Blog

  • इंटरनेट मीडिया पर देवी-देवताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां करने पर हिंदू संगठनों ने जताया रोष

    इंटरनेट मीडिया पर देवी-देवताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां करने पर हिंदू संगठनों ने जताया रोष

    एसडीएम अम्व को ज्ञापन देकर आरोपित युवक को गिरफ्तार करने की उठाई मांग

    ऊना/सुशील पंडित: उपमंडल अम्व के अंतर्गत आते एक युवक द्वारा लगातार इंटरनेट मीडिया पर देवी-देवताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां करने पर हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने रोष जताया है। मंगलवार को एसडीएम अम्व के कार्यालय के सामने इन लोगों ने आरोपित युवक के खिलाफ खूब नारेबाजी की और एसडीएम विवेक महाजन के अलावा पुलिस को ज्ञापन देकर आरोपित को गिरफ्तार करके इसके विरुद्ध कार्यवाही करने के मांग उठाई है।

    हिंदू सनातन समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि दियाड़ा गांव में एक युवक इंटरनेट मीडिया पर हिंदू देवी देवताओं के खिलाफ अभद्र व अश्लील पोस्ट डाल रहा है। आरोपित युवक की ऐसी हरकतों क्षेत्र में अराजकता और सांप्रदायिक दंगे होने की संभावना बन सकती है। हिंदू संगठनों का कहना है कि आरोपित युवक देवी देवताओं के खिलाफ अभद्र व समाज को बांटने वाली इन्हीं हरकतों की वजह से पूर्व में भी लिखित रूप से माफ़ी मांग चुका है। इतना ही नहीं करीब चार दिन पहले भी बडूही बाजार में नशा करके हुडदंग मचाने और देवी देवताओं के खिलाफ गलत टिप्पणियां करने के आरोप में इस युवक के विरुद्ध पुलिस चौकी जोल में मामला दर्ज हो चुका है। बाबजूद इसके आरोपित अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है और लगातार हिंदू देवी देवताओं के खिलाफ इंटरनेट मीडिया पर गलत पोस्टें डालकर क्षेत्र का माहौल बिगड़ने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि देवी देवताओं का अपमान करने वाले उक्त युवक का गुनाह बर्दाश्त करने लायक नहीं है। इससे समाज में अराजकता फैलने के साथ-साथ सांप्रदायिक माहौल भी खराब हो सकता है। ऐसे में आरोपित का खुले में रहना उचित नहीं हैं। आरोपित को जल्द गिरफ्तार करके उसके विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की जाए।

  • पंजाबी गायक सुरेंद्र शिंदा ने मां चिंतपूर्णी के दरबार में हाजिरी भरी

    पंजाबी गायक सुरेंद्र शिंदा ने मां चिंतपूर्णी के दरबार में हाजिरी भरी

    ऊना/सुशील पंडित: विश्व विख्यात शक्तिपीठ मां श्री चिंतपूर्णी जी के दरबार में मंगलवार को सुप्रसिद्ध पंजाबी गायक सुरेंद्र शिंदा ने हाजिरी भरी । इस मौके पर चिंतपूर्णी मंदिर के पुजारियों ने विधिवत रूप से वैदिक मंत्रों का उच्चारण कर पूजा-अर्चना करवाई और मां के दरबार में हाजिरी लगवाई। पूजा अर्चना करने के पश्चात मंदिर में स्थित पावन बट वृक्ष को मौली का धागा बांधा।
    बता दें कि सुरेंद्र शिंदा पंजाब में काफी लोकप्रिय गायक है। इसके अलावा मंदिर परिसर में जब वह दर्शन करने के लिए पहुंचे, तो उनके प्रशंसकों में उनके साथ सेल्फी लेने के लिए होड़ मच गई हालांकि उन्होंने किसी को भी निराश नहीं किया। वहीं मंदिर अधिकारी बलवंत सिंह ने माता की चुनरी और फोटो स्मृति चिन्ह के रूप में पंजाबी गायक सुरेंद्र शिंदा को भेंट की। वहीं अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि मां के दरबार में हाजिरी भरने के लिए आया हूं मां के दरबार में हाजिरी भर मन को सुख शांति मिली है।
  • 03 मार्च को जोघो, बगलहड़, बघेरी में विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित

