Blog

  • दिनदहाड़े 5 सेकेंड में प्रॉपर्टी डीलर का गोलियां मारकर कत्ल, देखें वीडियो

    दिनदहाड़े 5 सेकेंड में प्रॉपर्टी डीलर का गोलियां मारकर कत्ल, देखें वीडियो

    लखनऊः रायबरेली रोड पर कल्ली पश्चिम में पुलिस चौकी से चंद कदम दूर बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने 41 वर्षीय प्रापर्टी डीलर संदीप सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद नकाबपोश बदमाश बिना नंबर की अपाचे बाइक से रायबरेली रोड की तरफ फरार हो गए। इस घटना में कारोबारी संदीप को सीधे सिर के पास गोली लगी और वे गंभीर रुप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर डीसीपी दक्षिण अमित कुमार आनंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की है। राजफाश के लिए सर्विलांस समेत पुलिस की पांच टीमों को लगाया गया है। रायबरेली रोड और किसान पथ के आसपास लगे कैमरों से पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।

    इस पूरे हत्याकांड का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज के मुताबिक, प्रॉपर्टी कारोबारी संदीप सिंह सुबह किसी काम से निकले थे। वह जैसे ही कल्ली पश्चिम इलाके में अपनी कार से नीचे उतरे, पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार दो हमलावरों ने उन पर धावा बोल दिया। शूटर ने महज 5 सेकंड के भीतर संदीप सिंह पर बेहद करीब से तीन राउंड फायरिंग की।

    जौनपुर के सिकरारा स्थित टिकारी गांव के रहने वाले संदीप का एक मकान आशियाना में है। बीते कुछ दिनों से संदीप अपनी पत्नी प्रीति, बेटी शिवि और बेटे सार्थक के साथ किराये के मकान में वृंदावन योजना सेक्टर तीन में रहते थे। मोहनलालगंज इलाके में उनकी प्लाटिंग साइट और कल्ली पश्चिम में रायबरेली रोड के किनारे उनका कार्यालय है। डीसीपी दक्षिण अमित कुमार आनंद ने बताया कि पत्नी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर अज्ञात बदमाशों को चिन्हित करने के लिए टीम लगाई गई हैं। मोबाइल फोन और अन्य माध्यमों से रंजिश, लेनदेन और जमीन के विवाद के बिंदु पर जांच की जा रही है। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

