Blog

  • हितेश लखनपाल ने ऊना में होमगार्ड कमांडेंट का कार्यभार संभाला

    हितेश लखनपाल ने ऊना में होमगार्ड कमांडेंट का कार्यभार संभाला

    ऊना/सुशील पंडित:हिमाचल पुलिस सेवा के 2010 बैच के अधिकारी हितेश लखनपाल ने बुधवार को ऊना में होमगार्ड कमांडेंट का कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले वे राज्य पुलिस विभाग में कई महत्त्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएँ दे चुके हैं। नई तैनाती से पूर्व वे एडिशनल एसपी चंबा के पद पर कार्यरत थे।

    हितेश लखनपाल डीएसपी धर्मशाला, डीएसपी मंडी, डीएसपी हमीरपुर तथा हिमाचल प्रदेश एक्स-सर्विसमेन कॉर्पोरेशन (हमीरपुर) में सचिव के रूप में भी दायित्व निभा चुके हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने एडिशनल एसपी साइबर क्राइम, एडिशनल एसपी कांगड़ा और एडिशनल एसपी चंबा के रूप में उल्लेखनीय कार्य किया है।

    मूल रूप से बिलासपुर जिले से संबंध रखने वाले हितेश लखनपाल ने कहा कि आपदा प्रबंधन को मजबूत करना, कानून-व्यवस्था को सहयोग देना तथा समुदाय आधारित सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि ऊना जिले में होमगार्ड संगठन को अधिक सक्षम, अनुशासित और जनसेवा केंद्रित बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

  • ऊना जिले में और कड़ी होगी रात्रिकालीन पेट्रोलिंग, डीसी जतिन लाल ने जारी किए कड़े आदेश

    ऊना जिले में और कड़ी होगी रात्रिकालीन पेट्रोलिंग, डीसी जतिन लाल ने जारी किए कड़े आदेश

    ऊना/सुशील पंडित:ऊना जिले में रात्रिकालीन पेट्रोलिंग को और कड़ा कर दिया गया है। इसे लेकर ज़िला मजिस्ट्रेट ऊना जतिन लाल ने आदेश जारी किए हैं। यह  आदेश जिला में रात्रिकालीन समय में असामाजिक तत्वों, अवैध हथियारों और प्रतिबंधित सामग्री की किसी भी प्रकार की संभावित आवाजाही को रोकने तथा सार्वजनिक शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से जारी किए गए हैं। डीसी द्वारा हिमाचल प्रदेश पुलिस अधिनियम, 2007 की धारा 14 तथा बीएनएसएस की धारा 163 के अंतर्गत जारी आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

    उपायुक्त ने कहा कि जन सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रात्रिकालीन निगरानी को सुदृढ़ करना आवश्यक है। इसी के तहत जिले में रात्रि गश्त को और अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए विस्तृत व्यवस्था लागू की गई है।

    रात्रि गश्त को मिलेगी मजबूती
    उन्होंने बताया कि अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट, सभी उप-मंडल मजिस्ट्रेट, तथा संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार और नायब तहसीलदार अपने-अपने क्षेत्रों में प्रतिदिन रात्रि गश्त करेंगे। इन टीमों के साथ संबंधित एसडीपीओ और पर्याप्त पुलिस बल भी शामिल रहेगा, जिससे गश्त अधिक प्रभावी और व्यापक हो सकेगी।

    वाहनों की सघन जांच होगी
    रात्रिकालीन गश्त के दौरान वाहनों की विशेष जांच की जाएगी तथा शस्त्र अधिनियम 1959 के तहत अवैध हथियार, प्रतिबंधित वस्तुएं सहित अन्य अवैध सामग्री की रोकथाम के लिए जांच करके तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

    अवैध गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस
    उपायुक्त ने कहा कि सार्वजनिक शांति भंग करने या किसी भी प्रकार की गैर-कानूनी गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों पर बीएनएसएस, शस्त्र अधिनियम और अन्य संबंधित कानूनों के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस अधीक्षक उप-मंडलों को अतिरिक्त पुलिस बल भी उपलब्ध कराएंगे, ताकि गश्ती व्यवस्था निर्बाध रूप से चलाई जा सके।

