Blog

  • Jalandhar News: पैदल जा रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार गाड़ी ने मारी टक्कर, हालत नाजुक

    Jalandhar News: पैदल जा रहे व्यक्ति को तेज रफ्तार गाड़ी ने मारी टक्कर, हालत नाजुक

    जालंधर, ENS: अपरा बाईपास रोड पर तेज रफ्तार गाड़ी चालक ने पैदल जा रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। इस घटना में व्यक्ति घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, गोपाल वासी इंदिरा कॉलोनी अपरा अपने घर के बाहर बाईपास रोड पर पैदल जा रहे थे कि पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयानक था कि वह कई फीट आगे जाकर गिरे, जिस कारण गंभीर रूप से घायल हो गए।

    उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल अपरा दाखिल करवाया गया, जहां से उन्हें सिविल अस्पताल फिल्लौर, वहां से सिविल अस्पताल फगवाड़ा और फगवाड़ा से सिविल अस्पताल अमृतसर रेफर कर दिया गया। अस्पताल में गोपाल की हालत नाजुक बनी हुई है। अपरा पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • आज का राशिफल, 21 जनवरी 2026

    आज का राशिफल, 21 जनवरी 2026

    बुधवार 21 जनवरी के दिन अनफा योग प्रभावशाली रहने वाला है. चंद्रमा कुंभ राशि में गोचर करेंगे और उनसे द्वादश भाव में यानी मकर राशि में गोचर कर रहे हैं. आज चन्द्रमा आपके 11वें भाव में गोचर कर रहे हैं, जिससे कर्तव्यों को समझकर आगे बढ़ने का दिन है. बुधादित्य और लक्ष्मीनारायण योग के प्रभाव से भाग्य आपका साथ देगा, लेकिन चन्द्रमा राहु ग्रहण दोष के कारण मानसिक उलझन भी बनी रह सकती है, इसलिए संतुलन बनाए रखना जरूरी होगा. ज्योतिष शास्त्र में अनफा योग को बहुत ही भाग्यशाली माना गया है.

    मेष राशि: मेष राशि के जातकों के लिए आज का दिन प्रभावशाली रहने वाला है. कामकाज उम्मीद से बेहतर रहेगा. साख और प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी. आधुनिक विषयों में रुचि बढ़ेगी और आर्थिक मामलों में गति आएगी. लक्ष्य को साधने की कोशिश सफल होगी. प्रशासन और शासन से जुड़े काम आगे बढ़ेंगे. परिवार से मुलाकात मन को प्रसन्न करेगी.

    वृष राशि: वृष राशि वालों के लिए कामकाज अनुकूल रहेगा. व्यापार में तेजी आएगी और अपनों से करीबी बढ़ेगी. प्रतिभा प्रदर्शन के मौके मिलेंगे. पद और प्रतिष्ठा मजबूत होगी. अधिकारी वर्ग प्रसन्न रहेगा. विरोधियों में हताशा दिखेगी. साहस और आत्मविश्वास बढ़ा हुआ रहेगा. खराब उपकरणों की मरम्मत में देरी न करें। बढ़ते खर्च परेशान कर सकते हैं. विद्यार्थियों को पढ़ाई पर ज्यादा ध्यान देना होगा.

    मिथुन राशि: मिथुन राशि के जातकों को आज भाग्य का पूरा सहयोग मिलेगा. कामकाज में सकारात्मकता रहेगी. उच्च शिक्षा और नई योजनाओं पर फोकस बढ़ेगा. प्रभाव और लाभ में वृद्धि होगी. आकर्षक प्रस्ताव मिल सकते हैं. आस्था और अध्यात्म की ओर झुकाव बढ़ेगा. कुछ नया सीखने की ललक रहेगी, जिससे रोजमर्रा की थकान भरी दिनचर्या से राहत मिलेगी. समय का अच्छा हिस्सा धार्मिक और सामाजिक सहयोगात्मक कार्यों में बीतेगा.

