Blog

  • ग्राम पंचायतों में 2 अक्तूबर को आपदा जोखिम न्यूनीकरण पर आयोजित होंगी विशेष बैठकें

    ग्राम पंचायतों में 2 अक्तूबर को आपदा जोखिम न्यूनीकरण पर आयोजित होंगी विशेष बैठकें

    31 अक्तूबर तक चलेगा जन-जागरूकता अभियान

    ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एचपीएसडीएमए) द्वारा राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान समर्थ 2025 का आयोजन 31 अक्तूबर, 2025 तक किया जा रहा है। इस जागरूकता अभियान के तहत जिला की सभी पंचायतों में 2 अक्तूबर को आपदा जोखित न्यूनीकरण विषय पर विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी। कार्यकारी उपायुक्त ऊना महेंद्र पाल गुर्जर ने बताया कि इन विशेष ग्राम सभाओं में आपदा जोखिम कम करने से जुड़े विषयों पर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी जिनमें भूस्खलन से बचाव के उपाय, सुरक्षित एवं पारंपरिक भवन निर्माण पद्धतियों को बढ़ावा, पहाड़ियों को असुरक्षित रूप से काटने से बचाव, मलबे का सुरक्षित निपटान, उचित वर्षा जल निकासी प्रणाली का विकास, प्राकृतिक नालों/नदियों में निर्माण पर रोक, अतिक्रमण हटाकर जल निकासी चैनलों को सुरक्षित बनाना जैसे मुद्दे शामिल रहेंगे।

    आपदा जोखिम न्यूनीकरण पर पंचायतों की विशेष जिम्मेदारी

    इस अभियान के तहत राज्य की सभी ग्राम पंचायतों को प्रोत्साहित किया गया है कि वे अपनी आगामी बैठकों में आपदा प्रबंधन को विशेष एजेंडा विषय के रूप में शामिल करें। इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर तैयारी, जागरूकता और सामुदायिक कार्रवाई को मजबूत करना है। आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 41 के अनुसार, पंचायतों की जिम्मेदारी है कि वे आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशिक्षित करें, आपदा से संबंधित संसाधनों का रखरखाव करें और निर्माण कार्यों में रोकथाम एवं जोखिम न्यूनीकरण के मानकों का पालन सुनिश्चित करें।

    समुदाय स्तर पर आपदा से निपटने के उपाय

    उन्होंने बताया कि समर्थ 2025 अभियान लोगों को सरल और जीवन-रक्षक उपाय अपनाने के लिए प्रेरित करता है। इनमें स्थानीय खतरों की पहचान और जोखिम कम करना, भूकंप प्रतिरोधी भवनों का निर्माण, पुराने घरों की सुरक्षा जाँच और आवश्यक सुधार, आपातकालीन किट तैयार रखना (सूखा भोजन, दवाइयाँ, पानी, टॉर्च, रेडियो आदि), प्राथमिक चिकित्सा व खोज-बचाव प्रशिक्षण प्राप्त करना (डीडीएमए टोल फ्री 1077), शुरुआती चेतावनियों पर सतर्क रहना और तुरंत कार्रवाई करना, आग बुझाने वाले यंत्र का उपयोग सीखना, अफवाहों से बचना और केवल आधिकारिक अपडेट पर भरोसा करना और परिवार के लिए पहले से आपातकालीन योजना तैयार रखना शामिल हैं।

    स्वयंसेवी टास्क फोर्स और पंचायत इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर

    महेंद्र पाल गुर्जर ने बताया कि एचपीएसडीएमए ने प्रत्येक पंचायत में 10-15 प्रशिक्षित युवा स्वयंसेवकों की टास्क फोर्स गठित करने की योजना शुरू की है। ये स्वयंसेवक पंचायत प्रधान के नेतृत्व में आपदा की स्थिति में तैयारी और प्रतिक्रिया सुनिश्चित करेंगे। साथ ही, पंचायत स्तर पर इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर स्थापित करने की योजना भी जारी की गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर राहत और बचाव की क्षमता और अधिक मजबूत होगी।

