Blog

  • मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 312 ईआरवी वाहनों को दिखाई हरी झंडी

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 312 ईआरवी वाहनों को दिखाई हरी झंडी

    चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को गुरुग्राम के लेजर वैली पार्क में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा पुलिस के लिए 312 इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल्स (ईआरवी) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों में 310 मोटरसाइकिलें और 2 होंडा एलिवेट गाड़ियां शामिल हैं, जिन्हें होंडा इंडिया फाउंडेशन ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से उपलब्ध कराया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल प्रदेश में जन सुरक्षा को और मजबूत बनाने के साथ-साथ आपात स्थिति में लोगों तक शीघ्र सहायता पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। नई ईआरवी के माध्यम से पुलिस की पहुंच बढ़ेगी और संकट की स्थिति में लोगों को पहले से अधिक तेजी से सहायता मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि तकनीक और संसाधनों से सुसज्जित पुलिस व्यवस्था ही नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करती है।

    मुख्यमंत्री ने हरियाणा पुलिस के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि देश में पुलिस का औसत रिस्पांस टाइम लगभग 18 मिनट है, जबकि हरियाणा पुलिस ने इसे घटाकर मात्र 7 मिनट 3 सेकंड तक पहुंचा दिया है। यह उपलब्धि पुलिस विभाग की प्रतिबद्धता, बेहतर प्रबंधन और आधुनिक कार्यप्रणाली का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनता को समय पर सहायता उपलब्ध कराना ही सुशासन का वास्तविक स्वरूप है। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम को 60 मोटरसाइकिलें और एक होंडा एलिवेट गाड़ी, फरीदाबाद को 40 मोटरसाइकिलें और एक होंडा एलिवेट गाड़ी उपलब्ध करवाई गई है। इसके अतिरिक्त प्रदेश के अन्य जिलों को 210 मोटरसाइकिलें दी गई हैं। इन वाहनों को विभिन्न संवेदनशील और प्रमुख क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस सहायता कम से कम समय में उपलब्ध हो सके।

    मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी भी सुरक्षित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि सरकार, प्रशासन और निजी क्षेत्र के संयुक्त प्रयासों से जनहित के कार्यों को नई गति मिलती है और यह पहल भी उसी सोच का उदाहरण है। पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि नई ईआरवी के शामिल होने से हरियाणा पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि ये वाहन किसी भी सूचना पर तेजी से घटनास्थल तक पहुंचने में सक्षम होंगे, जिससे लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना और अधिक आसान होगा।

    पुलिस आयुक्त शिवास कविराज ने कहा कि आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित ये वाहन पुलिसिंग को और प्रभावी बनाएंगे। उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल आधारित ईआरवी भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संकरी गलियों में तेजी से पहुंचकर आपात स्थितियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी तथा नागरिकों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने में सहायक साबित होंगी। इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी विधायक बिमला देवी, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, एचएमएसआई के सीनियर डायरेक्टर एवं होंडा इंडिया फाउंडेशन के ट्रस्टी विनय ढींगरा, एचएमएसआई की डायरेक्टर सचिमी ताकाता, एचएमएसआई के डायरेक्टर एवं सीएफओ तोयोहिरो हाबा तथा होंडा इंडिया फाउंडेशन के ऑपरेटिंग ऑफिसर राजीव तनेजा सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

  • CM नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम से राज्यव्यापी योग अभ्यास अभियान का किया शुभारंभ

    CM नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम से राज्यव्यापी योग अभ्यास अभियान का किया शुभारंभ

    चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि योग केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि भारत की महान सांस्कृतिक विरासत का उत्सव है, जिसने हजारों वर्षों से मानवता को संतुलित, स्वस्थ और आध्यात्मिक जीवन की राह दिखाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने योग को विश्व पटल पर स्थापित किया और आज पूरी दुनिया इसे अपना रही है। योग हमारे ऋषि-मुनियों और साधकों की अमूल्य देन है, जिसका वैश्विक स्तर पर सम्मान और अभिनंदन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सोमवार को गुरुग्राम के सेक्टर-29 स्थित महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क (लेजर वैली) में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित राज्यव्यापी योग अभ्यास अभियान के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित योग साधकों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, नलवा के विधायक रणबीर पनिहार उपस्थित रहे।

    मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर अभियान का शुभारंभ करने उपरांत अपने संबोधन में कहा कि योग किसी धर्म या संप्रदाय से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि मानवता की एक वैज्ञानिक और आध्यात्मिक धरोहर है। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संयुक्त राष्ट्र महासभा में रखे गए प्रस्ताव को रिकॉर्ड 177 देशों का समर्थन मिला और 21 जून, 2015 को पहली बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। तब से योग का वैश्विक विस्तार निरंतर बढ़ रहा है और करोड़ों लोग इससे जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि “खेलेगा भारत तो खिलेगा भारत” और “योग की डोज, आधा घंटा रोज” जैसे संदेश आज के समय की आवश्यकता हैं। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर हम स्वस्थ, ऊर्जावान और सकारात्मक जीवन जी सकते हैं।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने इस वर्ष 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को भव्य और व्यापक स्तर पर मनाने का निर्णय लिया है। 1 जून से 21 जून तक प्रदेशभर में जिला, उपमंडल, ब्लॉक, वार्ड और ग्राम पंचायत स्तर पर योग शिविर आयोजित किए जाएंगे। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम 21 जून को पंचकूला में आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ है, जो आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। आधुनिक जीवनशैली ने जहां अनेक सुविधाएं प्रदान की हैं, वहीं तनाव, अनिद्रा, अनियमित खान-पान और मानसिक अशांति जैसी समस्याएं भी बढ़ी हैं। ऐसे समय में योग शरीर को निरोगी, मन को स्थिर और जीवन को संतुलित बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार की थीम ‘योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा’ है। प्रदेश के युवाओं को योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से योग को अपनाने और नशे से दूर रहने का आह्वान भी किया।

    मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे 21 जून तक आयोजित होने वाले योग कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा हरियाणा को देश का सबसे स्वस्थ, जागरूक और खुशहाल राज्य बनाने के संकल्प में सहभागी बनें। इस अवसर पर हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य ने विभिन्न योग क्रियाओं के लाभ बताते हुए मुख्यमंत्री  नायब सिंह तथा हज़ारो योग साधकों को सामूहिक योगाभ्यास कराया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, मंडलायुक्त रवि प्रकाश गुप्ता, सीपी शिवास कविराज, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, योग प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में योग साधक उपस्थित रहे।

       
  • Punjab News: सिंथेटिक दूध, पनीर और खोया के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन, सड़कों पर बिखेरा दूध, देखें वीडियो

    Punjab News: सिंथेटिक दूध, पनीर और खोया के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन, सड़कों पर बिखेरा दूध, देखें वीडियो

    अमृतसरः भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धू ने अमृतसर के फतेहगढ़ चूड़ियां बाईपास पर सिंथेटिक दूध, पनीर और खोया के व्यापार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने सड़कों पर दूध बिखेरकर रोष जताया और नकली डेयरी प्रोडक्ट्स के व्यापार को तुरंत बंद करने की मांग की।

    किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर में बड़े पैमाने पर सिंथेटिक दूध, पनीर, खोया और मिठाइयां बेची जा रही हैं, जिससे न सिर्फ लोगों की सेहत पर असर पड़ रहा है, बल्कि असली दूध उत्पादकों और डेयरी फार्मों के कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। पहले भी सिविल सर्जन और डीसी को मांगपत्र दिए गए थे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। भारतीय किसान यूनियन की जिला अध्यक्ष एकता सिद्धू ने कहा कि नकली डेयरी प्रोडक्ट्स का धंधा अभी भी बिना किसी रोक-टोक के चल रहा है। अगर जल्द ही कोई कार्रवाई नहीं की तो 10 जून से बड़े स्तर पर संघर्ष शुरू किया जाएगा।

    प्रदर्शन के दौरान एसडीएम मौके पर पहुंचे और किसानों से मांग पत्र लिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों की तरफ से उठाए मुद्दों को सरकार के ध्यान में लाया जाएगा और जहां भी नकली दूध, पनीर या खोया की शिकायतें मिलेंगी, संबंधित विभाग जांच करके उचित कानूनी कार्रवाई करेंगे।

     

     

     

  • Jalandhar News: कोर्ट कॉप्लैक्स को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप, देखें वीडियो

    Jalandhar News: कोर्ट कॉप्लैक्स को मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: पंजाब में आए दिन स्कूलों और सरकारी इमारतों को लगातार बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही है। वहीं ताजा मामला कोर्ट कॉप्लैक्स से सामने आया है, जहां जिला प्रशासनिक एवं न्यायिक परिसर में बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस के डॉग स्क्वाड और एंटी विंग की विभिन्न टीमें मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। इस घटना को लेकर प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।

