Blog

  • Punjab News: हार्डवेयर स्टोर के बने गोदाम में लगी आग

    Punjab News: हार्डवेयर स्टोर के बने गोदाम में लगी आग

    कपूरथलाः किसान सेल्स कॉर्पोरेशन हार्डवेयर स्टोर के बने गोदाम में आग लग गई। घटना सब डिविजन कस्बा भुलत्थ में भोगपुर रोड के पास हुई। जहां आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। घटना का सूचना लोगों द्वारा दमकल विभाग को दी गई।

    मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्टोर के मालिक राम लुभाइया ने जानकारी देते हुए बताया कि रात को स्टोर के पड़ोसियों ने उन्हें फोन पर सूचित किया कि आपके स्टोर में आग लगी हुई है।

    जब हम स्टोर पर पहुंचे तो भीषण आग के कारण स्टोर में खड़ी उनकी बोलेनो कार, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 4 पानी की टंकियां और अनेक पाइप जलकर राख हो चुके थे। उन्होंने बताया कि हमारा लगभग 15-20 लाख से अधिक का नुकसान हो गया है। पूछे जाने पर आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि इस घटना की सूचना थाना भुलत्थ पुलिस को दे दी गई है।

  • अनुसूचित जाति-जनजाति के लिए ‘हरिजन’ और ‘गिरिजन’ शब्दों का प्रयोग बंद करने का आदेश

    अनुसूचित जाति-जनजाति के लिए ‘हरिजन’ और ‘गिरिजन’ शब्दों का प्रयोग बंद करने का आदेश

    चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि अनुसूचित जातियों एवं अनुसूचित जनजातियों के संदर्भ में सरकारी पत्राचार तथा अन्य आधिकारिक कार्यों में “हरिजन” और “गिरिजन” जैसे शब्दों का प्रयोग न करने के निर्देश दिए हैं।

    इन निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि भारत के संविधान में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए इन शब्दों का प्रयोग नहीं किया गया है तथा सभी आधिकारिक कार्यों में केवल संविधान में वर्णित अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति शब्दावली का ही उपयोग किया जाना चाहिए।

    सरकार के संज्ञान में आया है कि पूर्व में जारी निर्देशों के बावजूद कुछ विभागों द्वारा अब भी “हरिजन” और “गिरिजन” शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है। इस पर संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार ने सभी विभागों को केंद्र सरकार के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने तथा सभी आधिकारिक मामलों में इन शब्दों का तत्काल प्रभाव से प्रयोग बंद करने के निर्देश दिए हैं।

  • पंडोगा में एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर से ऊना में औद्योगिक विकास को मिलेगी नई गति

    पंडोगा में एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर से ऊना में औद्योगिक विकास को मिलेगी नई गति

    ऊना/सुशील पंडित: ऊना जिले के औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली है। केंद्र सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय ने हरोली विधानसभा क्षेत्र के पंडोगा औद्योगिक क्षेत्र में एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापित करने को मंजूरी प्रदान की है। यह टेक्नोलॉजी सेंटर करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से पंडोगा स्थित कम्युनिटी सेंटर भवन में स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा परवाणू में भी टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापित करने की मंजूरी मिली है।
    टेक्नोलॉजी सेंटर्स से प्रदेश में उद्योगों को मिलेगी ताकत : उपमुख्यमंत्री
    उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर्स की स्वीकृति हिमाचल प्रदेश में उद्योगों को मजबूत करने की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय एमएसएमई मंत्रालय ने देशभर में 13 नए टेक्नोलॉजी सेंटर-एक्सटेंशन सेंटर स्थापित करने को लेकर कार्यालय ज्ञापन जारी किया है, जिनमें पंडोगा और परवाणू को भी शामिल किया गया है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इन टेक्नोलॉजी सेंटर्स के स्थापित होने से राज्य में औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी। इससे उद्योगों को आधुनिक तकनीकी सहयोग मिलेगा, औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों से युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, स्टार्टअप तथा स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे और एमएसएमई इकाइयों की गुणवत्ता व प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता भी मजबूत होगी। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पंडोगा और परवाणू दोनों टेक्नोलॉजी सेंटर एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर लुधियाना के अधीन संचालित व मार्गदर्शित होंगे, जिससे प्रशिक्षण और सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित रहेगी।
    क्वालिटी टेस्टिंग, एआई लैब और तकनीकी मार्गदर्शन सहित मिलेंगी अनेक सुविधाएं : संयुक्त निदेशक उद्योग*
    वहीं, उद्योग विभाग के संयुक्त निदेशक ऊना, अंशुल धीमन ने बताया कि टेक्नोलॉजी सेंटर्स स्थापित होने से उद्योगों को क्वालिटी टेस्टिंग, डिजाइनिंग, आधुनिक मशीनरी, तकनीकी मार्गदर्शन सहित कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि सेंटर से टूल एंड डाई मेकिंग एंड रिपेयर तथा प्रोडक्ट डेवलपमेंट में भी सहायता मिलेगी। इसके अलावा यहां कैड-कैम तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस(एआई)लैब जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। यहां स्थानीय उद्योगों की जरूरत के अनुरूप आधुनिक तकनीकी सेवाएं और प्रशिक्षण उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके तहत एमएसएमई इकाइयों को आधुनिक तकनीक तक पहुंच सुनिश्चित होगी तथा युवाओं को ऑनलाइन व वर्चुअल माध्यम से भी प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा। सेंटर के माध्यम से उत्पाद एवं प्रक्रिया डिजाइन से संबंधित परामर्श, उद्यमिता विकास तथा नवाचार आधारित गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
  • बागवानी से जुड़े मुद्दों पर मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील बागवानों से की चर्चा

