Blog

  • Punjab News: बारिश ने खोली सिविल अस्पताल की पोल, इमरजेंसी वार्ड की छतों से गिर रहा पानी, देखें वीडियो

    Punjab News: बारिश ने खोली सिविल अस्पताल की पोल, इमरजेंसी वार्ड की छतों से गिर रहा पानी, देखें वीडियो

    कई हिस्सों में टूटी सीलिंग, भरा पानी

    अमृतसरः पंजाब भर में लगातार बारिश से जन जीवन प्रभावित हुआ है। वहीं बारिश ने सिविल अस्पताल की पोल खोल कर रख दी है। दरअसल, बारिश के कारण सिविल अस्पताल चर्चा का विषय बन गया है। हैरानी की बात यह है कि अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में छतों से पानी रिसना शुरू हो गया। कई हिस्सों में छत की सीलिंग टूट गई है और वार्ड के अंदर पानी भर गया है। मरीजों और उनके परिवार के सदस्यों को इन हालात में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कई मरीजों को दूसरे वार्डों में शिफ्ट किया गया, फिर भी हालात काबू से बाहर हैं। मरीजों का कहना है कि सिविल अस्पताल की सुविधाएं बुरी से बदतर हो चुकी हैं और बारिश ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। अस्पताल प्रशासन ने छतों से आ रहे पानी को रोकने के लिए लिफाफों और बाल्टियों का सहारा लिया है। लेकिन इससे हालात में कोई बड़ा सुधार नहीं आ रहा है। एक मरीज ने गुस्से में कहा, “अगर इमरजेंसी वार्ड ही सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की जान कैसे बचेगी?” इस संबंध में सिविल अस्पताल की वरिष्ठ मेडिकल अधिकारी डॉक्टर रश्मि ने कहा कि बारिश की तेज़ी के कारण इमरजेंसी वार्ड प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया है और मामले को वरिष्ठ अधिकारियों के ध्यान में लाया गया है। डॉ. रश्मि ने भरोसा दिलाया कि जैसे ही बारिश रुकेगी, 10-15 दिनों के अंदर मुरम्मत का काम पूरा कर दिया जाएगा। यह हालात न केवल अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हैं, बल्कि सरकारी प्रबंधन की कमज़ोरियों को भी उजागर करते हैं। बारिश के कारण बनी यह तस्वीर लोगों के स्वास्थ्य प्रबंध पर एक बड़ा सवालिया निशान बन गई है।
  • Punjab News: जंग का मैदान बना अस्पताल, सरेआम स्टाफ कर्मी को पीटा, देखें वीडियो

    Punjab News: जंग का मैदान बना अस्पताल, सरेआम स्टाफ कर्मी को पीटा, देखें वीडियो

    मोगाः जिले में आए दिन अस्पतालों में झगड़े होने की घटनाएं सामने आ रही है। वहीं जिले के निजी नर्सिंग होम में तैनात मेल नर्सिंग स्टाफ मेंबर के साथ सरेआम मारपीट की घटना सामने आई है। बताया जा रहा हैकि अस्पताल में दाखिल मरीज के परिजनों द्वारा स्टाफ कर्मी के साथ मारपीट की गई। घटना के दौरान अन्य स्टाफ के कर्मियों द्वारा बीच-बचाव करने की कोशिश भी की गई, लेकिन व्यक्ति लगातार स्टाफ के कर्मी को पीटता रहा। इस घटना में स्टाफ मेंबर के सिर पर गहरी चोटे आई है। इस घटना में व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना में व्यक्ति के सिर पर 17 टांके लगे है।

    लड़ाई की घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। घायल व्यक्ति की पहचान रवि के रूप में हुई है। पीड़ित रवि कुमार ने बताया कि वह एक निजी अस्पताल में बतौर मेल नर्सिंग स्टाफ का काम करता है। उसकी वार्ड में ड्यूटी थी, इस दौरान वहां अस्पताल में मरीज इलाज के लिए दाखिल हुआ था। अस्पताल में मरीज के कुछ साथी बाहर आकर बैठे हुए थे और उसने मरीज के परिजनों को वहां बैठने से रोका था। जिसके कुछ समय बाद मरीज के परिजन ने उसके साथ आकर मारपीट करनी शुरू कर दी। इस घटना में उसके सिर पर तेज कड़े से कई बार किए।

    घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जहां स्टाफ कर्मियों द्वारा उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना में उसके सिर पर 17 टांके लगे है। पीड़ित ने घटना की शिकायत पुलिस को दे दी है। दूसरी ओर सरकारी अस्पताल के एसएमओ डाक्टर गगन दीप ने बताया कि रवि कुमार निजी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ है। उसका किसी मरीज के साथ झगड़ा हो गया। घटना में घायल रवि को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया, उसका इलाज शुरू कर दिया है। डाक्टर ने बताया कि अभी रवि खतरे से बाहर है। घटना संबंधित पुलिस को सूचना दे दी गई है।

  • अर्थी लेकर जा रहे लोगों पर गिरी दीवार, 5 घायल

    अर्थी लेकर जा रहे लोगों पर गिरी दीवार, 5 घायल

    हमीरपुरः हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के ख्याह गांव में अंतिम संस्कार के लिए अर्थी लेकर जा रहे लोगों पर गोशाला की दीवार गिर गई। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में लाया गया। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार मंगलवार सुबह 10 बजे जब गांव के लोग मृतक वीरेंद्र कुमार की अर्थी को लेकर श्मशान घाट जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, मृतक वीरेंद्र कुमार शिक्षा विभाग में बतौर मुख्य अध्यापक कार्यरत थे। वह कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। वीरेंद्र का बीती रात निधन हो गया था।

    जिसके चलते लोग उनकी अर्थी को अंतिम संस्कार के लिये शमशान घाट ले जा रहे थे। इस दौरान गांव में जर्जर हो चुकी गौशाला अचानक गिर गई और अर्थी सहित 5 लोग मलबे में फंस गए। इस दौरान विपन शर्मा, शशि शर्मा, ऋषि शर्मा, मुकेश और रमेश घायल हो गए। वहीं बीच बचाव में लोगों ने फंसे हुए लोगों और अर्थी को मलवे में से बाहर निकाला है।

    इस घटना के दौरान जो लोग घायल हुए हैं। उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया गया। जहां पर उनका इलाज चल रहा है। हादसे के चश्मदीद अशोक कुमार बताया कि गांव में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी, जिनके अंतिम संस्कार के लिए लोग अर्थी को उठाकर जा रहे थे। तब यह हादसा पेश आया और अर्थी समेत लोग मलबे में फंस गए। जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकल गया। हादसे से में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों का हमीरपुर के मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।

  • Punjab News: बारिश का कहर, मलबे में बदली 3 मंजिला इमारतें, देखें वीडियो

    Punjab News: बारिश का कहर, मलबे में बदली 3 मंजिला इमारतें, देखें वीडियो

    अमृतसरः लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में भारी नुक्सान हो रहा है। वहीं मैदानी इलाकों में भी इसका भारी असर देखने को मिल रहा है। अमृतसर में पुरानी जर्जर इमारतों की हालत और भी खराब होती जा रही है। इसी के चलते मजीठ मंडी इलाके में देर रात 3 मंजिला इमारतें एक साथ ढह गईं। इलाके के लोगों ने बताया कि यह हादसा रात करीब साढ़े दस बजे हुआ, जब बारिश की बूंदों के कारण इमारतों का ढांचा कमजोर होकर पूरी तरह ढह गया।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि गनीमत यह रही कि उस समय इमारतों में कोई नहीं रह रहा था, वरना जान-माल का नुकसान हो सकता था। अगर यह इमारत सुबह गिरती तो स्थिति बहुत गंभीर हो सकती थी, क्योंकि इमारतों के पास एक स्कूल और मंदिर है, जहां कई लोग आते हैं और बच्चे भी सुबह पढ़ने आते हैं। रात में गिरने से एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

    क्षेत्रवासियों ने चिंता व्यक्त की कि मजीठ मंडी ही नहीं, शहर के अन्य हिस्सों में भी 4-5 पुरानी इमारतें जर्जर हालत में खड़ी हैं। उन्होंने नगर निगम से अपील की है कि इन पर ध्यान देकर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में जान-माल का नुकसान न हो।

  • शिखर सम्मेलन से पहले चीनी राष्ट्रपति का बड़ा बयान, Tariff पर बोले Xi Zinping

    शिखर सम्मेलन से पहले चीनी राष्ट्रपति का बड़ा बयान, Tariff पर बोले Xi Zinping

    नई दिल्ली: पीएम नरेंद्र मोदी जल्द ही चीन के दौरे पर जाने वाले हैं। चीन में होने वाले एससीओ शिखर सम्मेलन में मोदी के साथ-साथ रुस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी शामिल होंगे। ऐसे में इस शिखर सम्मेलन से ठीक पहले चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि रुस और चीन के संबंध दुनिया में सबसे ज्यादा स्थिर हैं।

