Blog
-

ल्यूमिनस पॉवर टेक्नोलॉजी गगरेट के लिए साक्षात्कार 4 व 5 को
ऊना सुशील पंडित : ल्यूमिनस पॉवर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड यूनिट – 1 और 4 राम नगर(गगरेट) के लिए पुरुष वर्ग में 50 पदों के लिए अप्रेंटिसेज की आवश्यकता है। साक्षात्कार 4 जून को सुबह 10.30 जिला रोजगार कार्यालय ऊना और 5 जून को उप रोजगार कार्यालय अंब में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 12वीं, आइटीआई एवं डिप्लोमा होना अनिवार्य है। आयु सीमा 19 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं, 12वीं पास के लिए 12,750 रूपये, आइटीआई पास के लिए 13,250 रुपये तथा डिप्लोमा धारक के लिए 14,250 रूपये प्रतिमाह स्टाइपेंड प्रदान किया जाएगा। अक्षय शर्मा ने बताया कि योग्य व इच्छुक अभ्यर्थी अपने योग्यता प्रमाण पत्र, जन्मतिथि प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय पंजीकरण कार्ड, हिमाचली बोनाफाइड, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ, बायोडाटा व मूल प्रमाणों सहित साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 98166-47956 और 98057-70044 पर सम्पर्क किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि साक्षात्कार में आने जाने का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। -

Punjab News: अधिकारियों के साथ DGP Gaurav Yadav ने की मीटिंग, दिए सख्त निर्देश, देखें वीडियो
चंडीगढ़ः कानून व्यवस्था को लेकर आज डीजीपी गौरव यादव द्वारा मीटिंग की गई। इस दौरान वर्चुअल माध्यम से राज्य स्तरीय कानून व्यवस्था समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मामले की जानकारी देते हुए डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि इस मीटिंग में जिला कमिशनर कार्यालय के सुपरवाइजरीअधिकारियों के रूप में तैनात वरिष्ठ विशेष डीजीपी, अतिरिक्त डीजीपी, आईजीपी, डीआईजी रैंक के अधिकारियों, रेंज आईजीपी, डीआईजी, सभी पुलिस कमिशनर और सभी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों ने भाग लिया। बैठक में कानून व्यवस्था और अपराध की समीक्षा की गई और पंजाब सरकार की प्रमुख पुलिसिंग प्राथमिकताओं पर जोर दिया गया। इस मौके पर डीजीपी राम सिंह और डीजीपी परवीन सिन्हा भी मौजूद थे।
इस दरौान सभी फील्ड इकाइयों को निर्देश जारी किए गए कि वे रणनीतिक नाके, मोबाइल पेट्रोलिंग, वाहन चेकिंग और प्रभावी क्षेत्र नियंत्रण के माध्यम से पुलिस उपस्थिति और गश्त को मजबूत करें और गहनता से वाहनों की जांच की जाए ताकि जनता का विश्वास बढ़े और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित हो सके। प्रमुख पहलों ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ और ‘गैंगस्टरों पर वार’ की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिसमें नशीले पदार्थों की तस्करी के वित्तीय नेटवर्क को नष्ट करने पर विशेष ध्यान दिया गया। इस दौरान डीजीपी ने कहा कि आने वाले समय में ड्रग ट्रेड की मनी सप्लाई को चोक करने पर फोकस किया जाएगा। इस दौरान हवाला राशि के पैसे विदेशों में भेजने वाले लोगों पर शिकंजा कसा जाएगा। पुलिस को पीपुल्स फ्रैंडली बनाया जाएगा। इसके लिए नशीले पदार्थों के व्यापार से प्राप्त धन को अवैध हवाला ऑपरेटरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। पंजाब को सेफ एंड सिक्योर रखने पर जोर दिया गया। पुलिस-जन भागीदारी को मजबूत करने के लिए नागरिकों, संगठनों और ग्राम रक्षा समितियों के साथ नियमित संपर्क के माध्यम से जनहितैषी पुलिसिंग पर विशेष बल दिया गया है। जनता के साथ साझेदारी में पंजाब राज्य की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पर अडिंग है।
-