    03 मार्च को जोघो, बगलहड़, बघेरी में विद्युत आपूर्ति रहेगी बाधित

    नालागढ़/सुशील कौशल: राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 66/33/11 के.वी. उपकेन्द्र बगलेहड़ के रखरखाव के दृष्टिगत विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। जोघों के सहायक अभियंता कृष्ण देव ने बताया कि 3 मार्च को सुबह  9 बजे से सांय पांच बजे तक जोघों, जगतपुर, रिया, कुंडलु, ऊंटपुर, कश्मीरपुर, बरुना, गुल्लरवाला, बघेरी आदि क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
  • सीपीएस राम कुमार ने 60 बेटियों को किया छात्रवृत्ति से सम्मानित

    सीपीएस राम कुमार ने 60 बेटियों को किया छात्रवृत्ति से सम्मानित

    विज्ञान दिवस पर मिली पी एण्ड जी बेटियां नामक छात्रवृत्ति

    नालागढ़/ सुशील कौशल: मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार ने मंगलवार को आदर्श औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नालागढ़ में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर 60 बेटियों को ‘पी एण्ड जी शिक्षा बेटियां छात्रवृत्ति’  से सम्मानित किया।

    राम कुमार ने पीएंडजी इंडिया और सेंटर फॉर सिविल सोसाइटी की ओर से आदर्श औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नालागढ़ में विज्ञान, तकनीकी, इंजीनियरिंग तथा गणित (स्टेम कोर्स) विषय की पढ़ाई कर रही 60 बेटियों को ‘पी एण्ड जी शिक्षा बेटियां छात्रवृत्ति’ सम्मान देकर प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि बेटियां आज देश और विदेश में अपना नाम रोशन कर रही है और इस तरह की पहल से बेटियों को जीवन में आगे बढऩे के अवसर प्रदान करेंगे।इस अवसर पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन भी किया गया जिसमें छात्राओं की कैरियर से सम्बन्धित जानकारी पीएंडजी कम्पनी के विशेषज्ञों ने दी। इसके अतिरिक्त पीएंडजी के प्लांट की महिला लीडर्स ने भी अपनी प्रेरक यात्राओं को साझा करने उपस्थित श्रोताओं को प्रोत्साहित किया।

    इस अवसर पर बीबीएन इंटक अध्यक्ष संजीव कुमार, आदर्श औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नालागढ़  के प्रधानाचार्य अजेश कुमार तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

  • जिला में जल संरक्षण के दृष्टिगत आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम

    जिला में जल संरक्षण के दृष्टिगत आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम

    ऊना/सुशील पंडित: आईआईसीटी संस्थान ऊना में उप निदेशक नेहरू युवा केंद्र ऊना डॉ लाल सिंह की अध्यक्षता में जल शक्ति अभियान आयोजित किया गया। अभियान में उन्होंने युवा प्रतिनिधियों से आसपास के जल स्रोतों का सही रखरखाव करने का आहवान किया। उन्होंने बताया कि पृथ्वी पर चार प्रतिशत जल पीने के योग्य है। उन्होंने कहा कि भविष्य में जल संकट कि समस्या को देखते हुए जल शक्ति मंत्रालय द्वारा नेशनल वाटर मिशन के तहत जल शक्ति अभियान संचालित किए जा रहे हैं। डाॅ लाल सिंह ने बताया कि नेहरू युवा केंद्र संगठन की जिला इकाईयों के द्वारा युवा संस्थाओं तथा युवा वोलंटियरस को जागरूक करने के साथ-साथ जल का सही भंडारण सुनिश्चित करने के लिए बचनबद्ध करना है। उन्होंने कहा की वर्ष 2023 में जल शक्ति अभियान के अंतर्गत जिला में  मई माह तक अनेकों गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