  • स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर रक्तदान के महत्व को उजागर करने के लिए रैली निकाली

    स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर रक्तदान के महत्व को उजागर करने के लिए रैली निकाली

    ऊना/सुशील पंडित: राजकीय महाविद्यालय ऊना द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर रेड क्रॉस सोसाइटी के स्वयंसेवकों द्वारा रक्तदान के महत्व को उजागर करने के लिए रैली निकाली गई। रैली में “रक्तदान करें, जीवन बचाएं” जैसे नारे, पोस्टर और बैनर का उपयोग किया गया। यह कार्यक्रम विशेष दिवस पर आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों और संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

    रैली की शुरुआत सम्माननीय प्राचार्या डॉ॰ मीता शर्मा द्वारा की गई| उनके मार्गदर्शन ने छात्रों को इस पुण्य कार्य में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। प्राचार्या ने रैली को संबोधित करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान की आवश्यकता पर बल दिया और बताया कि युवा पीढ़ी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

    इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रमुख सदस्य डॉ. अलका, प्रो. अनीता, प्रो. प्रवीन, डॉ॰ वरुण और डॉ. शिवानी भी उपस्थित थे। उन्होंने रैली में सक्रिय रूप से भाग लिया और छात्रों से बातचीत कर रक्तदान से जुड़े मिथकों और तथ्यों के बारे में जागरूकता फैलायी।रैली ने परिसर और आसपास के प्रमुख मार्गों से होकर गुज़रते हुए लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

  • ऊना में अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर सम्मान समारोह आयोजित

    ऊना में अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर सम्मान समारोह आयोजित

    वरिंद्र शर्मा बोले…समाज की अमूल्य धरोहर हैं वरिष्ठ नागरिक

    ऊना/सुशील पंडित: अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से जिला कल्याण भवन ऊना में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और कल्याण से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा की गई। समारोह की अध्यक्षता सहायक आयुक्त ऊना वरिंद्र शर्मा ने की।

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहायक आयुक्त वरिंद्र शर्मा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन अनुभव, संघर्ष और मार्गदर्शन से ही आने वाली पीढ़ियों को सही दिशा मिलती है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने जीवन में बुजुर्गों के प्रति आदर, सहयोग और संवेदनशीलता बनाए रखें।

    कार्यक्रम के दौरान जिला कल्याण अधिकारी ऊना आवास पंडित ने वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण हेतु संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना रहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की मुख्यधारा में सक्रिय रूप से जुड़े रहें और उन्हें सभी सुविधाओं का लाभ मिल सके।

    इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने प्राथमिकता आधार पर चिकित्सीय सुविधाएं और रेलवे बुकिंग को लेकर सहायक आयुक्त के समक्ष अपनी बात रखीं। इस पर सहायक आयुक्त ने कहा कि इन सभी बातों को प्राथमिकता के आधार पर उपायुक्त के पास रखा जाएगा ताकि संबंधित विभागों के माध्यम से समस्याओं का त्वरित निदान किया जा सके।

    जीवन के अनुभव किए साझा
    समारोह के दौरान उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन के विभिन्न उतार-चढ़ाव, संघर्ष और अनुभवों को साझा किया। उन्होंने समाज में युवाओं को गजल, चुटकले और कविताओं के जरिए प्रेरणादायक संदेश भी दिए।

    इन वरिष्ठ नागरिकों को किया सम्मानित
    अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के उपलक्ष्य पर ऊना जिले के वरिष्ठ नागरिकों को शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। इनमें 95वर्षीय किशन चंद, 87 वर्षीय बक्तावर सिंह, 85 वर्षीय शिव किशोर वासुदेव, 83 वर्षीय तिलक राज, 80 वर्षीय सुभाष चंद, 78 वर्षीय मस्त राम और दौलत राम शामिल रहे।

