहुंच सके।कुसुम योजना के तहत लगाए जाएंगे सोलर सिस्टम
बैठक में एसटीपी के संचालन पर आने वाले बिजली खर्च पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कुसुम योजना के तहत अधिक से अधिक एसटीपी पर सोलर सिस्टम लगाए जाएं, ताकि बिजली की लागत कम हो और किसी भी परिस्थिति में प्लांटों का संचालन प्रभावित न हो। इसके अलावा उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि 24 घंटे यह प्लांट चलने चाहिए, जिसे भी मैटेंस इत्यादि की जिम्मेवारी दी जाएं तो यह सुनिश्चित किया जाएं कि किसी प्रकार की लापरवाही ना हो।हर प्लांट की तैयार होगी विस्तृत बुकलेट
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पूरे प्रदेश के सभी एसटीपी और सीटीपी की एक विस्तृत बुकलेट तैयार की जाए। इसमें प्रत्येक प्लांट का पता, लोकेशन, क्षमता, प्रतिदिन ट्रीट होने वाले पानी की मात्रा, ट्रीटेड पानी की उपलब्धता, संबंधित अधिकारियों के संपर्क विवरण तथा पानी के उपयोग की वर्तमान एवं प्रस्तावित व्यवस्था का पूरा विवरण शामिल किया जाएगा। इससे भविष्य की योजनाएं बनाने और उनकी निगरानी करने में सुविधा होगी।
कोई भी एसटीपी नहीं रहना चाहिए बंद
प्रदेश का कोई भी एसटीपी बंद नहीं रहना चाहिए। यदि किसी प्लांट के संचालन में बिजली, रखरखाव, तकनीकी खराबी या अन्य किसी प्रकार की समस्या है तो संबंधित विभाग तत्काल उसका समाधान करें। उन्होंने कहा कि इन प्लांटों के संचालन पर होने वाले बिजली खर्च और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि सभी एसटीपी लगातार संचालित होते रहें। उन्होंने कहा कि इस संबंध में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई होगी।थर्मल पावर प्लांटों तक पहुंचेगा ट्रीटेड पानी
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में थर्मल पावर प्लांट स्थित हैं, वहां आसपास के एसटीपी को नेटवर्क के माध्यम से जोड़कर ट्रीटेड पानी की नियमित सप्लाई सुनिश्चित की जाए। इससे थर्मल पावर प्लांटों में वर्तमान में उपयोग हो रहे ताजे पानी की बचत होगी और उस पानी का उपयोग अन्य आवश्यक कार्यों के लिए किया जा सकेगा। इसके साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों की भी विस्तृत मैपिंग की जाए। यह तय किया जाए कि किस उद्योग तक किस एसटीपी अथवा सीटीपी से ट्रीटेड पानी पहुंचाया जा सकता है और उसके लिए किस प्रकार का नेटवर्क विकसित करना होगा। भविष्य में उद्योगों में ट्रीटेड पानी के उपयोग को प्राथमिकता दी जाए।15 दिनों में मांगी गई विस्तृत रिपोर्ट
बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी संबंधित विभाग अगले 15 दिनों के भीतर अपनी-अपनी ट्रीटमेंट क्षमता, उपलब्ध ट्रीटेड पानी, उसके वर्तमान उपयोग, भविष्य की आवश्यकता तथा वितरण व्यवस्था का विस्तृत विवरण जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को उपलब्ध कराएंगे। इन रिपोर्टों के आधार पर पूरे प्रदेश के लिए एक समग्र कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि ट्रीटेड पानी का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के प्रधान सचिव पंकज यादव, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक मीणा, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन विनय प्रताप सिंह, मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र बढ़खालसा, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ यशपाल, हरियाणा पर्यटन निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पार्थ गुप्ता, गुरुग्राम नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया, ईआईसी दवेंद्र दहिया भी मौजूद थे।