Home Himachal>Una 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर डिग्री कॉलेज ऊना में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर डिग्री कॉलेज ऊना में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

0
16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर डिग्री कॉलेज ऊना में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित

ऊना/सुशील पंडित: राजकीय महाविद्यालय ऊना में 16वां जिला स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह की अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने की। इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर “माई इंडिया, माई वोट” आधारित थीम के माध्यम से देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा प्रत्येक नागरिक के वोट में निहित है, का संदेश दिया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मूल उद्देश्य लोकतंत्र की जड़ों को और मजबूत करना है, जिसके लिए प्रत्येक नागरिक का जागरूक एवं सक्रिय मतदाता होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है और उनकी सहभागिता से ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को नई ऊर्जा मिलती है।

 नये पंजीकृत वोटर्स को वितरित किए पहचान पत्र 

इस मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके 11 नये पंजीकृत मतदाताओं को वोटर पहचान पत्र वितरित किए। उन्होंने नये मतदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि लोकतंत्र तभी सशक्त बन सकता है जब प्रत्येक मतदाता निडर होकर, बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करे।

इस अवसर पर उपायुक्त ने उपस्थित सभी लोगों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा बनाए रखने तथा देश की लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करने की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि मतदान करते समय किसी भी व्यक्ति को धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा किसी अन्य प्रकार के प्रभाव में आए बिना केवल राष्ट्र और समाज के हित को ध्यान में रखकर मतदान करना चाहिए, तभी एक विकसित और सशक्त भारत का निर्माण संभव है।

इसके अलावा उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे समाज को कमजोर करता है। उन्होंने छात्रों से पढ़ाई के साथ-साथ खेलों और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने की अपील की ताकि एक सुंदर, स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण हो सके। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ) को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

वहीं, स्कूली बच्चों द्वारा नुक्कड़ नाटक, गीत, संगीत एवं प्रेरणादायक भाषणों के माध्यम से “माई इंडिया, माई वोट” थीम पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनके जरिए मतदान के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश दिया गया।राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी बच्चों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में नायब तहसीलदार (इलेक्शन) अजय शर्मा ने आए हुए सभी अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित हुए लोगों को  लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और निर्भीक होकर मतदान करने की अपील  की ताकि शत-प्रतिशत मतदान के माध्यम से लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

इस अवसर पर उपमंडल अधिकारी अभिषेक मित्तल, कानूनगो (इलेक्शन) हरजीत सिंह, आनंदा, आकाश भारद्वाज, विशेष अतिथि के रूप में विकास सैनी, सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here