Blog

  • आज का राशिफल, 28 मई 2026

    आज का राशिफल, 28 मई 2026

    आज 28 मई को चंद्रमा का गोचर तुला राशि में होने से एक ओर केमद्रुम योग बनेगा क्योंकि चंद्रमा से दूसरे और द्वादश भाव खाली रहेंगे. लेकिन सूर्यदेव आज मंगल और गुरु के मध्य में विराजमान होकर उभयचरी योग बनाएंगे. जबकि आज कुंभ राशि के राहु देव अप्रत्याशित लाभ और मित्रों से सहयोग दिलाने के लिए तत्पर रहेंगे. इन स्थितियों में आज का दिन सभी राशियों के लिए कैसा रहेगा, जानें अपना आज का राशिफल.

    मेष राशि: आज का दिन सुखद और शानदार रहेगा. घर में मांगलिक कार्य के योग बनेंगे आपका रुका हुआ कोई पुराना कार्य पूर्ण होने से मन प्रसन्न रहेगा. प्रशासनिक क्षेत्र में पदोन्नति मिलने का योग बन रहा है. आज का दिन आपके लिए कुछ नया लेकर आने वाला है. परिवार में आपसी सामंजस्य से देखने को मिलेगा. पत्नी और बच्चों के साथ कहीं लंबी यात्रा पर जा सकते हैं. व्यापार-व्यवसाय में आर्थिक उन्नति देखने को मिलेगी. आज प्रॉपर्टी में निवेश करना आपके लिए अच्छा रहेगा.

    वृषभ राशि: आज स्वास्थ्य का ध्यान रखें. आज कुछ विशेष कार्य के लिए आपका चयन किया जा सकता है. कार्यक्षेत्र में आपके कार्य की प्रशंसा होगी. अधिकारी वर्ग आपसे प्रसन्न रहेंगे. आज का दिन आपके लिए कोई खुशखबरी लेकर आने वाला है. आज व्यर्थ के वाद विवाद से दूर रहें. कार्यक्षेत्र में निवेश करना आपके लिए लाभदायक रहेगा. स्वास्थ्य का ध्यान रखें. पत्नी से मतभेद बढ़ सकते हैं.

    मिथुन राशि: आज आप व्यर्थ के कार्यों में उलझे रहेंगे, जिस कारण आपका समय और धन व्यय होगा. आज किसी भी बात पर क्रोधित होना आपके लिए अच्छा नहीं होगा. कुछ बातों को इग्नोर करना आज आपके लिए अच्छा रहेगा. व्यापार-व्यवसाय में पार्टनरशिप पर विचार करके ही कोई कार्य करें. आज कार्यक्षेत्र में परिवर्तन न करें. परिवार में विरोधी वर्ग आपको नीचा दिखाने का प्रयास कर सकता है.

    कर्क राशि: आज का दिन आपके लिए ज्यादा अच्छा नहीं कहा जा सकता. आज आप विवादों से दूर रहें. प्रशासनिक क्षेत्र में अधिकारी वर्ग से मतभेद बढ़ सकते हैं. आज आप कार्यक्षेत्र में अपने शत्रु वर्ग से काफी परेशान रहेंगे. पारिवारिक दृष्टि से आज स्थिति ठीक रहेगी. हालांकि परिवार में मतभेद की स्थिति बनी रहेगी. पत्नी के स्वास्थ्य की चिंता मन में रहेगी. आज यात्रा आदि में सावधानी रखें.

    सिंह राशि: आज का दिन खुशियों से भरा रहेगा. घर में किसी नए मेहमान का आगमन हो सकता है. घर- परिवार में किसी मांगलिक कार्य के योग बनेंगे. आज परिवार में माता-पिता और भाई किसी धार्मिक यात्रा पर जा सकते हैं. व्यापार क्षेत्र में लाभ के योग बनते दिखाई दे रहे हैं. आज पार्टनरशिप करना आपके लिए अच्छा रहेगा. प्रॉपर्टी में निवेश के लिए समय अच्छा है.