    जल शक्ति विभाग से खंड समन्वयक अंबेदीका द्वारा जल शक्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे युवाओं को जागरूक किया गया।  उन्होंने कहा की जब तक लोग जागरूक नहीं होने तब तक जल सरंक्षण  की कल्पना नहीं की जा सकती।  उन्होंने बताया कि जल शक्ति विभाग द्वारा प्रत्येक पंचायत स्तर पर जल समिति बनाई गई है ताकि लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके। आईआईसीटी नाईलेट्स संस्थान के निदेशक बिंदु महाजन द्वारा प्रतिभागियों से अनुरोध किया गया कि वह विभाग की योजनाओं का लाभ उठाएं।

     इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी विजय भारद्वाज, नेहरू युवा केंद्र ऊना के स्वयंसेवी रजत,  आरती,  ऋषभ अन्य लोग उपस्थित रहे।

  • फाॅरेस्ट क्लीरेंस मामलों को 15 दिनों के भीतर निपटाएं: राघव शर्मा

    फाॅरेस्ट क्लीरेंस मामलों को 15 दिनों के भीतर निपटाएं: राघव शर्मा

    ऊना/सुशील पंडित: उपायुक्त ऊना की अध्यक्षता में ज़िला ऊना में विभिन्न विकास परियोजनाओं के निर्माण में वन संरक्षण अधिनियम के तहत वन विभाग की स्वीकृति के लिए लंबित पड़े मामलों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। बैठक में वन विभाग के साथ लोक निर्माण, जलशक्ति, उद्योग, विद्युत, शिक्षा सहित विभिन्न विभागांे द्वारा कार्यान्वित की जा रही निर्माण परियोजनाओं बारे चर्चा की गई, जो फाॅरेस्ट क्लीरेंस के कारण अभी तक शुरू नहीं हो पाई हैं। 
     

    उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिये कि जो भी परियोजना वन विभाग की स्वीकृति के लिए लम्बित हैं उनका 15 दिन  के भीतर वन विभाग से समन्वय स्थापित कर सभी औपचारिक्ताएं पूर्ण कर लंबित पड़े मामलों का निपटारा करना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त भविष्य में फाॅरेस्ट लैंड पर निर्मित होने वाले किसी भी प्रोजैक्ट की डीपीआर तैयार करने से पूर्व वन विभाग की स्वीकृति के लिए समय पर आवेदन करें। उन्होंने आवेदन प्रक्रिया व आपत्तियों को दूर करने बारे वैवसाइट अपलोडिंग बारे अधिकारियों को डीएफओ से सम्पर्क करने के निर्देश दिये ताकि मामलों को शीघ्र अनुमोदित किया जा सके। 

    बैठक में डीएफओ सुशील कुमार, एक्सियन विद्युत मेघा राणा, एक्सियन लोक निर्माण अम्ब, बंगाणा, उद्योग से पंकज कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। 

  • डीसी ने ईसपुर में बनने वाले शीतला माता मंदिर का किया निरीक्षण

    डीसी ने ईसपुर में बनने वाले शीतला माता मंदिर का किया निरीक्षण

    ऊना/सुशील पंडित: उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने ईसपुर में बनने वाले शीतला माता मंदिर का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने बताया कि शीतला माता मंदिर में होने वाले विभिन्न कार्यों का आकलन करके सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई है, जिन्हें आगामी कार्यवाही हेतू उच्च स्तर पर भेज दिया गया है।
    इस दौरान स्थानीय पंचायत प्रधान बक्शो देवी, अधिशाषी अभियंता पीडब्ल्यूडी, जेई पीडब्ल्यूडी आशीष, कानूनगो विपिन कुमार व पटवारी मोहित सहित विभिन्न विभागो ंके अधिकारी उपस्थित रहे।
  • सरकारी अस्पताल में कुत्तों ने एक माह के बच्चे को नोंच खाया, मौत

