Blog
-

जन जागरूकता अभियान का दूसरा चरण शुरू
ऊना : हिमाचल सरकार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र परिवारों को पक्का मकान बनाने के लिए स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत 1.50 लाख रुपये की आर्थिक मदद प्रदान कर रही है। यह सहायता उन्हीं लोगों को दी जाती है जिनके नाम पर भूमि पंजीकृत हो और जिनकी वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक न हो। लाभार्थियों को अपने आवेदन तहसील कल्याण अधिकारी के कार्यालय में सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा करवाने होते हैं।यह जानकारी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध नाट्यदल पूर्वी कलामंच जलग्रां टब्बा ने दी। नाट्य दल ने आज (मंगलवार) से शुरू हुए जागरूकता अभियान के दूसरे चरण में हरोली उपमंडल के तहत जोडियां और जननी गांवों में गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के जरिए ग्रामीणों को विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया। कलाकारों ने बताया कि स्वर्ण जयंती आश्रय योजना उन गरीब परिवारों के सपनों को साकार कर रही है, जिनके पास खुद की जमीन तो है, लेकिन सीमित संसाधनों के कारण वे पक्का मकान नहीं बना पाते। इसके साथ ही ग्रामीणों को मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, इंदिरा गांधी सुख सुरक्षा योजना और नशा निवारण जैसे विषयों पर भी जानकारी दी गई। कलाकारों ने नशे को एक गंभीर सामाजिक बुराई बताते हुए लोगों से नशे से दूर रहने और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।उल्लेखनीय है कि अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विभिन्न योजनाएं और कार्यक्रम चला रही है। इन्हें गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए सांस्कृतिक दलों के माध्यम से विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया है।आगामी जन जागरूकता कार्यक्रमों का शेडयूलपूर्वी कलां मंच जलग्रां टब्बा द्वारा 15 जुलाई को हरोली के जंगल पंजावर और भदसाली थोलियां, 16 को ऊना के बटूही और लमलेहड़ी अप्परली, 17 को ऊना के जखेड़ा और बहडाला लोअर तथा 18 जुलाई को परोइयां कलां और पनसाई में गीत संगीत व नुकड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को मनोरंजन के साथ जनहित में संचालित योजनाओं बारे जानकारी दी जाएगी। इस मौके पर कुठारबीत की प्रधान कांता देवी, पोलियांबीत की प्रधान मनजीत कौर, उप प्रधान पोलियां बीत लवली कुमार, उप प्रधान कुठारबीत रवि कुमार, वार्ड पंच अमरजीत कौर, बलबीर सिंह, गुरपाल कौर, पूनम, आशा देवी, राज कुमार सहित स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। -

Punjab News: 30 किलो हेरोइन सहित 2 तस्कर गिरफ्तार
अमृतसरः नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने 2 तस्करों को भारी मात्रा में हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपियों के कब्जे से बरामद की गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 200 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी एक विदेशी हैंडलर के निर्देश पर काम कर रहे थे, जिसका संबंध सीमा पार सक्रिय तस्करी नेटवर्क से बताया जा रहा है।

आरोपियों का मुख्य काम अलग-अलग स्थानों से हेरोइन की खेप उठाकर उसे पंजाब के विभिन्न इलाकों में अन्य तस्करों तक पहुंचाना था। इस तरह वे पूरे ड्रग सप्लाई चेन का अहम हिस्सा बने हुए थे। इस मामले में अमृतसर स्थित स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
पुलिस अब इस नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों की गहन जांच कर रही है, ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी कानून के शिकंजे में लाया जा सके। पंजाब पुलिस का कहना है कि राज्य में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। सीमा पार से होने वाली तस्करी पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है और ऐसे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। गौरतलब है कि बॉर्डर के जिलों में पहले भी नशे की खेप बरामद की जा चुकी है।
-