सुपरवाइजर और सुरक्षा गार्ड के 80 पदों के लिए साक्षात्कार 5 व 6 जून को
ऊना सुशील पंडित : सिस इंडिया लिमिटेड, आरटीए हमीरपुर द्वारा पुरुष वर्ग में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 80 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए साक्षात्कार 5 जून को सुबह 10.30 बजे रोजगार कार्यालय ऊना तथा 6 जून को उप रोजगार कार्यालय अंब में आयोजित किया जा रहा है। जिला रोजगार अधिकारी ऊना अक्षय शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण व अनुत्तीर्ण, न्यूनतम ऊंचाई 168 सेंटीमीटर, आयु सीमा 19 से 40 वर्ष और वेतन 17,500 से 24 हजार रूपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि एक महीने की ट्रेनिंग के उपरांत अभ्यर्थियों की नियुक्ति एटीएम, अस्पतालों, औद्योगिक क्षेत्र, मॉल सहित अन्य संस्थानों में की जाएगीउन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, जन्म तिथि, रोजगार कार्यालय पंजीकरण कार्ड, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 85580-62252 पर सम्पर्क किया जा सकता है। साक्षात्कार में आने जाने का यात्रा भत्ता देय नही होगा। -

शादी के कुछ घंटे बाद मातम में बदली खुशियां, हेलीकॉप्टर क्रैश में एक की मौत
जॉर्जियाः अमेरिका में भारतीय दंपति की शादी के कुछ घंटे बाद ही खुशियां मातम में बदल गईं। दरअसल, हनीमून पर जा रहे भारतीय मूल के दूल्हे की हेलीकॉप्टर हादसे में मौत हो गई, जबकि उसकी दुल्हन कई घंटों तक मलबे में फंसी रही। परिवार के लिए यह सदमा और भी बड़ा इसलिए है क्योंकि शादी के कुछ ही घंटे पहले ही दोनों ने सैकड़ों मेहमानों की मौजूदगी में नई जिंदगी की शुरुआत की थी। यह हादसा अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में हुआ है, जान गंवाने वाला युवक खुद पायलट था। मृतक की पहचान 25 वर्षीय पायलट डेव फिजी के रूप में हुई है।
हादसे में डेव की पत्नी जेस्नी गंभीर हादसे के बाद बच गई हैं। उन्हें घायल हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया। विवाह समारोह समाप्त होने के बाद नवविवाहित जोड़े के लिए एक विशेष विदाई की व्यवस्था की गई थी। दोनों हेलीकॉप्टर से अटलांटा के एक होटल जाने वाले थे, जहां वे अपनी शादी की पहली रात बिताने वाले थे। इसके बाद उनका हनीमून कार्यक्रम भी तय था। उड़ान भरने के कुछ समय बाद हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा डॉसनविल के पास अटलांटा शहर के स्वामित्व वाली लगभग 10 हजार एकड़ में फैली घने जंगलों वाली भूमि पर हुआ। दुर्घटनास्थल बेहद दुर्गम था, जिसके कारण बचाव दल को वहां पहुंचने और मलबे तक पहुंचने में काफी समय लगा। जेस्नी करीब 6 घंटे तक मलबे के बीच फंसी रहीं।
जब उन्हें होश आया तो उन्होंने खुद को टूटे हुए हेलीकॉप्टर के मलबे के नीचे पाया। उनके ऊपर डेव का शरीर पड़ा हुआ था। केरल से संबंध रखने वाले 25 वर्षीय डेव फिजी डेल्टा एयर लाइंस में पायलट थे। उन्होंने कुछ घंटे पहले जेस्नी के साथ जॉर्जिया के डॉसनविल स्थित ‘द रिवीयर’ वेडिंग वेन्यू में विवाह किया था। शादी में सैकड़ों मेहमान शामिल हुए थे और परिवार के अनुसार समारोह बेहद शानदार ढंग से संपन्न हुआ। डेव के माता-पिता जॉर्ज और फीबा फिजी कई साल पहले केरल के एर्नाकुलम जिले के मुवत्तुपुझा क्षेत्र से अमेरिका आकर बस गए थे। वहीं जेस्नी का परिवार भी केरल के अलप्पुझा जिले से जुड़ा हुआ है. परिवार के मुताबिक, डेव और जेस्नी की मुलाकात चर्च से जुड़े परिचितों के जरिए हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और उन्होंने जीवनसाथी बनने का फैसला किया था।
-

ऊना जिला के 17 जिला परिषद वार्डों के नतीजे
