Blog

  • लंबी लाइन में ग्राहक को LPG गैस का पूछना पड़ा महंगा, मिली तालिबानी सजा, देखें वीडियो

    लंबी लाइन में ग्राहक को LPG गैस का पूछना पड़ा महंगा, मिली तालिबानी सजा, देखें वीडियो

    मेरठः देश भर में एलपीजी सिलेंडर को लेकर लोग परेशान हो रहे है। वहीं मेरठ में एलपीजी गैस सिलेंडर को लेकर एजेंसी के बाहर लोगों की लंबी लाइने देखने को मिली। इस दौरान एक ग्राहक को एलपीजी सिलेंडर कब तक मिलने के बारे में पूछना महंगा पड़ गया। बताया गया कि वह काफी देर तक लाइन में खड़ा रहा, लेकिन उसे सिलेंडर नहीं मिला। इसी दौरान युवक ने एजेंसी संचालक से जल्द गैस देने की बात कही, जिस पर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एजेंसी संचालक के बेटे ने अपने साथियों को बुला लिया और युवक पर हमला कर दिया।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    गैस एजेंसी संचालक ने सभी आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि संबंधित युवक शराब के नशे में था और कर्मचारियों के साथ अभद्रता कर रहा था, जिसके चलते मामूली कहासुनी हुई थी। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। बताया जा रहा है कि पीड़ित ग्राहक मोहिउद्दीनपुर स्थित वर्धमान भारत गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंचा था। इसी दौरान उसने सिलेंडर मिलने में हो रही देरी को लेकर सवाल करने के दौरान विवाद हो गया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कई कर्मचारी मिलकर ग्राहक की निर्ममता से पिटाई कर रहे हैं। घटना परतापुर थाना क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर की बताई जा रही है। मारपीट में युवक को चोटें आई हैं सूचना मिलने पर उत्तर प्रदेश पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह युवक को हमलावरों से छुड़ाया। इसके बाद पुलिस ने घायल युवक को गैस सिलेंडर दिलवाकर घर भेज दिया। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है, हालांकि प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मारपीट करने वाले लोग गैस एजेंसी के ही कर्मचारी हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
  • LPG सिलेंडर लेने लाइनों में खड़े लोगों पर मधुमक्खियों ने किया हमला, मची भगदड़, देखें वीडियो

    LPG सिलेंडर लेने लाइनों में खड़े लोगों पर मधुमक्खियों ने किया हमला, मची भगदड़, देखें वीडियो

    उमरिया: मध्य प्रदेश में उमरिया जिले के नौरोजाबाद में गैस सिलेंडर लेने गए लोगों पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस दौरान घटना स्थल पर भगदड़ मच गई और लोग सिलेंडर छोड़कर भागते हुए दिखाई दिए। इस दौरान मधुमक्खियों द्वारा किया गया हमला इतना खतरनाक था, कि लोगों को गैस सिलेंडर तक छोड़कर यहां-वहां भागना पड़ा। मिली जानकारी के अनुसार मधुमक्खियों के हमले में कई लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी अनुसार उमरिया जिले के नौरोजाबाद नगर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब घरेलू गैस सिलेंडर लेने के लिए कतार में खड़े उपभोक्ताओं पर मधुमक्खियों के एक बड़े झुंड ने अचानक हमला बोल दिया।

    घटना सहकारी समिति के गोदाम परिसर की है, जहां दर्जनों की संख्या में लोग मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिलेंडर वितरण की प्रक्रिया सामान्य रूप से चल रही थी, तभी अचानक कहीं से मधुमक्खियों का झुंड आया और लोगों पर टूट पड़ा। हमला इतना अचानक था कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग अपना सामान और यहां तक कि सिलेंडर भी वहीं छोड़कर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। मधुमक्खियों के डंक से कई लोग बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।

    घायलों को तत्काल नौरोजाबाद के क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग शोर मचाते और छिपने की जगह ढूंढते नजर आ रहे हैं। लोगों का कहना है कि, गोदाम के आसपास काफी समय से मधुमक्खियों के बड़े छत्ते मौजूद थे, जिन्हें हटाने के लिए पहले कोई कदम नहीं उठाया गया। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद ऐसे छत्तों को सुरक्षित तरीके से हटाया जाए ताकि भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी को टाला जा सके।