    कर्क राशि: कर्क राशि के लिए समय मिश्रित प्रभाव वाला है. अपनों की सलाह मानकर आगे बढ़ना लाभकारी रहेगा. व्यक्तिगत मामलों में सजगता रखें. अप्रत्याशित घटनाक्रम संभव है. परिवार का सहयोग मिलेगा. शोध और गहन विषयों में रुचि बढ़ेगी. रुके कार्यों में मित्रों की मदद से गति आएगी. अपनी कार्यक्षमता पर विश्वास रखें, सफलता के संकेत मजबूत हैं. आध्यात्मिक और धार्मिक गतिविधियों में समय देने से सुकून और शांति मिलेगी.

    सिंह राशि: सिंह राशि वालों के लिए साझा कार्य और व्यापार में सुधार होगा. नेतृत्व क्षमता निखरेगी. रिश्ते मजबूत होंगे और दांपत्य जीवन में खुशियां रहेंगी. उद्योग और प्रबंधन से जुड़े लोगों को खास सफलता मिल सकती है. आज स्वभाव में भावुकता अधिक रहेगी. दूसरों के प्रति सहयोग और मदद आपकी प्रतिष्ठा बढ़ाएगी.

    कन्या राशि: कन्या राशि के जातकों को आज मेहनत पर भरोसा रखना होगा. विरोधियों की सक्रियता रह सकती है. धोखेबाजी से बचें. नए लोगों पर तुरंत भरोसा न करें. विनम्रता और तार्किक सोच से सफलता मिलेगी. व्यवसाय विस्तार से जुड़ी कोई योजना हाथ में आएगी. पूरी एकाग्रता से उस पर काम करें, क्योंकि आगे चलकर यह काफी लाभकारी साबित होगी.

    तुला राशि: तुला राशि वालों के लिए दिन आनंददायक रहेगा. मित्रों के साथ यात्रा या मनोरंजन संभव है. रिश्तों में तालमेल बेहतर होगा. पढ़ाई और प्रतियोगिता में सफलता मिलेगी. ऊर्जा और उत्साह बना रहेगा. किसी भी कार्य को टालना नुकसान दे सकता है. गुस्से और उत्तेजना पर नियंत्रण रखें. धैर्य और शांति से कई समस्याएं सुलझ जाती हैं.

    वृश्चिक राशि: वृश्चिक राशि के जातकों को आज जिद और उतावलेपन से बचना चाहिए. पारिवारिक मामलों में सहजता रहेगी. बड़ों का सानिध्य लाभ देगा. धैर्य और विनम्रता से काम लें. काफी समय से रुका काम किसी शुभचिंतक की मदद से हल हो जाएगा और मन को सुकून मिलेगा. प्रॉपर्टी खरीद-फरोख्त की योजनाएं भी आगे बढ़ेंगी.

    धनु राशि: धनु राशि वालों के लिए सामाजिक और पेशेवर प्रयास सफल रहेंगे. करियर में नए अवसर मिल सकते हैं. आत्मविश्वास बढ़ेगा. भाई-बंधुओं से नजदीकियां बढ़ेंगी. यात्रा के योग बन सकते हैं. प्रभावशाली व्यवसायियों से संपर्क बढ़ाएं, इससे नई जानकारियां मिलेंगी और आत्मविश्वास भी बढ़ेगा. किसी बड़े प्रोजेक्ट में निवेश के लिए समय अनुकूल है.

    मकर राशि: मकर राशि के लिए घर-परिवार में सुख और सामंजस्य बना रहेगा. धन-संपत्ति से जुड़े मामलों में तेजी आएगी. बचत पर जोर रहेगा. महत्वपूर्ण प्रस्ताव मिल सकते हैं. आपके कार्य बेहतरीन तरीके से पूरे होंगे. रुके पारिवारिक काम भी आज निपटेंगे और आप अपने व्यक्तिगत कार्यों पर ध्यान दे पाएंगे. दोस्तों के साथ मौज-मस्ती का मौका मिलेगा.