    ये रहे उपस्थित
    इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी आवास पंडित, तहसील कल्याण अधिकारी ऊना जतिंद्र कुमार,  तहसील कल्याण अधिकारी बंगाणा विवेक कुमार, जिला के वरिष्ठ नागरिक फार्म के प्रधान जीआर वर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।

  • इको क्लब द्वारा सेवा पर्व का आयोजन

    इको क्लब द्वारा सेवा पर्व का आयोजन

    मानसिक विकास के लिए करवाई प्रतियोगिता

    बद्दी/सचिन बैंसल: पीएम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बद्दी में हिमकोश्ते के तहत इको क्लब में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम करवाएंगे। जिसमें सेवा पर्व के तहत बच्चों को चित्रकारी, नारा लेखन और प्रश्नोत्तरी की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें बच्चों ने बढ़चढ़ कर भाग दिया। इस मौके पर हवा प्रदूषण व प्लास्टिक के कूड़े को किस प्रकार दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है उस पर बच्चों द्वारा एक प्रस्तुति दी गई।

    विद्यालय के प्रधानाचार्य रामलाल ने बताया कि विद्यालय में कई प्रकार के इस तरह के कार्यक्रम करवाए जाते हैं, ताकि बच्चों का मानसिक व शारीरिक विकास हो सके। उन्होंने कहा कि एको क्लब की देख रेख नीतू बाला द्वारा की जाती है और उन्होंने बड़ी ही बखूबी से अपने इस कर्तव्य को निर्वाह किया है। उन्होंने कहा कि बहुत ही अच्छा कार्यक्रम का आयोजन किया गया और इस सफल कार्यक्रम पर उन्होंने बधाई दी।

  • ऊना के बरनोह में है प्रदेश का पहला मुर्रा प्रजनन डेयरी फार्म, प्रारंभिक संचालन के लिए लाई गईं 9 शुद्ध नस्ल की भैंसें

    ऊना के बरनोह में है प्रदेश का पहला मुर्रा प्रजनन डेयरी फार्म, प्रारंभिक संचालन के लिए लाई गईं 9 शुद्ध नस्ल की भैंसें

    ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल सरकार पशुपालकों को शुद्ध नस्ल के पशु उपलब्ध करवाने और डेयरी क्षेत्र को आधुनिक व रोजगारपरक बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। इसी मकसद से ऊना जिला के बरनोह में प्रदेश का पहला मुर्रा नस्ल प्रजनन एवं डेयरी फार्म स्थापित किया गया है। केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त सहयोग से बने इस फार्म में प्रारंभिक संचालन के लिए 9 शुद्ध नस्ल की मुर्रा भैंसें लाई गई हैं।

    उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू हमेशा इस पर जोर देते हैं कि पशुपालक प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। सरकार उन्हें उच्च नस्ल के पशुओं और आधुनिक सुविधाओं से जोड़कर उनकी आमदनी बढ़ाने तथा युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दृष्टि से यह फार्म पशुपालकों के लिए किसी सौगात से कम नहीं है।