जिला महिला भाजपा ने बनाई रणनीति, बैठक में पार्टी के कार्यक्रमों पर हुआ विचार मंथन
ऊना : आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और संगठन को बूथ स्तर तक अधिक सक्रिय बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने मंगलवार को जिला मुख्यालय ऊना स्थित पार्टी कार्यालय दीप कमल में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, केंद्र और राज्य सरकार से जुड़े मुद्दों को जनता तक पहुंचाने तथा महिला कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से मंथन किया गया। प्रदेश नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि महिला मोर्चा केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि घर-घर पहुंचकर महिलाओं के बीच पार्टी की नीतियों और कांग्रेस सरकार के कार्यकाल से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाएगा। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने, बूथ स्तर पर नेटवर्क मजबूत करने और प्रत्येक कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से सफल बनाने का आह्वान किया गया।बैठक की अध्यक्षता भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य अनु ठाकुर ने की, जबकि महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष डेजी ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। बैठक में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं ऊना सदर विधायक सतपाल सिंह सत्ती, पूर्व विधायक बलबीर चौधरी, पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो, भाजपा नेता प्रो. रामकुमार तथा भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम मिन्हास सहित संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और महिला कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डेजी ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है और संगठन की मजबूती का आधार समर्पित कार्यकर्ता ही होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और गतिविधियों की पूरी जानकारी होनी चाहिए, ताकि उन्हें प्रभावी ढंग से आम जनता तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और विभिन्न गतिविधियों को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई है।डेजी ठाकुर ने कहा कि महिला मोर्चा को गांव-गांव और बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय बनाया जाएगा। महिलाओं से सीधे संवाद स्थापित कर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और भाजपा की नीतियों की जानकारी पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक महिला कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है और सभी को पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करना होगा।विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में डेजी ठाकुर ने कहा कि महिला मोर्चा भाजपा की जीत सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने महिलाओं से किए गए वादों को पूरा नहीं किया और अब प्रदेश की महिलाएं स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा कांग्रेस सरकार की वादा खिलाफी को प्रदेश की प्रत्येक महिला तक पहुंचाएगा और भाजपा की नीतियों से उन्हें अवगत कराएगा।उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। डेजी ठाकुर ने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता इसी लक्ष्य को लेकर अभी से पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है और महिला मोर्चा भी चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुट चुका है। बैठक के अंत में आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। जिला बैठक के बाद महिला मोर्चा की टिफिन बैठक का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी महिला कार्यकर्ताओं ने अपने घर से लाए हुए भोजन को एक दूसरे के साथ मिल बांट कर खाया। -

