Blog

  • 24 घंटे में Heat wave से 45 लोगों की मौत! राज्य में अब तक जा चुकी 141 जानें

    24 घंटे में Heat wave से 45 लोगों की मौत! राज्य में अब तक जा चुकी 141 जानें

    भुवनेश्वर: देश भर में संदिग्ध हीटस्ट्रोक से मरने वालों की संख्या 200 के पार हो गई है, ओडिशा में 45 नई मौतें दर्ज की गई हैं, जबकि आईएमडी ने रविवार को कहा कि उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में हीटवेव की स्थिति की तीव्रता अगले तीन दिनों में कम होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में ओडिशा में 45 मौतें और बिहार के औरंगाबाद जिले में संदिग्ध हीटस्ट्रोक से चुनाव ड्यूटी पर तैनात एक कांस्टेबल की मौत के साथ, रविवार को देश भर में मरने वालों की संख्या 211 हो गई। इनमें से अकेले ओडिशा में 141 मौतें हुई हैं। ओडिशा सरकार ने कहा कि पिछले 24 घंटों में हुई 45 मौतों में से, पोस्टमार्टम जांच में 26 की मौत हीटस्ट्रोक के कारण होने की पुष्टि हुई है।

    जबकि सरकार ने आठ अन्य मौतों के लिए सनस्ट्रोक के अलावा अन्य कारणों को जिम्मेदार ठहराया है, यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि क्या शेष 107 मौतें हीटवेव के कारण हुई हैं। ओडिशा में रिपोर्ट की गई संदिग्ध हीटवेव मौतों की बड़ी संख्या राज्य के पश्चिमी भाग से है। सुंदरगढ़ जिला सबसे बुरी तरह प्रभावित है, जहां तीन दिनों में 35 संदिग्ध हीटस्ट्रोक मौतें हुई हैं। सुंदरगढ़ के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट आशुतोष कुलकर्णी ने कहा कि शव परीक्षण से पुष्टि हुई है कि उनमें से छह की मौत सनस्ट्रोक के कारण हुई है। बलांगीर जिले में 20 संदिग्ध सनस्ट्रोक मौतों की सूचना दी गई, जिनमें से चार की पुष्टि गर्मी से संबंधित बीमारी के कारण हुई। शेष 16 मामलों में जांच जारी है।

    संबलपुर में 18 संदिग्ध मामले सामने आए हैं। संबलपुर कलेक्टर अक्षय सुनील अग्रवाल ने बताया कि सनस्ट्रोक से हुई सात संदिग्ध मौतों का पोस्टमॉर्टम किया गया। पांच की मौत सनस्ट्रोक के कारण हुई। ग्यारह अन्य मामलों की रिपोर्ट का इंतजार है। बिहार में शनिवार को औरंगाबाद के दाउदनगर में ईवीएम ले जा रही बस में राम भजन सिंह नामक कांस्टेबल बेहोश हो गया। उसे पटना के एम्स ले जाया गया, जहां रविवार को उसकी मौत हो गई। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, पांच पश्चिमी जिलों बरगढ़, बलांगीर, नुआपाड़ा, सोनपुर और कालाहांडी में बुधवार तक लू की स्थिति जारी रहने की संभावना है। आईएमडी के सूत्रों ने बताया कि राज्य में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आने तक तटीय जिलों में गर्मी और उमस की स्थिति बनी रहेगी।

  • Punjab: Ashoka Hardware Showroom में 13 घंटे के बाद आग पर पाया काबू, देखें वीडियो

    Punjab: Ashoka Hardware Showroom में 13 घंटे के बाद आग पर पाया काबू, देखें वीडियो

    80 से अधिक दमकल विभाग की लगी गाड़ियां

    लुधियानाः आरती चौक नजदीक बीते दिन दोपहर साढ़े तीन बजे लगी अशोका हार्डवेयर के शोरुम में आग अगले दिन सुबह करीब 4 बजे बुझी। आग इतने भयावक थी कि शोरुम का सारा सामान राख हो गया। शोरुम में रेडीमेड किचन की चिमनियां व अन्य सामान के पड़ा था। दमकल विभाग के 20 से अधिक कर्मचारी इस आग बुझाने में पूरा दिन जुटे रहे। 80 से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने के प्रयास में जुटी रही।