    शुद्ध नस्ल की भैंसे होंगी तैयार

    बरनोह मुर्रा प्रजनन फार्म के सहायक निदेशक राकेश भट्टी ने बताया कि फार्म का उद्देश्य शुद्ध नस्ल की भैंसों का प्रजनन करना है। यहां शुद्ध मुर्रा नस्ल के कटड़े भी तैयार किए जाएंगे और फार्म से प्राप्त उच्च गुणवत्ता का वीर्य संग्रहित कर विभागीय सीमन केंद्रों के माध्यम से कृत्रिम गर्भाधान हेतु पूरे प्रदेश में वितरित किया जाएगा।
    उन्होंने बताया कि प्रारंभिक संचालन के लिए यहां 9 मुर्रा भैंसें उत्तर प्रदेश के बागपत स्थित नेशनल डेयरी डेवलपमेंट सेंटर से लाई गई हैं। चयन प्रक्रिया में भैंसों की पीढ़ीवार उत्पादन क्षमता और चिकित्सीय जांच को प्राथमिकता दी गई।
    भट्टी ने बताया कि लाई गई सभी भैंसे गाभिन हैं और अगले 2-3 महीने में प्रजनन के साथ-साथ फार्म में भैंसों की संख्या बढ़ेगी और दूध का उत्पादन भी आरंभ हो जाएगा। आने वाले समय में फार्म में पशुओं की संख्या 50 तक बढ़ाई जाएगी।
    मुर्रा नस्ल की भैंस औसतन 15–20 लीटर दूध देती हैं। प्रारंभिक चरण में उत्पादन का दूध स्थानीय डेयरी केंद्रों को उपलब्ध कराया जाएगा और भविष्य में उत्पादन बढ़ने पर मिल्कफेड को भी आपूर्ति की जाएगी।

    5.06 करोड़ की लागत से बना है आधुनिक ढांचा

    राकेश भट्टी ने बताया कि इस मुर्रा प्रजनन केंद्र के निर्माण पर कुल 5.06 करोड़ रुपये व्यय हुए हैं, जो केंद्र और राज्य सरकार की साझी भागीदारी से संभव हुआ है। इसमें से 4.40 करोड़ रुपये आधारभूत ढांचे पर और 66 लाख रुपये आधुनिक मशीनरी व पशुओं की देखरेख पर खर्च किए गए हैं। अच्छी नस्ल की भैंसों की खरीद के लिए सरकार ने 36 लाख रुपये का प्रावधान किया है, जिनमें से 15.49 लाख रुपये अब तक 9 मुर्रा भैंसों पर खर्च किए जा चुके हैं।

    प्रशिक्षण से बढ़ेगी आमदनी

    सहायक निदेशक ने बताया कि बरनोह फार्म में पशुपालकों को एक सप्ताह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर उन्हें प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा, जो डेयरी यूनिट चलाने और ऋण सुविधा प्राप्त करने में सहायक होगा। प्रशिक्षण में दूध उत्पादन, पशुपालन प्रबंधन, दूध विपणन और पनीर, खोया, घी जैसे उत्पाद बनाने की आधुनिक तकनीक सिखाई जाएगी।

    ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती में मील का पत्थर

    उपायुक्त जतिन लाल का कहना है कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के विज़न के अनुरूप जिले में पशुपालकों की मदद और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास निरंतर जारी हैं। बरनोह मुर्रा प्रजनन केंद्र इस दिशा में मील का पत्थर साबित होगा और न केवल ऊना बल्कि आसपास के जिलों के पशुपालकों को भी लाभान्वित करेगा।

  • Haryana News: इस बार 180 फीट के Eco Friendly रावण का होगा दहन, देखें वीडियो

    Haryana News: इस बार 180 फीट के Eco Friendly रावण का होगा दहन, देखें वीडियो

    पंचकूलाः सेक्टर 5 शालीमार ग्राउंड में इस बार विजयदशमी के पर्व पर 180 फीट के रावण का दहन किया जाएगा। आदर्श रामलीला के द्वारा विजयदशमी के पर्व को लेकर रावण कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले बनाए गए। करीब 4 महीने की मेहनत से कार्यक्रम के द्वारा इन पुतलों को तैयार किया है। इस बार पंचकूला में 180 फीट के इको फ्रेंडली रावण का दहन किया जाएगा और इसके अलावा मेघनाथ और कुंभकरण के 100-100 फीट के पुतले बनाए गए हैं। विजयदशमी के पर्व के आयोजन को लेकर कई दिनों से तैयारी चल रही थी। 2 अक्टूबर को विजयदशमी के पर्व में लाखों की संख्या में चंडीगढ़ पंचकूला और मोहाली से लोग यहां पहुंचेंगे।

