Blog

  • आज का राशिफल, 10 जुलाई 2026

    आज का राशिफल, 10 जुलाई 2026

    आज भरणी नक्षत्र की गहरी एनर्जी हर राशि में एक सवाल लेकर आई है कि जो पुराना और अधूरा है उसे कब पूरा करेंगे। कल की अश्विनी की तेज शुरुआत के बाद आज थोड़ी गहराई और सोच-विचार जरूरी है। आज पर्सनालिटी में एक गहरी क्रिएटिव इंटेंसिटी महसूस होगी। आज का दिन हल्का नहीं, बल्कि असरदार रहने वाला है। आज ज्यादा बोलने से जरूरी है ज्यादा काम करके दिखाना और हो सकता है कि इसके लिए आपको कोई तारीफ भी न मिले। कर्क और सिंह राशि वालों को पारिवारिक सुख मिलेगा, जबकि तुला और मकर राशि वालों का भाग्य दे सकता है साथ। आइए विस्तार से जानते हैं आपका आज का भविष्यफल।

    मेष राशि: करियर में पुराने काम को आगे बढ़ाएं तो आज बेहतर होगा। मेष राशि वालों के लिए आज का दिन खुद से जुड़ा और गहरा है। मन में एक तेज और जोशीली ऊर्जा है, जो कुछ नया करने की ललक देती है। आज सिर में भारीपन या थकान महसूस हो सकती है, इसलिए खुद की सेहत पर ध्यान दें और ज्यादा मेहनत से बचें। आत्मविश्वास आज मजबूत है, जो बात कहेंगे वो असर करेगी। पुरानी कोई अटकी हुई बात आज एक नई रोशनी में दिखेगी। करियर में पुराने काम को आगे बढ़ाएं। घर का माहौल आज सुकूनदेह रहेगा और परिजनों का सहयोग मिलेगा। जीवनसाथी के साथ आज शाम को कुछ अच्छा वक्त बिताएं। नया बड़ा निवेश या खरीदारी 24 जुलाई के बाद करें। जल्दबाजी में कोई भी फैसला आज न लें।

    वृष राशि: आज खान-पान का ध्यान रखें, आंखों की देखभाल जरूरी है। वृष राशि वालों के लिए आज का दिन धन और परिवार के मामले में असरदार है। खान-पान का आज खास ध्यान रखें, बाहर का खाना आज टालना बेहतर रहेगा। आंखों की देखभाल आज जरूरी है, ज्यादा देर स्क्रीन पर न देखें। परिवार के साथ बैठकर आज कोई जरूरी बात करें, माहौल अनुकूल है। आवाज का ध्यान रखें, ज्यादा बोलने से बचें। पैसों के मामले में कोई पुरानी बात आज सामने आ सकती है, उसे नए नजरिए से देखें। पैसों से जुड़ा नया बड़ा फैसला 24 जुलाई के बाद लें। घर के बड़ों का सहयोग आज मिलेगा। करियर में धैर्य रखना आज सबसे बड़ी समझदारी है। आज थकान और कम ऊर्जा की समस्या दिनभर परेशान कर सकती है।

    मिथुन राशि: आज छोटी यात्रा के योग बन रहे हैं। मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन बातचीत और यात्रा के मामले में असरदार है। भाई या बहन से आज कोई जरूरी और काम की बात हो सकती है, उसे ध्यान से सुनें और जल्दबाजी में जवाब न दें। छोटी यात्रा का प्लान आज अचानक बन सकता है। कंधों में दर्द या तकलीफ हो सकती है, सावधान रहें। कोई लेखन या संवाद वाला काम आज नए सिरे से शुरू करेंगे, तो नतीजा अच्छा निकलेगा। करियर में पुराने काम पर ध्यान दें। बातचीत में नया बड़ा वादा करने से आज बचें। सांस से जुड़ी कोई तकलीफ हो, तो नजरअंदाज न करें। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा।

    कर्क राशि: घर का माहौल सुकून वाला रहेगा, माता से स्नेह पाएंगे। कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन घर और परिवार के मामले में बेहद अनुकूल है। घर का माहौल आज सुकूनदेह है। मां के साथ आज कुछ खास वक्त बिताएं, उनकी बात ध्यान से सुनें। जमीन या संपत्ति से जुड़ा कोई पुराना और अटका मामला आज आगे बढ़ सकता है। वाहन से जुड़ा कोई छोटा काम आज निपटाने का सही मौका है। घर में कुछ नया करने या सजाने का मन बन सकता है। करियर में पुराने काम पर फोकस करें। लाभ में एक अच्छी एनर्जी है। आज आपको दोस्तों के साथ क्वालिटी टाइम बिताने का मौका मिलेगा।

