Blog

  • दोस्त-दोस्त न रहा! 5 रुपये के कुरकुरे के लिए दोस्त को चाकू घोंपकर उतरा मौत के घाट

    दोस्त-दोस्त न रहा! 5 रुपये के कुरकुरे के लिए दोस्त को चाकू घोंपकर उतरा मौत के घाट

    बिहार: गोपालगंज से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसमें सिर्फ पांच रुपये के कुरकुरे के लिए एक युवक ने अपने बचपन के दोस्त को चाकू मारकर हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने इस घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू समेत अन्य सामान भी बरामद कर लिया है।

    एसडीपीओ प्रांजल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि दोनों दोस्तों के बीच सिर्फ पांच रुपये के कुरकुरे के लिए विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने अपने ही दोस्त की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की। सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिससे पुलिस आरोपी तक पहुंच सकी। इस मामले में एफएसएल की टीम से भी मदद ली गई थी।

    मृतक की पहचान सावन कुमार के रूप में हुई है और आरोपी उसके बचपन का गहरा दोस्त था। दोनों साथ ही घूमते-फिरते थे, लेकिन पांच रुपये के कुरकुरे ने उनकी दोस्ती में दरार डाल दी। नगर थाना क्षेत्र के ऑफिसर कॉलोनी के समीप यह घटना हुई। पुलिस ने इस हत्याकांड का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया और मृतक के दोस्त को गिरफ्तार कर लिया।

    घटना की रात, सावन कुमार को उसके दोस्त ने घर से बुलाया था और दोनों ने मिलकर शराब पार्टी की। शराब के नशे में दोनों के बीच कुरकुरे को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोस्त ने चाकू से गोदकर सावन कुमार की हत्या कर दी। इस घटना के बाद सावन के परिजनों ने युवक के शव को एनएच 27 पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया और जमकर हंगामा किया।

    इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है और लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि एक छोटी सी चीज के लिए किस तरह से एक गहरी दोस्ती का अंत हो सकता है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

  • भरभराकर गिरा नदी पर बना पुल, यातायात बाधित

    भरभराकर गिरा नदी पर बना पुल, यातायात बाधित

    नई दिल्ली: बिहार के कई जिलों में पुल टूटने की मीडिया में आए दिन आती रहती है। इन टूटते पुल का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल भी हो जाता है लेकिन इस बार एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें नदी पर बना पुल भरभरा कर गिर गया। मगर यह वीडियो बिहार का नहीं, बल्कि गोवा का है। दरअसल, गोवा को कर्नाटक से जोड़ने वाला काली नदी पर बना पुल बुधवार तड़के ढह गया, जिससे राजमार्ग संख्या 66 पर यातायात बाधित हो गया। अधिकारी ने बताया कि पुल ढहने के समय एक ट्रक पुल पार कर रहा था जो काली नदी में गिर गया।

    गनीमत रही कि चालक को स्थानीय मछुआरों ने बचा लिया, जो सही समय पर नदी में कूद गए, पड़ोसी राज्य कर्नाटक के कारवार के एक पुलिस अधिकारी ने बताया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कर्नाटक के सदाशिवगढ़ में काली नदी पर बना पुराना पुल रात करीब 1 बजे ढह गया। अधिकारी ने बताया कि एक दशक पहले नए पुल के निर्माण के बाद से इस पुल का इस्तेमाल गोवा जाने वाले यात्री करते थे। घटना के बाद बुधवार तड़के कुछ देर के लिए नए पुल पर यातायात रोक दिया गया था।

    कारवार पुलिस ने बताया कि बाद में भारी वाहनों को छोड़कर सभी वाहनों को गुजरने दिया गया। गोवा के कैनाकोना पुलिस स्टेशन के प्रभारी हरीश राउत देसाई ने कहा कि पुराने पुल के ढहने के बाद कर्नाटक के अधिकारी इसकी स्थिरता की जांच कर रहे थे, इसलिए नए पुल पर यातायात की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई थी। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि गोवा पुलिस हाईवे पर स्थिति की निगरानी के लिए कारवार में अपने समकक्षों के साथ समन्वय कर रही है।