    शोरुम की तीसरी मंजिल का लेंटर तोड़ कर विशेष सीढ़ी वाली मशीन मंगवाकर आग बुझााने की प्रयास किए गए। आग कई बार तो शांत हुई लेकिन फिर से भड़क जाती। दमकल कर्मचारियों ने आस-पड़ोस के दुकानदारों को भी सचेत करके उन्हें दुकानों से बाहर कर दिया। जानकारी देते हुए दमकल  अधिकारी धीरज शर्मा ने कहा कि अशोका हार्डवेयर में आग लगने का मैसेज दमकल विभाग में दोपहर करीब पौने 4 बजे पहुंचा।

    उसी समय दमकल विभाग की टीम निकल रेस्क्यू के लिए निकल गई। आज पूरा दिन यहां आग बुझाने में लग गया। पूरा फायर ब्रिगेड का अमला रेस्क्यू कर रहा है। आज विशेष सीढ़ी वाली गाड़ी भी यहां बुलाई है। दोपहर से लगाकार रेस्क्यू कर रहे है। पानी की गाड़ियों की तो गिनती ही नहीं हुई कितनी गाड़ियां लग चुकी है। शोरुम के फ्रंट का गेट जेसीबी से उखाड़ा गया उसके बाद लेंटर में गड्ढा करके पानी को बौझारे मारी गई। कड़ी मुशक्कत के बाद सुबह करीब 4 बजे आग पर काबू पाया गया।

  • Verka के बाद अब Amul ने भी बढ़ाए दूध के दाम, देखें लिस्ट

    Verka के बाद अब Amul ने भी बढ़ाए दूध के दाम, देखें लिस्ट

    चंडीगढ़ : अमूल’ ब्रांड के तहत डेयरी उत्पादों का विपणन करने वाली गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ (जीसीएमएमएफ) ने सोमवार से यानी आज से (3जून) देशभर में दूध की कीमतों में करीब दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। अब अमूल गोल्ड के दाम 64 रुपये/लीटर से बढ़कर 66 रुपये/लीटर हो जाएंगे। जबकि अमूल टी स्पेशल के दाम 62 रुपये से बढ़कर 64 रुपये प्रति लीटर हो जाएंगे।

    सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, जीसीएमएमएफ ने देर रात जारी बयान में कहा कि दो रुपये प्रति लीटर की वृद्धि से अधिकतम खुदरा मूल्य में तीन से चार प्रतिशत की वृद्धि होगी जो औसत खाद्य मुद्रास्फीति से काफी कम है। मूल्य वृद्धि की घोषणा लोकसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद की गई है। जीसीएमएमएफ ने कहा कि फरवरी 2023 से उसने दूध की कीमतों में कोई वृद्धि नहीं की है।

  • पानी में 4 बच्चों को डुबोकर मां ने उतारा मौत के घाट 

    पानी में 4 बच्चों को डुबोकर मां ने उतारा मौत के घाट 

    बाड़मेर: राजस्थान में दिल दहला देने वाली वारदात अंजाम दी गई है। एक मां ने अपने जिगर के 4 टुकड़ों को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया और फिर अपनी भी जान देने की कोशिश की। वारदात जयपुर के बाड़मेर में अंजाम दी गई। महिला ने चारों बच्चों को पानी की टंकी में डुबोकर मार दिया। खुद भी पानी की टंकी में कूद गई, लेकिन पड़ोसी ने कूदते देख लिया और शोर मचा दिया। शोर सुनकर लोग दौड़े आए। लोगों ने महिला को टंकी से निकाल लिया और अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन बचाए जाने तक बच्चे दम तोड़ चुके थे। डॉक्टरों ने भी चारों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

    मामला बाड़मेर के सदर इलाके के धने ताल्लुका के तला गांव का है। रविवार शाम 4 बजे की बात है, लेकिन वारदात का खुलासा देररात हुआ। 4 बच्चों की मौत होने से क्षुब्ध परिवार ने महिला की करतूत के बारे में देररात पुलिस को बताया। जानकारी मिलते ही DSP रमेश कुमार शर्मा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। हत्यारोपी महिला का नाम हेमी देवी (35) पत्नी पुरखाराम है। मृतक बच्चों की पहचान संजू (9), मंजू (11), कृष्ण (7) और दिनेश (5) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह बच्चों को खेत में लेकर आई थी, लेकिन उसने खेत के पास बनी पानी की टंकी में एक-एक करके चारों को फेंक दिया।

