Blog

  • चार मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 2 शव बरामद

    मुंबई : गिरगांव चौपाटी के पास चार मंजिला इमारत में आग लगने की घटना के बाद घटनास्थल से 2 शव बरामद किये गये हैं। एक दमकल अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि रंगनेकर रोड पर स्थित गोमती भवन की तीसरी मंजिल पर शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे लगी आग पर छह घंटे बाद काबू पा लिया गया. अधिकारी ने बताया कि तीसरी मंजिल पर एक मकान के शयनकक्ष और शौचालय से दो झुलसे शव बरामद हुए. उन्होंने बताया कि इमारत से तीन लोगों को सुरक्षित निकाला गया। दमकल की आठ गाड़ियों और छह जंबो (विशाल) टैंकरों को घटनास्थल पर भेजा गया। उन्होंने बताया कि रविवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे आग पर काबू पा लिया गया. आग लगने का कारण अभी ज्ञात नहीं है. अधिकारी ने बताया कि घटना की जांच जारी है।

  • कर्ज चुकाने के लिए किडनैपर बन गया इंजीनियर, जाने मामला

    नई दिल्ली : केरल पुलिस ने भारी कर्ज में डूबे इंजीनियर से व्यवसायी बने एक व्यक्ति, उसकी पत्नी और उनकी यूट्यूबर बेटी को  शनिवार को 10 लाख रुपये की फिरौती के लिए छह वर्षीय लड़की का अपहरण करने के आरोप में गिरफ्तार किया. इस घटना के चर्चा में आने के बाद अपहृत बच्चे को बाद में कोल्लम के एक सार्वजनिक मैदान में छोड़ दिया गया। केरल पुलिस ने भारी कर्ज में डूबे इंजीनियर से व्यवसायी बने एक व्यक्ति, उसकी पत्नी और उनकी यूट्यूबर बेटी को  शनिवार को 10 लाख रुपये की फिरौती के लिए 6 वर्षीय लड़की का अपहरण करने के आरोप में गिरफ्तार किया।

    इस घटना के चर्चा में आने के बाद अपहृत बच्चे को बाद में कोल्लम के एक सार्वजनिक मैदान में छोड़ दिया गया पुलिस ने कहा कि आरोपी पद्मकुमार (52), उनकी पत्नी अनीता कुमारी (45) और उनकी बेटी अनुपमा पद्मन (20) जो यूट्यूब पर पर्याप्त फॉलोअर्स का दावा करती हैं, को वैज्ञानिक, डिजिटल और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हिरासत में लिया गया। अपहृत लड़की से मिले इनपुट के आधार पर बनाए गए पद्मकुमार के स्केच की मदद से पुलिस ने आरोपी का सफलतापूर्वक पता लगा लिया।  अपहरण के पीछे का मकसद कथित तौर पर परिवार की गंभीर वित्तीय समस्याएं थीं। एडीजीपी एमआर अजितकुमार ने कहा कि फिरौती के लिए बातचीत के दौरान एक आरोपी की आवाज को स्थानीय लोगों ने पहचान लिया। उनसे मिली जानकारी ने आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपहरण सावधानीपूर्वक योजनाबद्ध तरीके से किया गया।

    आरोपी पिछले एक साल से इसकी योजना बना रहा था और उपयुक्त बच्चे की तलाश कर रहा था। पेशे से एक कंप्यूटर साइंस इंजीनियर, पद्मकुमार स्थानीय केबल टीवी नेटवर्क चलाने सहित कई व्यवसायों में लगे हुए थे, लेकिन कहा जाता है कि वह कोविड के बाद गंभीर वित्तीय संकट से जूझ रहे थे। अधिकारी ने कहा आरोपी के अनुसार उस पर 5 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज था। उसे 10 लाख रुपये की तत्काल जरूरत थी, जिसके कारण परिवार ने अपराध को अंजाम दिया। आरोपी ने दावा किया कि वह अन्य लोगों की कहानियों से प्रभावित था, जिन्होंने इसी तरह के अपराधों के माध्यम से आसानी से पैसा कमाया था। 

    वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा अपहरण की योजना को अंजाम देने के प्रयासों के तहत आरोपी ने अपनी कार के लिए दो फर्जी नंबर प्लेटें बनाईं। पुलिस को संदेह है कि अपहरण के पीछे अनिता कुमारी का दिमाग था। एडीजीपी ने यह भी कहा कि आरोपी ने पहले भी दो बार बच्ची का अपहरण करने की कोशिश की थी। लेकिन सफल नहीं हो सका क्योंकि उस मौके पर उसकी मां और दादी भी उसके साथ थीं. पुलिस अधिकारी ने बताया कि 20 वर्षीय अनुपमा की सोशल मीडिया के जरिए अच्छी कमाई होती थी, लेकिन कुछ समय पहले तकनीकी कारणों से यह अचानक बंद हो गई, जिससे परिवार को पैसों के लिए किसी अन्य आसान तरीके के बारे में सोचने पर मजबूर होना पड़ा। 

  • पंजाब : भयानक सड़क हादसे में 5 की मौ’त, देखें वीडियो 

    फिरोजपुर : पंजाब के फरीदकोट जिले से गुजरते अमृतसर बठिंडा नेशनल हाईवे पर गांव वाडा भाई का के पास शनिवार देर शाम भयानक सड़क हादसे में एक ही कार में सवार 5 लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक डिजायर कार में सवार थे और एक अन्य कार से टक्कर के बाद यह गाड़ी पेड़ से जा टकराई। सूचना के बाद पुलिस समेत सहारा सोसायटी बठिंडा की टीम मौके पर पहुंची। जिन्होंने मृतकों के शवों को कार से बाहर निकाला और उन्हें फरीदकोट के गुरू गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मोर्चेरी में रखवा दिया है। पुलिस के अनुसार एक आई-20 कार व एक शविफ्ट डिजाइर बठिंडा की तरफ से आ रही थी और वाडा भाई का के पास हादसे का शिकार हुई है।

    मृतकों में से 3 तीन की पहचान हो चुकी है, जिनमें से गांव कोटली अबलु निवासी मनजीत, अमनदीप सिंह बठिंडा और नानक सिंह रायेके कलां के रूप में हुई है। जबकि बाकी दो मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। उधर सहारा जन सेवा बठिंडा के संदीप सिंह ने बताया कि सूचना के बाद उनकी तीन गाड़ियों से मौके पर पहुंचे और उन्होंने 5 शवों को कार में से निकाल कर फरीदकोट पहुंचाया है।

  • जालंधर में हिमाचल पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

    माता चिंतपूर्णी मंदिर के पास लिखे थे खालिस्तानी नारे, आतंकी पन्नू के टच में थे तीनों

    जालंधर : देव भूमि हिमाचल प्रदेश में ऊना के श्री मां चिंतपूर्णी-तलवाड़ा बाइपास पर 2 दुकानों के शटरों और दीवारों पर खालिस्तानी नारे लिखने के मामले में हिमाचल पुलिस ने जालंधर से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों का हिमाचल पुलिस ने जालंधर पुलिस से क्रिमिनल रिकॉर्ड मांगा है। मिली जानकारी के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तार श्री मां चिंतपूर्णी पुलिस का कहना है कि उक्त तीनों युवकों ने ही नारे लिखे थे।

    घटना के बाद तीनों युवक एक होटल में भी रात को कमरा लेकर ठहरे थे। आरोपियों की पहचान फूल चंद (26) व अरजिंदर सिंह (28) निवासी ढेसिया और हैरी (21) निवासी सुरजा के रूप मे हुई है। बता दें कि आरोपियों ने कुछ दुकानों के शटर और दीवारों पर खालिस्तान जिंदाबाद और हिमाचल बनेगा खालिस्तान जैसे नारे लिखे थे।

  • 4 राज्यों के चुनावों के रुझान देखें LIVE: जाने किस राज्य में बीजेपी और किस में कांग्रेस की बल्ले-बल्ले

    नई दिल्ली : पांच राज्यों में हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में से चार के नतीजे आज आ जाएंगे। मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के चुनावी नतीजे 3 दिसंबर यानी आज आएंगे। चुनावी नतीजों के रुझान आने शुरू हो गए हैं। मध्यप्रेदश, राजस्थान में भाजपा बड़ी जीत हासिल करती दिख रही है। वहीं, छत्तीसगढ़ में कांटे की टक्कर है।  मिजोरम के परिणाम 4 दिसंबर को आएंगे। तेलंगना में कांग्रेस पार्टी को बहुमत मिलती जा रही है।

  • Election Results 2023 Updates: रुझानों में MP-राजस्थान में ‘कमल’ को बहुमत, छत्तीसगढ़-तेलंगाना ने दिया ‘हाथ’ का साथ