    सरकारी अस्पताल में कुत्तों ने एक माह के बच्चे को नोंच खाया, मौत

    सिरोहीः राजस्थान के सिरोही के सरकारी अस्पताल में अपनी मां के पास सो रहे 1 महीने के बच्चे को कुत्ते उठाकर ले गए। कुत्ते मासूम का पेट और एक हाथ नोंचकर खा गए, जिससे उसकी मौत हो गई। कुत्ते बच्चे का एक हाथ उसकी मां के सामने ही नोंचकर ले गए। सिरोही के पिंडवाड़ा में रहने वाले महेंद्र मीणा (40) को सिलिकोसिस बीमारी है। महेंद्र का टीबी अस्पताल में इलाज चल रहा है। सोमवार रात को उसके बेड के पास नीचे फर्श पर उसकी पत्नी रेखा 1 बेटी और 2 बेटों को लेकर सो रही थी। वार्ड में घूम रहे आवारा कुत्ते उसके एक महीने के बेटे विकास को उठाकर ले गए।

    रात करीब 1:30 बजे रेखा की नींद खुली तो बच्चा गायब था। फौरन बच्चे को ढूंढना शुरू किया। बच्चे की तलाश शुरू की गई तो वार्ड के बाहर पानी की टंकी के पास कुछ कुत्ते उसे नोंचते दिखे। महिला दौड़कर वहां गई तब तक एक कुत्ता बच्चे का हाथ मुंह में दबाकर भाग गया। कुत्तों ने उसे नोंच-नोंचकर मार डाला था। जहां कुत्ते बच्चे को नोंच रहे थे, वहां जब तक उसकी मां पहुंची, तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी। अस्पताल में सीसीटीवी लगे हैं, लेकिन फिलहाल इसके फुटेज सामने नहीं आए हैं। अस्पताल प्रशासन भी इस पर कुछ बोलने को तैयार नहीं है।

    कार्यवाहक प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र महात्मा ने बताया कि घटना की पूरी जांच कराई जाएगी कि किन कारणों के चलते ऐसा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया, फिर मंगलवार को अंतिम संस्कार कराया।जिला प्रशासन की तरफ से गठित मेडिकल बोर्ड के प्रभारी डॉ. शक्ति सिंह ने बताया कि बच्चे का सिर, एक हाथ और दो पैर बचे थे। उसका पेट और एक हाथ नहीं था।

    घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय भाजपा नेता अस्पताल पहुंचे और अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठ गए। वे परिवार को मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन पूरी तरह से फेल है। अस्पताल में कुत्तों के झुंड के झुंड घूम रहे हैं, यहां कोई भी सुविधा नहीं है। मुख्यमंत्री और यहां के स्थानीय विधायक कहते हैं कि हमने अस्पतालों को बदल दिया है। एक बच्चे को कुत्ते मार डालते हैं तो व्यवस्था कहां है? भाजपाइयों ने अस्पताल और जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

  • नप बददी में कांग्रेस के चार मनोनीत पार्षदो ने ली गोपनीयता की शपथ

    नप बददी में कांग्रेस के चार मनोनीत पार्षदो ने ली गोपनीयता की शपथ

    घर घर जाकर वोट मांगना मेरा काम नहीं, बल्कि उनकी समस्याओं को समझना मेरा काम था – राम कुमार

