Blog

  • तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, 2 बहनों की मौत, बेटे की Birthday Party मनाने आ रहा था परिवार, देखें वीडियो

    तेज रफ्तार ट्रक ने कार को मारी टक्कर, 2 बहनों की मौत, बेटे की Birthday Party मनाने आ रहा था परिवार, देखें वीडियो

    सोनीपतः हरियाणा के सोनीपत में नेशनल हाईवे 44 पर ट्रक और कार में भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि हादसे में 2 बहनों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार ट्रक चालक ने सड़क किनारे खड़ी कार को टक्कर मार दी। घटना में ट्रक चालक 100 मीटर तक कार को घसीटता ले गया। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 2 बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा और एक युवक समेत 2 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला। लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

    घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया। घायलों को जहां सोनीपत के सिविल हॉस्पिटल पहुंचाया गया, वहीं शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवाया। मिली जानकारी के अनुसार, कार में दिल्ली निवासी मनदीप कौर, सर्वजीत कौर, जगजीत कौर, युवक समीर, बच्चा वरदान और पंजाब के अमृतसर निवासी मनप्रीत कौर सवार थे। मनदीप कौर, सर्वजीत कौर, जगजीत कौर और मनप्रीत कौर आपस में बहनें है। ये सभी मनप्रीत कौर के बेटे वरदान का जन्मदिन मनाने मुरथल जा रहे थे। इनकी XUV गाड़ी नंबर HR51BQ 9692 राई थाना से थोड़ी दूरी पर स्थित गोल्डन हट ढाबे के पास सर्विस लेन में रुकी।

    इस दौरान समीर चिप्स लेने के लिए गाड़ी से नीचे उतरा, तभी पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक सर्विस लाइन की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे कार में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक कार को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। सड़क पर खड़ी गाड़ी पल भर में मलबे में तब्दील हो गई। इस हादसे में मनदीप कौर (27) और उसकी बहन मनप्रीत कौर (38) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जगजीत कौर, सर्वजीत कौर, समीर और बच्चा वरदान गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया कि मृतक मनदीप कौर दिल्ली के तिलक नगर स्थित शाहपुरा इलाके में रहती थी, जबकि घायल जगजीत कौर और सर्वजीत कौर तिलक नगर की निवासी है।

    पुलिस के मुताबिक, कार सवार परिवार दिल्ली के उत्तम नगर से बेटे की बर्थडे पार्टी मनाने के लिए सोनीपत के मुरथल आ रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि ट्रक की तेज रफ्तार और लापरवाही इस हादसे का मुख्य कारण बनी। सर्विस लेन में खड़ी को ट्रक ने पीछे से टक्कर मारी थी। फिलहाल, पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और ट्रक को सड़क के किनारे खड़ा करा दिया है। साथ ही पुलिस आरोपी ट्रक चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। जो परिवार जन्मदिन की खुशियां मनाने निकला था, वह कुछ ही पलों में गहरे शोक में डूब गया। हर कोई इस दर्दनाक मंजर को देखकर स्तब्ध रह गया। अस्पताल पहुंचे परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस के मुताबिक, घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

  • Petrol-Diesel के दामों में हुई बढ़ौतरी, नई दरें आज रात से लागू

    Petrol-Diesel के दामों में हुई बढ़ौतरी, नई दरें आज रात से लागू

    काठमांडूः नेपाल में एक महीने के भीतर चौथी बार पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत में भारी वृद्धि की गई है। नेपाल आयल निगम ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव का हवाला देते हुए पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ा दिए हैं। निगम के निदेशक मंडल के निर्णय के बाद नई दरें आज शुक्रवार से लागू हो गई हैं। नई कीमतों के अनुसार, नेपाल में अब पेट्रोल 219 रुपये प्रति लीटर, जबकि डीजल और केरोसिन 207 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2,010 रुपये और घरेलू विमान ईंधन 257 रुपये प्रति लीटर निर्धारित की गई है।

    पेट्रोल, डीजल, केरोसिन, खाना पकाने वाला एलपीजी गैस और विमान ईंधन सभी के दाम बढ़ाए गए हैं। संशोधित दरों के अनुसार, पेट्रोल की कीमत में प्रति लीटर 17 रुपये की वृद्धि हुई है, जबकि डीजल और केरोसिन में प्रति लीटर 25-25 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। खाना पकाने वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 100 रुपये की वृद्धि हुई है और घरेलू विमान ईंधन 6 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है।