    सिंह राशि: रचनात्मक काम में आज नई ऊर्जा मिलेगी। सिंह राशि वालों के लिए आज का दिन रचनात्मकता और संतान के मामले में खास है। कोई रचनात्मक काम जो लंबे समय से अधूरा हो, उसे आज उठाएं तो एक नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। शाम को बच्चों के साथ मनोरंजन का वक्त जरूर निकालें, उनके साथ खेलें या बाहर ले जाएं। प्रेम संबंध में आज एक गहरी और जुनून की भावना महसूस होगी, उसे सही तरीके से व्यक्त करें। रीढ़ की हड्डी का आज ध्यान रखें, ज्यादा देर एक ही स्थिति में बैठकर काम न करें। निवेश से जुड़ा कोई पुराना मामला आज हल होने की दिशा में बढ़ सकता है। करियर में एक मजबूत कदम आगे बढ़ाने का अच्छा मौका है।

    कन्या राशि: सेहत का ध्यान रखें, उधार चुकाने के लिए दिन अच्छा है। कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन सेहत और रोजमर्रा के कामों के मामले में असरदार है। सेहत का आज खास ध्यान रखें, पेट और पाचन से जुड़ी कोई तकलीफ हो तो उसे नजरअंदाज न करें। दिनचर्या को नियमित रखें तो लंबे समय तक फायदा होगा। पालतू जानवर हो तो उसकी देखभाल आज जरूरी है। पुराना कोई उधार चुकाने का आज अच्छा मौका है, टालें नहीं। नौकरी में पुराने काम पर फोकस रखें। किसी प्रतिस्पर्धी से सावधान रहें और उनकी चाल को समझकर चलें। परिवार का सहयोग मिलेगा। सुस्ती और कम ऊर्जा की समस्या दिनभर परेशान कर सकती है। कोई नया प्रोजेक्ट 24 जुलाई के बाद शुरू करें।

    तुला राशि: परिवार के लोगों से आपको सहयोग मिलेगा। तुला राशि वालों के लिए आज का दिन जीवनसाथी और साझेदारी के मामले में गहरा और असरदार है। जीवनसाथी के साथ आज कहीं बाहर जाने का प्लान बनाएं, माहौल बेहद अनुकूल है। व्यापारिक साझेदार के साथ कोई पुरानी बात आज आगे बढ़ सकती है। रिश्ते में एक गहरी ऊर्जा है जिसे महसूस करें और एक्सप्रेस करें। पीठ के निचले हिस्से में दर्द हो सकता है, सावधान रहें। किडनी का ध्यान रखें, पानी खूब पिएं। करियर में पुराने काम को आगे बढ़ाएं। समय के साथ स्वभाव में लचीलापन रखना आज जरूरी है। परिवार के लोगों का सहयोग मिलेगा।

    वृश्चिक राशि: कोई छुपी हुई बात सामने आ सकती है। वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन गुप्त मामलों और छुपी बातों के लिहाज से असरदार है। बीमा, आयकर या पुराने दस्तावेज से जुड़ा काम आज आगे बढ़ सकता है, उसे जरूर उठाएं। कोई रहस्यमय या छुपी हुई बात आज अचानक सामने आ सकती है, घबराएं नहीं। किसी पुराने कर्ज को चुकाने का मौका मिल सकता है। शोध या गहरे विश्लेषण वाले काम में आज खास सफलता मिल सकती है। अचानक कुछ अप्रत्याशित हो सकता है, मन को शांत रखें। करियर में पुराने काम पर फोकस रखें। जीवनसाथी के साथ रिश्ते में गहराई आएगी। आज जल्दबाजी में कोई फैसला लेने से बचें।

    धनु राशि: भाग्य का साथ मिलेगा, किसी वरिष्ठ व्यक्ति का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। धनु राशि वालों के लिए आज का दिन भाग्य और धर्म के मामले में शुभ है। किस्मत में आज एक गहरी और जुनूनी ऊर्जा है, जो काम को आगे बढ़ाती है। किसी गुरू, मेंटर या बड़े का आशीर्वाद और मार्गदर्शन आज जरूर लें, यह लंबे समय तक काम आएगा। किसी तीर्थ स्थान की यात्रा का प्लान आज बन सकता है। उच्च शिक्षा से जुड़ा कोई काम आज आगे बढ़ सकता है। जांघों या कूल्हों में दर्द हो, तो आज आराम जरूरी है। करियर में एक मजबूत और आत्मविश्वास भरा कदम आगे बढ़ाने का सही मौका है। जीवन के प्रति नजरिया आज सकारात्मक रखें। कोई नया बड़ा फैसला जल्दी में न करें।

    मकर राशि: आपको आज करियर में नई दिशा मिलेगी। मकर राशि वालों के लिए आज का दिन करियर और समाज में सम्मान के लिहाज से असरदार है। काम में आज गहरी और जोशीली ऊर्जा महसूस होगी। बॉस या किसी वरिष्ठ से आज सीधी बात करने का मौका मिल सकता है, उसे जाने न दें। पिता या किसी बड़े का मार्गदर्शन आज काम आ सकता है। सरकारी काम हो तो आज आगे बढ़ सकता है। समाज में आज आपकी बात सुनी जाएगी और सम्मान मिलेगा। घुटनों और हड्डियों का आज ध्यान रखें। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। लाभ में एक अच्छी एनर्जी है। कोई नया बड़ा एग्रीमेंट 24 जुलाई के बाद करें।

