Blog

  • हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण का पहले चरण का कार्य पूरा, 1.72 करोड़ फॉर्म जमा

    हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण का पहले चरण का कार्य पूरा, 1.72 करोड़ फॉर्म जमा

    चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने कहा कि प्रदेश में विशेष गहन पुनरीक्षण के पहले चरण का कार्य 100 प्रतिशत पूरा हो गया है। अब 31 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जाएगी जिसे वेबसाइट के साथ हर जगह प्रकाशित किया जाएगा। उन्होंने यह बात सेक्टर-17 स्थित हरियाणा सचिवालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान एडिशनल सीईओ श्रीमती रितु और अपूर्व व ज्वाइंट सीईओ श्री राज कुमार लोहान भी मौजूद रहे।

    उन्होंने एसआईआर के दौरान कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों का सहयोग के लिए धन्यवाद करते हुए कहा कि 20629 बीएलओ द्वारा 2 करोड़ 6 लाख 55 हजार से ज्यादा मतदाताओं को फॉर्म वितरित किए गए जिनमें से 1 करोड़ 72 लाख 71 हजार 361 मतदाताओं के फॉर्म डिजिटाइज किए गए हैं। जबकि 33 लाख 84 हजार 568 मतदाताओं के नाम दर्ज नहीं हो सके। इनमें से 13,75,278 जो स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके हैं 7,66,205 मृत, 2,04,916 पहले से दर्ज मतदाता जबकि 9,36,646 मतदाता अनुपस्थित पाए गए तथा 1,01,523 ऐसे मतदाता है जिन्होंने किसी अन्य कारण से गणना प्रपत्र वापिस जमा नहीं किए हैं।

    उन्होंने कहा कि अब 31 जुलाई से 30 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। अगर किसी मतदाता का नाम 31 जुलाई को प्रकाशित होने वाली लिस्ट में नहीं है तो वह फार्म 6 भर अपना नाम पुनः दर्ज करवा सकते हैं। फाइनल लिस्ट में उनका नाम शामिल कर लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी मतदाता का नाम बिना सुनवाई के नहीं कटेगा। ईआरओ के निर्णय पर मतदाता 15 दिन के अंदर जिला स्तर पर अपील कर सकता है फिर भी समस्या आती है तो 30 दिन के अंदर मुख्य निर्वाचन अधिकारी को अपील कर सकता है। 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। दावे व आपत्तियों के साथ-साथ 28 सितंबर तक नोटिस फेज व आपत्तियों के समाधान का कार्य भी चलेगा। नोटिस फेज में बीएलओ की तरफ से ऐसे मतदाताओं को नोटिस दिया जाएगा जिनका पिछले विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची से मिलान नहीं हो पाया है या फिर मिलान में किसी भी प्रकार की विसंगतियाँ पाई गई हैं।

    फॉर्म 6 के माध्यम से पात्र व्यक्ति खुद का नाम मतदाता सूची में जोड़ सकते हैं। 01 जुलाई, 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को वोटर बनने के लिए फार्म 6 भरने की सुविधा दी गई है। जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में छूट गए हैं या जो किन्हीं वजहों से गणना प्रपत्र नहीं भर सके थे वह भी फार्म 6 भर सकते हैं। फॉर्म 7 के तहत मतदाता अपना नाम हटवाने के लिए भर सकते हैं जिनका नाम पहले से ही मतदाता सूची में है। फॉर्म 8 की मदद से मतदाता अपने मतदाता कार्ड में कुछ बदलाव करने या कोई गलती है तो उसे सुधारने के लिए भर सकते हैं। यह सुविधा ऑनलाइन भी उपलब्ध रहेगी।

    एसआईआर प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ, निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी , जिला निर्वाचन अधिकारी मुख्य रूप से कार्य कर रहे हैं। अगले फेज के लिए सहायक ईआरओ भी कार्य से जुड़ेंगे। जबकि मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा हर जिले की रिपोर्ट ली जा रही है। वहीं  विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त 37055 बूथ स्तरीय एजेंट भी इस प्रक्रिया में सहयोग कर रहे हैं। इसमें 19051 भारतीय जनता पार्टी, 15818 कांग्रेस, 1476 इनेलो, 54 आम आदमी पार्टी, 314 कम्युनिस्ट पार्टी, 342 जननायक जनता पार्टी द्वारा नियुक्त बीएलए-टू हैं।

