Blog
-

विस चुनावों के दृष्टिगत डीसी ने की नोडल अधिकारियों के साथ बैठक
ऊना/सुशील पंडित: आगामी विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत आज यहां लघु सचिवालय में उपायुक्त ऊना राघव शर्मा की अध्यक्षता में निर्वाचन के लिए नियुक्त विभिन्न नोडल अधिकारियों की एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आयकर, आबकारी एवं कराधान, पुलिस, नाॅरकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, खनन, जीएसटी, आरटीओ व वन अधिकारियों ने भाग लिया। उपायुक्त ने बताया कि ज़िला में पंजाब राज्य से लगते क्षेत्र में 25 पुलिस नाके स्थापित किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 8 प्रवेश द्वारों पर नाके स्थापित हैं जबकि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान 17 अतिरिक्त नाके स्थापित किये जाएंगे। जबकि आबकारी एवं कराधान विभाग द्वारा मुख्य 5 प्रवेशद्वारों पर नाके लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त बाॅटलिंग प्लांट तथा थोक बिक्रेता केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। ज़िला में 9 सर्वीलेंस टीमों के अलावा माइनिंग स्क्वैड भी तैनात रहेंगे। उन्होंने आरटीओ को निर्देश दिये कि वह बिना नम्बर से चल रहे वाहनों पर कार्यवाही करें। जबकि नाॅकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो को निर्देश दिये कि पुलिस सहायक के तौर पर एक नारकोटिक टीम की तैनाती की जाए।डीसी ने बताया कि जिला में अधिकारिक रूप से कुल 52 क्रैशरों में से वर्तमान में 40 क्रैशर क्रियाशील हैं। जबकि 75 लीज़ में से 46 लीज़ संचालित हैं। उन्होंने खनन विभाग को निर्देश दिये कि अवैध खनन की रोकथाम के लिए संचालित लीज़ों के अधिकार क्षेत्र की डिमार्केशन करवाना सुनिश्चित करें तथा नियमों की उलंघना पर एनजीटी मापदंडों के अनुसार कार्यवाही की जाए। इसके अलावा मशीनों द्वारा खनन पर पूर्ण प्रतिबन्ध रहेगा। उन्होंने आरटीओ, पुलिस, आबकारी एवं कराधान एवं वन विभाग को साप्ताहिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिये। बैठक में डीएफओ मृत्युंजय माधव, इंटैलिजेंट आॅफिसर संजीव कुमार, उपायुक्त आबकारी एवं कराधान विनोद डोगरा, खनन अधिकारी नीरज कांत, आयकर अधिकारी विनोद कुमार, आरटीओ राजेश कौशल तथा तहसीलदार निर्वाचन सुमन कपूर ने भाग लिया। -

जालंधरः इंसानियनत शर्मसार, 6 साल की बच्ची के साथ व्यक्ति ने किया दुष्कर्म
जालंधर/हर्षः महानगर में न्यू आरके ढाबा के समीप गौतम नगर से दर्दनाक मामला सामने आया है। जहां 6 साल की छोटी बच्ची के साथ एक व्यक्ति ने दुष्कर्म किया। परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक बीते दिन देर रात बच्ची घर से लापता हो गई। परिवार वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी थी। शिकायत में पीड़ित बच्ची के पिता ने पुलिस को बताया कि वह किसी निजी फैक्टरी में मजदूरी का काम करता है।
जब वह कल रात काम से घर लौटा तो घर में उसे बच्ची दिखाई नहीं दी, जिसके बाद वह अपनी पत्नी के साथ बच्ची को ढूंढने निकल गया, लेकिन बच्ची नहीं मिली। इस संबंध में उसने पुलिस को सूचित भी किया और बच्ची को डूंड निकालने कि गुहार भी लगाई। आज सुबह उसे उसके किसी रिश्तेदार ने फोन कर बताया कि उसकी बच्ची लैदर कॉप्लैक्स स्थित प्लांट में गंभीर हालत में पड़ी हैं।
जिसके बाद वह बच्ची को घायल अवस्था में सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बच्ची ने बताया कि राजू नामक व्यक्ति उसे बहला फुसलाकर खेतों में ले गया, जहां राजू ने उसके दुष्कर्म किया और बाद में उसे किसी प्लांट में फेंक कर चला गया। इस संबंधी थाना प्रभारी गगनदीप सिंह शेखों से बात कि गई तो उन्होंने बताया कि पारिवारिक स्दस्यों के ब्यानों के लिए थाने बुलाया गया है और बच्ची की मैडिक्ल रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-