    DSP रमेश ने बताया कि शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद के कारण हत्याएं करने का खुलासा हुआ है। जब महिला बच्चे लेकर खेत में गई, तब भी उसकी अपनी सास से कहासुनी हुई थी। उसका पति मेहनत मजदूरी करता है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। महिला के पति के बयान दर्ज करके के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पड़ोसियों और गांव के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। सास से बात करके लड़ाई होने की वजह भी पता लगाई जाएगी।

  • चलती कार में लगी आग, महिला समेत जिंदा जले 4 लोग, देखें वीडियो 

    चलती कार में लगी आग, महिला समेत जिंदा जले 4 लोग, देखें वीडियो 

    मेरठ: चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर भोला झाल के समीप चलती CNG सैंट्रो कार में आग लग गई। कार में सवार चार लोग जिंदा जल गए। सभी के कंकाल सीट से चिपके हुए मिले। फोरेंसिंक जांच में एक शव महिला का होना बताया जा रहा है। कार दिल्ली निवासी सोहनपाल सिंह के नाम पर है, जिसके आधार पर मृतकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के बाद करीब तीन घंटे कांवड़ मार्ग बंद कर दिया गया था। देर रात यातायात सुचारु किया गया। जानी थाना क्षेत्र में कांवड़ पटरी मार्ग पर रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे सैंट्रो कार में आग लग गई।  प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग का गोला बनी कार को चालक ने विपरीत दिशा में रोक दिया, लेकिन कार में सवार लोग बाहर नहीं निकल पाए और सभी की जलकर मौत हो गई।

    आगे की सीट पर बैठा युवक भी पीछे की सीट पर चला गया था। आगे की सीट पर सिर्फ चालक था। पिछली सीट पर तीन लोग बैठे थे, जिनमें एक महिला थी। चारों के शव कंकाल बन चुके थे। मृतकों की पहचान नहीं हो सकी। कार का नंबर डीएल4 सीएपी 4792 है, जो दिल्ली के प्रह्लादपुर निवासी सोहनलाल के नाम पर रजिस्टर्ड है। अधिकारी दिल्ली पुलिस के अफसरों से संपर्क कर मृतकों की पहचान करने में जुटे हैं। सीएफओ संतोष राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया सामने आया है कि कार की वायरिंग शार्ट होने से आग लगी है। वायरिंग जलने से ही खिड़की लाक हुई है।

    सीएनजी किट होने के कारण चंद मिनट में कार आग का गोला बन गई और अंदर फंसे लोग बाहर नहीं निकल पाए। बाइक सवार कहां चला गया प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस समय कार में भीषण आग लगी थी उसी समय एक बाइक सवार वहां से गुजरा। उसने बाइक रोकी और कार का शीशा तोड़ने का प्रयास किया लेकिन वह भी कार सवारों को नहीं बचा पाया। कार से बाइक 50 गज की दूरी पर मिली है। पुलिस मान रही है कि युवक भी आग में झुलसा होगा। हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है। यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि कार और बाइक की टक्कर होने के बाद कार में आग लगी हो। बाइक के नंबर यूपी14ईएच 5035 के आधार पर वह गाजियाबाद के निस्तौली निवासी विपुल के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस का कहना है कि उसने यह बाइक किसी खानपुर के अंकुर के को दे रखी थी।

    पुलिस खानपुर के अंकुर की जानकारी जुटा रही है। एसपी देहात कमलेश बहादुर ने बताया कि सैंट्रो कार दिल्ली नंबर की है इसलिए वहां के पुलिस अफसरों से संपर्क कर म़ृतकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। खिड़की नहीं खुलने पर उसने भी पीछे की सीट पर ही दम तोड़ दिया। सीएफओ का कहना है कि मौके पर देखकर लग रहा है कि कार के अंदर धुंए से उनका दम घुट गया। उसके बाद वह निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पाए।

  • Punjab : दूध के बाद अब Toll Plaza के दामों में हुई बढ़ोतरी

    लुधियाना : लोकसभा चुनाव खत्म होते ही महंगाई की मार लोगों पर पड़नी शुरू हो गई है। दूध के बाद अब नैशनल हाईवे पर स्थित लाडोवाल टोल प्लाजा पर एक बार फिर से वाहन चालकों को टोल रेट की बढ़ौतरी झेलनी पड़ेगी। नैशनल हाईवे पर सबसे महंगे लाडोवाल टोल प्लाजा पर 2 जून की आधी रात को टोल रेट में फिर से वृद्धि कर दी गई है।

