Blog

  • अब मुंबई में लैंड करनी पड़ी SpiceJet की फ्लाइट, जानें मामला

    अब मुंबई में लैंड करनी पड़ी SpiceJet की फ्लाइट, जानें मामला

    मुबंईः स्पाइसजेट की की एक फ्लाइट को अचानक मुंबई में लैंड कराना पड़ा। डीजीसीए के मुताबिक स्पाइसजेट के क्यू-400 विमान में 23 हजार फीट ऊंचाई पर विंडशील्ड में दरार आ गई थी। इसके बाद तत्काल कांडला-मुंबई फ्लाइट को मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड कराने का निर्णय लिया गया।

    विंडशील्ड का बाहरी हिस्सा टूटा

    डीजीसीए के अधिकारियों ने एजेंसी को बताया कि 23 हजार फीट की ऊंचाई पर विंडशील्ड का बाहरी हिस्सा टूट गया था, जिसके बाद विमान को मुबई में लैंड करा दिया गया। पिछले 17 दिनों में स्पाइसजेट के विमान में तकनीकी खराबी की यह सातवीं घटना है। इससे पहले मंगलवार को ही स्पाइसजेट की एक फ्लाइट को कराची में लैंड कराना पड़ा था। डीजीसीए के मुताबिक अधिकारियों ने मंगलवार को हुई दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा पिछली पांच घटनाओं की जांच भी की जा रही है। 

    सुबह भी स्पाइसजेट की एक फ्लाइट में आई थी दिक्कत

    मंगलवार को दिन के समय ही स्पाइसजेट की एक फ्लाइट में दिक्कत सामने आई थी। जिसके बाद उचानक उसे कराची एयरपोर्ट पर लैंड करना पड़ा था। फ्लाइट नंबर SG-11 दिल्ली से दुबई जा रही थी। लेकिन खराबी की वजह से इसको पाकिस्तान की तरफ मोड़ना पड़ा। बताया गया कि प्लेन की इंडिकेटर लाइट में कुछ दिक्कत आई थी। इस प्लेन में सवार यात्रियों को दुबई पहुंचाने के लिए एक प्लेन वहां पहुंच चुका है।

    डीजीसीए का आया बयान 

    सुबह हुई घटना पर डीजीसीए का बयान भी आया था। बताया गया कि स्पाइसजेट विमान के क्रू ने देखा कि फ्यूल टैंक का इंडिकेटर फ्यूल की मात्रा को तेजी से घटता दिखा रहा था। इसके बाद चेकिंग में कुछ गड़बड़ नहीं मिली, टैंक में भी कहीं से कोई लीक नहीं दिखा, लेकिन इंडिकेटर फिर भी ईंधन कम दिखा रहा था। इसलिए प्लेन को कराची में लैंड कराया गया।

    2 जुलाई को कैबिन में धुआं उठता देखा  

    इसी महीने 2 जुलाई को भी स्पाइसजेट के प्लेन में दिक्कत आई थी। तब दिल्ली से जबलपुर जा रहे विमान की इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी। तब कैबिन में धुआं उठता देखा गया था। स्पाइसजेट के प्रवक्ता की ओर से जानकारी दी गई है कि फ्लाइट के टेक ऑफ करने के बाद जब विमान 5 हजार फीट की ऊंचाई पर पहुंचा तो पायलट के केबिन में धुआं देखा गया।

    19 जून को विमान में आई थी खराबी 

    इसके बाद विमान को वापस दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया। पिछले महीने 19 जून को भी स्पाइसजेट के विमान में खराबी आई थी। यह विमान भी दिल्ली से जबलपुर जा रहा था। इसके केबिन प्रेशर को लेकर दिक्कत आ गई थी। इसके चलते विमान को वापस दिल्ली लाया गया था। इसी दिन स्पाइसजेट के एक और विमान में खराबी आई थी। यह प्लेन पटना से दिल्ली आई रहा था। इसमें विंग में आग लग गई थी।

  • 7 जुलाई को होने वाली क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक स्थगित

    7 जुलाई को होने वाली क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक स्थगित

    ऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना के सभी निजी बस मालिकों, स्कूल प्रबंधन, ऑटो रिक्शा तथा हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के अधिकारियों के साथ 7 जुलाई 2022 को होने वाली क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण तथा सड़क सुरक्षा संबंधी प्रस्तावित बैठक स्थगित कर दी गई है। बैठक की नई तिथि जल्द ही घोषित की जाएगी। यह जानकारी आरटीओ ऊना राजेश कौशल ने दी।
  • सर्पदंश को लेकर जिला प्रशासन ने जारी की एडवाईजरी

