Blog

  • Punjab News : बच्चों को बातों में उलझाकर महिला ने चांदी की चेन चुराई, देखें वीडियो

    Punjab News : बच्चों को बातों में उलझाकर महिला ने चांदी की चेन चुराई, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले के सराफ़ बाज़ार में एक महिला ने सुनार की दुकान में घुसकर चांदी की चेन चुरा ली। यह घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। आपको बता दें कि सराफ़ बाजार में (PS Jewellers) नाम की सुनार की दुकान है, जहां शाम करीब 5 बजे एक महिला आई। उसने देखा कि दुकान में बच्चे बैठे थे और मालिक बाथरूम गया था।

    इसके बाद, वह दुकान के अंदर गई और उसने दुकान में रखी चेन दिखाने को कहा। बच्चे ने उसे चेन दिखाई। महिला ने धीर से उसे अपने लिफ़ाफ़े में रख लिया। महिला ने और चेन दिखाने की मांग की। इस दौरान, महिला ने बच्चों को बातचीत में उलझाने की कोशिश की। बच्चा बातों में लग गया और महिला को बाकी चेन भी दिखाने लगा। तभी मालिक वहां पहुंच गए और किस्मत से बाकी चेन चोरी होने से बच गये।

    मालिक के अनुसार महिला ने दो-तीन चेन चुरा ली थीं। जब मालिक दुकान पर पहुंचे और उन्हें महिला पर शक हुआ, तो उन्होंने सामान ठीक करते समय जांच की। इसके बाद कैमरे चेक किए गए और पूरी घटना साफ तौर पर कैमरों में कैद पाई गई। मालिक संदीप वर्मा मामले संबंधित पुलिस स्टेशन (डिविजन नंबर 4) पहुंचे। शिकायत दर्ज कराकर महिला के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की।

  • Jalandhar News: तेज रफ्तार कार ने साईकिल सवार को मारी टक्कर, 10 फीट उछलकर रोड पर गिरा बुजुर्ग, देखें वीडियो

    Jalandhar News: तेज रफ्तार कार ने साईकिल सवार को मारी टक्कर, 10 फीट उछलकर रोड पर गिरा बुजुर्ग, देखें वीडियो

    जालंधरः महानगर के 120 फुटी रोड पर देर शाम ओवरस्पीड कार ने साइकिल सवार को हिट कर दिया। कार की टक्कर लगते ही साइकिल सवार बुजुर्ग लगभग 10 फीट उछलकर रोड पर गिरा। इससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    इसके बाद राहगीरों ने तुरंत घायल बुजुर्ग को रोड से उठाकर छाया में लेटाया,  पानी पिलाया और एंबुलेंस को फोन किया लेकिन एंबुलेंस घटना के 45 मिनट बाद पहुंची। पुलिस को भी 112 पर फोन कर सूचित किया गया लेकिन पुलिस घायल को अस्पताल ले जाने तक घटना स्थल पर नहीं पहुंची थी। हादसे के दौरान बुजुर्ग का मोबाइल सड़क पर गिर गया। जब तक राहगीरों ने बुजुर्ग को उठाकर छाया में लेटाया तब तक भीड़ के बीच से कोई युवक बुजुर्ग का मोबाइल लेकर भाग गया। आस-पास के लोगों के गिरा हुआ मोबाइल गाड़ियों के नीचे आस-पास भी ढूंढा लेकिन नहीं मिला। रिंग करने पर किसी ने फोन नहीं उठाया। बुजुर्ग की पहचान टेगौर नगर के रहने वाले बोध राज के रूप में हुई है। घटना के बाद बुजुर्ग के आधार कार्ड और अन्य डॉक्यूमेंट से मिले मोबाइल नंबर से उनके बेटे को सूचित किया गया। बेटे ने आकर पिता को अस्पताल में दाखिल करवाया। बुजुर्ग की हालत गंभीर बनी हुई है। डायल 112 पर सूचना के बाद भी पुलिस नहीं पहुंची घटना स्थल से डॉयल 112 के जरिए इमरजेंसी सेवा के लिए कॉल की गई। 112 पर कॉल रिसीव होने के बाद सारा एड्रेस नोट किया गया लेकिन घटना स्थल पर करीब 45 मिनट तक बुजुर्ग रहा बावजूद इसके पुलिस नहीं पहुंची। एंबुलेंस के लिए जरूर बैक कॉल आई लेकिन तब तक बुजुर्ग को ले जाने का लोगों ने इंतजाम कर लिया था। आर्य स्कूल, मंगल मंडी के सामने हुआ हादसा बुजुर्ग का एक्सीडेंट आर्य स्कूल मंगल मंडी के सामने बबरीक चौक के पास हुआ। बुजुर्ग जैसे ही साइकिल से टेगोर नगर जाने के लिए 120 फीट रोड पर चढ़ा तो चढ़ते ही नहर की तरफ से आ रही कार ने साइकिल को हिट कर दिया। कार ड्राइवर हिट करने के बाद 100 से ज्यादा स्पीड में निकल गया। घटना स्थल के पास सीसीटीवी नहीं होने से कार चालक का पता नहीं चल पाया है      
  • कॉकरोच जनता पार्टी के बाद सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज ने बनाई नई पार्टी, जानें क्यों रखा IKP नाम