    कुंभ राशि: कुंभ राशि वालों की सोच आज आधुनिक और रचनात्मक रहेगी. नई योजनाएं गति लेंगी. आत्मविश्वास बढ़ेगा. वाणी और व्यवहार से लोग प्रभावित होंगे. भावनाओं में बहकर अपनी कोई महत्वपूर्ण बात किसी से साझा न करें, वरना कोई नजदीकी व्यक्ति भरोसा तोड सकता है. युवा वर्ग जल्दी सफलता के चक्कर में गलत रास्ता न चुनें.

    मीन राशि: मीन राशि के लिए खर्च अधिक रहने के संकेत हैं. बजट और अनुशासन बनाए रखें. विरोधियों से सतर्क रहें. निवेश सोच-समझकर करें. बड़ों का सहयोग मिलेगा. दूसरों से अत्यधिक उम्मीद रखना आपकी कार्यक्षमता को कम कर सकता है. विद्यार्थी और युवा वर्ग को योग्यता के अनुसार काम पूरे करने में सहायता मिलेगी.

  • पिछली सरकारों के समय गैंगस्टर कल्चर पनपा, मान सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति: बलतेज पन्नू

    पिछली सरकारों के समय गैंगस्टर कल्चर पनपा, मान सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति: बलतेज पन्नू

    कहा- मान सरकार ने ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम की शुरुआत की, संगठित अपराध के खिलाफ युद्धस्तर पर कार्रवाई शुरू

    चंडीगढ़ः आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कहा कि पंजाब पुलिस ने औपचारिक रूप से ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम की शुरुआत कर दी है, जो सूबे में संगठित अपराध के खिलाफ एक निर्णायक और बड़े पैमाने पर जंग का आगाज है। मंगलवार को पार्टी दफ्तर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पन्नू ने कहा कि यह मुहिम पंजाब से गैंगस्टरवाद को जड़ से उखाड़ने के लिए मान सरकार की मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति को दर्शाती है।

    पन्नू ने कहा कि ‘युद्ध नशयां विरुद्ध’ अभियान की सफलता के बाद अब पंजाब पुलिस ने अपना ध्यान संगठित अपराध की ओर मोड़ा है। उन्होंने बताया कि नशा विरोधी मुहिम के तहत कई बड़े-छोटे तस्करों को गिरफ्तार किया गया, भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए और सप्लाई चेन तथा स्ट्रीट लेवल नेटवर्क को काफी हद तक तोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती सूबा होने के कारण पंजाब को सीमा पार से नशे धकेलने की लगातार कोशिशों का सामना करना पड़ता है, जिसका सरकार ने एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाकर करारा जवाब दिया है।

    उन्होंने कहा कि ‘गैंगस्टरों पर वार’ मुहिम गहरी योजनाबंदी और मूल्यांकन के बाद युद्धस्तर पर शुरू की गई है और यह देश में गैंगस्टरवाद के खिलाफ सबसे बड़ी और गंभीर कार्रवाइयों में से एक है। मंगलवार सुबह से ही पुलिस टीमों द्वारा सूबे भर में कई छापेमारी की गई, जिसके शुरुआती नतीजे सामने आए हैं और अगले 72 घंटों में और अहम नतीजे आने की उम्मीद है।

    बलतेज पन्नू ने कहा कि “गैंगस्टर” शब्द पंजाब की शब्दावली में सिर्फ 15-18 साल पहले ही आया था और इससे पहले छोटे अपराधियों को महज ‘बदमाश’ कहा जाता था। उन्होंने कहा कि 2007 से 2017 के दौरान जानबूझकर गैंगस्टरवाद को बढ़ावा दिया गया, नौजवानों को इस कल्चर में धकेला गया और उस दौरान हिंसा की घटनाएं चरम पर थीं। उन्होंने नाभा जेल ब्रेक और पुलिस कर्मियों पर हमलों जैसी घटनाओं का हवाला देते हुए उस दौर को पंजाब का काला दौर बताया।

    उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय गैंगस्टरवाद पर लगाम लगाने के लिए कोई असल कार्रवाई नहीं की गई। इसकी बजाय, उत्तर प्रदेश के एक गैंगस्टर को सियासी सरपरस्ती में पंजाब की जेल में रखा गया था, जिसकी कस्टडी वापस लेने के लिए यूपी सरकार को सुप्रीम कोर्ट तक जाना पड़ा। पन्नू ने कहा कि यह कोई छुपी हुई बात नहीं है कि कैसे परंपरागत सियासी पार्टियों ने निजी हितों के लिए गैंगस्टरों को पाला।

    तरनतारन उपचुनाव का जिक्र करते हुए पन्नू ने कहा कि गैंगस्टर के परिवारिक सदस्य को टिकट देना गैंगस्टर कल्चर को बढ़ावा देने के अलावा कुछ नहीं था। उन्होंने कहा कि मान सरकार पंजाब को इस खतरे से मुक्त करने के लिए दृढ़ है।

    मंगलवार की कार्रवाई का विवरण साझा करते हुए पन्नू ने बताया कि अमृतसर में गिरफ्तारी की कोशिश के दौरान पुलिस पर गोलीबारी करने वाले गैंगस्टर मनी प्रिंस को मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया और यह ऑपरेशन कई घंटे चला। इसी तरह मंडी गोबिंदगढ़ (फतेहगढ़ साहिब) में हुई एक और मुठभेड़ में पुलिस पर गोली चलाने वाले एक गैंगस्टर के पैर में गोली लगी है और उसका इलाज चल रहा है। उस पर लूट-खसूट और एनडीपीएस एक्ट के करीब 9 मामले दर्ज हैं।

    पन्नू ने चेतावनी दी कि धमकियां देने वाले या फिरौती मांगने वाले गैंगस्टरों को उनकी ही भाषा में जवाब दिया जाएगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान के हवाले से उन्होंने कहा कि अगर कोई गैंगस्टर गोलियां चलाएगा, तो उसे गोलियों से ही जवाब दिया जाएगा।

    उन्होंने आगे कहा कि पंजाब पुलिस विदेशों में बैठे गैंगस्टरों के संबंध में केंद्र सरकार के साथ तालमेल कर रही है और उनके प्रत्यर्पण के लिए पूरी तैयारी है। दोषियों के डोजियर तैयार करके साझा किए गए हैं। पंजाब पुलिस कानून के दायरे में रहकर अपराधियों का पीछा करेगी।

    पन्नू ने पंजाबियों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक विशेष हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 जारी किया गया है, जिसमें सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। गैंगस्टरों के खिलाफ सही जानकारी देने वालों को उचित इनाम दिया जाएगा।

    बलतेज पन्नू ने कहा कि गैंगस्टरवाद और नशा पिछली सरकारों द्वारा बोए गए जहरीले पौधे हैं और मान सरकार पंजाब को इन कांटों से मुक्त करने के लिए वचनबद्ध है।

     

     

  • Jalandhar News: प्रॉपर्टी डीलर पर गोलियां चलाकर एक्टिवा सवार फरार, देखें वीडियो

    Jalandhar News: प्रॉपर्टी डीलर पर गोलियां चलाकर एक्टिवा सवार फरार, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: रामा मंडी के अधीन आते काकी पिंड में सरेआम गोलियां चली है। इस घटना को लेकर लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार श्यामा नंगल से एक्टिवा सवार युवक फॉर्च्यूनर सवार प्रॉपर्टी डीलर की गाड़ी का पीछा कर रहे थे। इस दौरान हमलावर ने एक फॉर्च्यूनर सवार पर गोलियां चलानी शुरू कर दी।

    इसके बाद फॉर्च्यूनर सवार नौजवानों ने बहादुरी दिखाते हुए एक्टिवा में टक्कर मारी और एक्टिवा सवार युवक सड़क पर गिर गए। इसके बाद फॉर्च्यूनर सवार डीलर द्वारा दो से तीन फायर किए गए। इस घटना को लेकर मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जिसके बाद हमलावर एक्टिवा छोड़कर मौके से फरार हो गए।

    घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने एक्टिवा को जब्त कर लिया और मामले की जांच में जुट गई। हालांकि कार सवार बाल बाल बच गया। मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। रामा मंडी थाने की पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

    वहीं मामले की जानकारी देते हुए रामामंडी के पूर्व पार्षद मनदीप जस्सल ने बताया कि उनके जानकार प्रापर्टी डीलर जसवंत नगर के रहने वाले सरबजीत सिंह पर नंगलशमा कालोनी से फॉर्च्यूनर कार में सवार होकर रामामंडी की ओर आ रहे थे कि तभी उस दौरान उनके पीछे एक जुपिटर सवार दो युवक लग गए और उन्होंने कार पर पीछे से गोलियां चलानी शुरू कर दी।

    कार पर गोलियां चलते देख सरबजीत सिंह जान बचाने के लिए कार को तेज कर लिया और रामामंडी काकी पिंड एक्सिस बैंक पास पहुंचे तो जुपिटर सवार युवकों ने कार के आगे आकर फिर दो गोलियां चला दी। एक गोली कार के दरवाजे में लगी कार सवार ने बहादुरी दिखाते हुए जुपिटर में कार मार उन्हें गिरा दिया।

    सरबजीत सिंह खुद को बचाने के लिए अपनी पिस्तौल निकाल बचाव के लिए गोली चलाई तो दोनों युवक एक्टिवा छोड़कर मौके से भाग गए, जिसे देख लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने पुलिस को सूचित किया और सूचना पाकर मौके पर पहुंची नंगलशामा चौकी टीम मामले की जांच में जुट गई। थाना रामामंडी के प्रभारी जसपाल सिंह ने बताया कि वह टीम सहित मौके पर पहुंचे है। घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है और कार सवार के बयान लेकर मामला दर्ज किया जा रहा है।

     

     

     

  • नितिन नवीन के निर्विरोध राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष बनने पर भाजपा नेता भुट्टो ने दी बधाई

    नितिन नवीन के निर्विरोध राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष बनने पर भाजपा नेता भुट्टो ने दी बधाई

    बोले भाजपा देश नहीं दुनियां का सबसे बड़ा राजनीतिक दल,हर छोटे बड़े कार्यकर्ता को मिलता है पार्टी में पूरा मान सम्मान

    ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त एवं निर्वाचित 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को कुटलैहड़ भाजपा मंडल तथा समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नितिन नवीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना न केवल पार्टी के लिए बल्कि देश के करोड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए गर्व और उत्साह का विषय है। दविंदर भुट्टो ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है।

    यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पार्टी की मजबूत विचार धारा, अनुशासित संगठन और समर्पित कार्यकर्ताओं की देन है। भाजपा ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा है और इसी कारण जनता का भरोसा लगातार पार्टी के साथ मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो संस्कारों से ओतप्रोत है। पार्टी की नींव भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और सेवा भावना पर टिकी हुई है। यहां राजनीति को सत्ता का साधन नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का माध्यम माना जाता है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इसी भावना के साथ संगठन के लिए काम करता है।

    पूर्व विधायक ने कहा कि भाजपा में हर कार्यकर्ता को पूरा मान-सम्मान मिलता है। चाहे वह बूथ स्तर का कार्यकर्ता हो या राष्ट्रीय स्तर का नेता, सभी को समान रूप से सम्मान और अवसर प्रदान किए जाते हैं। पार्टी में कार्य कर्ता आधारित संगठनात्मक ढांचा है, जहां मेहनत, निष्ठा और समर्पण के आधार पर जिम्मेदारियां सौंपी जाती हैं। यही कारण है कि भाजपा का संगठन आज इतना मजबूत और प्रभावी है। उन्होंने विश्वास जताया कि नितिन नवीन के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी और अधिक सशक्त होगी।

    नितिन नवीन एक अनुभवी, कर्मठ और जमीनी स्तर से जुड़े हुए नेता हैं। उन्होंने संगठन में विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी अच्छी पकड़ है। उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से संगठन में नई ऊर्जा, उत्साह और दिशा मिलेगी। और नितिन नवीन का नेतृत्व इसमें मील का पत्थर साबित होगा।

