Blog

  • Highcourt ने Sonam Wangchuk को लेकर दिया अहम आदेश, इस अस्पताल में शिफ्ट होंगे Social Activist

    Highcourt ने Sonam Wangchuk को लेकर दिया अहम आदेश, इस अस्पताल में शिफ्ट होंगे Social Activist

    नई दिल्ली: सोनम वांगचुक की हेल्थ को लेकर चल रहे मामले में हाईकोर्ट ने अहम आदेश दे दिया है। कोर्ट ने यह कहा है कि वांगचुक को अब मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया जाए। कोर्ट ने मेदांता को यह निर्देश दे दिया है कि वह डॉक्टरों का एक पैनल बनाए जो कि उनका इलाज करेगा। उनकी सभी मेडिकल रिपोर्ट इस पैनल को सौंप दी जाएगी। इस मामले की सुनवाई हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस तेजस कारिया की पीठ ने की है। कोर्ट ने यह साफ कह दिया है कि इस मामले में पूरा और विस्तृत आदेश लंच के बाद सुनाया जाएगा।

    सरकार ने रखी शर्त

    सुनवाई के दौरान सरकार और वांगचुक के पक्ष के बीच में इस बात पर भी चर्चा हुई है कि उनकी निगरानी कहां और कैसे होनी चाहिए। सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल ने हाई कोर्ट को यह बताया है कि सरकार को वांगचुक के मेदांता अस्पताल जाने पर कोई भी आपत्ति नहीं है परंतु सरकार की ओर से एक शर्त रखी गई कि उन्हें डॉक्टरों की सलाह के खिलाफ अस्पताल से डिस्चार्ज नहीं होना चाहिए।

    सरकार नहीं लेगी रिस्क

    सॉलिसिटर जनरल ने यह कहा है कि वांगचुक के आस-पास मौजूद कुछ लोग उनको अस्पताल से बाहर निकालने की कोशिश में है और इसका असर अब बाहर भी पड़ सकता है। सॉलिसिटर जनरल का यह भी कहना है कि वांगचुक अपनी पसंद का अस्पताल और डॉक्टर भी चुन सकते हैं लेकिन उन्हें मेडिकल सलाह के खिलाफ डिस्चार्ज नहीं होना चाहिए। कोर्ट से सवाल किया है कि यदि वांगचुक वापिस प्रदर्शन स्थल पर चले गए तो क्या होगा। यदि उन्हें कुछ हो गया तो इसका जिम्मेदार कौन होगा। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले में कोई रिस्क नहीं ले सकती क्योंकि यह सीधे तौर पर वांगचुक की सुरक्षा से जुड़ा सवाल है। हाई कोर्ट ने कहा है कि मेडिकल रिपोर्ट पढ़ने और डॉक्टरों से बातचीत करने के बाद यह बात सामने आई है कि सभी डॉक्टर इस बात पर सहमत है कि वांगचुक की सेहत पर लगातार निगरानी जरुरी है।

    डॉक्टरों की राय एक जैसी नहीं थी

    डॉक्टरों के अनुसार, उनकी निगरानी कहीं भी की जा सकती है हालांकि इस पर सभी डॉक्टरों की राय एक जैसी नहीं थी। डॉक्टर टंडन के अनुसार वांगचुक की निगरानी अस्पताल में होनी चाहिए ताकि किसी भी जरुरत पर तुरंत इलाज मिल पाए। इन सभी बातों को सुनने के बाद हाई कोर्ट ने यह कहा है कि वांगचुक को मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया जाए क्योंकि वो अस्पताल उनकी अपनी पसंद का है हालांकि सॉलिस्टिर जनरल ने इस पर आपत्ति जता दी है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के साथ भी इस मामले में पहले से बातचीत हुई थी।
  • अमलैहड़ में रास्ता रोककर मारपीट, जान से मारने की धमकी

    अमलैहड़ में रास्ता रोककर मारपीट, जान से मारने की धमकी

    ऊना/सुशील पंडित : पुलिस थाना अम्ब के अंतर्गत अमलैहड़ गांव में रास्ता रोककर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता सुरेश जसवाल ने आरोप लगाया कि चरण दास ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
  • Punjab News: होटल में फंदे से लटका शव मामलाः परिजनों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन, देखें वीडियो