  • Punjab News: प्रेमी जोड़े को मर्जी से शादी करवाना पड़ा भारी, लड़की वालों ने लड़के के घर में की तोड़फोड़, देखें वीडियो

    Punjab News: प्रेमी जोड़े को मर्जी से शादी करवाना पड़ा भारी, लड़की वालों ने लड़के के घर में की तोड़फोड़, देखें वीडियो

    अमृतसरः अजनाला के गांव टेरी में एक लड़के और लड़की ने अपने परिवारों की मर्जी के बिना शादी कर ली। इसका बड़ा खामियाजा लड़के के परिवार को तब भुगतना पड़ा, जब लड़की के परिवार वालों ने लड़के के घर में जबरदस्ती घुसकर बुरी तरह तोड़फोड़ और गुंडागर्दी की। पीड़ितों ने मामले की शिकायत दे दी है।

    जानकारी देते लड़के के परिवार वालों ने बताया कि उनका लड़का एक लड़की से शादी करना चाहता था, लेकिन लड़की के घर वालें नहीं मान रहे थे जिसके चलते उन दोनों ने अपनी मर्जी से शादी कर ली। इसी बात से नाराज होकर लड़की के परिवार वाले उनके घर में घुस आए और पूरे घर में तोड़फोड़ की। इस दौरान उन्होंने घर में घुसकर लाखों रुपये का सामान तोड़ दिया, साथ ही घर में पाले हुए कबूतरों को भी मार डाला और बुरी तरह फेंक दिया। मौके पर दहशत का माहौल बन गया था। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है और मांग की कि दोषियों के खिलाफ जल्द से जल्द कानूनी कार्रवाई की जाए।

    दूसरी ओर लड़की के परिवार के सदस्य हीरा सिंह ने कहा कि उनकी बेटी की शादी हो रही थी और यह लड़का उसे भगा ले गया। वह अपनी दूसरी बेटी की शादी कर रहे थे जिसके कामकाज में वह व्यस्त थे। उन्होंने शादी में किसी भी तरह की कोई रुकावट नहीं डाली और न ही किसी तरह की तोड़फोड़ की है। उनके ऊपर लगाए जा रहे आरोप गलत हैं।

    पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आ गया है। उनके पास सुलखन सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई है जिसमें उन्होंने मखन सिंह और 16-17 अज्ञात व्यक्तियों पर उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ करने और उनके कबूतरों को मारने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही दोषियों पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • यात्रियों से भरी बस और ट्रक की टक्कर के बाद लगी आग, जिंदा जले 14 लोग, कई घायल, देखें वीडियो

    यात्रियों से भरी बस और ट्रक की टक्कर के बाद लगी आग, जिंदा जले 14 लोग, कई घायल, देखें वीडियो

    सीएम ने किया शोक व्यक्त, दिए जांच के आदेश

    अमरावती: आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में वीरवार को बड़ा हादसा हो गया। जहां निजी ट्रैवल बस और टिपर ट्रक की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। इस भीषण हादसे में 14 लोग जिंदा जल गए। वहीं हादसे में 15 अन्य घायल हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया गया। प्रशासन द्वारा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं घटना को लेकर मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शोक व्यक्त किया और कारणों की जांच कर जल्द विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिए है।
    यह दुर्घटना रायवरम के पास वीरवार सुबह 6:30 बजे एक पत्थर की खदान के पास हुई है। आग लगने से दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। टक्कर के समय हरिकृष्णा ट्रैवल्स की बस में 35 यात्री सवार थे। 15 यात्री घायल हो गए, जिन्हें मार्कपुरम के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों और घायलों में महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। आग लगने के तुरंत बाद दस यात्री बस से उतरने में कामयाब रहे। बस हैदराबाद से प्रकाशम जिले के पामुरु आ रही थी। मृतक कनिगिरी और पामुरु के निवासी थे। टिपर कंक्रीट से लदा हुआ था और चिमाकुर्थी से मार्कपुरम जा रहा था। आग बुझाने के लिए तीन दमकल गाड़ियां लगाई गईं। मार्कपुरम के विधायक के. नारायण रेड्डी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ घटनास्थल का दौरा किया और राहत कार्यों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मार्कपुरम जिले के रायवरम के पास हुई सड़क दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने दुर्घटना के संबंध में अधिकारियों से बात की और घायलों को दी जा रही चिकित्सा सहायता के बारे में जानकारी ली।
  • Punjab News: युवकों ने पत्रकार पर किया हमला, सिर पर आई गंभीर चोटें, देखें वीडियो