    अधिकारियों को कड़ाई से अनुपालना के निर्देश
    उपायुक्त जतिन लाल ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जारी आदेशों की कड़ाई से अनुपालना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य ऊना को एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण और कानून-व्यवस्था से परिपूर्ण वातावरण प्रदान करना है।

  • Punjab-Chandigarh में BJP दफ्तरों का घेराव करेंगा मोर्चा, किया ऐलान

    Punjab-Chandigarh में BJP दफ्तरों का घेराव करेंगा मोर्चा, किया ऐलान

    चंडीगढ़ः पंजाब यूनिवर्सिटी को लेकर मामला एक बार फिर से गरमा गया है। आज पंजाब- चंडीगढ़ बचाओ मोर्चा की ओर से प्रदर्शन का ऐलान किया गया था। इस दौरान यूनिवर्सिटी के गेटों के बाहर बैरिकेडिंग लगाकर भारी फोर्स सुबह ही तैनात कर दी गई थी। पुलिस ने फर्नीचर मार्केट के पास भारी बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें सीमा पार करने से रोका। इसके बावजूद नेताओं ने जबरन बैरिकेड पर चढ़कर चंडीगढ़ में दाखिल होने की कोशिश की, जिस पर हल्की झड़प हो गई। स्थिति बिगड़ते ही पुलिस ने कई नेताओं को हिरासत में लेकर बसों में बैठाकर ले जाया।

    पुलिस का कहना था कि किसी भी हाल में यूथ कांग्रेस को चंडीगढ़ में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। दरअसल, यूनिवर्सिटी के सीनेट चुनाव की तारीख का ऐलान नहीं हुआ है। इस बीच बुधवार काे पंजाब- चंडीगढ़ बचाओ मोर्चा के सदस्य मानकीरत सिंह मान और रणबीर सिंह ढिल्लों ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि 3 नवंबर को पंजाब और चंडीगढ़ में स्थित भाजपा के सभी कार्यालयों का घेराव किया जाएगा।

    बता दें कि, इससे पहले पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ बचाओ मोर्चा के सदस्यों की तरफ से आज यूनिवर्सिटी बंद का ऐलान किया गया था। मगर इससे पहले ही पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छुट्टी का ऐलान कर दिया है और पहले स्थगित की गईं परीक्षाएं भी आगे टाल दी हैं। उधर, यूथ कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पंजाब के अधिकारों पर लगातार “धक्का” कर रही है। चाहे कृषि कानून हों, बाढ़ राहत में देरी, पीयू में पंजाब के हिस्से पर विवाद या चंडीगढ़ संबंधी बिल। प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस के नेशनल प्रधान उदय भानु भी मौजूद रहे।

    यूथ कांग्रेस का यह प्रदर्शन केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ है। नेताओं का आरोप है कि पहले किसानों पर तीन कृषि कानून थोपे गए, फिर पंजाब में आई बाढ़ के दौरान केंद्र ने पर्याप्त मदद नहीं दी। इसके अलावा, पीयू से पंजाब का हिस्सा खत्म करने और अब चंडीगढ़ पर परोक्ष कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है- “चंडीगढ़ पंजाब के गांव उजाड़कर बना है, इसे किसी कीमत पर छीनने नहीं देंगे।”

  • 26/11 हमले की आतंकवादियों ने ऐसे रची थी साजिश, आम लोगों को बनाया था निशाना

    26/11 हमले की आतंकवादियों ने ऐसे रची थी साजिश, आम लोगों को बनाया था निशाना

    मुंबई: 26 नवंबर की रात देश के लिए बहुत ही डरावनी रात थी। इस दिन भारत की आर्थिक राजधानी के तौर पर पहचाने जाने वाली मुंबई पर संकट के बादल मंडरा रहे थे। मुंबई के आलीशान ताज होटल पर आतंकियों ने कब्जा कर लिया था। पाकिस्तान से समुद्र के रास्ते आतंकी मुंबई में आए थे और कई बड़ी लोकेशन्स पर सिलसिलेवार तरीके से आतंकी हमलों को अंजाम दिया था। उस काली रात को 17 साल हो गए हैं लेकिन आज भी कोई उसे भूल नहीं पाया है।

    लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने किया था हमला

    ताज महल होटल से लेकर ट्राइडेंट होटल, नरीमन हाउस, कोलाबा कॉजवे और छत्रपति शिवाजी टर्मिनल समेत कई जगहों पर बम ब्लास्ट हुआ था। इन हमलों में 150 लोगों की जान चली गई थी। मृतकों की इस लिस्ट में मुंबई पुलिस के कई सीनियर अधिकारियों के नाम भी शामिल थे। इस हमले को 26/11 के नाम से जाना जाता है। पाकिस्तान के खूंखार आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने सोची समझी साजिश के अंतर्गत इस हमले को अंजाम दिया था।

    आम लोगों को बनाया था निशान

    26 नवंबर की रात में एक के बाद एक हमले हुए। स्थिति प्रशासन के हाथ से निकल गई थी और आतंकवादी मुंबई पर एक तरह से कब्जा करके बैठ गए थे। आतंकवादियों ने एके-47 हेंडग्रेनेड और बाकी खतरनाक हथियारों के साथ आम लोगों को निशाना बनाया था। उन्होंने विदेशी नागरिकों को भी बंधक बना लिया और उनकी हत्या की ताकि सरकार पर ज्यादा से ज्यादा दबाव बनाया जा सके। 26 नवंबर को शुरु हुआ हमला 29 नवंबर तक चलता रहा। देश के सुरक्षा कर्मी आतंकवादियों का मुकाबला करते रहे और बंधकों की रिहाई कराते थे। एनएसजी कमांडो ने आतंकवादियों को खत्म किया था और 9 आतंकवादी मारे गए। सिर्फ एक आतंकी अजमल कसाब जिंदा पकड़ा गया था। होटल ताज में सैंकड़ों विदेशी मेहमान थे जिनको बंधक बना लिया गया था। भारत सरकार पर भी दबाव बढ़ गया था। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी तातक लगाकर सभी आतंकियों को मार गिराया था।

    सुरक्षा एजेंसियों ने पकड़ा था आतंकी अजमल कसाब

    सुरक्षा एजेंसियों ने मुंबई हमले के एकमात्र आतंकी अजमल कसाब को जिंदा पकड़ लिया था। उसकी गिरफ्तारी से मुंबई हमले का सच सामने आया और पुलिस को यह पता चला कि कैसे उन्होंने भारत में प्रवेश किया है। उनकी योजना क्या थी और हमले के पीछे क्या मकसद था। अक्सर यह होता है कि आतंकवादी घटनाओं की जांच संभावनाओं पर ही होती है क्योंकि आतंकी घटना के बाद मारे जाते हैं। कसाब की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों को जरुरी जानकारी मिली थी। 28 नवंबर को ट्राइडेंट होटल को आतंकियों के झांसे से छुड़ा लिया था। 29 नवंबर की सुबह 9 बजे तक ताज होटल में भी आतंकियों का सफाया हो गया था हालांकि यह हमला दश को हमेशा के लिए एक गहरा जख्म दे गया था। इस जख्म की यादें आज भी हर भारतीय को डरा कर रख देती है।
  • Jalandhar News: हेरोइन और अवैध हथियार सहित आरोपी गिरफ्तार

    Jalandhar News: हेरोइन और अवैध हथियार सहित आरोपी गिरफ्तार

    जालंधर, ENS: नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत स्पेशल सेल की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से हथियार और नशीला पदार्थ बरामद किया है। आरोपी की पहचान अजय कुमार निवासी ईसाई मोहल्ला, बूटा पिंड के रूप में हुई है। पुलिस ने जीवन बिहार में आरोपी को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से एक देसी पिस्तौल, एक रौंद और 10 ग्राम हेरोइन बरामद की है।

    मिली जानकारी के अनुसार जांच अधिकारी एएसआई अवतार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना सदर के इलाके जीवन बिहार में युवक अवैध हथियार के साथ वारदात करने की फिराक में घूम रहा है, जिसके बाद उन्होंने गुप्त सूचना के आधार पर टीम तैयार कर ट्रैप लगाकर आरोपी को काबू किया।