    सरकार ने कहा है कि सीमा शुल्क और अवसंरचना विकास कर में 50 प्रतिशत की कटौती के बावजूद लगातार हो रहे नुकसान के कारण कीमत बढ़ाना आवश्यक हो गया था। निगम के द्वारा जारी बयान के अनुसार, ताजा मूल्य वृद्धि के बाद भी हर पखवाड़े लगभग 7.81 अरब रुपये का घाटा होने का अनुमान है। पिछले एक महीने में यह चौथी बार है जब नेपाल आयल निगम ने पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों के भारी वृद्धि की है। ईरान अमेरिका युद्ध के कारण तेल आयात में आई कमी को देखते हुए लगातार पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी की जा रही है।

  • DAV School की Bus की ट्रक से टक्कर, एक दर्जन बच्चे घायल, मची चीख-पुकार, देखें वीडियो

    DAV School की Bus की ट्रक से टक्कर, एक दर्जन बच्चे घायल, मची चीख-पुकार, देखें वीडियो

    बोकारोः जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के राजाबेड़ा के पास डीएवी पब्लिक स्कूल, भंडारीदह की स्कूल बस ट्रक की चपेट में आने का मामला सामने आया है। हादसे में लगभग एक दर्जन बच्चे घायल हो गए।

    दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल बच्चों को बस से बाहर निकाला और उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 6 बच्चों को बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल रेफर किया गया। इनमें कुणाल कुमार (17), यक्षित चंद्र (11), आदित्य कुमार (7), ओम कुमार (5), शिवम कुमार (15) और तेजस कुमार (12) शामिल हैं।

    घटना की सूचना मिलने पर बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा अस्पताल पहुंचे और घायल बच्चों का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं और एक सप्ताह के भीतर स्वस्थ होकर घर लौट सकेंगे। बोकारो जनरल अस्पताल के वरीय चिकित्सक डा. आनंद कुमार ने बताया कि अस्पताल लाए जाने पर बच्चे काफी घायल थे, कुछ को सिर में भी चोटें आई थीं। सभी बच्चों का सीटी स्कैन कराया गया है और उनकी स्थिति अब स्थिर है। उन्होंने ने यह भी बताया कि बच्चों को मानसिक आघात लगा है, जिसके लिए भविष्य में काउंसलिंग की आवश्यकता पड़ सकती है।

  • Punjab News: श्रद्धालुओं को ले जा रही बस हुई हादसे का शिकार, देखें वीडियो

    Punjab News: श्रद्धालुओं को ले जा रही बस हुई हादसे का शिकार, देखें वीडियो

    अमृतसरः अटारी-वाघा सीमा पर तीर्थयात्रियों के एक समूह को छोड़ने जा रही एसजीपीसी की बस में दुर्घटना हो गई। यह दुर्घटना दिल्ली-लाहोर अंतरराष्ट्रीय राजमार्ग पर खासा के पास हुई। दुर्घटना के समय बस में केवल चालक ही मौजूद था, और उसे मामूली चोटें आईं। बता दें कि बैसाखी मनाने के लिए देश से लगभग 2840 सिख श्रद्धालुओं का जत्था आज अटारी-वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तान के लिए रवाना हुआ। ये श्रद्धालु बैसाखी मनाने के साथ पाकिस्तान स्थित पवित्र गुरुधामों के दर्शन करेंगे। उन्हें 10 दिनों का वीजा दिया गया है। इस अवसर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की ओर से 1763 श्रद्धालुओं का एक जत्था भेजा गया। “बोले सो निहाल… सत श्री अकाल” के जयकारों के बीच जत्थे को रवाना किया गया। इस जत्थे की अगुवाई एसजीपीसी सदस्य सुरजीत सिंह तुगलवाल कर रहे हैं।

  • दिल दहलाने वाली घटना: बीच बाजार युवक का किया सिर धड़ से अलग, आरोपी की भी मौत, देखें वीडियो

    दिल दहलाने वाली घटना: बीच बाजार युवक का किया सिर धड़ से अलग, आरोपी की भी मौत, देखें वीडियो