    कन्या राशि: आज किसी नए कार्य की शुरुआत करना आपके लिए बहुत अच्छा रहेगा. कार्यक्षेत्र में नए सहयोगी मिलेंगे. आज आर्थिक स्थिति में इजाफा होगा. परिवार में भाई और भतीजे से आर्थिक सहयोग प्राप्त हो सकता है. आज किसी पुराने कर्ज से मुक्त होना आपको बहुत सुखद अनुभव देगा. पत्नी और बच्चों का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा.

    तुला राशि: आज के दिन कुछ समस्याएं सामने आ सकती हैं, जिस कारण आप कुछ परेशान नजर आएंगे. आज कार्य के चक्कर में आपको बाहर की लंबी यात्रा करनी पड़ सकती हैं. स्वास्थ्य का ध्यान रखें. मौसम के हिसाब से आपके स्वास्थ्य में गिरावट आ सकती है. परिवार में समय अनुकूल रहेगा. पत्नी का स्वास्थ्य भी बिगड़ सकता है प्रॉपर्टी संबंधी कार्यों में आज कुछ समस्याएं सामने आएंगी.

    वृश्चिक राशि: आज का दिन आपके लिए ठीक-ठाक रहेगा. नौकरी वर्ग वाले व्यक्तियों को अपने अधिकारी से संबंध अच्छे रखने होंगे. वाणी पर संयम रखना आपके लिए अच्छा होगा. आज के दिन आप किसी नए कार्य की शुरुआत करना चाह रहे हैं, तो मन की बात किसी से शेयर न करें. परिवार के आंतरिक मामलों को सुलझाने में आज आप सफल होंगे. कोर्ट कचहरी की विवाद से दूर रहें.

    धनु राशि: आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है. आप कोई नया कार्य शुरू करने का सोच रहे हैं, तो उसमें सफलता मिलेगी. आज किसी पुराने प्रसिद्ध व्यक्ति से मुलाकात होगी, जिससे मन प्रसन्न रहेगा. रुका हुआ धन प्राप्त होगा. स्वास्थ्य ठीक रहेगा. परिवार में मान सम्मान बढ़ेगा. आज आप कोई विशेष बड़ा डिसीजन परिवार के हित में ले सकते हैं. व्यापार-व्यवसाय में लाभ होगा. कोई नया वाहन आदि खरीद सकते हैं.

    मकर राशि: आज आपका दिन व्यर्थ की भागदौड़ में उलझा रहेगा. किसी वाद विवाद में आज आप फंस सकते हैं. विरोधियों के षड्यंत्र का शिकार हो सकते हैं. स्वास्थ्य में गिरावट महसूस होगी. व्यापार-व्यवसाय में हानि उठानी पड़ेगी. नौकरी वालों के लिए पार्टनर से मतभेद बढ़ सकते हैं. परिवार में पैतृक संपत्ति को लेकर झगड़ा आदि हो सकता है. वाहन का उपयोग संभाल कर करें.

    कुंभ राशि: आज का दिन परेशानियों से भरा रहेगा. आज कोर्ट कचहरी आदि के विवाद में फंस सकते हैं. आपका कोई व्यापार में बड़ा नुकसान हो सकता है. विरोधी वर्ग आपके प्रति षड्यंत्र रह सकते हैं. कोई बड़ा निवेश आज व्यापार में न करें. स्वास्थ्य का ख्याल रखें. परिवार में पत्नी से मतभेद बढ़ सकते हैं. वाणी पर संयम रखें. वाद-विवाद से दूर रहें.

    मीन राशि: आज आप अपने मित्रों के साथ किसी धार्मिक यात्रा आदि पर जा सकते हैं. अपने सामान आदि की रक्षा रखें. नहीं तो नुकसान उठाना पड़ सकता है. स्वास्थ्य को लेकर खानपान पर ध्यान रखें. व्यापार-व्यवसाय में किसी नए काम की शुरुआत की योजना बन सकती है. नौकरी वर्ग में अधिकारियों का पूर्ण सहयोग मिलेगा. परिवार में ससुराल पक्ष से मनमुटाव हो सकता है.