    Punjab News: होटल में फंदे से लटका शव मामलाः परिजनों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन, देखें वीडियो

    फिरोजपुरः शहर के होटल में फंदे से लटके मिले शव को लेकर परिवार ने होटल के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। उनका आरोप है कि होटल का मालिक जान बूझकर सीसीटीवी फुटेज गायब करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने सड़क जाम करके विरोध जताया। पुलिस ने परिवार को समझाने की कोशिश की, लेकिन पीड़ित परिवार का कहना है कि जब तक न्याय नहीं मिलता, वे विरोध जारी रखेंगे।

    आपको बता दें फिरोजपुर के एक मशहूर होटल में युवक का शव पंखे से नग्न अवस्था में लटका हुआ मिला था। मृतक की पहचान मच्छीवाड़ा गांव के रहने वाले कुलवंत सिंह के तौर पर हुई है जो शादीशुदा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पीड़ित परिवार पुलिस की जांच से नाखुश है और होटल के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहा है। उनका कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, वे विरोध जारी रखेंगे।

    परिवार का आरोप है कि होटल का मालिक जानबूझकर पुलिस को वह CCTV वीडियो नहीं दे रहा है जिसमें लड़की होटल में आती और जाती दिख रही है। पुलिस को सबसे पहले सीसीटीवी की जांच करनी चाहिए थी। पहले वे आरोपी को पकड़ने की बात कर रहे थे, लेकिन अब वे यह कहकर मामले को दबाने की कोशिश कर रहे हैं कि कैमरा खराब है।

    पुलिस के बदलते बयानों और हरकतों से परिवार बहुत परेशान है। जिस परिवार का युवा बेटा इस तरह मौत के मुंह में चला गया है, उनका बुरा हाल है। पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर भी तीखे सवाल उठाए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस मामले की जांच का हवाला देकर बचने की कोशिश कर रही है।

    मृतक की पत्नी ने कहा कि पति रात को घर से बाहर गया था। उसने बोला था कि वह 4 बजे घर आ जाएगा। पत्नी ने आरोप लगाया कि पति को एक लड़की ने अपने साथी बुलाकर मरवा दिया है। उन्होंने बताया कि होटल संचालक सीसीटीवी नहीं दे रहे है। पुलिस मामले की कार्रवाई नहीं कर रही है। ये आत्महत्या नहीं मर्डर है।

     

  • Jalandhar News: कार चालक की लापरवाही से Highway पर पलटा टिप्पर, लगा 4 km. लंबा जाम, चालक घायल, देखें वीडियो

    Jalandhar News: कार चालक की लापरवाही से Highway पर पलटा टिप्पर, लगा 4 km. लंबा जाम, चालक घायल, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: चौगिटी फ्लाईओवर के नजदीक हाईवे पर बड़ी लापरवाही देखने को मिली। जहां कार चालक की गलती से हादसा हो गया। लुक-बजरी से भरा टिप्पर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हाईवे पर टिप्पर के पलटने के कारण सड़क भारी जाम लग गया। इस घटना में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल ड्राइवर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मिली जानकारी के अनुसार हाईवे पर खड़ी कार कारण हादसा हुआ है, जिसके कारण टिप्पर चालक कार को बचाने के कारण बेकाबू हो गया और सड़क पर पलट गया। इस घटना के कारण सड़क पर बजरी बिखर गई।

    हादसे के कारण सड़क पर 4 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। भारी जाम लगने के कारण लोग रास्ते को बदलते हुए दिखाई दिए। वहीं लोगों ने घटना की सूचना ट्रैफिक पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा क्रेन की मदद से टिप्पर को सीधा करने की कोशिश की जा रही है। ट्रैफिक पुलिस के एसआई राज कुमार ने बताया कि उन्हें चौगिटी से पीएपी के बीच बने फ्लाईओवर पर लुक-बजरी से भरा टिप्पर पलट गया और हाईवे पर जाम लग गया। ऐसे में वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और क्रेन की मदद से टिप्पर को सीधा करवाया जा रहा है। वहीं ट्रैफिक को दोबारा से सुंचारू ढंग से चलाने का प्रयास किया जा रहा है।