    Punjab News: युवकों ने पत्रकार पर किया हमला, सिर पर आई गंभीर चोटें, देखें वीडियो

    फगवाड़ाः शहर में पत्रकार पर हमला होने की खबर सामने आ रही है। जहां पत्रकार पर युवकों द्वारा जानलेवा हमला होने की घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। मिली जानकारी के अनुसार फगवाड़ा के पत्रकार पर कुछ अज्ञात युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि 2 से 3 हमलावरों ने घटना को अंजाम दिया है। इस हमले के दौरान पत्रकार के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पत्रकार को उपचार के लिए सिविल अस्पताल फगवाड़ा ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

    घटना की सूचना मिलते ही एसएचओ सतनामपुरा मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं व्यक्ति ने बताया कि पत्रकार को पिछले कुछ दिनों से धमकियां मिल रही थी। इस मामले को लेकर पुलिस को शिकायत भी दी जा चुकी है। व्यक्ति ने बताया कि सुक्खा नामक व्यक्ति चाचौकी के पास रहता है। उसके खिलाफ पहले से 13 से 14 मामले दर्ज है। इस दौरान व्यक्ति ने सुबह भी गोलियां मारने की धमकी दी थी।

    आरोपी स्कूटरी में सवार होकर आए भगतपुरा इलाके में पत्रकार पर हमला कर दिया। व्यक्ति ने कहा कि जब पत्रकार पर आरोपियों ने हमला किया तो उसने बचाव किया। इस दौरान आरोपियों ने उस पर ईंट से हमला कर दिया और पिस्टल निकालकर जान से मारने की धमकी दी। वहीं पुलिस ने बताया कि सुक्खा नामक व्यक्ति ने साथियों के साथ मिलकर भगतपुरा इलाके में पत्रकार पर हमला किया है। पुलिस ने बताया कि परिवार के बयान दर्ज कर लिए गए है और हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

  • Punjab News: दोस्तों ने किया छात्रा का गैंगरेप, नाबालिग सहेली सहित 4 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: दोस्तों ने किया छात्रा का गैंगरेप, नाबालिग सहेली सहित 4 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    मोहालीः न्यू चंडीगढ़ इलाके में एक 8वीं कक्षा की छात्रा का क्लासमेट ने 3 दोस्तों के साथ मिलकर गैंगरेप कर दिया। आरोपियों ने इस वारदात का वीडियो भी बनाया और उसे वॉट्सऐप ग्रुपों में शेयर कर दिया। साथ ही छात्रा को जान से मारने की धमकी दी गई। छात्रा के परिजन की शिकायत पर मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने चारों मुख्य आरोपियों के साथ पीड़िता की एक नाबालिग सहेली को भी गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपियों में भी 3 नाबालिग हैं। उन्हें अदालत में पेश कर सुधार गृह भेजा गया है। जबकि, एक बालिग आरोपी को 4 दिन के रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, 15 वर्षीय छात्रा के साथ हुई गैंगरेप की वारदात का मुख्य आरोपी पीड़िता का क्लासमेट है। नाबालिग आरोपी क्लासमेट ने पहले पीड़िता के साथ दोस्ती की।