    जहां एक ओर आने-जाने वाले वाहनों के रेट में 5 से 10 प्रतिशत वृद्धि की गई है, वहीं दूसरी तरफ प्रतिदिन लाडोवाल टोल प्लाजा से लाडोवाल से फिल्लौर आने जाने वालों को भी महीने के पास में बढ़ौतरी की गई है। उक्त मामले संबंधी जानकारी देते हुए लाडोवाल टोल प्लाजा के मैनेजर दीपेंद्र सिंह ने बताया नैशनल हाईवे अथॉरिटी के नियमों के अनुसार टोल रेट में वृद्धि की जा रही है। पहले यह वृद्धि लोकसभा चुनाव से पहले की गई थी परंतु कोड ऑफ़ कंडक्ट लगने के कारण वापस ली गई थी।

    अब नैशनल हाईवे अथॉरिटी के नियमों के अनुसार लाडोवाल टोल प्लाजा पर प्रत्येक वाहन चालक से 5 से लेकर 10 प्रतिशत की आने जाने की वृद्धि ली जाएगी। उन्होंने बताया कि लाडोवाल टोल प्लाजा पर प्रतिदिन आने-जाने वाले डेली पास में भी टोल फीस की वृद्धि की गई है जिसके चलते पहले जिन लोगों को प्रतिदिन आने जाने के लिए 1 महीने का 330 देना पड़ता था अब उनको 340 रुपए प्रति महीना देना पड़ेगा।

  • सुबह-सुबह 5.9 की तीव्रता से लगे भूकंप के तेज झटके 

    टोक्यो: जापान के उत्तर-मध्य क्षेत्र इशिकावा में सोमवार को तड़के शक्तिशाली भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि, इस आपदा में किसी जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। फिलहाल सुनामी को कोई खतरा नहीं है। यह क्षेत्र एक जनवरी को भी घातक भूकंप से प्रभावित हुआ था। अधिकारियों ने कहा कि आज यहां सुनामी का कोई खतरा नहीं है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने बताया कि नोटो प्रायद्वीप के उत्तरी छोर पर 5.9 तीव्रता का भूकंप आया।

    कुछ ही मिनटों बाद 4.8 तीव्रता का भूकंप आया। एजेंसी ने कहा कि दोनों भूकंपों से सुनामी का कोई खतरा नहीं है। किसी तरह के नुकसान या हताहत होने की कोई खबर नहीं है। वेस्ट जापान रेलवे कंपनी के अनुसार अधिकांश सार्वजनिक परिवहन सेवाएं सामान्य रूप से चल रही है। परमाणु विनियमन प्राधिकरण ने कहा कि दो नजदीकी परमाणु ऊर्जा संयंत्रों में कोई असामान्यता नहीं पाई गई।

    उनमें से एक नोटो प्रायद्वीप पर स्थित शिका संयंत्र को मामूली क्षति हुई है, हालांकि अधिकारियों ने कहा कि इससे दो रिएक्टरों के कूलिंग कार्यों पर कोई असर नहीं पड़ा। होकुरिकु इलेक्ट्रिक पावर कंपनी ने कहा कि बिजली की कोई कमी नहीं हुई। एक जनवरी को नोटो प्रायद्वीप में आए 7.6 तीव्रता के भूकंप में 241 लोगों की मौत हो गई थी। नुकसान की भरपाई अभी तक नहीं हो सकी है। कई निवासियों को घर खाली करने पड़े।

  • आज का राशिफल, 3 जून 2024

    आज का राशिफल, 3 जून 2024

    आज ज्येष्ठ कृष्ण पक्ष की द्वादशी तिथि और सोमवार का दिन है। द्वादशी तिथि आज रात 12 बजकर 20 मिनट तक रहेगी। आज सुबह 9 बजकर 11 मिनट तक सौभाग्य योग रहेगा, उसके बाद शोभन योग लग जाएगा। साथ ही आज रात 12 बजकर 6 मिनट तक अश्विनी नक्षत्र रहेगा। इसके अलावा बीते 1 जून को हर्शल वृष राशि में प्रवेश कर चुका है। आचार्य इंदु प्रकाश से जानिए कैसा रहेगा आपके लिए 03 जून 2024 का दिन और किन उपायों से आप ये दिन बेहतर बना सकते हैं। साथ ही जानते हैं कि आपके लिए लकी नंबर और लकी रंग कौन सा होगा 