  • प्रदेश की सभी आईटीआई में बनेंगी मॉडर्न वर्कशॉप

    प्रदेश की सभी आईटीआई में बनेंगी मॉडर्न वर्कशॉप

    चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश की सभी आईटीआई की वर्कशॉप को मॉडर्न करके यहां आधुनिक जरूरतों के अनुरूप उपकरण उपलब्ध करवाए जाएं। सभी विद्यार्थियों को रोजगार सुनिश्चित करने के लिए आईटीआई के कोर्स और पढ़ाई को उद्योगों की जरूरत के अनुसार तैयार किया जाए ताकि युवाओं को कोर्स खत्म होते ही रोजगार मिल सके और उद्योगों को अपनी आवश्यकता के अनुसार कुशल युवा उपलब्ध हो सकें। इसके साथ ही स्वरोजगार करने वाले युवाओं को भी प्रोत्साहित किया जाए और उनके आइडियाज को स्टार्ट-अप में बदलने के लिए उनकी सहायता की जाए। मुख्यमंत्री ने यह निर्देश हरियाणा विजन 2047 के अंतर्गत आज हरियाणा सिविल सचिवालय में युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग के अगले 5 वर्ष की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए दिए। उन्होंने कहा कि आईटीआई, पोलिटेक्निक व वोकेशनल शिक्षा देने वाले सभी संस्थानों के शिक्षकों की भी समय-समय पर ट्रेनिंग और उद्योगों के साथ कॉर्डिनेशन करवाया जाए ताकि वे अपने विद्यार्थियों को समय की मांग के अनुरूप तैयार कर सकें। सरकार भी युवाओं को नौकरी देने वाले उद्योगों को प्रोत्साहन राशि दे रही है ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मिल सके।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि समय के साथ उद्योगों की जरूरतों में बदलाव हुए हैं लेकिन आईटीआई जैसे प्रशिक्षण संस्थान अभी भी पुरानी पद्धति से पढ़ाई करवा रहे हैं। इसके चलते उद्योगों को कार्यकुशल युवा नहीं मिल पा रहे हैं और कोर्स कर चुके युवाओं को रोजगार नहीं मिल पाता है। इसके लिए जरूरी है कि सभी आईटीआई में कोर्स और वर्कशॉप को पूरी तरह से उद्योगों की मांग के अनुरूप व मॉडर्न किया जाए। युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग के प्रधान सचिव श्री राजीव रंजन ने बताया कि आईटीआई की वर्कशॉप्स को मॉडर्न करने का सर्वे करवाया जा रहा है। पहले चरण में सर्वे हो चुकी आईटीआई के लिए 10 करोड़ रुपये के आधुनिक उपकरणों की खरीद के ऑर्डर कर दिए गए हैं, जल्द ही ये उपकरण आईटीआई में पहुंच जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाग उद्योगों के साथ एमओयू साइन करके युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान करके उन्हें रोजगार के काबिल बनाए। विभाग सभी उद्योगों से समन्वय बनाकर उनकी जरूरतों का अध्ययन करे और उसी के अनुरूप कुशल युवा तैयार करे। उन्होंने कहा कि अगली तिमाही में होने वाली बैठक में विभाग उन्हें यह विवरण प्रदान करे कि कितने उद्योगों के साथ समझौते किए गए हैं।

    नायब सिंह सैनी ने कहा कि आईटीआई व पोलिटेक्निक के शिक्षकों को भी प्रशिक्षण दिलवाया जाए ताकि वे भी अपने आप को समय की जरूरत के अनुसार अपडेट कर सकें। आईटीआई शिक्षकों को उद्योगों की जरूरतों का अध्ययन करने के लिए औद्योगिक इकाइयों में भी भेजा जाए। इसी प्रकार समय-समय पर उद्योगों के प्रतिनिधि या विशेषज्ञों को आईटीआई में बुलाकर विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शन कार्यक्रम करवाए जाएं। अधिकारियों ने बताया कि कुरुक्षेत्र में प्रदेश स्तरीय इंस्ट्रक्टर ट्रेनिंग सेंटर खोलने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सेंटर तैयार होने तक प्रदेश के श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के साथ मिलकर इसी साल से शिक्षकों की ट्रेनिंग करवाई जाए। डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर की प्रधान सचिव अमनीत पी कुमार ने बताया कि विदेश सहयोग विभाग के माध्यम से युवाओं को विदेश में रोजगार उपलब्ध करवाने हेतु प्रदेश में 4 जिलों में प्रशिक्षण केंद्र खोले जाएंगे। दो जिलों, करनाल व पंचकूला में इनके लिए स्थान चिह्न्ति किए जा चुके हैं, दो जिलों का चयन करने की प्रक्रिया चल रही है। इन केंद्रों के शुरू होने के बाद अधिक से अधिक युवाओं को विदेशों में रोजगार के लिए तैयार किया जा सकेगा।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए अधिक से अधिक रोजगार मेले लगवाए जाएं। मुख्यमंत्री ने गत वर्ष आयोजित किए गए रोजगार मेलों की संख्या और इनके माध्यम से रोजगार प्राप्त युवाओं की संख्या की जानकारी मांगते हुए कहा कि प्लेसमेंट और ऑफर लैटर मिलने वाले युवाओं की ट्रेकिंग करवाई जाए ताकि पता लगे कि उसे स्थाई रोजगार मिला है या नहीं। उन्होंने कहा कि रोजगार अधिकारियों को भी उद्योगों में जाकर उनकी जरूरतों की जानकारी लेते रहना चाहिए और उसी के अनुरूप विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करना चाहिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता,  मुख्यमंत्री के ओएसडी व स्वर्ण जयंती हरियाणा राजकोषीय प्रबंधन संस्थान के महानिदेशक डॉ. राज नेहरू तथा मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव यशपाल यादव सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