    फिर उसके कुछ प्राइवेट वीडियो बनाकर उसे डराना शुरू कर दिया। उसने अपने 3 दोस्तों के साथ मिलकर पीड़िता को डराया-धमकाया और अलग-अलग सुनसान जगहों पर ले जाकर छात्रा के साथ कई बार गैंगरेप किया। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पिछले करीब एक महीने से न्यू चंडीगढ़ के अलग-अलग इलाकों में वारदात को अंजाम दिया गया। उनकी दरिंदगी यहीं नहीं रुकी। आरोपियों ने पहली बार जबरन शारीरिक संबंध बनाते हुए छात्रा का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया था, जिससे वे उसे बाद में भी ब्लैकमेल करते रहे और अलग-अलग जगहों पर उसे बुलाकर गैंगरेप करते रहे।

    पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने बदनामी के डर से इस वारदात के बारे में किसी को कुछ नहीं बताया। मामले का खुलासा तब हुआ जब आरोपियों में से एक ने गुस्से में आकर पीड़िता का वीडियो एक प्राइवेट वॉट्सऐप ग्रुप में शेयर कर दिया। जब इसका पता छात्रा को चला तो उसने पूरी आपबीती अपने परिजन को बता दी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में चारों आरोपियों को दबोच लिया। मुख्य आरोपी (नाबालिग सहपाठी), दो अन्य नाबालिग और एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। उन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 70(2), 61(2) और POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

    पुलिस ने बताया कि 24 मार्च को शिकायत मिलने के बाद इस मामले में मुकदमा दर्ज किया है। इसके बाद चारों आरोपियों की गिरफ्तारी भी कल उनके घर से की गई है, जिनमें 3 नाबालिग शामिल हैं। उन्हें कल ही सुधार गृह भेज दिया गया। जबकि, मुल्लांपुर के रहने वाले 20 साल के आरोपी गगनदीप सिंह को अदालत में पेश किया गया। वहां से पुलिस को आरोपी का 4 दिन का रिमांड मिला है। मुल्लांपुर थाना प्रभारी अमनदीप का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी गगनदीप से पूछताछ की जा रही है। मामले में पीड़ित की एक नाबालिग सहेली को भी गिरफ्तार किया गया है। उस पर आरोप है कि उसने पीड़िता को आरोपियों तक पहुंचाने में मदद की थी। सभी नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।

  • Punjab News: गोली लगने से Shiv Sena नेता का सुरक्षाकर्मी घायल, हालत गंभीर

    Punjab News: गोली लगने से Shiv Sena नेता का सुरक्षाकर्मी घायल, हालत गंभीर

    मोहालीः खरड़ स्थित गुलमोहर सिटी में शिवसेना हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष निशांत शर्मा का सुरक्षाकर्मी गोली लगने से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल पुलिसकर्मी की पहचान 40 वर्षीय निशान सिंह निवासी फिरोजपुर के रूप में हुई है, जो कमांडो ड्यूटी पर तैनात था। उसे छाती के दाहिने हिस्से में गोली लगी है। मिली जानकारी के अनुसार संदिग्ध परिस्थितियों में सुरक्षाकर्मी को गोली लगी है। घायल हालत में उसे पहले सिविल अस्पताल खरड़ लाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

    घटना को लेकर अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली उसने खुद चलाई या यह हादसा था। ड्यूटी डॉक्टर के मुताबिक कुछ पुलिसकर्मी एक घायल व्यक्ति को पिकअप वाहन में सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। घायल उस समय बेहोश था और उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहीं, शिवसेना नेता निशांत शर्मा ने बताया कि निशान सिंह उनकी सुरक्षा में तैनात था और घटना से करीब 10 मिनट पहले ही कमरे में गया था।

    सुरक्षाकर्मी अपने मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था, तभी अचानक गोली चलने की आवाज आई। जब वे कमरे में पहुंचे तो वह बिस्तर पर घायल अवस्था में पड़ा था। निशान सिंह करीब दो महीने पहले ही उनकी सुरक्षा टीम में शामिल हुआ था। उधर, मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना सिटी खरड़ के एसएचओ अमरिंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और घायल के बयान दर्ज करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

  • बड़ा हादसा: नदी में गिरी यात्रियों से भरी बस, 23 की मौत, Rescue Operation जारी, देखें वीडियो

    बड़ा हादसा: नदी में गिरी यात्रियों से भरी बस, 23 की मौत, Rescue Operation जारी, देखें वीडियो

    ढाकाः बांग्लादेश में यात्रियों से बस हादसे का शिकार हो गई। दरअसल, पद्मा नदी में यात्रियों से भरी बस गिरने से 23 लोगों की मौत हो गई। वहीं घटना में कई लोग घायल हो गए। घटना के दौरान लोगों में भगदड़ मच गई। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस इंस्पेक्टर रसेल मुल्ला ने ‘एएनआई’ को बताया कि अब तक 23 शव बरामद किए जा चुके हैं। रात होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन को कुछ समय के लिए रोका गया था, जिसे सुबह होते ही फिर से शुरू किया गया।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    यह हादसा दौलतदिया के फेरी टर्मिनल नंबर 3 के सामने शाम करीब 5:00 बजे हुआ। ‘ढाका ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के अनुसार, राजबारी से ढाका जा रही बस एक फेरी पर सवार थी, तभी वह अचानक पद्मा नदी में जा गिरी। बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार थे। घटनास्थल पर फायर सर्विस, नेवी और पुलिस की टीमें लगातार बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। वहीं चश्मदीदों ने बताया कि बस में 40 से 50 यात्री सवार थे, जो रास्ते में अलग-अलग काउंटर से यात्रियों को उठा रहे थे। ढाका ट्रिब्यून ने बताया कि रेस्क्यू शिप हमजा ने छह घंटे बाद नदी में डूबी बस को निकाला। पहले जानकारी सामने आई थी कि लगभग 35 लोग लापता हैं। फरीदपुर फायर सर्विस कमांडर मोहम्मद बेलाल उद्दीन ने कहा, ‘हमें पता चला है कि कई लोग लापता हैं। बचाव अभियान चल रहा है।’ रात करीब 11:15 बजे गाड़ी का कुछ हिस्सा दिखाई देने के बाद 11:30 बजे तक जहाज की क्रेन का इस्तेमाल करके पूरी बस को उठा लिया गया। फायर सर्विस ने बताया कि बुधवार देर रात बस के अंदर से 23 शव बरामद किए गए, जिनमें बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल हैं। बस हादसे का वीडियो सामने आया है, जिसमें लोग देख रहे हैं कि बस धीरे-धीरे पानी में समा जाती है। इससे पहले, राजबाड़ी जिला प्रशासन के अधिकारियों ने 21 शवों की पुष्टि की थी। रेस्क्यू किए गए 2 और यात्रियों को गोवालैंड उपजिला हेल्थ कॉम्प्लेक्स में मृत घोषित कर दिया गया, जिससे मरने वालों की कुल संख्या 23 हो गई। अधिकारी दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं, जबकि बचाव दल लापता यात्रियों की तलाश के लिए मौके पर मौजूद हैं। शोहारदो परिवहन के काउंटर मास्टर तन्मय अहमद ने बताया कि बस कुश्तिया के कुमारखाली से दोपहर करीब 2:30 बजे 8 पैसेंजर के साथ निकली थी। उन्होंने कहा, ‘रास्ते में खोकसा में 7, मचपारा में 4 और पंग्शा में 15 और लोग चढ़े।’ फायर सर्विस अधिकारियों ने बताया कि बस सतह से करीब 30 फीट नीचे पोंटून के नीचे फंसी हुई थी। टूटे हुए दरवाजों और खिड़कियों की वजह से गोताखोरों के लिए अंदर जाना मुश्किल हो गया था। वहीं घटना के पीड़ित परिवारों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।
  • Jalandhar News: मेन चौक के पास आलू से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलटी, देखें वीडियो

    Jalandhar News: मेन चौक के पास आलू से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलटी, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: पीएपी चौक के पास देर रात हादसा हो गया। जहां आलू से भरी ट्राली बेकाबू होकर पलट गई। गनीमत यह रही कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। ट्राली सवार दोनों युवक, मनविंदर और हैप्पी (हैरी), सुरक्षित हैं और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है। मिली जानकारी के अनुसार आलू से भरी ट्रैक्टर ट्राली करतारपुर से कादियां की ओर जा रही थी, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण सड़क पर ही पलट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभाला और यातायात को सुचारू रूप से चलाने में मदद की।