    नई दिल्ली : चार राज्यों के चुनावी नतीजों के रुझानों के मुताबिक-  11: 06 मिनट पर राजस्थान के रुझानों में बीजेपी 101 कांग्रेस+ 74 सीटों पर और बीएसपी 2 और अन्य 14 सीटों पर आगे चल रहे हैं. मध्य प्रदेश के रुझानों में बीजेपी 152 और कांग्रेस 76 सीटों पर आगे चल रही है।

    छत्तीसगढ़ के रुझानों में बीजेपी 47 और कांग्रेस 41 सीटों पर आगे चल रही है. तेलंगाना में कांग्रेस+ 66, बीआरएस-42, बीजेपी+9 और एआईएमआईएम- 1और अन्य 1 सीट पर आगे चल रही है। मध्य प्रदेश की 230 (बहुमत का आंकड़ा 116), राजस्थान की 200 में 199 (बहुमत का आंकड़ा 100), छत्तीसगढ़ की 90 सीटें (बहुमत का आंकड़ा 46) और तेलंगाना की 119 सीटों (बहुमत का आंकड़ा 60) पर फैसला आ रहा है।

    मिज़ोरम की गिनती सोमवार पर टाल दी गई है। राजस्‍थान, छत्तीसगढ़ और मध्‍य प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है, वहीं तेलंगाना में बीआरएस, कांग्रेस और भाजपा मुकाबले में है।

  • Election Results 2023 : BJP ने पूर्ण बहुमत के आंकड़े को किया पार

    नई दिल्ली :  राजस्थान में 25 नवंबर को हुए विधानसभा चुनाव में पड़े वोटों की गिनती कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रविवार सुबह 8 बजे शुरू हो गई। कुछ देर में शुरुआती रुझान मिलने की उम्मीद है। राजस्‍थान में मतगणना शुरू होने के कुुछ देर बाद ही रुझान आने शुरू हो गए हैं. शुरुआती रुझानों में बीजेपी और कांग्रेस एक दूसरे को टक्‍कर देती नजर आ रही हैं।

    शुरुआती रुझानों में बीजेपी और कांग्रेस एक दूसरे को टक्‍कर देती नजर आ रही हैं।
    -रुझानों में राजस्थान में बीजेपी पूर्ण बहुमत के आकड़े को पार कर गई है।
    -राजस्थान की वीआईपी सीट पर सचिन पायलट, वसुंधरा राजे, झोटवाड़ा से राज्यवर्धन राठौड़ आगे
    –  सरदारपुरा – सीएम अशोक गहलोत आगे
    – झोटवाड़ा – राज्यवर्धन राठौर (पीछे), अभिषेक चौधरी (कांग्रेस) आगे 
    -राजस्थान में EVM से गिनती शुरू, बीजेपी सबसे आगे
    -उदयपुर जिले का पहला रुझान आया. उदयपुर ग्रामीण बीजेपी के फूल सिंह मीणा आगे।
    -नाना लाल अहारी आगे. 
    -झाड़ोल से भाजपा के बाबूलाल खराड़ी आगे।
    – वल्लभनगर के शुरुआती रुझान में कांग्रेस की प्रीति शक्तावत आगे. 
    -जोधपुर के बिलाड़ा से आरएलपी के जगदीश कडेला आगे।
     सवाई माधोपुर विधानसभा क्षेत्र से डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा भाजपा से आगे  इससे पहले मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने कहा, ”मतगणना शुरू हो गई है।” सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की जा रही है जिसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के माध्यम से डाले गए मतों की गिनती की जाएगी। राज्य के 200 विधानसभा क्षेत्रों में से 199 में कुल 36 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं, जहां मतदान हुआ। श्रीगंगानगर की करणपुर सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह कूनर के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया था।

    199 सीटों के लिए 1,862 उम्मीदवार मैदान में हैं। जबकि 30 चुनाव जिलों में एक मतगणना केंद्र है, जयपुर, जोधपुर और नागौर में दो-दो केंद्र हैं। सीईओ गुप्ता ने कहा, “सभी जिला चुनाव अधिकारियों, पुलिस आयुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को मतगणना केंद्र पर सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है।”उन्होंने कहा कि मतगणना स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है और केवल अधिकृत पास वाले लोग ही प्रवेश कर सकेंगे। उन्होंने कहा, “मतगणना केंद्र पर प्रत्येक विधानसभा सीट के लिए अलग-अलग मतगणना हॉल बनाए गए हैं, जहां आयोग के निर्देशानुसार डाक मतपत्रों और ईवीएम की गिनती के लिए टेबल की व्यवस्था की गई है।”

