Blog

  • ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने साहा इंडस्ट्रियल ग्रोथ सेंटर में फायर ब्रिगेड तैनात करने के दिए निर्देश

    ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने साहा इंडस्ट्रियल ग्रोथ सेंटर में फायर ब्रिगेड तैनात करने के दिए निर्देश

    चण्डीगढ: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इफ्रास्ट्रक्चर डिवेल्पमेंट (एचएसआईआईडीसी) के एमडी को साहा इंडस्ट्रियल ग्रोथ सेंटर में तुरंत प्रभाव से फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी खड़ी करने के दिशा-निर्देश दिए हैं। विज आज साहा इंडस्ट्रियल ग्रोथ सेंटर स्थित ग्लासवेयर फैक्टरी में कल लगी आग की घटना का जायजा लेने के लिए पहुंचे थे जहां उन्हें इंडस्ट्रियल एरिया में कोई फायर ब्रिगेड गाड़ी की तैनाती नहीं होने की जानकारी मिली थी।

    ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने एचएसआईआईडीसी के एमडी से कहा कि यहां तुरंत प्रभाव से कहीं से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ी लाकर खड़ी की जाए ताकि आपात समय में तुरंत कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि गाड़ी में पानी भरने के लिए पानी का बोर भी करवाया जाए। वहीं, मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि साहा इंडस्ट्रियल ग्रोथ सेंटर में 300 के लगभग यूनिट है और काफी श्रमिक काम करत है। यहां कल एक फैक्टरी में आग लग गई थी। उन्होंने आज देखा व पाया कि फैक्टरी पूरी तरह से जल चुकी है। उनकी जानकारी में आया है कि यहां पर फायर ब्रिगेड नहीं है और उन्होंने इस मामले में एमडी से बात की है ताकि यहां पर फायर ब्रिगेड खड़ी की जाए और पानी के लिए बोर करवाया जाए। यहां फायर ब्रिगेड खड़ी करने के लिए जगह है और फायर ब्रिगेड का इंतजाम यहां होना जरूरी है।

    गौरतलब है कि बीती शाम इंडस्ट्रियल एरिया साहा स्थित शिव दयाल सूद एंड संस की ग्लावेयर फैक्टरी में आग लग गई थी जिससे पूरी फैक्टरी पूरी तरह से जलकर राख हो गई थी।

     

     

  • शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने की अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस

    शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने की अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस

    शिमला: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने आज यहां एक प्रेस-वार्ता के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता जगत प्रकाश नड्डा के बयानों का खंडन किया। हिमाचल प्रदेश की जनता राजनीतिक द्वेष से प्रेरित निरर्थक बयानबाजी के बजाय तथ्यों और ठोस उपलब्धियों पर चर्चा की उम्मीद करती है।

    जे.पी. नड्डा हिमाचल प्रदेश से संबंध रखने वाले केंद्र सरकार के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं और एक महत्वपूर्ण पद पर आसीन हैं, इसलिए राज्य की जनता की उनसे अपेक्षाएं स्वाभाविक रूप से अधिक हैं। लोग चाहते हैं कि प्रदेश हित के मुद्दे, वित्तीय हितों और विकास संबंधी प्राथमिकताओं की राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी पैरवी हो।जब-जब केंद्र और राज्य सरकारों के बीच बेहतर समन्वय रहा है, हिमाचल प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य में स्थापित प्रमुख शैक्षणिक संस्थान, स्वास्थ्य सुविधाएं और विकास परियोजनाएं केंद्र में कांग्रेस सरकारों के दौरान स्थापित किए गए थे।