    हालांकि घटना स्थल से पुलिस को कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है। हालांकि पुलिस द्वारा इमारत को खाली नहीं करवाया गया और ना ही आने-जाने वाले लोगों को इमारत से बाहर निकाला गया। इमारत में रूटीन की तरह काम चल रहा है। वहीं प्रशासन लगातार जांच में जुटी हुई है और कोर्ट में आने-जाने वाले लोगों की तालाशी ली जा रही है। वहीं एएसआई परमजीत सिंह का कहना हैकि कोर्ट में पहले से सिक्योरिटी तैनात की गई है। इस दौरान बम से उड़ाने की धमकी पर कहाकि मामले उनके ध्यान में नहीं है।

    वहीं एएसआई इंद्रपाल सिंह ने कहा कि बम से उड़ाने की धमकी को लेकर उच्च अधिकारी ने सूचित किया और गहनता से लोगों की तालाशी लेने और चौकस रहने के निर्देश दिए। वहीं बम सक्वॉयड टीम और डॉग सक्वॉयड टीम मौके पर पहुंची। जहां टीमों द्वारा कोर्ट की तालाशी ली गई। उन्होंने कहा कि 11 बजे उन्हें मामले की सूचना मिली थी। जिसके बाद व्हीकल की जांच की गई और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई। उन्होंने कहा कि 11 बजे सूचना मिलने के तुरंत बाद टीमें मौके पर पहुंची और 12.30 बजे तक कोर्ट कॉप्लैक्स की जांच करने के बाद टीमें रवाना हुई।

     

  • NH-34 Highway पर पलटी केदारनाथ जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस, कई घायल देखें वीडियो

    NH-34 Highway पर पलटी केदारनाथ जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस, कई घायल देखें वीडियो

    टिहरी: गंगोत्री से केदारनाथ जा रही बस ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे NH-34 पर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में 5 यात्री घायल हो गए, घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को बस से बाहर निकाला। जिसके बाद घायलों को तत्काल नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। जहां घायलों का उपचार चल रहा है। वहीं पुलिस हादसे की जांज में जुट गई है। हादसा चंबा-धरासू राष्ट्रीय राजमार्ग पर जौलांगी के पास हुआ। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। नई टिहरी कोतवाली के कोतवाल ऐश्वर्या पाल ने बताया कि बस में कुल 23 लोग सवार थे। इनमें 19 यात्री, 2 कुक, 1 चालक और 1 परिचालक शामिल थे।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    यह हादसा चंबा मार्ग पर कांडीखाल से लगभग 3 किलोमीटर आगे जौलांगी के निकट हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस का सहयोग किया। हादसे में घायल हुए यात्रियों की पहचान दिल्ली निवासी 56 वर्षीय सरल देवी, हरियाणा के 73 वर्षीय चरण सिंह, गुड़गांव हरियाणा निवासी 52 वर्षीय जयश्री, बल्लभगढ़ हरियाणा की 37 वर्षीय ज्योति और हरियाणा निवासी 65 वर्षीय ओमप्रकाश गोयल के रूप में हुई है।

    दुर्घटना में पांच लोगों को हल्की चोटें आईं। सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री के गंभीर रूप से हताहत होने की सूचना नहीं है। इन सभी घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय बौराड़ी भेजा गया है। राजस्व विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है। समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से एक बड़ा हादसा टल गया।

     
  • Punjab News: PAU और कृषि रिसर्च के लिए Raja Warring ने की Fund जारी करने की मांग, केंद्र के नाम भेजा ज्ञापन, देखें वीडियो

    Punjab News: PAU और कृषि रिसर्च के लिए Raja Warring ने की Fund जारी करने की मांग, केंद्र के नाम भेजा ज्ञापन, देखें वीडियो