  • Punjab News: महिलाओं ने गुरुद्वारा साहिब में दिया वारदात को अंजाम, चुराए तांबे के बर्तन, देखें वीडियो

    Punjab News: महिलाओं ने गुरुद्वारा साहिब में दिया वारदात को अंजाम, चुराए तांबे के बर्तन, देखें वीडियो

    जलालाबादः फाजिल्का जिले में जलालाबाद के गांव चक्क सड़ीयां में श्री गुरुद्वारा साहिब से दिनदहाडे़ सामान चोरी कर लिया गया। महिलाओं के एक ग्रुप में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना सीसीटीवी में कैद हुई है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। बताया जा रहा है कि कुछ महिलाएं श्री गुरुद्वारा साहिब में दाखिल हुई और अंदर प्रसाद बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले बड़े तांबे का बर्तन चोरी कर लिया। फिलहाल शिकायत पुलिस को की गई है।

    जानकारी के अनुसार, कुछ महिलाएं गांव में आई, जो गांव की गलियों से होती हुई स्थानीय श्री गुरुद्वारा साहिब ने दिनदिहाड़े दाखिल हुई और मौका लगते ही गुरुद्वारा साहिब के अंदर पड़े श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले तांबे के बड़े बर्तन को कपड़े में छिपाकर चोरी कर लिया। ये सारी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। फिलहाल इसकी शिकायत पुलिस को की गई तो पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द की आरोपी महिलाओं को काबू कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

  • Punjab News: रवनीत बिट्टू Vs विधायक धालीवाल जमकर साधे निशाने, देखें वीडियो

    Punjab News: रवनीत बिट्टू Vs विधायक धालीवाल जमकर साधे निशाने, देखें वीडियो

    अमृतसरः आप पार्टी के पंजाब प्रमुख कुलदीप सिंह धालीवाल ने भाजपा पर जमकर निशाने साधे। इस दौरान उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि पंजाब में हुई नगर निगम, नगर कौंसिल और ग्रामीण पंचायत चुनावों को 99 प्रतिशत शांतिपूर्ण माना गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने बहुत शांति और लोकतांत्रिक तरीके से अपने वोट का प्रयोग किया और आप पार्टी के सभी वोटरों का धन्यवाद किया जाता है। धालीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं के कारण चुनाव सुचारू रूप से हुए।

    इस दौरान धालीवाल ने केंद्र सरकार के मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि संगरूर में महिला पुलिस अधिकारी और सब इंस्पेक्टर के साथ दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि एक केंद्रीय मंत्री द्वारा इस तरह की भाषा का इस्तेमाल निंदनीय है और पंजाब के लोग इसे कभी स्वीकार नहीं करेंगे। धालीवाल ने कहा कि बीजेपी पंजाब में डर और धमकी की राजनीति करने की कोशिश कर रही है, लेकिन पंजाबियों ने इतिहास में हर जुल्म का डटकर मुकाबला किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग मुद्दों की राजनीति चाहते हैं, न कि धमकियों और बयानबाजी।

    धालीवाल ने पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि झोने के सीजन से पहले डीजल महंगा होने से किसान और मध्यम वर्ग पर बड़ा बोझ पड़ेगा। धालीवाल ने बीजेपी नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि वे पंजाब के गांवों में जाकर लोगों को बढ़ती कीमतों का जवाब दें। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी मुद्दों पर राजनीति करती है, जबकि विपक्षी पार्टियां लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही हैं। धालीवाल ने कहा कि पंजाब के लोग 2027 में भी अपने फैसले से जवाब देंगे।

  • Punjab News: 8 आधुनिक पिस्तौल सहित 5 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: 8 आधुनिक पिस्तौल सहित 5 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    अमृतसरः कमिशनरेट पुलिस ने सीमा पार से गैर-कानूनी हथियारों की तस्करी करने के मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 8 आधुनिक पिस्तौल और कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी वर्चुअल नंबरों और सोशल मीडिया ऐप्स के जरिए एक विदेशी स्मगलर से संपर्क में थे। यह मॉडल ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से हथियार और नशे की खेप मंगवा कर पंजाब के अपराधी तत्वों तक पहुंचाता था। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान चाइना और पाकिस्तान में बने कई आधुनिक पिस्तौल बरामद हुए हैं।