     

  • मानेसर और पानीपत में बजट-पूर्व परामर्श बैठकें, मुख्यमंत्री लेंगे सुझाव

    मानेसर और पानीपत में बजट-पूर्व परामर्श बैठकें, मुख्यमंत्री लेंगे सुझाव

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज मानेसर एवं पानीपत में आयोजित बजट-पूर्व परामर्श कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी राज्य बजट को अधिक समावेशी, विकासोन्मुख और जनआकांक्षाओं के अनुरूप तैयार करना है। राज्य सरकार द्वारा बजट निर्माण की प्रक्रिया में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

    मानेसर एवं पानीपत में होने वाली इस बैठक में राज्य सरकार के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, उद्योगपति, औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि, व्यापार जगत से जुड़े प्रमुख हितधारक तथा विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ उपस्थित रहेंगे। बैठक के दौरान औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन, रोजगार सृजन, आधारभूत ढांचे के विस्तार, कौशल विकास, नवाचार तथा राज्य की आर्थिक प्रगति से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

    इस बजट-पूर्व परामर्श कार्यक्रम के माध्यम से सरकार का प्रयास है कि नीति निर्माण में सुझावों को सम्मिलित किया जाए, ताकि आगामी बजट प्रदेश के समग्र विकास को नई दिशा दे सके और हर वर्ग को समान अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।

    उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इससे पूर्व फरीदाबाद, गुरुग्राम एवं हिसार में आयोजित बजट-पूर्व परामर्श कार्यक्रमों में भी भाग ले चुके हैं। इन बैठकों के दौरान महिलाओं, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श किया गया था। इन संवादों के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से संबंधित मुद्दों और विकास से जुड़े सुझावों को संकलित किया गया।

    राज्य सरकार द्वारा आयोजित ये बजट-पूर्व परामर्श कार्यक्रम आगामी वित्तीय वर्ष के लिए एक मजबूत, संतुलित और भविष्य उन्मुख बजट तैयार करने की दिशा में अहम कदम माने जा रहे हैं, जिसमें विकास, सामाजिक न्याय और आर्थिक सुदृढ़ता के बीच संतुलन स्थापित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

  • Punjab News: 8 सीनियर IPS अफसरों का हुआ तबादला, देखें लिस्ट

    Punjab News: 8 सीनियर IPS अफसरों का हुआ तबादला, देखें लिस्ट

    चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने सूबे के कई सीनियर आईपीएस (IPS) अफसरों का तबादला कर दिया है। इस फेरबदल के तहत कुल 8 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां की गई हैं। सरकार की ओर से जारी आदेशों के अनुसार कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जिन अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है उनकी लिस्ट नीचे दी गई है…

    सुखचैन सिंह गिल बने पंजाब इंटेलिजेंस के IG
    इस फेरबदल में IPS अधिकारी सुखचैन सिंह गिल को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें पंजाब इंटेलिजेंस का इंस्पेक्टर जनरल (IG) नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से राज्य की खुफिया व्यवस्था को और मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है।

    मनिंदर सिंह को दोहरी जिम्मेदारी
    IPS अधिकारी मनिंदर सिंह को एक साथ दो अहम पदों की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें एआईजी वेलफेयर, पंजाब और एसएसपी रोपड़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। माना जा रहा है कि उनके अनुभव का लाभ पुलिस वेलफेयर और जिला पुलिस प्रशासन दोनों को मिलेगा।

    कंवलदीप सिंह बने एआईजी पर्सोनल
    इस फेरबदल के तहत कंवलदीप सिंह को एआईजी पर्सोनल नियुक्त किया गया है। वे अब पुलिस विभाग से जुड़े कार्मिक मामलों और प्रशासनिक कार्यों की देखरेख करेंगे।