  • किसान की मेहनत का सम्मान और हरियाणा की कृषि शक्ति का उत्सव है मैंगो मेला- मंत्री श्याम सिंह राणा

    किसान की मेहनत का सम्मान और हरियाणा की कृषि शक्ति का उत्सव है मैंगो मेला- मंत्री श्याम सिंह राणा

    चंडीगढ़ : हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि यह मेला किसान की मेहनत का सम्मान है और हरियाणा की कृषि शक्ति का उत्सव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे तेज बढ़ती अर्थव्यवस्था बन रहा है। इस यात्रा की सबसे बड़ी ताकत हमारे गांव, किसान और कृषि हैं। किसान की मेहनत का पूरा मूल्य तभी मिलेगा जब वह बाजार की ताकत भी बने। इसी सोच से देशभर में फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन का नेटवर्क बन रहा है। इसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेश में पूरजोर बढ़ावा दे रहे हैं। छोटे किसानों के जुड़ने से लागत घटती है और आय बढ़ती है। मंत्री आज कुरुक्षेत्र के लाडवा के उप उष्णकटिबंधीय फल केंद्र में तीन दिवसीय 8वें मैंगो मेले के समापन अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने उप केंद्र की नर्सरी का निरीक्षण किया और पौधे तैयार करने की विधि की जानकारी ली। उप केंद्र परिसर में पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की। इसके साथ ही अलग अलग राज्यों से आए प्रगतिशील किसानों द्वारा लगाए गए स्टॉलस का अवलोकन किया और आम की विभिन्न किस्मों में गहरी रुचि दिखाई।

    कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि मैंगो मेले में 200 से अधिक आम की किस्में प्रदर्शित की गई है जो हमारे किसानों के अनुभव, नवाचार और परिश्रम का परिणाम हैं। वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाना है तो खेती को भी भविष्य के अनुरूप ढालना होगा। दुनिया आज एआई की चर्चा कर रही है, इसका सबसे बड़ा लाभ हमारे किसान को मिलेगा। मिट्टी में तत्व की कमी, सिंचाई का समय, लाभकारी फसल, रोग का संकेत, मंडी की मांग, यह पहले से पता चले तो समय बचेगा, लागत घटेगी और आमदनी बढ़ेगी।

    उन्होंने कहा कि आज ड्रोन खेत सर्वेक्षण कर रहे हैं, एआई मिट्टी की सेहत जांच रहा है, मौसम की जानकारी मोबाइल तक पहुंच रही है। एआई आधारित डिजिटल अकाउंटिंग से किसान अपने मोबाइल पर ही खर्च-आमदनी का पूरा हिसाब रख सकता है। यही स्मार्ट खेती का भविष्य है। तकनीक रास्ता दिखा सकती है, परंतु खेती की आत्मा किसान का अनुभव ही है। इसलिए परंपरा और तकनीक, दोनों साथ चलेंगे।मंत्री ने कहा कि भूमि जोत छोटी होती जा रही है, इसलिए सरकार किसानों को बागवानी फसले लगाने के लिए प्रेरित कर रही है। नया आम बाग लगाने पर 42 हजार रुपये प्रति एकड़ सब्सिडी दी जाती है। साथ ही आम की फसल को भावांतर भरपाई योजना में भी शामिल किया गया है।

    उन्होंने कहा कि सरकार प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित कर रही है। वर्ष 2022 में शुरू हुई प्राकृतिक खेती योजना धरती की सेहत बचाने, लागत घटाने और भविष्य सुरक्षित करने का संकल्प है। लगभग 2 लाख किसानों ने 3 लाख एकड़ भूमि पंजीकृत करवाई है, 24 हजार किसान 44 हजार एकड़ से अधिक पर प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। वर्ष 2025-26 में 20 हजार 727 एकड़ में प्राकृतिक खेती हुई और इस वर्ष प्राकृतिक खेती के लिए 30 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है।

    मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती में देसी गाय का विशेष महत्व है। वर्ष 2025 से देसी गाय आधारित जीवामृत-घनजीवामृत के लिए सब्सिडी बढ़ाकर 30 हजार रुपये की गई है। इसके साथ साथ प्राकृतिक खेती में उपयोग होने वाले कच्चे माल के भंडारण और प्रसंस्करण के लिए चार ड्रम खरीदने हेतु प्रत्येक किसान को 3 हजार रुपये की सहायता भी दी जा रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के एडीसी महेंद्र सिंह, बागवानी विभाग के महानिदेशक डॉ. अर्जुन सिंह सैनी, बागवानी विभाग के मिशन डायरेक्टर डा. मनोज कुमार, चेयरमैन डा. गणेश दत्त व अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

  • पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से गैंगस्टर जोबनजीत बिल्ला को इंडोनेशिया से भारत लाया

    पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से गैंगस्टर जोबनजीत बिल्ला को इंडोनेशिया से भारत लाया

    चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर चलाए जा रहे गैंगस्टरों के खिलाफ अभियान के तहत अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने ओवरसीज़ फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्स्ट्राडिशन सेल (ओएफटीईसी) पंजाब तथा केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से फरार गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन बिल्ला का सफल प्रत्यर्पण कराया है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने आज यहां दी।

    उन्होंने बताया कि आरोपी जोबन बिल्ला को 20 जुलाई 2026 को इंडोनेशिया में हिरासत में लेने के बाद भारत रवाना किया गया। पंजाब पुलिस ने उसे मुंबई हवाई अड्डे पर अपनी हिरासत में लिया और अब आगे की जांच के लिए पंजाब लाया जा रहा है। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि यह सफलता छह महीने तक चले गुप्त अंतरराष्ट्रीय अभियान ‘ऑपरेशन नोमैड-हंट’ का परिणाम है। इस अभियान के तहत फरार अपराधियों का पता लगाने के लिए लगातार निगरानी, रणनीतिक खुफिया जानकारी एकत्र करना तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ निकट समन्वय स्थापित किया गया। उन्होंने बताया कि जोबन बिल्ला हत्या, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस अधिनियम तथा आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी 9 जनवरी 2025 को गोरखपुर निवासी एक व्यक्ति के फर्जी विवरण के आधार पर तैयार किए गए पासपोर्ट का इस्तेमाल कर भारत से फरार हो गया था। यह पासपोर्ट 8 मार्च 2024 को उत्तर प्रदेश के लखनऊ से जारी किया गया था। डीजीपी ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए जोबन बिल्ला विभिन्न देशों से अपने आपराधिक नेटवर्क का संचालन कर रहा था। वह पहले संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में छिपा रहा, वहां से जॉर्जिया गया और बाद में इंडोनेशिया पहुंच गया। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया था तथा उसके फर्जी पासपोर्ट और संभावित ठिकानों संबंधी पुख्ता जानकारी समय-समय पर केंद्रीय एजेंसियों के साथ साझा की जाती रही। इसके अलावा उसके विरुद्ध इंटरपोल के पांच संदर्भ भी जारी किए गए थे। पंजाब पुलिस के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप इंडोनेशिया में उसे हिरासत में लिया गया।

    उल्लेखनीय है कि ‘ऑपरेशन नोमैड-हंट’ अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक  एजीटीएफ प्रमोद बान की निगरानी में तथा पुलिस अधीक्षक (एसपी) एजीटीएफ/ओएफटीईसी बिक्रमजीत सिंह बराड़ के नेतृत्व में चलाया गया।

    एडीजीपी प्रमोद बान ने बताया कि जोबन बिल्ला पंजाब में दर्ज चार हत्या के मामलों में वांछित है। इनमें मई 2023 में अमृतसर के गांव सठियाला में जरनैल सिंह की हत्या, जनवरी 2024 में दीपू अजनाला की हत्या, मार्च 2025 में 12 वर्षीय गुरसेवक सिंह की हत्या तथा मार्च 2025 में ही विक्की चुघ की हत्या के मामले शामिल हैं।

    गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देश पर पंजाब पुलिस ने पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) आशीष चौधरी के नेतृत्व में ओवरसीज़ फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्स्ट्राडिशन सेल (ओएफटीईसी) का गठन किया है। इसका उद्देश्य विदेशों में छिपे अपराधियों का पता लगाकर उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत पंजाब वापस लाना तथा उनके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया को तेज करना है।

     