स्ट्रीट वेंडर्ज़ को आत्मनिर्भर बनाने में वरदान साबित हो रही पीएम स्वनिधि योजना -एडीसी
ऊना/सुशील पंडित: नगर परिषद ऊना में आज आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य पर प्रधानमंत्री स्वनिधि-स्वावलंबी रेहड़ी पटरी वालों का उत्सव मनाया गया। स्वनिधि-स्वावलंबी महोत्सव में अतिरिक्त उपायुक्त ऊना डाॅ अमित कुमार शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।इस अवसर पर एडीसी ने बताया कि देश के प्रधानमंत्री ने कोरोना जैसी भयंकर महामारी के दौर से गुजरने वाले लोगों को अपना कार्य पुनः स्थापित करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतू प्रधानमंत्री स्वनिधि स्वावलंबी योजना का शुरू की थी। योजना के तहत देश में सड़क किनारे छोटा-मोटा कार्य करने वाले अनेकों लोगों को आसान शर्ताें पर लोन मुहैया करवाया जाता है तथा समय पर लोन का भुगतान करने पर ब्याज पर भी सब्सिडी दी जाती है। स्वनिधि योजना जिला के अनेंको स्ट्रीट वेंडर्ज़ को अपना व्यवसाय पुन संचालित करने और घर का गुज़र बसर करने हेतू वरदान सिद्ध हो रही है। एडीसी ने बताया कि स्वनिधि योजना के तहत ऐसे व्यक्ति जो रोजमर्रा के समान बेचते या सेवाएं मुहैया करवाते हैं, किसी अस्थाई रूप से बने हुए स्टाॅल या गली में घूम-घूम कर अपनी सेवाएं देने वाले, फल, सब्जी, चाय पकोड़ा, अंडे, कपडे़, किताब, लेखन सामग्री बेचने वाले, नाई की दुकान, मोची, पान की दुकान व लाॅन्ड्री की सेवाएं देने वाले इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। योजना के तहत 10 हजार रूपये तक का पूंजी ऋण लाभार्थी को पहली किश्त के रूप में दिया जाता है।ऋण की अदायगी कर चुके लाभार्थियों को दूसरे चरण में 20 हजार रूपये तथा तीसरे चरण में 50 हजार रूपये तक लोन की सुविधा है। एडीसी ने बताया कि एक वर्ष में 12 किश्तों में ऋण अदायगी की सुविधा है तथा ऋण पर 7 प्रतिशत की दर से ब्याज सब्सिडी प्रदान करने का प्रावधान भी है। इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्षा पुष्पा देवी ने कहा कि एमसी ऊना में 43 लाभार्थियों को 10-10 हज़ार रूपये के लोन विभिन्न बैंकों से मुहैया करवाए गए थंे, जिसमें से 20 लोगों ने लोन की समय पर अदायगी करकें दूसरे लोन के लिए आवेदन कर दिया है। इसके अलावा स्ट्रीट वेंडर्ज़ प्रकाश चंद और राज कुमार को डिजिटल माध्यम से लेन- देन करने के लिए तथा बैंक आॅफ बड़ौदा, पीएनबी, कैनरा व बैंक आॅफ इंडिया को स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्ज़ को लोन मुहैया करने के लिए सम्मानित किया गया।उत्सव में पूर्वी कलामंच जलग्रां के कलाकारों द्वारा गीत-संगीत व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना बारे में जागरूक किया गया। इस अवसर पर पार्षद उर्मिला देवी, ममता कश्यप, कार्यकारी अधिकारी एमसी ऊना संदीप कुमार, सहायक अभियंता अश्वनी कुमार, कैप्टन चरणदास, सफाई निरीक्षक आशुतोष शर्मा, सफाई पर्यवेक्षक विजय कुमार, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन से सुशील कुमार, अभिषेक पठानिया, मनोज शर्मा, अंजू सोनी, वरूण ठाकुर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। -