    पीके सिन्हा को मिली विजिलेंस ब्यूरो की कमान
    वहीं पीके सिन्हा को विजिलेंस ब्यूरो का चीफ डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई को और तेज किए जाने की उम्मीद है।

    प्रशासनिक मजबूती की दिशा में कदम
    पंजाब सरकार द्वारा किया गया यह फेरबदल पुलिस प्रशासन को और अधिक प्रभावी व मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए अधिकारियों की तैनाती से कानून व्यवस्था, खुफिया तंत्र और विजिलेंस विभाग में सुधार की संभावना जताई जा रही है।

     

     

     

     

  • नेशनल U 19 प्रतियोगिता में हिमाचल, हरियाणा, कर्नाटक, उत्तराखंड ने किया अगले दौर में प्रवेश

    नेशनल U 19 प्रतियोगिता में हिमाचल, हरियाणा, कर्नाटक, उत्तराखंड ने किया अगले दौर में प्रवेश

    नालागढ़/सचिन बैंसल: नालागढ़ में चल रही राष्ट्रीय स्तरीय अंडर 19  कन्या  प्रतियोगिता में हिमाचल, हरियाणा,  कर्नाटक, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड ने अपने मैच जीत कर अगले दौर में प्रवेश कर लिया है। नालागढ़ के कन्या स्कूल मैदान में खेली जा रही प्रतियोगिता के दूसरे दिन   हिमाचल ने चंडीगढ़ को 61-24 अंको से पराजितकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया है।  वहीं हरियाणा की मजबूत टीम है और हरियाणा ने वेस्ट बंगाल को एकतरफा मैच में 63-18 से शिकस्त दी। कर्नाटका व केरला के बीच संधर्ष पूण मैच हुआ और  केरल एक मात्र अंक से जीता। कर्नाटक के 24 व केरल के 25 अंक रहे। तामिलनाडू ने सीआईएससीई को 72-18 से पराजित किया।  मध्य प्रदेश ने झारखंड को 49-27  से पराजित किया।  छत्तीस गढ़ की टीम ने राज्सथान को संघर्ष पूर्ण मैच में हराया।  छत्तीसगढ़ ने 33 व राजस्थान ने 28 अंक  प्राप्त किए।

    सीबीएसई ने एनवीएस को 32-26 से पराजित किया। आंध्रप्रदेश ने तेलांगना को 32- 26 से पराजित किया।  आसाम ने विद्या भारती को 37-30 से पराजित किया। गुजरात ने सीबीएसई को 34-27 से पराजित किया। उत्तराखंडने जम्मू कश्मीर को 45-20 से पराजित किया। उत्तर प्रदेश ने बिहार को 35-30 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश कर लिया। हरियाणा ने अपने दूसरा मुकाबला भी काफी अंतर से जीत लिया। उ़ड़िसा को 68-13 से पराजित किया। पंजाब ने चंडीगढ़ को 63-33 से हराया। महाराष्ट्र ने  सीआईएससीई को 57-18 से पराजित किया। दिल्ली ने मध्य प्रदेश को 55-23 से पराजित किया।  कर्नाटक ने सीबीएसई को 43- 32 से पराजित किया। उतराखंड़ ने तेलांगना को 38-31 से पराजित किया।

  • ​”हिमाचल के बेटे ने संगठन को दी नई ऊँचाई”: जयराम ठाकुर ने जेपी नड्डा के ऐतिहासिक कार्यकाल को सराहा, नए अध्यक्ष का किया अभिनंदन

    ​”हिमाचल के बेटे ने संगठन को दी नई ऊँचाई”: जयराम ठाकुर ने जेपी नड्डा के ऐतिहासिक कार्यकाल को सराहा, नए अध्यक्ष का किया अभिनंदन

