Blog

  • जिलास्तर पर निवेशकों के आवेदन लंबित न रहें, एक ही बार में दर्ज हों सभी आपत्तियां : राव नरबीर सिंह

    जिलास्तर पर निवेशकों के आवेदन लंबित न रहें, एक ही बार में दर्ज हों सभी आपत्तियां : राव नरबीर सिंह

    चंडीगढ़: हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिला स्तर पर निवेशकों के किसी भी आवेदन में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी आवेदन में कोई कमी या आपत्ति हो तो संबंधित अधिकारी सभी आपत्तियां एक ही बार में दर्ज करें, ताकि निवेशकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और समयबद्ध तरीके से अनुमतियां मिल सकें।

    राव नरबीर सिंह आज हरियाणा सिविल सचिवालय स्थित एनआईसी केंद्र में पर्यावरण विभाग के क्षेत्रीय अधिकारियों, जिला उद्योग अधिकारियों तथा औद्योगिक सम्पदा अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, महानिदेशक यश गर्ग तथा एचएसआईआईडीसी के प्रबंध निदेशक सुशील सारवान भी उपस्थित रहे।

    बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार का लक्ष्य प्रदेश को निवेश के लिए सबसे अनुकूल राज्य बनाना है। इसके लिए अनुमोदन प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल और समयबद्ध बनाया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निवेशकों को विभागीय प्रक्रियाओं में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। बैठक में डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि विभाग यूनिफाइड सिंगल विंडो सिस्टम को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। इसके तहत नया एसडब्ल्यूएस पोर्टल विकसित किया जाएगा, जिसे राजस्व विभाग के भू-अभिलेखों के साथ एकीकृत किया जाएगा। एचएसआईआईडीसी की औद्योगिक सम्पदाओं में उपलब्ध खाली भूखंडों की जानकारी भी पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएगी।

    निवेशकों की सुविधा के लिए पोर्टल पर निकटतम रेलवे स्टेशन, बिजली एवं पानी की उपलब्धता जैसी आधारभूत सुविधाओं की जानकारी भी उपलब्ध होगी। साथ ही इसे जीआईएस तकनीक से जोड़ा जाएगा, जिससे निवेशकों को उपयुक्त स्थान के चयन में आसानी होगी। बैठक में यह भी बताया गया कि निवेशकों के लिए दस्तावेज संग्रहण केंद्र, मार्गदर्शन सेवाओं तथा आवश्यक अनुमतियों की विस्तृत जानकारी भी इसी पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा जिला एवं राज्य स्तर पर कारोबार सुधार कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिससे निवेश प्रक्रिया को और अधिक सुगम बनाया जा सके।

    समीक्षा बैठक के दौरान राव नरबीर सिंह ने ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों में आरडब्ल्यूए से संबंधित लगाता मिल रही शिकायतों का भी संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपार्टमेंट सोसायटी अधिनियम में आवश्यक संशोधनों के लिए नीति तैयार की जाए, ताकि निवासियों की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

    एमएसएमई विभाग के अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों की सहायता के लिए बीडीएस हेल्पडेस्क तथा ‘उद्योग साथी’ नियुक्त किए गए हैं, जो निवेशकों को विभिन्न योजनाओं, अनुमतियों और प्रक्रियाओं संबंधी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। इसके लिए शीघ्र ही ‘संगम पोर्टल’ भी शुरू किया जाएगा, जिसमें केंद्र सरकार की ‘जीरो इफेक्ट, जीरो डिफेक्ट’ नीति को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। उद्योग मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निवेशकों को त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

  • हरियाणा में अनुपालन में कमी एवं विनियमन-सरलीकरण अभियान का दूसरा दौर

    हरियाणा में अनुपालन में कमी एवं विनियमन-सरलीकरण अभियान का दूसरा दौर

    चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने प्रदेश में कारोबारी प्रक्रिया को और अधिक सरल, पारदर्शी तथा निवेशक-अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अनुपालन में कमी (कम्प्लायंस रिडक्शन) एवं विनियमन-सरलीकरण (डी-रेग्यूलेशन) अभियान के तहत 28 प्राथमिकता वाले सुधारों में से 21 सुधारों को स्वीकृति दी जा चुकी है। इसके साथ ही, केंद्र सरकार के इस अभियान में हरियाणा अग्रणी राज्यों में शुमार हो गया है।

    मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने आज यहां एक उच्चस्तरीय बैठक में इन सुधारों की समीक्षा की। बैठक में मुख्य सचिव ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि शेष सुधारों को निर्धारित समय-सीमा में लागू किया जाए तथा उनकी प्रगति से संबंधित दस्तावेजी साक्ष्य समय पर एमआईएस पोर्टल पर अपलोड किए जाएं, ताकि राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा की उपलब्धियां सही रूप में परिलक्षित हो सकें। मुख्य सचिव ने कहा कि हरियाणा सरकार का उद्देश्य ऐसा नियामक ढांचा विकसित करना है जो पारदर्शी, प्रौद्योगिकी आधारित और उद्योगों के अनुकूल हो। इससे निवेश को बढ़ावा मिलेगा, उद्यमिता को प्रोत्साहन मिलेगा तथा राज्य में कारोबार करने की सुगमता में और सुधार होगा।

    बैठक में बताया गया कि केंद्र सरकार के डी-रेग्यूलेशन सेल द्वारा छह प्रमुख सुधारों को पहले ही स्वीकृति दी जा चुकी है। इनमें बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया को सरल एवं त्वरित बनाना, दुकानों एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों के लिए नियमों का उदारीकरण, सिंगल विंडो प्रणाली के माध्यम से सेवाओं की समयबद्ध उपलब्धता, हरियाणा सेवा का अधिकार व्यवस्था के तहत ऑटो-अपील प्रणाली, पर्यावरणीय स्वीकृतियों की प्रक्रिया में सुधार तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के लिए जांच सुविधाओं तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित करना शामिल है।

    उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि विभिन्न विभागों द्वारा 15 अन्य सुधारों पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है। इनमें भूमि उपयोग नियमों का उदारीकरण, औद्योगिक प्लॉटों के प्रबंधन में अधिक लचीलापन, भवन निर्माण स्वीकृति प्रक्रिया का सरलीकरण, वैश्विक मानकों के अनुरूप अग्नि सुरक्षा नियम लागू करना, स्वास्थ्य क्षेत्र में लाइसेंस प्रक्रिया को सरल बनाना, राज्य के कानूनों एवं नियमों का डिजिटलीकरण तथा निवेश को प्रोत्साहित करने वाले उपाय शामिल हैं।

    हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) ने उद्योगों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इनमें औद्योगिक भूखंडों का विभाजन एवं एकीकरण, पूर्व अनुमति के बिना औद्योगिक परियोजनाओं में परिवर्तन की सुविधा, दस वर्ष बाद लीजहोल्ड को फ्रीहोल्ड में परिवर्तित करने की व्यवस्था, लचीले लीज नियम तथा भूमि के बेहतर उपयोग के लिए उदार विकास नियम शामिल हैं।

    बैठक में यह भी बताया गया कि उद्योग एवं वाणिज्य विभाग ने हरियाणा राइट टू बिजनेस विधेयक, 2026 का प्रारूप तैयार कर लिया है। प्रस्तावित विधेयक के तहत पात्र विनिर्माण एमएसएमई इकाइयों को स्व-घोषणा के आधार पर सैद्धांतिक स्वीकृति प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा तथा राज्य सरकार के विभागों द्वारा निरीक्षण से तीन वर्ष तक की छूट का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा हरियाणा एंटरप्राइजेज प्रमोशन सेंटर (एचईपीसी) को राज्य स्तरीय नोडल एजेंसी तथा जिला स्तरीय स्वीकृति समितियों को सिंगल विंडो प्रणाली के माध्यम से समयबद्ध अनुमोदन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।

    नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के अधिकारियों ने बैठक में बताया कि प्रदेश के लगभग 70 प्रतिशत भौगोलिक क्षेत्र, जो नियंत्रित क्षेत्रों से बाहर है, में कृषि भूमि को गैर-कृषि उपयोग में परिवर्तित करने के लिए भूमि उपयोग परिवर्तन (सीएलयू) की अनुमति की आवश्यकता नहीं है। विभाग नियंत्रित क्षेत्रों में भी बिना मानवीय हस्तक्षेप के सिस्टम जनरेटेड सीएलयू स्वीकृति की दिशा में कार्य कर रहा है।

    अग्निशमन सेवा विभाग के अधिकारियों ने अवगत कराया कि हरियाणा अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा अधिनियम, 2022 में संशोधन कर जोखिम आधारित अग्नि सुरक्षा मानकों को वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं के अनुरूप लागू करने की प्रक्रिया जारी है। बैठक में श्रम विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन, स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया, अग्निशमन सेवाएं विभाग के महानिदेशक शेखर विद्यार्थी, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के महानिदेशक यश गर्ग सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे

  • Strait Of Hormuz में मृतक के परिवार ने की न्याय की मांग, मुख्यमंत्री से की भेंट

    Strait Of Hormuz में मृतक के परिवार ने की न्याय की मांग, मुख्यमंत्री से की भेंट

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से हमीरपुर जिले के गलोड़ क्षेत्र के राजेश शर्मा ने भेंट की। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में हाल ही में अपनी जान गंवाने वाले आदित्य शर्मा के पिता राजेश शर्मा नेे मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि आदित्य शर्मा की असामयिक मृत्यु का मामला केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जाए, क्योंकि अब तक इस मामले में केंद्र सरकार की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

    मुख्यमंत्री ने शोकग्रस्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार मजबूती के साथ परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह इस मामले को केंद्र सरकार के समक्ष उठाएंगे ताकि परिवार को न्याय मिल सके। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर आदित्य शर्मा की माता सुषमा शर्मा भी उपस्थित थीं।

  • Dehradun-Mussoorie Road पर आई दरारें, अगले आदेश तक वाहनों की आवाजाही बंद, देखें वीडियो

    Dehradun-Mussoorie Road पर आई दरारें, अगले आदेश तक वाहनों की आवाजाही बंद, देखें वीडियो

    मसूरीः उतराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण सोमवार को मसूरी-देहरादून मार्ग पर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था चरमरा गई। कोल्हुखेत से करीब तीन किलोमीटर नीचे ‘पानी वाले बैंड’ के पास मुख्य सड़क पर बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं, जिससे सड़क के धंसने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है। लगातार बारिश के चलते इस मार्ग पर कई जगहों पर पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिर रहे हैं, जिससे सफर बेहद जोखिम भरा हो गया है। सड़क पर दरारें पड़ने और मलबे के कारण देहरादून-मसूरी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    इस भारी बारिश का असर केवल रास्तों पर ही नहीं, बल्कि मसूरी शहर के भीतर भी देखने को मिला है, जहां स्थानीय लोगों का सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ है। यदि बहुत जरूरी न हो, तो वर्तमान मौसम को देखते हुए इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें और प्रशासन के अपडेट्स पर नजर रखें। मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार के लिए देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जिलों में अत्यंत भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने इन जिलों के कुछ क्षेत्रों में रिकॉर्ड-तोड़ भारी से बहुत भारी बारिश की गंभीर चेतावनी दी है और स्थानीय निवासियों व यात्रियों को हर समय सतर्क रहने की विशेष सलाह दी है।    
  • Punjab News: PU में RSS के कार्यक्रम पर जमकर हंगामा, विरोध कर रहे छात्रों को पुलिस ने किया डिटेन, देखें वीडियो