    कॉकरोच जनता पार्टी के बाद सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज ने बनाई नई पार्टी, जानें क्यों रखा IKP नाम

    नई दिल्ली: सोशल मीडिया से बनी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की इस समय मार्केट में खूब सुर्खियों में है। इसी बीच एक नई पार्टी लॉंच हुई है। जिसकी सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज मार्कण्डेय काटजू ने की है। इस पार्टी का ऐलान करते हुए पूर्व जज ने पार्टी का नाम IKP यानि इश्क करो पार्टी रखा है। पार्टी का ऐलान करने के बाद उन्होंने सभी लोगों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने की अपील की।   पूर्व जज ने सोशल मीडिया पर जानकारी शेयर करते हुए इस मुहिम से जुड़ने की अपील की है। उन्होंने लिखा- जो भी लोग इससे जुड़ना चाहते हैं, वे इसकी ऑफिशियल ईमेल आईडी ishqkaroparty@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं। ये पार्टी देश की गंभीर समस्याओं से निपटने के लिये काम करेगी मार्कण्डेय ने साफ किया कि कई लोग इसे मजाक या सिर्फ लड़के-लड़कियों के बीच प्रेम संबंधों को बढ़ावा देने वाली ‘वैलेंटाइन डे’ जैसी पहल समझ रहे हैं, लेकिन ऐसा सोचना बिल्कुल गलत है। यह देश की गंभीर समस्याओं से निपटने का एक बड़ा प्रयास है। देश में फैली गरीबी, बेरोजगारी, बच्चों में कुपोषण, महंगी शिक्षा, खराब स्वास्थ्य सेवाएं और महंगाई जैसी समस्याओं को बिना जनता की एकता के दूर नहीं किया जा सकता। काटजू के अनुसार, आज हमारा समाज जाति और धर्म के नाम पर बंटा हुआ है। वोट बैंक के लिए इस नफरत को बढ़ावा देते हैं राजनेता राजनेता अपने फायदे और वोट बैंक के लिए इस नफरत को बढ़ावा देते हैं। ‘इश्क करो पार्टी’ का मकसद इसी नफरत को खत्म करके लोगों में प्यार और एकता को बढ़ावा देना है। ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के फाउंडर अभिजीत पर साधा निशाना काटजू ने सोशल मीडिया पर करते हुए ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के फाउंडर अभिजीत दीपके पर तंज कसा। दरअसल, देश की प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ी के खिलाफ अभिजीत दीपके ने  दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक बड़ा प्रदर्शन किया था। इस दौरान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी। इस पर निशाना साधते हुए काटजू ने कहा कि अभिजीत दीपके के मूर्ख होने का प्रमाण इस बात से स्पष्ट है कि उनकी प्रमुख मांगों में से एक भारत के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है। लेकिन अगर वे इस्तीफा दे भी देते हैं तो उनकी जगह कोई दूसरा मंत्री नियुक्त हो जाएगा। फिर इससे क्या फर्क पड़ेगा?
  • Punjab News: कत्ल की फिराक में था आरोपी, हथियारों सहित गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: कत्ल की फिराक में था आरोपी, हथियारों सहित गिरफ्तार, देखें वीडियो