ऊना सुशील पंडित : पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन-2026 के अंतर्गत जिला ऊना के सभी 17 जिला परिषद वार्डों के चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त ऊना, जतिन लाल ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को देर रात तक चली मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई, जिसके उपरांत सभी 17 जिला परिषद वार्डों के अंतिम परिणाम घोषित कर दिए गए।उपमंडल अंब के अंतर्गत जिला परिषद वार्ड मुबारिकपुर – 1 से पवनजीत सिंह ने 3,475 मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की। उन्हें 9,225 जबकि उनके नजदीकी प्रतिद्वंद्वी संजीव कुमार को 5,750 मत पड़े। कुठेड़ा खैरला – 2 से अरूण लता ने 4,300 वोटों की भारी अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें 11,778 जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी हरजिन्द्र कौर को 7,478 मत मिले। ठठल-3 से सरबन सिंह 5,479 भारी मतों से विजयी रहे। उन्हें 12,670 तथा उनके प्रतिद्वंद्वी अर्जुन सिंह को 7,191 मत मिले। वहीं, उपमंडल बंगाणा के जिला परिषद वार्ड सोहारी – 4 से योगराज ने 1,547 मतों से जीत हासिल की। उन्हें 7,793 जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी विशाल सिंह को 6,246 मत पड़े। लठियाणी – 5 से अनीता देवी 1,941 मतों से विजयी रहीं। उन्हें 8,092 और उनकी नजदीकी प्रतिद्वंद्वी सीमा कुमारी को 6,151 मत मिले। धनेत – 6 से चंचल वाला 398 मतों से विजयी रहीं। उन्हें 6,588 और उनकी प्रतिद्वंद्वी वीना देवी को 6,190 मत पड़े।इसी तरह उपमंडल ऊना के तहत जिला परिषद वार्ड टक्का – 7 से सुमित कुमार शर्मा 956 मतों से विजयी रहे। उन्हें 5,431 और उनके प्रतिद्वंद्वी शोभित गौतम को 4,475 मत पडे़। चताड़ा – 8 से अनु ठाकुर ने 3,495 मतों से जीत हासिल की। उन्हें 8,164 जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी दीक्षा सैनी को 4,669 वोट मिले। देहलां अप्पर – 9 से अविनाश कुमार 1,633 वोटों से विजयी रहे। उन्हें 5,797 और उनके प्रतिद्वंद्वी राम बहादुर पौंजला को 4,164 मत पड़े। रायपुर सहोड़ां – 10 से बिन्दु शर्मा 1,567 मतों से विजयी रहीं। उन्हें 10,110 और उनकी प्रतिद्वंद्वी प्रियंका शर्मा को 8,543 मत पड़े।उपमंडल हरोली के अंतर्गत जिला परिषद वार्ड बाथू-11 से ज्योती वाला ने 693 मतों से जीत दर्ज की। उन्हें 7,475 तथा उनकी प्रतिद्वंद्वी संयोगिता रानी को 6,782 मत मिले। दुलैहड़ – 12 से सुलिंदरपाल कौर ने 814 मतों से विजयी दर्ज की। उन्हें 9,328 जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी हेमलता को 8,514 मत पड़े। हरोली – 13 से केवल सिंह 821 वोटों से विजयी हुए। उन्हें 6,009 जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 5,188 वोट मिले। पंजावर – 14 से इंदु वाला 2500 वोटों से विजयी रहीं। उन्हें 10,891 और उनके प्रतिद्वंद्वी अनु वाला 8,391 मत मिले।इसके अलावा उपमंडल गगरेट के तहत जिला परिषद वार्ड अम्बोटा – 15 से पवन कुमार 448 मतों से विजयी रहें। उन्हें 7,114 जबकि उनके नजदीकी प्रतिद्वंद्वी सुरिन्द्र सिंह कंवर को 6,666 वोट पड़े, चलेट – 16 से आरती देवी 3,816 वोटों से जीती। उन्हें 8,825 तथा 5,009 मत मिले। भंजाल लोअर – 17 से गुरमुख सिंह 2,722 मतों से विजयी रहे। उन्हें 10,714 तथा उनके प्रतिद्वंद्वी 7,992 मत पड़े। -

Punjab News: पुलिस के सामने 3 यूट्यूबर पर हुआ हमला, फोन तोड़ने के लगे आरोप, पीड़ितों ने दी चेतावनी देखें वीडियो