    Punjab News: PU में RSS के कार्यक्रम पर जमकर हंगामा, विरोध कर रहे छात्रों को पुलिस ने किया डिटेन, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) में सोमवार को आयोजित एक सेमिनार के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े नेताओं की मौजूदगी को लेकर छात्र संगठनों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस बल तैनात किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को ऑडिटोरियम के बाहर ही रोक दिया, जिससे छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    प्रदर्शन के दौरान पंजाब स्टूडेंट यूनियन (ललकार) और स्टूडेंट्स फॉर सोसाइटी (SFS) के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर सेक्टर-24 थाने ले जाया गया। हिरासत में लिए गए नेताओं में जोबन, सारा शर्मा और संदीप सहित अन्य शामिल थे। बाद में सभी को रिहा कर दिया गया, जबकि अन्य प्रदर्शनकारियों को कैंपस से हटाया गया। छात्र संगठनों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहले आश्वासन दिया था कि कार्यक्रम में RSS से जुड़े किसी नेता को आमंत्रित नहीं किया जाएगा। इसके बावजूद राष्ट्रीय सेविका समिति की प्रमुख वी. शांता कुमारी को मुख्य अतिथि और दुर्गा वाहिनी की संस्थापक साध्वी ऋतंभरा को मुख्य वक्ता के रूप में बुलाया गया। छात्रों ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उनके साथ मारपीट की। ‘विकसित भारत @2047’ पहल के तहत आयोजित ‘शक्ति एंड सृष्टि’ विषयक सेमिनार विरोध के बीच शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। विरोध को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम को दो स्थानों—पंजाब यूनिवर्सिटी परिसर और टैगोर थिएटर में आयोजित किया।  
  • वंचित बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बाल भवनों में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की गतिविधियां शुरू करने की पहल सराहनीय – राज्यपाल

    वंचित बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बाल भवनों में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की गतिविधियां शुरू करने की पहल सराहनीय – राज्यपाल

    चंडीगढ़: हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने राज्य के सभी बाल भवनों में वंचित बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की गतिविधियां शुरू करने की पहल की सराहना की है। यहां लोक भवन में हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की 44वीं वार्षिक आम बैठक को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग, हरियाणा की पहल तथा राज्य आयुक्त (बुलबुल) के नेतृत्व में प्रदेश के सभी बाल भवनों में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की गतिविधियां प्रारंभ की गई हैं। उन्होंने कहा कि यह सराहनीय पहल वंचित बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना तथा जीवनोपयोगी कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और उन्हें जिम्मेदार एवं सशक्त नागरिक बनने के लिए प्रेरित करेगी। राज्यपाल, जो हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एवं गाइड्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं, ने एसोसिएशन द्वारा प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के साथ समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर कर वहां रोवर्स एवं रेंजर्स इकाइयों की स्थापना की पहल की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं के बीच भारत स्काउट्स एवं गाइड्स गतिविधियां का और अधिक विस्तार होगा। प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि किसी भी राष्ट्र का भविष्य उसके युवा नागरिकों के चरित्र पर निर्भर करता है। स्काउटिंग एवं गाइडिंग ईमानदारी, करुणा, साहस, प्रकृति के प्रति सम्मान तथा ‘स्वयं से पहले सेवा’ जैसे जीवन मूल्यों का संस्कार देती है। यही मूल्य एक सशक्त, प्रगतिशील और समावेशी भारत के निर्माण की आधारशिला हैं।भारत स्काउट्स एवं गाइड्स केवल एक संगठन नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और निस्वार्थ सेवा की भावना विकसित करने वाला एक सशक्त जन आंदोलन है।

    केवल दो प्रतिशत आबादी, लेकिन 17 प्रतिशत स्काउट्स-गाइड्स सदस्यता का योगदान देता है हरियाणा – राज्यपाल