    बता दें कि इससे पहले 1 अगस्त को महाराष्ट्र के गोंदिया में एक पुल ढह गया था। अधिकारियों ने कहा था कि नवेगांव-कोहलगांव-केशोरी रोड पर स्थित यह पुल 1 अगस्त की रात को ढह गया था, जिसमें कोई घायल नहीं हुआ था। उनके अनुसार, एक राहगीर ने अधिकारियों को पुल ढहने की सूचना दी, जिसके बाद अधिकारियों की एक टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और यातायात को खैरी-सुकड़ी गांव से डायवर्ट किया गया।हालांकि, घटना के पीछे का सटीक कारण पता नहीं चल पाया है, पुल लगभग पांच दशक पुराना था और पुराने तरीके से बनाए जाने के कारण यह कमजोर हो गया था। साथ ही, उस समय इस क्षेत्र में भारी बारिश भी हुई थी।

  • इन जिलों मे भारी बारिश के कारण कईं ट्रेनें हुई रद्द, देखें पूरी लिस्ट

    इन जिलों मे भारी बारिश के कारण कईं ट्रेनें हुई रद्द, देखें पूरी लिस्ट

    राजस्थान: कुछ जिलों में भारी बारिश के कारण सड़क और रेल यातायात पर गंभीर असर पड़ा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मण्डल में केरला-रोहट, मारवाड़ खारा-मारवाड़ बीठड़ी और फलौदी-मलार के बीच जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे कईं ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है। साथ ही, कुछ ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है।

    रेलवे अधिकारियों ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने के कारण ट्रेनों का परिचालन बाधित हुआ है। इस स्थिति के कारण यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है और रेलवे स्टेशन पर लंबी कतारें लग गई हैं।

    रद्द की गई ट्रेनें:

    1. गाड़ी संख्या 12461, जोधपुर-साबरमती एक्सप्रेस (07.08.24)
    2. गाड़ी संख्या 14822, साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस (08.08.24)
    3. गाड़ी संख्या 14821, जोधपुर-साबरमती एक्सप्रेस (07.08.24)
    4. गाड़ी संख्या 04841, जोधपुर-भीलड़ी एक्सप्रेस (07.08.24)
    5. गाड़ी संख्या 04842, भीलड़ी-जोधपुर एक्सप्रेस (07.08.24)
    6. गाड़ी संख्या 12462, साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस (07.08.24)

    परिवर्तित मार्ग से चलने वाली ट्रेनें:

    1. गाड़ी संख्या 19055, वलसाड-जोधपुर एक्सप्रेस (06.08.24): महेसाना-पाटन-भीलड़ी-समदड़ी-लूनी
    2. गाड़ी संख्या 16508, बेंगलुरु-जोधपुर एक्सप्रेस (05.08.24): महेसाना-पाटन-भीलड़ी-समदड़ी-लूनी
    3. गाड़ी संख्या 20476, पुणे-बीकानेर एक्सप्रेस (06.08.24): महेसाना-पाटन-भीलड़ी-समदड़ी-लूनी
    4. गाड़ी संख्या 16533, जोधपुर-बेंगलुरु एक्सप्रेस (07.08.24): लूनी-समदड़ी-भीलड़ी-पाटन-महेसाना
    5. गाड़ी संख्या 19224, जम्मू तवी-गांधीनगर कैपिटल एक्सप्रेस (06.08.24): लूनी-समदड़ी-भीलड़ी-पाटन-महेसाना
    6. गाड़ी संख्या 07054, लालगढ़-काचीगुड़ा स्पेशल (06.08.24): लूनी-समदड़ी-भीलड़ी-पाटन-महेसाना
    7. गाड़ी संख्या 14801, जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस (07.08.24): मेड़ता रोड-फुलेरा-अजमेर