    आज हिमाचल प्रदेश को उसी उदार सहयोग की आवश्यकता है, विशेषकर ऐसे समय में जब राज्य वित्तीय दबाव, पुनर्निर्माण की चुनौतियों और बढ़ती विकासात्मक जरूरतों का सामना कर रहा है। वर्तमान में राज्य के सामने सबसे बड़ी चिंता राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) का बंद होना है, जो संविधान के अनुच्छेद 275(1) के तहत हिमाचल प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण वित्तीय सहायता तंत्र रहा है। दशकों तक विभिन्न वित्त आयोगों ने पर्वतीय राज्यों की विशेष चुनौतियों को स्वीकार करते हुए इस सहायता की अनुशंसा की थी। उन्होंने कहा कि आरडीजी बंद होने से राज्य को प्रतिवर्ष लगभग 8,100 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और सामाजिक कल्याण जैसे क्षेत्रों में निवेश पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा।

    वर्ष 2023 में आई प्राकृतिक आपदा ने हिमाचल प्रदेश में भारी तबाही मचाई। सड़कों, पुलों, स्कूलों, जलापूर्ति योजनाओं, स्वास्थ्य संस्थानों और अन्य सार्वजनिक ढांचों को भारी नुकसान हुआ, जिससे हजारों करोड़ रुपये की क्षति हुई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण के लिए केंद्र से कई बार अतिरिक्त सहायता की मांग की, लेकिन प्रधानमंत्री द्वारा घोषित 1,500 करोड़ रुपये की राशि अभी तक प्राप्त नहीं हुई है।

    स्वास्थ्य क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में वित्तपोषण को लेकर किए जा रहे दावों और राज्य को वास्तव में प्राप्त सहायता के बीच बड़ा अंतर है। उन्होंने कहा कि विशेष श्रेणी के राज्यों के लिए आयुष्मान भारत योजना में 90ः10 की फंडिंग व्यवस्था का उल्लेख किया जाता है, लेकिन वर्ष 2025-26 में लगभग 155 करोड़ रुपये के स्वास्थ्य दावों के मुकाबले हिमाचल प्रदेश को केंद्र से केवल 49 करोड़ रुपये ही प्राप्त हुए।

    इससे योजना के अंतर्गत वास्तविक सहायता को लेकर प्रश्न उठते हैं। वर्ष 2018-19 से 2025-26 के बीच स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के तहत उपचार संबंधी दावे लगभग 599 करोड़ रुपये रहे। इस दौरान लाभार्थियों को निर्बाध उपचार उपलब्ध करवाने के लिए राज्य सरकार को अपने संसाधनों से अतिरिक्त वित्तीय बोझ उठाना पड़ा। वित्तीय चुनौतियों के बावजूद राज्य सरकार ने हाल ही में हिमकेयर योजना की लंबित देनदारियों के भुगतान के लिए 100 करोड़ रुपये जारी किए हैं, ताकि अस्पतालों और मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

    मंत्रियों ने कहा कि वित्तीय चुनौतियों के बावजूद राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र के आधुनिकीकरण के लिए अब तक का सबसे महत्वाकांक्षी कार्यक्रम चला रही है। लगभग 3,000 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और स्वास्थ्य अवसंरचना का विकास किया जा रहा है। अटल सुपर स्पेशियलिटी आयुर्विज्ञान संस्थान चमियाना, आईजीएमसी शिमला तथा डॉ. राजेंद्र प्रसाद चिकित्सा महाविद्यालय टांडा में अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं स्थापित की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त रोबोटिक सर्जरी, पीईटी स्कैन, आधुनिक कैंसर उपचार सुविधाएं, ट्रॉमा सेंटर और उन्नत डायग्नोस्टिक तकनीकों का विस्तार भी किया जा रहा है।

    शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि वित्तीय चुनौतियों के बावजूद हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है और देश का अग्रणी राज्य बनकर उभर रहा है। हाल ही में जारी परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स 2.0 में हिमाचल प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर छठा स्थान तथा सभी राज्यों में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। राज्य को प्रतिष्ठित ‘प्रचेष्ठा-2’ श्रेणी में स्थान मिला है।

    मंत्रियों ने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड से जुड़े मुद्दों पर भी चिंता व्यक्त की। हिमाचल प्रदेश लगातार अपने वाजिब हितों से जुड़े विषयों को उठाता रहा है और जल संसाधनों, विद्युत लाभों तथा वित्तीय हितों से संबंधित मामलों पर निरंतर ध्यान दिए जाने की अपेक्षा करता है। राज्य को उम्मीद है कि उसके वाजिब अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए अधिक प्रभावी समर्थन मिलेगा।

