Blog

  • चीन में कोरोना कहरः 20 दिनों में 25 करोड़ लोग कोरोना का शिकार! 

    चीन में कोरोना कहरः 20 दिनों में 25 करोड़ लोग कोरोना का शिकार! 

    डाटा लीक होने पर मची खलबली

    नई दिल्लीः चीन में कोरोना का भयंकर विस्फोट हुआ है। दिसंबर के शुरुआती 20 दिनों में ही 25 करोड़ लोग इसकी चपेट में आए हैं। महामारी की शुरुआत से ही कोरोना का डाटा छिपाने वाले चीन की इस बार सीक्रेट रिपोर्ट लीक हो गई है। अमेरिकी न्यूज चैनल सीएनएन ने दावा किया है कि उसने चीन की स्वास्थ्य एजेंसी ‘एनएचसी’ की मीटिंग से लीक हुए दस्तावेज देखे हैं। जिनपिंग सरकार का सीक्रेट डेटा लीक होने के बाद चीन में खलबली मची हुई है। चीन में कोरोना ने कितना कहर मचाया है, इस बात का अंदाजा लीक हुई रिपोर्ट से लगाया जा सकता है। चीन की सरकार कैसे कोरोना वायरस के आगे बेबस हो चुकी है।

    18% फीसदी से ज्यादा लोग कोविड संक्रमित

    ब्लूमबर्ग और फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के टॉप हेल्थ ऑफिशियल्स का आंतरिक अनुमान है कि दिसंबर के पहले 20 दिनों में ही चीन में लगभग 250 मिलियन यानी 25 करोड़ लोग कोविड संक्रमित हो सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, बुधवार को चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) की एक आंतरिक बैठक के दौरान ये आंकड़े प्रस्तुत किए गये थे। इसमें मामले से परिचित या चर्चा में शामिल स्रोतों का हवाला दिया गया था। अगर ये आंकड़े सही हैं तो इसका मतलब यह हुआ कि 140 करोड़ की आबादी वाले चीन में 18 फीसदी से ज्यादा लोग कोविड संक्रमित हो चुके हैं। यह दुनिया के किसी भी देश से आई कोविड संक्रमितों की संख्या से ज्यादा है।

    एक दिन में 3.70 करोड़ पॉजिटिव!

    फाइनेंशियल टाइम्स और ब्लूमबर्ग ने अधिकारियों द्वारा की गई चर्चाओं को विस्तार से प्रस्तुत किया है। दोनों मीडिया ने अपनी रिपोर्ट में खुलासा किया है कि केवल बीते मंगलवार को चीन में 3 करोड़ 70 लाख लोग कोविड पॉजिटिव पाए गये हैं, जबकि चीन की सरकार ने एक बार फिर डाटा में हेराफेरी की है। आधिकारिक तौर पर चीन ने उस दिन केवल 3,049 मामलों की रिपोर्ट दी है।

    ढील देना और इलाज में देरी बड़ी वजह

    बुधवार की बैठक के बाद चीनी स्वास्थ्य एजेंसी NHC ने कहा कि संक्रमित मरीजों के इलाज में देरी की वजह से कोरोना विस्फोट हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक, दिसंबर में कोरोना के इतना फैलने के पीछे की सबसे बड़ी वजह है, चीन में पिछले तीन सालों से बरती जा रही जीरो कोविड पॉलिसी को अचानक खत्म कर देना। इधर, सीएनएन ने दावा किया है कि उसने एनएचसी की मीटिंग से लीक हुए दस्तावेजों के बारे में चीनी स्वास्थ्य विभाग को ईमेल भेजकर उनका पक्षा जानने की कोशिश की है, लेकिन चीन की तरफ से फिलहाल कोई जवाब नहीं दिया गया है।

  • क्रिसमस पर सांटा क्लॉज को लेकर VHP की स्कूल संचालकों को चेतावनी

    क्रिसमस पर सांटा क्लॉज को लेकर VHP की स्कूल संचालकों को चेतावनी

    भोपाल: एक तरफ जहां दुनिया भर में क्रिसमस की तैयारियां अंतिम चरण में है तो वहीं, दूसरी ओर विश्व हिंदू परिषद ने मध्यप्रदेश के सभी स्कूलों के प्रिंसिपलों को चिट्ठी लिखकर कहा है कि वह अपने स्कूल में हिन्दू बच्चों को सांता क्लॉज ना बनाएं। विश्व हिंदू परिषद ने बाकायदा इसे लेकर ट्वीट भी किया है।