  • ऊना में 28 मई को 83 पंचायतों में होगा चुनाव

    ऊना में 28 मई को 83 पंचायतों में होगा चुनाव

    ऊना सुशील पंडित : ऊना जिले में पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के तहत 28 मई को पांचों उपमंडलों की 83 ग्राम पंचायतों में मतदान करवाया जाएगा। इनमें विकास खंड अम्ब की 19, बंगाणा की 16, गगरेट की 14, ऊना की 18 तथा हरोली की 16 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।  इसे लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त जतिन लाल ने चुनावी प्रक्रिया के लिए  नियुक्त सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करते हुए चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सफल ढंग से संपन्न करवाने के निर्देश दिए हैं। बता दें, 28 मई को होने वाले चुनाव में उपमंडल अंब के तहत ग्राम पंचायत धर्मशाला महंता खास, बधमाणा, नारी चिंतपूर्णी, डूहल बंगवाला, भगड़ा, अम्ब टिल्ला, चुरूडू, पोलियां पुरोहितां, घेवट बेहड़, कुठियाड़ी, दिलवां, राजपुर जस्वां, त्याई, कलरूही, बेहड़ जस्वां, मुबारिकपुर, भैरा, टकारला और कुठेड़ा खैरला में मतदान होंगे। वहीं, बंगाणा में ग्राम पंचायत धुंदला, मलांगड़, अरलूखास, करमाली, ढियुंगली, थानाकलां, घुघन ककराना, दोबड़, प्रोइयां कलां, बुधान, बैरियां, बोहरू, मोमन्यार, बौल, रायपुर और सोहारी में मतदान होंगे। इसी तरह उपमंडल गगरेट में ब्रहम्पुर, बढे़ड़ा राजपूतां, रामनगर, गणु मंदवाड़ा, डंगोह खुर्द, लोहरली, टटेहड़ा, गगरेट अप्पर, मवा कोहलां, चतेहड़, रायुपर, संघनेई, डंगोह खास और नकडोह पंचायतों में मतदान होंगे। उपमंडल ऊना में देहलां लोअर, भटोली, नारी, मजारा, बहडाला लोअर, झुडोवाल, बसोली, बदोली, बडसाला, धमांदरी, मदनपुर, कुरियाला, मैहतपुर, भडोलियां कलां, मलूकपुर, अप्पर बहडाला, बडैहर और डठवाड़ा पंचायतों का मतदान करवाया जाएगा। इसके अलावा हरोली उपमंडल में ग्राम पंचायत लोअर पंजावर, खड्ड, ईसुपर टांडा, भदसाली, भदसाली हार, धर्मपुर, बालीवाल, हरोली, लोअर ललड़ी, नंगल खुर्द, सिंगा, गोंदपुर जयचंद, दुलैहड़, मल्लूवाल, कुठारबीत और हलेड़ा बिलना में मतदान करवाया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी  ने बताया कि संवेदनशील एवं अति संवेदनशील पंचायतों में निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी के लिए वेबकास्टिंग व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि 28 मई को होने वाले दूसरे चरण में 37 पंचायतों की लाइव वेबकास्टिंग की जाएगी। तीनों चरणों में कुल 106 पंचायतों में वेबकास्टिंग व्यवस्था के माध्यम से मतदान प्रक्रिया की निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। पहचान प्रमाण पत्र लाना रहेगा अनिवार्य