    भारी बारिश के कारण रेल यात्रियों को हो रही असुविधा को ध्यान में रखते हुए, रेलवे प्रशासन ने मार्ग परिवर्तन और ट्रेन रद्दीकरण के निर्णय लिए हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की पुष्टि कर लें ताकि असुविधा से बचा जा सके।

  • महाविद्यालय ऊना में डॉ. मीता शर्मा ने “एक पेड़ मॉं के नाम” अभियान के तहत रोपा जामुन का पौधा

    महाविद्यालय ऊना में डॉ. मीता शर्मा ने “एक पेड़ मॉं के नाम” अभियान के तहत रोपा जामुन का पौधा

    ऊना/ सुशील पंडित : राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय ऊना में बुधवार को प्राचार्या डॉ. मीता शर्मा ने “एक पेड़ मॉं के नाम” अभियान के तहत महाविद्यालय छात्रावास के समीप ख़ाली स्थान पर जामुन का पौधा लगा कर किया। यह अभियान महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना, राष्ट्रीय कैडेट कोर और रोवर्स एवं रेंजर के संयुक्त तत्वावधान में चलाया गया।

    इस मौक़े पर प्राचार्या डॉ. शर्मा ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए सभी विद्यार्थी इस अभियान का हिस्सा बनें तथा अपने घर के आसपास एक पौधा अवश्य लगायें। इस अभियान के तहत पर्यावरण के लिए अनुकूल हर प्रकार के उपयोगी पौधे पीपल, जामुन, नीम, आम, शीशम, अमरूद तथा सागौन इत्यादि के पौधे परिसर में लगाये गए।

    इस कार्यक्रम में सभी शैक्षणिक कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। अभियान में विभिन्न ईकाईयों के स्वयं सेवकों ने अपने हाथों में नारे लिखे पट्टीका तथा बैनर लिए थे। उन्होंने अपने द्वारा मॉं के नाम लगाए गए पौधे के साथ सेल्फ़ी और फ़ोटो भी लिए।

  • Punjab : दो ट्रकों में हुई भीषण टक्कर

    Punjab : दो ट्रकों में हुई भीषण टक्कर

    खन्ना : दो ट्रकों में भीषण टक्कर होने का मामला सामने आया है। घटना नेशनल हाईवे पर शनिदेव मंदिर के पास हुई। हादसे में एक ट्रक का ड्राइवर और क्लीनर घायल हो गए। वहीं ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि रफ्तार धीमी होने के चलते इनकी जान बच गई।

    हादसे के बाद सड़क सुरक्षा फोर्स ने घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया और क्रेन की मदद से वाहनों को नेशनल हाईवे से हटाकर ट्रैफिक को सुचारु बनाया गया। घायलों की पहचान बलजिंदर सिंह (40) और तरणदीप सिंह निवासी ग्वालियर के तौर पर हुई। जानकारी के अनुसार ट्रक में सामान लेकर छत्तीसगढ़ के रायपुर से लुधियाना आ रहे थे।

    बलजिंदर सिंह ने बताया कि नेशनल हाईवे पर उनके आगे जा रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। उनके ट्रक की दूसरी तरफ अन्य वाहन था। अगर वो कट मार देते तो दूसरे वाहन के लोगों की जान को खतरा था। उन्होंने अपना ट्रक रोकने की काफी कोशिश की लेकिन आगे वाले ट्रक से टक्कर हो गई। गनीमत रही कि उनके ब्रेक लगाने के चलते ट्रक की रफ्तार धीमी हो गई थी। इस वजह से उनकी जान बच गई। लेकिन ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना पुलिस को दे दी है।

  • वशिष्ट पब्लिक स्कूल के छात्र जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

    वशिष्ट पब्लिक स्कूल के छात्र जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