    यह घटना उस समय हुई जब हरजाप सिंह संघा की आलू से भरी एक ट्राली करतारपुर से कादियां की ओर जा रही थी। जैसे ही ट्राली पीएपी चौक के पास पहुंची, अचानक मोड़ काटते समय उसका संतुलन बिगड़ गया। भारी लोड और तेज मोड़ के कारण चालक ट्राली पर नियंत्रण नहीं रख सका और वह बीच सड़क पर पलट गई। ड्यूटी पर तैनात एएसआई (ASI) करनैल सिंह और उनके साथी हेड कॉन्स्टेबल (HC) अनिल कुमार ने बताया कि वे क्षेत्र में पेट्रोलिंग पर थे, तभी उन्हें पीएपी चौक के पास इस दुर्घटना की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। सड़क पर आलू बिखरने के कारण यातायात में थोड़ी बाधा जरूर आई, लेकिन पुलिस ने स्थिति को काबू में कर लिया।

    ट्राली में दो युवक सवार थे, जिनकी पहचान मनविंदर और हैप्पी (हैरी) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, ट्राली पलटने के बावजूद दोनों युवकों को कोई गंभीर चोट नहीं आई है और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। यह एक बड़ी राहत की बात रही कि व्यस्त इलाका होने के बावजूद कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया। हादसे के तुरंत बाद चालकों ने अपने मालिक को फोन कर घटना की जानकारी दी। मौके पर दूसरी ट्राली को मंगवाया गया है। सड़क पर बिखरे हुए आलुओं को अब दूसरी ट्राली में लोड किया जा रहा है ताकि उन्हें गंतव्य तक भेजा जा सके। पुलिस प्रशासन ने सुनिश्चित किया है कि सारा सामान सुरक्षित रहे और रास्ता जल्द से जल्द पूरी तरह साफ हो जाए।

  • आज का राशिफल, 26 मार्च 2026

    आज का राशिफल, 26 मार्च 2026

    आज ग्रहों का गोचर आपके व्यक्तित्व और सार्वजनिक छवि में सकारात्मक बदलाव लाने के संकेत दे रहा है। चंद्रदेव और बृहस्पतिदेव आज मिथुन राशि में विराजमान हैं, जो आपको मानसिक स्पष्टता और सीखने की नई ऊर्जा प्रदान करेंगे। कुंभ राशि में बुधदेव, मंगलदेव और राहु की युति तकनीक और टीम वर्क के क्षेत्र में बड़े क्रांतिकारी बदलावों की ओर इशारा कर रही है। मीन राशि में सूर्यदेव और शनिदेव का गोचर आपको अनुशासन और आध्यात्मिक गहराई की ओर ले जाएगा। सिंह राशि के केतु देव आपको सलाह देते हैं कि सफलता के समय अपने अहंकार पर नियंत्रण रखें और दूसरों के सुझावों का सम्मान करें।

    मेष राशि: आज चंद्रदेव और बृहस्पतिदेव आपके तीसरे भाव (पराक्रम और नेटवर्किंग का क्षेत्र) में विराजमान हैं, जिससे आपकी बातचीत का प्रभाव बढ़ेगा। देखा जाए तो, आज शुक्रदेव का आपकी ही राशि यानी प्रथम भाव में प्रवेश करना आपके आकर्षण में चार चांद लगा देगा। ग्यारहवें भाव में बुधदेव, मंगलदेव और राहु की उपस्थिति आपको किसी बड़े सामूहिक प्रोजेक्ट से भारी लाभ दिला सकती है। मीन राशि के सूर्यदेव और शनिदेव आपसे निजी अनुशासन और आत्म-चिंतन की मांग कर रहे हैं।