    अररियाः बिहार में अररिया जिले के फारबिसगंज शहर में बाजार समिति प्रांगण के गेट संख्या 2 के पास एक अज्ञात युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बदमाश ने युवक का गला रेतकर सिर धड़ से अलग कर दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है। मृतक की पहचान नवी हुसैन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सत्तू बेचने वाले एक ठेला संचालक ने मामूली विवाद के बाद पिकअप ड्राइवर की कथित तौर पर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने उसका सिर सड़क पर रख दिया। बीच सड़क पर बेरहमी से युवक की हत्या कर दी गई, लेकिन लोग उसे बचाने और मदद की बजाय तमाशा देख वीडियो बनाते रहे।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    इस दौरान बाइक व पैदल लोगों की आवाजाही जारी रही, यदि किसी ने भी जान बचाने की कोशिश की होती तो शायद आज दो लोगों की जानें नहीं जाती। घटना का वीडियो भी बनाकर लोग सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं। रवि गला रेतकर करीब 4 से 5 मिनट तक घटना स्थल पर हाथों में चाकू लेकर खड़ा रहा। बीच सड़क चाकू से गला काटने का 25 से 35 सेकेंड का वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें नबी जमीन पर लेटा दिख रहा है। रवि उसकी छाती पर चढ़कर गला रेत रहा है। घटना की सूचना मिलते ही फारबिसगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, वहीं घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वहीं मामले की जानकारी देते हुए अधिकारी ने बताया कि नवी हुसैन और रवि चौहान दोनों जानकार थे और दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद रवि चौहान ने पिकअप ड्राइवर नवी हुसैन पर चाकू से हमला कर दिया और सिर धड़ से अलग कर मौत के घाट उतार दिया। जिसके बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी रवि चौहान को काबू कर लिया और उसे पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। पुलिस ने कहा कि घटना स्थल से चाकू बरामद कर लिया गया है। इस घटना को लेकर लोगों में भारी रोष पाया जा रहा है। वहीं शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चुरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया गया है। अधिकारी ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और किसी को भी कोई जानकारी चाहिए वह उनसे संपर्क कर सकता है। पुलिस ने कहा कि मामले को लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मृतक नबी के भाई मोहम्मद अली हुसैन ने बताया कि नबी पिकअप चलाकर अपने तीन बच्चों और परिवार का पालन पोषण करता था। उसका पहले से कोई विवाद नहीं था। मुझे भाई के बदले भाई चाहिए, नहीं तो सब्जी मंडी में आग लगा देंगे।  
  • Punjab News: इंस्पेक्टर प्रभजीत गिल समेत 5 पुलिस कर्मी सस्पेंड, केस दर्ज

    Punjab News: इंस्पेक्टर प्रभजीत गिल समेत 5 पुलिस कर्मी सस्पेंड, केस दर्ज

    गुरदासपुरः जिले के मंडियाला के रहने वाले इंटरनेशनल स्मगलर शहनाज सिंह उर्फ भिंडर केस में इंस्पेक्टर सहित 5 पुलिस कर्मियों पर गाज गिरी है। मिली जानकारी के अनुसार स्मगलर शहनाज को पासपोर्ट जारी करवाने के लिए झूठी रिपोर्ट देने के मामले में सीआईए स्टाफ के इंस्पेक्टर प्रभजीत सिंह गिल समेत 5 पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज किया है। एसएसपी सुरिंदर लांबा ने बताया कि मामले की जांच के बाद थाना सदर में केस दर्ज कर कार्रवाई तेज कर दी गई है।

    वहीं सभी आरोपियों को सस्पेंड कर दिया गया है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जांच में सामने आया है कि गुरदासपुर के मंडियाला निवासी इंटरनेशनल स्मगलर शहनाज सिंह उर्फ भिंडर कनाडा होते हुए मैक्सिको के रास्ते अमेरिका पहुंचा था जहां वह कोकीन तस्करी में शामिल हो गया। अमेरिका में उसके साथियों की गिरफ्तारी के बाद वह भारत लौट आया।

    9 मई 2025 को तरनतारन पुलिस ने उसे लुधियाना से गिरफ्तार किया था लेकिन दिसंबर 2025 में हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह रिहा हो गया। इसके बाद आरोपी ने पुलिस अधिकारियों से मिलीभगत कर पासपोर्ट बनवाने की साजिश रची। आरोप है कि करीब 25 लाख रुपये में डील तय हुई और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अमृतसर पासपोर्ट कार्यालय से एनओसी जारी करवा दी गई। इसी आधार पर उसे पासपोर्ट मिला और वह विदेश फरार हो गया।

  • Jalandhar News: मेरठ तलाक विवाद में Major के परिजन आए सामने, बहू पर लगाए गंभीर आरोप, देखें वीडियो

    Jalandhar News: मेरठ तलाक विवाद में Major के परिजन आए सामने, बहू पर लगाए गंभीर आरोप, देखें वीडियो