    हरियाणा के उल्लेखनीय योगदान का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के देशभर में 70 लाख से अधिक सदस्य हैं। देश की कुल जनसंख्या में हरियाणा की हिस्सेदारी लगभग दो प्रतिशत होने के बावजूद स्काउट्स एवं गाइड्स की कुल सदस्यता में प्रदेश का योगदान लगभग 17 प्रतिशत है। उन्होंने इसे हरियाणा के लिए गौरव और अत्यंत उल्लेखनीय उपलब्धि बताया। इस अवसर पर राज्यपाल ने पदाधिकारियों, कब्स, बुलबुल्स, स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स, रेंजर्स, यूनिट लीडर्स तथा स्वयंसेवकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए वारंट एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इससे पूर्व हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के स्टेट चीफ कमिश्नर डॉ. के.के. खंडेलवाल ने राज्यपाल का स्वागत किया तथा एसोसिएशन की गतिविधियों, उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर स्टेट चीफ कमिश्नर धीरा खंडेलवाल, स्टेट कमिश्नर (गाइड्स) अमनीत पी. कुमार, आयुक्त एवं सचिव आशिमा बराड़, स्टेट कमिश्नर (मुख्यालय) साकेत कुमार, राज्यपाल के सचिव विजयकुमार भाविकट्टी, मनी राम शर्मा तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।  
  • LPU Placement 2025-26: 2,000 से ज्यादा छात्रों को ₹10 लाख से ज्यादा के ऑफर मिले