    बददी/सचिन बैंसल: नगर परिषद बद्दी की ओर से मनोनीत पार्षदों की शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल ने की। वहीं कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में हिमाचल प्रदेश के मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार चौधरी ने शिरकत की। रामकुमार के नगर परिषद पहुंचने पर बड़ी धूमधाम से उनका स्वागत किया गया। उसके बाद राम कुमार ने कहा कि कांग्रेस सरकार वादों की सरकार है और जो कहती है वह करती है । उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार सत्ता में हैं और उनके चार मनोनीत पार्षद कुलदीप सिंह, मदन लाल, राहुल अग्रवाल व रमन कौशल और बोना आज शपथ ग्रहण करेंगे और नगर परिषद में अपना कार्य जिम्मेवारी से कार्य करेंगे ।उन्होंने कहा कि नगर परिषद बद्दी के कुछ क्षेत्रों में पानी की कमी है जिसके लिए उन्होंने जल विभाग को निर्देश दे दिए हैं और उन्होंने कहा है जल्दी से जल्दी  जगह चिन्हित करके वहां पर ट्यूबेल लगा दिए जाएंगे ताकि किसी भी प्रकार की दिक्कत नगर परिषद बद्दी के वासियों को ना हो ।

    उन्होंने कहा वोटों से पहले घर घर जाना , वोट मांगना है सिर्फ मेरा मकसद नहीं था  बल्कि घर घर जाकर उनकी समस्या को समझने के लिए मैंने अट्ठारह सौ किलोमीटर पैदल यात्रा की है। जिसके कारण आज मुझे पहाड़ी व अपने निचले क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का पता है। उन्होंने कहा कि सिंचाई के लिए पहाड़ी क्षेत्रों में भी योजनाएं बनाई जा रही है और उसकी डीपीआर बन गई है । बददी में चंडीगढ़ की तर्ज पर विकास होगा और एक सरकारी कॉलोनी भी यहां पर बनाई जाएगी। उन्हें कहा प्रदूषण को कम करने के लिए बद्दी में भी ई रिक्शा चलाएंगे और जल्द ही ऑटो चालकों के साथ एक बैठक की जाएगी। आने वाले मार्च महीने में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दून क्षेत्र में शिरकत करेंगे और लगभग 50 करोड़ की लागत से शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे ।उन्होंने साथ ही इस मौके पर मौजूद टीसीपी व  नगर परिषद को निर्देश दिए कि मात्र 1 महीने में नक्शा पास होना चाहिए और किसी भी प्रकार की समस्या नगर परिषद बद्दी में रहने वाले लोगों को नहीं आनी चाहिए। राम कुमार चौधरी ने कहा कि कांग्रेस सरकार पहली ऐसी सरकार है जो दिव्यांग बच्चों का सहारा बनी है। इसी कड़ी में हम सबको मिलकर योगदान करना चाहिए ।उन बच्चों का सहारा बनना चाहिए। राम कुमार चौधरी की बात सुन मोके पर मौजूद अग्रवाल समाज के अध्यक्ष राजेश जिंदल ने हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा चला रहे दिव्यांग बच्चों के  लिए 1 लाख 1000 रुपये देने की घोषणा की।

    नप बददी कार्यकारी अधिकारी आर एस वर्मा,  पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष मदन चौधरी, पार्षद सुमरजीत चौधरी, तरसेम लाल, अधिवक्ता वी के शर्मा, अशोक कौशल, जुगल किशोर, मास्टर जसवंत कौशल, दीना नाथ कौशल,  बेअंत ठाकुर, सुरेंद्र कौशल, सुशील कौशल, चरणजीत सिंह चन्नी, शब्बीर खान, संजू रजनवाल, सतीश कौशल काका, अधिवक्ताशशि भूषण कौशल, विक्की अरोड़ा, माधव कौशल ,राहुल बैंसल, संतराम, विमल कुमार, राज कुमार राजू, गुरप्रीत सिंह, बिल्ला अशोक कुमार गांधी, रामपाल ,प्रदीप धीमान, संजीव कुंडलस, भूपेंद्र कुंडलस,दिलबर खान, महोम्मद सलीम, संजीव कौशल, आशु कौशल, बांका, मान सिंह बब्बी, मान सिंह कुण्डलस, अच्छर पाल कौशल आदि मौजूद रहे।