    संगरूर: पंजाब में क्राइम के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत पुलिस ने भगौड़े अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए है। वहीं इस कार्रवाई की वजह से इलाके में होने वाली एक वारदात और हत्या होने से टल गई। मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी डॉ. रवजोत ग्रेवाल ने बताया कि थाना सिटी सुजान के एरिया में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक नामी अपराधी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 गैरकानूनी पिस्टल 32 बोर, 3 मैगजीन और 8 राउंड 32 बोर सहित एक ब्रिजा कार (नंबर HR-14M-4194) बरामद की गई है।

    गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान मनप्रीत सिंह उर्फ़ मनी पुत्र बूड़ा सिंह, निवासी जगतपुरा बस्ती, सुजान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार यह आरोपी पिछले लगभग 6 महीनों से फरार था और इसके खिलाफ पहले से ही विभिन्न संगीन मामलों में करीब 10 मामले दर्ज हैं। इस बार पुलिस ने थाना सिटी सुजान में मुक़दमा संख्या 261, दिनांक 08.12.2025 के तहत बी.एन.एस. (BNS) की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए उसे दबोचा है।

    पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पता चला है कि आरोपी मनप्रीत सिंह इन अवैध हथियारों के साथ सुजान की परमानंद बस्ती में रहने वाले लखविंदर सिंह उर्फ़ लक्की उर्फ़ पैंथर की हत्या करने की फिराक में था। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर एक भयानक वारदात को होने से रोका है। पुलिस अब आरोपी का रिमांड लेकर गहनता से पूछताछ कर रही है, जिससे और भी कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की आशा है।

     

     

  • प्रदेश सरकार जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह सजग है – कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी

    प्रदेश सरकार जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह सजग है – कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी

    चण्डीगढ़: हरियाणा के सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी सजगता के साथ कार्य कर रही है। जन परिवाद समिति जैसी व्यवस्थाएं सरकार और जनता के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम हैं, जिनके माध्यम से लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटान सुनिश्चित किया जा रहा है।

    कृष्ण कुमार बेदी ने सोमवार को फतेहाबाद में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़े मामलों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा निर्धारित समय सीमा में शिकायतों का निपटान सुनिश्चित किया जाए।

    बैठक में कुल 13 परिवाद एजेंडे में शामिल किए गए थे, जिनमें से 8 मामलों का समाधान संबंधित विभागों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट एवं शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि के आधार पर कर दिया गया। शेष 5 मामलों में आवश्यक जांच एवं कार्रवाई के लिए उन्हें अगली बैठक तक लंबित रखा गया। बैठक में जिन मामलों का समाधान किया गया, उनमें पेयजल, बिजली, शहरी स्थानीय निकाय, लोक निर्माण विभाग, पुलिस, शिक्षा तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें शामिल थीं।

    बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने मामलों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों में तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करें तथा अगली बैठक में स्पष्ट एवं संतोषजनक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि जन परिवाद समिति की बैठकों का उद्देश्य केवल शिकायतों को सुनना नहीं बल्कि उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

     

  • एसबीआई की ‘आशा स्कॉलरशिप’ योजना में रायपुर सहोडा के दो मेधावी विद्यार्थियों का चयन