    आरोपी की तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देसी पिस्तौल, एक रौंद और 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। रिमांड दौरान पुलिस अवैध हथियार देने के वाले के बारे में पूछताछ कर रही है।

  • जिले में शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा : डीसी जतिन लाल

    जिले में शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा : डीसी जतिन लाल

    नियमों की अवहेलना पर स्टोन क्रशर का बिजली कनेक्शन काटा, लीज निलंबित

    ऊना/सुशील पंडित: जिला में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रशासन ने लगातार सख्त कदम उठाए हैं। डीसी जतिन लाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शांति भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को परिणाम भुगतने होंगे।

    उपायुक्त ने बताया कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और जनता को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। उन्होंने जिले में जारी सभी निर्देशों का पालन करने पर बल दिया। नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि एसएस स्टोन क्रशर की खनन लीज निलंबित कर दी गई और बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है। इसके अलावा, भारी टिप्परों की अवैध आवाजाही के मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की हैं।

    डीसी ने साफ किया कि अवैध खनन, दड़ा-सट्टा, चिट्टा, जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रशासन की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लागू रहेगी। उन्होंने सभी उपमंडल अधिकारियों, तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को फील्ड में सक्रिय रहने और कानून-व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना सीधे उपायुक्त कार्यालय को भेजी जाएगी, ताकि तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

    उपायुक्त ने ऊना वासियों से अपील की कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस मिलकर जिले को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अवैध गतिविधियों से मुक्त बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    धमकी भरी कॉल पर कार्रवाई

    गगरेट ट्रक यूनियन में बाहरी राज्य से आए धमकी भरे फोन कॉल के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। प्रशासन ने कहा कि अशांति फैलाने या भय उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

  • अर्बन एस्टेट इलाके में शादी में गया परिवार, लाखों की नगदी और गहने लेकर चोर फरार, देखें वीडियो

    अर्बन एस्टेट इलाके में शादी में गया परिवार, लाखों की नगदी और गहने लेकर चोर फरार, देखें वीडियो

    फगवाड़ाः शहर में चोरी वारदातों का ग्राफ इस कदर बढ़ गया है कि संकरी बस्ती वाले इलाकों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आने लगी है। वहीं ताजा मामला मोहल्ला थानेदारां से सामने आया है, जहां आज दिनदहाड़े बेखौफ चोरों ने घर को निशाना बनाया। चोर घर के दरवाज़े और अलमारियों के ताले तोड़कर अंदर घुसे और घर से लाखों रुपये की नगदी और गहने लेकर फरार हो गए। परिवार के सदस्यों ने बताया कि वे दोपहर करीब 12:30 बजे रिश्तेदारी में शादी के लिए गए थे और लगभग 2:30 बजे वापस आने पर घर के दरवाज़े के ताले टूटे हुए मिले।

    घर के अंदर सारा सामान बिखरा हुआ था और अलमारियों के ताले भी टूटे हुए थे। उनके अनुसार चोरों ने लगभग डेढ से 2 लाख रुपये की नगदी और सोने के आभूषण ले लिए हैं। प्रशांत शर्मा ने बताया कि घर में से चोर नगदी और गहने लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि 2 घंटे के लिए घर से बाहर गए थे। इस दौरान पीछे से चोर से लाखों की नगदी और गहने लेकर फरार हो गए। वहीं पीड़िता रिंपल ने बताया कि वह अर्बन एस्टेट इलाके में मामे की बेटी की शादी में गई हुई थी। इस दौरान जब वह दोपहर 2.30 बजे आए तो देखा कि घर के ताले टूटे हुए थे।