    हिमाचल प्रदेश सरकार किसी विशेष रियायत की मांग नहीं कर रही है, बल्कि केवल वही चाहती है जो संविधान, कानून और वित्तीय व्यवस्था के अनुसार राज्य की जनता का अधिकार है। उन्होंने कहा कि एक पर्वतीय राज्य होने के कारण हिमाचल प्रदेश को अपनी विशिष्ट चुनौतियों से निपटने के लिए निरंतर सहयोग, समय पर वित्तीय सहायता और केंद्र सरकार की वास्तविक साझेदारी की आवश्यकता है। राज्य की जनता ठोस परिणाम, प्रभावी सहयोग और दीर्घकालिक विकास एवं समृद्धि के प्रति साझा प्रतिबद्धता की अपेक्षा रखती है।

    राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का एक स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले वरिष्ठ नेताओं को ऐसी नकारात्मक या भ्रामक टिप्पणियों से बचना चाहिए जो राज्य के हितों को नुकसान पहुंचाती हों। जगत प्रकाश नड्डा से आग्रह किया कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर केंद्र सरकार में अपने प्रभाव का उपयोग हिमाचल प्रदेश के लिए अधिक वित्तीय सहायता, आपदा राहत तथा विकासात्मक परियोजनाएं सुनिश्चित करने के लिए करें।

  • Jalandhar News: BMS Fashion Showroom फायरिंग मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Jalandhar News: BMS Fashion Showroom फायरिंग मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    जालंधरः कमिश्नरेट पुलिस बीएमएस फैशन शोरूम बाहर गोली चला भागने वालो दो आरोपियों में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान घास मंडी के कुश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि शुक्रवार दोपहर सतोखपुरा में स्थित बीएमएस फैशन शोरूम के बाहर दो मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों ने फायरिंग की थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने सूचना के आधार पर जांच करते हुए मामले को जल्द ही ट्रेस करते हुए आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस घटना के पीछे किसी संगठित आपराधिक नेटवर्क का हाथ हो सकता है। उन्होंने कहा कि शहर में अमन-कानून की स्थिति बनाए रखने और लोगों में डर पैदा करने वाले आपराधिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस इस एंगल से भी गहराई से जांच कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।      
  • Kumar Medical Store फायरिंग मामले की इस गैंग ने ली जिम्मेदारी, पोस्ट कर दी धमकी

    Kumar Medical Store फायरिंग मामले की इस गैंग ने ली जिम्मेदारी, पोस्ट कर दी धमकी

    चंडीगढ़ः सेक्टर 11 में मेडिकल स्टोर पर गोलियां चलने की घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार कुमार मेडिकल स्टोर पर गोलियां चलाकर हमलावर फरार हो गए। इस घटना में कैशियर की मौत हो गई। इसके बाद फायरिंग मामले को लेकर सोशल मीडिया पर गोल्डी ढिल्लों ग्रुप नाम के पेज पर पोस्ट डालकर जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में लिखा गया है कि जो भी लोग हमारी और हमारी गैंग के लोगों की कॉल नहीं उठाएंगे उनके साथ ऐसा ही होगा। वहीं उन्होंने लिखा कि जो भी लॉरेंस को पैसे देगा उसके साथ भी ऐसा ही होगा वह अपनी तैयारी करके रखें।

    ये था पूरा मामला

    सेक्टर 11 में मेडिकल स्टोर पर गोलियां चलने की घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार कुमार मेडिकल स्टोर पर गोलियां चलाकर हमलावर फरार हो गए। इस घटना में कैशियर की मौत हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय जानकीदास निवासी हिमाचल के रूप में हुई है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने कहाकि घटना को अंजाम 3 व्यक्तियों द्वारा दिया गया। उन्होंने कहा कि ढाई बजे मास्क पहने दो व्यक्ति दुकान के कर्मी जानकीदास पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दौरान तीसरा आरोपी बाइक पर बाहर बैठा हुआ था। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