    LPU Placement 2025-26: 2,000 से ज्यादा छात्रों को ₹10 लाख से ज्यादा के ऑफर मिले

    माइक्रोसॉफ्ट से ₹60 लाख का सबसे बड़ा ऑफर

    जालंधर (Ens): लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) प्लेसमेंट के क्षेत्र में हर साल अपनी ही सीमाओं को तोड़कर नई ऊंचाइयां हासिल कर रही है। इस साल एलपीयू के 2025 और 2026 बैच ने प्लेसमेंट सीज़न में रिकॉर्ड सफलता हासिल की। ​​यूनिवर्सिटी के 2,000 से ज़्यादा छात्रों को ₹10 लाख से ₹60 लाख तक के पैकेज मिले। प्लेसमेंट रिकॉर्ड के अनुसार, एलपीयू के टॉप 10 प्रतिशत छात्रों का औसत पैकेज ₹14 लाख है। यह आंकड़ा कई टॉप आईआईटी के औसत से ज़्यादा है। इससे टैलेंट डेवलपमेंट में अग्रणी यूनिवर्सिटी के तौर पर एलपीयू की प्रतिष्ठा और मज़बूत हो रही है। 2026 में ग्रेजुएट होने वाले बैच की खास उपलब्धियों में, तीन बीटेक छात्रों को माइक्रोसॉफ्ट इंडिया से ₹60 लाख सालाना का ऑफ़र मिला है। इन छात्रों में आयुष कुमार जोशी (जो साइबर सिक्योरिटी और ब्लॉकचेन में स्पेशलाइज़ेशन के साथ कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग में बी.टेक कर रहे हैं) के साथ-साथ नितेश और अदिति गुप्ता (जो कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग में बी.टेक कर रहे हैं) शामिल हैं। प्लेसमेंट रिकॉर्ड को और मज़बूत करते हुए, तीन बी.टेक सीएसई छात्रों को अमेजन इंडिया से ₹48.6 लाख सालाना का ऑफ़र मिला और आठ बी.टेक सीएसई छात्रों को क्रेड से ₹43.5 लाख सालाना का ऑफ़र मिला। एक एमबीए छात्र को ₹40.85 लाख का पैकेज मिला, जबकि एयरलाइंस और टूरिज़्म प्रोग्राम के दो छात्रों को ₹37 लाख सालाना का शानदार ऑफ़र मिला, जो अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की व्यापकता को दर्शाता है। एलपीयू की प्लेसमेंट यात्रा ने लगातार ग्लोबल सफलता की कहानियाँ रची हैं। 2023 बैच के छात्र यासिर एम. ने एक प्रमुख आईटी कंपनी के साथ ₹3 करोड़ का इंटरनेशनल पैकेज हासिल किया। इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए, 2025 बैच के सरवण विष्णु को ₹2.5 करोड़ का शानदार ऑफ़र मिला। साथ ही, 2025 बैच के ही मोहम्मद फुरकान और बेटिरेड्डी नागा वामसी रेड्डी को एक एआई रोबोटिक्स कंपनी से क्रमशः ₹1.06 करोड़ और ₹1.03 करोड़ के बेहतरीन इंटरनेशनल ऑफ़र मिले, जो एलपीयू ग्रेजुएट्स की बढ़ती इंटरनेशनल मांग को दिखाता है। एलपीयू के सैकड़ों ग्रेजुएट्स अभी माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, गूगल और कई अन्य नामी कंपनियों में ₹1 करोड़ से ज़्यादा के पैकेज वाली अहम पोस्ट पर काम कर रहे हैं। एलपीयू स्टूडेंट्स को अमेजन, टीसीएस, बॉश, एसेन्चर, कैपजेमिनी, कॉजेंट, ट्राइडेंट, ब्लिंकिट, फैडल बैक, बैंक ऑफ अमेरिका, बैंक ऑफ न्यूयॉक, फ्लिपक्राट, सिपला, एलजी इलैक्ट्रानिक्स, कतर एयरवेस, पीएंडओ क्रूज, डॉ. रैडी, जायदूस हेल्थकेयर, टोरंट फॉर्मास्यूटिकल्स, इंडिगो और कई अन्य प्रतिष्ठित फॉर्चून 500 कंपनियों से 6000 से ज़्यादा प्लेसमेंट ऑफ़र मिले हैं। ये ऑफ़र इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, होटल और टूरिज़्म, मेडिकल, एग्रीकल्चर, सोशल साइंस आदि क्षेत्रों से जुड़े हैं। आईआईटी, एनआईटी और आईआईएम से स्टूडेंट्स को हायर करने वाली 350 से ज़्यादा कंपनियाँ एलपीयू से भी स्टूडेंट्स को रिक्रूट करती हैं। कैंपस रिक्रूटमेंट में मल्टीनेशनल कंपनियों की भागीदारी और स्टूडेंट्स का बेहतरीन पैकेज पर चुना जाना, स्टूडेंट्स को पढ़ाने के साथ-साथ इंडस्ट्री में आ रहे बदलावों के हिसाब से उन्हें स्किल्ड बनाने के एलपीयू के कमिटमेंट को भी दिखाता है। एलपीयू के फाउंडर चांसलर और सांसद (राज्यसभा) डॉ. अशोक कुमार मित्तल ने कहा, “हमारे छात्र लगातार यह साबित कर रहे हैं कि अगर सही मौके मिलें, तो टैलेंट ग्लोबल लेवल पर मुकाबला कर सकता है और नेतृत्व कर सकता है। यह देखकर बहुत खुशी होती है कि एलपीयू के ग्रेजुएट अलग-अलग सेक्टर में दुनिया की कुछ सबसे प्रतिष्ठित संस्थाओं के साथ सफल करियर बना रहे हैं। एलपीयू ने हमेशा ऐसी शिक्षा देने पर ध्यान दिया है जिसमें एकेडमिक एक्सीलेंस के साथ-साथ प्रैक्टिकल अनुभव भी शामिल हो, ताकि हमारे छात्र अपने प्रोफेशनल सफर की शुरुआत से ही योगदान देने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।
  • ऊना में जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप 31 जुलाई से

    ऊना में जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप 31 जुलाई से

    ऊना,  सुशील पंडित : ऊना में जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन 31 जुलाई से 2 अगस्त तक राव बैडमिंटन अकादमी में किया जाएगा। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के महासचिव अशोक ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी कड़ी में आयोजित एसोसिएशन की बैठक में आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए चैंपियनशिप के सफल आयोजन की रूपरेखा तय की गई। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी 28 जुलाई तक हरदीप सिंह (लाल जी) की दुकान पर अपना प्रवेश शुल्क जमा करवा सकते हैं। उन्होंने जिले के सभी खिलाड़ियों एवं उनके अभिभावकों से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। अशोक ठाकुर ने बताया कि बैठक में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता जिले के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान करेगी। एसोसिएशन ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए राव बैडमिंटन अकादमी उपलब्ध करवाने पर सुनील राव का आभार व्यक्त किया।
      बैठक में डॉ. कोमल मलिक, टी.एल. वालिया, अनिल राजपूत, अशोक आंगरा, जगतार सिंह, हरिंदर सिंह, सुनील राव, पवन कपिला, संजीव शर्मा, एस.के. बंसल, सचिन राव, शुभम सांभर, अभिषेक कपिला, करण चौधरी, रजत कंग और मनोज कुमार उपस्थित रहे।
         