    रवनीत बिट्टू और कैप्टन अमरिंदर सिंह पर साधे निशाने

    लुधियानाः पंजाब कांग्रेस के प्रधान व सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी के लिए वित्तीय सहायता बढ़ाने की मांग को लेकर संसदीय कृषि संबंधी स्थायी समिति को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने राज्य में कृषि के लिए स्पेशल फंड जारी करने की मांग की। ज्ञापन देने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए राजा वड़िंग ने कहा कि एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी के होंद में आने के बाद से पंजाब में कई तरह की रिसर्च हुई जिसके चलते पंजाब में हरित क्रांति लाई गई और कई लोगों का पेट भरा गया। इस हरित क्रांति को लाने के लिए एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी का बहुत बड़ा हाथ था, लेकिन अब वह एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी बुरे हालातों से गुजर रही है। पंजाब को इस वक्त रिसर्च की बहुत जरूरत है, क्योंकि पंजाब के पानी का लेवल नीचे की ओर जा रहा है। पंजाब की मिट्टी और हवा भी खराब हो गई है। इसी के चलते पंजाब को 1000 करोड़ रुपए ग्रांट बीजेपी सरकार रिलीज की जाए और इसी के साथ 50 से 60 करोड़ हर साल रिसर्च के लिए दिया जाए, क्योंकि अगर रिसर्च नहीं होगी तो नए बीज कैसे आएंगे। इसलिए डायवर्सिफिकेशन और रिसर्च के लिए यह फंड बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने पार्लियामेंट में भी यह बात उठाई थी। अब वह इसके लिए केंद्र सरकार को ज्ञापन देकर आएं हैं, ताकि राज्य को फंड मिले और देश भी तरक्की की ओर बढ़े। वहीं, इसी के साथ उन्होंने मंत्री रवनीत बिट्टू पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस तरह के वो बयान दे रहे हैं, उससे लगता है कि वह डिप्रेशन में है। इंस्पेक्टर के साथ विवाद को लेकर उन्होंने कहा कि इस तरह केंद्रीय मंत्री को किसी पुलिस वाले से लड़ना शोभा नहीं देता। मंत्री का तो काम है कि वह ज्यादा से ज्यादा लोगों का भला करें और पंजाब के युवाओं के लिए रेलवे भर्ती करें, पंजाब के लोग खुद उन्हें पसंद करने लगेंगे। वहीं कैप्टन अमरिंदर सिंह के कांग्रेस की तारीफ करने को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें इतना देर सीएम के पद पर रखा, लेकिन उन्हें इस तरह से पार्टी नहीं छोड़नी चाहिए थी। अब बाद में पार्टी की तारीफे करने का कोई फायदा नहीं है। अगर वह पार्टी नहीं छोड़ते, तो पंजाब में दोबारा सरकार बनानी थी। अब उन्हें पार्टी की याद आ रही है। उन्होंने सीधे तौर पर कहा कि भाजपा में आजादी से नहीं घूम सकते, लेकिन कांग्रेस में हर कोई आजाद होता है और आजादी से अपना काम करता है।
  • डंपर ने मारी टक्कर, पलटी श्रद्धालुओं से भरी बस, एक महिला की मौत, कई घायल, देखें वीडियो

    डंपर ने मारी टक्कर, पलटी श्रद्धालुओं से भरी बस, एक महिला की मौत, कई घायल, देखें वीडियो

    सप्तऋषिः हरिद्वार सप्तऋषि क्षेत्र में यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटना के दौरान सामने से आ रहा एक डंपर भी नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे स्थित ढाबे में जा घुसा। हादसे में राजस्थान की एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य यात्री घायल हो गए। दरअसल, बस (AR 06 C 0963) शांतिकुंज गेट नंबर 3 के पास सर्विस लेन से हाईवे पर बैक करने के लिए हरिद्वार की तरफ मुड़ रही थी, तभी देहरादून के रायवाला की तरफ से आ रहे डंपर (UK 08 CB 8077) ने बस को पलटता देख बचाने का प्रयास किया, लेकिन डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा। इस दौरान वहां खड़ी एक बुलेरो भी डंपर की चपेट में आ गई, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई।
    घटना के दौरान यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल हरिद्वार भिजवाया। बस में सवार सभी 45 से ज्यादा श्रद्धालु राजस्थान के रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार हादसा शांतिकुंज के पास हाईवे पर हुआ। राजस्थान से आए श्रद्धालुओं का दल गंगा स्नान के बाद वापस लौटने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी बस को बैक किया जा रहा था। अचानक चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क पर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस को पलटता देख सामने से आ रहे डंपर चालक ने टक्कर से बचने का प्रयास किया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक ढाबे में घुस गया। इस दौरान वहां खड़ी एक बुलेरो भी उसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने 50 वर्षीय पुष्पकवर पत्नी भंवर सिंह निवासी नागौर, राजस्थान को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को निगरानी में रखा गया है। वहीं एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि आपदा परिचालन केंद्र से बस दुर्घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। बस में कुल 45 यात्री सवार थे, जिनमें 26 लोग घायल हुए हैं। हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है। उधर, शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाने की कार्रवाई की गई ताकि यातायात सामान्य हो सके। प्रारंभिक जांच में बस को बैक करते समय संतुलन बिगड़ने की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।    
  • Train से हो रही थी तस्करी, Doon Express से 45 जिंदा कछुए बरामद, देखें वीडियो