होशियारपुरः जिले के टांडा में 3 यूट्यूबर पर पुलिस की मौजूदगी में हमला हुआ। इस घटना को लेकर भारी हंगामा देखने को मिला। भारी संख्या में पुलिस कर्मी मौके पर पर पहुंचे और मामला शांत करवाया। पीड़ितों की पहचान साब सिंह, अनिल कुमार और तजिंदर सिंह के तौर पर हुई है। वहीं यूट्यूबर ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि गांव के कुछ व्यक्तियों ने उनके साथ मारपीट की और उनके मोबाइल फोन तोड़ दिए। हैरानी की बात यहा है कि घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पीड़ितों ने टांडा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि पुलिस की तरफ से अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने पुलिस कंप्लेंट में बताया कि वे लितरा गांव में एक घर के सामने ट्रांसफार्मर लगाने के विरोध की कवरेज कर रहे थे। इस दौरान एक व्यक्ति के घर के सामने ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा था, वह लगातार इसका विरोध कर रहा था।
इस दौरान जब पीड़ित पक्ष कैमरे के सामने आया तो गांव के कुछ लोग वहां जमा हो गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। उनको ऐसा करने से रोका तो उन्होंने हमला कर दिया। इसके बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। यूट्यूबर का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में ही कुछ व्यक्तियों ने उन पर हमला कर दिया और उनके मोबाइल फोन तोड़ दिए। तीनों पीड़ितों ने वायरल वीडियो के साथ घटना की जानकारी थाना टांडा में दर्ज करवाई है। पीड़ितों ने शाम तक आरोपियों पर कार्रवाई न होने पर थाने का घेराव करने की चेतावनी दी है।
-

बड़ी इन्फोर्समेंट सफलताओं के कारण पंजाब ने मई 2026 के दौरान 14.59% जी.एस.टी. बढ़ोतरी के साथ राष्ट्रीय औसत को पीछे छोड़ा
चंडीगढ़ : पंजाब की मजबूत वित्तीय कार्यक्षमता को दोहराते हुए, राज्य के वित्त, आबकारी एवं कर मंत्री एडवोकेट हरपाल सिंह चीमा ने आज यहां घोषणा की कि राज्य ने मई 2026 के दौरान वस्तु एवं सेवा कर (जी.एस.टी.) प्राप्ति में 14.59 प्रतिशत की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की है। वित्त मंत्री चीमा ने बताया, “इस महीने की कुल जी.एस.टी. कलेक्शन 2,400.52 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जो मई 2025 के दौरान प्राप्त 2,094.81 करोड़ रुपये की तुलना में 305.71 करोड़ रुपये की बड़ी बढ़ोतरी दर्शाती है।” वित्त मंत्री ने जोर देकर कहा कि यह शानदार बढ़ोतरी निरंतर आर्थिक गतिविधियों, बेहतर टैक्स अनुपालन और आबकारी एवं कर विभाग द्वारा इन्फोर्समेंट उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने का नतीजा है।
एक प्रेस बयान में विस्तार से जानकारी देते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि पंजाब की जी.एस.टी. कार्यक्षमता राष्ट्रीय रुझानों की तुलना में बेहद शानदार रही है, जो पिछले साल के इसी महीने की तुलना में देश के कुल जी.एस.टी. राजस्व के लगभग 3.2 प्रतिशत बढ़ोतरी से कहीं ज्यादा है। उन्होंने कहा, “जहां पंजाब की नकद उगाही (कैश कलेक्शन) में वृद्धि 6.57 प्रतिशत रही, वहीं राज्य की कुल जी.एस.टी. बढ़ोतरी 14.59 प्रतिशत के उच्च स्तर पर पहुंच गई, जो राज्य के राजस्व आधार के मजबूत होने, टैक्स अनुपालन के स्तर में सुधार और बेहद प्रभावी टैक्स प्रशासन के उपायों को दर्शाता है।” इन्फोर्समेंट उपलब्धियों पर जानकारी देते हुए वित्त मंत्री चीमा ने कहा, “पूरे पंजाब में स्टेट इंटेलीजेंस एंड प्रिवेंटिव यूनिट्स (सिपू) ने केवल मई 2026 के दौरान 182.69 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाकर और 178.76 करोड़ रुपये की वसूली करके शानदार परिणाम दिए हैं।”