विश्व में पोलियों उन्मूलन के लिए रोटरी का योगदान अतुलनीय
ऊना : रोटरी क्लब ऊना का पद स्थापना समारोह स्थानीय माया होटल में आयोजित किया गया। समारोह में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट रोटेरियन विजय सहदेव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रोटरी वर्ष 2026-27 के लिए नवगठित कार्यकारिणी ने विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। समारोह के दौरान डीजीई रोटेरियन विजय साहदेव ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटेरियन रंजीत सिंह जसवाल को क्लब प्रधान कॉलर पहनाकर औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करवाया। इसके बाद उन्होंने नई कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को पिनअप किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में डीजीई विजय सहदेव ने कहा कि रोटरी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, नेतृत्व और मानवता का वैश्विक आंदोलन है। उन्होंने नई टीम से अपेक्षा जताई कि वह रोटरी के आदर्श ‘सर्विस अबव सैल्फ’ को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा गतिविधियों को पहुंचाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, रक्तदान, पोलियो उन्मूलन और युवा नेतृत्व विकास जैसे क्षेत्रों में प्रभावी कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विश्व से पोलियों उन्मूलन में रोटरी का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि 18 साल से कम आयु के बच्चों के दिल में छेद पर फ्री हार्ट सर्जरी रोटरी क्लब द्वारा करवाई जाती है। वहीं, रोटरी क्लब द्वारा कृत्रिम अंग फ्री में लगाए जा रहे है। कोर्निया के चलते अंधेपन की भी फ्री सर्जरी करवाई जाती है। उन्होंने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए क्लब की भावी योजनाओं की सराहना की। कार्यक्रम को क्लब के प्रधान रोटे.रंजीत सिंह जसवाल ने कहा कि उनकी टीम रोटरी के आदर्शों के अनुरूप समाज सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी। उन्होंने कहा कि वर्षभर स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, पौधारोपण अभियान, जल संरक्षण कार्यक्रम, सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, करियर मार्गदर्शन, शिक्षा सहायता, युवा नेतृत्व विकास तथा जरूरतमंद लोगों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। क्लब के निर्वतमान अध्यक्ष रोटे.यशपाल सिंह ठाकुर ने सबका स्वागत करते हुए क्लब द्वारा पिछले वर्ष किए गए कार्यों की जानकारी दी। रोटे.कृष्ण ठाकुर ने क्लब प्रधान रोटे.रंजीत जसवाल का जीवन परिचय पढ़ा,जबकि रोटे.प्रशांत ने डीजीई विजय सहदेव के जीवन परिचय को सबके समक्ष रखा। क्लब सदस्य रोटे.नीलम अग्रिहोत्री ने मंच संचालन किया,जबकि क्लब उपाध्यक्ष रोटे.सुरेंद्र ठाकुर ने धन्यावाद प्रस्ताव रखा। इन सदस्यों को किया पिन-अप डीजीई विजय सहदेव ने क्लब के सचिव रोटेरियन मोहित शर्मा,आईपीपी रोटे. यशपाल ठाकुर,वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर,वित्त सचिव बलदेव चंद, सार्जेंट एट आम्र्स आरके शर्मा, संयुक्त सचिव डा.अनुराग शर्मा, वरिष्ठ रोटेरियन एमके बस्सी,संजीब अग्रिहोत्री,एचएन चीटू,ओंकार नाथ कसाना,नरिंदर कपिला,बलजिंदर जीत सिंह,रोटेरियन मोनिका सिंह,एमआर शर्मा,राजेश सांभर,जतिंदर कंवर,नरिंदर कपिला,अरुणपाल ठाकुर,सुरिंदर ठाकुर,अनुराग शर्मा,रजनीश लूंबा,नीलम अग्निहोत्री,कृष्ण ठाकुर,संजीव पुरी,बलदेव डोगरा,प्रशांत,मुनिंद्र अरोड़ा को पिनअप किया। जबकि कार्यक्रम में अश्विनी जैतक व सुरजीत चडडा को नए सदस्य के रूप में पिनअप किया। यह रहे उपस्थित कार्यक्रम में रोटरी जिला 3070 के जिला सचिव रोटे.सुरेंद्र मुल्तानी,इन्नर व्हील के पूर्व अध्यक्ष ज्योति चौधरी,हिमोत्कर्ष महिला मंच सदस्य रमा कंवर, रोटरी क्लब ऊना के पूर्व प्रधान विरेंद्र शर्मा, सखिल चौधरी,अनिता कुमारी,गगनजसवाल,सुनील जसवाल,अंजलि जसवाल,सुरभि,कृषंग,सावीर,विनायिका,प्रगति,डा.मौनिका,अंकुरपाठक, अवतार सिंह,रीटा,आकाश दीप सिंह,प्रिया,युद्ववीर सिंह,विशेष रूप से मौजूद रहे। -

Punjab News: स्कूल में Air Gun की गोली लगने से 11वीं कक्षा का छात्र घायल
लुधियानाः जगराओं के एक प्रतिष्ठित निजी स्कूल की शूटिंग रेंज में अभ्यास के दौरान एयरगन से गोली लगने से छात्र घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार अखाड़ा नहर के पास एक यूनिराइज़ स्कूल में ग्यारहवीं कक्षा के एक छात्र को एयर गन की गोली लगी। घायल छात्र को प्राथमिक चिकित्सा दी गई और फिलहाल बच्चा पूरी तरह से खतरे से बाहर है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। इस मौके पर जगराओं पुलिस के डीएसपी डी. सागर बानल ने कहा कि वे इस मामले की पूरी गंभीरता से जांच करेंगे और अगर किसी की लापरवाही से गोली चली है तो उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर स्कूल के चेयरमैन शिफू अग्रवाल ने कहा कि स्कूल में बने शूटिंग रूम में छात्र शूटिंग कर रहे थे और अचानक यह हादसा हो गया, लेकिन इस हादसे में बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है। इस घटना में एक छात्र के घायल होने की पुष्टि हुई है। घायल छात्र को सिधवां बेट इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। उसे पहले रायकोट रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जब वहां डॉक्टरों ने उसका नाम और पता पूछा तो उसके साथ आए लोग उसे कहीं और ले गए। फिर पुलिस स्कूल पहुंची और घटना स्थल का गहराई से निरीक्षण किया और संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्कूल में बच्चों को एयरगन शूटिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा था। एयरगन से एक गोली एक छात्र के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।
उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट, घटना स्थल से मिले सबूतों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर घटना की जांच कर रही है। स्कूल प्रबंधक शिफू अग्रवाल ने कहा कि पुलिस ने पूरी घटना की पूरी जांच की है। उनके अनुसार, बच्चों को एयरगन शूटिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा था। जब एक बच्चे ने एयरगन को नीचे करने की कोशिश की तो गोली अचानक नीचे की ओर चल गई जो दूसरे बच्चे के पैर में जा लगी। उन्होंने कहा कि घटना के तुरंत बाद घायल छात्र के परिवार को सूचित कर दिया गया था और उसे उनके साथ इलाज के लिए भेजा गया था। शिफू अग्रवाल ने कहा कि घटना के बाद सोशल मीडिया पर बहुत सारी भ्रामक और झूठी अफवाहें फैलाई गई थीं, जिसमें दावा किया गया था कि यह एक हादसा था।
-