    मामले की जानकारी देते हुए साहिल ने बताया कि उनकी कार का एक्सीडेंट हो गया। हिमाचल नंबर कार सड़क हादसे के कारण सड़क पर खड़ी थी और उसने उसे साइड पर करने के लिए कहा, लेकिन उसने कार साइड पर नहीं की। ऐसे में टिप्पर चालक द्वारा कार को बचाने का प्रयास किया गया और वह पोल से टकराकर पलट गया। इस घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। कार का नंबर नोट कर लिया गया। साहिल ने बताया कि कार में 4 लोग सवार थे।

     

     

  • Punjab News: ग्रेनेड की वारदात को अंजाम देने वाले 17 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: ग्रेनेड की वारदात को अंजाम देने वाले 17 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    मोगाः पंजाब के मोगा के थाना सदर में 8 जुलाई तो तड़के करीब 3:15 बजे न मालूम व्यक्तियों द्वारा फेंके गए ग्रेनेड मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस संबंधी फरीदकोट रेंज की आईजी आईपीएस नीलंबरी जगदाले ने पत्रकार वार्ता कर मीडिया कर्मियों से जानकारी साझा की।

    आईजी जगदाले ने बताया कि मामले में पुलिस की 10 टीमों ने कार्य करते तीन मुख्य आरोपी गगन, शुभम और राजेश तीनों वासी फिरोजपुर को गिरफ्तार किया था, जिनकी निशानदेही पर मामले में किसी न किसी तरह से शामिल आगे कुल 14 लोगों को और गिरफ्तार किया गया है। आईजी ने बताया कि इस मामले के तार विदेश से जुड़े हैं। पुलिस रिमांड के दौरान और भी अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

     

  • हमीरपुर के समर्थ अत्री का एशियन शॉर्ट ट्रैक आइस स्केटिंग ट्रॉफी-2026 के लिए हुआ चयन

    हमीरपुर के समर्थ अत्री का एशियन शॉर्ट ट्रैक आइस स्केटिंग ट्रॉफी-2026 के लिए हुआ चयन

    शिमला: हमीरपुर जिले के भोरंज तहसील से सम्बन्ध रखने वाले समर्थ अत्री, जिनका चयन देहरादून में 17 से 20 अगस्त, 2026 को आयोजित होने वाली एशियन शॉर्ट ट्रैक आइस स्केटिंग ट्रॉफी के लिए हुआ है। उन्होंने कल सायं मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से भेंट की। उनका इस प्रतियोगिता में अच्छे प्रदर्शन के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।

    इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने समर्थ अत्री को इस प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रदेश में बेहतर खेल अधोसरंचना का सृजन कर रही है ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखारकर राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि समर्थ अत्री ने अपनी प्रतिभा और अथक मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि समर्थ अत्री एशियन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर भारत और हिमाचल प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन करेंगे।

    शिमला के प्रतिष्ठित ऑकलैंड हाउस स्कूल में दसवीं कक्षा के छात्र समर्थ अत्री पिछले छह-सात वर्षों से शिमला स्थित आइस स्केटिंग रिंक में नियमित अभ्यास कर रहे हैं। हाल ही में उनका चयन 21वीं राष्ट्रीय शॉर्ट ट्रैक आइस स्केटिंग चौंपियनशिप के लिए हुआ था। प्रतियोगिता के बाद आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसी प्रदर्शन के आधार पर अब उनका चयन एशियन शॉर्ट ट्रैक आईस स्केटिंग ट्राफी-2026 के लिए किया गया है।

     

  • Jalandhar News: Kumar Sweet Shop में चोरी को लेकर CCTV आई सामने, देखें वीडियो

    Jalandhar News: Kumar Sweet Shop में चोरी को लेकर CCTV आई सामने, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: शहर की घास मंडी चौक के पास स्थित कुमार स्वीट शाप के ताले तोड़कर चोर गल्ले से नकदी लेकर फरार हो गए। वहीं इस घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता हैकि 3 चोरों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है। जिसमें से एक चोर एक्टिवा पर बैठा हुआ है और 2 चोर दुकान में वारदात को अंंजाम दे रहे है। घटना को अंजाम देने के बाद चोर एक्टिवा पर फरार हो गए। घटना देर रात 3.33 मिनट की है। सीसीटीवी में चोरों ने मुंह ढके हुए है। चोरों द्वारा दुकान की टाइल भी उखाड़ दी गई। ऐसे में आशंका जताई जा रहा है कि चोरों ने सब्बल से दुकान का शटर तोड़ा है। चोरी का पता दुकान मालिक को सुबह दुकान खोलने पर पता चला। दुकानदार ने चोरी की शिकायत थाना 5 की पुलिस को दी और सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