सरकारी कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा:खाते में आएंगे इतने हजार
मबई: सरकारी कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है. महाराष्ट्र की शिंदे सरकार ने बीएमसी और बेस्ट के कर्मचारियों सहित नगर निकाय के शिक्षकों व स्वास्थ्य कर्मियों के लिए दिवाली बोनस की घोषणा कर दी है. इस बार सरकार के दिवाली गिफ्ट से कर्मचारी बेहद खुश हैं। सरकारी कर्मचारियों को सरकार की तरफ से त्योहार का शानदार उपहार मिला है। बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई यानी BEST के कर्मचारियों, शिक्षकों और स्वास्थ्य कर्मियो को महाराष्ट्र सरकार की तरफ से दिवाली गिफ्ट की घोषणा कर दी गई है। इसके तहत BEST के प्रत्येक कर्मचारी और नागरिक निकाय से जुड़े शिक्षकों के लिए 22,500 रुपये के दिवाली बोनस दी जाएगी। इतना ही नहीं, स्वास्थ्य कर्मियों को बोनस के तौर पर एक महीने का वेतन भी दिया जाएगा। सरकार की इस घोषणा से सरकारी कर्मचारियों में खुशी की लहर है।
सरकार ने किया ऐलान
सीएम ने गुरुवार को जानकारी दी, ‘कोविड-19 महामारी के दौरान कई कठिनाइयों का सामना करने वाले नागरिक निकाय के कर्मचारी अच्छा काम कर रहे हैं। न केवल डॉक्टरों, बल्कि पूरे मेडिकल स्टाफ ने मुंबई में कोविड -19 की स्थिति को नियंत्रण में रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.’ सीएम की इस घोषणा के बाद राज्य के सभी सरकारी कर्मचारी बेहद खुश हैं।
मुख्यमंत्री ने कही बड़ी बात
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दिवाली बोनस की घोषणा करते हुए कहा, कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। मुंबईवासियों के लिए हर किसी को पूरे मन से काम करना चाहिए। इंजीनियरों से लेकर सभी को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वे कड़ी मेहनत करें और नागरिकों की इच्छा के अनुसार शहर में उच्च गुणवत्ता वाली सड़कों और बेहतर बुनियादी ढांचे को सुनिश्चित करें. इस घोषणा के महाराष्ट्र सरकार के मुंबई नगर निगम के 93 हजार और बेस्ट के 29 हजार कर्मचारियों समेत शिक्षकों और स्वास्थ्य कर्मियों को फायदा मिलेगा।
-

पंजाबः 1 लाख रुपए की रिश्वत के आरोप में BDPO ऑफिस का कर्मी गिरफ्तार
जलालाबाद: पंजाब में मान सरकार लगातार एक्शन के मूड में दिखाई दे रही है। राज्य में करप्शन को लेकर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विजीलेंस टीम ने रिश्वत मांगने के आरोप में बीडीपीओ ऑफिस के कर्मी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 1 लाख रुपए की रिश्वत मांगने के आरोपों के संबंध में कार्रवाई की गई है। जानकारी के अनुसार विजीलैंस ने जलालाबाद में बीडीपीओ आफिस के एक शख्स को रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
-