    जालंधरः हाल ही में उत्तर प्रदेश के मेरठ में तलाक के बाद ढोल पर नाचने का महिला का वीडियो सामने आया था। महिला प्रणिता शर्मा के पति आर्मी में मेजर है और जालंधर में पोस्टेड है। वहीं अब जालंधर कैंट रह रहे मेजर के माता-पिता सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि तलाक के बाद से उनका बेटा मेजर डिप्रेशन में है। बहू प्रणिता झूठ बोल रही है। उसने उनके बेटे से उसका बच्चा छीन लिया। मेजर के पिता ने कहा कि उसने मुझसे दादा का अधिकार छीन लिया है। दोनों परिवारों के बीच एग्रीमेंट हुआ था कि तलाक के बाद कोई भी किसी की भी सोशल लाइफ के बारे में कुछ नहीं बोलेगा लेकिन उन्होंने एग्रीमेंट को तोड़कर बेटे के नाम और रैंक को मीडिया पर बताकर उन्हें पूरे देश में बदनाम किया है।

    परिजनों ने बताया कि बेटे गौरव अग्निहोत्री की शादी न्यूज पेपर में विज्ञापन के जरिये 14 दिसंबर, 2018 को मेरठ की प्रणिता शर्मा से हुई थी। शादी के एक साल बाद ही बहू ने परिवार के साथ मिलकर उनके ऊपर झूठा केस मारपीट और दहेज की शिकायत देकर उन्हें गिरफ्तार करवाने की कोशिश की थी लेकिन बेटे ने घर बसाने के लिए सब कुछ किया और बहू को दोबारा घर में रख लिया।

    उसके बाद कुछ समय ठीक ठाक चला लेकिन पिछले साल जब उसका बेटा हुआ तो बहू का उनसे फिर व्यवहार खराब हो गया। उसने बहू के नाम पर 3 बीघा खेत की जमीन भी करवाई, जिसके सारे दस्तावेज उनके पास हैं। इसके बावजूद भी उसका व्यवहार अच्छा नहीं रहा और उल्टा उनके परिवार पर आरोप लगाया है कि उसे प्रताड़ित किया गया है। उन्होंने कहा कि बहू के पिता रिटायर्ड जज हैं, जिसके डर से उन्होंने साइन कर दिए और कोर्ट के आदेश के बाद दोनों अलग अलग हो गए। उन्होंने कहा कि दोनों परिवारों में एग्रीमेंट हुआ था कि तलाक के दौरान कोई किसी की पहचान को नहीं बताएगा ताकि किसी की सोशल लाइफ गलत प्रभाव पढ़ें। पिता ने आरोप लगाए कि इन्होंने बेटे के नाम, रैंक और जगह सब कुछ बता दिया।

    बहू ने मीडिया को कहा कि उसे प्रताड़ित किया वह इस बात का खंडन करते हैं उल्टे तो वह प्रताड़ित हैं, क्योंकि 2019 में भी बहू परिवार ने उनके ऊपर झूठे मुकदमे दर्ज करवाए थे। उन्हें जेल में डलवाने की काफी कोशिश की थी। वह बयान दे रहे हैं कि एलुमनी नहीं ली हमने बिना बेटे की शर्तों से बच्चे की कस्टडी दे दी है। इसने बच्ची से मिलने का हक भी छीन लिया और लाखों के जेवर भी रख लिए। बहू ने सारी बातें मीडिया पर बताकर उनके परिवार को आहत किया है। उन्होंने मांग की कि उन्हें इंसाफ मिलना चाहिए।

  • Punjab News: ट्रक और कार की टक्कर में कई बार पलटी गाड़ी, मासूम की मौत, 6 घायल

    Punjab News: ट्रक और कार की टक्कर में कई बार पलटी गाड़ी, मासूम की मौत, 6 घायल

    लुधियानाः खन्ना में ट्रक और कार की टक्कर में मासूम बच्ची की मौत हो गई। वहीं हादसे में 2 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। मिली जानकारी के अनुसार पटियाला निवासी परिवार लुधियाना में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपनी कार से वापस लौट रहा था। जब उनकी गाड़ी खन्ना के पास जीटी रोड पर पहुंची तो सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण कार का टायर पंचर हो गया। चालक ने गाड़ी को सड़क किनारे रोक कर टायर बदलना शुरू किया, लेकिन इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार कई बार पलट गई।

    हादसे में 6 वर्षीय नवदीप कौर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शरणजीत कौर और डिंपल गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं एक व्यक्ति और एक छोटा बच्चा बाल-बाल बच गए। मौके पर मौजूद राहगीर सेवा सिंह ने बताया कि जीटी रोड पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं, जिनकी वजह से रोजाना हादसे हो रहे हैं। मृतक बच्ची के चाचा गगनदीप सिंह ने बताया कि पूरा परिवार शादी समारोह से लौट रहा था, लेकिन खन्ना के पास सड़क की खराब हालत ने उनकी खुशियों को मातम में बदल दिया। उन्होंने प्रशासन से सड़क की तुरंत मरम्मत की मांग की।

    हादसे के बाद घायलों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डाक्टर के अनुसार, हादसे में 6 बच्चे, 3 महिलाएं और एक पुरुष घायल हुए थे, जिनमें एक बच्ची की मौत हो चुकी थी और एक महिला की हालत गंभीर थी। डॉक्टरों ने सभी को प्राथमिक इलाज देकर स्थिर किया और बाद में उन्हें पटियाला रेफर कर दिया गया। थाना सिटी खन्ना के एसएचओ सुखविंदर पाल सिंह ने बताया कि हादसे में एक बच्ची की मौत हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। नजदीकी गांव स्वद्दी कलां के पास सिधवा बेट-जगरांव मार्ग पर सड़क हादसा हुआ है। रेत से भरी खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयंकर था कि ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

    जानकारी के अनुसार, गांव स्वद्दी कलां के बाहर सड़क किनारे रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक ट्रॉली से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। ट्रक को सुखदेव सिंह बिल्ला चला रहा था, जबकि उसके साथ मिंटू पुत्र साधू सिंह निवासी स्वद्दी कलां/स्वद्दी खुर्द भी मौजूद था। दुर्घटना में मिंटू गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी दोनों टांगें टूट गईं। घायल को तुरंत सिविल अस्पताल जगराओं में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

     

  • 2 कारों की आमने-सामने भीषण टक्कर, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

    2 कारों की आमने-सामने भीषण टक्कर, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

    कांकेरः जिले में देर रात भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत का मामला सामने आया है। वहीं घटना में 3 अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। नेशनल हाईवे-30 पर 2 कारों की आमने-सामने टक्कर से यह हादसा हुआ है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

    जानकारी मुताबिक, परिवार कांकेर के उड़कुडा का रहने वाला था। सभी चीवरांज में शादी समारोह में शामिल होकर अपने गांव उड़कुडा लौट रहे थे, तभी नाथिया नवागांव के पास उनकी कार दूसरी कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई जिनमें 3 महिला, 2 पुरुष और एक बच्चा शामिल है। वहीं दूसरे कार में सवार 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर से दोनों कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं।

    घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा और घायलों को फौरन अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। एसपी निखिल राखेचा ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि नेशनल हाईवे 30 पर 2 कारों की टक्कर में 6 लोगों की मौत हुई है और 3 अन्य घायल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसके साथ ही मरने वालों की पहचान और बाकी जानकारियां जुटाई जा रही है।

  • Punjab News: इस इलाके में बिजली गुल, 22 लाख पैंडिंग, लोगों ने किया Road जाम, देखें वीडियो

    Punjab News: इस इलाके में बिजली गुल, 22 लाख पैंडिंग, लोगों ने किया Road जाम, देखें वीडियो

    मोहालीः PR-7 एयरपोर्ट रोड स्थित सुषमा जॉइनेस्ट एमओएच-1 सोसायटी में बिजली संकट ने अब बड़ा रूप ले लिया है। बताया जा रहा है कि सोसायटी का बिजली विभाग में 22 लाख रुपए पेंडिंग है। लोगों का कहना है कि उन्होंने बिल्डर को पैसे अदा कर दिए है, लेकिन बिल्डर द्वारा पैसे अदा नहीं किए, इसमें उनका क्या दोष है। इस मामले को लेकर बिजली गुल होने के बाद निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। करीब 1500 लोग सड़क पर उतर आए और PR-7 रोड को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने बिल्डर और संबंधित फ्रेंचाइजी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे सड़क के दोनों ओर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

    दरअसल, मोहाली लोक अदालत ने 1 दिन पहले ही पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL) को 48 घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए थे। इस पूरे मामले पर पीएसपीसीएल के सुपरिटेंडिंग इंजीनियर अमनदीप सिंह का कहना है, “माननीय अदालत द्वारा फिलहाल एकतरफा फैसला दिया गया है, जिसकी वह अपील करेंगे। निर्माता और उपभोक्ता के बीच एग्रीमेंट हुआ है। यदि निर्माता द्वारा लोगों को बिजली उपलब्ध नहीं करवाई जाती, तो वह बिजली जरूर देंगे और कानून के मुताबिक ही आपूर्ति सुनिश्चित करेंगे।” इसके बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं।

    प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे और उनके फोन तक नहीं उठाए जा रहे। वहीं बिजली कटौती के कारण सोसायटी में लिफ्ट बंद है और पानी की सप्लाई भी ठप्प पड़ी है, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने हालात संभालने की कोशिश की, लेकिन देर शाम तक जाम पूरी तरह नहीं खुल पाया। अब इस मामले में अगली सुनवाई 15 अप्रैल को होनी है।