    कुमार स्वीट शाप के मालिक राजेश शर्मा ने बताया कि वह पिछले कई सालों से घास मंडी चौक में दुकान को चला रहे हैं वह रोजाना की तरह बीती रात करीब 10 बजे दुकान को बंद करके घर चले गए थे और सुबह करीब साढ़े 8 बजे दुकान पर काम करने वाला युवक की दुकान खोलने के लिए पहुंचा तो उसने दुकान के शटर पर लगे ताले टूटे देख उसे सूचित किया। वह दुकान पर पहुंचा तो देखा कि दुकान का ग़ल्ला नीचे जमीन पर गिरा हुआ था और सामान बिखरा हुआ था। चोर दुकान के गल्ले के अंदर पड़ी क़रीब 25-30 हजार की नकदी सहित सामान चोरी कर ले जा चुके थे।

    चोरी की वारदात के बाद दुकान पर मौजूद मार्केट के लोगों ने पुलिस से गुहार लगाई है कि उनके इलाके में गश्त बढ़ायी जाए ताकि चोर लुटेरों के मन में खौफ बना रहे और वारदातें कम हो। वहीं थाना 5 के जांच अधिकारी एएसआई बलविंदर कुमार ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि घास मंडी चौक के पास स्थित दुकान के चोर ताले तोड़कर नक़दी और सामान चोरी करके ले गए हैं, जिसके बाद वह टीम सहित मौके पर पहुंचे हैं। वह घटना स्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रहे हैं ताकि चोरों के बारे में पता चल सके।

     

  • ऊना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सट्टा खेलते युवक गिरफ्तार, ₹2,170 नकद व पर्चियां बरामद

    ऊना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सट्टा खेलते युवक गिरफ्तार, ₹2,170 नकद व पर्चियां बरामद

    ऊना/सुशील पंडित : जिला पुलिस ऊना ने अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए होटल गंगा लॉज के समीप एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस चौकी शहर ऊना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मोहित शर्मा निवासी आर्य नगर, ऊना के कब्जे से 2,170 रुपये नकद और सट्टा पर्चियां बरामद कीं। आरोपी के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

  • घर में आग लगने से जिंदा जली मां और 2 बेटियां

    घर में आग लगने से जिंदा जली मां और 2 बेटियां

    नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के लोधी रोड स्थित बीके दत्त कॉलोनी में भीषण हादसा हो गया। दरअसल, बी-ब्लॉक में चावला स्वीट्स के सामने स्थित रिहायशी मकान की तीसरी मंजिल पर अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने घर को चपेट में ले लिया। इस हादसे में घर के अंदर फंसी एक महिला और उसकी 2 मासूम बेटियों की झुलसने और दम घुटने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मरने वालों में 45 साल की एक महिला और उसकी 2 बेटियां शामिल हैं, जिनकी उम्र करीब 7 साल और 13 साल बताई जा रही है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है।

    मिली जानकारी के मुताबिक, घटना की शुरुआत उस समय हुई जब पुलिस कंट्रोल रूम पर एक महिला का घबराया हुआ फोन आया। महिला ने कांपती आवाज में कहा कि घर में आग लगी है, हम अंदर फंस गए हैं, जल्दी मदद के लिए कर्मी भेजिए। इसके कुछ ही पल बाद उसकी आवाज धीमी पड़ गई और फोन कट गया। इस कॉल के बाद पुलिस और दमकल विभाग तुरंत हरकत में आ गया। दमकल विभाग की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फायर अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली फायर सर्विस को सुबह करीब 10:21 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एक वाटर टेंडर, एक वाटर बाउज़र और एक ब्रीदिंग फायर टेंडर और 3 एंबुलेंस को मौके पर भेजा गया।

    जब तक राहत और बचाव का काम शुरू हुआ, तब तक आग पूरी तरह से घर में फैल चुकी थी। इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल से धुएं का गहरा गुबार निकल रहा था और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद घर का बंद दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। कमरे के भीतर महिला और उसकी दोनों बेटियां बुरी तरह झुलसी हुई हालत में मिलीं। तीनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिल सका।