    सर्पदंश को लेकर जिला प्रशासन ने जारी की एडवाईजरी

    ऊना/सुशील पंडित: जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने एडवाइज़ारी करते हुए कहा कि बरसात के मौसम में सांप के काटने के मामले बढ़ने की आशंका रहती है, जिससे कई लोगों की जान भी जा सकती है। उन्होंने कहा कि मानसून के मौसम में सर्पदंश जैसी घटना के प्रति सतर्क रहें। सर्पदंश खतरनाक एवं जानलेवा साबित हो सकता है।

    उन्होंने कहा कि जब कोई साँप किसी को काट लेता है तो इसे सर्पदंश या साँप का काटना कहते हैं। साँप के काटने से घाव हो सकता है, और कभी-कभी विषाक्तता भी हो जाती है जिससे मृत्यु तक संभव है। सर्पदंश से कुछ ही मिनटों में मृत्यु तक हो सकती है। अधिकांश साँप विषहीन होते हैं लेकिन कुछ एक साँप विषैले भी होते हैं।

    साँप के काटने के लक्षण
    राघव शर्मा ने बताया कि आम तौर पर साँप के काटने का तुरंत पता चल जाता है। इसके काटने पर दंश स्थान पर तीव्र जलन, उल्टी, मिचली, शॉक, अकड़न या कंपकपी, अंगघात, पलकों का गिरना, नजर फटना अर्थात किसी वस्तु का एक स्थान पर दो दिखलाई देना, मांसपेशियों में ऐंठन, काटे गये हिस्से में तेज दर्द, हाथ पैरों में झनझनाहट, चक्कर आना, पसीना आना तथा दम घुटना आदि लक्षण हो सकते हैं।

    साँप के काटने से बचाव
    साँप के काटने को रोका जा सकता है। साँप को पकड़ने से हमेशा बचना चाहिए। उन स्थानों से हमेशा दूर रहें जहाँ साँप होने की आशंका होती है जैसे कि लम्बी घास और पत्तियों के ढेर, चट्टानों और लकड़ी के गट्ठों में। यदि आपको साँप दिखता है तो उसे छेड़ें नहीं और उसे जाने दें। ऐसी जगह पर काम करते समय जहाँ साँप होने की आशंका हो, लम्बे और मजबूत जूते पहनें, बाजुओं और टांगों को ढक कर रखें और चमड़े के दस्ताने पहनें। गर्म मौसम में रात को बाहर काम करने से बचें, क्योंकि इस समय साँप सबसे ज्यादा सक्रिय होते हैं। इसके साथ ही कुएं या गड्डे में अनजाने में हाथ न डालें, बरसात में व अंधेरे में नंगे पांव न घूमें तथा जूतों को झाड़कर पहनें।

    साँप के काटने का इलाज
    साँप के काटने के उपचार में यह जरूरी है कि पीड़ित व्यक्ति को आपातकालीन चिकित्सा सहायता शीघ्र अति शीघ्र दी जाए। साँप के काटने पर संयम रखें ताकि हृदय गति तेज न हो। हृदय गति तेज होने पर जहर तुरंत ही रक्त के माध्यम से हृदय में पहुँच कर नुक्सान पहुँचा सकता है।  पीड़ित व्यक्ति को शांत और आरामपूर्वक रखें और जहर को फैलने से रोकने के लिए स्थिर रखें। तुरंत एम्बुलेंस को 108 या 102 पर कॉल करें और शीघ्र अति शीघ्र चिकित्सा सहायता के लिए नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान ले जायें। स्थिति को देखते हुए डॉक्टर द्वारा पीड़ित व्यक्ति को साँप के काटने से होने वाले लक्षणों का मुकाबला करने के लिए एंटी स्नेक वेनम का इंजेक्शन लगाया जाता है जितनी जल्दी यह इंजेक्शन पीड़ित व्यक्ति को लगता है यह उतना ही प्रभावी होता है। किसी भी प्रकार की झाड़ फूँक करवाकर समय बर्बाद न करें।