    कुंभ राशि: पुराने मित्र से मुलाकात फायदेमंद रहेगी। कुंभ राशि वालों के लिए आज का दिन लाभ और मित्रों के मामले में अच्छा है। कोई पुरानी इच्छा आज पूरी होने की दिशा में बढ़ सकती है। किसी पुराने मित्र से अचानक मुलाकात या संदेश आ सकता है जो आगे बड़ा काम आए। भाई या बहन से आज कोई जरूरी और काम की बात हो सकती है, उसे ध्यान से सुनें। नेटवर्किंग के लिए आज का दिन अनुकूल है। पिंडलियों और टखनों का आज ध्यान रखें, ज्यादा देर खड़े रहने से बचें। करियर में पुराने काम को नए सिरे से उठाएं। मन में उत्साह है, लेकिन जल्दबाजी से बचें। कोई नई बड़ी योजना में पैसा लगाने से पहले अच्छी तरह से सोच विचार करें।

    मीन राशि: अपने खर्च पर आज नियंत्रण रखने का प्रयास करें। मीन राशि वालों के लिए आज का दिन घर-परिवार और पैसों की बातों के इर्द-गिर्द घूमने वाला है। अकेले में बैठकर किसी पुरानी और अटकी समस्या पर सोचें, तो रास्ता जरूर निकलेगा। नींद आज बेहद अच्छी आएगी, रात को जल्दी सोने की कोशिश करें और इसका पूरा फायदा उठाएं। खर्चों पर आज नजर रखें, फिजूलखर्ची भारी पड़ सकती है। पैरों के पंजों में दर्द हो सकता है। विदेश से कोई बात आ सकती है या कोई पुराना संपर्क फिर से जुड़ सकता है। मन में कुछ अनजाना उलझन हो सकती है, उसे किसी करीबी से शेयर करें। रचनात्मकता और प्रेम में आज एक गहरी ऊर्जा है।

  • “एंटी चिट्टा अभियान” के तहत ऊना पुलिस का जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ

    “एंटी चिट्टा अभियान” के तहत ऊना पुलिस का जागरूकता अभियान, विद्यार्थियों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ

    ऊना, सुशील पंडित: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “एंटी चिट्टा अभियान” के तहत जिला पुलिस ऊना ने गुरुवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को चिट्टा (हेरोइन) समेत अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

    जे.एस. विज़डम वर्ल्ड स्कूल ऊना सहित विभिन्न विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को NDPS Act के तहत मादक पदार्थों से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया।

    पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य उपस्थित लोगों को “एंटी चिट्टा शपथ” दिलाई गई तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी का संकल्प भी दिलाया गया।

    जिला पुलिस ऊना ने कहा कि नशे के खिलाफ यह जन-जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस का मानना है कि युवाओं की जागरूकता और समाज के सामूहिक प्रयासों से ही नशे जैसी सामाजिक बुराई पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

  • बरिंदर कुमार गोयल द्वारा ससराली कॉलोनी के समीप सतलुज धुस्सी बांध के कार्यों का जायज़ा

    बरिंदर कुमार गोयल द्वारा ससराली कॉलोनी के समीप सतलुज धुस्सी बांध के कार्यों का जायज़ा

    चंडीगढ़ : पंजाब के जल संसाधन तथा खनन एवं भू-विज्ञान मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज लुधियाना के ससराली कॉलोनी गांव के नज़दीक सतलुज दरिया के धुस्सी बांध पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर तथा उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं ताकि लोगों के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। बरिंदर कुमार गोयल ने बताया कि ससराली कॉलोनी गांव में लगभग 3300 फुट लंबा बांध क्षतिग्रस्त हो गया था जिसकी पुनर्निर्माण परियोजना प्रगति पर है। इस कार्य पर लगभग 11.75 करोड़ रुपये की लागत आ रही है। परियोजना के तहत लगभग 2,00,000 घन मीटर मिट्टी का उपयोग किया जा रहा है जिसमें से लगभग 1,50,000 घन मीटर कार्य पूरा किया जा चुका है जबकि शेष कार्य भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।

    उन्होंने बताया कि इस पुनर्निर्माण कार्य की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि दरिया किनारे के कटाव को रोकने के लिए बांध के नदी की ओर वाले अंदरूनी हिस्से में पी.पी.एम.एफ. (पॉलीप्रोपाइलीन मल्टीफिलामेंट) जियोट्यूब लगाए जा रहे हैं। इस परियोजना के तहत कुल लगभग 450 जियोट्यूब लगाए जाने हैं जिनमें से करीब 325 जियोट्यूब पहले ही स्थापित किए जा चुके हैं और शेष कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पी.पी.एम.एफ. जियोट्यूब परियोजना पंजाब में अपनी तरह की पहली पहल है जो नदी तट संरक्षण तथा बाढ़ प्रबंधन के लिए आधुनिक जियोसिंथेटिक इंजीनियरिंग तकनीकों के उपयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।