    Train से हो रही थी तस्करी, Doon Express से 45 जिंदा कछुए बरामद, देखें वीडियो

    वाराणसीः कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दून एक्सप्रेस ट्रेन में दबिश दी। जहां पुलिस ने जनरल कोच से लावारिस हालत में 45 जिंदा कछुए बरामद किए। दरअसल रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को मुखबिर से सूचना मिली कि दून एक्सप्रेस के पिछले जनरल डिब्बे में अवैध रूप से कछुओं की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम सक्रिय हो गई और संबंधित कोच में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया। तलाशी के दौरान पुलिस को पांच संदिग्ध लावारिस बैग मिले।

    जब बैगों की जांच की गई तो उनमें बड़ी संख्या में जिंदा कछुए पाए गए। बरामद कछुओं की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। जौनपुर से कछुओं को लादकर बिहार ले जाने की बात सामने आ रही है। जीआरपी जांच में जुटी है। बरामद कछुओं में 36 छोटे और 9 बड़े कछुए शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बड़े कछुओं का वजन लगभग 10 से 15 किलो के बीच है। वन्यजीव तस्करी के इस मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इन कछुओं की कीमत लाखों रुपये तक हो सकती है।

    आशंका जताई जा रही है कि इनकी तस्करी विदेशों तक किए जाने वाले नेटवर्क से जुड़ी हो सकती है। प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई है कि कछुओं को जौनपुर से ट्रेन में लादा गया था और इन्हें बिहार ले जाया जा रहा था। जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध तस्कर की तस्वीर भी मिली है। हालांकि स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी फरार होने में सफल रहा। उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। रेलवे पुलिस ने बरामद सभी कछुओं को सुरक्षित कब्जे में लेकर मामले की सूचना वन विभाग को दे दी है। वन विभाग की टीम कछुओं की प्रजाति की पहचान करने के साथ ही उन्हें सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ने की तैयारी में जुट गई। साथ ही वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

  • Punjab News: मजीठिया पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार, SSP ने किए खुलासे, Hostel सहित 6 अन्य ठिकानों पर दबिश, देखें वीडियो

    Punjab News: मजीठिया पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार, SSP ने किए खुलासे, Hostel सहित 6 अन्य ठिकानों पर दबिश, देखें वीडियो

    अमृतसरः पंजाब में अकाली दल के सीनियर नेता बिक्रम मजीठिया पर गिरफ्तारी की तलवार लटक गई है। देहात पुलिस की ओर से मजीठिया को पकड़ने के लिए 12 टीमें गठित की हैं। अमृतसर के अलावा चंडीगढ़ में भी मजीठिया की तलाश की जा रही है। वहीं आज मजीठिया के घर के बाहर पहुंची। पुलिस अफसरों के मुताबिक अमृतसर में ग्रीन एवेन्यू, चंडीगढ़ में MLA हॉस्टल के अलावा 6 और ठिकानों पर तलाश की जा रही है। इस मामले को लेकर देहात के एसएसपी सोहिल मीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मजीठा थाना हमले के मामले में बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि 30 मई 2026 को दर्ज एक केस के तहत मजीठा पुलिस ने जौबनप्रीत सिंह निवासी स्वैया कलाँ को गिरफ्तार किया था।

    आरोपी पुलिस की कानूनी हिरासत में था और उससे पूछताछ की जा रही थी। एसएसपी के अनुसार 31 मई की सुबह करीब 11:30 बजे थाना के बाहर एक बड़ा हुजूम इकट्ठा हो गया, जिसने पुलिस कर्मचारियों को धक्का देकर ज़बरदस्ती थाने के अंदर दाख़िल होने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि यह पहले से रची गई साज़िश थी, जिसका मकसद पुलिस हिरासत में मौजूद आरोपी को छुड़ाना था। इस दौरान पूर्व विधायक बिक्रम सिंह मजीठिया भी मौके पर मौजूद थे।पुलिस के मुताबिक हुजूम ने थाने के विभिन्न कमरों में प्रवेश करके तलाशी ली, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाया और केस से जुड़े दस्तावेजों के साथ भी छेड़छाड़ की।