  • 8 से 23 जुलाई तक भारी वाहनों के लिए बंद रहेगा ऊना होशियारपुर रोडः एसडीएम

    8 से 23 जुलाई तक भारी वाहनों के लिए बंद रहेगा ऊना होशियारपुर रोडः एसडीएम

    प्रातः 7 बजे से सांय 7 बजे तक केवल दोपहिया व हल्के वाहन ही वाया बनखंडी जा पाएंगे

    ऊना/सुशील पंडित: ऊना से होशियारपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 503ए पर आगामी 8 जुलाई से 23 जुलाई तक भारी वाहनों (यात्री तथा अन्य व्यवसायिक) की आवाजाही वाया बनखंडी बंद रहेगी। यह जानकारी एसडीएम ऊना डॉ. निधि पटेल ने इस संबंध में आयोजित बैठक के दौरान दी। उन्होंने बताया कि इस अवधि में सुबह 7:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक सभी भारी वाहन ईसपुर मोड़ से वाया गगरेट होते हुए होशियारपुर जाएंगे तथा होशियारपुर की ओर से बजवाड़ा बट्टा मार्केट प्वाईंट से गगरेट होते हुए ऊना की तरफ आएंगे। उन्होंने बताया कि ऊना से होशियारपुर आने जाने वाले दोपहिया वाहनों तथा हल्के चार पहिया वाहनों की आवाजाही निरंतर जारी रहेगी। एसडीएम ने बताया कि सांय 7:00 से प्रातः 7:00 बजे तक सभी प्रकार के वाहन ऊना से होशियारपुर वाया बनखंडी होते हुए आ जा सकते हैं।

    डॉ. निधि पटेल ने बताया कि यह निर्णय पंजाब क्षेत्र में होशियारपुर से ऊना जिला की सीमा तक निर्माणाधीन सड़क मार्ग के निर्माण कार्य के दृष्टिगत लिया गया है, जिसके विषय में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग के परियोजना निदेशक ने लिखित अनुरोध किया था।

    बैठक में डीएसपी होशियारपुर वरिंदर खोसा, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग जालंधर के उप प्रबंधक शांतनु उपाध्याय, सचिव आरटीए होशियारपुर सुखविंदर कुमार, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग के साइट इंजीनियर मुकुल बंसल, हिमाचल पथ परिवहन निगम ऊना के यातायात प्रबंधक दर्शन सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं निजी परिवहन संगठनों के पदाधिकारी व प्रतिनिधि गण उपस्थित थे।

  • 7 जुलाई तक बढ़ी चिंतपूर्णी मुख्य बाजार में वाहनों की आवाजाही पर रोक

    7 जुलाई तक बढ़ी चिंतपूर्णी मुख्य बाजार में वाहनों की आवाजाही पर रोक

    ऊना/सुशील पंडित: जिलाधीश ऊना राघव शर्मा ने चिंतपूर्णी नया बसा अड्डा से पुराना बस स्टैंड सड़क मार्ग तक वाहनों की आवाजाही पर रोक को 7 जुलाई तक बढ़ाने के आदेश जारी किए हैं। डीसी ने कहा कि जलापूर्ति लाइन व मैनहोल चैंबर्स के निर्माण की वजह से क्षतिग्रस्त हुई सड़क की अस्थाई मरम्मत के लिए पहले 30 जून से 3 जुलाई तक पर वाहनों की आवाजाही बंद करने के आदेश जारी किए गए थे। अब यह रोक सात जुलाई तक बढ़ा दी गई है।
  • विश्व पशु जन्य रोग दिवस पर बसदेहड़ा में आयोजित होगा श्वान नसबंदी शिविर

    विश्व पशु जन्य रोग दिवस पर बसदेहड़ा में आयोजित होगा श्वान नसबंदी शिविर

    ऊना/सुशील पंडित: विश्व पशु जन्य रोग दिवस के उपलक्ष्य पर पशु चिकित्सालय बसदेहड़ा में 6 जुलाई को श्वान नसबंदी शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिलाधीश ऊना राघव शर्मा मुख्यतिथि होंगे। इस कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। 
    यह जानकारी देते हुए उप-निदेशक पशु पालन विभाग डॉ. जय सिंह सेन ने बताया कि  प्रति वर्ष 6 जुलाई को विश्व पशु जन्य रोग दिवस मनाया जाता है, जिनमें लोगों को ऐसी संक्रामक बीमारियों के बारे में जागरूक किया जाता है, जो जानवरों से मनुष्य तथा मनुष्य से जानवरों में फैलती हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम प्रातः 10 बजे आरंभ होगा।
  • पिछले साढ़े चार साल में ऊना विस क्षेत्र में सरकार ने 1306 गरीब परिवारों को दिया अपना घर

