Blog
-

Punjab News: पेड़ से टकराई स्कॉर्पियो गाड़ी, 3 से 4 लोग घायल, देखें वीडियो
पठानकोट: इन दिनों जिले में इतने हादसे हो रहे हैं कि अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है। अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि पिछले हफ्ते सीमावर्ती क्षेत्र पाम गांव में एक गाड़ी पेड़ से टकरा गई थी। इससे कार में बैठे हुए लोगों को गंभीर चोटें आई और आज फिर उसी गांव के पास से एक ऐसी घटना सामने आई है यहां पर गांव पाम के पास एक स्कॉर्पियो गाड़ी पेड़ से टकरा गई है। इस दौरान गाड़ी में बैठे हुए 3-4 लोग घायल हो गए हैं। -

Punjab News: सरहदी इलाके से 15 पैकेट हेरोइन बरामद, पुलिस जांच में जुटी
फिरोजपुरः पंजाब को नशा मुक्त करने के लिए पुलिस और प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। इसी के चलते पुलिस द्वारा विभिन्न अभियान चलाकर नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पंजाब के कई इलाकों में नशा तस्करों की अवैध जमीनें भी प्रशासन द्वारा ध्वस्त की जा रही है, ताकि पंजाब को नशा मुक्त करके दोबारा रंगला पंजाब बनाया जा सके। इन्ही अभियानों के चलते फिरोजपुर पुलिस और बीएसएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस और बीएसएफ ने संयुक्त सर्च आप्रेशन चलाकर सरहद पार से बड़ी मात्रा में आई हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी मुताबिक, फिरोजपुर पुलिस और बीएसएफ के कर्मी गुप्त सूचना के आधार पर सर्च आप्रेशन चला रहे थे कि उन्हें सरहदी गांव चांदीवाला में बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई। जब उसे जब्त करके चेक किया तो वह 15 पैकेट थे जिनकी कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपए है। पुलिस ने अज्ञात तस्कर पर मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
-

दिन दहाड़े Punjab Watch Co. के शोरूम पर बदमाशों ने चलाई गोलियां, देखें वीडियो
गुरदासपुरः पंजाब में गोलियां चलने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। वहीं ताजा मामला जिले के बाटा चौक के पास सामने आया है, जहां 2 अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने घड़ियों व इलेक्ट्रानिक के व्यापारी की दुकान के बाहर गोलियां चला दी। इस घटना को लेकर अन्य दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। पीड़ित दुकानदार द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी की पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल सवार दो युवकों सुबह करीब 9:15 बजे के आसपास बाटा चौक स्थित दुकान के बाहर आकर रूके और एकदम से फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली दुकान के शीशे पर जा लगी। पुलिस ने मौके से बिना चली गोली भी बरामद की है। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी है। बाजार में गोलीबारी की घटना को लेकर सहम का माहौल पाया जा रहा है।
-

Jalandhar News: मेडिकल स्टोर मालिक पर किया तेजधार हथियार से हमला, नगदी लेकर लुटेरे फरार, देखें वीडियो
जालंधर, ENS: देहात में आए दिन चोरी और लूटपाट की घटनाओं में दिन-ब-दिन बढ़ोतरी हो रही है। ऐसा ही एक मामला रात फिल्लौर में सामने आया है। जहां मेडिकल स्टोर के मालिक संदीप पर लुटेरों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया और उसका नगदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित संदीप ने बताया कि वह दुकान बंद करके घर जा रहे थे।
इस दौरान रास्ते में करीब 5 से 6 अज्ञात युवकों ने उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिसके बाद लुटेरे उससे नगदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उसे फिल्लौर के नजदीकी प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना थाना फिल्लौर की पुलिस को दी गई। वहीं मौके पर पहुंची थाना फिल्लौर की पुलिस द्वारा घटना स्थल का जायजा लिया गया।
पुलिस ने बताया कि मेडिकल स्टोर के मालिक की हालत गंभीर होने के कारण उसे डॉक्टरों द्वारा लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी ने कहा कि बाइक सवारों ने घेरकर संदीप पर तेजधार हथियारों से हमला किया गया। इस मामले में पीड़ित के बयानों पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। थाना प्रभारी का कहना है कि दोषियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है, जल्द दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना में व्यक्ति के सिर और बाजू पर गहरी चोटें आई है। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि दोषियों को जल्द से जल्द पकड़कर उन पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
-