    जिसको लेकर 500 पुलिस कर्मियों और 200 से ज्यादा प्राइवेट बाउंसरों की तैनाती की गई है। पंचकूला में होने वाले रावण दहन कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। इस विजयदशमी के पर्व पर बनाए गए पुतलों में इको फ्रेंडली पटाखे लगाए गए हैं। आयोजकों के द्वारा विजयदशमी के पर्व में आने वाले लोगों से अपील की गई है कि ट्रैफिक व्यवस्था का खास ध्यान रखें। माता मानसा देवी चैरिटेबल ट्रस्ट दशहरा कमेटी के महासचिव संदीप गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष 180 फीट ऊंचे रावण पुतले का दहन किया जाएगा। यह ट्राइसिटी का अब तक का सबसे विशाल पुतला होगा।

    वहीं, कुंभकरण व मेघनाद 100 फीट पुतले भी जलाए जाएंगे। इस बार आतिशबाजी का नजारा भी बेहद शानदार होगा। पुतलों का दहन रिमोट कंट्रोल से किया जाएगा। पुतलों के मुंह से आग के गोले निकलेंगे। पुतलों के दहन से पहले विशेष रूप से तैयार की गई इको-फ्रेंडली आतिशबाजी भी की जाएगी जो वातावरण को प्रदूषण से बचाने के साथ-साथ रंग-बिरंगी रोशनी और धमाकों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देगी। तीनों पुतलों में 5,000 पटाखों का इस्तेमाल होगा। 3,000 पटाखे रावण और एक-एक हजार मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतलों में लगाए जाएंगे।

    माता मानसा देवी चैरिटेबल ट्रस्ट दशहरा कमेटी के महासचिव संदीप गुप्ता ने बताया कि गत वर्ष पंचकूला में रावण के 155 फीट ऊंचे पुतले का दहन किया गया था। उस समय 181 फीट का पुतला तैयार किया गया था, लेकिन तेज हवाओं के कारण वह गिर गया और ऊंचाई घटाकर 155 फीट करनी पड़ी थी। इस अवसर पर संगीत, लोकनृत्य और नाट्य प्रस्तुति भी होगी। इस अवसर पर दशहरा कमेटी के मुख्य पदाधिकारी प्रधान नवराज मित्तल, चेयरमैन विष्णु गोयल, महासचिव संदीप गुप्ता, वरिष्ठ उपप्रधान अमित गोयल, वाइस चेयरमैन प्रदीप कांसल, कोषाध्यक्ष दीपक गोयल और संरक्षक सतपाल गुप्ता भी उपस्थित थे।

  • Haryana News: कंजक पूजन पर गाड़ी की चपेट में आने से 5 वर्षीय बच्चे की हुई मौत, देखें वीडियो

    Haryana News: कंजक पूजन पर गाड़ी की चपेट में आने से 5 वर्षीय बच्चे की हुई मौत, देखें वीडियो

    पंचकूलाः हरियाणा के पंचकूला में माता मनसा देवी रोड़ पर सड़क दुर्घटना में एक 5 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान 5 वर्षीय अल्फाज के रूप में हुई है। मामले की जानकारी देते हुए महिला कृष्णा ने बताया कि कंजक पूजन के दौरान यह हादसा हुआ है। दरअसल, घटना के दौरान कंजन पूजन पर परिवार प्रशाद दे रहा था। इस दौरान बच्चा भागकर मां के पास जाने लगा और गाड़ी की चपेट में आ गया।

    जिसके बाद बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। हादसे में गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस का कहना है कि मृतक बच्चे के परिवार के बयानों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

  • Punjab News: महिला की बालियां छीनकर भागा Zomato Delivery Boy गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: महिला की बालियां छीनकर भागा Zomato Delivery Boy गिरफ्तार, देखें वीडियो