    पिछले साढ़े चार साल में ऊना विस क्षेत्र में सरकार ने 1306 गरीब परिवारों को दिया अपना घर

    गरीब परिवारों को घर बनाने के लिए सरकार ने दी 16.76 करोड़ रुपए की आर्थिक मदद

    सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना तथा स्वर्ण जयंति आश्रेय योजना से दी गई मदद

    ऊना/सुशील पंडित: हर परिवार का सपना होता है एक अपना घर। अपने घर के सपने को साकार करने के लिए प्रदेश सरकार के साथ-साथ केंद्र सरकार की योजनाएं वरदान बन रही हैं, जिसका लाभ आम आदमी को मिल रहा है। सरकार की मदद से ऊना विधानसभा क्षेत्र में गत साढ़े 4 वर्षों के दौरान विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 1306 परिवारों को मिले पक्के मकान मिले हैं, जिसके लिए उन्हें  16,76,23,697 रूपए की आर्थिक मदद प्रदान की गई। 

    छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा ”ऊना विस क्षेत्र में गरीब परिवारों को अपना घर बनाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना तथा स्वर्ण जयंति आश्रेय योजना से मदद प्रदान की गई है। मैं इन योजनाओं के संचालन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का धन्यवाद करता हूं, जो गरीब को ध्यान में रखकर योजनाएं बन रहे हैं और उन योजनाओं को धरातल पर उतार रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2024 तक सभी को अपना घर देने का लक्ष्य रखा है, उनके इस मिशन को पूरा करने के लिए हम सभी प्रयासरत हैं।”

    ऊना विस क्षेत्र के तहत शहरी क्षेत्रों में पात्र गरीब परिवारों को घर बनाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत पिछले साढ़े चार वर्षों में 1150 आवास बनाने को 14,60,53,697 रूपए स्वीकृत किए गए हैं। नगर परिषद ऊना में 7,63,56,196 रुपए की लागत से 600 आवास बनाने को मंजूरी मिली है, जिनमें से 117 घर बनाकर तैयार किए जा चुके हैं, जबकि 483 आवास का निर्माण कार्य प्रगति पर है। वहीं नगर परिषद मैहतपुर बसदेहड़ा ने 3 करोड़ 59 हजार की लागत से 246 आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 74 बनकर किए जा चुके हैं, जबकि 173 घर बनाने का कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त नगर परिषद संतोषगढ़ के अंतर्गत 3,96,38,501 रूपए की लागत से 304 घर बनाने को स्वीकृति मिली, जिनमें से 119 घरों को निर्मित किया जा चुका है जबकि 186 घरों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

    नगर परिषद ऊना निवासी किरण वाला, कुसुम, कौशल सैनी, नगर परिषद मैहतपुर निवासी संतोष कौर, अशोक कुमार, एकता तथा नगर परिषद संतोषगढ़ निवासी पवन कुमार, चरण दास व मेहर चंद ने बताया कि उन्हें सरकार की ओर से अपना पक्का मकान बनाने के लिए 1.85 लाख रुपए की सहायता राशि प्राप्त हुई है तथा उनका पक्का घर बनाने का सपना साकार हुआ है। आवास योजनाओं के इन लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तथा छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती का आभार व्यक्त किया है। 

    वहीं कल्याण विभाग की ओर से चलाई जा रही एक अन्य योजना स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के अंतर्गत ऊना विधानसभा क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश सरकार के गत साढ़े 4 वर्षों के कार्यकाल के दौरान 111 व्यक्तियों को गृह निर्माण के लिए 1,48,20,000 रुपए की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। 

    इस बारे तहसील कल्याण अधिकारी ऊना जितेंद्र शर्मा ने बताया कि योजना के तहत वित्त वर्ष 2018-19 में ऊना विधानसभा क्षेत्र के 31 लाभार्थियों को 35 लाख 25 हजार रुपए,  वित्त वर्ष 2019-20 के दौरान 18 लाभार्थियों को 23 लाख 40 हजार रुपए, वित्त वर्ष  2020-21 के दौरान 26 लाभार्थियों को 35 लाख 55 हजार रुपए तथा वित्त वर्ष 2021-22 के दौरान 36 लाभार्थियों को 54 लाख रुपए आवास निर्माण के लिए अनुदान के रूप में दिए गए हैं। लाभार्थियों में अनुसूचित जाति के 78, अन्य पिछड़ा वर्ग के 32 तथा अनुसूचित जनजाति का एक व्यक्ति शामिल है।