    ऊना/ सुशील पंडित : शिक्षा विभाग के द्वारा तीन दिवसीय 38 वीं खंड स्तरीय अंडर-14 प्रतियोगिता 4 अगस्त से 6 अगस्त तक गवर्नमेंट हाई स्कूल रायपुर सहोड़ा में संपन्न हुई । इस प्रतियोगिता में 33 स्कूलों के लगभग 500 छात्रों तथा छात्राओं ने भाग लिया।  वशिष्ट पब्लिक स्कूल के बच्चों ने अंडर- 14 खंड स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कुल  चार खेलो  में वशिष्ट पब्लिक स्कूल के बच्चों ने तीन में गोल्ड मेडल और  एक में सिल्वर मेडल प्राप्त किये। रेसलिंग प्रतियोगिता में कक्षा नौवीं के छात्र हरजिंदर सिंह अटवाल ने 74 किलोग्राम में गोल्ड मेडल हासिल किया। लड़कों की खंड स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में कक्षा आठवीं के स्वास्तिक शर्मा, हर्षदीप सिंह तथा कक्षा सातवीं के विभास ने  गोल्ड मेडल हासिल किया।

    लड़कियों की बेडमिंटन प्रतियोगिता में  कक्षा सातवीं की मन्नत शर्मा तथा श्रुति, कक्षा आठवीं की तनवी सिंह ने गोल्ड मेडल हासिल किया। लड़कों की कबड्डी प्रतियोगिता में कक्षा आठवीं के सोहम, अक्षित, सुमित, अंश, वंश तथा कक्षा सातवीं के जशनदीप, जसकीरत, सुधांश, हर्षदीप तथा कुलजीत ने सिल्वर मेडल हासिल किया। वशिष्ट पब्लिक स्कूल के लिए यह बड़े गौरव की बात है कि इन सभी छात्रों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।स्कूल के प्रधानाचार्य दीपक कौशल ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी बहुत जरूरी है,उन्होंने स्कूल के शारीरिक शिक्षकों का धन्यवाद किया। स्कूल के निदेशक अनुज वशिष्ट ने इस उपलब्धि के लिए विजेता रहे छात्रों तथा उनके अभिभावकों को बधाई दी।

  • “एक पौधा मां के नाम” अभियान में युवा व मातृशक्ति बढ़ चढ़ कर ले रहे भाग: वीरेंद्र कंवर

    “एक पौधा मां के नाम” अभियान में युवा व मातृशक्ति बढ़ चढ़ कर ले रहे भाग: वीरेंद्र कंवर

    पर्यावरण संरक्षण हेतु लोग बन रहे सजग: कंवर

    ऊना/सुशील पंडित : कुटलैहड़ में इन दिनों “एक पौधा मां के नाम” अभियान जोर-शोर से चल रहा है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र कंवर इस दौरान विधानसभा के विभिन्न बूथों पर इस अभियान में शामिल होकर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक भी कर रहे हैं।

    इसी क्रम में बुधवार को वीरेंद्र कंवर ने धुंधला, बल्ह, मन्दली बूथ पर आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लिया। इस कार्यक्रम में युवाओं के साथ-साथ महिलाओं ने भी बढ़चढ़कर भाग लिया व विभिन्न प्रकार के पौधे रोपित कर उनके संरक्षण की शपथ ली।

    कंवर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण के आह्वान को अभियान का रूप देकर धरती माँ के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए समस्त कार्यकर्ता एवं जनता बढ़ चढ़ कर इस अभियान में भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के अनुचित दोहन के कारण आज हमें विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं को झेलना पड़ रहा है और अब समय आ गया है कि हम सचेत होकर पर्यावरण के संरक्षण के लिए कार्य करें।

    प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष वीरेंद्र कंवर की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में कुटलैहड़ भाजपा मंडलाध्यक्ष चरणजीत शर्मा,महासचिव मास्टर रमेश, महिला मोर्चा से उषा ठाकुर, युवा मोर्चा के विजय कुमार सहित गोरख राम, प्रकाश चन्द, जनक राज, संजीव कुमार,कुलदीप सिंह, मनोज कुमार, रवि कुमार, भावना,नरेश, कैहरो देवी, गीता देवी, प्रवीण कुमारी, निशा देवी आदि उपस्थित रहे।