Jalandhar News: प्रताप बाग के नजदीक कारोबारी से गहने लेकर लुटेरे फरार
जालंधर, ENS: महानगर में लूटपाट और चोरी की वारदातों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। दिन दहाड़े बेखौफ लुटेरे व स्नेचर वारदातों को अंजाम दे रहे है। जिले में कई वारदातें अभी तक थानों में पेडिंग पड़ी हुई है। लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। वहीं प्रताप बाग के नजदीक बाइक सवार संदिग्ध लुटेरे दूध कारोबारी से गहने लेकर फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार लुटेरों ने कारोबारी के पेट पर नुकीला हथियार रखकर उससे सोने का कड़ा, चेन और 4 अंगूठियां छीन ली।
मामले की जानकारी देते शिव विहार मिट्ठापुर के रहने वाले संजीव अग्रवाल ने बताया कि वह पठानकोट चौक की कुछ दूरी पर दूध का कारोबार करते हैं। इसके अलावा उनका बर्फ का कारखाना भी है। उन्होंने कहा कि एक्टिवा पर प्रताप बाग के साथ लगती गली से निकल रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार 3 लोगों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने उसे इस तरह घेरकर बातों में उलझाना शुरू कर दिया। जिसके बाद एक ने उसके पेट के नजदीक नुकीला हथियार रख दिया और सोने के गहने उतारने को कहा। लुटेरों ने धमकी दी कि अगर शोर मचाया तो वह नुकीला हथियार मार देंगे।
संजीव अग्रवाल ने कहा कि उसने डर के मारे सोने का कड़ा, चेनी और चारों सोने की अंगुठियां उतार कर लुटेरों को दे दी। वहीं सूचना उन्होंने तुरंत अपने रिश्तेदारों को दी और फिर पुलिस को घटना की जानकारी दी। लूट की सूचना मिलते ही थाना तीन के प्रभारी रजिंदर सिंह टीम सहित पहुंचे। उन्होंने जानकारी हासिल करके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चैक किए, तो एक फुटेज सामने आई। थाना प्रभारी रजिंदर सिंह ने कहा कि पीड़ित के बयानों पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।
-

इंटरनेशनल क्रिकेट से दिग्गज आलराउंडर ने लिया संन्यास, इस दिन खेलेंगे आखिरी मुकाबला
नई दिल्लीः वेस्टइंडीज के स्टार ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी पांच मैचों की टी-20 सीरीज के लिए स्क्वॉड में शामिल किया गया है। लेकिन ESPN क्रिकइंफो के रिपोर्ट के मुताबिक वह शुरुआती दो मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। सीरीज का दूसरा टी-20 मुकाबला बुधवार 23 जुलाई को सबीना पार्क में खेला जाएगा, उस मैच के बाद वह इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। आपको बता दें कि जमैका रसेल का होम ग्राउंड है।टी-20 वर्ल्ड कप से पहले रसेल को लेकर टीम को लगा बड़ा झटका
रसेल के इस फैसले से वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। विंडीज टीम को 7 महीने के बाद टी-20 वर्ल्ड कप खेलना है, उससे पहले रसेल का ये फैसला उनके लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं होगा। बता दें कि कुछ ही समय पहले वेस्टइंडीज के स्टार टी-20 प्लेयर निकोलस पूरन ने भी इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। रसेल 2012 और 2016 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली वेस्टइंडीज टीम का हिस्सा थे। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होना है। रसेल और पूरन जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के बिना वेस्टइंडीज की टीम टी-20 वर्ल्ड कप में खेलने उतरेगी।इंटरनेशनल क्रिकेट में आंद्रे रसेल के आंकड़े
आंद्रे रसेल के इंटरनेशनल करियर की बात करें तो उन्होंने 1 टेस्ट, 56 वनडे और 84 टी-20 मैचों में वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व किया है। बल्लेबाजी की बात करें तो टेस्ट में उन्होंने 2 रन, वनडे में 1034 रन और टी-20 में 1078 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में टेस्ट में उनके नाम 1 विकेट, वनडे में 70 आउट टी-20 में 61 विकेट दर्ज हैं। उन्होंने 2010 में वेस्टइंडीज के लिए डेब्यू किया था। लेकिन अपने 15 साल के करियर में वह 141 इंटरनेशनल मैच खेल पाए।ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए वेस्टइंडीज का स्क्वॉड
शाई होप (कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, जेडिया ब्लेड्स, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, शिमरोन हेटमायर, जेसन होल्डर, अकील होसेन, अल्जारी जोसेफ, ब्रैंडन किंग, एविन लुईस, गुडाकेश मोती, रोवमैन पॉवेल, आंद्रे रसेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड। -