पंजाबः रामलीला के मंच पर शराब की बोतलें लेकर नाचे कलाकार, मामला दर्ज
अमृतसर: बटाला रोड पर स्थित कस्बा वेरका में चल रही रामलीला के मंच पर कलाकारों द्वारा शराब के गीत चलाए गए। हाथों में शराब की बोतलें पकड़ कर डांस किया गया और धार्मिक मर्यादा भंग की गई। इसके चलते शिवसेना की शिकायत पर प्रबंधकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इस पूरे मामले की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
शिवसेना टकसाली के नेता पंकज दवेसर द्वारा पहले ही विभिन्न हिंदू संगठनों और रामलीला का आयोजन करने वाले प्रबंधकों को चेतावनी दी गई थी कि कोई भी फिल्मी गीत रामलीला के मंच पर न लगाए जाएं। न ही इन गीतों पर रामलीला का मंचन करने वाले कलाकार नाचे। उन्होंने बताया कि वह अपने साथी कौशल शर्मा निवासी नमक मंडी के साथ वेरका से गुजर रहे थे।
वहां पर रामलीला चल रही थी। 28 सितंबर की रात को फिल्मी गाना दो घुट पिला दे साथिया लगा हुआ था। रामलीला का मंचन कर रहे कलाकारों द्वारा हाथों में शराब की बोतलें पकड़ी हुई थी और इस शराब को सामने बैठे दर्शकों पर फेंक रहे थे। थाना वेरका की पुलिस द्वारा जसविंदर भल्ला, सुनील अत्री, बल्लू अत्री, शीला, रिपुल और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
-

पंजाबः शराब कारोबारी के कारिंदे की युवक ने चाकू मार की हत्या, मृतक की डेढ़ साल पहले हुई थी शादी
पटियालाः पंजाब के पटियाला में एक शराब के ठेके के कारिंदे की एक अज्ञात व्यक्ति ने चाकू से सिर व पेट में वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से पैदल ही फरार हो गया। थाना त्रिपड़ी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके मामले में जांच शुरू कर दी है। मृतक कारिंदे की पहचान विकास कुमार निवासी कांगड़ा के तौर पर हुई है।
घटना पटियाला-भादसों रोड की है। शराब ठेका के मालिक सौरभ सूद ने बताया कि मृतक विकास कुमार करीब चार वर्षों से उनके पास काम करता था। शाम को जब वह ठेके पर अकेला था तो उस समय एक 22 साल का नौजवान पैदल ही ठेके पर पहुंचा। उसने पहले कारिंदे विकास कुमार के सिर पर चाकू से हमला किया। इसके बाद चाकू से पेट में दो वार किए। जिससे खून से लथपथ होकर विकास कुमार जमीन पर गिर गया। वारदात के बाद आरोपी पैदल ही फरार हो गया। नजदीक के दुकानदारों ने इस वारदात की सूचना उन्हें दी।
इसके बाद वह मौके पर पहुंचे और कारिंदे को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत बता दिया। बताया जा रहा है कि कारिंदे विकास कुमार का करीब डेढ़ साल पहले ही विवाह हुआ था। उसकी पत्नी हिमाचल में सास-ससुर के पास रहती थी। उधर, थाना त्रिपड़ी के प्रभारी कर्णवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के परिवार को वारदात के बारे में सूचित कर दिया है। उनके बयान पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है। इसके बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा होगा।
-

कैब बुक करते समय भैया और अंकल मत कहना ड्राइवर की अपील
नई दिल्ली: कैब बुक करते समय हममें से ज्यादातर लोग कैब ड्राइवर को भैया बोलते हैं, ये सोचे बिना कि उन्हें भैया कहलाना पसंद है या नहीं। एक कैब ड्राइवर ने इसका उपाय निकाला है। उसने अपनी कार में सीट के पीछे अंग्रेजी में लिखवाया है-डोंट कॉल में भैया एंड अंकल, यानी मुझे भैया और अंकल न कहें। इस फोटो को एक ट्विटर यूजर ने शेयर किया है। ड्राइवर का यह मजाकिया अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है।
इस पोस्ट के वायरल होने के बाद यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि अब उबर ड्राइवर को क्या कहकर बुलाया जाए। कुछ लोग सुझाव दे रहे हैं कि ड्राइवर को बॉस कहा जाए, तो कुछ लोगों का कहना है कि उन्हें सर या मैम कहकर बुलाया जाए। एक यूजर ने कहा कि ड्राइवर को ‘ड्राइवर साहब’ कहा जाए। उसने आगे बताया कि एक बार मैंने उन्हें ड्राइवर साहब कहा तो वे बहुत खुश हो गए, क्योंकि पिछले 20 साल में उनके कैब चलाने के दौरान किसी ने उन्हें साहब नहीं कहा था। इस चर्चा में उबर भी शामिल हो गया है। इस ट्वीट के रिप्लाई में उबर ने कहा कि जब भी आपको समझ न आए कि ड्राइवर को क्या कहना है तो ऐप में उनका नाम देख लें।
जब ड्राइवर ने दिया मौसम का हवाला
20 जुलाई को एक अन्य यूजर ने ट्विटर पर कैब ड्राइवर का मजेदार रिस्पॉन्स शेयर किया। भारी बारिश के बीच महिला ने कैब बुक की तो ड्राइवर ने मैसेज करके पूछा- कहां जाना है। जब महिला ने जवाब दिया- ग्रीन पार्क सर, तो कैब ड्राइवर ने पूछा- इस मौसम में। जब महिला ने पूछा आप आ रहे हैं न सर, तो ड्राइवर ने कहा- क्या करूं, मन नहीं करता। -