    1. मेष राशि-आज का दिन खुशियों से भरा रहने वाला है। इस राशि के जो लोग पयर्टन के क्षेत्र से जुड़े हैं उन्हें आज आर्थिक लाभ मिलेगा। आज आपका आर्थिक पक्ष मजबूत बना रहेगा। सही दिशा में मेहनत करेंगे जिससे ज्यादा काम निपटा लेंगे। आज आपको किसी संस्था द्वारा सम्मानित किया जा सकता है। नौकरीपेशा वालों का आज प्रमोशन हो सकता है। सामाजिक कार्यों के लिए पड़ोसी आपकी तारीफ कर सकते है। आपके मन में बिजनेस को लेकर नएनए विचार आएंगे।

    2. वृष राशि-आज अचानक धन लाभ हो सकता है। जिससे आर्थिक स्थिति में काफी सुधार आएगा। अगर आप कोई नया वाहन खरीदने की सोच रहें है, तो राहुकाल देखकर ही खरीदें। घर में खुशियों का आगमन होगा। आज आपकी व्यावहारिक प्रवृति को देखकर लोग आपकी प्रशंसा करेंगे। संगीत क्षेत्र में रुझान वालों को आज फिल्म इंडस्ट्री से ऑफर आ सकता है। भाईयों के साथ कहीं घूमने जाने का प्लान बन सकता है। लवमेट के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। बड़ों के प्रति आपका व्यवहार अच्छा बना रहेगा।

    3. मिथुन राशि-आज किस्मत आपके साथ रहेगी। कारोबार में आ रही दिक्कतें आज समाप्त हो जायेगी। धनलाभ के नये रास्ते नजर आयेंगे। अगर आज घर में किसी पार्टी का आयोजन कर रहे हैं तो सभी को दावत दें। आज किसी ऐसे व्यक्ति से आपकी मुलाकात होगी, जो आपको बिजनेस में काफी फायदा कराएगा। आज दूसरों से बात करते समय मीठी भाषा का प्रयोग करें, लोग आपसे काफी प्रभावित होंगे। जिससे आपका मन प्रसन्न हो जायेगा। आज आपका दांपत्य जीवन अच्छा रहने वाला है। बच्चे खेल कूद में व्यस्त रहेंगे।

    4. कर्क राशि-आज का दिन फायदेमंद रहेगा। बिजनेस को लेकर आपको कोई अच्छी डील मिलेगी। कॉलेज में दोस्तों के साथ हंसीमजाक होगा साथ ही कहीं पार्टी करने जाएंगे। इंजीनियरिंग करने वाले स्टूडेंट्स को आज किसी मल्टीनेशनल कंपनी से ईमेल आएगा। छात्र अपने करियर को लेकर सोच विचार करेंगे, किसी अनुभवी की सलाह भी लेंगे। आज आपका स्वास्थ्य़ पहले से बेहतर रहेगा। नया घर लेने के लिए आज आप किसी प्रॉपर्टी डीलर से बात फाइनल करेंगे। अविवाहित जातकों के लिए विवाह के अच्छे रिश्ते आयेंगे।

    5. सिंह राशि-आज आपका दिन अच्छा रहने वाला है। आज कोई व्यक्ति आपके करियर के लिए खास हो सकता है। इस राशि के नवविवाहित आज समारोह में जाएंगे। जहां किसी ऐसे व्यक्ति से मुलाकात होगी, जिससे मिलकर मन प्रसन्न हो जायेगा। किसी नये व्यापार में मातापिता की राय कारगर साबित होने वाली है। स्टूडेंट्स का पढ़ाई में मन लगेगा। हालात के उजले पहलू की ओर देखें और आप पाएंगे कि चीज़ें सुधर रही हैं। आज आपको कुछ अप्रत्याशित धन प्राप्त होने वाला है, जिसका इंतजार आप लम्बे समय से कर रहे थे।

    6. कन्या राशि-आज का दिन अनुकूल रहेगा। आज आपकी क्रिएटिविटी से लोग प्रभावित होंगे। आपका मानसम्मान लोगों में पहले से ज्यादा बढ़ेगा। आज जॉब में प्रमोशन के चांस बन रहे है। ऑफिस में आज सहकर्मियों के साथ अंडर स्टेंडिंग बढ़ेगी। आज किसी बिजनेस डील के लिए बाहर जाना पड़ सकता है। धन लाभ के आसार बन रहे हैं। नवविवाहितों के लिए आज का दिन खुशियों से भरा रहने वाला है। जीवनसाथी के साथ डिनर पर जा सकते हैं। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे लोगों के लिए आज का दिन बहुत अच्छा है।