  • Jalandhar News: मारपीट मामले में विक्की कल्याण और सुखविंदर गिरफ्तार, 6 पर FIR दर्ज, देखें वीडियो

    Jalandhar News: मारपीट मामले में विक्की कल्याण और सुखविंदर गिरफ्तार, 6 पर FIR दर्ज, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: ओल्ड जवाहर नगर में कुछ युवक गली में बेवजह चक्कर लगा रहे थे तथा इलाके में बनी पार्क में सैर कर रही युवतियों के साथ छेड़छाड़ करने की भी कोशिश कर रहे थे।अमित जुल्का ने जब इन्हें ऐसा करने से रोका तो वे युवक वहां से चले गए तथा उसके बाद करीब एक दर्जन युवकों को साथ लेकर आए और उन्होंने अमित जुल्का तथा उसके बेटे के साथ बुरी तरह से मारपीट की।

    मामले की जानकारी देते हुए एसीपी राजेश ठाकुर ने बताया कि वीडियो वायरल होने पर कमिश्नरेट पुलिस ने न्यू बारादरी पुलिस स्टेशन में 6 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी संदिग्धों को पकड़ने की कोशिशें जारी हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की कल्याण और सुखविंदर सिंह के रूप में हुई है।

    कमिश्नरेट पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और इसमें शामिल पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। जनता से अनुरोध है कि वे जांच में सहयोग करें और सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि की जानकारी या अफवाहें न फैलाएं।

  • Punjab News: लुटेरों में खत्म हुआ पुलिस का डर, दिन दहाड़े महिला की बालियां छीनकर हुए फरार, देखें वीडियो

    Punjab News: लुटेरों में खत्म हुआ पुलिस का डर, दिन दहाड़े महिला की बालियां छीनकर हुए फरार, देखें वीडियो

    अमृतसरः पंजाब में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रदेश में लुटेरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि उनके मन से पुलिस का डर और खौफ लगभग खत्म हो गया है। ताजा मामला सीमावर्ती कस्बे अजनाला से सामने आया है, जहां दिनदहाड़े दो नकाबपोश मोटरसाइकिल सवार लुटेरों ने एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए उसके कान से सोने की बाली झपट ली। इस दौरान बाली खींचने के कारण महिला का कान बुरी तरह घायल हो गया। जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला अपने पोते को स्कूल से लेकर घर वापस आ रही थी। इसी दौरान रास्ते में दो नकाबपोश युवकों ने मोटरसाइकिल पर आकर झपट्टा मारकर महिला पर हमला कर दिया। आरोपी महिला के कान से सोने की बाली छीनकर मौके से फरार हो गए।

    इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित महिला पल्लवी ने बताया कि वह अपने पोते को स्कूल से लेकर घर लौट रही थी, तभी अचानक मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उस पर हमला कर दिया। जब तक वह कुछ समझ पाती, तब तक आरोपी उसके कान से सोने की बाली छीनकर फरार हो चुके थे। बाली खींचने के कारण उसके कान पर गंभीर चोट लगी है। वहीं हरबंस सिंह और हेमा रानी लूट की घटना से प्रभावित परिवार से संबंधित हैं।

    उन्होंने बताया कि अजनाला इलाके में झपट्टा मारने और लूटपाट की वारदातों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की, ताकि आम लोगों में सुरक्षा की भावना बनी रहे। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही अजनाला पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारी हरिंदरजीत सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि इस वारदात के संबंध में किसी के पास कोई जानकारी हो तो वह तुरंत पुलिस से संपर्क करें।