  • जल शक्ति विभाग में इस वित्त वर्ष 4000 पद भरे जाएंगे : मुकेश अग्निहोत्री

    जल शक्ति विभाग में इस वित्त वर्ष 4000 पद भरे जाएंगे : मुकेश अग्निहोत्री

    कार्यशाला में बोले उपमुख्यमंत्री, कर्मचारियों के हित में होंगे निर्णायक फैसले

    ऊना,सुशील पंडित: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जल शक्ति विभाग में इस वित्त वर्ष करीब 4000 पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्याप्त मैनपावर के बिना कोई भी योजना सफल नहीं हो सकती। इसलिए सरकार विभाग को सुदृढ़ बनाने के साथ युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दे रही है।

    उपमुख्यमंत्री शनिवार को हरोली के पालकवाह ऑडिटोरियम में जल शक्ति विभाग, हमीरपुर जोन द्वारा आयोजित जलापूर्ति एवं सिंचाई योजनाओं के संचालन, रखरखाव एवं जल गुणवत्ता निगरानी विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया।

    उन्होंने नव नियुक्त पैरा पंप ऑपरेटरों, पैरा फिटरों, मल्टीपरपज वर्कर्स तथा वाटर गार्ड्स को विभाग का ध्वजवाहक बताते हुए कहा कि प्रदेश के लोगों तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि उनका भविष्य उज्ज्वल है और उन्हें धैर्य के साथ कार्य करते रहना चाहिए। यह 58 वर्ष तक पेंशन लाभ वाली नौकरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में इन कर्मचारियों के हित से जुड़े निर्णायक फैसले लिए जाएंगे।]

    उन्होंने कहा कि प्रदेश में पेयजल की गुणवत्ता सुधारने और जल शुद्धिकरण व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए लगभग 2000 करोड़ रुपये की व्यापक योजना लागू की जाएगी। योजना के तहत आधुनिक तकनीक आधारित जल शुद्धिकरण प्रणालियां स्थापित की जाएंगी, जिससे प्रदेशवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होगा तथा जलजनित बीमारियों में भी कमी आएगी। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग इस योजना को चरणबद्ध ढंग से लागू कर रहा है।

    उन्होंने बताया कि कांगड़ा जिले की फिना सिंह सिंचाई परियोजना को पूरा करने के लिए 300 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल शक्ति विभाग की करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। उपमुख्यमंत्री ने नशे के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई में सभी से सहयोग का आह्वान करते हुए कहा कि नशे से जुड़े मामलों में संलिप्त 36 कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार इस विषय पर किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगी।

    उन्होंने कहा कि विकास कार्यों पर राजनीति करने वालों को जनता भली-भांति जानती है। भाजपा नेताओं पर चुटकी लेते हुए कहा कि जो स्वयं कोई उपलब्धि नहीं गिना सकते, उन्हें दूसरों के किए विकास कार्य भी नहीं सुहाते। उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य ‘स्वर्णिम और विकसित हरोली’ का निर्माण है। वह राजनीति नहीं, विकास की राजनीति में विश्वास रखते हैं और जनता के हित में काम करते रहेंगे।

    उपमुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले वर्ष से जल शक्ति विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने की परंपरा शुरू की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने उत्कृष्ट कार्य और व्यवहार से लोगों का विश्वास जीतें तथा विभाग की प्रतिष्ठा को और मजबूत करें। मुख्य अभियंता जल शक्ति विभाग रोहित दूबे ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी ‘हर घर, हर खेत तक पानी’ के लक्ष्य को साकार करने के लिए दिन-रात कार्य कर रहे हैं।

    कार्यशाला के दौरान अधीक्षण अभियंता, हमीरपुर विकास कपूर ने जल गुणवत्ता, सुरक्षित एवं शुद्ध पेयजल के मानकों तथा स्वच्छता संबंधी उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। वहीं अधिशाषी अभियंता, मंडी ललिता ने जल गुणवत्ता परीक्षण, क्लोरीनेशन, पेयजल योजनाओं के नियमित रखरखाव, सुरक्षा मानकों तथा आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग पर विस्तार से प्रस्तुति दी।

    इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रणजीत सिंह राणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, जिला परिषद सदस्य केवल सिंह, सुलिंदर कौर एवं ज्योति वाला, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रशांत रॉय, पंचायत समिति सदस्य मधु धीमान, कांग्रेस नेता सतीश बिट्टू, प्रमोद कुमार, जसपाल जस्सा, मेहताब ठाकुर, मुख्य अभियंता हमीरपुर जोन रोहित दुबे, अधीक्षण अभियंता हमीरपुर विकास कपूर, अधीक्षण अभियंता ऊना नरेश धीमान, अधिशाषी अभियंता ऊना पुनीत शर्मा, अधिशाषी अभियंता मंडी ललिता सहित जल शक्ति विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

