Blog

  • PM आवास के पास कांग्रेस का प्रदर्शन, चन्नी सहित हिरासत में लिए कई नेता, देखें वीडियो

    PM आवास के पास कांग्रेस का प्रदर्शन, चन्नी सहित हिरासत में लिए कई नेता, देखें वीडियो

    नई दिल्लीः दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए लाठी चार्ज को लेकर मामला गरमा गया है। इस मामले को लेकर विपक्ष के नेताओं द्वारा लगातार भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा है। वहीं इस मामले को लेकर कांग्रेस द्वारा आज पीएम आवास के बाहर प्रदर्शन किया गया। दरअसल, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी कांग्रेस सांसदों के साथ धरने पर बैठे कांग्रेस सांसदों का प्रदर्शन जारी है। राहुल गांधी ने छात्रों पर हुए लाठी चार्ज के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को जिम्मेदार ठहराया है।

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा, सासंद चरणजीत सिंह चन्नी, सासंद गुरजीत औजला, पंजाब प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग सहित अन्य नेता मौजूद रहे। उन्होंने युवा छात्रों पर हुए कथित अत्याचारों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। वहीं, पुलिस ने नारेबाजी कर रहे कांग्रेस सासंद चरणजीत सिंह चन्नी सहित कई नेताओं को हिरासत में लिया गया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सरकार छात्रों की समस्याओं पर कोई जवाबदेही नहीं ले रही है और संसद में चर्चा से बच रही है। इस प्रदर्शन के जरिए विपक्ष ने केंद्र सरकार पर युवाओं के भविष्य को लेकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

    पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने पर कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने कहा, “वे हमें बेरहमी से हिरासत में ले रहे हैं। हम प्रधानमंत्री आवास के सामने विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं क्योंकि कल दिल्ली पुलिस ने हमारे छात्रों पर बेरहमी से हमला किया था। प्रधानमंत्री कुछ नहीं कह रहे हैं, गृह मंत्री कोई बयान नहीं दे रहे हैं। प्रधानमंत्री कुछ बोल ही नहीं रहे हैं।” बताया जा रहा है कि पीएम आवास के बाहर कांग्रेस के इस धरने की मुख्य वजह लोकसभा में स्पीकर द्वारा छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के मुद्दा को नहीं उठाने देना है। माना जाता है कि संसद में गतिरोध के बाद राहुल गांधी ने अपनी पार्टी के सांसदों से कहा कि चलो, इस मुद्दे पर अब प्रधानमंत्री को जगाते हैं। धरना स्थल पर कांग्रेस के तमाम बड़े नेताओं के साथ वहां दो मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी भी देखी गई। इनमें एक केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन हैं और दूसरे कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार हैं। हालांकि कहा जा रहा है कि ये दोनों नेता वहां राहुल से मुलाकात करने के बाद चले गए।

  • CJP के विरोध-प्रदर्शन में कई छात्र घायल, हाल जानने पहुंचे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी, देखें वीडियो

    CJP के विरोध-प्रदर्शन में कई छात्र घायल, हाल जानने पहुंचे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी, देखें वीडियो

    नई दिल्लीः दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के मार्च के दौरान पुलिस और सुरक्षा कर्मियों के साथ जमकर झड़प हुईं। इस दौरान कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए, जबकि बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आ रही है। वहीं आज प्रियंका गांधी और राहुल गांधी आरएमएल अस्पताल में घायल छात्रों से मिलने पहुंचे। इससे पहले केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल भी अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल में पहुंचने से पहले राहुल गांधी ने सदन के बाहर कहा कि देश का छात्र कह रहा है – “हमारा कोई भविष्य नहीं।”

    वहीं भाजपा सरकार के मंत्री कह रहे हैं – “हमारी कुर्सी नहीं जाएगी।” उन्होंने कहा कि जिस देश में छात्र भविष्य खो दे और मंत्री कुर्सी ना खोए – वहां न्याय है ही नहीं। राहुल गांधी ने कहा कि ये जो युवा हैं, ये एजुकेशन सिस्टम के बारे में जानते हैं। पूरा देश जानता है कि एजुकेशन सिस्टम टूट चुका है। ये वही कह रहे हैं कि जो नहीं संभाल पा रहे है वह इस्तीफा दे। प्रधानमंत्री चुप क्यों हैं। उन्हें माफी मांगनी चाहिए और यह सब रोकना चाहिए। उन्होंने कहा, आरएसएस के प्रचारकों को विश्वविद्यालय का कुलपति बनाया जा रहा है। यह युवाओं के भविष्य का सवाल है। यह बहुत बड़ा मामला है।