    एक रिपोर्ट के अनुसार, जिनपिंग खुद पीएम मोदी और पुतिन का स्वागत करने के लिए तैयार हैं। अमेरिका और भारत में इस समय तनाव की स्थिति है। इसी कारण ट्रंप ने भारत पर 50% टैरिफ लगा दिया है। इस मसले पर रुस का भी बयान सामने आया था। रुस ने कहा था कि ट्रंप का भारत पर टैरिफ लगाना बिल्कुल गलत है। रुस के राष्ट्रपति पुतिन भी शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने वाले हैं।

    इससे पहले जिनपिंग ने कहा है कि – हमारे संबंध सबसे स्थिर और परिपक्व हैं। यह हमारे लिए रणनीतिक तौर पर काफी जरुरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 अगस्त से लेकर 1 सितंबर तक जापान और चीन की यात्रा पर हैं। इस दौरान वह जापान में 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन और चीन में शंघाई सहयोग परिषद की 25वीं बैठक में भी हिस्सा लेंगे। पीएम मोदी की आगामी जापान और चीन यात्रा के बारे में विदेश मंत्रालय की ओर मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी है।

    विदेश विक्रम मिस्नी ने कहा कि – ‘पीएम मोदी जापान के पीएम शिगेरु इशिबा के साथ 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए 29 और 30 अगस्त को जापान में रहेंगे’। गौरतलब है कि शी जिनपिंग के साथ रुसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और मध्य एशिया, दक्षिण एशिया, मध्य पूर्व और दक्षिण पूर्व एशिया के कई बड़े नेता भी शामिल होंगे। पिछले साल रुस में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में जिनपिंग और पुतिन के साथ पीएम मोदी ने मंच सांझा किया था।

     

     

  • Punjab News: बाढ़ प्रभावित इलाको का दौरा करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल, देखें वीडियो

    Punjab News: बाढ़ प्रभावित इलाको का दौरा करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल, देखें वीडियो

    गुरदासपुरः विधानसभा हलका दीनानगर के अंतर्गत आने वाले मकौड़ा पट्टन के रवि नदी में पिछले एक-दो दिनों से बनी बाढ़ की स्थिति के कारण इलाके के कई गांवों में पानी आने से बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। इसे लेकर आज सूबे के जल स्रोत मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने रवि नदी का दौरा किया और प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया।

    इस मौके पर बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार सूबे के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की जान-माल की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास कर रही है और सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए वचनबद्ध है कि लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पत्रकारों से बात करते हुए कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने बताया कि आज रवि नदी किनारे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया गया।

    इस दौरान अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा पहले ही सूबे में बाढ़ के कारण लोगों को हुए किसी भी प्रकार के नुकसान के लिए उचित मुआवजा देने का ऐलान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बारिश के कारण सूबे में यह स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस गंभीर संकट की घड़ी में लोगों को राहत प्रदान करने के लिए वचनबद्ध है और इस नेक कार्य के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी।

  • Punjab News: बांध में दरार आने से घरों में घुसा पानी, Police और NDRF ने किया रेस्क्यू, देखें Live

    Punjab News: बांध में दरार आने से घरों में घुसा पानी, Police और NDRF ने किया रेस्क्यू, देखें Live

    गुरदासपुरः हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में दो दिन से जारी बारिश के कारण नदी उफान पर है। दीनानगर के सरहदी काहना गांव में स्पर बांध में दरार आ गई थी, जिसके बाद आज सुबह 3 बजे तक पानी गांव में घुस गया। इसी तरह, दीनानगर-नरोट जैमल सिंह रोड पर गांव पम्मा के पास मंगलवार सुबह पांच बजे धुस्सी बांध में दरार आ गई। बाढ़ का पानी गांव पम्मा और कोहलियां में घुस गया है। यह पानी अब गांव किलपुर और उदीपुर एमां की ओर बढ़ रहा है।

    मकौड़ा पत्तन क्षेत्र में चक्क राम सहाय और मकौड़ा गांव जलमग्न हो गए हैं। नदी में पानी आने से कई लोग फंस गए। पुलिस और एनडीआरएफ द्वारा रेस्क्यू करके लोगों को बचाया गया। वहीं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई है। इसकी वीडियो भी सामने आई है। जिसमें देखा जा सकता है कि पानी का बहाव काफी तेज है, लेकिन पुलिस और एनडीआरएफ की टीम द्वारा रस्सियों के सहारे रेस्क्यू करके लोगों को बाढ़ ग्रस्त इलाकों ने निकाला जा रहा है।