    एसबीआई की ‘आशा स्कॉलरशिप’ योजना में रायपुर सहोडा के दो मेधावी विद्यार्थियों का चयन

    ऊना/सुशील पंडित : भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की प्रतिष्ठित ‘आशा स्कॉलरशिप योजना’ के तहत ग्राम पंचायत रायपुर सहोडा के दो मेधावी विद्यार्थियों का चयन होने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। चयनित विद्यार्थियों में कृष्ण (पुत्र मोनिका देवी) तथा सिमरन कौर (पुत्री राजीव कुमार) शामिल हैं। दोनों विद्यार्थी राजकीय उच्च विद्यालय रायपुर सहोडा के छात्र रहे हैं तथा हाल ही में दसवीं कक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं। विद्यालय के तत्कालीन मुख्याध्यापक मदन लाल धीमान ने जानकारी देते हुए बताया कि एसबीआई की प्लेटिनम जयंती के अवसर पर बैंक द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए ‘बड्डी फॉर स्टडी’ पोर्टल के माध्यम से आशा स्कॉलरशिप हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए थे। विद्यालय की ओर से नवमी कक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले पांच विद्यार्थियों के आवेदन करवाए गए थे, जिनमें से कृष्ण और सिमरन कौर का चयन हुआ है। उन्होंने बताया कि चयनित विद्यार्थियों को एसबीआई की ओर से 15,000 रुपये प्रतिवर्ष की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जिससे वे अपनी शिक्षा को बेहतर ढंग से आगे बढ़ा सकेंगे। यह प्रोत्साहन राशि विद्यार्थियों को जमा दो तक की पढ़ाई के दौरान उपलब्ध होगी। इसके पश्चात यदि विद्यार्थी अच्छे अंकों के साथ उच्च शिक्षा या किसी अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रम में प्रवेश लेते हैं, तो उन्हें आगे भी आर्थिक सहायता जारी रखी जा सकती है। मदन लाल धीमान ने बताया कि जिला ऊना के रायपुर सहोडा स्थित राजकीय उच्च विद्यालय इस योजना के तहत विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन करवाने वाला क्षेत्र का एकमात्र विद्यालय रहा है। एसबीआई द्वारा आयोजित ऑनलाइन साक्षात्कार प्रक्रिया में दोनों विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चयन प्राप्त किया। गौरतलब है कि वर्तमान में मदन लाल धीमान बतौर प्रिंसिपल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छेत्रां (हरोली) में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। चयनित छात्रा सिमरन कौर ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वह भविष्य में यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रशासनिक सेवा में जाना चाहती हैं और यह छात्रवृत्ति उनके सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ग्राम पंचायत प्रधान पूजा सहोड़, विद्यालय की वर्तमान मुख्याध्यापिका परमजीत कौर, समस्त अध्यापक वर्ग एवं स्टाफ सदस्यों ने दोनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर उन्हें तथा उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि दोनों विद्यार्थी भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, गांव और जिले का नाम रोशन करेंगे।
     
  • भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल हुए राज्यपाल

    भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल हुए राज्यपाल

    शिमला: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा आज शिमला में आयोजित ‘भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा पुरस्कार वितरण समारोह’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति हमारी पहचान तथा राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। वर्तमान समय में युवाओं को अपनी संस्कृति, परम्पराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे जिम्मेदार, संवेदनशील और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नागरिक बन सकें।

    उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा केवल एक परीक्षा नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रीय चेतना से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने इस प्रेरणादायी आयोजन के लिए अखिल विश्व गायत्री परिवार को बधाई दी तथा परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने कहा कि भारत केवल एक भौगोलिक इकाई नहीं, बल्कि हजारों वर्षों की ज्ञान परम्परा, अध्यात्म, विज्ञान, दर्शन और मानव कल्याण की संस्कृति का जीवंत प्रतीक है। हमारे वेद, उपनिषद, श्रीमद्भगवद्गीता, रामायण तथा अन्य महान ग्रन्थ जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। भारतीय संस्कृति का मूल संदेश ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ है, जो सम्पूर्ण विश्व को एक परिवार मानने की प्रेरणा देता है।

    उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ नैतिक एवं सांस्कृतिक शिक्षा को भी समान महत्त्व दिया जाना चाहिए। ज्ञान तभी सार्थक होता है, जब वह व्यक्ति को जिम्मेदार नागरिक, संवेदनशील मानव और राष्ट्र के प्रति समर्पित व्यक्तित्व बनने की प्रेरणा दे। राज्यपाल ने कहा कि युग ऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा प्रारम्भ किया गया ‘विचार क्रांति अभियान’ आज भी समाज में सकारात्मक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बना हुआ है। व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण, समाज निर्माण और राष्ट्र निर्माण का उनका संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है।

    उन्होंने कहा कि विद्यार्थी केवल भारत का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की भी सबसे बड़ी शक्ति हैं। आज की प्रतिस्पर्धात्मक दुनिया में तकनीकी दक्षता जितनी आवश्यक है, उतने ही आवश्यक चरित्र, अनुशासन, संवेदनशीलता और संस्कार भी हैं। भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नैतिकता, राष्ट्र भक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं।

    राज्यपाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस वर्ष प्रदेश के अनेक विद्यालयों के हजारों विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में भाग लिया, जो इस बात का प्रमाण है कि युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति और विरासत को जानने एवं समझने के प्रति उत्सुक है। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों की भी सराहना की, जो बच्चों में संस्कारों और नैतिक मूल्यों का बीजारोपण कर रहे हैं।

    उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह लक्ष्य तभी प्राप्त होगा, जब देश की युवा शक्ति ज्ञान, कौशल, संस्कार और राष्ट्रभक्ति से समृद्ध होगी। राज्यपाल ने विद्यार्थियों से अपने जीवन में सत्य, सेवा, अनुशासन और सदाचार के मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी संस्कृति पर गर्व करें, राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तथा समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशील बनें। यही हमारे महान राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला होगी।

    इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज, गायत्री परिवार के राज्य संयोजक वी.के. भटनागर, उप संयोजक गिरिजानंद, गायत्री परिवार के सदस्य तथा अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

     

  • नॉर्वे की राजदूत ने राज्यपाल से की भेंट

    नॉर्वे की राजदूत ने राज्यपाल से की भेंट

    शिमला: भारत, श्रीलंका, भूटान एवं मालदीव में नॉर्वे की राजदूत मे-एलिन स्टेनर ने आज लोक भवन शिमला में राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राजदूत ने राज्यपाल को नॉर्वे के मनमोहक प्राकृतिक-दृश्यों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित एक पुस्तक भेंट की।

    राज्यपाल ने राजदूत का स्वागत करते हुए उन्हें पारंपरिक हिमाचली शॉल एवं टोपी भेंट कर सम्मानित किया। राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

  • Punjab News: Online सट्टेबाजी और ठगी के मामले में 5 गिरफ्तार

    Punjab News: Online सट्टेबाजी और ठगी के मामले में 5 गिरफ्तार

    ज़ीरकपुरः जिले में पुलिस ने वीआईपी रोड स्थित मोना ग्रीन सोसाइटी में चल रहे ऑनलाइन सट्टेबाजी और ठगी के गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा ब्लॉक-सी के फ्लैट नंबर 1202 पर अचानक छापेमारी की। जहां 12वीं मंजिल पर बैठकर आरोपी देशभर के लोगों को ऑनलाइन सट्टा और बड़े मुनाफे का सपना दिखाकर ठगी का शिकार बना रहे थे। गिरफ़्तार किए गए 5 आरोपियों मूल निवासी राजस्थान के हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किए हैं, जिनका उपयोग इस गैरकानूनी धंधे को चलाने के लिए किया जा रहा था। जांच के दौरान सामने आया है कि इस गिरोह ने आईपीएल और अन्य निजी क्रिकेट लीगों में सट्टा लगाकर थोड़े समय में बड़ी कमाई का लालच दिया।

    सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म के जरिए लोगों से संपर्क कर उन्हें निवेश करने और सट्टेबाजी में पैसा लगाने के लिए प्रेरित किया जाता था। जैसे ही कोई व्यक्ति इन के बताए बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करता, गिरोह उसकी रकम अपने कब्जे में लेकर संपर्क तोड़ देता था। इस प्रकार कई लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने का खुलासा हुआ है। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम को गश्त के दौरान एक मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोना ग्रीन सोसाइटी के एक फ्लैट में ऑनलाइन सट्टेबाजी का गैरकानूनी कारोबार चल रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए फ्लैट पर छापामारी की और पांचों आरोपियों को मौके से ही काबू कर लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों के बैंक खातों, मोबाइल फोन और लैपटॉप में मौजूद डिजिटल डेटा की बारीकी से जांच की जा रही है।

    यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने अब तक देशभर में कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और कितनी बड़ी रकम की ठगी की है। पुलिस को शक है कि इस नेटवर्क से और भी लोग जुड़े हो सकते हैं और रिमांड के दौरान कई और अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस ने पांचों के खिलाफ जुए के एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कर उन्हें अदालत में पेश किया। अदालत ने सभी आरोपियों को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, ताकि इस पूरे रैकट के अन्य साथियों और ठगी के जाल के बारे में और जानकारी हासिल की जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

  • बारबेक्यू नेशनल हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड में भरे जाएँगे 100 पद, साक्षात्कार 11 को अम्ब में

    बारबेक्यू नेशनल हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड में भरे जाएँगे 100 पद, साक्षात्कार 11 को अम्ब में

    ऊना सुशील पंडित : हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी बारबेक्यू नेशनल हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड में 100 पद भरे जाएँगे। इसके लिए साक्षात्कार 11 जून को सुबह 10.30 बजे उप रोजगार कार्यालय अंब में किया जाएगा। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने दी। उन्होंने इन पदों के लिए 10वीं, 12वीं अथवा डिप्लोमा उत्तीर्ण युवा भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को 19,600 रुपये प्रतिमाह (सीटीसी) वेतन के साथ निःशुल्क भोजन, आवास, पीएफ, ईएसआई, इंसेंटिव तथा कंपनी की अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। साथ ही, कार्यस्थल उत्तर भारत के विभिन्न स्थानों पर रहेगा।

    नौकरी के साथ उच्च शिक्षा का भी अवसर

    उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को कार्य के साथ-साथ मेधावी यूनिवर्सिटी से मान्यता प्राप्त होटल मैनेजमेंट में डिप्लोमा अथवा डिग्री करने का अवसर मिलेगा। यह प्रशिक्षण एवं शैक्षणिक कार्यक्रम पूरी तरह निःशुल्क होगा और अभ्यर्थियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। प्रशिक्षण एवं अध्ययन सफलतापूर्वक पूरा करने पर विश्वविद्यालय द्वारा प्रमाण-पत्र, डिप्लोमा अथवा डिग्री प्रदान की जाएगी।

    ये दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य

    साक्षात्कार में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, जन्म तिथि प्रमाण-पत्र, रोजगार कार्यालय पंजीकरण कार्ड, हिमाचली बोनाफाइड, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटो, बायोडाटा तथा अनुभव प्रमाण-पत्र (यदि उपलब्ध हो) की मूल एवं छायाप्रति साथ लानी होगी। जिला रोजगार अधिकारी ने युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने और निर्धारित तिथि पर साक्षात्कार में भाग लेने का आग्रह किया है। अधिक जानकारी के लिए 7009060387 पर संपर्क किया जा सकता है।