    जिसके बाद घर के अंदर जाकर देखा तो घर का सामान बिखरा हुआ था। इस दौरान घर से 4 चेन, 4 अंगूठियां, 2 गहने के सेट, 6 चूड़ियां और डेढ से 2 लाख की नगदी लेकर फरार हो गए। सीसीटीवी कैमरे में एक व्यक्ति दिखाई दिया और उसने टोपी पहनी हुई थी। घटना की सूचना तुरंत फगवाड़ा पुलिस को दे दी गई है। परिवार ने बढ़ती चोरियों और पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता पर चिंता जताई है और मांग की है कि चोरों को जल्द पकड़ा जाएं और हुए नुकसान की भरपाई करवाई जाए। वहीं पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है, जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • सत्ती और उनके साले की जोड़ी ने सरकारी दुकान के नाम पर किया फर्जीवाड़ा: रायजादा

    सत्ती और उनके साले की जोड़ी ने सरकारी दुकान के नाम पर किया फर्जीवाड़ा: रायजादा

    पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने डी.सी. को सौंपे 2 ज्ञापन, मांगी कार्यवाही

    ऊना/सुशील पंडित: पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने डी.सी. कार्यालय ऊना में विधायक सतपाल सत्ती के नाम से दुकान होने और उनके रिश्तेदार द्वारा गलत तरीके से दुकान चलाने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि जीजा-साले की जोड़ी ने सरकार की सम्पत्ति को नुक्सान पहुंचाया है और गलत तरीके से कब्जा कर रखा है। बुधचार को सतपाल रायजादा अपनी मांगों को लेकर डी.सी. ऊना जतिन लाल से मिले और उन्हें 2 ज्ञापन सौंपे। इनमें से एक में उन्होंने कहा कि आशु पुरी मर्डर के अगले दिन विधायक सतपाल सत्ती ने कांफ्रैंस करके सार्वजनिक तौर पर उनके होटल और उनकी छवि को नुक्सान पहुंचाया था जिसमें उन्होंने कहा था कि होटल में वैश्यावृति होती है और रुपए का अनैतिक लेनदेन होता है।

    रायजादा ने कहा कि उन्होंने पुलिस को भी फुटेज सौंपी है और वह चाहते हैं कि डी.सी. स्वयं भी इसकी जांच करवाएं ताकि जनता को सच का पता लग सके। रायजादा ने कहा कि सत्ती खुद को पाकसाफ घोषित करते हैं लेकिन ऐसा असलियत में नही है। मिनी सचिवालय में डी.सी. कार्यालय की दुकान सत्ती ने अपने नाम से सरकार से ली थी जिसमें सिर्फ फोटो स्टेट का काम हो सकता था इसके अलावा कुछ नहीं। सत्ती ने इस दुकान को आगे अपने उस साले को सबलेट कर दिया जोकि इसमें गारंटर बना था। कई सालों से वह ही दुकान चला रहा है लेकिन इस दुकान में फोटोस्टेट का काम नहीं हो रहा है जबकि अन्य व्यवसाय चलाया जा रहा है। इस दुकान में तोडफ़ोड करके दोनों तरफ मुंह कर दिए गए हैं जबकि कानूनन ऐसा नहीं किया जा सकता था। निजी फायदे के लिए दबाव की राजनीति करते हुए सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया है। रायजादा ने कहा कि सरकार को स्वयंघोषित पाकसाफ सत्ती ने आर्थिक नुक्सान पहुंचाया है और घोटाला किया है। उन्होंने कहा कि डी.सी. इस मामले की जांच करें और कार्रवाई करें।

    पूर्व विधायक सतपाल सिंह रायजादा ने कहा कि डी.सी. स्वयं इन दोनों मामलों की जांच करें और जो भी दोषी पाया जाता है उसके खिलाफ कार्रवाई करें। यदि दुकान घोटाले में सत्ती दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई करें और यदि उनके होटल में कोई अनैतिक कार्य पाया जाता है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अब लड़ाई सतपाल सत्ती के लगातार लगाए जाने वाले झूठे लांछनों को लेकर लड़ी जा रही है। बिना तथ्यों से कुछ भी बोलना और किसी पर भी आरोप लगा देना यह सत्ती की आदत हो चुकी है। रायजादा ने कहा कि सत्ती केवल खुद के कहने पर ही पाकसाफ है लेकिन असल में ऐसा नहीं है। एक एक करके उनकी असलियत जनता के सामने लाई जाएगी ताकि जनता भी सत्ती का असली चेहरा देख सके।