    7. तुला राशि-आज का दिन बेहतरीन रहने वाला है। आज आप अपनी प्रतिभा को सही ढ़ग से निखार पाएंगे। आज राजनीति शास्त्र के विद्यार्थियों के लिए दिन अच्छे परिणाम लेकर आने वाला रहेगा। आज आप बड़ी से बड़ी समस्या का हल आसानी से निकाल लेंगे। आज अपने स्वास्थ्य का सही ढंग से ध्यान रखें। किसी डाक्टर की सलाह से ही आगे बढ़े। आज कोई सरकारी अधिकारी आपके जमीन से जुड़े मसलों को हल करने में आपकी मदद करेगा। कानूनी मसलों को हल करने के लिए आज का दिन बहुत अच्छा है।


    8. वृश्चिक राशि-आज का दिन अच्छा रहने वाला है। आज आपकी कोई खास इच्छा पूरी होगी। दूसरे शहर रहकर शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्रों को आज कोई बड़ी सफलता मिलने के आसार नजर आ रहे है। आज किसी अपरिचित व्यक्ति से बिना वजह ना उलझे। आज प्रियजनों के साथ किसी बात को लेकर विचार विमर्श करेंगे, किसी समस्या का समाधान मिलेगा। सबको साथ लेकर चलने की कोशिश करें। आज किसी दोस्त के साथ पार्टी में जाएंगे। घर में नन्हें मेहमान के आने से उत्सव जैसा माहौल बना रहेगा।
    9. धनु राशि-आज का दिन खुशियों भरा रहेगा। छोटे बच्चों को आज पिता से कोई गिफ्ट मिल सकता है। आज घरवालों के साथ कहीं घूमने भी जा सकते हैं। आज बिजनेस में बढ़ोत्तरी के चांस हैं। परिवार के साथ बाहर घूमने का प्लान बना सकते है। शाम को दोस्तों के साथ पार्टी करने जा सकते हो। आपके व्यापार में दो गुना वृद्दि हो सकती है। दांपत्य जीवन में मधुरता बढ़ेगी। महिलाएं आज ऑनलाइन कोई डिस बनाना सीखेंगी। वकालत की पढ़ाई कर रहे छात्रों को आज किसी बड़े वकील से सलाह मिलेगी।

    10. मकर राशि-आज आपका दिन बढ़िया रहेगा। किसी शुभ समाचार के मिलने का योग नजर आ रहा है। आज पारिवारिक रिश्तों के बीच सामंजस्य बनाने में आप सफल रहेंगे। आज ऑफिस के कार्यों में आपका मन लगेगा। अगर आज किसी जरूरी काम को पूरा करने की सोच रहे हैं तो वह आज समय से पहले पूरा कर लेंगे, लेकिन पहले से योजना बनाकर चलने की जरूरत है। किसी नये कोर्स को ज्वाइन करने के लिए आज का दिन शुभ है। लवमेट के लिए आज रिश्ते में मिठास भरने का दिन है।

    11. कुंभ राशि-आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। मनोरंजन में पैसे खर्च हो सकते हैं। आज आपको कई दिनों से रूके हुए काम में सफलता मिल सकती है। ऑफिस में किसी काम को लेकर जल्दबाजी करने से आपको बचना चाहिए, धैर्य के साथ काम करें। इस राशि के स्टूडेंट्स के लिए आज का दिन अच्छा है, पढ़ाई में मन लगेगा। स्वास्थ्य आज पहले से ज्यादा फिट रहेगा। राजनीति से जुड़े लोगों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। लवमेट आज कहीं घूमने जाएंगे।

    12. मीन राशि-आज का दिन बेहतरीन रहेगा। किसी नयी जमीन से संबंधित कोई लेनदेन करने जा रहे हैं तो पहले उसकी अच्छे से जांचपड़ताल जरूर कर लें। आज किसी भी अनजान व्यक्ति से बात करते समय मधुर भाषा का प्रयोग करें। इस राशि के विवाहितों के लिए आज का दिन अच्छा है। जीवनसाथी के साथ कहीं बाहर डिनर पर जा सकते हैं। दोनों के बीच में सामंजस्य बना रहेगा। नियमित योग करने से आज आपका स्वास्थ्य फिट रहेगा । विद्यार्थियों के लिए आज का दिन बढ़िया रहेगा।