    ऊना/शिमला/सुशील पंडित: ​हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को उनके अत्यंत सफल, सशक्त और संगठनात्मक रूप से ऐतिहासिक कार्यकाल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं एवं अभिनंदन प्रेषित किया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल की माटी के लाल नड्डा ने विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के शीर्ष पद पर आसीन होकर जिस कुशलता के साथ संगठन का संचालन किया, वह प्रत्येक प्रदेशवासी के लिए गर्व का विषय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  के दूरदर्शी, निर्णायक और प्रेरणादायी नेतृत्व में नड्डा  का यह कार्यकाल संगठन और सरकार के बीच सशक्त समन्वय का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है, जिसके परिणामस्वरूप पार्टी ने चुनावी राजनीति में शानदार जीत का एक बेमिसाल ट्रैक रिकॉर्ड स्थापित किया। जयराम ठाकुर ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि नड्डा  के मार्गदर्शन में भाजपा ने न केवल सांगठनिक विस्तार किया, बल्कि सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में सफलता प्राप्त की है।

    उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी ने कठिन से कठिन चुनौतियों का दृढ़ता से सामना किया और वैचारिक रूप से अभूतपूर्व सुदृढ़ता प्राप्त की। इस कालखंड के दौरान देवभूमि हिमाचल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दी गई अनगिनत विकास की सौगातों के लिए आभार व्यक्त करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के विकास को गति दिलाने में नड्डा  का योगदान सदैव सराहनीय और स्मरणीय रहेगा। साथ ही, उन्होंने संगठन की कमान संभालने वाले नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का भी हार्दिक स्वागत और अभिनंदन किया और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भी भाजपा राष्ट्र सेवा के पथ पर निरंतर अग्रसर रहेगी। योगदान को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का उनका सफर और संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का उनका परिश्रम पार्टी के हर कार्यकर्ता के लिए ऊर्जा का स्रोत है। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके प्रति हृदय से आभार प्रकट किया।

     

  • Haryana News: एसटीएफ टीम की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Haryana News: एसटीएफ टीम की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, देखें वीडियो

    पंचकूला। हरियाणा पुलिस की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश राजेंद्र उर्फ जींदा को करनाल एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी पंचकूला–जीरकपुर हाईवे से की गई। बताया जा रहा है कि आरोपी यहां नशे की गोलियों की सप्लाई देने के लिए आया था।

    हथियार और नशे की गोलियां बरामद
    पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध हथियार और भारी मात्रा में नशे की गोलियां बरामद की हैं। एसटीएफ की इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

    करनाल के निसिंग का रहने वाला है आरोपी
    गिरफ्तार बदमाश राजेंद्र उर्फ जींदा मूल रूप से करनाल जिले के निसिंग क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि उसके खिलाफ हत्या, लूट, फिरौती, अवैध हथियार रखने और नशा तस्करी जैसे गंभीर मामलों में 30 से ज्यादा केस दर्ज हैं।

    कई बार जेल जा चुका है बदमाश
    पुलिस के मुताबिक राजेंद्र उर्फ जींदा पहले भी कई बार जेल जा चुका है। लंबे समय से वह कई मामलों में फरार चल रहा था और पुलिस को चकमा दे रहा था।

    गुप्त सूचना पर STF ने बिछाया जाल
    करनाल के एसीपी अमन कुमार और उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि राजेंद्र उर्फ जींदा जीरकपुर–पंचकूला हाईवे पर मौजूद है। सूचना थी कि वह किसी को नशे की गोलियों की सप्लाई करने आया है और उसके पास हथियार भी है।

    घिरते ही निगल ली नशे की गोलियां
    सूचना के आधार पर सोमवार रात करीब 12 बजे करनाल एसटीएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर बदमाश को चारों तरफ से घेर लिया। खुद को पुलिस से घिरा देखकर आरोपी ने अपनी जेब में रखी कई नशे की गोलियां निकालकर निगल लीं।

    तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती
    गोलियां निगलने के बाद आरोपी की तबीयत बिगड़ गई। पुलिस तुरंत उसे उपचार के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल लेकर पहुंची। इलाज के बाद उसे सेक्टर-7 थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

    चार दिन का मिला पुलिस रिमांड
    पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे पूछताछ के लिए चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब उससे नशा तस्करी नेटवर्क और अन्य अपराधों को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।