    जल संसाधन मंत्री ने निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और मौके पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री  भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार राज्य के बांधों को मज़बूत बनाने तथा बाढ़ के संभावित खतरे को कम करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि धुस्सी बांध के सुदृढ़ होने से सतलुज नदी के किनारे बसे गांवों और क्षेत्रों को बड़ी राहत मिलेगी तथा बरसात के दौरान पानी के दबाव से होने वाले नुकसान को रोकने में सहायता मिलेगी।

    गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। जहां भी आवश्यकता हो वहां अतिरिक्त मशीनरी और मानव संसाधन तैनात कर कार्य में तेज़ी लाई जाए। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों की सुरक्षा और कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा वर्षा ऋतु के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पहले ही किए जा रहे हैं।

    उप मंडल मजिस्ट्रेट लुधियाना पूर्वी श्रीमती जसलीन कौर भुल्लर ने बताया कि ज़िला प्रशासन जल संसाधन विभाग के साथ पूर्ण समन्वय बनाकर निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष नज़र रखी जा रही है तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा जनहित को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि पंजाब सरकार राज्य के बुनियादी ढांचे को मज़बूत बनाने, बाढ़ प्रबंधन को और प्रभावी बनाने तथा लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

  • अमन अरोड़ा ने स्टार्टअप विकास को बड़ा बढ़ावा देने के लिए पंजाब निवेशक सर्कल और न्यूरॉन 2.0 लॉन्च किया

    अमन अरोड़ा ने स्टार्टअप विकास को बड़ा बढ़ावा देने के लिए पंजाब निवेशक सर्कल और न्यूरॉन 2.0 लॉन्च किया

    चंडीगढ़ : राज्य को प्रौद्योगिकी के नए युग का अग्रदूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने आज दो महत्वपूर्ण पहलों की शुरुआत की। इनमें पहला प्रमुख प्रयास ‘पंजाब निवेशक सर्कल’ है, जो उच्च संभावनाओं वाले स्टार्टअप्स को उद्यम पूंजी निवेशकों, उद्योग जगत के अग्रणी नेताओं और इकोसिस्टम सहयोगियों से जोड़ने के लिए एक समर्पित मंच प्रदान करता है। दूसरी महत्वपूर्ण पहल ‘स्टार्टअप पंजाब हब-न्यूरॉन 2.0’ है, जो डीप-टेक इनक्यूबेशन और उन्नत कौशल को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। इन दोनों पहलों का उद्देश्य नवाचार-संचालित उद्यमों के लिए पंजाब को भारत का सबसे पसंदीदा गंतव्य बनाना है।

    स्टार्टअप पंजाब द्वारा मोहाली स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ नैनो साइंस एंड टेक्नोलॉजी में आयोजित उद्घाटन समारोह में सूचना प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा, कृषि, विनिर्माण तथा डीप-टेक सहित विभिन्न क्षेत्रों के 14 नवाचारी स्टार्टअप्स ने पिचिंग सत्र प्रस्तुत किए। इस कार्यक्रम ने उद्यमियों, निवेशकों और सलाहकारों को एक मंच पर एकत्र होकर अपने स्टार्टअप्स की विकास योजनाएं प्रस्तुत करने तथा फंडिंग, रणनीतिक मार्गदर्शन और दीर्घकालिक साझेदारी के अवसरों पर विचार-विमर्श करने का अवसर प्रदान किया।

    जन सभा को संबोधित करते हुए उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार व्यवहारिक, नवाचारी और सुदृढ़ अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

    उन्होंने कहा, “स्टार्टअप पंजाब ने नीतिगत प्रोत्साहन, सीड फंडिंग और इनक्यूबेशन सहायता प्रदान की है। पंजाब निवेशक सर्कल के माध्यम से अब हम नवाचार और निवेश के बीच मौजूद महत्वपूर्ण अंतर को समाप्त करने के लिए एक दीर्घकालिक संस्थागत मंच तैयार कर रहे हैं। सरकार एक सक्षम इकोसिस्टम तैयार कर सकती है, लेकिन सतत विकास के लिए निवेशकों के साथ मजबूत साझेदारी आवश्यक है।”

    श्री अमन अरोड़ा ने राज्य में बढ़ रहे स्टार्टअप्स की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में पंजाब में 2500 से अधिक डीपीआईआईटी-मान्यता प्राप्त स्टार्टअप हैं। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप पंजाब ने 6.8 करोड़ रुपये से अधिक की सीड फंडिंग के माध्यम से 222 से अधिक स्टार्टअप्स की सहायता की है। राज्य के समावेशी विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स में से लगभग आधे में कम-से-कम एक महिला निदेशक है, जो पंजाब के आर्थिक क्षेत्र में महिला उद्यमियों की बढ़ती भागीदारी का प्रमाण है।