    उन्होंने कहा कि ये हथियार काफी खतरनाक थे और समय पर कार्रवाई से बड़ी अपराधी घटनाओं को रोका गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अर्शदीप सिंह निवासी गुरु की वडाली, मनप्रीत सिंह मान, सुखराज सिंह बिल्ला, राहुल गिल्ल और अर्शदीप सिंह निवासी कांगड़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार कई आरोपियों के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस और हथियारों से संबंधित मामले दर्ज हैं।

    जांच में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क को विदेश में बैठा गोलील नामक सामानलेर चला रहा था। ड्रोन के जरिए अंतरराष्ट्रीय सीमा से हथियारों की खेप भेजी जाती थी, जिन्हें पंजाब में सप्लाई किया जाता था। कमिशनर भुल्लर ने कहा कि नौजवानों में रातों-रात अमीर बनने की लालच के कारण वे ऐसे गैंगों से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की तरफ से एंटी गैंगस्टर और एंटी नारकोटिक्स मुहिम के अंतर्गत लगातार कार्रवाई की जा रही है ताकि पंजाब में अपराध और गैंगस्टरवाद को रोका जा सके।

     

     

  • पंचकूला के Dimoka Club विवाद में पुलिस की सख्त कार्रवाई, दोनों पक्षों के 7 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    पंचकूला के Dimoka Club विवाद में पुलिस की सख्त कार्रवाई, दोनों पक्षों के 7 आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    पंचकूला: सेक्टर-5 स्थित डिमोका क्लब में 24/25 मई की रात हुई कहासुनी और उसके बाद वाहनों में तोड़फोड़ के मामले में पंचकूला पुलिस की सैक्टर-5 थाना टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

    एसीपी विक्रम नेहरा के अनुसार, 25 मई को सेक्टर-5 थाना में एक शिकायत प्राप्त हुई थी। जिसमें शिकायतकर्ता नारायण दत्त उर्फ नितीन अपने साथियों के साथ 24/25 मई की रात को सेक्टर-5 स्थित डिमोका क्लब पहुंचे थे। क्लब में भीड़ अधिक होने के कारण उन्हें एंट्री नहीं दी गई जिसके बाद वहां मौजूद बाउंसरों और युवकों के बीच कहासुनी व गाली-गलौज शुरु हो गई।

    जांच में पाया गया है कि क्लब के बाउंसरों में दवारा 2 गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई जबकि दूसरे पक्ष ने भी गुस्से में क्लब परिसर में नुकसान पहुंचाया है। सैक्टर-5 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रुपेश चौधरी द्वारा दोनों पक्षों को थाना में बुलाया गया। वो मामले की गंभीरता को देखते हुए भविष्य में कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के मद्देनजर दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की है।

    मामले की जांच सब इंस्पेक्टर यशपाल सिंह द्वारा की जा रही है। मामले में पहले पक्ष के जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनमें मनीष उर्फ मनी निवासी पिंजौर जिला पंचकूला, सुखविंद्र सिंह उर्फ सुखी निवासी जिला पंचकूला नारायण दत्त उर्फ नितीन निवासी, पिंजौर जिला पंचकूला तथा गौरव पुत्र कृष्ण निवासी पिंजौर जिला पंचकूला शामिल हैं।

    डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने मामले को लेकर कड़ा संदेश देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था भंग करना, हुड़दंग मचाना और संपत्ति को नुकसान पहुंचाना। किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। युवाओं को कानून अपने हाथ में लेने की जगह संयम और जिम्मेदारी का परिचय देना चाहिए।

    उन्होंने कहा कि पंचकूला पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने की लिए पूरी तरह सतर्क है और भविष्य में इस प्रकार की हिंसात्मक गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

     

     

