Blog

  • जालंधर: भारत जोड़ो यात्रा में फिर राजा वड़िंग को पड़े धक्के, देखें वीडियो

    जालंधर: भारत जोड़ो यात्रा में फिर राजा वड़िंग को पड़े धक्के, देखें वीडियो

    जालंधर/वरुणः महानगर में बीते दिन शुरू हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा दौरान एक बार फिर पंजाब प्रदेश कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को सुरक्षाकर्मियों द्वारा धक्के मारने का मामला सामने आया है। भारत जोड़ों यात्रा चौथे दिन रविवार को सासंद संतोख चौधरी के संस्कार के बाद राहुल गांदी ने खालसा कॉलेज से यात्रा शुरू की थी। इस दौरान राजा वड़िंग की एक बार फिर से राहुल गांधी के सुरक्षा कर्मियों के साथ बहस हो गई।

    दरअसल, वड़िंग राहुल गांधी का सुरक्षा घेरा तोड़कर फिर वापिस आने की कोशिश कर रहे थे, तो सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें दूर तक धकेल दिया। दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। फिर जब वड़िंग ने अपना पहचान पत्र दिखाया, जिसके बाद राहुल गांधी की सिक्योरिटी ने उन्हें घेरे में अंदर आने की अनुमति दी। गौर हो कि इससे पहले राहुल गांधी की सिक्योरिटी कर्मियों द्वारा राजा वड़िंग को धक्के मारने गए थे। इस घटना को लेकर राजा वडिंग ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जिम्मेदार ठहराया था। 

  • Bathinda: डॉक्टर पर गोली चलाने वाले 7 आरोपी हथियार सहित गिरफ्तार, इस गैंग के सदस्य

    Bathinda: डॉक्टर पर गोली चलाने वाले 7 आरोपी हथियार सहित गिरफ्तार, इस गैंग के सदस्य

    बठिंडाः तलवंडी साबो में डॉ. दिनेश बंसल पर गोलियां चलाने वाले दोनों आरोपियों समेत कुल सात लोगों को देर रात पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सातों आरोपी कनाडा में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और जेल में बंद गैंगस्टर मनप्रीत सिंह मन्ना गैंग के सदस्य बताए जा रहे है। इस बारे में एसएसपी जे इलेनचेलियन ने सोमवार सुबह पुष्टि कर दी है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बीनू सिंह, प्रदीप सिंह, दविंदर सिंह, बलविंदर सिंह, गुरतेज सिंह, हरपिंदर सिंह, सुखप्रीत सिंह के तौर पर हुई है। पुलिस ने आरोपियों से 315 बोर एवं 12 बोर का हथियार बरामद किया है।

    रविवार देर शाम को तलवंडी साबो में फिरौती न देने पर डॉक्टर पर फायरिंग करने वालों को पकड़ने गई पुलिस की मुठभेड़ हो गई थी। मुठभेड़ तलवंडी साबो के गांव गुरुसर के पास हुई। इसमें एक आरोपी को गोली लगी। घायल की पहचान बीनू के तौर पर हुई थी, वह मनप्रीत मन्ना गैंग का गुर्गा बताया जा रहा है। रविवार को रंगदारी न देने पर तलवंडी साबो के डॉक्टर दिनेश बंसल पर बदमाशों ने फायरिंग की थी। घटना के बाद बठिंडा पुलिस रविवार को तलवंडी साबो के गांव गुरुसर में तलाशी अभियान चला रही थी। तभी पुलिस को गांव गुरुसर में बदमाशों के छिपे होने की सूचना मिली।

    इसी दौरान पुलिस ने फायरिंग करने वाले एक हमलावर की पहचान कर ली। पुलिस जैसे ही मौके पर पहुंची तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। वहीं पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली बीनू नाम के हमलावर को लगी। गंभीर हालत में उसे तलवंडी साबो के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बठिंडा के एसएसपी जे एलेंचेलियन ने मुठभेड़ की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पुलिस की टीम रविवार को हमलावरों को पकड़ने गई थी। इस दौरान हमलावरों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक गोली हमलावर को लगी है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और उसका उपचार करवाया जा रहा है। 