    भारत में शिक्षा का कोई भविष्य नहीं बचा है। धर्मेंद्र प्रधान को लेकर उन्होंने कहा, वह तो केवल बिचौलिए हैं। गृह मंत्री और प्रधानमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। इससे पहले आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आरएमएल अस्पताल जाकर घायल छात्रों से मुलाकात की है। बताया जा रहा है कि यहां लाठीचार्ज में घायल हुए 7 छात्रों के ऐडमिट करवाया गया है। इनमें से एक लड़की की हालत गंभीर है और उसे आईसीयू में रखा गया है। केजरीवाल ने कहा कि निहत्थे बच्चों पर बर्बरता से हमला करवाया गया। कई बच्चे घायल हुए और कई पुलिसवाले घायल हुए। यह बहुत ही गलत है। बताया गया है कि एक बच्ची को छोड़कर बाकी को डिसचार्ज किया जा रहा है।

     

  • Jalandhar News: 15 वर्षीय लड़की की मौत को लेकर लोगों ने लगाया धरना, देखें वीडियो

    Jalandhar News: 15 वर्षीय लड़की की मौत को लेकर लोगों ने लगाया धरना, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: कस्बा जंडियाला मंजकी में 15 वर्षीय किशोरी लुवनिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस मामले को लेकर 2 दिन पहले इंसाफ मांगने को लेकर कैंडल मार्च निकाला गया था। वहीं आज लोगों द्वारा इंसाफ की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। लोगों द्वारा आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। दरअसल, पीड़ित परिवार ने अपनी बेटी के मौसा और मौसी पर बेरहमी से मारपीट कर हत्या करने का संगीन आरोप लगाया है। परिवार ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक पुलिस आरोपियों को सलाखों के पीछे नहीं भेजती, तब तक वे मृतका का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

    लोगों का कहना हैकि एक सप्ताह बीत गया, लेकिन अभी तक आरोपी गिरफ्तार नहीं किए गए। वहीं आज पुलिस उनसे 3 दिन का समय मांग रही है। लोगों का कहना हैकि मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में आज जंडियाला बंद करके इंसाफ को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। गांव वासी ने कहाकि मौसा और मामा ने घटना को अंजाम दिया। आरोप है कि गाड़ी में मामा शव लेकर आया था और कानूनी कार्रवाई करने पर धमकी देकर गया था। लोगों की मांग है कि जिस तरह बच्ची को मारा गया, उक्त आरोपियों को भी उसी तरह से सजा मिलनी चाहिए।

    वहीं घटना के बाद एडीसीपी-2 राकेश यादव मौके पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने घटना की निंदा की। अधिकारी ने माना कि यह कत्ल किया गया है। उन्होंने कहाकि घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें तैनात कर दी गई है। वहीं अमृतसर में भी अधिकारियों से तालमेल बनाया गया है और दोनों पुलिस कमिशनर ने मामले को लेकर लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी के निर्देश दिए है। अधिकारी ने कहा कि वह खुद लोगों को कानूनी सलाह देंगे और केस को मजबूत करेंगे। पुलिस अधिकारी ने लोगों से आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए समय मांगा है।

    बता दें कि घटना अमृतसर क्षेत्र से जुड़ी है, इसलिए पीड़ित परिवार ने इस मामले की औपचारिक शिकायत अमृतसर पुलिस को दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला तो दर्ज कर लिया है, लेकिन घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। पुलिस की इसी ढीली कार्रवाई के विरोध में आज जंडियाला मंजकी की सड़कों पर उतरकर स्थानीय लोगों द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है।

     

  • वशिष्ट पब्लिक स्कूल, ऊना के छात्र का राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन

    वशिष्ट पब्लिक स्कूल, ऊना के छात्र का राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन

    ऊना/सुशील पंडित : वशिष्ट पब्लिक स्कूल, ऊना के लिए बड़े गर्व का विषय है कि विद्यालय के कक्षा आठवीं ‘ए’ के छात्र शौर्य ठाकुर का अंडर-14 राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। शौर्य ठाकुर 24 से 26 जुलाई 2026 तक मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला ऊना का प्रतिनिधित्व करेगा।

    इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री अनुज वशिष्ट जी ने शौर्य ठाकुर को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री दीपक कौशल जी ने विश्वास व्यक्त किया कि शौर्य अपनी प्रतिभा, अनुशासन और कड़ी मेहनत के बल पर राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, जिला तथा प्रदेश का नाम गौरवान्वित करेगा।

     

  • डॉ. बलजीत कौर ने SC विद्यार्थियों से की ये अपील

    डॉ. बलजीत कौर ने SC विद्यार्थियों से की ये अपील

    चंडीगढ़: पंजाब की सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत आने वाले सभी अनुसूचित जाति (एस.सी.) विद्यार्थियों से अपील की है कि वे 15 अगस्त, 2026 तक अपने सक्रिय बैंक खातों की आधार सीडिंग (Aadhaar Seeding) अनिवार्य रूप से पूरी करवा लें, ताकि उनकी छात्रवृत्ति की बकाया राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डी.बी.टी.) प्रणाली के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा सके।

    कैबिनेट मंत्री ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत छात्रवृत्ति की राशि केवल डी.बी.टी. के माध्यम से लाभार्थी के आधार से जुड़े सक्रिय बैंक खाते में ही हस्तांतरित की जाती है। ऐसे में जिन विद्यार्थियों के बैंक खाते आधार से लिंक नहीं हैं, वे पात्र होने के बावजूद छात्रवृत्ति की राशि प्राप्त करने से वंचित रह जाते हैं।

    डॉ. बलजीत कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि शैक्षणिक सत्र 2022-23 से 2025-26 तक के उन अनुसूचित जाति विद्यार्थियों की सूची, जिनकी छात्रवृत्ति का भुगतान केवल बैंक खातों की आधार सीडिंग न होने के कारण लंबित है, डॉ. अंबेडकर छात्रवृत्ति पोर्टल तथा पंजाब सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। उन्होंने संबंधित विद्यार्थियों से अपील की कि वे सूची में अपना नाम जांचें, अपने बैंक खाते की स्थिति का सत्यापन करें तथा तुरंत अपने संबंधित बैंक से संपर्क कर खाते को आधार से लिंक करवाएं, ताकि उनकी बकाया राशि बिना किसी अतिरिक्त विलंब के जारी की जा सके।

    शिक्षा को सामाजिक सशक्तिकरण और उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत आधारशिला बताते हुए डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि कोई भी जरूरतमंद विद्यार्थी केवल प्रशासनिक या तकनीकी कारणों से छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्रवृत्ति विद्यार्थी के भविष्य में किया गया एक महत्वपूर्ण निवेश है, जो प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मान और आत्मविश्वास के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करती है तथा ‘रंगला पंजाब’ के निर्माण के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देती है।

    मंत्री ने सभी पात्र विद्यार्थियों से एक बार फिर अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और निर्धारित समय से पहले ही आधार सीडिंग की प्रक्रिया पूरी कर लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो विद्यार्थी 15 अगस्त, 2026 तक अपने सक्रिय बैंक खातों की आधार सीडिंग नहीं करवाते हैं, उनकी छात्रवृत्ति की राशि में होने वाली देरी अथवा भुगतान रुकने के लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे, क्योंकि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने तक भुगतान संभव नहीं होगा।

    डॉ. बलजीत कौर ने दोहराया कि पंजाब सरकार प्रत्येक पात्र अनुसूचित जाति विद्यार्थी तक पारदर्शी, समयबद्ध और सुचारु तरीके से छात्रवृत्ति सहायता पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आधार सीडिंग की प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया, ताकि वे बिना किसी परेशानी के छात्रवृत्ति का लाभ प्राप्त कर सकें।