  • शहीदी दिवस विशेष: पंजाब सरकार ने गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर यूनिवर्सिटी बनाने की घोषणा की

    शहीदी दिवस विशेष: पंजाब सरकार ने गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर यूनिवर्सिटी बनाने की घोषणा की

    श्री आनंदपुर साहिब: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के विचार को अमली जामा पहनाते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज श्री आनंदपुर साहिब में नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर विश्व स्तरीय यूनिवर्सिटी स्थापित करने की घोषणा की।

    यहां के गुरुद्वारा बुड्डा दल छावनी में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर ‘सरबत दा भला’ एकत्रीकरण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वरोसाई पवित्र नगरी में स्थापित की जाने वाली यह यूनिवर्सिटी गुरु साहिब जी के महान संकल्प को और मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि यह यूनिवर्सिटी नौवें पातशाह जी की अद्वितीय शहादत, महान जीवन और दर्शन के बारे में गहन शोध के लिए अत्यंत सहायक सिद्ध होगी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह प्रतिष्ठित संस्था हमारी आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करने के साथ-साथ महान गुरु साहिब जी के जीवन और दर्शन का प्रसार करेगी।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी समाजवाद और धर्मनिरपेक्षता की जीवंत मूर्ति थे क्योंकि गुरु साहिब जी ने देश में मानवीय अधिकारों की रक्षा के लिए महान बलिदान दिया। भगवंत सिंह मान ने लोगों से ‘हिंद दी चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर जी की आत्म-बलिदान की भावना को अपनाने की अपील की, जिन्होंने मानवीय अधिकारों और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों-कीमतों को कायम रखने के साथ-साथ धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अपना जीवन कुर्बान कर दिया। उन्होंने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब में दर्ज श्री गुरु तेग बहादुर जी की पावन बाणी एकता, विश्व-व्यापी भाईचारे, धार्मिकता, बहादुरी और दया का संदेश देती है, जिसका पालन सभी को करना चाहिए।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्म की रक्षा के लिए गुरु साहिब की अद्वितीय शहादत मानवता के इतिहास में बेमिसाल है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी ने सच्चाई और धार्मिक स्वतंत्रता के मूल्यों को कायम रखने के लिए अपनी कुर्बानी दी और इसे हमेशा याद रखा जाना चाहिए। भगवंत सिंह मान ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा स्थापित की जा रही विश्व स्तरीय यूनिवर्सिटी दुनिया के कोने-कोने में गुरु साहिब के जीवन और दर्शन का प्रचार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

    श्री गुरु तेग बहादुर जी का जीवन और दर्शन समूची मानवता के लिए एक प्रकाश बिंदु है। उन्होंने कहा कि यह प्रस्तावित यूनिवर्सिटी एक ओर इस शानदार विरासत को कायम रखने और दूसरी ओर लोगों के बीच साझ को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी द्वारा दी गई कुर्बानी बेमिसाल है और ऐसी मिसाल दुनिया के किसी अन्य इतिहास में नहीं मिलती। भगवंत सिंह मान ने कहा कि गुरु साहिब से पहले शासकों द्वारा भारी जुल्म किए जाते थे लेकिन गुरु साहिब कभी ऐसी चालों के आगे नहीं झुके और धार्मिक स्वतंत्रता के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी, जिसकी विश्व में कोई मिसाल नहीं मिलती।

    इस नेक कार्य को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार का समर्थन करने पर संत समाज का धन्यवाद किया और कहा कि प्रदेश सरकार ने अपना फर्ज पूरी तनदेही और श्रद्धा भावना से निभाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस पवित्र स्थान पर पंजाब विधान सभा का विशेष सत्र आयोजित करवाया जो अत्यंत बेमिसाल था क्योंकि पूरी विधान सभा को गुरु साहिब के चरणों में लाया गया था। भगवंत सिंह मान ने कहा कि विधान सभा ने सर्वसम्मति से सभी तख्तों वाली सिटी अमृतसर, तलवंडी साबो और श्री आनंदपुर साहिब को पवित्र शहर का दर्जा देने का फैसला किया है।