  • फैकट्री में बन रहा था भैंसों की चर्बी वाला साबुन, पुलिस ने किया पर्दाफाश

    फैकट्री में बन रहा था भैंसों की चर्बी वाला साबुन, पुलिस ने किया पर्दाफाश

    बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर में थाना नगर कोतवाली पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। भैसों की चोरी कर पशुओं को अवैध रूप से कटान करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही से 9 भैंस, 8 कटरे, 8 कटिया, 27 टिन चर्बी, 9 बोरे सुखी चर्बी, भारी मात्रा में भैंसों की खाल और अन्य उपकरण बरामद हुए हैं।

    जानकारी के मुताबिक विभिन्न थाना क्षेत्रों में सर्दी के मौसम के चलते कोहरे का फायदा उठाते हुए पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के बाद गिरोह के सदस्य अवैध रूप से पशुओं का कटान करते थे। जिसमें कटान के बाद अवशेषों को ठिकाने लगाने के लिए पशुओं के मीट को होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों पर सप्लाई करते थे, जबकि चर्बी साबुन फैक्ट्री को सप्लाई किया जाता था। पुलिस को पता चलते ही साबुन फैक्ट्री को भी तत्काल प्रभाव से मजिस्ट्रेट की टीम ने सील कर दिया है। साबुन के रेपर पर लिखा होता है कि शुद्ध तेलों से निर्मित, लेकिन यहां  चर्बी का इस्तेमाल किया जा रहा था। साबुन फैक्ट्री मालिक के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 IPC के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की लगातार छापेमारी जारी है।

  • भारत को दहलाने की साजिश! एजेंसियों ने पंजाब और दिल्ली में अलर्ट किया जारी 

    भारत को दहलाने की साजिश! एजेंसियों ने पंजाब और दिल्ली में अलर्ट किया जारी 

    नई दिल्ली: पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई गणतंत्र दिवस के मौके पर आतंकवादी संगठनों अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट के साथ मिलकर राजधानी दिल्ली, पंजाब समेत देश के अन्य कई शहरों में बड़े हमले करने की साजिश रच रही है। भारतीय खुफिया एजेंसियों ने इस संबंध में अलर्ट जारी किया है। खुफिया एजेंसियों की गोपनीय रिपोर्ट में पता चला है कि पाकिस्तान की ISI ने भारत में आतंकी हमले करवाने के लिए अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इरबाहिम के गुर्गों की मदद ली है। भारत में होने वाले G-20 समिट पर भी इस्लामिक स्टेट और अल-कायदा की नजर है।

    पाकिस्तान की मदद से इन आतंकी संगठनों की साइबर विंग, साइबरस्पेस पर काफी एक्टिव हो चुकी है और G-20 समिट के दौरान बड़े साइबर हमले करने की फिराक में है। खुफिया रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान अपने स्लीपर सेल और अवैध रोहिंग्यों का इस्तेमाल कर 26 जनवरी के मौके पर दिल्ली और पंजाब में IED ब्लास्ट करवा सकता है। इस रिपोर्ट के मुताबिक अल-कायदा के आतंकी ‘लोन वुल्फ अटैक’ के फिराक में हैं। अगर 26 जनवरी पर आतंकी हमले का प्लान फेल हुआ, तो G-20 समिट के दौरान​ भारत के विभिन्न शहरों में आतंकी हमले करवाने की साजिश ISI ने रची है।

    खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान की ISI ने इस बार दिल्ली और पंजाब को टारगेट करने के लिए अवैध रोहिंग्या, दो बांग्लादेशी आतंकी संगठनों अंसार-उल-बांग्ला और जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश का सहारा लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक एक लो प्रोफाइल विंग फिर से एक्टिव हो सकती है और स्लीपर सेल की तरह गोरिल्ला अटैक को अंजाम दे सकती है। इस गोपनीय अलर्ट में यह भी खुलासा हुआ है कि प्रो-खालिस्तानी टेरर ग्रुप दिल्ली और पंजाब में किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने ‘दल खालसा’ और ‘वारिस पंजाब दे’ पर कड़ी नजर रखने की सलाह देते हुए कहा है कि ये दोनों संगठन देश का माहौल खराब की पुरजोर कोशिश में जुटे हैं।