    ग्रामीण विकास विभाग भी गरीब परिवारों को घर बनाने में मदद दिलाने के लिए मुख्यमंत्री आवास योजना का संचालन कर रहा है। इस योजना के अंतर्गत गत साढ़े 4 वर्षों के दौरान ऊना विधानसभा क्षेत्र में 45 लाभार्थियों को गृह निर्माण के लिए 67 लाख 50 हजार रुपए की अनुदान राशि आबंटित की गई है। इनमें से 40 आवास निर्मित किए जा चुके हैं, जबकि 5 घरों को बनाने का कार्य जारी है। इस योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी को डेढ़ लाख रुपए की सहायता राशि गृह निर्माण के लिए दी जाती है। 

    जारीकर्ता 
    बलबीर सिंह, सहायक लोक संपर्क अधिकारी, ऊना
    फोन नंबर- 9882137324

  • एडीसी ने ट्रिपल आईटी के छात्रों को दी प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना की जानकारी

    एडीसी ने ट्रिपल आईटी के छात्रों को दी प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना की जानकारी

    ऊना/सुशील पंडित: एडीसी ऊना डॉ. अमित कुमार शर्मा ने आज भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी) सलोह के छात्रों को प्रधानमंत्री गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के बारे में जानकारी दी। संवाद कार्यक्रम में एडीसी ऊना डॉ. अमित शर्मा ने पीएम गति शक्ति योजना के उद्देश्यों तथा इस योजना से होने वाले लाभ पर प्रकाश डाला।

    संस्थान के विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए एडीसी ने कहा कि प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना 16 मंत्रालयों को जोड़ने वाला एक डिजिटल मंच है, जिसमें रेलवे, सड़क एवं राजमार्ग, पेट्रोलियम एवं गैस, पावर, नागरिक उड्डयन तथा शिपिंग जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय शामिल हैं। गतिशक्ति मास्टर प्लान का उद्देश्य अलग-अलग मंत्रालयों के तहत चल रहे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट में तालमेल स्थापित करके उन्हें सही दिशा प्रदान करना है। 

    डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कहा कि यह योजना उद्योगों की प्रतिस्पर्धा को बढ़ाएगी और भविष्य में आर्थिक क्षेत्रों के निर्माण के लिए नई संभावनाओं को विकसित करने में भी काफी मददगार साबित होगी। उन्होंने बताया कि इस योजना को पॉवर ऑफ स्पीड का भी नाम दिया गया है, जिसे इन्फ्रास्ट्रक्चर के साथ जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस योजना से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और आधारभूत ढांचा मजबूत होगा, जिससे आम लोगों के साथ-साथ उद्योगों को लाभ मिलेगा। इससे सामान की ढुलाई सस्ती व सुविधाजनक बनेगी और समय भी कम लगेगा। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक, रजिस्ट्रार, स्टाफ तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।

  • पंजाब: 8 सीनियर आईपीएस अफसरों के हुए तबादले 

    पंजाब: 8 सीनियर आईपीएस अफसरों के हुए तबादले 

    चंडीगढ़ः पंजाब में मान सरकार लगातार एक्शन को मोड़ में दिखाई दे रही है। सत्ता में आते ही मान सरकार ने पुलिस व अन्य प्रशासनिक हलकों में काफी फेरबदल किया है। सरकार ने डीजीपी प्रबोध कुमार, सहित एडीजीपी और आईजी स्तर के 8 अधिकारियों के तबादलें किए हैं।  बता दें कि आज ही सरकार की ओर से 334 डीएसपी रैंक के तबादले किए गए। देखें लिस्टः

  • IIT की छात्रा के साथ छेड़छाड़ के आरोप में हिरासत में IAS Officer

    IIT की छात्रा के साथ छेड़छाड़ के आरोप में हिरासत में IAS Officer

    खूंटीः झारखंड के खूंटी जिले में इंटर्नशिप पर आयी हिमाचल प्रदेश की रहने वाली आईआईटी की एक छात्रा के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ करने के आरोप में जिले के सब डिविजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) सैयद रियाज अहमद को पुलिस ने बीती रात हिरासत में ले लिया। अहमद भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2019 बैच के अधिकारी हैं। पुलिस अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।