    बठिंडाः पंजाब भर में स्नैचिंग की वारदातों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। वहीं जिले के थर्मल थाने के अधीन आते इलाके में Zomato Delivery Boy का कारनामा सामने आया है। जहां जोमैटो ब्वॉय महिला की बालियां छीनकर फरार हो गया। घटना की शिकायत पीड़िता ने थर्मल थाने की पुलिस को दी। पुलिस ने महिला की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए जमैटो डिलीवरी ब्वॉय को गिरफ्तार कर लिया है।

    आरोपी को अदालत में पेश करके उसका रिमांड हासिल किया जाएगा। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी सिटी-2 सर्बजीत सिंह ने कहा कि जमैटो की ड्रेस और बैग सहित नौजवान गुरुनानक नगर से महिला की सोने की बालियां छीनकर लेकर फरार हो गया था।

    पुलिस ने कुछ घंटों के भीतर ही कार्रवाई करते हुए डिलीवरी ब्वॉय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि घटना कल की है। घटना स्थल पर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जमैटो डिलीवरी ब्वॉय को गिरफ्तार करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उसको माननीय अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड प्राप्त किया जाएगा।

     

  • किसानों को राहत, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने गेहूं की फसल पर बढ़ाया MSP

    किसानों को राहत, केंद्रीय मंत्रिमंडल ने गेहूं की फसल पर बढ़ाया MSP

    नई दिल्लीः केंद्र सरकार ने किसानों को बड़ी राहत दी है। दरअसल, केंद्र सरकार ने दिवाली से पहले किसानों के लिए गुड न्यूज दी है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने रबी फसल वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं सहित चुनींदा फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को मंजूरी दे दी है। केंद्रीय कैबिनेट बैठक में गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 6.59% बढ़ाकर 2,585 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया। गेहूं के एमएसपी में इस साल 160 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है।

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने विपणन सत्र 2026-27 के लिए एमएसपी में वृद्धि को हरी झंडी दिखाई गई। मामले की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि गेहूं का एमएसपी 2585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। इसके अलावा जौ का एमएसपी 2150 रुपये प्रति क्विंटल, चना 5875 रुपये प्रति कि्वंटल, मसूर 7000 रुपये प्रति क्विंटल, सरसों /रेपसीड 6200 रुपये प्रति क्विंटल और सैफफ्लावर (कुसुम) का एमएसपी 6540 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है।

    ऐसे में अगर साल रबी फसल वर्ष 2025-26 से तुलना करें तो गेहूं के एमएसपी में 160 रुपये प्रति क्विंटल का इजाफा किया गया है। इसी तरह जौ में 170 रुपये, चने में 225 रुपये, मसूर में 300 रुपये, सरसों में 250 रुपये और सैफफ्लावर के एमएसपी में 600 रुपये क्विंटल का इजाफा कर दिया गया है। तिलहन में सबसे ज्यादा एमएसपी सैफफ्लावर का बढ़ाया गया है जबकि दलहन में मसूर का एमएसपी सबसे अधिक किया गया है।

    उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 में गेहूं की लागत 1239 रुपये आंकी गई है और नये एमएसपी 2585 के हिसाब से किसान को लागत का 109 प्रतिशत अधिक भाव मिलेगा। इसी तरह जौ की लागत साल 2026-27 में 1361 रुपये आंकी गई है और उसकी नयी एमएसपी 2150 के अनुसार किसान को लागत से 58 प्रतिशत अधिक भाव मिलेगा।

     

     

     

  • Punjab News: लाल लकीर के जमीन मालिको को बड़ी राहत, शुरू हुई ‘मेरा घर, मेरा मान’ स्कीम

    Punjab News: लाल लकीर के जमीन मालिको को बड़ी राहत, शुरू हुई ‘मेरा घर, मेरा मान’ स्कीम