  • यति एयरलाइंस के क्रेश से पहले प्लेन के अंदर की वीडियो आई सामने

    यति एयरलाइंस के क्रेश से पहले प्लेन के अंदर की वीडियो आई सामने

    नई दिल्ली। नेपाल के पोखरा में रविवार को हुए प्लेन क्रैश में 5 भारतीयों की मौत हुई है। इनमें 4 यूपी के गाजीपुर जिले के कासिमाबाद के रहने वाले थे। वहीं, एक अन्य यात्री भी यूपी का है। हालांकि, वह किस जिले से है यह पता नहीं चल सका है। उसकी मौत की भी पुष्टि नहीं हुई है विमान में चार क्रू मेंबर्स समेत 72 लोग थे। 68 की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

    गाजीपुर के जिन चार युवकों की हादसे में मौत हुई है। वह चारों बचपन से दोस्त थे। एक साथ 3 दिन पहले नेपाल घूमने गए थे। इनमें से एक युवक का नाम सोनू जयसवाल है। प्लेन क्रैश होने के चंद सेकंड पहले सोनू विमान के अंदर का सीन फेसबुक पर लाइव कर रहा था। वीडियो में दिख रहा है कि प्लेन में सब खुश हैं। मुस्कुरा रहे हैं। सोनू पहले खुद को और बाद में विमान में बैठे बाकी यात्रियों को दिखाते हैं। तब तक सबकुछ ठीक था।

    अचानक से मरा… मरा…मरा की आवाज आने लगती हैं। चीख-पुकार मच जाती है… और फिर सिर्फ आग का गुबार नजर आता है। यानी तब हादसा हो चुका था। सोनू के परिवार ने ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल की है। डीएम गाजीपुर आर्यका अखौरी ने चारों युवकों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया की जिला प्रशासन, नेपाल में भारतीय दूतावास के संपर्क में हैं।

  • जालंधर: लतीफपुरा मामले को लेकर यह हाइवे रहेगा बंद

    जालंधर: लतीफपुरा मामले को लेकर यह हाइवे रहेगा बंद

    जालंधर/वरुण: धन्नोवाली फाटक के समीप जालंधर से लुधियाना की ओर जाने वाला हाईवे आज दोपहर कुछ समय के लिए बंद रहेगा। लतीफपुरा के बेघर लोगों ने इस संबंध में आज 11:30 बजे से तीन बजे तक नैशनल हाईवे जाम बंद करने का ऐलान किया है। 

    लतीफपुरा में बेघर किए लोगों को उसी जमीन पर बसाने को संघर्ष कर रहे लतीफपुरा पुनर्वास संयुक्त मोर्चा आज धन्नो वाली फाटक के समीप नैशनल हाईवे और रेल यातायात का चक्का जाम करेगा। मोर्चा के जाम से नैशनल हाईवे पर आवगमन कर रहे दूर दराज के राज्यों व जिलों के वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। वहीं रेल यातायात बाधित करने से ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित होगी।

  • पंजाब यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर ने दिया इस्तीफा 

    पंजाब यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर ने दिया इस्तीफा 

    चंडीगढ़: पंजाब यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो.राज कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

    बताया जा रहा है कि यूनिवर्सिटी के चांसलर जगदीप धनखड़ ने प्रो. राज कुमार का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। उनके स्थान पर डॉ.रेणू विज को कार्यकारी वाइस चांसलर बनाया गया है।

  • पंजाब: वारिस पंजाब के अमृतपाल सिंह फ़ोर्टीज़ अस्पताल में भर्ती

    पंजाब: वारिस पंजाब के अमृतपाल सिंह फ़ोर्टीज़ अस्पताल में भर्ती

    अमृतसर: वारिस पंजाब के सुप्रीमो अमृतपाल सिंह को अमृतसर के फ़ोर्टीज़ अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि अमृतपाल सिंह को आंखों के सामने अंधेरा आ जाने की शिकायत थी। इसलिए उन्हें अस्पताल लाया गया। फोर्टिस अस्पताल में डॉक्टर अमृतपाल सिंह की मेडिकल जांच कर रहे है। फोर्टिस एस्कोर्ट अस्पताल की तरफ से सुबह करवाए गए टेस्टों में सभी टेस्ट ठीक आए हैं। डॉक्टर्स का कहना है कि उनकी एमआरआई भी करवाई गई है।