    वृषभ राशि: आज चंद्रदेव और बृहस्पतिदेव आपके दूसरे भाव (धन और वाणी का क्षेत्र) में युति कर रहे हैं, जो आय के नए स्रोत खोलने में आपकी मदद करेंगे। शुक्रदेव का मेष राशि यानी आपके बारहवें भाव में गोचर करना मानसिक शांति और पर्दे के पीछे के कामों में सफलता दिलाएगा। देखा जाए तो, दसवें भाव में बुधदेव, मंगलदेव और राहु की ऊर्जा आपके करियर को एक नई गति और ऊंचाई प्रदान कर रही है।

    मिथुन राशि: आज चंद्रदेव और बृहस्पतिदेव आपकी ही राशि यानी प्रथम भाव में गोचर कर रहे हैं, जो आपके व्यक्तित्व में गजब का निखार लाएंगे। शुक्रदेव का मेष राशि (ग्यारहवें भाव) में प्रवेश करना आपकी सामाजिक लोकप्रियता और आय के साधनों को बढ़ाने वाला है। देखा जाए तो, दसवें भाव में सूर्यदेव और शनिदेव की मौजूदगी आपके करियर में कड़े अनुशासन और बड़ी जिम्मेदारियों का संकेत दे रही है। नौवें भाव में बुधदेव, मंगलदेव और राहु की तिकड़ी आपको बौद्धिक स्तर पर बड़ी सफलता दिला सकती है।

    कर्क राशि: आज चंद्रदेव और बृहस्पतिदेव आपके बारहवें भाव (आध्यात्मिकता और विदेशी संबंधों का क्षेत्र) में विराजमान हैं। यह गोचर आपकी गुप्त योजनाओं और आध्यात्मिक विकास के लिए बेहद भाग्यशाली है। शुक्रदेव का मेष राशि यानी आपके दसवें भाव में प्रवेश करना आपकी पब्लिक इमेज को और अधिक प्रभावशाली और आकर्षक बनाएगा। देखा जाए तो, आठवें भाव में बुधदेव, मंगलदेव और राहु की उपस्थिति शेयर्ड निवेश या पैतृक संपत्ति से जुड़े मामलों में तेजी लाएगी।

    सिंह राशि: आज चंद्रदेव और बृहस्पतिदेव आपके ग्यारहवें भाव (लाभ और सामाजिक दायरे का क्षेत्र) में गोचर कर रहे हैं। यह स्थिति आपको भारी सामाजिक लाभ और नेटवर्किंग के शानदार अवसर प्रदान करेगी। शुक्रदेव का नौवें भाव में प्रवेश करना उच्च शिक्षा और अंतरराष्ट्रीय क्षेत्रों में आपके आकर्षण को बढ़ाने वाला है। देखा जाए तो, सातवें भाव में बुधदेव, मंगलदेव और राहु की तिकड़ी आपकी पार्टनरशिप और व्यापारिक समझौतों में नई ऊर्जा का संचार कर रही है।

    कन्या राशि: आज चंद्रदेव और बृहस्पतिदेव आपके दसवें भाव (कर्म और प्रतिष्ठा का क्षेत्र) में विराजमान हैं। यह गोचर आपके करियर में नई उपलब्धियों और मान-सम्मान में वृद्धि के द्वार खोल रहा है। शुक्रदेव का आठवें भाव में प्रवेश करना शेयर्ड रिसोर्सेज और व्यक्तिगत विकास का एक नया दौर शुरू करेगा। देखा जाए तो, छठे भाव में बुधदेव, मंगलदेव और राहु की उपस्थिति कार्यस्थल पर आपकी कार्यक्षमता को बढ़ाएगी और विरोधियों पर जीत दिलाएगी।

    तुला राशि: आज चंद्रदेव और बृहस्पतिदेव आपके नौवें भाव (भाग्य और धर्म का क्षेत्र) में गोचर कर रहे हैं, जो अंतरराष्ट्रीय सौदों और कानूनी मामलों में सफलता दिलाएंगे। शुक्रदेव का सातवें भाव में प्रवेश करना विवाह और बिजनेस पार्टनरशिप में आपके उत्साह और आकर्षण को बढ़ाएगा। देखा जाए तो, पांचवें भाव में बुधदेव, मंगलदेव और राहु की उपस्थिति आपकी रचनात्मक ऊर्जा को सुपरचार्ज कर रही है। छठे भाव के सूर्य-शनि आपसे दैनिक दिनचर्या में अनुशासन की मांग कर रहे हैं।