  • हाईराइज सोसाइटी में खिलाड़ी पर गिरा पोल, घायल, देखें CCTV

    हाईराइज सोसाइटी में खिलाड़ी पर गिरा पोल, घायल, देखें CCTV

    गुरुग्रामः सेक्टर-84 स्थित एक हाईराइज सोसाइटी में खेल के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बास्केटबॉल कोर्ट में दोस्तों के साथ खेल रहे 20 वर्षीय युवक पर अचानक बास्केटबॉल का लोहे का पोल गिर गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक खेल रहा था. इस दौरान बास्केटबॉल पोल अचानक अपनी जगह से टूटकर नीचे आ गिरा और युवक उसकी चपेट में आ गया।

    मौके पर मौजूद उसके साथियों ने तुरंत उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद सोसाइटी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।बताया जा रहा है कि युवक को रीढ़ की हड्डी सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है। फिलहाल उसकी स्थिति को लेकर परिवार और परिचित चिंतित हैं। घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों ने रखरखाव व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

    उनका कहना है कि खेल परिसर में लगे कई उपकरण लंबे समय से जर्जर हालत में हैं और इस संबंध में पहले भी प्रबंधन को शिकायतें दी जा चुकी थीं। यदि समय रहते मरम्मत और सुरक्षा जांच कराई जाती तो इस हादसे से बचा जा सकता था। हादसे के बाद सोसाइटी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित सुरक्षा ऑडिट और समय पर रखरखाव किसी भी रिहायशी परिसर के लिए बेहद जरूरी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रबंधन इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्या कदम उठाता है। गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई जारी है।

     

     

  • पंजाब में नहरी सिंचाई का दायरा लगातार बढ़ रहा है : जल संसाधन मंत्री

    पंजाब में नहरी सिंचाई का दायरा लगातार बढ़ रहा है : जल संसाधन मंत्री

    चंडीगढ़/लुधियाना: पंजाब सरकार द्वारा किसानों के कल्याण और कृषि को अधिक सशक्त एवं टिकाऊ बनाने के उद्देश्य से जल संसाधन, खनन एवं भू-विज्ञान मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने समराला विधानसभा क्षेत्र के गांव पूनियां में 1.10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित लिफ्ट सिंचाई योजना का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार प्रदेश के प्रत्येक किसान के खेत तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि भूजल पर निर्भरता कम हो, जल संरक्षण को बढ़ावा मिले और खेती को दीर्घकालिक रूप से टिकाऊ बनाया जा सके।

    जल संसाधन मंत्री ने बताया कि गांव पूनियां लंबे समय से नहरी पानी की सुविधा से वंचित था तथा यहां भूजल का स्तर लगातार नीचे जा रहा था। 1.10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना के अंतर्गत 8 किलोमीटर लंबी भूमिगत पाइपलाइन बिछाई गई है, जिसके माध्यम से 767 एकड़ कृषि भूमि तक पहली बार नहरी पानी पहुंचाया गया है। इस योजना से लगभग 120 किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा उनकी सिंचाई लागत में उल्लेखनीय कमी आएगी।

    उन्होंने कहा कि सरहिंद नहर का निर्माण वर्ष 1985 में हुआ था, लेकिन इस क्षेत्र को कभी इसका लाभ नहीं मिल पाया। मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान ने वर्ष 2022 में सरकार बनने के बाद प्रत्येक खेत तक नहरी पानी पहुंचाने का जो संकल्प लिया था, उसे चरणबद्ध ढंग से धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक सरहिंद नहर से जुड़ी सात लिफ्ट सिंचाई योजनाओं के माध्यम से 2,124 एकड़ क्षेत्र को पहली बार नहरी पानी उपलब्ध कराया गया है।

    गोयल ने बताया कि समराला विधानसभा क्षेत्र में नहरों के नवीनीकरण तथा भूमिगत पाइपलाइन बिछाने पर 43.50 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जिससे 12,630 एकड़ भूमि को नियमित रूप से नहरी पानी उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने पूरे राज्य में नहरी सिंचाई के विस्तार के लिए लगभग 7,200 करोड़ रुपये व्यय कर भूजल संरक्षण, बिजली की बचत तथा कृषि उत्पादन क्षमता बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की है।