    जिसकी रिपोर्ट के आने का इंतजार है। रिपोर्ट के आने के बाद ही डॉक्टर्स उनके बीमारी के बारे में कुछ बता पाएंगे। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। जहां से उन्हें मेडिकल परीक्षण के बाद छुट्टी दे दी गई है। डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिन आराम करने की सलाह दी है। वहीं अमृतपाल के समर्थकों का कहना है कि जत्थेदार अमृतपाल ​​​​​​रात 2.30 बजे अमृतसर के फोर्टिस अस्पताल पहुंचे थे।

    जिस समय उनकी तबीयत बिगड़ी वह मुक्तसर साहिब में थे। उन्हें रात के समय घबराहट महसूस हुई। जिसके बाद उन्हें अमृतसर के अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टर्स के अनुसार उनका बीपी बढ़ा हुआ था। डॉक्टर्स के अनुसार उनकी हालत में अब सुधार है। रात बीपी के कारण उन्हें दिक्कत का सामना करना पड़ा। अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

  • आज का राशिफल, 16 जनवरी 2023

    आज का राशिफल, 16 जनवरी 2023

    मेष राशिफल। आज का दिन आपके लिए खुशियों भरा रहने वाला है। आपके लिए तरक्की के नए-नए मार्ग खुलेंगे, जिससे आपकी आय में भी वृद्धि होगी। यदि कैरियर को लेकर आप परेशान चल रहे थे, तो उसमें भी आज कोई अच्छा मौका आपके हाथ लग सकता है। कार्यक्षेत्र में अधिकारी आपके कामों से प्रसन्न रहेंगे। यदि आपने पहले किसी काम में हाथ आजमाया था, तो वह पूरा हो सकता है, जिसके आपको अच्छे परिणाम मिलेंगे। जीवनसाथी के किसी जरूरी काम में आप पूरी मदद करेंगे, जिससे आप दोनों के बीच आपसी प्रेम और गहरा होगा।

    वृष राशिफल। आज का दिन आपके लिए मिलाजुला रहने वाला है। आपको अपने बिजनेस के लिए कुछ गुप्त प्लानिंग करनी होंगी। यदि आपने किसी से शेयर की तो उनमें बाधा आ सकती है। आप शेयर बाजार अथवा सट्टेबाजी में अपने धन का निवेश ना करें, नहीं तो आपको इससे कोई बड़ा नुकसान हो सकता है। आप बच्चों के साथ कुछ समय खेलकूद व मौज मस्ती में व्यतीत करेंगे, जिससे आपकी चिंता भी समाप्त होगी। विद्यार्थी यदि विदेश जाकर शिक्षा ग्रहण करने की सोच रहे हैं, तो उन्हें आज कोई मौका मिल सकता है।

    मिथुन राशिफल। आज का दिन आपके लिए भाग्य के दृष्टिकोण से उत्तम रहने वाला है। यदि आपने भविष्य के लिए कुछ योजनाएं बनाई है, तो वह आज सफल रहेंगी। आपको जीवनसाथी से चल रही अनबन को बातचीत के जरिए समाप्त करना होगा। आपने यदि किसी काम की शुरुआत की तो उसमें भाग्य का पूरा साथ मिलेगा और उससे आपको अच्छा लाभ मिल सकता है। धन संबंधित किसी मामले में आप किसी को तुरंत धन ना दें, नहीं तो आपके उस धन के वापस आने की संभावना बहुत कम है। वर्क फ्राम होम में कार्य कर रहे लोगों को अत्यधिक मेहनत करनी होगी।