  • ऊर्जा मंत्री अनिल विज का बिजली कॉल सेंटर पर औचक निरीक्षण

    ऊर्जा मंत्री अनिल विज का बिजली कॉल सेंटर पर औचक निरीक्षण

    चण्डीगढ़ : हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने आज पंचकूला स्थित उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के कॉल सेंटर का औचक निरीक्षण कर बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कॉल सेंटर में आने वाली शिकायत कॉल्स, उनके समाधान की प्रक्रिया तथा उपभोक्ताओं को दिए जा रहे रिस्पॉन्स की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी भी ली।

    औचक निरीक्षण के उपरांत मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 1912 कॉल सेंटर स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता को बिजली आपूर्ति या बिलिंग संबंधी कोई समस्या आती है तो वह सीधे कर्मचारियों को फोन करने की बजाय 1912 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाए, ताकि शिकायतों की मॉनिटरिंग पारदर्शी तरीके से हो सके और उपभोक्ताओं व कर्मचारियों के बीच किसी प्रकार की असुविधा या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।

    विज ने बताया कि पंचकूला स्थित इस कॉल सेंटर में लगभग 250 कर्मचारी 24 घंटे कार्यरत रहते हैं और बिजली से संबंधित शिकायतों को लगातार अटेंड करते हैं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं यह देखने के लिए यहां पहुंचे हैं कि शिकायतों का निस्तारण तय समयसीमा के भीतर और प्रभावी ढंग से हो रहा है या नहीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई उपभोक्ताओं से सीधे फोन पर बातचीत कर शिकायत समाधान की स्थिति की जानकारी ली। कुछ उपभोक्ताओं ने समाधान पर संतोष जताया, जबकि कुछ मामलों में अपेक्षित रिस्पॉन्स न मिलने की बात सामने आई, जिस पर उन्होंने अधिकारियों को तुरंत सुधार के निर्देश दिए। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि शहरी क्षेत्रों में बिजली संबंधी शिकायतों का समाधान अधिकतम दो घंटे के भीतर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में चार घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि आज कॉल सेंटर में लगभग 2500 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें से आधी शिकायतों का समाधान किया जा चुका है, जबकि शेष शिकायतों पर तेजी से कार्य जारी है।

    मोरनी क्षेत्र की एक शिकायत का उल्लेख करते हुए विज ने बताया कि वहां पिछले दिन से बिजली आपूर्ति बाधित थी। इस संबंध में उन्होंने तत्काल संबंधित अधीक्षण अभियंता से बातचीत कर मौके पर स्टाफ भेजने और शीघ्र बिजली बहाल करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार, रोहतक क्षेत्र में अधिक शिकायतें मिलने पर उन्होंने वहां के अधिकारियों को भी शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। विज ने कहा कि उन्होंने स्वयं अपने मोबाइल फोन से भी कॉल सेंटर में एक शिकायत दर्ज कर उसकी कार्यप्रणाली की जांच की। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो कॉल सेंटर में अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती भी की जाएगी ताकि बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों का और अधिक तेजी एवं प्रभावी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जा सके। औचक निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार उपभोक्ताओं को बेहतर, पारदर्शी और जवाबदेह बिजली सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

  • Punjab News: Royal Estate Office में दूसरी दिन ED की रेड जारी

    Punjab News: Royal Estate Office में दूसरी दिन ED की रेड जारी

    मोहालीः प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ई.डी. द्वारा जीरकपुर में स्थित रॉयल स्टेट कार्यालय में जांच की गई थी, जो आज दूसरी दिन भी जारी है। यह कार्रवाई कथित जमीन हेराफेरी, जाली दस्तावेज़ और संदेहपूर्ण वित्तीय लेनदेन से जुड़े मामले की जांच के तहत की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार जीरकपुर-अंबाला हाईवे स्थित रॉयल ऑक्सफोर्ड स्ट्रीट कार्यालय समेत पंजाब व चंडीगढ़ रॉयल सिटी प्रमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड (सीआरसीपीएल) से जुड़े 2 ठिकानों पर एक साथ छापा मारा।