    वर्ष 2022 में प्रदेश में केवल 26 प्रतिशत नहरी पानी का उपयोग हो रहा था, जबकि आज यह बढ़कर 86 प्रतिशत तक पहुंच गया है। सरकार का लक्ष्य इसे 100 प्रतिशत तक ले जाना है। उन्होंने कहा कि आज़ादी के बाद पहली बार पंजाब के 1,550 गांवों तक नहरी पानी पहुंचाया गया है, जो राज्य की सिंचाई व्यवस्था में एक क्रांतिकारी परिवर्तन का प्रतीक है। कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उद्घाटन स्थल पर पौधारोपण भी किया। समराला के विधायक जगतार सिंह दयालपुरा ने कहा कि गांव पूनियां में इस परियोजना के शुरू होने से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और कृषि को नई दिशा मिलेगी।

    मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार योजनाबद्ध तरीके से पूरे राज्य में नहरी सिंचाई नेटवर्क का विस्तार कर रही है, जिससे भूजल पर निर्भरता कम होगी। नहरी पानी उपलब्ध होने से किसानों के डीजल आधारित सिंचाई खर्च में कमी आएगी, खेती की लागत घटेगी और उनकी आय में वृद्धि होगी। साथ ही, नहरी पानी में मौजूद आवश्यक पोषक तत्व भूमि की उर्वरता बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध होते हैं। यह परियोजना कृषि व्यवस्था को अधिक मजबूत, टिकाऊ और पर्यावरण अनुकूल बनाएगी, जिसका लाभ आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचेगा।

    इस अवसर पर पंजाब जल संसाधन प्रबंधन एवं विकास निगम के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार बंसल, अधीक्षण अभियंता मनिंदर सिंह, कार्यकारी अभियंता गौरव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, किसान तथा क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

  • दुलैहड़ में फर्नीचर दुकान में चोरी, आरोपी गिरफ्तार

    दुलैहड़ में फर्नीचर दुकान में चोरी, आरोपी गिरफ्तार

    ऊना/सुशील पंडित : पुलिस थाना टाहलीवाल के तहत दुलैहड़ में एक फर्नीचर की दुकान से चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शिकायतकर्ता दविंद्र कुमार ने बताया कि उसकी दुकान के पीछे बने टीन शेड से सामान चोरी किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अमनदीप निवासी दुलैहड़ को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

  • 15 वर्षों तक होंगी एआईटीपी वाहनों की परिचालन अवधि: उप-मुख्यमंत्री

    15 वर्षों तक होंगी एआईटीपी वाहनों की परिचालन अवधि: उप-मुख्यमंत्री

    प्रदेश सरकार के प्रयासों से नियमों में संशोधन

    शिमला: उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज यहां बताया कि प्रदेश सरकार के सतत प्रयासों से प्रदेश के ऑल इंडिया टूरिस्ट टैक्सी ऑपरेटरों की वर्षों पुरानी महत्त्वपूर्ण मांग पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा केंद्र सरकार के समक्ष लगातार टैक्सी ऑपरेटरों की मांगों का मामला उठाया गया, जिसके परिणामस्वरूप ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट (एआईटीपी) वाहनों की परिचालन अवधि को 12 वर्ष से बढ़ाकर 15 वर्ष कर दिया गया है। इस निर्णय से प्रदेश के हजारों टैक्सी संचालकों को बड़ी राहत मिलेगी तथा पर्यटन एवं परिवहन क्षेत्र भी सशक्त होंगे। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे पर्यटन प्रधान राज्य में हजारों परिवार टैक्सी संचालन कर अपनी आजीविका अर्जित करते हैं। वाहन संचालक परिचालन अवधि बढ़ाने की निरंतर मांग कर रहे थे, जिसे उन्होंने केंद्र सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष इस विषय को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया और वाहन संचालकों की व्यावहारिक कठिनाइयों से अवगत कराया। केंद्र सरकार द्वारा नियमों में संशोधन किए जाने के पश्चात प्रदेश सरकार ने भी इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग द्वारा आवश्यक आदेश जारी करने के साथ-साथ विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी अधिसूचित कर दी गई है, ताकि पात्र वाहन मालिक संशोधित नियमों का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकें। संशोधित व्यवस्था लागू होने से पात्र एआईटीपी वाहन 15 वर्ष तक संचालित किए जा सकेंगे। इस व्यवस्था के लागू होने से टैक्सी ऑपरेटरों पर आर्थिक बोझ कम होगा और उनके रोजगार का साधन भी सशक्त होगा। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि संशोधित व्यवस्था के तहत ऐसे एआईटीपी वाहन, जिनकी पंजीकरण अवधि 15 वर्ष से कम है, निर्धारित शर्तों की पूर्ति के बाद इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। इसके लिए वाहन मालिकों को वैध फिटनेस प्रमाण-पत्र, पंजीकरण प्रमाण-पत्र, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र, सभी सरकारी शुल्क का भुगतान तथा अन्य वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। इस प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल और समयबद्ध बनाने के लिए परिवहन विभाग द्वारा विस्तृत एसओपी जारी कर दी गई है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इस निर्णय से न केवल टैक्सी ऑपरेटरों को आर्थिक राहत मिलेगी, बल्कि प्रदेश के पर्यटन उद्योग को भी नई गति प्राप्त होगी। पर्यटन सीजन के दौरान बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्रदेश सरकार परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी उनकी व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक एवं जनहितकारी निर्णय लेती रहेगी।
  • Punjab News: पड़ी दरार, अकाली दल पुनर सुरजीत में 15 नेताओं ने छोड़ी पार्टी