    कर्क राशिफल। आज का दिन आपके लिए मिश्रित रूप से फलदायक रहने वाला है। यदि आपको अपने कामों को लेकर कुछ कन्फ्यूजन चल रही है, तो वह समाप्त होगी, जिसके लिए आप किसी अनुभवी व्यक्ति से सलाह मशवरा भी कर सकते हैं। यदि आपके कुछ काम अधूरे पड़े हैं, तो आप उन्हें भी पूरा करने में सफल रहेंगे। आपको  जीवनसाथी के साथ किसी खूबसूरत जगह पर जाने का मौका मिल सकता है। भाई बहनों से यदि आप कोई मदद मांगेंगे, तो वह भी आपको आसानी से मिल जाएगी। आप अपने बढ़ते हुए खर्चों पर लगाम लगाएं।
     
    सिंह राशिफल। आज का दिन आपके लिए अनुकूल परिणाम लेकर आएगा। आपको नौकरी में पदोन्नति मिलने से आपका मन प्रसन्न रहेगा, लेकिन साझेदारी में काम करना आपके लिए बेहतर रहेगा, इसलिए आप अच्छा निवेश कर सकते हैं। बैंकिंग  क्षेत्रों में कार्यरत लोगों बचत की योजनाओं पर पूरा ध्यान देंगे। आपको एक से अधिक स्त्रोतों से आय प्राप्त हो सकती है। आप अपनी सूझबूझ से कदम आगे बढ़ाएं, नहीं तो बाद में आपको समस्या का सामना करना पड़ सकता है। बिजनेस संबंधी यदि आपके मन में कोई आईडिया है, तो आपको उसे तुरंत आगे बढ़ाना होगा।

    कन्या राशिफल। आज का दिन आपके लिए स्वास्थ्य के मामले में कुछ कमजोर रहने वाला है। आपको अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहना होगा, क्योंकि शारीरिक कष्ट हो सकता है, जिसके कारण आप परेशान रहेंगे और आपको कार्यक्षेत्र में अपनी मेहनत के अनुसार फल मिलेगा, जो आपके लिए प्रसन्नता दिलाने वाला रहेगा। आपका कोई दूर रह रहा परिजन आपसे मिलने आ सकता है। आपको किसी यात्रा पर जाते समय जरूरी कागजातों  को संभालकर रखना होगा। आपको  किसी नये काम में बहुत ही देखभाल कर धन लगाना होगा।

    तुला राशिफल। आज का दिन कारोबार कर रहे लोगों के लिए उत्तम रहने वाला है। आपको यदि कोई पुरानी समस्या चल रही थी, तो उससे आपको मुक्ति मिलेगी। आप अपने मित्रों के साथ किसी पिकनिक आदि पर घूमने फिरने की योजना बना सकते हैं। आपको किसी व्यक्ति के कहने में आकर निवेश करने से बचना होगा और आपने यदि पहले से कुछ योजनाओं को चालू किया था, तो वह गति पकड़ सकती हैं। आप धार्मिक आयोजनों में भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लेंगे। आपको यदि किसी काम के कारण समस्या है, तो उसमें वरिष्ठ सदस्यों से बातचीत अवश्य करें।

    वृश्चिक राशिफल। आज का दिन आप अध्ययन व अध्यात्म के कार्य में दिन का काफी समय व्यतीत करेंगे। आपकी कुछ रसूखदार लोगों से भी मुलाकात होगी, जिनसे मिलकर आपका मन प्रसन्न रहेंगे। विद्यार्थियों को घरेलू कामों को छोड़कर अपनी पढ़ाई पर पूरा फोकस करना होगा, तभी वह शिक्षा में सफलता हासिल कर सकेंगे। आप परिवार के सदस्यों के साथ किसी मांगलिक कार्यक्रम में सम्मिलित हो सकते हैं। किसी नई योजना में निवेश करने का आपको मौका मिलेगा। संतान पक्ष की ओर से आपको कोई खुशखबरी सुनने को मिल सकती है।

    धनु राशिफल। आज का दिन आपके लिए प्रसन्नता दिलाने वाला रहेगा। आप खुद को अपनी जरूरत के कामों में व्यस्त रखें, नहीं तो आप व्यर्थ के कामों में हाथ आजमा सकते हैं। आपकी सेहत में यदि कुछ समस्या है, तो उसे प्राथमिकता दें और नजरअंदाज बिल्कुल ना करें। आपको अपने किसी मित्र की ओर से कोई खुशखबरी सुनने को मिल सकती है। विद्यार्थी अपने दोस्तों के साथ मौज मस्ती में दिन का काफी समय व्यतीत करेंगे। नौकरी में कार्यरत लोग किसी साथी से मतभेद में ना पड़े, नहीं तो समस्या हो सकती है। आप दूसरों की मदद के लिए आगे आएंगे, लेकिन आपको अपनी पुरानी गलती से सबक लेना होगा।