    उद्योग मंत्री ने स्टार्टअप पंजाब हब-न्यूरॉन 2.0 का भी उद्घाटन किया, जो पहले के कार्यक्रम का उन्नत संस्करण है। उन्होंने बताया कि न्यूरॉन पहल ने 114 तकनीकी स्टार्टअप्स को विकसित किया, 67 बौद्धिक संपदा (इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी) फाइलिंग में सहायता प्रदान की, लगभग 2700 रोजगार सृजित किए तथा स्टार्टअप्स को लगभग 890 करोड़ रुपये के कुल मूल्यांकन तक पहुंचाने में सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि न्यूरॉन 2.0 का उद्देश्य एक समर्पित साइबर सुरक्षा प्रयोगशाला और अत्याधुनिक कौशल अवसंरचना स्थापित करके इस इकोसिस्टम को और अधिक मजबूत बनाना है।

    इस कार्यक्रम में स्टार्टअप्स, निवेशकों और सलाहकारों के बीच नेटवर्किंग सत्र भी आयोजित किए गए, जिससे भविष्य के निवेश और रणनीतिक सहयोग का मार्ग प्रशस्त हुआ। इन दोनों पहलों के शुभारंभ के साथ पंजाब सरकार ने स्टार्टअप्स और नवाचार-संचालित उद्यमों के लिए राज्य को भारत के सबसे पसंदीदा गंतव्यों में शामिल करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

    इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के प्रशासनिक सचिव श्री गुरकिरत किरपाल सिंह, पंजाब विकास आयोग की वाईस चेयरमैन श्रीमती सीमा बंसल, इन्वेस्ट पंजाब के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अमित ढाका, निदेशक श्री जसप्रीत सिंह तथा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

  • स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज ने मंत्रोच्चारण से किया भूमिपूजन

    स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज ने मंत्रोच्चारण से किया भूमिपूजन

    स्टीलबर्ड हाई-टेक इंडिया लिमिटेड का हिमाचल में छटी इकाई का भव्य आगाज

    बददी, सचिन बैंसलः हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला के बल्याणा में स्टीलबर्ड हाईटेक इंडिया लिमिटेड ने गुरुवार को अपने छठे उद्योग की स्थापना का भूमिपूजन किया। करीब 115 बीघा भूमि पर स्थापित होने वाले इस अत्याधुनिक उद्योग से क्षेत्र के लगभग 1800 युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।

    उद्योग के भूमिपूजन शुभारंभ अवसर पर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। करीब 250 करोड रुपये की लागत से बनने वाले इस नए कारखाने का भूमिपूजन उनके सानिध्य में हवन-पूजन एवं प्रवचन का आयोजन किया गया जिसके उपरांत उद्योग का विधिवत शिलास्थापन किया गया।

    उद्योग के प्रबंधक अरुण कुमार ने बताया कि स्थापना समारोह धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि बल्याणा में स्थापित किया जा रहा यह नया उद्योग आधुनिक तकनीक से युक्त होगा और क्षेत्र के औद्योगिक विकास के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

    उन्होंने बताया कि स्टीलबर्ड हाई-टेक इंडिया लिमिटेड का यह नया संयंत्र प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति देगा तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा। समारोह में उद्योग जगत से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्ति, प्रशासनिक अधिकारी एवं स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।

     

  • कैलाश नगर और गगरेट अप्पर में दी सरकारी योजनाओं की जानकारी

    कैलाश नगर और गगरेट अप्पर में दी सरकारी योजनाओं की जानकारी

    ऊना, सुशील पंडित:  सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष प्रचार अभियान के पहले चरण के चौथे दिन आज(गुरुवार) को आर.के. कलामंच, चिंतपूर्णी ने गगरेट उपमंडल के गावं कैलाश नगर और गगरेट अप्पर में जन-जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान कलाकारों ने गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से ग्रामीणों को प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जातियों के कल्याणार्थ चलाई जा रही योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों, उपलब्धियों तथा नशामुक्त अभियान से अवगत करवाया।

    कार्यक्रम में कलाकारों ने जानकारी दी कि हिमाचल सरकार द्वारा कम्पयूटर प्रशिक्षण योजना के तहत अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांग, विधवा, एकल, परित्यक्ता व अल्पसंख्यकों को एक वर्ष के पीजीडीसीए और डीसीए कम्पयूटर कोर्स करवाने का प्रावधान है। इसके साथ ही प्रशिक्षण के दौरान अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और विधवा व एकल नारियों को प्रशिक्षण के दौरान 1,000 रूपये मासिक भत्ता और 1500 रूपये प्लेसमेंट संबंधी स्टाइपेंढ़ प्रदान किया जाता है। इसके अलावा योजना के तहत दिव्यांग श्रेणी में बारह सौ रूपये मासिक भत्ता और 1,800 प्लेसमेंट संबंधी स्टाइपेंढ़ देने का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 35 वर्ष और परिवार की वार्षिक आमदनी 2 लाख से कम होनी चाहिए।