    उपायुक्त ने बताया कि मतदान वाले दिन मतदाताओं को अपनी पहचान के लिए वोटर आईडी कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। यदि किसी मतदाता के पास वोटर आईडी कार्ड उपलब्ध नहीं है तो निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 17 वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों में से किसी एक दस्तावेज को प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। इनमें पासपोर्ट, ड्राईविंग लाईसेंस, आयकर पहचान पत्र, राज्य/केन्द्र सरकारध्सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम/पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा अपने कर्मचारिययों को जारी किए जाने वाले फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, किसान पासबुक अथवा बैंक डाकघरों द्वारा जारी की गई फोटोयुक्त पासबुक, राशन कार्ड, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र, छात्र पहचान पत्र, सम्पत्ति संबंधी कागजात जैसे पट्टा, पंजीबद्ध अभिलेख, शस्त्र लाईसेंस, परिवहन अधिकारी द्वारा जारी कंडक्टर लाईसेंस, पेंशन अभिलेख, जैसे भूतपूर्व सैनिक पेंशन बुक अथवा पीपीओ, भूतपूर्व सैनिक की विधवा अथवा आश्रित को जारी प्रमाण पत्र, रेलवे या बस पास, अक्षम प्रमाण पत्र, स्वतंत्रता सेनानी प्रमाण पत्र और आधार कार्ड शामिल हैं।

     
  • Jalandhar News: ज्यादा सैलरी के लालच में दूसरी फैक्ट्री पहुंचा मजदूर, हुआ विवाद, देखें वीडियो

    Jalandhar News: ज्यादा सैलरी के लालच में दूसरी फैक्ट्री पहुंचा मजदूर, हुआ विवाद, देखें वीडियो

    जालंधर(Ens) : जालंधर के सोढल शिव नगर स्थित एक फैक्ट्री मालिक ने अपने पुराने मजदूर पर गंभीर आरोप लगा हंगामा करना शुरू कर दिया। पीड़ित ने बताया कि उक्त युवक पिछले करीब 15 साल से उसकी फैक्ट्री में लेबर का काम करता था। करीब डेढ़ महीने पहले वह अपने गांव चला गया था और उसके पास वापस आने तक के पैसे नहीं थे। पीड़ित के अनुसार उसने मजदूर को वापस बुलाने के लिए उसके खाते में 3 हजार रुपये डाले, जिसके बाद मंगलवार को वह काम पर लौट आया।

    एक दिन काम करने के बाद युवक ने कहा कि उसे दूसरी फैक्ट्री में ज्यादा वेतन मिल रहा है और वह अब वहीं काम करेगा। फैक्ट्री मालिक का आरोप है कि मजदूर बिना बताए दूसरी फैक्ट्री में काम करने चला गया। उसने लोगों से पूछताछ कर नई फैक्ट्री का पता लगाया और वहां पहुंचकर युवक से बात करने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान दूसरी फैक्ट्री के मालिक ने उसके साथ गाली-गलौज की और मौके पर पुलिस बुला ली। पीड़ित ने मांग की है कि मजदूर से उसके 15 हजार रुपये वापस दिलाए जाएं।

  • वादों के शांतिपूर्ण निपटारे को बढ़ावा देगा ‘मेडिएशन फॉर द नेशन 2.0’ अभियान

    वादों के शांतिपूर्ण निपटारे को बढ़ावा देगा ‘मेडिएशन फॉर द नेशन 2.0’ अभियान

    ऊना सुशील पंडित : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊना की सचिव शिखा लखनपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आमजन के बीच मध्यस्थता एवं आपसी सहमति से विवादों के समाधान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘मेडिएशन फॉर द नेशन 2.0’ नामक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य न्यायालयों में लंबित मामलों के त्वरित, सरल एवं सौहार्दपूर्ण निपटारे के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि मध्यस्थता समय और धन की बचत करने के साथ-साथ आपसी संबंधों को भी बनाए रखने में सहायक सिद्ध होती है। यह एक गैर-विवादास्पद प्रक्रिया है, जिसमें दोनों पक्षों की सहमति से शांतिपूर्ण समाधान निकाला जाता है उन्होंने कहा कि अभियान के तहत  न्यायालयों में लंबित दीवानी, पारिवारिक, वाणिज्यिक तथा शमनीय आपराधिक मामलों के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत वैवाहिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, संपत्ति विभाजन, भूमि अधिग्रहण तथा उपभोक्ता मामलों जैसे सुलह योग्य विवादों को प्राथमिकता दी जा रही है। शिखा लखनपाल ने आम नागरिकों से अपील की कि वे विवादों के समाधान के लिए मध्यस्थता को प्राथमिकता दें तथा मेडिएशन फॉर द नेशन 2.0 अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
  • सीमा पार से हथियार तस्करी करने वाले मॉड्यूल से जुड़े पांच आरोपी 8 पिस्तौलों सहित गिरफ्तार