    सेक्टर-20 के जिस आवासीय परिसर में जांच हुई, वह रियल एस्टेट कारोबारी प्रवीण कंसल उर्फ रॉकी से जुड़ा बताया जा रहा है। ईडी ने कंपनी के डायरेक्टरों, सीए, अकाउंटेंट्स व अन्य संबंधित लोगों समेत करीब 20 व्यक्तियों के ठिकानों की तलाशी लेकर अहम दस्तावेज, डिजिटल उपकरण और वित्तीय रिकॉर्ड जब्त किए हैं।

    सूत्रों के अनुसार ई.डी. की टीम जमीन की खरीद-फरोख्त, बैंक लेनदेन, कंपनियों के रिकॉर्ड और निवेश से संबंधित दस्तावेज़ों की पड़ताल कर रही है। जांच के दौरान कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, प्रॉपर्टी रिकॉर्ड और वित्तीय दस्तावेज़ों की भी जांच की गई है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि जमीन सौदों में इस्तेमाल रकम का स्रोत क्या था और लेनदेन किन खातों और माध्यमों से किए गए।

  • ड्रोन सर्वे के आधार पर होगा शिकोहपुर भूमि मामले का समाधान 

    ड्रोन सर्वे के आधार पर होगा शिकोहपुर भूमि मामले का समाधान 

    चंडीगढ़ : हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नगर निगम मानेसर के गांव शिकोहपुर में अनुसूचित जाति के लोगों के लिए चिन्हित लगभग सात एकड़ भूमि का ड्रोन सर्वे करवाकर 15 जून तक रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। यह भूमि खसरा नंबर 2345 में स्थित है, जिसे ग्राम पंचायत द्वारा अनुसूचित जाति कॉलोनी निर्माण हेतु चिन्हित किया गया था।राव नरबीर सिंह आज इस मुद्दे पर बुलाई गई शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उपायुक्त गुरुग्राम तथा आयुक्त नगर निगम मानेसर ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।

    वर्ष 1991 में 13 लोगों को किया गया था भूमि आवंटन

    बैठक में उपायुक्त गुरुग्राम ने मंत्री को अवगत कराया कि वर्ष 1991 में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के कृषि विकास केंद्र से संबंधित यह भूमि अनुसूचित जाति के 13 लोगों को आवंटित की गई थी। अधिकारियों ने बताया कि पिछले 50 वर्षों से अधिक समय से लोगों का बसासत कब्जा इस भूमि पर बना हुआ है। राव नरबीर सिंह ने कहा कि हिसार के चार गांवों से जुड़े इसी प्रकार के भूमि मामले में कैबिनेट द्वारा स्वीकृत नीति को आधार बनाते हुए वर्ष 2004 के कलेक्टर रेट के अनुसार लोगों को विभिन्न श्रेणियों के प्लॉट आवंटित किए जाएं।

    गैरकानूनी कब्जों की भी होगी जांच

    मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि भूमि पर कब से कितने लोग काबिज हैं तथा कहीं कोई व्यक्ति गैरकानूनी तरीके से कब्जा तो नहीं किए हुए है। बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि वर्तमान में यह भूमि पंचायत के अधीन नहीं है, इसलिए इस संबंध में निर्णय हरियाणा नगर निगम अधिनियम, 1994 के तहत लिया जाएगा। साथ ही ड्रोन सर्वे का कार्य हरियाणा सरकार की अधिकृत एजेंसी से करवाया जाएगा।

    महेंद्रगढ़ में विकास कार्यों की भी हुई समीक्षा बैठक में नगरपालिका महेंद्रगढ़ के विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि विकास कार्यों के लिए 22 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की जा चुकी है, जिसमें से 13 करोड़ रुपये बरसाती पानी की निकासी के लिए निर्धारित किए गए हैं। अधिकारियों ने यह भी बताया कि मानसून से पहले नालों एवं सीवरेज की सफाई का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। बैठक में महेंद्रगढ़ से विधायक कँवर सिंह, आयुक्त एवं सचिव पंचायत एवं विकास श्री वाई एस गुप्ता, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक श्री मुकुल कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