    पुलिस ने बताया कि दुकानदार को कोई थ्रेट कॉल नहीं आई थी। इस घटना में एक की मौत हो गई। जांच के दौरान पता चला है कि 13 के करीब फायरिंग की गई। जानकीदास कैशियर के पद पर तैनात था। घटना को लेकर आसपास लगे फुटेज खंगाले जा रहे है। वहीं जगह-जगह नाकेबंदी कर दी गई है। बता देंकि घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है, मुंह पर मास्क पहने 2 नौजवान दुकान में आते है और सीधे फायरिंग कर देते है।

    घटना के बाद लोगों में अफरा-तफरी मच जाती है। जिसमें मेडिकल स्टोर के मैनेजर और कैशियर जानकीदास गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंचे डीएसपी दलवीर पुलिस फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। घटना के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने पूरे मार्केट ब्लॉक को सील कर दिया और सीसीटीवी फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि एक्टिवा पर आए 3 बदमाशों ने कुमार मेडिकल स्टोर को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायर किए और मौके से फरार हो गए। लोगों के अनुसार आरोपियों के पास ऑटोमेटिक हथियार थे।

     

     

     

  • लेफ्टिनेंट जनरल Dheeraj Seth होंगे भारतीय सेना के अगले प्रमुख, इस तारीख को संभालेंगे जिम्मेदारी

    लेफ्टिनेंट जनरल Dheeraj Seth होंगे भारतीय सेना के अगले प्रमुख, इस तारीख को संभालेंगे जिम्मेदारी

    नई दिल्लीः भारत सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को भारतीय सेना का अगला ‘चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ’ नियुक्त किया है। वे वर्तमान में भारतीय सेना के ‘वाइस चीफ’ हैं। इससे पहले वे दक्षिणी सेना कमांडर थे और उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में अहम भूमिका निभाई थी।

    धीरज सेठ 30 जून 2026 की दोपहर से चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ होंगे। बता दें कि इसी दिन आर्मी स्टाफ के मौजूदा चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी रिटायर हो रहे हैं। जनरल उपेंद्र द्विवेदी का कार्यकाल जून 2026 तक है। उन्होंने 30 जून, 2024 को आर्मी चीफ का पद संभाला था।

    वर्तमान में लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ सेना के उप प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं। वह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA), खड़कवासला के पूर्व छात्र हैं और दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कोर में कमीशन हुए थे।  लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ ने सेना में हर स्तर पर कमान संभाली है।

     कौन हैं लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ
    जिले में खड़कवासला स्थित नेशनल डिफेंस एकेडमी के पूर्व छात्र, धीरज सेठ को दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कॉर्प्स में कमीशन किया गया था। लगभग चार दशकों के अपने करियर के दौरान, उन्होंने आतंकवाद-विरोधी अभियानों सहित अलग-अलग तरह के इलाकों और मुश्किल हालात में काम करने का बेहतरीन अनुभव हासिल किया है। धीरज सेठ को करीब 40 साल का सैन्य अनुभव है।

     

     

  • प्रदेश सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ अधिक से अधिक पशुपालकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध

    प्रदेश सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ अधिक से अधिक पशुपालकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध

    शिमला: हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी दूध उत्पादक संघ (मिल्कफेड) द्वारा पशुपालकों के हितों को ध्यान में रखते हुए तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ अधिक से अधिक ग्रामीण परिवारों तक पहुंचाने के उद्देश्य से दूध खरीद व्यवस्था में एक महत्त्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।

    राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि सरकार द्वारा दूध उत्पादकों को न्यूनतम समर्थन मूल्य उपलब्ध करवाए जाने के उपरांत प्रदेश में दूध उत्पादन एवं सहकारी व्यवस्था के प्रति पशुपालकों की सहभागिता में निरंतर वृद्धि हुई है। राज्य सरकार ने ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए गाय के दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य को 32 रुपये से बढ़ाकर 61 रुपये प्रति किलो और भैंस के दूध पर 47 रुपये से बढ़ाकर 71 रुपये प्रति किलो किया है।