    सीमा पार से हथियार तस्करी करने वाले मॉड्यूल से जुड़े पांच आरोपी 8 पिस्तौलों सहित गिरफ्तार

    चंडीगढ़/अमृतसर : पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए जारी अपने अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने पांच आरोपियों को आठ आधुनिक पिस्तौलों और जिंदा कारतूसों सहित गिरफ्तार कर सीमा पार से अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव  ने दी।
    गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अर्शदीप सिंह उर्फ डी (21) निवासी गुरु की वडाली, अमृतसर; मनप्रीत सिंह उर्फ मान (26) निवासी गांव भैणी, अमृतसर; सुखराज सिंह उर्फ बिल्ला (29) निवासी गांव नौशहरा ढल्ला, तरनतारन; राहुल गिल उर्फ राहुल (22), जो भिखीविंड का निवासी है और वर्तमान समय में गांव दराजके, तरनतारन में रह रहा था; और अर्शदीप सिंह उर्फ गग्गड़ (25) निवासी गांव लोहके, तरनतारन के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है, जिनके खिलाफ आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास, अपहरण और जेल एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।

    बरामद किए गए पिस्तौलों में एक 9 एमएम जिगाना, एक .30 बोर पीएक्स 3 (चीन निर्मित), एक .30 बोर बेरेटा (इटली निर्मित), तीन 9 एमएम ग्लॉक और दो .32 बोर पिस्तौल शामिल हैं। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी विदेशी तस्कर से संपर्क के लिए वर्चुअल नंबरों का इस्तेमाल कर रहे थे। उन्होंने बताया कि यह मॉड्यूल सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी जाने वाली हथियारों और नशे की खेप प्राप्त कर इन्हें पंजाब में आगे आपराधिक तत्वों को सप्लाई करता था। डीजीपी ने कहा कि नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान के लिए मामले में आगे और पीछे के संबंधों का पता लगाने हेतु आगे जांच की जा रही है।

    पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भूल्लर ने बताया कि विश्वसनीय सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने आरोपी राहुल गिल उर्फ राहुल को दो पिस्तौलों सहित गिरफ्तार कर लिया।
    उन्होंने बताया कि राहुल के खुलासों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आगे आरोपी अर्शदीप उर्फ गग्गड़ को एक पिस्तौल सहित गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि मामले की गहराई से जांच के दौरान पुलिस टीमों ने दो अन्य सक्रिय सदस्यों – अर्शदीप उर्फ डी और मनप्रीत उर्फ मान की पहचान की और उन्हें उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वे छेहरटा, अमृतसर स्थित मीरी पीरी अकादमी रोड के पास मोटरसाइकिल पर जा रहे थे तथा उनके कब्जे से दो और पिस्तौल बरामद हुए। इसके अलावा उक्त आरोपियों द्वारा किए गए खुलासों के आधार पर पुलिस ने दो अन्य पिस्तौल भी बरामद कर लिए।

    पुलिस कमिश्नर ने आगे बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी अर्शदीप उर्फ डी और मनप्रीत उर्फ मान ने खुलासा किया कि बरामद किए गए हथियार और गोला-बारूद उन्होंने आरोपी सुखराज उर्फ बिल्ला से खरीदे थे और उनके बयानों के आधार पर आरोपी सुखराज उर्फ बिल्ला को .30 बोर बेरेटा पिस्तौल सहित गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में अमृतसर के थाना छेहरटा में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर नंबर 106 दिनांक 18-05-2026 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 (6,7,8) के तहत एफआईआर नंबर 110 दिनांक 21-05-2026 के अंतर्गत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