Jalandhar सहित Punjab भर में भिखारियों के खिलाफ एक्शन शुरू, होगा DNA टेस्ट
जालंधर, ENS: पंजाब भर में भिखारियों के खिलाफ सरकार ने सख्त एक्शन ले लिया है। दरअसल, भीख मांगने वाली महिलाओं की गोद में छोटे बच्चों को लेकर तस्करी होने के शक में सामाजिक सुरक्षा एवं महिला व बाल विकास विभाग ने बच्चों और उनके अभिभावकों का डीएनए टेस्ट करवाने का फैसला किया है। इस संबंध में सभी डिप्टी कमिश्नरों को ‘ऑपरेशन जीवन ज्योत’ के अंतर्गत ऐसे बच्चों का पता लगाने को कहा गया है जिन पर विभागीय अधिकारियों को थोड़ा-सा भी संदेह है।
डीएनए टेस्ट करवाने का यह विचार उस समय आया, जब सामाजिक सुरक्षा, महिला व बाल विकास विभाग की एक बैठक में मंत्री डॉ. बलजीत कौर को विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव राजी पी. श्रीवास्तव व अन्य अधिकारियों ने बताया कि कई मामलों में ऐसा देखने में आया है कि हम भीख मांगने वाले बच्चों को उनकी माताओं की गोद में देखकर माताओं को चेतावनी देते हैं कि यदि उन्होंने फिर से भीख मंगवाई तो केस दर्ज किया जाएगा। लेकिन माताएं किसी और चौक या अन्य नगर में उन्हीं बच्चों से वही काम करवाने लगती हैं।
इस कारण बच्चों से भिक्षावृत्ति का खेल जारी ही रहता है। इस तरह का मामला सबसे पहले बठिंडा में सामने आया था जहां आठ बच्चों को बचाया गया था। अब ऐसे बच्चों का डीएनए टेस्ट करवाकर हम बच्चों के असली माता-पिता की पहचान करने की कोशिश करेंगे। सामाजिक सुरक्षा, महिला व बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि कई ऐसे बच्चे भी मिल जाते हैं जिनकी माता-पिता से शक्ल नहीं मिलती जो हमारे लिए संदेह करने के लिए काफी है कि कहीं ये बच्चे तस्करी करके तो नहीं लाए गए हैं।
इसलिए हमने ऐसे बच्चों का डीएनए टेस्ट करवाने का फैसला किया है। यदि टेस्ट सफल रहा तो बच्चा अभिभावकों को लौटा दिया जाएगा। यदि ऐसा नहीं हुआ तो अभिभावकों के खिलाफ मानव तस्करी का केस दर्ज होगा। एक अन्य विभागीय अधिकारी ने बताया कि छोटी लड़कियों के मामलों को अति गंभीरता से लिया जा रहा है। फेल होने पर बच्चे अच्छी परवरिश के लिए अडॉप्शन कमेटियों को सौंपे जाएंगे, ताकि इनकी जिंदगी खराब न हो। सेंट्रल अडाप्शन रिसोर्स एजेंसी का कार्यालय हर जिले में है जहां छोटे बच्चों को गोद लेने की लंबी प्रतीक्षा सूची है। दूसरी ओर ऐसे केस आ रहे हैं जिनमें बच्चों से जबरन भीख मंगवाई जा रही है।
-

Punjab News: पूर्व मुख्यमंत्री अस्पताल में भर्ती, हालचाल जानने पहुंचे विधायक
चंडीगढ़: पंजाब की पूर्व मुख्यमंत्री बीबी राजिंदर कौर भट्टल को चोट लगने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं कैंट से कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।

वहीं विधायक ने उनकी देखभाल कर रहे डॉक्टरों की टीम से बातचीत करते हुए उनके स्वास्थ्य के बारे में बात की। विधायक परगट सिंह ने ईश्वर से उनके शीघ्र एवं पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की तथा कहा कि भट्ठल जी का जनसेवा से परिपूर्ण जीवन आज भी हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है।
-