संयुक्ता चौधरी हिमोत्कर्ष महिला प्रशिक्षण संस्थान में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता शिविर आयोजित
ऊना/सुशील पंडित : संयुक्ता चौधरी हिमोत्कर्ष महिला प्रशिक्षण संस्थान, ऊना में सर्वाइकल कैंसर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय ऊना से स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. जागृति दत्ता ने विशेष रुप से शिरकत करते हुए सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, पहचान और उपचार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। कार्यक्रम में संस्थान की छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया। डॉ. जागृति दत्ता ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है, लेकिन समय पर जांच, नियमित पैप स्मीयर स्क्रीनिंग और एचपीवी वैक्सीन के माध्यम से इसके जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने बीमारी के प्रमुख कारणों, शुरुआती लक्षणों तथा समय पर उपचार के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
इस मौके पर छात्राओं को नियमित क्लीनिकल स्क्रीनिंग, व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित जीवनशैली तथा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के व्यावहारिक उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने 14 साल की लड़कियों को प्रदेश सरकार द्वारा फ्री लगाई जा रही एचपीवी वेक्सीन लगाने का भी आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका डॉ. जागृति दत्ता ने विस्तार से उत्तर देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने और नियमित स्वास्थ्य जांच को अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस मौके पर हिमोत्कर्ष महिला मंच वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनूपा ठाकुर, सदस्य रमा कंवर, रंजू बाला, मीना, निशा, सहित संस्थान की छात्राएं उपस्थित रही।
-