    वृश्चिक राशि: आज चंद्रदेव और बृहस्पतिदेव आपके आठवें भाव (परिवर्तन और शेयर्ड वेल्थ का क्षेत्र) में युति कर रहे हैं। यह गोचर वित्तीय ऑडिटिंग और गहरे भावनात्मक बदलावों पर जोर देता है। शुक्रदेव का छठे भाव में प्रवेश कार्यस्थल के माहौल और आपकी सेहत से जुड़ी आदतों में सुधार लाएगा। देखा जाए तो, चौथे भाव में बुधदेव, मंगलदेव और राहु का प्रभाव आपके घरेलू जीवन में बड़े बदलावों के संकेत दे रहा है। पांचवें भाव के सूर्य-शनि आपसे रचनात्मक अनुशासन की मांग करते हैं।

    धनु राशि: आज चंद्रदेव और बृहस्पतिदेव आपके सातवें भाव (साझेदारी और विवाह का क्षेत्र) में विराजमान हैं, जो आपके गठबंधनों में भाग्य का विस्तार करेंगे। शुक्रदेव का पांचवें भाव में प्रवेश करना रोमांटिक उत्साह और रचनात्मक कार्यों से अचानक लाभ का नया चक्र शुरू करेगा। देखा जाए तो, तीसरे भाव में बुधदेव, मंगलदेव और राहु की तिकड़ी आपकी नेटवर्किंग और तकनीकी हुनर में बड़े बदलाव ला रही है। चौथे भाव के सूर्य-शनि आपसे घरेलू अनुशासन की मांग कर रहे हैं।

    मकर राशि: आज चंद्रदेव और बृहस्पतिदेव आपके छठे भाव (सेवा और स्वास्थ्य का क्षेत्र) में विराजमान हैं, जो कार्यस्थल की समस्याओं को सुलझाने में भाग्य का साथ दिलाएंगे। शुक्रदेव का चौथे भाव में प्रवेश करना घर की सजावट और पारिवारिक रिश्तों में मधुरता लाने का एक नया दौर शुरू करेगा। देखा जाए तो, दूसरे भाव में बुधदेव, मंगलदेव और राहु की उपस्थिति आपकी व्यक्तिगत संपत्ति और आय को सुपरचार्ज कर रही है। तीसरे भाव के सूर्य-शनि आपसे बातचीत में कड़े अनुशासन की मांग करते हैं।

    कुंभ राशि: आज चंद्रदेव और बृहस्पतिदेव आपके पांचवें भाव (क्रिएटिविटी और रोमांस का क्षेत्र) में विराजमान हैं, जो आपके रचनात्मक विचारों को नई चमक देंगे। शुक्रदेव का तीसरे भाव में प्रवेश आपकी बातचीत में प्रभाव और छोटी सुखद यात्राओं का नया दौर शुरू करेगा। देखा जाए तो, आपकी अपनी राशि (प्रथम भाव) में बुधदेव, मंगलदेव और राहु की तिकड़ी आपके व्यक्तिगत प्रभाव और औरा को सुपरचार्ज कर रही है। दूसरे भाव के सूर्य-शनि आपसे कड़े वित्तीय अनुशासन की मांग कर रहे हैं।

    मीन राशि: आज चंद्रदेव और बृहस्पतिदेव आपके चौथे भाव (घर और भावनात्मक सुरक्षा का क्षेत्र) में विराजमान हैं, जो पारिवारिक सुखों में भाग्य लेकर आएंगे। शुक्रदेव का दूसरे भाव में प्रवेश व्यक्तिगत आय में वृद्धि और आपकी जीवनशैली को बेहतर बनाने की इच्छा जगाएगा। देखा जाए तो, आपकी ही राशि यानी प्रथम भाव में सूर्यदेव और शनिदेव आपसे व्यक्तिगत अनुशासन और गंभीरता की मांग कर रहे हैं। बारहवें भाव के बुध, मंगल और राहु आपकी निजी रणनीतियों में बड़े बदलाव ला रहे हैं।