    पाकिस्तान सीमा से सटे सात गांव – तूर, चेबे, भरियाल, लसियान, मम्मी चक्क रंगा, कजले और झूंबर भी उज्ज और रावी नदी की बाढ़ में घिर गए हैं। इन गांवों का पिछले तीन दिन से शेष भारत से संपर्क टूटा हुआ है। जिला प्रशासन ने गुरदासपुर जिले के सभी सरकारी और निजी शैक्षणिक संस्थानों को मंगलवार के लिए बंद कर दिया है।

    प्रशासन ने गांव गाहलड़ी के गुरुद्वारा टाहली साहिब और सरकारी स्कूल और गांव झबकरा के सरकारी स्कूल में राहत शिविर स्थापित किए हैं। नदी तटबंध के पास के गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है। गांव टांडा में भी धुस्सी बांध के टूटने का खतरा है। ग्रामीण बारिश के बीच भी बांध को मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं।

     

  • Punjab News: गरीब परिवार का आशियाना गिरा, मलबे में दबा सामान, देखें वीडियो

    Punjab News: गरीब परिवार का आशियाना गिरा, मलबे में दबा सामान, देखें वीडियो

    मोगाः पंजाब में लगातार पड़ रही बारिश के कारण जहां कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है, वहीं कई गावों में कच्चे मकान भी गिर रहे हैं। ताजा मामला मोगा जिले के गांव जानेर से सामने आया है जहां, बीते दिन से लगातार बारिश होने के कारण एक गरीब परिवार के घर की छत गिर गई। बताया जा रहा है कि परिवार के 4-5 मेंबर उसी कमरे में सो रहे थे। सुबह 4 बजे परिवार को कमरे की छत रिसने की आहट सुनाई दी तो वो कमरे से बाहर निकल आए और तभी अचानक कमरे की छत गिर गई। वहीं कमरे में पड़ा समान टूट गया।

    गांव के सरपंच व अन्य लोगों ने बताया कि उन्हें जोरदार आवाज सुनी थी जिसके बाद सभी घरों से बाहर निकल आए थे। सभी ने तुरंत पीड़ितों को घर से बाहर निकाला। वहीं घटना के बाद इलाके में सहम का माहौल है। पीड़ित घरवाले भी डरे हुए हैं और उनका काफी नुक्सान हो गया है। परिवार ने प्रशासन से गुहार लगाई हैं कि वह बहुत गरीब परिवार है और घर में एक ही आदमी कमाने वाला है और सरकार उनकी मदद करे।

  • Punjab News: अनियंत्रित होकर Railing से टकराई कार, 4 लोग घायल, देखें वीडियो

    Punjab News: अनियंत्रित होकर Railing से टकराई कार, 4 लोग घायल, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले के खन्ना में एक कार बेकाबू होकर फुटपाथ पर चढ़ गई और रेलिंग से टकरा गई, जिससे 4 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति द्वारा अचानक सड़क पार करने की कोशिश करने के चलते हादसा हुआ है। घटना अमृतसर-दिल्ली हाईवे पर खन्ना में बीती रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है।

    जानकारी देते वर्ना कार के ड्राइवर गुरदीप सिंह निवासी पटियाला ने बताया कि उनके चाचा व टैक्सी ड्राइवर अब्दुल दिल्ली से कश्मीर जा रहे थे। इस दौरान एक व्यक्ति सड़क पार करने के लिए अचानक सामने आ गया जिससे गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और कार फुटपाथ पर चढ़ते हुए रेलिंग से टकरा गई।

    इस दौरान गाड़ी की स्पीट कम होने के चलते बड़ा हादसा होने से टल गया, परन्तु गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सभी घायलों को खन्ना सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार सभी की हालत स्थिर है। घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

  • Ganesh Chaturthi: घर में लाएं विघ्नहर्ता की ऐसी मूर्ति, सुख-समृद्धि का होगा वास

    Ganesh Chaturthi: घर में लाएं विघ्नहर्ता की ऐसी मूर्ति, सुख-समृद्धि का होगा वास

    धर्म: गणेश चतुर्थी का पर्व हर साल भारत में बहुत ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जाता है। घर में लोग गणपत्ति बप्पा को विराजमान करवाते हैं और उनकी विधिवत पूजा-अर्चना करते हैं। पूरा वातावरण पॉजिटिविटी से भर जाता है। इस साल यह उत्सव कल यानी की 27 अगस्त से शुरु होगा। गणेश जी की मूर्ति घर में लाते समय आपने यह गौर भी किया होगा कि लोग गणेशोत्सव पर अलग-अलग मुद्रा वाले गणेश जी की प्रतिमा स्थापित करते हैं। आज आपको बताते हैं कि गणेश जी की अलग-अलग मुद्राओं वाली मूर्ति का क्या महत्व है।