    बागवानी से जुड़े मुद्दों पर मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील बागवानों से की चर्चा

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज यहां प्रदेश के बागवानों के प्रतिनिधियों और प्रगतिशील बागवानों के साथ आयोजित बैठक में कहा कि सेब उत्पादन प्रदेश की आर्थिकी का प्रमुख संसाधन है और इसका संरक्षण व संवर्द्धन प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यूजीलैंड से आयात किए जाने वाले सेब पर आयात शुल्क घटाने से बागवानों के हितों पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वह इस विषय के सकारात्मक समाधान के लिए केन्द्र सरकार के समक्ष मामला उठाएंगे। वह केन्द्रीय वित्त मंत्री तथा केन्द्रीय वाणिज्य मंत्री से भेंट कर प्रदेश के बागवानांे के हितों के संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाने के लिए आग्रह करेंगे।

    बैठक में बागवानों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, सचिव सी. पालरासु, निदेशक बागवानी विनय सिंह, हिमाचल सेब उत्पादक संघ की राज्य कमेटी के अध्यक्ष संजय चौहान, हिमाचल किसान सभा के राज्य सचिव राकेश सिंघा, स्टोन फूट ग्रोवर एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक सिंघा, प्रोग्रेसिव ग्रोवर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष आशुतोष चौहान और प्रगतिशील बागवान बैठक में उपस्थित थे।

  • Punjab News: गुरुद्वारा साहिब में हुई बेअदबी, लोगों ने युवक को किया काबू, भारी हंगामा

    Punjab News: गुरुद्वारा साहिब में हुई बेअदबी, लोगों ने युवक को किया काबू, भारी हंगामा

    तरनतारनः खडूर साहिब के गांव खवासपुर स्थित गुरुद्वारा साहिब में बेअदबी की घटना सामने आई है। जहां नौजवान द्वारा धार्मिक शास्त्रों की तोड़फोड़ की गई। हालांकि घटना के बाद लोगों ने युवक को काबू कर लिया है। इस घटना से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं गांव वासियों का कहना है कि एक सिख युवक गुरुद्वारा श्री कलगीधर साहिब में माथा टेकने के बहाने घुस गया।

    फिर उसने गोलक से बड़ी मात्रा में पैसे चुरा लिए। उसने कथित तौर पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब की मौजूदगी में रखे धार्मिक शास्त्रों के साथ भी छेड़छाड़ की और उन्हें तोड़ दिया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर ही पकड़ लिया, जिसके बाद उसे स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया।

    आरोपी युवक की तलाशी के दौरान उसकी जेब से शराब की बोतल, नमकीन और गोलक से चोरी किए गए पैसे बरामद हुए। मौके पर जानकारी देते गांव वासियों ने कहा कि धार्मिक बेअदबी के मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। दूसरी ओर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। दरअसल, यह घटना धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली है, जिससे स्थानीय समुदाय में रोष व्याप्त है। प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है।

     

  • प्राकृतिक खेती किसानों का डेटा अब हिम परिवार पोर्टल से जुड़ेगा, CM ने किया ऐलान

    प्राकृतिक खेती किसानों का डेटा अब हिम परिवार पोर्टल से जुड़ेगा, CM ने किया ऐलान

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कृषि विभाग को प्राकृतिक खेती कर रहे किसानों का पूरा डेटा 20 जनवरी, 2026 तक हिम परिवार पोर्टल से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। डेटा में प्राकृतिक खेती से सम्बन्धित सम्पूर्ण विवरण का समावेश किया जाएगा। प्राकृतिक खेती से जुड़े किसानों का ब्लॉक आधार डेटा तैयार कर उसकी मैपिंग की जाएगी।