7.3 तीव्रता से लगे भूकंप के तेज झटके, सुनामी की चेतावनी जारी, देखें वीडियो
नई दिल्लीः पश्चिमी संयुक्त राज्य में स्थित अमेरिका का अलास्का 7.3 तीव्रता के भूकंप से कांप उठा। जोरदार भूकंप से पूरे राज्य में खलबली मच गई है। रिक्टर स्केल पर 7.3 भूकंप की तीव्रता काफी खतरनाक मानी जाती है। अब भयावह भूकंप के बाद अलास्का में सुनामी का खतरा मंडरा रहा है। तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। अलास्का में सुनामी के सायरन सुनाई देने लगे। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के एक बयान के अनुसार वीरवार (स्थानीय समय) को अलास्का में रिक्टर पैमाने पर 7.3 तीव्रता का भूकंप आया।
NCS के अनुसार, यह विशाल भूकंप 36 किमी की ऊंची गहराई पर आया, जिसके बाद के झटकों की आपदा पैदा हो गई है। ऊंचे भूकंप आम तौर पर गंभीर भूकंपों की तुलना में अधिक खतरनाक होते हैं। ऐसा इसलिए है, क्योंकि उभरे भूकंपों से आने वाली भूकंपीय तरंगों की सतह तक की दूरी कम होती है। जिसकी वजह से जमीन अधिक हिलती है और इमारतों को अधिक नुकसान होता है। इस वजह से अधिक दुर्घटनाएं होने की संभावना बनी रहती है। अलास्का की खाड़ी में आए भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। इस भूकंप का असर लाखों जिंदगियों पर दिखाई देगा।
अलास्का में संयुक्त राज्य अमेरिका के बाकी हिस्सों की तुलना में अधिक बड़े भूकंप आते हैं। राज्य के तीन-चौथाई से अधिक आबादी ऐसे क्षेत्र में है, जहां रिक्टर पैमाने पर 7 तीव्रता का भूकंप आ सकता है। हरियाणा के रोहतक में भी बुधवार देर रात करीब 12:46 बजे भूकंप के झटके महसूस किए हए। जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.3 रही। भूकंप का केंद्र रोहतक शहर से करीब 17 किलोमीटर पूर्व में धरती में 10 किमी गहराई में था। पिछले 8 दिन में ये चौथी बार है जब भूकंप के झटके महसूस किए गए।
-

शेयर बाजार में सेंसेक्स में मामूली बढ़त, निफ्टी में आई गिरावट
नई दिल्लीः ग्लोबल मार्केट में मिले-जुले कारोबार के बीच घरेलू इक्विटी सूचकांक BSE सेंसेक्स और NSE NIFTY50 ने वीरवार को सपाट शुरुआत की। ओपनिंग बेल पर सेंसेक्स मामूली बढ़त के साथ 82,632.92 पर और निफ्टी 2 अंक या 0.01 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,210.05 पर रहा। शुरुआती कारोबार में लगभग 1473 शेयरों में तेजी, 699 शेयरों में गिरावट और 153 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
निफ्टी पर हिंडाल्को, एसबीआई, आयशर मोटर्स, इंडसइंड बैंक, एनटीपीसी प्रमुख लाभ में रहे, जबकि टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, एचडीएफसी लाइफ और एशियन पेंट्स में गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले बुधवार, 16 जुलाई, 2025 को घरेलू शेयर बाज़ार मामूली बढ़त के साथ बंद हुए थे। बंद होने पर बीएसई सेंसेक्स 63.57 अंक या 0.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82,634.48 पर जबकि निफ्टी 50 16.25 अंक या 0.06 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,212.05 पर रहा था।
व्यापक बाजारों में एनएसई मिडकैप 100 सूचकांक सकारात्मक रुझान के साथ स्थिर रहा था जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 0.03 प्रतिशत की मामूली वृद्धि हुई थी। सेक्टोरल मोर्चे पर, निफ्टी पीएसयू बैंक 1.81 प्रतिशत की बढ़त के साथ टॉप गेनर्स रहा था। सूचकांक में शामिल शेयरों में पंजाब नेशनल बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, केनरा बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया, एसबीआई, इंडियन बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में 1 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज हुई थी। इसके अलावा, निफ्टी आईटी, ऑटो, बैंक, ऊर्जा, एफएमसीजी, रियल्टी, तेल एवं गैस और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सभी हरे निशान में बंद हुए।
दूसरी ओर, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेस, मेटल और फार्मा गिरावट के साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स के 30 में से 16 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इटरनल, सन फार्मा, टाटा स्टील, टाटा मोटर्स और बजाज फाइनेंस सबसे अधिक 1.6 प्रतिशत तक की गिरावट के साथ सबसे अधिक गिरावट वाले शेयर रहे थे। महिंद्रा एंड महिंद्रा, टेक महिंद्रा, भारतीय स्टेट बैंक, इंफोसिस और अदानी पोर्ट्स सबसे अधिक लाभ में रहे थे। इंडिया VIX 2.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 11.24 अंक पर बंद हुआ था।