‘एक पेड़ मां के नाम’ बने जनआंदोलन, हर व्यक्ति लगाए और संभाले एक पौधा: राव नरबीर सिंह
चंडीगढ़: हरियाणा के वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने प्रदेश के लोगों से आह्वान किया है कि मानसून के दौरान हर वर्ष मनाए जा रहे वन महोत्सव के दौरान पौधारोपण करें और प्रधानमंत्री के ‘एक पेड़ मां के नाम’ संकल्प को पूरा करें। देश में जलवायु परिवर्तन आज एक वैश्विक समस्या बन गई है। हर कोई देश अपने – अपने तरीकों से वैज्ञानिक अनुसंधान के कार्यक्रम चलाकर पर्यावरण संतुलन पर जोर दे रहा है और इसी को देखते हुए हरियाणा ने पहली बार 100 करोड़ रुपये के ग्रीन क्लाइमेट रेजिलिएंट फंड का किया गया बजट प्रावधान किया है। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए राज्य में 2 करोड़ 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। यह अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत चलाया जा रहा है।इसके अलावा, राज्य में ‘कैंपा’ (CAMPA) योजना के तहत भी 20 लाख और पौधे लगाने की मंजूरी दी गई है।
मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि पौधा लगाना ही काफी नहीं है बल्कि जब तक पौधा जड़ पकड़कर पेड़ का रुप ना ले तब तक उसकी देखभाल करना भी जरूरी है। देश में वन महोत्सव बनाने की शुरुआत वर्ष 1950 में की गई थी और हर वर्ष नए थीम के साथ सभी राज्य अपने यहां मानसून के दौरान लगभग एक महीने तक कार्यक्रम चलाते हैं। इस वर्ष 77 वें वन महोत्सव के दौरान हरियाणा में भी राज्यस्तरीय व जिला स्तरीय अनेक आयोजन किए जाएंगे। इसी कड़ी में केंद्र सरकार ने कैच द रेन अभियान चलाया है ताकि लोग बारिश के पानी की एक-एक बूंद बचाकर जल संचय का संकल्प लें। मानसून के जल का अधिकतम संचय हो इस लिए आस-पास के तालाबों और जलाशयों को संवारें और इस्तेमाल के योग्य बनाएं।
विश्व पर्यावरण दिवस-2026 भी हरियाणा के लिए कई मायनों में ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण साबित हुआ। एक ओर जहां पूरे प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, वहीं दूसरी ओर शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़कर हरियाणा को हरित और पर्यावरण-अनुकूल राज्य बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने के लिए दूरदर्शी एवं प्रभावी कदम उठा रही है। सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि भावी पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, बेहतर पर्यावरण और गुणवत्तापूर्ण जीवन उपलब्ध कराना भी है। पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक प्रगति एक-दूसरे के पूरक हैं तथा हरित प्रौद्योगिकी, स्वच्छ ऊर्जा और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी भविष्य की अनिवार्य आवश्यकता बन चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस की शुरुआत संयुक्त राष्ट्र द्वारा वर्ष 1972 में पर्यावरण संरक्षण के प्रति वैश्विक जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से की गई थी। वर्ष 1973 में ‘ओनली वन अर्थ’ थीम के साथ इसका पहला आयोजन हुआ था। इसके बाद जलवायु परिवर्तन, प्लास्टिक प्रदूषण, जैव विविधता संरक्षण, वनों की कटाई, खाद्य सुरक्षा और पारिस्थितिकी तंत्र पुनर्स्थापन जैसे विषयों को केंद्र में रखकर यह दिवस मनाया जाता रहा है। इस वर्ष की थीम ‘प्रकृति से प्रेरित—जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए’ निर्धारित की गई है, जो प्रकृति आधारित समाधानों के माध्यम से जलवायु चुनौतियों का सामना करने का संदेश देती है।
राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित 100 करोड़ रुपये का ग्रीन क्लाइमेट रेजिलिएंट फंड हरियाणा में शून्य-उत्सर्जन वाहनों, नवीकरणीय ऊर्जा, ऊर्जा दक्षता, जल संरक्षण, शहरी हरितीकरण, जलवायु-अनुकूल कृषि तथा प्रकृति-आधारित समाधानों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से वायु एवं जल प्रदूषण की चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में नवाचार आधारित निवेश को बढ़ावा दिया जाएगा।
-

Punjab News: घर में गैस सिलेंडर हुआ ब्लास्ट, उड़ गई कमरे की छत
फरीदकोटः जैतो के नज़दीकी गांव चंदभान में देर रात घर के कमरे में रखे गैस सिलेंडर के अचानक फटने से भयानक नुकसान हो गया। इस घटना में मकान की खिड़कियों के शीशे भी टूट गए और कमरे की छत उड़ गई। मामले की जानकारी देते हुए बलजिंदर सिंह के बेटे वीर सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले गोनियाना मंडी की गैस एजेंसी से इंडियन कंपनी का गैस सिलेंडर भरवाया गया था। जिसे कमरे में रखे सीमेंट की चादरों के पास रखा हुआ था।
इस दौरान पास में ही कमरे के बाहर खड़ी कार और अन्य सामान भी रखा हुआ था। देर रात करीब 1 बजे यह सिलेंडर फट गया और धमाका इतना जोरदार था कि खड़ी कार का नुकसान हो गया। इस घटना में कमरे की छत उड़ गई और गेट के सामने लगे शटर को भी नुकसान पहुंचा। बता दें कि इस भीषण हादसे में सिलेंडर और शटर के टुकड़े घर के बाहर वाले गेट के पास आकर गिरे। इस घटना में किसी तरह की जान-माल की हताहत से बचत हो गई, लेकिन परिवा का काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।
-