  • दिन-रात खुली रहेंगी दुकानें, सरकार के प्रस्ताव को LG ने दी मंजूरी

    नई दिल्ली :  दिल्ली में रात के समय में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही लोगों को ज्यादा से ज्यादा सुविधा मुहैया करावने के उद्देश्य से उपराज्यपाल विनय सक्सेना ने 83 और प्रतिष्ठानों को 24 घंटे खोलने की मंजूरी दे दी है। अक्टूबर 2022 के बाद यह चौथा प्रस्ताव है, जिसे उपराज्यपाल ने मंजूरी दी है। उपराज्यपाल ने अक्टूबर 2022 में सुरक्षा और श्रमिक हितों को ध्यान में रखते हुए श्रम मंत्रालय के प्रस्ताव पर कुछ शर्तों के साथ दिल्ली दुकान और प्रतिष्ठान अधिनियम 1954 की धारा 14, 15 और 16 के तहत 314 प्रतिष्ठानों को छूट दी थी. इसके बाद इस साल अप्रैल में 55 और जून में 155 प्रतिष्ठानों को छूट दी गई थी अब ऐसे प्रतिष्ठानों की संख्या बढ़कर 607 हो गई है. इससे दिल्ली में रात के समय मेंआर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा

    उपराज्यपाल ने जिन 83 दुकानों और प्रतिष्ठानों को मंजूरी दी है, उनमें आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल लिमिटेड, ई-कॉमर्स दिग्गज अमेजन ट्रांसपोर्टेशन सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया लिमिटेड, नाइका फैशन प्राइवेट लिमिटेड, एफएसएन ब्रांड्स मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड और विकानेरवाला इंटरनेशनल आदि शामिल हैं इन दुकानों और प्रतिष्ठानों को मंजूरी देने के लिए उपराज्यपाल ने मुख्यमंत्री और श्रम विभाग की सराहना की इस दौरान उपराज्यपाल ने विभाग को पिछले एक साल के दौरान खारिज किए गए आवेदनों के निस्तारण नहीं किए जाने के कारण और दोबारा आवेदन करने के परिणाम का 15 दिनों के भीतर जानकारी देने के निर्देश भी दिए उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के अलावा निवेशक अनुकूल माहौल बनाने और दिल्ली के आर्थिक विकास के हित में भी होगा उन्होंने कहा कि एक साल पहले उन्होंने आवेदनों के निपटान में अत्यधिक और बेवजह देरी का मुद्दा उठाया था, तब से अब तक विभाग ने एक लंबा सकारात्मक सफर तय किया है

  • आज का राशिफल, 3 दिसंबर 2023

    आज का राशिफल, 3 दिसंबर 2023

    आज का राशिफल 3 दिसंबर दिन रविवार को चंद्रमा का संचार कर्क उपरांत सिंह राशि में होने वाला है। साथ ही आज ऐन्द्र योग, आश्लेषा नक्षत्र का प्रभाव भी रहने वाला है। ग्रहों-नक्षत्रों के प्रभाव से वृषभ राशि वाले रविवार की छुट्टी की वजह से आलस्य के मूड में रहेंगे और तुला राशि वालों को अच्छी खबर सुनने को मिलेगी। वहीं धनु राशि वाले अपने क्रोध पर नियंत्रण रखें। आइए जानते हैं रविवार का दिन मेष से मीन तक सभी राशियों पर कैसा प्रभाव रहेगा।

    मेष राशि : आज ससुराल पक्ष से शुभ समाचार सुनने को मिलेगा, से आपको आर्थिक लाभ होगा। रविवार की छुट्टी की वजह से सभी सदस्य एक जुट रहेंगे और घर में हंसी मजाक का माहौल बना रहेगा। बढ़ते घरेलू खर्चों की वजह से कुछ तनाव महसूस करेंगे और पिता की मदद से उसे कम करने का प्रयास भी करेंगे। व्यवसाय में किसी साझेदार के साथ पैसों का लेन-देन करते हैं, तो यह आज आपके लिए हानिकारक हो सकता है। शाम का समय किसी धार्मिक स्थल पर व्यतीत करेंगे।