  • शादी समारोह में भोजन के बाद बीमार हुए लोगों का मामला

    शादी समारोह में भोजन के बाद बीमार हुए लोगों का मामला

    चंडीगढ़  : पंजाब के कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज सिविल अस्पताल मूनक पहुंचकर हाल ही में एक शादी समारोह में भोजन करने के बाद बीमार हुए लोगों को दिए जा रहे इलाज का जायज़ा लिया। मंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीज़ों से बातचीत कर उनका हाल जाना और अधिकारियों को सभी प्रभावित लोगों के लिए निरंतर चिकित्सा सुविधाएं तथा तुरंत इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
    बता दें कि पिछले दिनों मूनक में एक शादी समारोह के दौरान भोजन करने के बाद कई लोगों, जिनमें महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग शामिल थे, की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद प्रभावित लोगों को सिविल अस्पताल मूनक तथा कुछ को निजी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

    कैबिनेट मंत्री एडवोकेट बरिंदर कुमार गोयल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन संगरूर, एसडीएम तथा अन्य अधिकारियों को तुरंत अस्पताल पहुंचकर मरीज़ों का समुचित इलाज सुनिश्चित करने और हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करवाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक सभी मरीज़ पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो जाते तब तक स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारी 24 घंटे स्थिति पर नज़र रखेंगे। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर इलाज व्यवस्था और सुविधाओं का जायज़ा लिया। मरीज़ों के इलाज में तेज़ी लाई गई तथा विभिन्न शहरों से डॉक्टरों की टीमों को बुलाकर हर प्रकार की चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं। कुछ मरीज़ों को संगरूर रेफर भी किया गया है।

    कैबिनेट मंत्री एडवोकेट बरिंदर कुमार गोयल ने सिविल अस्पताल मूनक पहुंचकर मरीज़ों का हाल जाना और अस्पताल में किए गए प्रबंधों पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, डॉक्टरों और प्रशासनिक अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी भी हासिल की। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि शादी समारोह में भोजन करने के बाद बिमार हुए करीब 72 लोगों को सरकारी और कुछ को निजी अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से सभी मरीज़ ख़तरे से बाहर हैं। उन्होंने बताया कि कौहरियां, संगरूर, भवानीगढ़ और लहरागागा से डॉक्टरों की टीमें मरीज़ों का इलाज कर रही हैं।

    उन्होंने कहा कि पटियाला से भी विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम मूनक अस्पताल पहुंच रही है। सिविल सर्जन संगरूर स्वयं पूरे मिशन की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि डायरेक्टर हेल्थ से भी बातचीत हो चुकी है ताकि मरीज़ों के इलाज में किसी प्रकार की कोई कमी न रहे। उन्होंने कहा कि मरीज़ों के इलाज में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तीन एंबुलेंस मौके पर तैयार रखी गई हैं। सभी मरीज़ों ने अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल ने कहा कि दूध और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी के खिलाफ केंद्र सरकार को पूरे देश में सख़्त कानून बनाने चाहिए ताकि मिलावट के कारण होने वाली ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई करेगी।

  • Jalandhar News: इस इलाके में लड़के के घर पर हुआ हमला, देखें वीडियो

    Jalandhar News: इस इलाके में लड़के के घर पर हुआ हमला, देखें वीडियो

    जालंधर: बस्ती दानिश मंदा में युवक द्वारा जमकर उत्पाद मचाया गया। जहां नौजवान ने पहले घर के बाहर खड़ी एक्टिवा को गिरा दिया। इसके बाद में घर पर तोड़फोड़ करने लगा। इस दौरान जब महिला मौके पर आए तो वह उसके साथ भी हाथापाई करने लगा। इसके बाद अन्य लोगों ने बीच बचाव किया और महिला ने भाग कर अपनी जान बचाई।
    नौजवान महिला को पकड़ने के लिए पीछे तक भाग लेकिन वह लड़खडाता हुआ सड़क पर गिर गया। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है। पड़ोसी नौजवान द्वारा घर पर पत्थर से हमला किया गया। तेजराम कुछ लोग आकर बीच बचाव करते हैं और नौजवान को घर के अंदर जाने के लिए कहते हैं। लेकिन नौजवान द्वारा घर के बाहर पड़े सामान की तोड़फोड़ की जाती है और उसके बाद घर के बाहर पत्थर मारे जाते हैं।    
  • एमडीयू ने पीजी डिप्लोमा प्रोग्राम्स की डेटशीट वापस ली, नई अधिसूचना जारी