US-Iran War: धमाकों की आवाज से दहला बंदर अब्बास, घरों में छिपे लोग, बंद की दुकानें
नई दिल्लीः पश्चिम एशिया में जारी भारी सैन्य तनाव के बीच मंगलवार को ईरान के तटीय शहर बंदर अब्बास के पश्चिमी हिस्से में कई जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं। इस घटना को लेकर लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। जिसके बाद बंदर अब्बास में दुकानें जल्दी बंद हो गईं। इस धमाके के बाद स्थानीय लोग घरों में छिप गए। बंदर अब्बास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास है, जहां से दुनिया का बड़ा तेल गुजरता है। अगर यहां तनाव बढ़ा तो पूरी दुनिया के तेल के दाम प्रभावित हो सकते हैं। ईरान के सरकारी टीवी के अनुसार शहर का पश्चिमी हिस्सा एक के बाद एक कुल 5 जबरदस्त विस्फोट हुए। यह घटना उस वक्त हुई जब अमेरिका और ईरान के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में नौसैनिक टकराव बढ़ रहा है।
कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि ये धमाके अमेरिकी हमलों या ड्रोन हमलों से जुड़े हो सकते हैं। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिमी ईरान में स्थित बुशहर की चार जगहों पर जहां परमाणु केंद्र भी हैं, अमेरिकी मिसाइलों से हमला हुआ है। सरकारी न्यूज एजेंसी ने स्थानीय लोगों के हवाले से बताया कि आवाजें इतनी तेज थीं कि आसपास के इलाकों तक महसूस की गईं। हालांकि, होर्मोजगान प्रांत के अधिकारियों ने कहा कि इन धमाकों से किसी आम नागरिक की जान नहीं गई और न ही घरों या बाजारों को नुकसान पहुंचा। फिर भी, लोग डरे हुए हैं। कई परिवारों ने सुरक्षित जगहों की ओर रुख कर लिया।
ये धमाके उस बड़े तनाव के बीच आए हैं जब अमेरिका ने ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं। बंदर अब्बास ईरान का महत्वपूर्ण बंदरगाह है, जहां से तेल निर्यात होता है और सैन्य गतिविधियां भी चलती हैं। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया कि ईरानी एयर डिफेंस ने एक अमेरिकी ड्रोन को गिराया, जिसके बाद ये धमाके सुनाई दिए। अमेरिकी सेना ने भी कुछ इलाकों में सटीक हमलों की पुष्टि की है, जिसमें ईरान की मिसाइल और ड्रोन साइट्स को निशाना बनाया गया। दरअसल, ईरान के कई शहरों में पहले भी ऐसे धमाके हो चुके हैं, जिससे लोग अब आदी हो रहे हैं, लेकिन डर कम नहीं हुआ।
-

वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत पर जाना आवश्यक, इसलिए प्रधानमंत्री सौर, वायु और हाइड्रोजन ऊर्जा को दे रहे प्रोत्साहन – ऊर्जा मंत्री अनिल विज
चण्डीगढ: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करने जा रहे हैं, इसको लेकर हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि वर्तमान में जिस प्रकार से मौजूदा परिस्थिति बनी हुई है तेल, कोयला जैसे स्रोत धीरे-धीरे खत्म हो रहे हैं तो वैकल्पिक स्रोत पर जाना बहुत आवश्यक है। इसलिए प्रधानमंत्री सौर ऊर्जा, वायु ऊर्जा और हाइड्रोजन ऊर्जा को बहुत प्रोत्साहन दे रहे हैं।
विज आज पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को नित नई ऊंचाइयों पर लेकर जा रहे हैं। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन भी हरियाणा से होने जा रहा है। जिस प्रकार से मौजूदा परिस्थितियां बनी हुई हैं और तेल व कोयला जैसे स्रोत धीरे धीरे खत्म हो रहे हैं तो वैकल्पिक स्रोतों पर जाना बहुत आवश्यक है इसलिए प्रधानमंत्री सोलर ऊर्जा, वायु ऊर्जा को और हाइड्रोजन ऊर्जा को बहुत प्रोत्साहन दे रहे हैं।