  • Punjab News: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की खुशी में छात्रों ने लड्डू बांटकर मनाया जश्न, देखें वीडियो

    Punjab News: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की खुशी में छात्रों ने लड्डू बांटकर मनाया जश्न, देखें वीडियो

    अमृतसरः दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में आज अमृतसर में भी छात्रों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। इस दौरान, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का स्वागत करते हुए छात्रों ने एक-दूसरे का मुंह लड्डू खिलाकर मीठा कराया। उन्होंने यह भी साफ किया कि यह संघर्ष यहीं खत्म नहीं होता और जब तक शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार नहीं होते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

    प्रदर्शन के दौरान छात्र सुनील कुमार ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान पेपर लीक मामले में अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र सरकार ने पेपर लीक करने वालों के खिलाफ पहले ही कड़े कानून बनाए होते और सख्त कार्रवाई की होती, तो आज यह स्थिति पैदा नहीं होती। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए छात्रों को तुरंत रिहा किया जाना चाहिए, क्योंकि लोकतंत्र में हर नागरिक को अपनी आवाज उठाने का अधिकार है।

    पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए सिर्फ सरकार बदलना काफी नहीं है, बल्कि ऐसा कड़ा कानून बनाने की जरूरत है जिससे दोषियों को सबसे कड़ी सजा मिले। उन्होंने कहा कि जिन छात्रों की जान गई है या जिनका भविष्य बर्बाद हुआ है, उन्हें न्याय दिलाना सरकार की जिम्मेदारी है। इस मौके पर छात्रा राबिया अरोड़ा ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से खुशी तो है, लेकिन इसे आंदोलन का अंतिम पड़ाव नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने से दिल्ली, मुंबई, पुणे समेत देश भर के शहरों में युवा लगातार संघर्ष कर रहे हैं, जिसका नतीजा यह है।

    राबिया ने कहा कि पेपर लीक की समस्या किसी एक व्यक्ति की वजह से नहीं है, बल्कि यह पूरी व्यवस्था की खामी है। जब तक इस व्यवस्था को पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त नहीं बनाया जाता, तब तक ऐसी घटनाएं होती रहेंगी। उन्होंने कहा कि छात्रों का आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक पेपर लीक को रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते और छात्रों की सभी जायज मांगें पूरी नहीं हो जातीं। बाइट: सुनील कुमार, प्रदर्शनकारी छात्र

     

  • स्व. कंवर हरिसिंह की पुण्य स्मृति में सेवा, सम्मान और शिक्षा का संगम बनेगा हिमोत्कर्ष का समारोह

    स्व. कंवर हरिसिंह की पुण्य स्मृति में सेवा, सम्मान और शिक्षा का संगम बनेगा हिमोत्कर्ष का समारोह

    27 जुलाई को श्रद्धांजलि, अमोदिनी राशन वितरण कार्यक्रम,मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगी छात्रवृत्ति 

    ऊना,सुशील पंडित:  हिमोत्कर्ष साहित्य, संस्कृति एवं जनकल्याण परिषद (पंजी.) के संस्थापक स्वर्गीय कंवर हरिसिंह की छठी पुण्यतिथि के अवसर पर परिषद द्वारा 27 जुलाई सोमवार को होटल नटराज पैलेस, ऊना में दोपहर 1 बजे श्रद्धांजलि, सेवा और शिक्षा को समर्पित भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी परिषद के जिलाध्यक्ष कर्णपाल सिंह मनकोटिया ने दी।

    उन्होंने बताया कि समारोह में स्वर्गीय कंवर हरिसिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में परिषद द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को भी आगे बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम में परिषद सदस्य योगेश कौशल द्वारा प्रायोजित आयोजित हिमोत्कर्ष मेधावी छात्रा छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत नीट-यूजी 2026 में एससी वर्ग में देशभर में 449वीं रैंक प्राप्त करने वाली समीक्षा को 21 हजार रुपये की छात्रवृत्ति देकर सम्मानित किया जाएगा।