उन्होंने बताया कि यह बड़ी वसूली व्यापक डेटा विश्लेषण (डेटा एनालिटिक्स), गुप्त जानकारी आधारित जांचों, निश्चित वेरिफिकेशन अभियानों और राज्य भर में समन्वय के साथ चलाए गए फील्ड ऑपरेशनों के कारण संभव हुई है। टैक्स चोरी के खिलाफ एक बड़ी सफलता का खुलासा करते हुए वित्त मंत्री चीमा ने बताया, “पंजाब कर विभाग ने मई 2026 के दौरान 85.4 करोड़ रुपये के फर्जी बिलिंग रैकेट का सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया है और लुधियाना की एक फर्म के डायरेक्टर को बोगस लेन-देन के जरिए 15.56 करोड़ रुपये का फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आई. टी. सी) लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।” उन्होंने कहा कि सिपू की जांच में सामने आया कि टैक्स धोखाधड़ी के लिए गैर-मौजूद फर्मों, फर्जी इनवॉइस, फर्जी डेबिट नोट्स और जाली ट्रांसपोर्टेशन रिकॉर्डों का इस्तेमाल किया गया था। इस कार्रवाई के तहत संबंधित फर्म के डायरेक्टर को पंजाब वस्तु एवं सेवा कर अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया और इस धोखाधड़ी से जुड़े लाभार्थियों से लगभग 3 करोड़ रुपये की वसूली भी की जा चुकी है।
अपने प्रेस बयान के अंत में वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दोहराया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार उन्नत डेटा एनालिटिक्स, ई-वे बिल की बारीकी से जांच, फास्टैग वेरिफिकेशन और गुप्त जानकारियों का उपयोग करके सरकारी राजस्व की रक्षा करने और ईमानदार टैक्सदाताओं को समान माहौल प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वित्त मंत्री ने फर्जी बिलिंग और संगठित टैक्स चोरी के नेटवर्क के खिलाफ सरकार की सख्त ‘जीरो-टॉलरेंस’ नीति को फिर दोहराया और संकल्प लिया कि आबकारी एवं कर विभाग सहायता, सख्त निगरानी और बिना किसी समझौते के इन्फोर्समेंट के संतुलित तरीके से असली टैक्सदाताओं के हितों की रक्षा करना जारी रखेगा।
-

Punjab News: Double Murder की सुलझी गुत्थी, रिश्तेदार ने दिया घटना को अंजाम, नगदी और गहने बरामद, देखें वीडियो
लुधियानाः शिमलापुरी इलाके के जनता नगर स्थित बंद मकान से बुजुर्ग दंपति के शव बरामद की गुत्थी को थाना डिवीजन नंबर-6 की पुलिस ने 24 घंटो में सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 34 वर्षीय प्रदीप सिंह पुत्र जगदीश सिंह निवासी मोहल्ला न्यू अंगद कॉलोनी के रूप में हुई है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस कमिशनर स्वप्न शर्मा ने बताया कि बंद घर से कुलदीप सिंह और उनकी पत्नी हरमीत कौर का शव बरामद हुआ था। इस मामले कमिश्नरेट पुलिस ने 24 घंटे गुत्थी को सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरोपी के कब्जे से 60 हजार रुपए नकदी और मृतकों के पहने हुए सोने के गहने और मृतकों के 2 मोबाइल बरामद किए है। मृतकों के पास काफी समय पहले लोहे की फैक्टरी होती थी। पुलिस कमिशनर ने बताया कि आरोपी महिला का दूर का रिश्तेदार है और स्क्रैप का काम करता था। वह कभी-कभी बुजुर्ग दपंति के घर आता था और एक दो हजार रुपए लेकर चला जाता था। घटना के दिन भी आरोपी बुजुर्ग दपंति के घर आया और जब हरमीत कौर उसे अलमारी से एक हजार रुपए देने लगी तो उसने अलमारी में और पैसे देख लिए। जिसके बाद उसकी नीयत खराब हो गई।
जिसके बाद आरोपी ने लोहे की रॉड से हमला करके मौत के घाट उतार दिया और अलमारी से 60 हजार की नगदी, गहने और फोन लेकर फरार हो गया। इस संबंधी मुकद्दमा दर्ज करके पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले कोई मामला दर्ज नहीं था। आरोपी को पेश अदालत कर पुलिस रिमांड हासिल करने उपरांत गहराई से पूछताछ की जाएगी। पुलिस कमिशनर ने बताया कि मृतक कुलदीप सिंह जिनकी 5 लड़कियां हैं, जो विदेश में रहती हैं और एक लड़के की मृत्यु हो चुकी है। कुलदीप सिंह और उसकी पत्नी हरमीत कौर अकेले ही अपने उक्त मकान में रहते थे।
-

CM मान के नेतृत्व में चुनाव विभाग के नियमों में संशोधन को दी गई हरी झंडी
चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में मंत्रिमंडल ने आज अहम फैसला लेते हुए आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के मद्देनजर प्रदेश की चुनाव मशीनरी को मजबूत करने के लिए चुनाव विभाग के सेवा नियमों में संशोधन को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से लंबे समय से लटक रही प्रशासनिक बाधाएं दूर होंगी, मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) को सुचारू और निर्बाध तरीके से संपन्न कराने में मदद मिलेगी और चुनावों से संबंधित कार्यों के लिए आवश्यक स्टाफ सुनिश्चित करने हेतु खाली पड़े महत्वपूर्ण पदों को भरने का रास्ता साफ होगा। मंत्रिमंडल ने जल संसाधन विभाग की वर्ष 2025-26 की वार्षिक प्रशासनिक रिपोर्ट को भी स्वीकृति दे दी है।
ये फैसले आज यहां मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान लिए गए। इस फैसले की जानकारी साझा करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि मंत्रिमंडल ने चुनाव कानूनगो के पद से चुनाव तहसीलदार के रूप में पदोन्नति के लिए आवश्यक अनुभव को 15 वर्ष से घटाकर 12 वर्ष करने हेतु चुनाव विभाग के सेवा नियमों में संशोधन को मंजूरी दे दी है। यह संशोधन विभाग में चुनाव तहसीलदार के 7 रिक्त पदों के कारण अनिवार्य हो गया था। मतदाता सूचियों के चल रहे विशेष पुनरीक्षण और आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के मद्देनजर चुनावों से संबंधित कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए चुनाव तहसीलदारों की सेवाओं की तत्काल आवश्यकता है।
मौजूदा नियमों के तहत 15 वर्षों के अनुभव की आवश्यकता होती है और इस समय सेवा कर रहे चुनाव कानूनगो में से कोई भी पदोन्नति के लिए योग्य नहीं है। विभाग ने आवश्यक अनुभव को घटाकर 12 वर्ष करने का प्रस्ताव रखा था ताकि योग्य चुनाव कानूनगो को आने वाले समय में पदोन्नत किया जा सके और चुनाव मशीनरी को मजबूत करने के लिए रिक्त पदों को भरा जा सके। जल संसाधन विभाग की वार्षिक प्रशासनिक रिपोर्ट को मंजूरी इस दौरान मंत्रिमंडल ने वर्ष 2025-26 के लिए जल संसाधन विभाग की वार्षिक प्रशासनिक रिपोर्ट को भी स्वीकृति दे दी है। इस रिपोर्ट की स्वीकृति से वित्तीय वर्ष के दौरान विभाग के प्रशासनिक कार्यों और उपलब्धियों के दस्तावेज़ीकरण और समीक्षा करने में मदद मिलेगी।
-

Punjab News: टीचर के मर्डर मामले में पुलिस का आया बयान, देखें वीडियो
अमृतसरः जंडियाला के नरैणगढ़ ड्रेन के पास टीचर का तेजधार हथियार से कत्ल कर दिया गया। मृतक की पहचान जगदीप सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी गांव तलवंडी के पास मालोवाल रूप में हुई है। वहीं जांच अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया कि उन्हें पता चला है कि उन्हें सूचना मिली थी कि सतनाम सिंह का तेजधार हथियारों से कत्ल कर दिया गया। घटना के दौरान जगदीप की मौके पर ही मौत हो गई।
जांच के दौरान पता चला कि जगदीप का घरेलु विवाद भी चल रहा था। ऐसे में अलग-अलग एंगलों से मामले की गहनता से जांच की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक बेटी को ट्यूशन छोड़कर घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ हमलावरों ने उन्हें घेरकर उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस घटना में गला कटने से खून अधिक बह गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी बलजीत सिंह और पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चुरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे है। पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों के बयानों पर मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है, जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं इस कत्ल की अभी तक वजह साफ नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है।