    मुख्यमंत्री ने आज यहां कृषि विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए युवाओं को प्राकृतिक खेती से जोड़ा जाएगा। उन्होंने प्रदेश में इस पद्धति से खेती करने पर बल दिया ताकि किसान अधिक से अधिक आय अर्जित कर सके। हम प्राकृतिक खेती आधारित व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव लाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह प्राकृतिक खेती से जुड़े किसानों से इस माह हमीरपुर में आयोजित होने वाले सम्मेलन में संवाद करेंगे।

    ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्राकृतिक खेती से उत्पादित गेहूं, मक्की और कच्ची हल्दी से सम्बन्धित विभिन्न विषयों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से उत्पादित गेहूं के आटे को ‘हिम चक्की आटा’, मक्की के आटे को ‘हिम भोग मक्की’ आटा और कच्ची हल्दी को ‘हिम हल्दी’ के ब्रांड के साथ बाजार में उतारा गया है। उन्होंने आटे की पैकिंग के पैकेट में एक्सपायरी डेट से सम्बन्धित जानकारी प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों में पौष्टिकता के सम्बन्ध में भी उचित जानकारी होनी चाहिए। इसका आकलन करने के लिए एक विशेष इकाई के गठन करने के भी निर्देश दिए।

    उन्होंने कहा कि प्राकृतिक विधि से उगाई गई 606.8 मीट्रिक टन मक्की की खरीद की गई है और 2.31 करोड़ रुपये सीधे किसानों के खातों में डाले गए हैं। प्राकृतिक खेती से उत्पादित 2123 क्विंटल गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीद की गई और किसानों के खातों में एक करोड़ 31 लाख 57 हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित किये गए।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती से उगाई कच्ची हल्दी पर 90 रुपये समर्थन मूल्य प्रदान करने के उत्साहजनक परिणाम सामने आ रहे हैं। इस वर्ष 1629 किसानों से लगभग 2422 क्विंटल हल्दी के प्रापण का अनुमान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कृषि विभाग द्वारा अपने 25 फार्मों में प्राकृतिक खेती पद्धति से विभिन्न फसलों का उत्पादन किया जा रहा है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती के उत्पादों का बेहतर विपणन सुनिश्चित किया जाए। कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने बैठक में बहुमूल्य सुझाव दिए। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, महाधिवक्ता अनूप रतन, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, सचिव सी. पालरासु और अशीष सिंहमार, निदेशक डीडीटीजी डा. निपुण जिंदल, निदेशक कृषि डॉ. रविन्द्र सिंह जसरोटिया, निदेशक बागवानी विनय सिंह और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

  • वशिष्ट पब्लिक स्कूल ऊना में लोहड़ी पर्व धूमधाम के  साथ मनाया गया

    वशिष्ट पब्लिक स्कूल ऊना में लोहड़ी पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया

    ऊना/सुशील पंडित: वशिष्ट पब्लिक स्कूल, ऊना में लोहड़ी का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं पारंपरिक वातावरण के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार की सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। लोहड़ी पर्व का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक  अनुज वशिष्ट एवं प्रधानाचार्य दीपक कौशल द्वारा पवित्र अग्नि में आहुति डालकर किया गया। इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक विधि से कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई। आयोजन के दौरान सभी विद्यार्थियों एवं अध्यापकों को लोहड़ी प्रसाद के रूप में मूंगफली और रेवड़ियां वितरित की गईं।
    विद्यालय के प्रधानाचार्य  दीपक कौशल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए लोहड़ी पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि लोहड़ी का त्योहार फसल, समृद्धि और नई शुरुआत का प्रतीक है। ऐसे पारंपरिक पर्वों को मनाने से बच्चों को अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों के बारे में गहरी जानकारी मिलती है। विद्यालय के निदेशक अनुज वशिष्ट ने इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों, अध्यापकों एवं अभिभावकों को लोहड़ी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में सांस्कृतिक चेतना, आपसी भाईचारे और सामूहिक सहभागिता की भावना को मजबूत करते हैं।
    इसके अतिरिक्त विद्यालय के किंडरगार्टन में भी लोहड़ी पर्व का आयोजन किया गया, जहाँ अंजलि मैम द्वारा विद्यार्थियों को रेवड़ियाँ और मूंगफली वितरित की गईं। उन्होंने बच्चों को लोहड़ी पर्व के महत्व के बारे में विस्तार से बताया तथा समझाया कि लोहड़ी का त्योहार क्यों मनाया जाता है और इस अवसर पर किस प्रकार पूजा-अर्चना की जाती है। बच्चों ने इस जानकारी को बड़े उत्साह और रुचि के साथ ग्रहण किया।सम्पूर्ण विद्यालय परिसर उत्सवमय वातावरण से सराबोर रहा। बच्चों और अध्यापकों ने लोहड़ी पर्व का भरपूर आनंद लिया और यह आयोजन सभी के लिए सांस्कृतिक सीख एवं आनंद का यादगार अवसर बन गया।
  • Punjab News: मरीज को लेने जा रहे एम्बुलेंस चालक की सड़क हादसे में मौत