  • Jalandhar: पूर्व मंत्री Bharat Bhushan Ashu का फिर मांगा ED ने रिमांड, सीनियर Advocate Sachdeva का आया बयान, देखें वीडियो

    Jalandhar: पूर्व मंत्री Bharat Bhushan Ashu का फिर मांगा ED ने रिमांड, सीनियर Advocate Sachdeva का आया बयान, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: कांग्रेस के पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु को आज कड़ी सुरक्षा में कोर्ट में पेश किया गया। वहीं काफी देर तक कोर्ट में चली दलीलों के बाद भारत भूषण आशु की ओर से केस लड़ रहे सीनियर एडवोकेट मनदीप सचदेवा का बयान सामने आया है। मामले की जानकारी देते हुए सीनियर एडवोकेट मनदीप सचदेवा ने बताया कि ईडी की टीम ने भारत भूषण आशु का 7 दिन का रिमांड और मांगा गया था।

    जिसके बाद दोनों ओर के वकीलों ने दलीले रखी। जिसके बाद अब कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा है। कुछ समय के बाद कोर्ट इस मामले में फैसला सुनाएगी। सीनियर एडवोकेट मनदीप सचदेवा ने बताया कि उन्होंने कोर्ट में दलील दी है अगर ईडी की टीम ने भारत भूषण आशु को गिरफ्तार करना था तो ईडी की टीम ने भारत भूषण आशु को उस समय गिरफ्तार क्यों नहीं किया जब वह 8 महीने जेल की सजा काट कर आए थे। इस मामले में 2 साल किस बात का ईडी की टीम इंतजार करती रही।

    उन्होंने कहा कि भारत भूषण आशु की बेल के इतनी देर बाद अब दोबारा ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। ऐसे में वह बताए कि ऐसा क्या वजह है ? भारत भूषण के वकील ने कहा कि ईडी की टीम ने 1 अगस्त को पूछताछ के लिए आशु को दफ्तर में बुलाया था। जहां पूछताछ के बाद ईडी की टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। वहीं इस मामले में अन्य व्यक्तियों के नाम को लेकर वकील ने कहा कि अभी तक उन्होंने कोर्ट में कोई नाम नहीं बताए है कि किस- किस व्यक्ति को इस केस में शामिल किया है। वहीं ईडी के सबूत को लेकर वकील ने कहा कि सबूत जब सामने आएंगे तभी पता चल पाएगा।

  • Punjab: Train की चपेट में आने से कारोबारी की मौत, भाई ने मोबाइल कंपनियों पर लगाए गंभीर आरोप

    Punjab: Train की चपेट में आने से कारोबारी की मौत, भाई ने मोबाइल कंपनियों पर लगाए गंभीर आरोप

    लुधियानाः ढंडारी रेलवे स्टेशन नजदीक ट्रेन के आगे कूदकर इलेक्ट्रानिक कारोबारी ने जीवनलीला समाप्त कर ली है। मृतक की पहचान अमित पठानिया निवासी न्यू शिवा जी नगर के रूप में हुई है। वहीं इस मामले में अमित के भाई संजय पठानिया ने मोबाइल कंपनियों पर गंभीर आरोप लगाए है।

    मोबाइल कंपनियों के डिस्ट्रीब्यूटरों के साथ अमित के अच्छे संबंध थे। माल आता-जाता रहता था। कुछ समय से काम दुकान पर कम था। इस कारण वह थोड़ा मानसिक रूप से परेशान रहता था। मोबाइल कंपनियों के साथ पैसों का लेन-देन था। कुछ दिन सेहत ठीक न रहने के कारण अमित ने दुकान बंद रखी थी। इस कारण की दुकानदारों ने मोबाइल कंपनियों के डिस्ट्रीब्यूटरों से कह दिया था कि अमित भाग गया।