पंजाबः किसानों ने 10 जगहों पर अनिश्चितकाल के लिए लगाया धरना, किया ये हाईवे जाम
अमृतसरः अपनी जायज मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक ने आज धारीवाल में जम्मू-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर पंजाब सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस मौके पर किसान नेताओं ने कहा कि अपनी 28 मांगों को लेकर पंजाब सरकार के साथ बैठक के बावजूद कोई समाधान न होने से तंग आकर किसानों ने आज पंजाब सरकार के खिलाफ पंजाब में 10 जगहों पर अनिश्चितकाल के लिए धरना लगाकर प्रदर्शन किया है और फैसला किया कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं की गई तो वे हड़ताल इसी तरह जारी रखेंगे। प्रदर्शन कर रहे किसान नेताओं ने कहा कि सरकार किसानों की गंभीर समस्याओं के समाधान को लेकर कतई गंभीर नहीं है और सरकार लारे-लप्पे और डंग टपाऊ नीति पर काम कर रही है जिसे कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसलिए आज उन्होंने अपनी मांगों को लेकर रोड जाम कर रखा है।
किसान नेताओं का कहना है कि लंपी स्किन बीमारी के कारण किसानों के पशु धन से हुए नुकसान की पूर्ति के लिए, कच्चे वैटरनरी इंस्पेक्टर को पक्का करना, गन्ने के रेट 470 रुपए प्रति क्विंटल लागत को मुख रख तय करना, फगवाड़ा मिल सहित निजी मिल से गन्ने की बकाया राशि लेना, शहीद किसानों के परिवार में से किसी एक को नौकरी देना, डीएसआर (सीधी बुआई) धान के लिए सब्सिडी का भुगतान न करना, 2 कनाल तक पंजीकरण के लिए एनओसी में कोई ढील नहीं, बाढ़, बारिश, ओलावृष्टि, सुंडी या मच्छरों के कारण धान, सब्जी और किनू के बागानों के नुकसान के लिए मुआवजा, बासमती पर एमएसपी की गारंटी, बंद सहकारी चीनी मिलों को चला रही सरकार 5 नवंबर को चीनी मिलों को शुरू करने में भी असमर्थ नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि इन जायज मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है, जब तक सरकार उनकी मांगें नहीं मानती तो ये धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
-

पंजाबः विजिलेंस ने रंगेहाथ रिश्वत लेते ASI को किया काबू
श्री आनंदपुर साहिब: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई वाली सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। इसी के मद्देनजर पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने एक्शन लेते हुए जिला रूपनगर के थाना नूरपुर बेदी में तैनात एएसआई जुझार सिंह को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस संबंधी जानकारी देते हुए विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी एएसआई श्री आनंदपुर साहिब के ग्राम मटौर निवासी बरजिंदर सिंह की शिकायत पर जुझार सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उक्त एएसआई एक केस में उससे दस हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। इतना ही नहीं शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि एएसआई जुझार सिंह पहले ही रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 5000 रुपये ले चुका है और अब अपने वाहन को छोड़ने के लिए और 5000 रुपये की मांग कर रहा है। वहीं शिकायत से जुड़े तथ्यों और सबूतों की जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो ने एएसआई जुझार सिंह को दो सरकारी गवाहों की उपस्थिति में 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा।