Blog

  • मामी से अवैध संबंध में रोड़ा बन रहा था मामा, भांजे ने करवा दी हत्या, 3 गिरफ्तार

    मामी से अवैध संबंध में रोड़ा बन रहा था मामा, भांजे ने करवा दी हत्या, 3 गिरफ्तार

    गया. बिहार के गया में रिश्तों के कत्ल का मामला सामने आया है. यहां एक भांजे ने अपनी मामी के साथ अवैध संबधों में रोड़ा बनने पर मामा की हत्या कर दी. घटना चंदौती थाना क्षेत्र के चूड़ी गांव की है. बताया जा रहा है कि मृतक चंदन कुमार आरोपी और अपनी पत्नी के अवैध संबंधों में रोड़ा बन रहा था. पुलिस ने आरोपी भांजे और दो सुपारी किलर्स को गिरफ्तार किया है. मिली जानकारी के मुताबिक चंदौती थाना क्षेत्र के कुजापी निवासी चंदन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. चंदन का शव चंदौती थाना क्षेत्र के चूड़ी गांव में बधार में फेंका मिला जिसके आधार पर पुलिस कार्रवाई में जुट गई थी.

    पुलिस ने तफ्तीश करते हुए मृतक के भांजा रोहित कुमार उर्फ कल्लू को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया. आरोपी ने बताया कि उसने इस गुनाह में अपने दो दोस्तों (सुपारी किलर) की मदद से अपने मामा का मर्डर किया. उसने दोनों को इस काम के लिए एक लाख रुपये देने का वादा किया था. जिसमें उसने एडवांस के रूप में 10 से 15 हजार रुपया दिया था. हत्या का कारण मामी से अवैध संबंध बताया जा रहा है.

    इस संबंध में गया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनीष कुमार ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि शनिवार की सुबह चूड़ी गांव से एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया था जिसकी पहचान कुजापी गांव का रहने वाले चंदन कुमार के रूप में हुई थी. पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए एक टीम गठित की गई जिसके आधार पर मृतक के भांजा रोहित कुमार को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली है. साथ ही उसने अपने मामा की हत्या के लिए अपने दो दोस्तों को एक लाख रुपये की सुपारी दी थी. इसके लिए 10 से 15 हजार एडवांस दिया गया था. आरोपी ने हत्या के बाद शव को चूड़ी गांव में फेंक दिया था. गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक कट्टा, दो खोखा और मोबाइल फोन बरामद किया गया है.

  • भारत के इस पड़ोसी देश में गहराया आर्थिक संकट…

    भारत के इस पड़ोसी देश में गहराया आर्थिक संकट…

    नई दिल्लीः भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश में आर्थिक संकट गहराने लगा है। यहां पर श्रीलंका जैसे हालात नजर आने लगे हैं। लोग सड़कों पर उतर गए हैं। देश के वामपंथी संगठनों ने बीते दिन हड़ताल की। लेफ्ट डेमोक्रेटिक एलायंस (एलडीए) के आह्वान पर हुई इस हड़ताल के दौरान जगह-जगह पर विरोध प्रदर्शन हुए। एलडीए से जुड़े कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार लिया गया।

    ईंधन की महंगाई को देखते हुए बांग्लादेश की सरकार ने बिजली का उपभोग घटाने के कई उपाय घोषित किए हैं। इसके तहत अब स्कूलों को हर हफ्ते एक दिन अतिरिक्त बंद रखने का फैसला किया गया है। बांग्लादेश में शुक्रवार को स्कूलों छुट्टी रहती है। अब वे शनिवार को भी बंद रहेंगे। सरकारी दफ्तरों और बैंकों में कामकाजी घंटे घटा दिए हैं। ये तमाम उपाय बुधवार से लागू हो गए। गुरुवार को इसके खिलाफ जन विरोध का नजारा देखने को मिला।

    पर्यवेक्षकों के मुताबिक, देश के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार आ रही गिरावट के कारण प्रधानमंत्री शेख हसीना वाजेद की सरकार को कमखर्ची लागू करने के ये उपाय अपनाने पड़े हैं। पिछले महीने बांग्लादेश के कच्चे तेल के आयात बिल में 50 फीसदी बढ़ोतरी हुई थी। अब सरकार ने कहा है कि वह रूस से सत्ता तेल हासिल करने की संभावना तलाश रही है।

    देश में महंगाई की दर भी काफी ऊंची हो गई है। इस कारण हाल के हफ्तों में पहले भी कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किए गए हैं। अनाज की महंगाई पर काबू पाने के लिए हसीना सरकार ने रूस, वियतनाम और भारत से अनाज आयात करने का समझौता किया है। इसके तहत 83 लाख लाख टन गेहूं और चावल का आयात किया जाएगा। 

    विश्लेषकों के मुताबिक इससे देश में अनाज की महंगाई पर काबू पाने में मदद मिलेगी, लेकिन साथ ही विदेशी मुद्रा का संकट और गहराने की आशंका है। एक ताजा रिपोर्ट में बांग्लादेश में बन रही हालत की तुलना पिछले वर्ष की श्रीलंका की स्थिति से की है।

    रिपोर्ट में कहा गया है कि अभी हाल तक बांग्लादेश ने कोरोना महामारी और यूक्रेन युद्ध के कारण दुनिया भर में लग रहे आर्थिक झटकों से अपने को बचा रखा था। इसकी वजह देश का मजबूत निर्यात सेक्टर है। लेकिन अब हालत बदल रहे हैं। इसे देखते हुए शेख हसीना सरकार ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से 4.5 बिलियन डॉलर का कर्ज मांगा है।

  • भारतीय क्रिकेट टीम के इस खिलाड़ी ने किया सन्यास का ऐलान

    भारतीय क्रिकेट टीम के इस खिलाड़ी ने किया सन्यास का ऐलान

    नई दिल्ली: टीम इंडिया के लेग स्पिनर राहुल शर्मा ने रविवार को खेल के सभी प्रारूपों से सन्यास लेने की घोषणा की। पंजाब के रहने वाले राहुल ने 2011 में वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ अपना अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था, और वह भारत के लिये चार एकदिवसीय और दो टी20 मुकाबले खेल चुके हैं। राहुल अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से सन्यास लेने के बाद अब रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज़ में नज़र आयेंगे।

    राहुल ने सन्यास की घोषणा करते हुए कहा, “यह मेरा सौभाग्य रहा है कि मैंने सबसे ऊंचे स्तर पर अपने देश का प्रतिनिधित्व किया। मुझे इस परिवार में जगह देने के लिये बीसीसीआई का धन्यवाद। देश के लिये खेलना किसी भी खिलाड़ी का मूल लक्ष्य होता है। मैं खुश हूं कि मैं यह उपलब्धि हासिल कर सका।”

    उन्होंने कहा, “भारतीय टीम की नीली जर्सी पहनना मेरे लिये सबसे यादगार क्षण था। मैं हमेशा इस याद को संजोकर रखूंगा। गौतम गंभीर, राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण, वीरेंद्र सहवाग, महेंद्र सिंह धोनी, युवराज सिंह, हरभजन सिंह, सुरेश रैना, रोहित शर्मा, विराट कोहली और सभी खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना मेरा सौभाग्य था।”

    राहुल ने अपने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की शुरुआत साल 2010 में डेक्कन चार्जर्स की ओर से खेलते हुए की थी। वह उस समय बेल्स पाल्सी नामक बीमारी से जूझ रहे थे, जिसमें चेहरे की मांसपेशियां अस्थायी रूप से कमज़ोर हो जाती हैं। उन्होंने बताया कि डेक्कन चार्जर्स में उनके तत्कालीन कप्तान एडम गिलक्रिस्ट ने उनकी सहायता की और उन्हें खेलते रहने के लिये प्रेरित किया।

    राहुल आगे चलकर आईपीएल में पुणे वॉरियर्स, दिल्ली डेयरडेविल्स और चेन्नई के लिये भी खेले। उन्होंने आईपीएल करियर में 44 मैच खेलते हुए 27.15 की औसत और 7.02 की इकॉनमी से 40 विकेट लिये। राहुल ने कहा कि अब वह अपनी ‘नयी पारी के लिये तैयार हैं’ और जल्द ही रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज़ में नज़र आयेंगे। यह टूर्नामेंट 10 सितंबर से शुरू होगा जहां राहुल इंडियन लेजेंड्स की ओर से खेलते हुए नज़र आयेंगे।

  • पंजाब में कांग्रेस काे बड़ा झटकाः सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर आप में शामिल

    पंजाब में कांग्रेस काे बड़ा झटकाः सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर आप में शामिल

    मोगा। पंजाब की राजनीति में बड़ा उल्टफेर हुआ है। माेगा में कांग्रेस के नेता व नगर निगम में सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन कुमार पीना व डिप्टी मेयर अशोक धमीजा आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। दोनों नेता मोगा में एक पंजाबी गायक के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राज्य के स्वास्थ्य मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा की मौजूदगी में सर्किट हाउस में आप में शामिल हो गए। यह कांग्रेस पार्टी के लिए किसी झटके से कम नहीं है।

    सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन कुमार पीना ने कांग्रेस में शामिल होने की पुष्टि की है। नगर निगम हाउस की बैठक से पहले दोनों वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने से कई चर्चाओं को हवा मिल रही है। इस मौके पर एक पार्षद व एफएंडसीसी के सदस्य पायल गर्ग के पति गौरव गर्ग भी आप में शामिल हो गए हैं, लेकिन पार्षद कांग्रेस में शामिल नहीं हुई है। खुद गौरव ने मंत्री के साथ पहुंचकर अपनी पत्नी की तरफ से खुद ही आप में शामिल होने की घोषणा कर दी।

  • कांग्रेस ने अध्यक्ष के चुनाव को लेकर लिया अहम फैसला….

    कांग्रेस ने अध्यक्ष के चुनाव को लेकर लिया अहम फैसला….

    नई दिल्ली। कांग्रेस को अक्टूबर महीने में नया अध्यक्ष मिल जाएगा. रविवार को पार्टी की केंद्रीय कार्य समिति की बैठक में अध्यक्ष के चुनाव को लेकर अहम फैसला लिया गया. कांग्रेस अध्यक्ष को चुनने के लिए पार्टी द्वारा 17 अक्टूबर को चुनाव आयोजित कराया जाएगा. चुनाव संपन्न होने के बाद 19 अक्टूबर को मतगणना होगी और परिणाम घोषित किया जाएगा. पार्टी सूत्रों ने बताया कि सीडब्ल्यूसी बैठक में सोनिया गांधी वर्चुअली रूप से शामिल हुईं. बैठक की अध्यक्षता सोनिया गांधी ने ही की. स्वास्थ्य जांच के लिए सोनिया गांधी विदेश दौरे पर हैं. राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी उनके साथ हैं.

    कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव का पूरा शेड्यूल

    -अधिसूचना 22 सितंबर
    -नामांकन 24 सितंबर
    -नामांकन की अंतिम तारीख 30 सितंबर
    -17 अक्टूबर को चुनाव
    -19 अक्टूबर को मतगणना

    कौन होगा कांग्रेस का नया अध्यक्ष?

    सूत्रों ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष के चुनाव की अधिसूचना 22 सितंबर को जारी की जाएगी, जबकि नामांकन भरने की प्रक्रिया 24 सितंबर से शुरू होगी और 30 सितंबर तक चलेगी. चुनाव 17 अक्टूबर को होगा और इसके नतीजे 19 अक्टूबर को आएंगे.

  • दो साल में खेल कोटे से प्रदेश सरकार ने 390 खिलाड़ियों को दी सरकारी नौकरीः पठानिया

    दो साल में खेल कोटे से प्रदेश सरकार ने 390 खिलाड़ियों को दी सरकारी नौकरीः पठानिया

    खेल मंत्री राकेश पठानिया ने बसदेहड़ा में 1.77 करोड़ से बने खेल स्टेडियम का किया लोकार्पण

    ऊना (सुशील पंडित)। वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने आज ऊना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बसदेहड़ा में 1.77 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित खेल स्टेडियम का लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने 49वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ भी किया। इस अवसर पर छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती भी उनके साथ विशेष रूप से उपस्थित रहे।

    अपने संबोधन में राकेश पठानिया ने कहा कि प्रदेश में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार ने भरसक प्रयास किए हैं तथा गत साढ़े 4 वर्षों के दौरान खेल के क्षेत्र में ढांचागत विकास पर करोड़ों रुपए खर्च किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने गत 2 वर्षों के दौरान खेल कोटे से 390 खिलाड़ियों को प्रदेश के विभिन्न विभागों में सरकारी नौकरी प्रदान की है तथा कॉमनवेल्थ खेलों में विजेता खिलाड़ियों को 50 लाख रुपए की नगद राशि के साथ साथ क्लास वन अधिकारी की नौकरी भी दी जा रही है। 

    राकेश पठानिया ने कहा कि खेल के क्षेत्र में ऊना जिला का विशेष दर्जा है तथा यहां के खिलाड़ियों ने देश-विदेश में प्रदेश का नाम रोशन किया है। खेल मंत्री ने कहा कि ऊना विधानसभा क्षेत्र में बसदेहड़ा के अलावा देहलां, बहडाला तथा जलग्रां में भी करोड़ों रुपए की लागत से खेल स्टेडियम निर्मित किए गए हैं। वहीं छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि प्रदेश सरकार के वर्तमान कार्यकाल में ऊना विधानसभा क्षेत्र में विकास के विभिन्न कार्यों पर 1500 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं, जिनमें से अधिकांश परियोजनाएं पूर्ण की जा चुकी है तथा शेष का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। उन्होंने बताया कि 300 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर जल्द ही करने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बसदेहड़ा में 2.46 करोड़ रुपए की लागत से पूर्व मंत्री स्वर्गीय देसराज के नाम से एक आधुनिक मैरिज पैलेस, 4.54 करोड़ रुपए की लागत से 30 बिस्तरों का मैहतपुर बसदेहड़ा अस्पताल, 70 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित पार्क, 45 लाख रुपए की लागत से निर्मित अंबेडकर भवन जैसे अनेक बड़े कार्य इस क्षेत्र में किए गए हैं। 

    सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि प्रदेश सरकार के वर्तमान कार्यकाल में वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बसदेहड़ा में स्कूल भवन तथा खेल मैदान सहित विभिन्न विकास कार्यों पर 4 करोड रुपए खर्च किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि नवनिर्मित स्टेडियम में बड़ी फ्लड लाइटें लगाई जाएंगी, ताकि रात के समय भी आसपास के गांव के लोग इस खेल मैदान का इस्तेमाल कर सकें। उन्होंने बताया कि विकास की दृष्टि से ऊना विधानसभा क्षेत्र का विशेष स्थान है, जहां पर सड़क, स्वास्थ्य व शिक्षा सहित विकास के विभिन्न क्षेत्रों में नए आयाम स्थापित हुए हैं।

    इस अवसर पर जिला परिषद ऊना की अध्यक्ष नीलम कुमारी, नगर परिषद मैहतपुर की अध्यक्ष अंजू बाला व उपाध्यक्ष अजय कुमार, कांगड़ा बैंक के उपाध्यक्ष रमेश भड़ोलियां, कांगड़ा बैंक के निदेशक बलवंत ठाकुर, निदेशक खादी बोर्ड सागर दंत भारद्वाज, एपीएमसी ऊना के अध्यक्ष बलबीर बग्गा, ऊना भाजपा मंडल के अध्यक्ष हरपाल सिंह गिल, प्रधान ग्राम पंचायत रायपुर सहोड़ां रोहित शर्मा, एसडीएम ऊना डॉ. निधि पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित थे।

  • परवाणु के बाद ऊना में बनेगी राज्य की दूसरी पुष्प मंडीः कंवर

    परवाणु के बाद ऊना में बनेगी राज्य की दूसरी पुष्प मंडीः कंवर

    ग्राम पंचायत टक्का में आयोजित किसान सम्मेलन में बोले कृषि मंत्री

    ऊना/सुशील पंडित: ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा है कि परवाणु के बाद ऊना जिला में राज्य की दूसरी फूल मंडी बनाई जाएगी। यह बात उन्होंने ग्राम पंचायत टक्का में आयोजित किसान सम्मेलन के दौरान कही। 

    वीरेंद्र कंवर ने कहा कि जिला ऊना के किसान बड़ी संख्या में पुष्प उत्पादन से जुड़े हैं, लेकिन उन्हें अपना उत्पाद बेचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उनकी इसी समस्या का समाधान करने के लिए जल्द ही जिला ऊना में फूल मंडी का शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऊना सब्जी मंडी का विस्तारीकरण करने के लिए भूमि अधिग्रहण जारी है। अधिग्रहण का कार्य पूरा होने के बाद यहां पर एक आधुनिक मंडी का निर्माण कार्य आरंभ होगा। इसके साथ ही रामपुर मंडी के निर्माण के लिए भी 2.50 करोड़ रुपए का टेंडर कर दिया गया है। 

    ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि किसानों व पशु पालकों की बेहतरी के लिए वर्तमान सरकार ने अनेकों प्रयास किए हैं। डंगेहड़ा में मुर्राह प्रजनन फार्म, बरनोह में पशुओं का जोनल अस्पताल तथा बसाल में डेयरी का उत्कृष्ठता केंद्र बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बसाल में डेयरी उत्कृष्ठता केंद्र का शिलान्यास भी जल्द ही किया जाएगा, जिसके लिए भारत तथा डेनमार्क की सरकार के मध्य एमओयू हुआ है। अगले माह डेनमार्क से विशेषज्ञों का एक दल जिला ऊना का दौरा करेगा। 

    वीरेंद्र कंवर ने फसलों के विविधिकरण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि किसानों को कैश क्रॉप की ओर जाना होगा। उन्होंने कहा कि 1010 करोड़ रुपए का जायका प्रोजेक्ट हिमाचल प्रदेश में आरंभ हो गया है, जिसमें इसी बात पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने कुल्लू व मंडी में हींग की खेती तथा लाहौल में केसर की खेती को बढ़ावा दिया है। इसके अतिरिक्त जिला ऊना, हमीरपुर व बिलासपुर के वातावरण को दालचीनी की खेती के लिए उपयुक्त पाया गया है तथा इस क्षेत्र में 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। आईएचबीटी पालमपुर के साथ जल्द ही एक एमओयू साइन किया जाएगा, जिसके तहत प्रतिवर्ष दालचीनी के 40 हजार पौधे किसानों को दिए जाएंगे। 

    कृषि मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि बसाल में स्टेडियम के लिए 90 लाख रुपए की धनराशि स्वीकृत हुई है और जल्द ही इसका कार्य आरंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बसाल में पंचायत घर के निर्माण के लिए 35 लाख रुपए तथा सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख रुपए दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों ने यहां के तीन रास्तों के लिए धन मांगा था तथा उन्होंने पूरी धनराशि स्वीकृत कर दी है। 

    किसान सम्मेलन में कृषि विभाग के विशेषज्ञों ने किसानों को खेतीबाड़ी की आधुनिक तकनीक से अवगत करवाया। इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रभारी प्रवेश शर्मा, धर्मेंद्र राणा, बलवंत वर्मा, चरणजीत शर्मा, मदन राणा, मास्टर रमेश, जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल, मास्टर तरसेम लाल शर्मा, उप निदेशक कृषि कुलभूषण धीमान, परियोजना अधिकारी आत्मा रविंद्र जसरोटिया सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। 

  • 25 यूनिट बिजली फ्री देना प्रदेश सरकार का ऐतिहासिक निर्णयः कंवर

    25 यूनिट बिजली फ्री देना प्रदेश सरकार का ऐतिहासिक निर्णयः कंवर

    जिला स्तरीय कार्यक्रम में बोले ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर

    ऊना/सुशील पंडित: 125 यूनिट तक फ्री बिजली प्रदान करना मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार का ऐतिहासिक निर्णय है। यह बात ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने आज राजकीय महाविद्यालय ऊना में आयोजित जिला स्तरीय के दौरान कही। प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम मंडी के पड्डल मैदान में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर मुख्यतिथि रहे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण में ऊना भी दिखाया गया। 

    वीरेंद्र कंवर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने हिमाचल प्रदेश को बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का स्वपन देखा, जिसे पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 30 हजार मेगावाट बिजली के दोहन की क्षमता है, जिसमें से अभी तक 10 हजार मेगावाट बिजली का दोहन ही किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने वर्ष 2030 तक अतिरिक्त 10 हजार मेगावाट के दोहन का लक्ष्य रखा है, जिसे पूरा करने के लिए मिलकर आगे बढ़ना होगा। 

    ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि थाना कलां में बिजली विभाग का उपमंडल खोला गया है, जिससे लिए उन्होंने मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज कुटलैहड़ विस क्षेत्र में सड़क, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षण संस्थानों का विस्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ में लोगों को नल से जल प्रदान किया जा रहा है और टैंकर माफिया का खात्मा किया गया है। कंवर ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत जिला ऊना में 36 हजार पानी के कनेक्शन दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 125 यूनिट तक फ्री बिजली के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में पानी के बिल पूरी तरह से माफ किया गया है और महिलाओं से बस में आधा किराया लिया जा रहा है। 

    वीरेंद्र कंवर ने कहा कि आज आयुष्मान भारत तथा हिमकेयर योजनाओं के माध्यम से प्रदेश की 80 प्रतिशत आबादी को 5 लाख तक निशुल्क स्वास्थ्य बीमा प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गृहिणी व उज्ज्वला के माध्यम से निशुल्क रसोई गैस के अलावा तीन सिलेंडर भी फ्री में दिए जा रहे हैं। 

    इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, एडीसी डॉ. अमित कुमार शर्मा, अधिशाषी अभियंता अशोक परमार, राहुल पुरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

  • कुटलैहड़ में प्रति वर्ष मनाया जाएगा खेल उत्सवः वीरेंद्र कंवर

    कुटलैहड़ में प्रति वर्ष मनाया जाएगा खेल उत्सवः वीरेंद्र कंवर

    झलेड़ा से बसाल तक हुआ रन फॉर कुटलैहड़ प्रतियोगिता का आयोजन

    ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ विस क्षेत्र के तहत झलेड़ा पुलिस लाइन से लेकर बसाल तक रन फॉर कुटलैहड़ का आयोजन किया गया है, जिसमें लगभग 1500 प्रतियोगियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने लड़कों व लड़कियों के वर्ग में प्रथम पुरस्कार 11 हजार रुपए, दूसरा पुरस्कार 7100 रुपए तथा तीसरा पुरस्कार 5100 रुपए प्रदान किए। इसके अतिरिक्त लड़के व लड़कियों के वर्ग में 1100-1100 रुपए के 50-50 पुरस्कार भी दिए गए। 

    इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि कुटलैहड़ में प्रति वर्ष खेल उत्सव का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 10 सितंबर के बाद एक और खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए खेलों को जल्द ही चयन होगा। उन्होंने कहा कि आज खेलों में भी करियर बनाया जा सकता है, इसलिए कुटलैह़ड़ में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए धमांदरी, बसाल, टक्का, चताड़ा, बंगाणा, थाना कलां में करोड़ों रुपए व्यय कर खेल के मैदान विकसित किए जा रहे हैं। 

    वीरेंद्र कंवर ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं के आयोजन का उद्देश्य जहां युवाओं को फिट रखने के लिए प्रेरित करना है, वहीं उन्हें अनुशासन की भावना जागृत करना भी है। खेल के मैदान हमें अनुशासन सिखाते हैं, इसीलिए युवाओं को खेल के मैदान तक लाना आवश्यक हो जाता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए नई खेल नीति बनाई है, जिसमें खिलाड़ियों की प्रोत्साहन राशि में वृद्धि की गई है। 

    इस अवसर पर भाजपा प्रदेश सचिव तिलक राज शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी सुमित शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, मंडल अध्यक्ष मास्टर तरसेम लाल शर्मा, चरणजीत शर्मा, मदन राणा, बलराम बबलू, दीपांकर कंवर, राम सिंह, राजेंद्र रिंकू, जिप सदस्य निशा भुल्लर, मोनिका सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

  • अमेरिका: गुरुद्वारे के बाहर दो सिखों के ग्रुपों में फायरिंग, मची भगदड़, 3 घायल, देखें वीडियो

    अमेरिका: गुरुद्वारे के बाहर दो सिखों के ग्रुपों में फायरिंग, मची भगदड़, 3 घायल, देखें वीडियो

    वॉशिंगटन: अमेरिका के कैलिफोर्निया में गुरुद्वारे के पास गोलीबारी का मामला सामने आया है। घटना स्टॉकटन में हुई है। स्थानीय पुलिस ने गोलीबारी की घटना की पुष्टि की है। अधिकारियों को स्थानीय समय के मुताबिक शनिवार शाम की घटना की जानकारी हुई। घटना में तीन लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं है। घटना दो सिख ग्रुप के बीच विवाद का नतीजा बताया जा रहा है। गोली चलाने वाले और पीड़ित दोनों ही सिख हैं।

    हालांकि पहले खबर थी कि गोलीबारी गुरुद्वारे के अंदर हुई है, लेकिन इसे गुरुद्वारा प्रशासन ने नकार दिया है। गुरुद्वारा प्रशासन की ओर से एक विज्ञप्ति में कहा गया कि घटना गुरुद्वारा के अंदर नहीं हुई है। इसके साथ ही ये भी कहा गया कि गोलीबारी गुरुद्वारे की हद के बाहर सड़क पर हुई है। गुरुद्वारा कमेटी ने कहा कि भारोत्तोलन के कार्यक्रम को कराया जा रहा था। गोलीबारी का उससे भी कोई लेना देना नहीं है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई जा रही है।
    पुलिस ने इस मामले में कहा कि जांच चल रही है। वहीं सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसे गोलीबारी के समय बनाया गया है। वीडियो को पत्रकार रविंदर सिंह रॉबिन ने ट्वीट किया है जिसमें मंच पर कार्यक्रम चलता दिख रहा है। इसी बीच कई राउंड गोलियों की आवाज सुनाई देती है। आवाज सुन कर पंडाल में बैठे हुए लोगों में अफरा तफरी मच जाती है। लोग पंडाल से भागने लगते है।