    न्यूनतम समर्थन मूल्य का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि इसका लाभ केवल सीमित परिवारों तक न रहकर प्रदेश के अधिकाधिक दूध उत्पादकों, विशेषकर छोटे एवं सीमांत पशुपालकों तक पहुंचे। दो वर्षों में मिल्कफेड में दूध उत्पादकों की भागीदारी 28,645 से बढ़कर 42,500 तक पहुंच गई है। दूध संग्रहण भी 1.57 लाख लीटर प्रतिदिन से बढ़कर 2.20 लाख लीटर प्रतिदिन हो गया है। यह वृद्धि प्रदेश के पशुपालकों के बढ़ते विश्वास एवं दूध क्षेत्र के विस्तार को दर्शाती है।

    प्रवक्ता ने बताया कि इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए दूध खरीद पर प्रति पशुपालक प्रतिदिन अधिकतम 20 लीटर की सीमा निर्धारित करने का निर्णय लिया गया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक नए दूध उत्पादकों को सहकारी ढांचे से जोड़ना तथा ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि के अवसर उपलब्ध करवाना है। इस निर्णय से अधिक संख्या में किसानों को दूध विपणन का अवसर प्राप्त होगा, नए दूध उत्पादकों का सहकारी क्षेत्र में पंजीकरण बढ़ेगा और दूध उत्पादन से जुड़े परिवारों की आय एवं आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।

    प्रवक्ता ने सभी दूध उत्पादकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार एवं मिल्कफेड के लिए पशुपालकों के हित सर्वाेच्च प्राथमिकता हैं तथा भविष्य में भी दूध क्षेत्र के विस्तार एवं पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। प्रवक्ता ने प्रदेश के सभी दुग्ध उत्पादकों एवं सहकारी समितियों से इस जनहितकारी पहल में सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया।

     

  • Jalandhar News: व्यापारियों से मिले CM Mann और Kejriwal, ED की कार्रवाई को लेकर उठाए सवाल

    Jalandhar News: व्यापारियों से मिले CM Mann और Kejriwal, ED की कार्रवाई को लेकर उठाए सवाल

    जालंधर, ENS: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आप पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब राज व्यापारी कमीशन से जुड़े व्यापारियों के साथ मुलाकात की गई। मीटिंग में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारी सरकार पंजाब की पहली सरकार है जो छोटे व्यापारियों की बात सुन रही है। हमारी सरकार व्यापारी की छोटे से छोटी शिकायत सुनती है। सीएम खुद व्यापारियों की समस्याओं पर ध्यान देते हैं और अपनी टीम से उनको हल करवाते हैं। पंजाब में आप सरकार ने व्यापारियों से वसूली करवाना बंद कर दी है। हमारी सरकार इमानदारी से काम कर रही है।

    केजरीवाल ने कहा कि अब बड़े स्तर पर वसूली हो रही है। पंजाब में एक चिट्टा पार्टी है, कुछ लोग इसे बेअदबी पार्टी भी कहते हैं। पंजाब में दूसरी पार्टी है ईडी पार्टी और तीसरी पार्टी है झगड़ा पार्टी। पंजाब में एक पार्टी ऐसी भी है जो आपकी पार्टी है, आम आदमी पार्टी लोगों का काम करती है। ईडी पार्टी को पंजाब से पिछले साल 60 करोड़ का चंदा मिला जबकि हमें 70 लाख चंदा मिला। ईडी पार्टी के ये चंदा कैसे मिला। इस चंदे के लिए रेड की गईं। सभी नेता शाम साढ़े 6 बजे को साईं दास स्कूल ग्राउंड में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम का आयोजन आप नेता दीपक बाली की ओर से किया जा रहा है। इसमें प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

    पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी एवं रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत और पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने बताया कि 13 जून की शाम जालंधर में भगवान शिव को समर्पित एक धार्मिक समागम आयोजित किया जा रहा है। यह विशाल धार्मिक समागम ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ विषय पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रसिद्ध धार्मिक गायक हंसराज रघुवंशी भजनों के माध्यम से हजारों श्रद्धालुओं को आध्यात्मिकता से जोड़ेंगे। मेयर विनीत धीर, पंजाब सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन चंदन ग्रेवाल, इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन रमणीक सिंह रंधावा, सनातन सेवा समिति के प्रधान विजय शर्मा, राजविंदर कौर थियाड़ा ने कहा कि शहर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर कार्यक्रम करवाया जा रहा है। साईं दास स्कूल के ग्राउंड में शाम 6.30 बजे यह कार्यक्रम होगा।

  • राज्यपाल ने माता वैष्णो देवी मंदिर में की पूजा-अर्चना

    राज्यपाल ने माता वैष्णो देवी मंदिर में की पूजा-अर्चना

    शिमला: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज जम्मू के कटरा स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी उपस्थित थीं। राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश तथा देशवासियों की शांति, समृद्धि, प्रगति एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की। उन्होंने देश में आपसी सद्भाव, एकता और निरंतर विकास की कामना करते हुए माता वैष्णो देवी से सभी नागरिकों के सुखद जीवन के लिए कामना की।

     

     

  • 22 जून को होगी हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक

    22 जून को होगी हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक

    चंडीगढ़: हरियाणा मंत्रिमंडल की बैठक 22 जून, को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित की जाएगी। बैठक सुबह 11 बजे हरियाणा सिविल सचिवालय, चंडीगढ़ की चौथी मंजिल स्थित मुख्य समिति कक्ष में होगी।

     

  • पंचकूला पुलिस ने चलाया नशा विरोधी अभियान, मैदान 2.0 के अंतर्गत चलाया Combing Operation

    पंचकूला पुलिस ने चलाया नशा विरोधी अभियान, मैदान 2.0 के अंतर्गत चलाया Combing Operation

    पंचकूला: नशामुक्त हरियाणा अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से पंचकूला पुलिस के द्वारा चलाए जा रहे मैदान 2.0 अभियान के अंतर्गत जिले में नशे के खिलाफ लगातार सघन कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में आज पंचकूला पुलिस की थाना, क्राइम एवं एंटी नारकोटिक्स टीमों ने संयुक्त रुप से डॉग स्कवॉड की मदद से आशियाना सेक्टर-26 बंगला बस्ती कालका तथा गांव अभयपुर में व्यापक स्तर पर कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया है।

    यह अभियान पुलिस कमिश्नर पंकज नैन के दिशानिर्देश तथा डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में चलाया गया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य नशा तस्करों, असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना रहा है। कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने क्षेत्र की गलियों, सार्वजनिक स्थानों, खाली प्लॉटों, झुग्गी, बस्तियों, संदिग्ध ठिकानों, झाड़ियों तथा बाकी संवेदनशील स्थानों की गहन से तलाशी ली।

    डॉग स्कवॉड की मदद से नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री और सेवन से जुड़े संभावित ठिकानों की खास रुप से जांच की गई है। इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान एवं सत्यापन की कार्यवाही भी की गई तथा क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों पर कड़ी निगरानी रखी गई है। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरुक किया है।

    उन्होंने अपील की है कि यदि उनके आस-पास कहीं भी नशे की खरीद-फरोख्त, तस्करी या सेवन से संबंधित कोई गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पंचकूला पुलिस ने साफ किया है कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के विरुद्ध कानून के अनुसार, सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें। नशे से संबंधित किसी भी सूचना को बिना किसी भय के पंचकूला पुलिस की ड्रग इन्फो हेल्पलाइन नंबर 7087081100 एवं 7087081048 पर साझा करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

    डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था को और ज्यागा सदृढ़ बनाने तथा नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई को जारी रखने के लिए भविष्य में भी एरिया डोमिनेशन, कॉम्बिंग ऑपरेशन, विशेष चेकिंग अभियान, पेट्रोलिंग तथा नशा विरोधी अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।