    वृषभ राशि : आज परिवार के किसी सदस्य की स्वास्थ्य समस्या के कारण चिंतित रहेंगे। रविवार की छुट्टी की वजह से आलस्य के मूड में रहेंगे। साथ ही किसी पुराने दोस्त से मुलाकात भी हो सकती है, जिससे आप लंबे समय से मिलना चाह रहे थे। आज का दिन उन लोगों के लिए अच्छा रहेगा जो रोजगार की दिशा में प्रयास कर रहे हैं क्योंकि उन्हें आज कुछ अच्छे अवसर मिलेंगे। व्यापारियों के लिए आज लाभ के शुभ संयोग बन रहे हैं। सायंकाल का समय माता पिता के सेवा में व्यतीत करेंगे।

    मिथुन राशि : आज एकाग्र होकर अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें, तभी वे किसी प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त कर सकेंगे। परिवार में किसी सदस्य के विवाह की बात आज फाइनल हो सकती है। परिवार के किसी सदस्य के विवाह की तारीख आज तय कर सकते हैं। व्यापारी आज पूरे दिन व्यापारिक कार्यों में व्यस्त रहेंगे और व्यापार विस्तार की योजना भी बनाएंगे। माता पिता के साथ किसी तीर्थस्थल पर जाने की योजना बनाएंगे। सायंकाल का समय दोस्तों के साथ मौज मस्ती में व्यतीत होगा।

    कर्क राशि: आज वह धन मिल सकता है, जो आपको अपने व्यवसाय के कुछ पुराने सौदे फाइनल होने के कारण नहीं मिला था, जिससे आपके धन में भी वृद्धि होगी और आपके मन में उत्साह बढ़ेगा। माता-पिता के लिए कोई उपहार लेंगे, जिससे वे प्रसन्न भी होंगे। नौकरी पेशा जात आज रविवार की छुट्टी का आनंद लेंगे और अगले दिन की योजना भी बनाएंगे। परीक्षा में विद्यार्थियों द्वारा किए गए प्रयास सार्थक होंगे। अगर आज आप अपने किसी काम से छोटी दूरी की यात्रा पर जाते हैं तो यह आपके लिए फायदेमंद रहेगा। सायंकाल का समय किसी धार्मिक स्थल पर व्यतीत करेंगे।

    सिंह राशि : आज किसी खास व्यक्ति से मुलाकात हो सकती है, जिससे आपके अच्छा फायदा भी हो सकता है। सरकारी नौकरी से जुड़े लोगों को आज नौकरी में सावधानी से काम करना होगा, तभी वे अपने वरिष्ठों की नजरों में ऊपर उठ पाएंगे, अन्यथा वरिष्ठों के क्रोध का सामना करना पड़ सकता है। परिवार में विवाह योग्य किसी सदस्य के लिए कोई अच्छा अवसर आ सकता है, जिसे परिवार के किसी वरिष्ठ सदस्य की मंजूरी भी मिल सकती है। साझेदारी में कोई बिजनस करने की योजना बना रहे हैं तो कुछ समय रुक जाएं, क्योंकि यह साझेदारी आपके लिए हानिकारक हो सकती है।

    कन्या राशि : आज व्यवसाय की दिशा में जो भी कार्य करने का प्रयास करेंगे, उसमें आपको सफलता प्राप्त होगी। मौसमी बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं, इसलिए इनसे बचने के लिए खान-पान पर नियंत्रण रखना होगा। आज परिवार में कुछ आयोजनों की योजना बन सकती है, जिसके बारे में वरिष्ठ सदस्यों से चर्चा भी करेंगे। यदि आप आज जमीन संबंधी कोई निवेश करते हैं तो यह भविष्य में आपके लिए कोई अच्छी खबर ला सकता है। शाम के समय परिवार के सदस्यों के साथ किसी धार्मिक आयोजन में जा सकते हैं।

    तुला राशि – आज माता के स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहना होगा। साझेदारी में बनाई गई कुछ योजनाएं आपके लिए सकारात्मक परिणाम लेकर आएंगी। राजनीति की दिशा में काम करने वाले जातकों के लिए आज का दिन अन्य दिनों की अपेक्षा बेहतर रहेगा, उनके द्वारा किए गए प्रयासों में आज गति आएगी। सरकार द्वारा सम्मानित होने जैसी कोई अच्छी खबर मिल सकती है, लेकिन आज आपको भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचना होगा। सायंकाल के समय किसी मांगलिक समारोह में जाएंगे।