  • जालंधरः कांग्रेस ने इस राज्य के उपमुख्यमंत्री को लोकसभा उपचुनाव का इंचार्ज किया नियुक्त

    जालंधरः कांग्रेस ने इस राज्य के उपमुख्यमंत्री को लोकसभा उपचुनाव का इंचार्ज किया नियुक्त

    जालंधर/वरुणः चुनावी रणनीति के माहिर, विकास को लेकर हिमाचल प्रदेश में प्रसिद्ध आक्रामक तेवरों के साथ अपनी विशेष पहचान बनाने वाले हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को कांग्रेस हाईकमान ने अहम जिम्मेदारी लोकसभा उपचुनाव के लिए पंजाब में सौंपी है। कांग्रेस पार्टी कि हाईकमान ने मुकेश अग्निहोत्री को उनके चुनावी अनुभव,आक्रमक शैली को देखते हुए जालंधर में होने वाले लोकसभा उपचुनाव के लिए इंचार्ज नियुक्त किया है। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मलिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी व प्रियंका गांधी व पंजाब के नेतृत्व से चर्चा करने के बाद मुकेश अग्निहोत्री की नियुक्ति को हरी झंडी दी है।

    कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मुकेश अग्निहोत्री की तैनाती का पत्र जारी किया है। उन्होंने पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह राजा वड्डिंग को मुकेश अग्निहोत्री को जालंधर लोकसभा उपचुनाव के लिए इंचार्ज बनाने की जानकारी दी है। बता दें कि मुकेश अग्निहोत्री लगातार 5 विधानसभा चुनाव जीते हैं और उन्हें विकास के लिए जाना जाता है। हरोली का विकास मॉडल पूरे हिमाचल प्रदेश में प्रसिद्ध है। नेता प्रतिपक्ष के तौर पर मुकेश अग्निहोत्री ने जिस प्रकार से आक्रामक पारी खेली और भाजपा की सरकार को हर मोर्चे पर घेरने का काम किया। उसी के चलते प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता लाने में अहम भूमिका उनकी रही है।

    कांग्रेस के संगठन के भीतर मुकेश अग्निहोत्री का कद लगातार बढ़ रहा है, कांग्रेस हाईकमान ने पहले उन्हें हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी दी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन जो हाल ही में छत्तीसगढ़ में संपन्न हुआ उसमें उन्होंने शिरकत की। कांग्रेसी नेतृत्व के साथ मुलाकात की और अब उन्हें उत्तर भारत में एक नई पहचान देते हुए संगठन के भीतर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। जालंधर का लोकसभा उपचुनाव होना है यह अपने आप में महत्वपूर्ण उपचुनाव है। मुकेश अग्निहोत्री को इंचार्ज बनाने से निश्चित रूप से कांग्रेस से की चुनावी रणनीति को आक्रामकता मिलेगी। मुकेश अग्निहोत्री पंजाब के साथ से सटे जिला ऊना के हरोली विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं, पंजाबी पर उनकी अच्छी पकड़ है।

    ऐसे में मुकेश अग्निहोत्री के लिए भी एक बड़ी चुनौती है कि वे अपने नेतृत्व को बेहतर रणनीति के साथ लोकसभा के उपचुनाव में साबित करें। कांग्रेस हाईकमान द्वारा दी गई जिम्मेदारी पर मुकेश अग्निहोत्री ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि हाईकमान से नियुक्ति संबंधी पत्र प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि हाईकमान ने जो निर्देश दिया है उस पर काम करेंगे और पार्टी को मजबूत बनाने का काम जालंधर के लोकसभा उपचुनाव में किया जाएगा। पंजाब कांग्रेस के संगठन के साथ मिलकर बेहतर रणनीति बनाएंगे और जो भी हाईकमान का दिशानिर्देश होग उसके अनुसार कार्य करेंगे।