    तरनतारन: कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां और लालजीत सिंह भुल्लर ने तरंतारन जिले से ‘मेरा घर, मेरा मान’ स्कीम की शुरुआत की। इस दौरान लाल लकीर के अंदर आने वाली जमीन, जायदाद के मालिकाना अधिकार प्राप्त करने वाले हल्का तरनतारन के 11 गांवों के लाभपात्रियों को प्रॉपर्टी कार्ड वितरित किए। इस मौके पर हल्का इंचार्ज हरमीत सिंह संधू, वधीक डिप्टी कमिश्नर राजदीप सिंह बराड़, एसडीएम गुरमीत सिंह और जिला मल अधिकारी गुरप्रीत सिंह ढिल्लो के अतिरिक्त अन्य पदवृत्त और विभिन्न गांवों से आए लाभपात्र भी उपस्थित थे।

    इस अवसर पर संबोधन करते हुए कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है क्योंकि हम लोगों को उनकी संपत्ति के अधिकार बांट रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज तरनतारन से ‘मेरा घर, मेरा मान’ मुहिम की शुरुआत हुई, यह स्कीम प्रदेश में नई क्रांति लाएगी। उन्होंने कहा कि इस स्कीम को राज्य में मिशन मोड पर लागू किया जा रहा है, यह स्कीम दिसंबर 2026 तक राज्य भर में लागू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ‘मेरा घर, मेरा मान’ स्कीम वहां के आबादी क्षेत्र, जिसे हम लाल लकीर के नाम से जानते हैं, में रह रहे लोगों को जमीन के मालिकाना हक देना है।

    इस मौके पर उपस्थित लाभपात्रियों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह प्रॉपर्टी कार्ड आपकी जमीन पर आपके मालिकाना हक का एक स्पष्ट, डिजिटल और सरकारी रिकॉर्ड होगा। अब किसी को यह नहीं कहना पड़ेगा कि आपके पास जमीन का सबूत नहीं है। उन्होंने कहा कि यह संपत्ति कार्ड अब बैंक में आपकी जमीन की गारंटी का कागज बनेगा और आप आसानी से लोन आदि प्राप्त कर सकेंगे। इस स्कीम के लाभपात्र अब लाल लकीर वाली इस जमीन को बिना किसी डर या झंझट के बेच सकते हैं। यह कार्ड खरीददार को पूरा भरोसा देगा कि जमीन साफ है और आप इसका असली मालिक हैं। इससे लेन-देन की प्रक्रिया आसान और पारदर्शी होगी।

    उन्होंने कहा कि अब पीढ़ी दर पीढ़ी के जमीन के झगड़े खत्म होंगे और बच्चों को वसीयत में साफ-सुथरी जमीन मिलेगी। यह संपत्ति कार्ड आपकी जमीन का आधार कार्ड है, यह आपकी अगली पीढ़ी की संपत्ति की गारंटी है। इस अवसर पर संबोधन करते हुए कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में राज्य के लोगों को जरूरतमंद सुविधाएं देने के लिए विभिन्न स्कीमें चलाई जा रही हैं और राज्य के सर्वपक्षी विकास के लिए अनेक विकास कार्य शुरू किए गए हैं।

    उन्होंने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार ने चुनावों से पहले राज्य के लोगों को जो गारंटियां दी थीं, उन्हें पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि ‘मेरा घर, मेरा मान’ स्कीम के जरिए राज्य के हज़ारों परिवारों और लाखों लोगों को लाभ मिलेगा। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के इंचार्ज हरमीत सिंह संधू ने कहा कि सरकार ने इस स्कीम को तरनतारन हलके से बड़े पैमाने पर प्रोजेक्ट ‘मेरा घर, मेरा मान’ की शुरुआत कर माझे को बड़ा सम्मान और गौरवान्वित किया है। इससे पहले मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना का रजिस्ट्रेशन का कार्य भी तरनतारन से प्रारंभ किया गया। हरमीत सिंह संधू ने हलके के विभिन्न गांवों से आए ‘मेरा घर, मेरा मान’ स्कीम के लाभपात्रों को बधाई दी।