    नाटय दलों ने ग्रामीणों को स्वर्ण जयंती आश्रय योजना, मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, इंदिरा गांधी सुख सुरक्षा योजना के साथ-साथ अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। इसके अलावा कलाकारों ने विशेष रूप से नशा निवारण पर बल देते हुए नशे को समाज की गंभीर बुराई बताया और लोगों से नशे से दूर रहने व समाज को इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

    उल्लेखनीय है कि अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं और कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, जिन्हें गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए सांस्कृतिक दलों के माध्यम से विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया है।

    यहां होंगे आगामी जागरूकता कार्यक्रम
    आरके कलामंच चिंतपूर्णी द्वारा जन जागरूकता अभियान के पहले चरण के अंतिम दिन 10 जुलाई को बंगाणा के मोउखास और सकोहान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं, दूसरे चरण में पूर्वी कलामंच जलग्रां टब्बा द्वारा 14 से 18 जुलाई तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें 14 जुलाई को हरोली के जोड़ियां और जननी, 15 को हरोली के जंगल पंजावर और भदसाली थोलियां, 16 को ऊना के बटूही और लमलेहड़ी अप्परली, 17 को ऊना के जखेड़ा और बहडाला लोअर तथा 18 जुलाई को परोइयां कलां और पनसाई में गीत संगीत व नुकड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को मनोरंजन के साथ जनहित में संचालित योजनाओं बारे जानकारी दी जाएगी।

    इस मौके पर गगरेट की प्रधान उपासना देवी, गगरेट अप्पर की प्रधान नीलम रानी, उप प्रधान गगरेट अजय कुमार, उप प्रधान गगरेट अप्पर आशीष शर्मा, सचिव ममता कुमारी और अरूण ठाकुर सहित संबंधित पंचायतों के वार्ड सदस्य व स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

  • Haryana News: 105 मामलों में जब्त 6.03 करोड़ की हेरोइन, चरस, गांजा, अफीम व अन्य मादक पदार्थ विशेष भट्टी में किए नष्ट, देखें वीडियो

    Haryana News: 105 मामलों में जब्त 6.03 करोड़ की हेरोइन, चरस, गांजा, अफीम व अन्य मादक पदार्थ विशेष भट्टी में किए नष्ट, देखें वीडियो

    ड्रग माफिया के खिलाफ पुलिस का बड़ा प्रहार

    पंचकूलाः हरियाणा सरकार के नशा मुक्त अभियान को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारते हुए पंचकूला पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ एक और बड़ी एवं निर्णायक कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन की निगरानी एवं अध्यक्षता में गठित नशीले पदार्थों के निपटान समिति के निर्देशानुसार करीब 6 करोड़ 3 लाख 36 हजार 930 रुपये की अनुमानित बाजार कीमत वाले विभिन्न प्रकार के नशीले पदार्थों को सभी कानूनी औपचारिकताओं का पालन करते हुए वैज्ञानिक एवं सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया।

    जब्त किए गए नशीले पदार्थों को पुलिस कमिश्नर पंकज नैन की निगरानी में, सभी कानूनी शर्तों का पूर्ण पालन करते हुए बागवाला स्थित हाईजीन फैक्ट्री में उच्च तापमान वाली विशेष भट्टी में नष्ट किया गया, ताकि मादक पदार्थ पूरी तरह समाप्त हो जाएं और उनके दोबारा किसी भी प्रकार के दुरुपयोग या पुनः उपयोग की कोई संभावना न रहे। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाए रखने के लिए डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता, एसीपी अजीत सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी, कर्मचारी तथा संबंधित तकनीकी स्टाफ मौके पर मौजूद रहा और नष्टकरण की प्रत्येक प्रक्रिया की बारीकी से निगरानी की।

    पुलिस कमिश्नर की अध्यक्षता वाली नशीले पदार्थों के निपटान समिति ने केवल उन्हीं केस प्रॉपर्टीज को नष्ट करने की अनुमति प्रदान की, जिनके संबंध में संबंधित न्यायालयों से विधिवत स्वीकृति प्राप्त हो चुकी थी। इससे पूरी प्रक्रिया न केवल कानूनी रूप से मजबूत रही बल्कि पारदर्शिता और जवाबदेही भी सुनिश्चित हुई।

    नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 60 मामलों की 2 किलोग्राम 296 ग्राम 947 मिलीग्राम हेरोइन, 11 मामलों की 24 किलोग्राम 97 ग्राम 19 मिलीग्राम चरस, 12 मामलों की 31 किलोग्राम 752 ग्राम गांजा, 1 मामले के 5 किलोग्राम 352 ग्राम अफीम के पौधे, 19 मामलों की 6 किलोग्राम 989 ग्राम 350 मिलीग्राम अफीम, 1 मामले की 6 किलोग्राम 422 ग्राम चूरा पोस्त (पॉपी हस्क) तथा 1 मामले की 750 नशीली गोलियां (टैबलेट) शामिल थीं। यह सभी मादक पदार्थ पंचकूला पुलिस द्वारा 105 अलग-अलग मामलों में कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए थे। इनकी कुल अनुमानित बाजार कीमत करीब 6 करोड़ 3 लाख 36 हजार 930 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

    पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि नशीले पदार्थों का वैज्ञानिक तरीके से नष्टकरण केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने कहा कि पंचकूला पुलिस समाज को नशे के खतरे से सुरक्षित रखने के लिए आगे भी सख्त, पारदर्शी और लगातार कार्रवाई करती रहेगी तथा नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी दृढ़ता से काम करेगी।

    वहीं डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी नशा तस्करी, अवैध बिक्री, पेडलर नेटवर्क अथवा किसी व्यक्ति द्वारा मादक पदार्थों के दुरुपयोग की जानकारी मिले तो तुरंत मानस हेल्पलाइन 1933 अथवा पंचकूला पुलिस के ड्रग इंफो हेल्पलाइन नंबर 7087081100 एवं 7087081047 पर सूचना दें। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि यदि उनके परिवार या आसपास का कोई व्यक्ति नशे की लत से जूझ रहा है तो शर्म या भय के कारण समस्या को छिपाने के बजाय आगे आकर सहायता लें। पंचकूला पुलिस नशा मुक्ति अभियान के तहत उपचार, परामर्श, पुनर्वास तथा सामाजिक सहयोग की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि नशे की गिरफ्त में आए लोगों को एक नई और बेहतर जिंदगी की ओर लौटने का अवसर मिल सके।

     

     

  • वायरल ‘बुलेट पटाखा’ वीडियो पर ऊना पुलिस का सख्त एक्शन, अवैध साइलेंसर हटवाकर 10 हजार का चालान

    वायरल ‘बुलेट पटाखा’ वीडियो पर ऊना पुलिस का सख्त एक्शन, अवैध साइलेंसर हटवाकर 10 हजार का चालान

    ऊना,सुशील पंडित: सोशल मीडिया पर वायरल हुए “बुलेट पटाखा” वीडियो पर जिला पुलिस ऊना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर मॉडिफाइड बुलेट मोटरसाइकिल को ट्रेस किया और उस पर लगे अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर को मौके पर ही हटवा दिया। पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत वाहन चालक के विरुद्ध 10,000 का चालान भी किया। बताया गया कि अवैध रूप से मॉडिफाई किए गए साइलेंसर से अत्यधिक शोर उत्पन्न हो रहा था, जिससे ध्वनि प्रदूषण फैल रहा था और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जिला पुलिस ऊना ने स्पष्ट किया कि वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन कर ध्वनि प्रदूषण फैलाना कानून का उल्लंघन है। यातायात नियमों का उद्देश्य आमजन की सुरक्षा, सुविधा और सार्वजनिक शांति बनाए रखना है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार का अवैध मॉडिफिकेशन न करवाएं और यातायात नियमों का पालन करें। साथ ही चेतावनी दी है कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।      
  • कर विभाग ने 55.35 करोड़ रुपये के फर्जी बिलिंग घोटाले के मास्टरमाइंड को किया गिरफ्तार

    कर विभाग ने 55.35 करोड़ रुपये के फर्जी बिलिंग घोटाले के मास्टरमाइंड को किया गिरफ्तार

    चंडीगढ़ : पंजाब के वित्त, आबकारी एवं कर मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने आज घोषणा की कि पंजाब राज्य कर विभाग ने जालंधर स्थित एक फर्म के मालिक को 55.35 करोड़ रुपये के फर्जी बिलिंग घोटाले को अंजाम देने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्रवाई से लगभग 8.35 करोड़ रुपये के फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के लेन-देन को सफलतापूर्वक रोका गया है, जिसके माध्यम से गलत एकीकृत जीएसटी (आईजीएसटी) रिफंड दावों के जरिए सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा था।

    यहां जारी एक प्रेस बयान में खुफिया सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई का विवरण देते हुए आबकारी एवं कर मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि राज्य जीएसटी विभाग ने पंजाब जीएसटी अधिनियम, 2017 की धारा 69 के तहत जालंधर स्थित मैसर्स रैमसन्स कॉर्पोरेशन (GSTIN: 03BFDPB3574F1ZZ) के मालिक भूपिंदर शर्मा को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह फर्म वस्तुओं की वास्तविक आपूर्ति किए बिना जीएसटी चालान जारी कर बड़े पैमाने पर फर्जी बिलिंग और फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट घोटाले में संलिप्त थी।