    फायर ब्रिगेड ने कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके की जांच शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल इस घटना की असली वजह साफ नहीं हो पाई है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

  • मुख्यमंत्री ने तकनीकी शिक्षा के छात्रों के लिए ‘तकनीकी रोजगार सेतु’ पोर्टल का शुभारंभ किया

    मुख्यमंत्री ने तकनीकी शिक्षा के छात्रों के लिए ‘तकनीकी रोजगार सेतु’ पोर्टल का शुभारंभ किया

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोमवार देर सायं तकनीकी शिक्षा विभाग के ‘तकनीकी रोजगार सेतु’ पोर्टल का शुभारंभ किया। यह अपनी तरह का पहला डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य छात्रों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों और रोजगारदाताओं को एकीकृत प्रणाली के माध्यम से जोड़कर हिमाचल प्रदेश में प्लेसमेंट और भर्ती प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाना है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार कौशल विकास और रोजगार सृजन के लिए एक मजबूत व्यवस्था विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। तकनीकी रोजगार सेतु पोर्टल युवाओं और उद्योगों के बीच एक प्रभावी सेतु का कार्य करेगा तथा तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों को बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

    यह पोर्टल एक व्यापक डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में विकसित किया गया है, जहां छात्र अपनी प्रोफाइल, अपनी कौशल क्षमताओं का प्रदर्शन, प्रशिक्षण एवं प्रमाणपत्रों का विवरण अपलोड कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त रोजगार के अवसर, ऑनलाइन आवेदन तथा अपने प्लेसमेंट की स्थिति की निगरानी कर सकेंगे। यह पहल छात्रों को रोजगार के अवसरों और उद्योगों की आवश्यकताओं तक सीधी पहुंच प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाएगी।

    नियोक्ता भी इस पोर्टल पर पंजीकरण, रिक्त पदों की जानकारी साझा कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त पात्र उम्मीदवारों की प्रोफाइल देखकर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर सकेंगे तथा सफल नियुक्तियों की जानकारी विभाग को उपलब्ध करवा सकेंगे। यह एकीकृत प्रणाली नियोक्ताओं और नौकरी के इच्छुक युवाओं के बीच पारदर्शी एवं प्रभावी संवाद सुनिश्चित करेगी तथा भर्ती प्रक्रिया में होने वाली अनावश्यक देरी को कम करेगी।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पोर्टल पर 164 संस्थान पंजीकृत हो चुके हैं, जिनमें 136 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, 18 पॉलिटेक्निक संस्थान, 5 इंजीनियरिंग कॉलेज तथा 5 फार्मेसी कॉलेज शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हिम एक्सेस इंटीग्रेशन पोर्टल के माध्यम से अब तक 26,168 छात्रों का पंजीकरण किया जा चुका है, जिनमें से 23,054 छात्रों की कौशल मैपिंग पूरी हो चुकी है। इसके अतिरिक्त अब तक 97 नियोक्ता भी इस पोर्टल पर पंजीकृत हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर जैसे कुशल श्रमिकों की सेवाएं अल्प अवधि के कार्यों के लिए भी प्राप्त की जा सकेंगी तथा ऐसे कुशल श्रमिक भी इस प्लेटफॉर्म पर अपना पंजीकरण करा सकेंगे।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीकी शिक्षण संस्थान इस पोर्टल के माध्यम से छात्रों का डेटा प्रबंधन, प्रोफाइल अनुमोदन तथा प्लेसमेंट परिणामों की निगरानी कर सकेंगे। इससे संस्थानों को छात्रों का रिकॉर्ड बनाए रखने और संभावित नियोक्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहायता मिलेगी। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन को मजबूत बनाने और युवाओं के लिए सार्थक रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए प्रौद्योगिकी का प्रभावी उपयोग कर रही है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि तकनीकी रोजगार सेतु पोर्टल उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेगा, युवाओं की रोजगार क्षमता को बढ़ाएगा तथा कुशल युवाओं को गुणवत्तापूर्ण रोजगार उपलब्ध कराने के लिए एक विश्वसनीय मंच साबित होगा।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश को कुशल मानव संसाधन का केंद्र बनाने तथा राज्य के युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
    इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, प्रधान सचिव डॉ. अभिषेक जैन, डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं सुशासन विभाग के निदेशक डॉ. निपुण जिंदल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।