    सिखों के पांच तख्त साहिब हैं जिनमें से तीन श्री अकाल तख्त साहिब (अमृतसर), श्री दमदमा साहिब (तलवंडी साबो, बठिंडा) और तख्त श्री केसगढ़ साहिब (श्री आनंदपुर साहिब) पंजाब में हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि लोगों की पुरानी मांग को ध्यान में रखते हुए और पंजाब विधान सभा के इस सत्र को यादगार बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने इन शहरों को पंजाब के पवित्र शहर घोषित किया है। उन्होंने कहा कि संगत की पुरानी मांग को पूरा करने के लिए इन शहरों में मांस, शराब, तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री एवं उपयोग पर प्रतिबंध होगा।

    इन शहरों के सर्वांगीण विकास के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी और इस नेक कार्य के लिए फंडों एवं संसाधनों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने इन शहरों में नतमस्तक होने आने वाली संगत के लिए ई-रिक्शा, मिनी बसें और अन्य मुफ्त जन परिवहन प्रणाली की भी घोषणा की। भगवंत सिंह मान ने कहा कि इन शहरों के विकास को और गति देने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे क्योंकि इस कार्य के लिए फंडों की कोई कमी नहीं है।

    श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी को नम्र श्रद्धांजलि भेंट करते हुए प्रदेश सरकार द्वारा गुरु साहिब के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित पूरे प्रदेश में क्रमवार समागम करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी की अनुपम शहादत सर्वोच्च और बेमिसाल है क्योंकि इस शहादत का उद्देश्य दूसरों के धर्म की रक्षा करना था। भगवंत सिंह मान ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर साहिब ने धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए महान कुर्बानी दी ताकि दुनिया के लिए मिसाल कायम की जा सके।

    मुख्यमंत्री ने लोगों को गुरु साहिब द्वारा दिखाए मानवता और सच्चाई के रास्ते पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नौवें सिख गुरु साहिब का संदेश धर्मनिरपेक्षता, एकता और विश्वव्यापी भाईचारे का सच्चा प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब का जीवन और दर्शन हमेशा मानवता के लिए प्रकाश बिंदु बना रहेगा। भगवंत सिंह मान ने कहा कि ये समागम आने वाले समय में भी जारी रहेंगे और आने वाले वर्षों में भी शहीदी दिवस को समर्पित पूरे प्रदेश में समागम करवाए जाएंगे।

    इन समागमों का एकमात्र उद्देश्य महान गुरु साहिब की महान विरासत को हमारी आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है। भगवंत सिंह मान ने पवित्र नगरी में मौजूदा चरण गंगा स्टेडियम के नवीनीकरण और अपग्रेड की योजनाओं की भी घोषणा की ताकि हर साल होला मोहल्ला के अवसर पर पवित्र नगरी आने वाली संगत को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग की भलाई के लिए वचनबद्ध है और इस संबंध में पहले से ही ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

    अपने संबोधन में ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि पिछले तीन दिनों से वे अपनी पत्नी के साथ इस पवित्र धरती को नमन करने यहां मौजूद हैं। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वे खुद को बहुत सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं कि उन्हें गुरुद्वारा श्री केसगढ़ साहिब, गुरुद्वारा सीस गंज साहिब और गुरुद्वारा भोरा साहिब में नतमस्तक होने का सौभाग्य मिला। उन्होंने कहा कि इस पवित्र दिवस के अवसर पर और श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस की याद में आयोजित समागमों की लड़ी में शामिल होना उनके लिए एक अनूठा अनुभव था। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा इस पवित्र नगरी में नतमस्तक होने आने वाली संगत की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

    ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि यदि इस सेवा में कोई कमी रह गई हो तो पंजाब सरकार प्रदेश के लोगों और महान गुरु साहिब से क्षमा की याचक है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यदि श्री गुरु तेग बहादुर जी के संदेश को लोग अपने जीवन में अपनाएं तो दुनिया में किसी भी तरह के सांप्रदायिक तनाव के लिए कोई जगह नहीं बचेगी। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब का प्रेम, दया और मानवता का संदेश विश्व शांति का मार्ग प्रशस्त कर सकता है।

    अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इन समागमों के लिए सारे प्रबंध इसलिए संभव हो सके क्योंकि प्रदेश सरकार महान गुरुओं द्वारा दिखाए मार्ग पर चल रही है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी के रास्ते पर चलते हुए प्रदेश सरकार द्वारा लोगों की भलाई के लिए एक-एक पैसा पूरी सूझबूझ और सजगता के साथ खर्च किया गया है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा लोगों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

    ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि प्रदेश के दूर-दराज के इलाकों में भी किसानों को नहरी पानी मिल रहा है और साथ ही प्रदेश के 90 प्रतिशत घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सौभाग्यशाली है कि उन्हें प्रदेश के लोगों की सेवा करने और गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित समागम करवाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि समूचा सिख इतिहास चढ़दी कला का प्रतीक है जो लोगों को मेहनत करने, परमात्मा का नाम जपने, दूसरों के साथ बांटकर खाने और कमजोर व दबे-कुचले लोगों की रक्षा के लिए प्रेरित करता है।

    अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज भी पंजाबी महान गुरुओं से जुल्म, जबर और अत्याचार के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा लेते हैं। उन्होंने कहा कि भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार इस पवित्र नगरी के विकास के लिए अधिक से अधिक योगदान देना अपना फर्ज समझती है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह बहुत गर्व और संतुष्टि की बात है कि मंत्री से लेकर अधिकारी तक प्रदेश सरकार से जुड़ा हर व्यक्ति ने गुरु साहिब की सेवा में अपना योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि समागमों को सुचारु रूप से संपन्न कराना उनके सामूहिक प्रयासों का ही परिणाम है।

    इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, हरपाल चीमा, हरजोत सिंह बैंस, तरुणप्रीत सिंह सौंद, लाल चंद कटारूचक्क, हरभजन सिंह ई.टी.ओ., लोक सभा सदस्य मालविंदर सिंह कंग सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

     

     

     

     

  • टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र में स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग जागरूकता सत्र आयोजित

    टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र में स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग जागरूकता सत्र आयोजित

    ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश में औद्योगिक आधुनिकीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र में स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एमएसएमई उद्यमियों, हरोली ब्लॉक इंडस्ट्रियल एसोसिएशन और सरकारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

    डीआईसी ऊना की प्रबंधक कमला देवी ने उद्योगों को आधुनिक तकनीक अपनाने और उत्पादकता बढ़ाने में सरकार की योजनाओं और सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगों को आधुनिक तकनीक अपनाने और उत्पादकता बढ़ाने में हर संभव सहायता दे रही है। हमारा उद्देश्य स्थानीय उद्योगों को डिजिटल और स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग के माध्यम से वैश्विक प्रतिस्पर्धा में सक्षम बनाना है।

    वहीं,हरोली इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष  राकेश कौशल, उपाध्यक्ष नागेंद्र सिंह और महासचिव रोहित वर्मा और वरिष्ठ सलाहकार आर.सी. तनेजा ने इस आयोजन की सराहना करते हुए डिजिटल परिवर्तन की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में हरोली ब्लॉक इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

    सत्र में सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के विशेषज्ञों ने ऑटोमेशन, आईटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी तकनीकों के जरिए उत्पादन सुधारने के सरल और व्यावहारिक उपाय बताए। उद्योगों में मशीन डाउनटाइम घटाने, दोष दर कम करने, ऊर्जा बचाने और रीयल-टाइम डेटा के माध्यम से त्वरित निर्णय लेने पर जोर दिया गया।

    स्थानीय उद्योगों ने इन तकनीकों को अपनाने में गहरी रुचि दिखाई और कई इकाइयों ने प्रिडिक्टिव मेंटेनेंस व डिजिटल इन्वेंट्री मैनेजमेंट में सहयोग की मांग की। सत्र ने स्थानीय उद्योगों को डिजिटल और डेटा-संचालित उत्पादन प्रणाली की ओर बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया, जिससे उनकी वैश्विक प्रतिस्पर्धा और उत्पादकता में सुधार हो सके।