    मकर राशिफल। आज का दिन आपके लिए बाकी दिनों की तुलना में बेहतर रहने वाला है। साझेदारी में काम करना आपके लिए अच्छा रहेगा, लेकिन आप उसमे पूरी जांच पड़ताल करें। व्यापार कर रहे लोगों को लाभ के अवसरों को भी पहचानना होगा। यदि वह किसी बड़े लाभ के अवसर में लगे है, तो वह उनकी ओर ध्यान नहीं देंगे। आपके मान सम्मान में वृद्धि होने से आपका मन प्रसन्न रहेगा। आपके घर किसी अतिथि का आगमन हो सकता है। ऑफिस में आप कुछ नई पहल करने की कोशिश करेंगे। नौकरी में कार्यरत लोगों को पदोन्नति मिल सकती है।

    कुंभ राशिफल। आज का दिन आपके लिए किसी नए कार्य की शुरुआत करने के लिए रहेगा। आपको अक्समात धन लाभ मिलने से आपकी प्रसन्नता का ठिकाना नहीं रहेगा। प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य कर रहे लोग किसी बड़े इन्वेस्टमेंट को कर सकते हैं, जिससे उन्हें अच्छा लाभ मिलेगा। आपके परिवार में आज सुख शांति बनी रहेगी। यदि कोई लड़ाई झगड़ा लंबे समय से चल रहा था, तो वह भी समाप्त होगा। जीवनसाथी के लिए आप कोई उपहार लेकर आ सकते हैं। आप अपनी दिनचर्या में योग व व्यायाम को बनाए रखें, जिससे आपकी सेहत स्वस्थ रहेगी।

    मीन राशिफल। आज का दिन विद्यार्थियों के लिए बेहतर रहने वाला है, उनके किसी परीक्षा के परिणाम आने से उनकी प्रसन्नता का ठिकाना नहीं रहेगा। आप अपनी वाणी की मधुरता से लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने में कामयाब रहेंगे। आपका कोई रुका हुआ काम किसी मित्र की मदद से पूरा होता दिख रहा है। आप दूसरों पर ज्यादा निर्भर ना रहें, नहीं तो समस्या हो सकती है। गृहस्थ जीवन जी रहे लोग अपने साथी की बातों में हां में हां मिलाएंगे, जिससे उनके रिश्ते में मधुरता बनी रहेगी। आपको अपने विरोधियों से सावधान रहना होगा, नहीं तो वह आपको परेशान कर सकते हैं।

  • जालंधरः नकली लाइटर खिलौना दिखाकर लोगों से करते थे लूट, तीन चढ़े पुलिस के हत्थे

    जालंधरः नकली लाइटर खिलौना दिखाकर लोगों से करते थे लूट, तीन चढ़े पुलिस के हत्थे

    जालंधर/हर्ष कुमारः थाना एक की पुलिस ने नकली खिलौना लाइटर गन दिखाकर लोगों से लूट करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल बरामद किया है। 

    थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी टीम के एएसआई नरेंद्र कुमार ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरोह को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने गुरु नानक नगर, नागरा के पास एक दुकानदार को नकली गन दिखाकर उससे 10,000 रुपए की नकदी और एक मोबाइल फोन लूटा था।

    पुलिस ने इनके कब्जे से एक चोरी का मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान नवप्रीत सिंह उर्फ नव पुत्र ओंकार सिंह निवासी गुरु नानक नगर, सौरव पुत्र महिंदर पाल निवासी रेलवे फाटक गांव नागरा और गौतम गिल उर्फ चेरी पुत्र महिंदर पाल निवासी गुरु नानक नगर के रूप में हुई है। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्तियों को 2 दिन के रिमांड पर लिया है और इनसे पूछताछ की जा रही है ताकि पता चल सके इससे पहले कहां-कहां यह वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।