    दाई ओर सूंड वाले गणपति

    दाई ओर सूंड वाले गणपति जी की मूर्ति को सिद्धिविनायक और दक्षिणाभिमुखी कहते हैं। इस रुप की यह खासियत होती है कि भगवान गणेश की सूंड दाई ओर मुड़ी होती है। ऐसा माना जाता है कि यदि घर में दाईं सूंड वाले गणपति जी की मूर्ति या चित्र स्थापित किया जाए तो घर की आर्थिक स्थित मजबूत होती है। ऐसा भी माना जाता है कि इनकी पूजा करने से जीवन में आने वाली कोई भी मुश्किल, ठोकरें और बाधाएं भी दूर होती हैं।

    लेटे हुए गणपति

    जिस मूर्ति में गणपति जी लेटे हो उसको भी बहुत खास माना जाता है। खासतौर पर बिजनेस करने वाले लोगों को ऐसी प्रतिमा की पूजा करते हैं क्योंकि इसको सुख-समृद्धि का कारण माना जाता है। लेटी हुई गणेश जी की मूर्ति घर की तरक्की और आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने वाली भी मानी जाती है।

    नृत्य मुद्रा वाले गणपति

    यदि कोई कला या संगीत में रुचि रखता हो तो उसको नृत्य मुद्रा में बैठे हुए गणेश जी की स्थापना करनी चाहिए। ऐसी मूर्ति उनके लिए बेहद लाभकारी साबित होगी। नृत्य करते हुए या वाद्य यंत्र बजाते हुए गणेश जी की मूर्ति की पूजा करने से घर में खुशियां आती और कला की दुनिया में भी सफलता मिलती है। यह मूर्ति ऊर्जा और आनंद का प्रतीक भी मानी जाती है।

    बाई और सूंड वाले गणेश 

    इस तरह की मूर्ति को वाममुखी और वक्रतुंड गणेश भी कहते हैं। सबसे ज्यादा लोग ऐसी ही मूर्ति पसंद करते हैं। ये गणेश का सबसे आम और लोकप्रिय रुप माना जाता है। इस दिशा का संबंध उत्तर दिशा से होता है और इसे चंद्रमा की खास एनर्जी के साथ जोड़ा जाता है। चंद्रमा की यह ऊर्जा शांति, सुख-शांति और भौतिक समृद्धि को भी दर्शाती है ऐसे में बाई और मुड़ी हुई सूंड वाले गणेश की प्रतिमा को लक्ष्मी का वरदान देने वाली मानी जाती है।

    चूहे पर खड़े हुए गणपति

    जिस मूर्ति में गणपति चूहे पर खड़े हों उसको गणराज कहते हैं। यह मूर्ति हिम्मत और साहस का प्रतीक मानी जाती है। मान्यताओं के अनुसार, इस मूर्ति की पूजा करने से जीवन में जिम्मेदारी निभाने की ताकत मिलती है और मुश्किलें भी आसान होती हैं।

    सीधी सूंड वाले गणपति

    गणेश जी का ऐसा रुप भी बहुत खास और दुर्लभ माना जाता है। ये रुप इसलिए भी जरुरी होता है क्योंकि इसकी सूंड सीधे ऊपर की ओर होती है जो सुषु्म्ना नाड़ी के खुलने का प्रतीक मानी जाती है। सुषुम्ना नाड़ी हमारे शरीर की मुख्य ऊर्जा नाड़ी होती है जो मन और आत्मा को साथ में जोड़ती है। यह नाड़ी उस समय खुलती है जब व्यक्ति और भगवान के बीच में एक गहरा तालमेल बनता है। मान्यताओं के अनुसार, इस स्थिति में इंसान पूरी तरह से आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ भर जाता है और उसके जीवन में शांति, संतुलन और सफलता आती है।

    बैठे हुए गणेशजी की मूर्ति

    ऐसी मूर्ति घर में रखना और उसकी पूजा करना बहुत ही शुभ माना जाता है। मान्यताओं के अनुसार, जब घर में बैठे हुए गणपति का चित्र स्थापित होता है और उसकी विधि-विधान के साथ पूजा की जाती है तो घर में शांति, सुख और समृद्धि बनी रहती है। बैठे हुए गणेश जी घर का वातावरण पॉजिटिव एनर्जी के साथ भर देते हैं और परिवार की हर मनोकामना को पूरा करने में मदद करते हैं।