    Punjab News: मरीज को लेने जा रहे एम्बुलेंस चालक की सड़क हादसे में मौत

    कपूरथलाः अमृतसर जीटी रोड पर गांव गाजी गुड़ाणा के पास सड़क हादसे की घटना सामने आई है। जहां देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एम्बुलेंस की मौत हो गई। मृतक व्यक्ति की पहचान नारिंदर सिंह भट्टी उर्फ गोल्डी पुत्र दिलबाग सिंह वासी चंडीगढ़ के रूप में हुई है। दरअसल, देर रात हुई घटना में एम्बुलेंस चालक गंभीर घायल हो गया। लोगों द्वारा घटना की सूचना सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम को दी गई।

    वहीं सूचना मिलने पर सड़क सुरक्षा फोर्स ने घायल एम्बुलेंस चालक को सुभानपुर के पास एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसकी हालत गंभीर दिखाई देने पर उसे 108 एम्बुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल कपूरथला रेफर कर दिया गया। सिविल अस्पताल में ईलाज के दौरान व्यक्ति की मौत हो गई।

    इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना ढिल्लवां के एसआई जसबीर सिंह ने बताया कि एम्बुलेंस चालक चंडीगढ़ से अमृतसर मरीज ले जाने के लिए जा रहा था। इस दौरान जीटी रोड पर गांव गाजी गुड़ाणा के पास यह हादसा हो गया। एसआई ने बताया कि परिवार के बयानों पर अनजान वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वहीं मृतक व्यक्ति के परिवार के बयानों के बाद लाश का पोस्टमार्टम करवा कर उसे वारिसों के हवाले किया जाएगा।

     

  • बड़ी कार्रवाईः 5 सरकारी कर्मचारियों पर गिरी गाज, किया बर्खास्त

    बड़ी कार्रवाईः 5 सरकारी कर्मचारियों पर गिरी गाज, किया बर्खास्त

    श्रीनगर: जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आतंकवादियों को जड़ से उखाड़ फेंकने के अभियान को तेज करते हुए 5 सरकारी कर्मियों के खिलाफ एक्शन लिया है। इस दौरान एलजी ने आज 5 सरकारी कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है। अधिकारी के मुताबिक, इस कदम का मकसद‘सरकारी तंत्र के भीतर मौजूद आतंकी तंत्र और उसके बुनियादी ढांचे की जड़ों को निशाना बनाना है। अब तक कुल 85 सरकारी कर्मचारी बर्खास्त किए जा चुके हैं।

    वहीं बर्खास्त किए गए कर्मचारियों में मोहम्मद इश्तियाक (शिक्षक), तारिक अहमद शाह (लैब टेक्नीशियन) बशीर अहमद मीर (असिस्टेंट लाइनमैन), फारूक अहमद भट, (वन विभाग में फील्ड वर्कर) और मोहम्मद यूसुफ जो कि स्वास्थ्य विभाग में ड्राइवर भी शामिल है। लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने सरकारी मशीनरी में घुसे ओवरग्राउंड वर्कर और आतंकवादियों को जड़ से खत्म करने के अपने अभियान को तेज कर दिया है।

    जांच में पता चला कि ये लोग लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे आतंकी संगठनों से सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे। सार्वजनिक विश्वास के पदों पर रहते हुए, वे सरकारी खजाने से वेतन ले रहे थे, जबकि वे गुप्त रूप से आतंकवादी समूहों के एजेंडे को आगे बढ़ा रहे थे। आरोपी कर्मचारी आसपास की सूचनाएं लीक कर रहे थे। इन्हीं सब को देखते हुए आरोपी सरकारी कर्मचारियों की पहचान की गई और उन्हें नौकरी से तुरंत निकाल दिया गया।

  • आईटीआई मेहतपुर में नशा मुक्त अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

    आईटीआई मेहतपुर में नशा मुक्त अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

    ऊना/सुशील पंडित: राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मेहतपुर में मंगलवार को नशा मुक्त एवं नशे से दूर रहने को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य विशाल चौधरी द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाते हुए नशा न करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
    कार्यक्रम के उपरांत प्रशिक्षणार्थियों द्वारा नशे के विरुद्ध एक जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसका उद्देश्य समाज में नशा मुक्त वातावरण के प्रति संदेश देना था। रैली में प्रशिक्षणार्थियों के साथ-साथ संस्थान के स्टाफ एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
    इस अवसर पर पंचायत प्रधान राजिन्द्र चौधरी, पंचायत सचिव प्रियंका चौधरी, प्रधानाचार्य, राजकीय माध्यमिक विद्यालय जसविंदर कौर, आशा वर्कर सरुचि शर्मा तथा महिला मंडल सदस्य मीनाक्षी चौधरी उपस्थित रहीं।