    एमडीयू ने पीजी डिप्लोमा प्रोग्राम्स की डेटशीट वापस ली, नई अधिसूचना जारी

    चंडीगढ़ : महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू)रोहतक ने मई 2026 परीक्षाओं के तहत संचालित अधिकांश पीजी डिप्लोमा प्रोग्राम्स की थ्योरी परीक्षाओं की डेटशीट वापस ले ली है। विश्वविद्यालय द्वारा इस संबंध में 25 मई 2026 को अधिसूचना जारी की गयी थी। विश्वविद्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि एपीजीडीसीए तथा पीजी डिप्लोमा इन गाइडेंस एंड काउंसलिंग को छोड़कर सभी पीजी डिप्लोमा प्रोग्राम्स की थ्योरी डेटशीट फिलहाल वापस ले ली गई है।

    इसके साथ ही कुछ यूजी, लॉ और डिप्लोमा प्रोग्राम्स की परीक्षाओं की तिथियों में संशोधन किया गया है। परीक्षा शाखा ने स्पष्ट किया है कि संशोधित परीक्षाओं का समय और परीक्षा केंद्र पूर्व निर्धारित मुख्य डेटशीट के अनुसार ही रहेगा। प्रवक्ता ने आगे बताया कि छात्र विश्वविद्यालय वेबसाइट और संबंधित विभागों से अपडेटेड जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

  • बीटेक-एमटेक के कुछ पेपरों की परीक्षा की आयोजन तिथि में बदलाव, नई तिथि जारी

    बीटेक-एमटेक के कुछ पेपरों की परीक्षा की आयोजन तिथि में बदलाव, नई तिथि जारी

    चंडीगढ़ : महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) रोहतक ने  बीटेक एवं एमटेक सेमेस्टर के कुछ पेपरों की आयोजन तिथि में बदलाव किया है।

    विश्वविद्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि एमटेक तीसरे सेमेस्टर (सीबीसीएस ब्रांच) के ओपन इलेक्टिव विषयों की अलग डेटशीट जारी की गई है। वहीं बीटेक छठे सेमेस्टर (जी स्कीम) के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसई) के इलेक्टिव-III विषय डिस्ट्रिब्यूटेड सिस्टम (पेपर कोड: PEC-CSE-3) की परीक्षा, जो पहले 11 जून 2026 को होनी थी, अब 30 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा का समय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक रहेगा तथा परीक्षा केंद्र में कोई बदलाव नहीं किया गया है। विद्यार्थियों संशोधित डेटशीट विश्वविद्यालय की वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं।

  • खेलों में रुचि रखने वाले बच्चों की ग्राम स्तर पर पहचान करके उन्हें दिया जाएगा खेल का माहौल

    खेलों में रुचि रखने वाले बच्चों की ग्राम स्तर पर पहचान करके उन्हें दिया जाएगा खेल का माहौल

    चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में खेलों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए सरकार एक नई पहल करने जा रही है। खेलों का पावर हाऊस बन चुके हरियाणा में अब खेलों में रुचि रखने वाले बच्चों की ग्राम स्तर पर पहचान की जाएगी और बच्चे की पसंद के खेल में उसे तैयार किया जाएगा। इसके लिए पंचायत, स्कूल व खेल विभाग मिलकर संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। यह बात मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में हरियाणा विजन 2047 के अंतर्गत खेल विभाग के अगले 5 वर्ष के रोडमैप व कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी खेल परिसरों में लगे उपकरणों की समुचित जांच करवाई जाए ताकि किसी खिलाड़ी को दुर्घटना का शिकार न होना पड़े।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल विभाग केवल शहरों और अपने स्टेडियम तक सीमित न रहे बल्कि खेल प्रतिभाओं की पहचान के लिए गांवों का रुख करे। ग्रामीण क्षेत्र में सरकारी स्कूलों के परिसरों को खेलों के लिए इस्तेमाल किया जाए और यहां खेलों में रुचि रखने वाले बच्चों का रजिस्ट्रेशन किया जाए। इस कार्य में पंचायत, स्कूल व खेल विभाग मिलकर कार्ययोजना बनाए। जिन बच्चों की जिन खेलों में रुचि है उन्हें उन खेलों के लिए आवश्यक माहौल व उपकरण उपलब्ध करवाए जाएं तो हरियाणा में खेल के क्षेत्र में आमूलचूल बदलाव हो सकता है। जो बच्चे स्कूल नहीं जाते उन्हें भी खेलों से जोड़ा जाए ताकि उन्हें नशे आदि की लत से बचाया जा सके।

    नायब सिंह सैनी ने कहा कि ओलंपिक-2036 के लिए अभी से दीर्घकालिक योजना बनाकर तैयारियां की जानी आवश्यक है। इसके लिए 10-12 साल के बच्चों की पहचान कर उनकी खेल रुचि को परिष्कृत करें और उनके लिए स्पेशल प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएं। इसके लिए क्षेत्र अनुसार व खेलों के अनुसार सूची बनाई जाए कि किस क्षेत्र में किस खेल के प्रति कितने युवाओं की रुचि है। इसके बाद संबंधित खेलों में उत्कृष्टता पाने के लिए फोकस किया जाए।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल विभाग एक पोर्टल तैयार करे जहां ब्लॉक स्तर पर खेलों में भागीदारी कर रहे बच्चों का पूरा रिकॉर्ड हो। केवल विजेता खिलाड़ियों का ही नहीं बल्कि जो बच्चा अभ्यास कर रहा है और खेलों में भागीदारी कर रहा है उन सबका भी रिकॉर्ड तैयार किया जाए। खेल एसोसिएशनों को भी इस अभियान से जोड़ा जाए। उन्होंने बच्चों को खेलों में भागीदारी के लिए प्रेरित करने हेतु सभी खेल परिसरों में स्थानीय स्तर के ऐसे खिलाड़ियों के फोटो लगाने के भी निर्देश दिए जिन्होंने खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय या अंतर्राष्ट्रीय स्तर का अवार्ड प्राप्त किया हो।

    खेल विभाग के निदेशक श्री पार्थ गुप्ता ने खेल विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों तथा 2030 तक की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल प्रदेश में कोई भी स्थान ऐसा नहीं है जिसके 10 किलोमीटर के दायरे में खेल स्टेडियम न हो। उन्होंने जमीनी स्तर पर ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में खेल के आधारभूत ढांचे व सुविधाओं को बढ़ाने, खेल प्रतिभाओं की पहचान करने तथा खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के संबंध में तैयार की गई कार्ययोजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी भविष्य के दृष्टिकोण के आधार पर विभाग का कायाकल्प करें ताकि अंतर्राष्ट्रीय मैपिंग में हरियाणा की स्थिति अच्छे स्तर पर हो। मुख्यमंत्री ने सीएम अनाउंसमेंट के तहत दौलताबाद, गुरुग्राम में बनाए जा रहे दिव्यांग स्टेडियम की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ओलंपिक-2036 में प्राप्त की जाने वाली उपलब्धियों में इस प्रकार के आधुनिक खेल परिसरों का विशेष योगदान होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर की प्रधान सचिव श्रीमती अमनीत पी कुमार, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव श्री यशपाल यादव, मुख्यमंत्री के ओएसडी व स्वर्ण जयंती हरियाणा राजकोषीय प्रबंधन संस्थान के महानिदेशक डॉ. राज नेहरू तथा खेल विभाग के निदेशक श्री पार्थ गुप्ता सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।