    इसके अतिरिक्त स्व.शांति देवी शर्मा स्मारक, स्व.वीना देवी स्मारक,स्व.मदन शर्मा स्मारक, स्व.दीवान चंद स्मारक तथा स्व. डॉ. हरे कृष्ण गोयल स्मारक मेधावी नर्सिंग छात्रा छात्रवृत्ति योजना के तहत कुल 26 मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्तियां प्रदान की जाएंगी। समारोह के दौरान परिषद की हिमोत्कर्ष अमोदिनी राशन वितरण योजना के अंतर्गत चयनित 44 जरूरतमंद पात्र विधवाओं को तीन-तीन माह का राशन भी वितरित किया जाएगा। कर्णपाल सिंह मनकोटिया ने कहा कि शिक्षा और सेवा दोनों समाज के समग्र विकास के आधार हैं और इसी उद्देश्य से वर्षों से छात्रवृत्ति तथा राशन वितरण जैसी योजनाएं परिषद द्वारा संचालित की जा रही हैं। उन्होंने हिमोत्कर्ष परिषद के सभी सदस्यों, दानदाताओं, छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा समाज के प्रबुद्ध नागरिकों से इस प्रेरणादायी समारोह में भाग लेने की अपील की है।

     

     

  • ऊना पुलिस लाइन झलेड़ा में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, पुलिसकर्मियों व परिवारों ने उठाया लाभ

    ऊना पुलिस लाइन झलेड़ा में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, पुलिसकर्मियों व परिवारों ने उठाया लाभ

    ऊना,सुशील पंडित:  पुलिस अधीक्षक ऊना आईपीएस सचिन हीरेमठ के मार्गदर्शन में शनिवार को पुलिस लाइन झलेड़ा में पुलिस अधिकारियों, पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।

    यह शिविर देवभूमि अद्वैत हार्ट इंस्टीट्यूट ऊना, विशाल आई हॉस्पिटल ऊना और अल्टिस हॉस्पिटल ऊना के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने पुलिसकर्मियों और उनके परिवारजनों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं उपचार संबंधी सुझाव दिए। शिविर का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल एवं उनके परिवारों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, समय रहते संभावित बीमारियों की पहचान करना तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना रहा।

    इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ ने सहयोगी अस्पतालों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिसकर्मियों का बेहतर स्वास्थ्य उनकी प्रभावी कार्यक्षमता और जनसेवा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया। शिविर में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारजनों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श का लाभ उठाया।

     

     

  • बद्दी में 4.048 किलो गांजे के साथ युवक गिरफ्तार

    बद्दी में 4.048 किलो गांजे के साथ युवक गिरफ्तार

    स्पेशल सेल-एक्स की टीम ने गुप्त सूचना पर न्यू सब्जी मंडी के पास की कार्रवाई

    बद्दी, सचिन बैंसल: नशा तस्करी के खिलाफ बद्दी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल सेल-एक्स बद्दी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 4.048 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

    पुलिस के अनुसार, स्पेशल सेल-एक्स बद्दी की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि न्यू सब्जी मंडी, बद्दी के समीप एक युवक मादक पदार्थ लेकर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हरि मोहन फैमिली ढाबा के बाहर सड़क किनारे खड़े एक युवक को काबू किया। पूछताछ और तलाशी के दौरान युवक की पहचान पियूष कुमार खरवार पुत्र रमेश चन्द्र खरवार, निवासी गांव व डाकघर पटेल नगर चिट बड़ागांव, तहसील एवं जिला बलिया, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।

    तलाशी लेने पर आरोपी के पास मौजूद पिट्ठू बैग से 4.048 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ को नियमानुसार कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना बद्दी में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। मामले में पुलिस की आगामी जांच जारी है। एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि बद्दी पुलिस क्षेत्र में अवैध नशा कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

  • प्रेस क्लब बद्दी ने दी धर्मपाल चौहान को बधाई

    प्रेस क्लब बद्दी ने दी धर्मपाल चौहान को बधाई

    बददी, सचिन बैंसल: गौ सेवा अयोग हिमाचल प्रदेश के नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष धर्मपाल चौहान के स्वागत में बद्दी में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें पूरे बददीवासियों ने धर्मपाल चौहान का स्वागत किया ।इस मौके पर प्रेस क्लब बद्दी के3 सदस्यों ने धर्मपाल चौहान को पुष्प गुच्छ ,शॉल व  हिमाचली टोपी पहनाकर बधाई दी और उनका स्वागत किया । इस मौके पर एनयूजे के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रणेश राणा विशेष तौर से मौजूद रहे।