  • अंगदान करने वाले परिवारों का कर्ज कभी नहीं उतार पाएगा समाज

    अंगदान करने वाले परिवारों का कर्ज कभी नहीं उतार पाएगा समाज

    चंडीगढ़ : हरियाणा की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान और आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने बुधवार को चंडीगढ़ में पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, पीजीआईएमएस रोहतक के चिकित्सा अधीक्षक, सोटो हरियाणा और अंग प्रत्यारोपण टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल, सोटो हरियाणा की पूरी टीम और ट्रांसप्लांट सर्जनों की पीठ थपथपाते हुए कहा कि इनके अथक प्रयासों से हरियाणा आज अंगदान के क्षेत्र में देश का आदर्श राज्य बन रहा है।

    आरती सिंह राव ने पीजीआईएमएस रोहतक के कुलपति डॉ एच के अग्रवाल,समर्पित डॉक्टरों, सर्जनों, सोटो हरियाणा की पुरी टीम,नर्सिंग स्टाफ, और पूरी मेडिकल टीम को ब्रेन-डेड दाताओं के अंग प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक करने पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह नेक कार्य कई लोगों के जीवन को बचा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री ने विशेष रूप से उस केस का जिक्र किया जिसमें पीजीआईएमएस रोहतक की टीम ने आर्मी हेलीकॉप्टर से किडनी को चंडीमंदिर स्थित आर्मी कमांड हॉस्पिटल पहुंचाया था। उन्होंने कहा कि समय पर ट्रांसप्लांट होने से एक जवान की जान बच गई। उन्होंने कहा कि मेडिकल टीम, प्रशासन और सशस्त्र बलों के बीच यह अनुकरणीय तालमेल मानवता की सेवा की भावना को दिखाता है। यह सिर्फ अंगदान नहीं, राष्ट्र सेवा है।

    आरती सिंह राव ने कहा कि डॉ अग्रवाल की टीम ने पीजीआईएमएस ने पिछले दो महीनों में 5 सफल अंगदान करवाकर नया कीर्तिमान बनाया है। सोटो हरियाणा की काउंसलिंग टीम के शब्दों में वो ताकत है जो दुख में डूबे ब्रेन -डेड व्यक्ति के परिवार को भी अंगदान करने के लिए मना लेती है। उन्होंने कहा कि मौत अटल है, पर अंगदान से हम मौत को भी मात दे सकते हैं। अंगदान से बड़ा पुण्य कोई नहीं।स्वास्थ्य मंत्री  आरती राव ने अंगदान करने वाले सभी परिवारों को नमन किया। उन्होंने कहा कि जिस परिवार ने अपने कलेजे के टुकड़े को खोने के बाद भी दूसरों की भलाई के बारे में सोचा, वो परिवार नहीं, देवता समान है। अंगदान करने वाले सभी परिवारों का समाज  सात जन्मों में भी क़र्ज़ नहीं उतार पाएगा।

    उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी अंगदान को महादान कहा है। उनकी प्रेरणा से हरियाणा में जागरूकता तेजी से बढ़ी है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि भारत में हर साल लाखो लोग अंगों के इंतजार में दम तोड़ देते हैं। ब्रेन डेड के परिवार की एक ‘हां’ 8 परिवारों के घर का चिराग दोबारा से जला सकती है। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंर्ती  आरती सिंह राव ने डॉ. कुंदन मित्तल,चिकित्सा अधीक्षक,डॉ. सुखबीर सिंह,नोडल अधिकारी, सोटो,ट्रॉमा आईसीयू इंचार्ज डॉ. तरुण यादव ,डॉ. अंकुर गोयल, नेफ्रोलॉजिस्ट सर्जन डॉ. विवेक सिंह ठाकुर ,डॉ. गौरव पांडेय,दीप्ति खरब ,ट्रांसप्लांट को-ऑर्डिनेटर, सोटो, राजेश कुमार, कंसल्टेंट आईईसी, सोटो,पीजीआईएमएस, रोहित, ट्रांसप्लांट को-ऑर्डिनेटर को प्रशंसा -पत्र देकर सम्मानित किया।