    हिमाचल के आईआईटी से इंटर्नशिप के लिए आयी थी छात्रा

    खूंटी के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने ‘समाचार एजेंसी’ को बताया, ‘‘हिमाचल प्रदेश के आईआईटी से यहां इंटर्नशिप के लिए आयी एक छात्रा के साथ दो जुलाई को अपने आवास पर जोर-जबर्दस्ती करने और अभद्र आचरण करने के आरोप में खूंटी जिले में तैनात एसडीएम और भारतीय प्राशासनिक सेवा के 2019 बैच के अधिकारी सैयद रियाज अहमद को सोमवार की रात हिरासत में ले लिया गया।’’

    आईएएस अधिकारी पर आरोप, छात्रा के साथ किया अभद्र व्यवहार

    उन्होंने बताया कि अधिकारी से पूछताछ की जा रही है। कुमार ने बताया कि आईएएस अधिकारी पर आरोप है कि उसने शनिवार दो जुलाई को अपने आवास पर पीड़िता का चुम्बन लिया और फिर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने बताया कि अपने इंटर्नशिप कार्यक्रम में यहां आये आईआईटी की छात्र-छात्राओं को एसडीएम रियाज अहमद ने अपने आधिकारिक आवास पर एक जुलाई को पार्टी में बुलाया था। पीड़ित छात्रा के अनुसार रात भर चली पार्टी के बाद जब वह अपने अन्य साथियों के साथ दो जुलाई की सुबह एसडीएम आवास से निकलने वाली थी तो अकेले होने का फायदा उठाकर आईएएस अधिकारी ने उसके साथ कथित रूप से बदतमीजी की।

    पुलिस ने हिरासत में लिया आईएएस अधिकारी

    छात्रा ने घटना की सूचना स्थानीय महिला थाना में दी लेकिन सोमवार शाम को पीड़िता के बयान पर एसडीएम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी और देर रात्रि ही रियाज को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीड़िता समेत आईआईटी की आठ छात्राएं कई अन्य छात्रों के साथ इन दिनों खूंटी में इंटर्नशिप के लिए आयी हुई है। उन्होंने बताया कि शनिवार की देर शाम एसडीओ आवास में इन प्रशिक्षुओं के लिए रात्रि भोज की व्यवस्था की गई थी जिसके बाद यह घटना हुई।

    उन्होंने बताया कि एसडीएम रियाज अहमद के खिलाफ पुलिस ने खूंटी की महिला थाना में भारतीय दंड संहिता की धारा 354 और 509 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। कुमार ने बताया कि पूछताछ के लिए सोमवार की रात एसडीएम को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आईएएस अधिकारी के खिलाफ दर्ज की गयी प्राथमिकी में जमानती धाराएं ही लगायी गयी हैं।

    पुलिस ने पीड़िता की चिकित्सीय जांच कराकर अपराध प्रक्रिया संहिता की धारा 164 के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष उसका बयान दर्ज करा रही है। कुमार ने बताया कि अपनी शिकायत में छात्रा ने अन्य लोगों की भी चर्चा की है लिहाजा पुलिस उनके भी बयान दर्ज कर रही है और मामले में पूछताछ की प्रक्रिया जारी है। सूत्रों ने बताया कि एक जुलाई की रात को खूंटी के एसडीएम ने आईआईटी के छात्र-छात्राओं को अपने आवास में पार्टी के लिए बुलाया था, जहां सभी ने खाना पीना खाया जिसमें शराब का भी सेवन भी किया गया।

    पीड़िता का आरोपः एसडीएम ने जबर्दस्ती करने की कोशिश की

    उन्होंने बताया कि दूसरे दिन सुबह पीड़िता और एसडीएम कुछ देर के लिए अलग हो गए। उन्होंने बताया कि एकांत में एसडीएम रियाज ने पीड़िता का जबरन चुंबन लिया और उसके साथ कथित रूप से जबर्दस्ती करने की कोशिश करने लगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान छात्रा जान बचाने के लिए वहां से भाग निकली और अपने साथियों के साथ डीडीसी आवास से बाहर निकल गयी। पीड़ित छात्रा हिमाचल प्रदेश की रहने वाली है और आईआईटी से इंजीनियरिंग कर रही है और खूंटी में पिछले 20 दिनों से इंजीनियरिंग की 20 छात्र-छात्राएं इंटर्नशिप के लिए आये हुए हैं। जिला प्रशासन ने ही किसी कार्यक्रम को लेकर उन्हें प्रशिक्षण के लिए के लिए यहां बुलाया था।