  • Exit Poll को लेकर प्रशांत किशोर के बयान ने सबको चौकाया

    Exit Poll को लेकर प्रशांत किशोर के बयान ने सबको चौकाया

    पटना: चुनावी रणनीतिकार से नेता बने PK यानी प्रशांत किशोर ने चुनाव खत्म होते ही तमाम चैनलों के EXIT POLL आने पर पहली प्रतिक्रिया दी है, जो हैरान करने वाली है। प्रशांत किशोर ने X पर अपनी राय देते हुए उन लोगों पर निशाना साधा है जो चुनाव परिणाम को लेकर अपने-अपने आकलन देते हैं। PK ने X पर लिखा है कि अगली बार चुनाव और राजनीति की बात हो तो अपना कीमती वक़्त खाली बैठे फर्जी पत्रकार, बड़बोले नेताओं और सोशल मीडिया के स्वयंभू विशेषज्ञों की फिजूल की बातों और विश्लेषण पर बर्बाद मत करिए।

    अब जब  तमाम चैनलों के EXIT POLL आ गए है और दावे किए गए हैं कि बीजेपी प्रचंड बहुमत से फिर से सरकार बनाने जा रही है तब प्रशांत किशोर ने चुनावी विश्लेषकों और सोशल मीडिया पर चुनाव को लेकर अपनी-अपनी राय देने वालों पर जमकर निशाना साधते हुए लोगों से आग्रह किया है कि ऐसे लोगों के चुनावी विश्लेषण ना सुने। प्रशांत किशोर से लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद परिणाम को लेकर उनकी राय मीडिया ने जाननी चाही तब उन्होंने परिणाम को लेकर भविष्यवाणी की थी और तब उन्होंने माना था कि केंद्र में एनडीए की सरकार बन सकती है।

    बता दें कि प्रशांत किशोर ने लोकसभा चुनाव को लेकर दावा किया था कि नरेंद्र मोदी की एक बार फिर से सरकार बनने जा रही है यही नहीं उन्होंने सीटों को लेकर एक अनुमान भी किया था और दावा किया था कि बीजेपी को इस बार 303 सीट या उससे भी कुछ ज्यादा सीट मिल सकती है।

  • ऊना जिले में अब 4 जून तक बंद रहेंगे सभी स्कूल

    ऊना/ सुशील पंडित : हीट वेव के भयंकर प्रकोप के चलते ऊना जिले में सभी सरकारी और निजी स्कूलों को अब 4 जून तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। यह आदेश प्री-प्राइमरी और प्राइमरी पाठशालाओं के साथ साथ सभी माध्यमिक, उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों के लिए भी लागू होंगे। जिला दंडाधिकारी उपायुक्त जतिन लाल ने अत्यधिक गर्मी के चलते छात्रों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए एहतियातन कदम उठाते हुए इस संदर्भ में आदेश जारी किए हैं।

    जतिन लाल ने कहा कि हीट वेव की भयंकरता से छात्रों के स्वास्थ्य सुरक्षा और किसी भी आपात स्थिति से बचाव के लिए एहतियाती उपाय के रूप में प्री-प्राइमरी से लेकर वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों तक जिले में सभी सरकारी और निजी स्कूलों को अब 3 और 4 जून को भी बंद रखने का फैसला लिया गया है। इस दौरान स्कूलों को बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई के लिए डिजिटल माध्यमों के उपयोग के निर्देश दिए गए हैं.

    जारी आदेश में यह कहा गया है कि जिन स्कूलों में 3 और 4 जून को परीक्षाएं निर्धारित हैं, वहां उनका आयोजन अनिवार्य रूप से सुबह 7 बजे से 11 बजे के बीच किया जाए। स्कूलों को परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए पीने के पानी, छायादार क्षेत्रों और परीक्षा हॉल में पंखे, कूलर या एयर कंडीशनिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। इसके अलावा विद्यालयों में प्राथमिक चिकित्सा किट और हीट स्ट्रोक के किसी मामले में तुरंत उपचार के लिए डॉक्टर या नर्स की उपलब्धता सुनिश्चित बनाने को कहा गया है। विद्यालय स्टाफ और छात्रों को आपातकालीन प्रक्रियाओं की समुचित जानकारी देने के भी निर्देश दिए गए हैं। जतिन लाल ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए हैं।