    वृश्चिक राशि : आज किसी यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे हैं तो सामान का ध्यान रखें क्योंकि खोने या चोरी होने की आशंका है। बढ़ते हुए कुछ खर्चों पर नियंत्रण रखना होगा, तभी आप अपनी आर्थिक स्थिति को संभाल पाएंगे। जो लोग विदेश से व्यापार कर रहे हैं, उनके लिए आज कोई अच्छी खबर आएगी, जिसका आप काफी समय से इंतजार कर रहे थे। छात्रों का मन पढ़ाई लिखाई में आज कम ही लग पाएगा। सायंकाल का समय किसी शादी विवाह में जाने का मौका मिलेगा।

    धनु राशि : आज रविवार की छुट्टी की वजह से घर के कार्यों को पूरा करेंगे। ससुराल पक्ष से सम्मान मिलता नजर आ रहा है। यदि आपने पहले किसी को कुछ पैसा उधार दिया था तो वह आज आपको वापस मिल सकता है। परिवार में कोई कलह उत्पन्न होती है तो आपको अपने क्रोध पर नियंत्रण रखना होगा। आज आपकी वाणी की सौम्यता आपको घर या व्यवसाय में सम्मान दिलाएगी, लेकिन आपको अपनी वाणी की मधुरता बनाए रखनी होगी। शाम का समय दोस्तों के साथ किसी छोटी सी पार्टी में बिताएंगे।

    मकर राशि – वालों के लिए आज का दिन मध्यम फलदायी रहेगा। अगर कोई नया बिजनस शुरू करने के बारे में सोचा है तो अभी इसके लिए सबसे अच्छा समय नहीं है। परिवार के किसी सदस्य के विवाह से जुड़ी बात आगे बढ़ सकती है। विद्यार्थी आज भविष्य की रणनीति बनाने में व्यस्त रहेंगे, जिसके लिए वे अपने सीनियर्स से मदद भी मांग सकते हैं। जीवनसाथी के साथ किसी बात पर अनबन होने की आशंका बन रही है, जिससे कुछ समय के लिए बोलचाल भी बंद रहेगी। सायंकाल के समय अपने माता-पिता की सेवा में व्यस्त रहेंगे।

    कुंभ राशि: आज किसी दोस्त के लिए धन का इंतजमा करना पड़ सकता है। विवाह योग्य लोगों के लिए आज कुछ अच्छे मौके मिलेंगे। परिवार में वाद विवाद होने की आशंका बन रही है इसलिए अपने क्रोध पर नियंत्रण खें अन्यथा बाद में आपको पछताना पड़ सकता है। ससुराल पक्ष से सम्मान मिलेगा और आपकी मदद के लिए तैयार रहेंगे। व्यापार में आज आपको दबाव में आकर कोई भी फैसला लेने से बचना होगा। शाम का समय परिवार के सदस्यों के साथ कुछ महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने में बिताएंगे।

    मीन राशि : आज लंबे समय से लंबित कार्यों के पूरा न होने से चिंतित रहेंगे, जिसके लिए आप अपने भाइयों से मदद भी मांग सकते हैं। अत्यधिक भागदौड़ के कारण आप सिरदर्द या बुखार से पीड़ित रह सकते हैं और थकान आदि का अनुभव भी होगा। रविवार की छुट्टी की वजह से पूरा परिवार एकजुट रहेगा, जिससे घर में शोर शराबा का माहौल भी रहेगा। व्यापारी आज लाभ प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत करेंगे। शाम के समय किसी दोस्त के समारोह में जाने का मौका मिलेगा।

  • शिक्षा में गुणात्मक सुधार तथा ढांचागत विकास के लिए प्रदेश सरकार उठा रही सार्थक कदम- उपमुख्यमंत्री

    ऊना/ सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश सरकार शिक्षा में गुणात्मक सुधार तथा ढांचागत विकास के लिए अनेक सार्थक कदम उठा रही है तथा गरीब बच्चों को उच्च शिक्षा में समान अवसर प्रदान करने के लिए हर संभव मदद मुहैया करवा रही है। यह जानकारी उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जिला ऊना के रक्कड़ में मांउट कार्मल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में उपस्थित विद्यार्थियों, अभिवावकों तथा अध्यापकों को संबोधित करते हुए दी।

    उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणात्मक शिक्षा में माउंट कार्मल स्कूल का विशेष स्थान है तथा यहां से पढ़े हुए विद्यार्थी देश-विदेश में विद्यालय के साथ-साथ जिला ऊना का नाम भी रोशन कर रहे हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि स्थाई सफलता व्यक्ति को केवल निरंतर परिश्रम व प्रयासो से ही हासिल हो सकती है इसलिए विधार्थियों को अपने जीवन में परिश्रम के साथ निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए तभी मनवांछित लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे जीवन में कभी भी नशा न करने का संकल्प लें तथा इसके बारे में अन्य लोगों को भी प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सरकार व प्रशासन द्वारा नशा मुक्त समाज की परिकल्पना को साकार करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं तथा जन सहयोग द्वारा इसके शत-प्रतिशत लक्ष्यों को हासिल किया जाएगा।


    उन्होंने कहा प्रदेश सरकार के प्रयासों से इस क्षेत्र को शिक्षा हब के रूप में विकसित किया जा रहा है तथा इस क्षेत्र में शैक्षणिक सुविधाओं में निरंतर इजाफा किया जा रहा है ताकि विकास के अन्य क्षेत्रों के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी जिला ऊना को विशेष पहचान प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि करीब दो दशक पूर्व विकास की दृष्टि से पिछड़ा कहे जाने वाला जिला ऊना का हरोली विधानसभा क्षेत्र आज विकास के मामले में न केवल हिमाचल प्रदेश में बल्कि देश के अग्रणी विधानसभा क्षेत्रों में शुमार है जिसका श्रेय इस क्षेत्र की जनता को भी जाता है जिनके निरंतर समर्थन व सहयोग से उन्हें लगातार पांचवीं बार हरोली विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि एक ओर जहां दो दशक पूर्व हरोली विधानसभा क्षेत्र में केवल चार वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थे वहीं आज हरोली विधानसभा क्षेत्र में 33 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, दो औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, एक केंद्रीय विद्यालय तथा तीन महाविद्यालय क्षेत्र में शिक्षा की अलख जगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र के गांव सलोह में 150 करोड रुपए की लागत से स्थापित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) की बदौलत इस क्षेत्र को देश व दुनिया में विशेष पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि सहकारिता कि क्षेत्र में स्थापित ही हिमकैप्स लॉ एंड नर्सिंग कॉलेज बढेड़ा का भी जिला ऊना के साथ साथ प्रदेश भर में विशेष स्थान है जहां से कानून तथा नर्सिंग की पढ़ाई करने बाले बच्चे देश व दुनिया में इस क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में एक ओर जहां पिछली पीढ़ी के अधिकतर लोग अशिक्षित या बहुत ही कम शिक्षित थे, वहीं वर्तमान में इस क्षेत्र के युवक युवतियां डॉक्टर, इंजीनियर, न्यायाधीश, वकील तथा नर्सिंग ऑफिसर बनकर इस क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। समारोह में उपमुख्यमंत्री ने विधालय के शिक्षा व अन्य क्षेत्रों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विधार्थियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने विद्यालय में नवगठित माउंट कार्मल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्लब का रिबन काटकर विधिवत्त शुभारंभ भी किया। उन्होंने वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह के आयोजन के लिए स्कूल प्रशासन को बधाई दी तथा स्कूल की निरंतर उन्नति व बेहतरी के लिए शुभकामनाएं दी।


    इससे पूर्व मांउट कार्मल विधालय परिसर में पहुंचने पर विधालय प्रशासन, विधार्थियों तथा अध्यापकों द्वारा उपमुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। समारोह में स्थानीय विधालय के छात्र-छात्राओं द्वारा अनेक रंग रंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों व छात्रों की ओर से 3 लाख 20 हजार 810 रुपए का चेक उप मुख्यमंत्री को भेंट किया गया।
    समारोह में माउंट कार्मल स्कूल के महाप्रबंधक फादर जेम्स मनमपुरम, प्रधानाचार्य फादर अब्राहम, डायरेक्टर फादर सेबेस्टियन, वाइस प्रिंसिपल सिस्टर एलसी, हरोली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनोद कुमार बिट्टू प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अशोक ठाकुर, कांग्रेस पार्टी के लीगल सेल के अध्यक्ष वीरेंद्र मनकोटिया, उपायुक्त ऊना राघव शर्मा, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विवेक शर्मा, एसपी मनीष डडवाल बाबा अमरजोत सिंह बेदी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।