    धर्मपाल चौहान में प्रेस क्लब बददी के अध्यक्ष सचिन बैंसल व सभी सदस्यों का धन्यवाद किया और कहा कि उन्हें जो दायित्व मिला है वे उस पर खरे उतरेंगे। उन्होंने कहा कि इस मुहिम में उन्हें पत्रकारों के साथ कि भी जरूरत है। प्रेस क्लब बददी के अध्यक्ष सचिन बैंसल ने कहा कि धर्मपाल चौहान को पद मिलना पूरे बीबीएन के लिए गर्व की बात हैं ओर उन्हें इस पद मिलने की बधाई दी। इस मौके पर पत्रकार सुरेंद्र शर्मा, सतीश जैन, अरविंद व प्रदिप धीमान मौजूद रहे।

     

     

  • जिला दंडाधिकारी ऊना ने जरुरी खाद्य पदार्थों के मूल्य की अधिसूचना की जारी

    जिला दंडाधिकारी ऊना ने जरुरी खाद्य पदार्थों के मूल्य की अधिसूचना की जारी

    ऊना,सुशील पंडित: आम लोगों व उपभोक्ताओं को बाजार में गुणवत्तापूर्ण व उचित मूल्य पर आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता के मद्देनजर जिला दंडाधिकारी जतिन लाल ने जमाखोरी व मुनाफाखोरी रोकथाम आदेश 1977 के अन्तर्गत एक अधिसूचना जारी कर आवश्यक वस्तुओं के अधिकतम विक्रय मूल्य निर्धारित किये हैं ताकि जिला में कोई भी विक्रेता अथवा दुकानदार निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत नहीं वसूल सके।

    अधिसूचना के अनुसार जिला ऊना में बकरे व भेड़े का मीट 500 रूपये प्रति किलोग्राम, सूअर का 250 रूपये प्रति किलोग्राम तथा चिकन ब्रॉयलर 220 रूपये प्रति किलोग्राम, जीवित मुर्गा 150 रूपये प्रति किलोग्राम, ब्रायलर डैªस्ड 210 रूपये प्रति किलोग्राम जबकि मछली, मत्स्य विभाग द्वारा निर्धारित अधिकतम मूल्य पर बिक सकेगी।

    जिला दंडाधिकारी ने कहा कि जिला में ढाबों पर पका हुआ भोजन फुल डाइट चावल, चपाती के साथ दाल, सब्जी व कढ़ी 80 रूपये, हाफ डाइट एक प्लेट चावल के साथ दाल व सब्जी 50 रूपये, चपाती तवा 7 व तंदूरी 8 रूपये, विशेष सब्जी प्रति प्लेट 70 रूपये, भरवां परांठा आचार के साथ 30 रूपये, स्पेशल दाल 70 रूपये, चावल फुल प्लेट 50 रूपये, रायता 50 रूपये प्रति प्लेट, मीट 5 पीस 200 ग्राम प्रति प्लेट के साथ करी 130 रूपये, चिकन का मूल्य 5 पीस 200 ग्राम  110 रूपये प्रति प्लेट करी के साथ निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त दो भटूरे चने या सब्जी के साथ 55 रूपये, समोसा चना 30 व दो समोसा चना 50 रूपये प्रति प्लेट बिक सकेगी। इसी तरह दुग्ध उत्पादों में दूध 60 रूपये प्रति लीटर, पनीर 320 रूपये व दही 70 रूपये प्रति किलोग्राम बेचा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि सभी ब्रांड की कोल्ड डिंªक अधिकतम खुदरा मूल्य की निर्धारित दरों के हिसाब से बचे सकेंगे।

    जतिन लाल ने कहा कि प्रत्येक विक्रेता अथवा दुकानदार उपभोक्ता को कैश मीमो जारी करेगा, जिसकी डुप्लीकेट कापी निरीक्षार्थ अपने पास रखेगा। इसके अलावा विक्रय संस्थान के मालिक या हिस्सेदार या प्रबन्धक के द्वारा दिनांक सहित हस्ताक्षर की हुई वस्तुओं की रेट लिस्ट संस्थान के प्रवेश द्वार पर लगाना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि निर्धारित किए गए दाम आगामी एक माह के लिए लागू रहेंगे। उन्होंने कहा कि निर्धारित की गई मूल्यों की दरें टूरिज्म विभाग से पंजीकृत होटल और रेस्टोरेंट पर लागू नहीं होगी।