    अमित ने जब फिर से दुकान खोली तो उसे कंपनियों को डिस्टीब्यूर ज्यादा तंग करने लगे। वह घर से कहकर गया कि मैं दुकान पर जा रहा हूं लेकिन दुकान पर जाने की बजाए उसने ढंडारी रेलवे स्टेशन नजदीक ट्रेन के आगे कूद कर आत्म हत्या कर ली। वहीं घटना की सूचना जीआरपी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अमित का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

  • पंजाब भर में चलाया गया सर्च अभियान, देखें वीडियो

    पंजाब भर में चलाया गया सर्च अभियान, देखें वीडियो

    बटाला,फिरोजपुर,बठिंडा,अमृतसर  – पंजाब सरकार और एसएसपी बटाला सुहैल कासिम मीर के सख्त आदेशों के तहत बटाला पुलिस ने गांधी कैंप बटाला में नशे के खिलाफ कासो सर्च अभियान चलाया। इस संबंध में मीडिया को जानकारी देते हुए एसएसपी ने बताया कि पंजाब सरकार और डीजीपी पुलिस के आदेशों के तहत पुलिस ने गांधी कैंप बटाला में नशे के खिलाफ कासो सर्च ऑपरेशन चलाया। सर्च ऑप्रेशन के तहत संदिग्ध घरों की तलाशी ली गई। उन्होंने कहा कि नशे के सौदागरों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी तरह का अपराध नहीं होने दिया जाएगा और अपराध सहित नशे पर नकेल कसने के लिए कड़ी निगरानी की जा रही है। इस मौके पर डीएसपी दविंदर सिंह, एसएचओ प्रभजोत सिंह समेत बड़ी संख्या में फोर्स के जवान मौजूद थे।

    इसी तरह फिरोजपुर – फिरोजपुर रेंज के डीआइजी की देखरेख में ऑपरेशन ईगल के तहत छापेमारी की गई। ये छापेमारी नशके 14 हॉटस्पॉट जगह पर की गई। इस छापेमारी के दौरान 300 से अधिक पुलिसकर्मी और अधिकारी शामिल थे। उन्होंने औचक तलाशी ली और कई घरों में छापेमारी भी की गई।

     इसी तरह बठिंडा –  पंजाब में बढ़ रही नशा तस्करी को रोकने के लिए पुलिस सख्त होती जा रही है। आए दिन बड़े-बड़े अभियान चलाकर तस्करों को भी काबू किया जा रहा है। अभियान को आगे बढ़ाते बठिंडा में एसएसपी के नेतृत्व में पुलिस ने धोबियाना बस्ती में चैकिंग की। इस दौरान पुलिस ने नशा तस्करों के घरों में छानबीन की। सर्च ऑपरेशन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल देखने को मिला। इस दौरान एसपी सिटी, डीएसपी सिटी व अन्य मुलाजिम भी मौजूद थे। वहीं एसएसपी अमनीत कौंडल ने बताया कि नशे पर नकेल डालने के लिए यह सर्च अभियान चलाया गया है। तस्करों के अड्डों पर छापेमारी की जा रही है। वहीं पुलिस को बड़ी कामयाबी भी मिली है। उन्होंने बताया कि किसी भी सूरत में नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।

    इसी तरह अमृतसर – पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के आदेशानुसार यह ईगल ऑपरेशन पूरे पंजाब में चलाया जा रहा है। पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए ये ईगल ऑपरेशन चलाया गया है। जिसके चलते ये ईगल ऑपरेशन अमृतसर में भी चलाया गया है। यह ईगल ऑपरेशन अमृतसर के अलग-अलग इलाकों में चलाए गए है। इस मौके पर पुलिस कमिश्नर रणजीत सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि डीजीपी गौरव यादव के आदेशों पर पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए पंजाब भर में ईगल ऑपरेशन चलाया जा रहा है।