    Punjab News: पड़ी दरार, अकाली दल पुनर सुरजीत में 15 नेताओं ने छोड़ी पार्टी

    चंडीगढ़: पंजाब में होने वाली विधानसभा चुनावों से पहले ज्ञानी हरप्रीत सिंह की अगुवाई वाले ‘शिरोमणि अकाली दल पुनर सुरजीत’ में बड़ा फूट पड़ गया है। दरअसल, इकबाल सिंह झूंड़ा और संता सिंह उम्मैदपुरी समेत 15 नेताओं ने बगावत कर करते हुए पार्टी छोड़ दी। इन बागी नेताओं ने अलग धड़ा बनाकर नए राजनीतिक गठजोड़ की तैयारी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि बगावत करने वाले इस धड़े द्वारा अकाली दल वारिस पंजाब के साथ गठजोड़ किया जाएगा। इस कार्यक्रम में अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह समेत कई नेता मौजूद रहे। पंथक नेताओं ने कहा कि लंबे विचार-विमर्श के बाद यह फैसला लिया गया है कि पंथक एकता के लिए एक साझा प्लेटफ़ॉर्म स्थापित किया जाए।

    उनका कहना है कि यदि पंजाब और पंथ के मुद्दों का समाधान करना है तो सारी पंथक ताकतें एकजुट होंगी। नेताओं ने कहा कि यह मंच किसी निजी या राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि केवल पंथ और पंजाब के हितों के संरक्षण के लिए बनाया गया है। उन्होंने पंथक विचारधारा रखने वाली सभी जत्थेबंदियों और नेताओं से अपील की कि वे आपसी मतभेद भुलाकर इस प्रयास से जुड़ें और अकाली राजनीति को नई दिशा देने में सहयोग करें।

    इस मौके पर उन्होंने सभी सहयोगी नेताओं और जत्थेबंदियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि पंथक काउंसिल के इस साझा मंच के जरिए भाई अमृतपाल सिंह की पंथक सोच तथा बीबी परमजीत कौर समेत धार्मिक रिवायतों को पूरा समर्थन दिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यह मंच पंजाब और पंथ के हितों की मजबूती से प्रतिनिधि करेगा।

    नेताओं ने स्पष्ट किया कि इस पहल का कोई निजी राजनीतिक मकसद नहीं है और न ही किसी पद या लाभ की इच्छा है। उनका कहना है कि इस मंच का एकमात्र उद्देश्य पंथक एकता को मजबूत करना है। साथ ही उन्होंने सभी अकाली नेताओं, कार्यकर्ताओं और पंजाबियों से अपील की कि वे अफवाहों और विभाजन पैदा करने वाली बातों से दूर रहकर साझा नेतृत्व को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।