    घोटाले के वित्तीय पैमाने की जानकारी देते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि इस फर्म ने लगभग 55.35 करोड़ रुपये की फर्जी बिलिंग की, जिसके परिणामस्वरूप लगभग 8.35 करोड़ रुपये का फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट गलत तरीके से प्राप्त किया गया और आगे अन्य फर्मों को स्थानांतरित किया गया। इस फर्जी आईटीसी का उपयोग कुछ विनिर्माण इकाइयों द्वारा निर्यात पर भुगतान किए गए आईजीएसटी के रिफंड का दावा करने के लिए किया गया, जिससे सरकारी खजाने को प्रत्यक्ष और भारी वित्तीय नुकसान हुआ।

    कार्रवाई का विवरण देते हुए श्री चीमा ने कहा कि जांच के दौरान एकत्र किए गए ठोस साक्ष्यों के आधार पर राज्य कर विभाग की एक विशेष टीम ने 9 जुलाई 2026 को आरोपी को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि इस घोटाले से संबंधित अपराध पंजाब जीएसटी अधिनियम, 2017 की कठोर धाराओं के तहत गैर-जमानती हैं।

    जांच के अगले चरण के संबंध में वित्त मंत्री ने कहा कि मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों के पूरे नेटवर्क की पहचान करने, फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट के वास्तविक प्रवाह का पता लगाने तथा कर चोरी की कुल राशि का आकलन करने के लिए जांच तेजी से जारी है। इस घोटाले में शामिल पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    कर धोखाधड़ी के प्रति पंजाब सरकार के कड़े रुख को दोहराते हुए हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा सरकारी राजस्व की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। फर्जी इनवॉयसिंग, बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट और कर धोखाधड़ी में शामिल प्रत्येक व्यक्ति अथवा संस्था के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी अवैध गतिविधियां न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि ईमानदार करदाताओं के लिए अस्वस्थ कारोबारी वातावरण भी पैदा करती हैं।

    वित्त मंत्री ने विभाग की आधुनिक कार्यप्रणाली पर बल देते हुए कहा कि कर विभाग को चौकसी बढ़ाने तथा कर चोरों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार खुफिया सूचना आधारित प्रवर्तन, उन्नत डेटा विश्लेषण तथा कर चोरी के नेटवर्क के विरुद्ध समन्वित जांच के माध्यम से सरकारी राजस्व की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

     

  • बददी में होम अपलैंसिस का फैक्ट्री आऊटलेट खुला

    बददी में होम अपलैंसिस का फैक्ट्री आऊटलेट खुला

    मोतिया प्लाजा कांपलेक्स में नैना प्लस वैंचर शोरुम का आगाज

    बरोटीवाला , सचिन बैंसल: औद्योगिक क्षेत्र बददी बरोटीवाला में अब उच्च गुणवत्ता वाले होम अपलैंसिस का शोरुम बददी में खुल गया है। बददी के मोतिया प्लाजा कांपलेक्स में आज नैना प्लस वैंचर शोरुम का आगाज लघु उद्योग संघ के अध्यक्ष डा. अशोक राणा व लघु उद्योग भारती के प्रदेशाध्यक्ष अखिल मोहन अग्रवाल ने संयुक्त तौर पर किया। इस शोरुम का संचालन उद्यमी नरेंद्र खन्ना करेंगे।

    यहां पर लोगों को उच्च गुणवत्ता के इंडक्शन, आईआर, जूसर, मिक्सर, ग्राईंडर, चौपर, चौपर व गैस चूल्हे तथा अन्य घरेलू उपत्पाद जैसे गीजर आदि उपलब्ध रहेंगे। नरेंद्र खन्ना ने कहा कि आज के प्रतियोगिता के दौर में हम लोगों को उचित कीमत पर बढिया गुणवत्ता वाला सामान उपलब्ध करवाएंगे।

    इस अवसर पर ल्यूमिनस के प्लांट हैड पवन कंबोज, उमेश, पुनीत, तपन, सीताराम चौधरी, विजेंद्र सिंह चौधरी, नवीन रावत, संजीव, लघु उद्योग भारती बददी के प्रधान राजीव चौहान, सुकैम कंपनी से उपेंद्र, सुरेश, संजीव, महेंद्र कक्कड, रोहित खन्ना, पूनम कक्कड, वंदना खन्ना, डा किशोर ठाकुर, दीपीका खन्ना, जोनिका खन्ना, त्रिशा खन्ना, हेमंत कौशल, मोतिया प्लाजा वैल्फैयर सोसाईटी के अध्यक्ष डा रणेश राणा, डिंपल परमार, शिवानी ठाकुर, मिलखा सिंह, गगनदीप, मनीष वर्तन भंडार, मनोज श्रीवास्तव, हंसानंद झा, तजेंद्र सिंह व अरविंद भारद्वाज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।