    जब SHO और DSP मजीठा मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई और सरकारी कामकाज में बाधा डालने की कोशिश की गई। SHO का मोबाइल फोन छीनने का भी प्रयास किया गया। सोहिल मीर ने बताया कि पुलिस कर्मचारियों ने हिम्मत और सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी को फिर से काबू में कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीमें गठित की हैं। अब तक 6 से 7 व्यक्तियों की पहचान की जा चुकी है और कई जगहों पर छापेमारी जारी है। SSP ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और मामले में शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • Punjab News: जमीन की बोली के पैसों को लेकर 17 पंचायत सचिव सस्पेंड

    Punjab News: जमीन की बोली के पैसों को लेकर 17 पंचायत सचिव सस्पेंड

    पटियालाः पंचायत विभाग द्वारा जिला के विभिन्न गांव की पंचायती बोली कराने के दौरान नियमों का उलंघन व बोली के पैसे बैंक में जमा न कराने पर पंचायत विभाग की ओर से एक्शन लिया गया। इस मामले में विभाग की ओर से कार्रवाई करते हुए जिला के 17 पंचायत सैकेटरियों (सचिव) को सस्पेंड कर दिया गया है। विभाग के निर्देशों के बाद पंचायत सैक्रेटरियों में हलचल पैदा हो गई है। दरअसल, विभागीय अनुसार जिस पंचायत के पास 100 किल्ला से अधिक पंचायती जमीन होती है, की बोली विभाग के डीडीपीओ की अगुवाई में की जाती है। विभाग द्वारा जब पंचायत सैक्रेटरियों से पंचायती बोली कराने का रिकॉर्ड मांगा गया तो कुछ सैक्रेटरियों ने रिकॉर्ड दिखा दिया और कुछ ने यह कहा कि पुराने डीडीपीओ की अगुवाई में पंचायती जमीन की बोली कराई गई है, लेकिन विभाग ने जब उसका रिकॉर्ड मांगा और बोली के पैसे बैंक में जमा कराए है या नहीं, का रिकॉर्ड सैक्रेटरियों को देने के लिए कहा तो जिला के 17 पंचायत सैक्रेटरियों ने विभाग को रिकॉर्ड मुहैया नहीं कराया।

    जिसके बाद डीडीपीओ मोहिंदरजीत सिंह द्वारा इन सैक्रेटरियों के नाम की लिस्ट बनाकर पंचायत विभाग के डायरेक्टर को भेजी गई। जिसके बाद डायरेक्टर द्वारा इन सैक्रेटरियों को सस्पेंड करने के निर्देश जारी किए गए। डीडीपीओ मोहिंदरजीत सिंह ने कहा कि 100 किल्ला से ज्यादा जमीन की बोली डीडीपीओ की अगुवाई में होती है। सैक्रेटरियों का कहना था कि उन्होंने पूराने डीडीपीओ की अगुवाई में जमीन की बोली कराई। सैक्रेटरियों से पंचायती जमीन की बोली कराने व बोली के पैसे बैंक में जमा कराने का रिकॉर्ड मांगा गया। इस बारे में कई बार सैक्रेटरियों को पत्र भी भेजे गए। कुछ ने रिकॉर्ड जमा कराया तो यह 17 सैक्रेटरी ऐसे थे, जिन्होंने बार-बार कहने पर भी रिकॉर्ड जमा नहीं कराया।

    डीडीपीओ ने कहा कि आशंका यह भी जताई जा रही है कि कई सैक्रेटरियों ने बोली के पैसे भी बैंक में जमा नहीं कराए। सभी 17 सैक्रेटरियों की रिपोर्ट बनाकर विभाग के डायरेक्टर को भेजी गई। डायरेक्टर द्वारा इन 17 पंचायत सैक्रेटरियों को सस्पेंड किया गया। अब नए नियुक्त किए जाने वाले पंचायत सैक्रेटरियों से रिकॉर्ड तलब किया जाएगा। जिसके बाद खुलासा होगा कि पंचायती जमीन की बोली कैसे कराई गई और कितने पैसे का हेरफेर किया गया। सस्पेंड किए पंचायत सैक्रेटरियों में नाभा से सुखविंदर सिंह लाली के अलावा भूपिंदर सिंह, पटियाला से सुखविंदर सिंह के अलावा अकाशदीप सिंह, पवन कुमार,समाना से हरपिंदर सिंह, रजिंदर कुमार, बलजिंदर सिंह के अलावा पुष्पिंदर सिंह, पटियाला देहाती से भूपिंदर सिंह, पातड़ां से जरनैल सिंह, गुरप्रीत सिंह और डिंपल, मनमिंदर सिंह, कुलदीप सिंह, सनौर से गुरदर्शन सिंह और भूनरहेड़ी से गुरजीत सिंह के नाम शामिल है।