    चिट्ठी में वीएचपी ने लिखा है कि ‘मध्यभारत प्रान्त के सभी विद्यालयो मैं जो छात्र सनातन हिन्दू धर्म और परम्परा को मानते हैं, उन छात्रों को विद्यालय मै होने बाले क्रिसमस के कार्यक्रम मे सांताक्लॉस बना रहे हैं और क्रिसमस ट्री भी लाने का बोल रहे हैं। यह हमारी हिन्दू संस्कृति पर हमला है, हिंदू बच्चों को ईसाई धर्म में प्रेरित करने के लिए यह षड्यंत्र है।

    चिट्ठी में आगे लिखा है कि आर्थिक रूप से भी ऐसी ड्रेस या पेड़ लाने से अभिभावकों का नुकसान है। विद्यालय हिंदू बच्चों को सांता बनाकर ईसाई धर्म के प्रति श्रद्धा और आस्था उत्पन्न करने का काम कर रहा क्या? हमारे हिंदू बच्चे राम बने, कृष्ण बने, बुद्ध बने, गौतम, महावीर बने, गुरु गोविंद सिंह बने, यह सब तो बनना चाहिए, क्रांतिकारी बने, महापुरुष बने, परंतु सांता नहीं बनना चाहिए।

  • हाईवे पर कार और ट्रक की भीषण भिड़ंत, 4 की मौत, कार के उड़े परखच्चे

    हाईवे पर कार और ट्रक की भीषण भिड़ंत, 4 की मौत, कार के उड़े परखच्चे

    भोपालः मध्यप्रदेश के बैतूल-मुलताई हाइवे में बीती रात लगभग एक बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। गलत साइड से जा रहे एक ट्रक ने कार को सामने से टक्कर मार दी। इससे कार में बैठे 3 की मौत मौके पर ही हो गई। मरने वालों में दो महिलाएं शामिल हैं जिनमें एक गर्भवती है। टक्कर के बाद ट्रक ड्राइवर एवं क्लीनर मौके से भाग खड़े हए। पुलिस नेे ट्रक जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी है। घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। गंभीर कार ड्राइवर को नागपुर रिफर किया गया था लेकिन बाद में उसने भी दम तोड़ दिया।

    आधे घंटे की मशक्कत के बाद ड्राइवर को निकाला

    दुर्घटना मुलताई में रिलायंस पेट्रोल पंप के पास हुई। टक्कर इतनी खतरनाक थी कि कार पूरी तरह से पिचक गई। ड्राइवर कार में बुरी तरह फंसा हुआ था। उसे पुलिस कर्मियों की सहायता से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद निकाला जा सका।   ट्रक ने बैतूल से मुलताई की ओर आ रही कार को सामने से टक्कर मार दी।

    हादसे में जान गंवाने वाले तीन लोगों के शव मुलताई के सरकारी अस्पताल में लाए गए हैं। इनमें दो महिलाएं और एक पुरुष है। हादसे में कार चला रहे संजीवकांत भगत (48) निवासी झारखंड गंभीर घायल थे। उनकी भी मौत हो गई। वे काला आखर (इटारसी, होशंगाबाद) में सीनियर सेक्शन इंजीनियर के पद पर पदस्थ थे। दूसरे मृतक की पहचान रेलकर्मी राजकुमार सिसोदिया (32) निवासी भौरा के रूप में हुई है। मृत महिलाओं की पहचान नहीं हो पाई थी। 

  • कोरोना ने मचाई हाहाकार : सड़कों पर हो रहा मरीजों का इलाज

    कोरोना ने मचाई हाहाकार : सड़कों पर हो रहा मरीजों का इलाज

    बीजिंग : कोरोनावायरस संक्रमण ने चीन की कमर तोड़कर रख दी है। वहां के एक अस्पताल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें अस्पताल के कॉरिडोर से लेकर हर रूम में शव ही शव दिखाई दे  रहे हैं। जिलिन प्रांत के चांगचुन शहर में श्मशान घाट के बाहर अंतिम संस्कार के लिए शव वाहनों की लंबी लाइन लगी हुई है। जहां पहले 24 घंटे की वेटिंग थी, अब लोगों को अपनों का अंतिम संस्कार के लिए 3 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है।

    एक अन्य वायरल वीडियो में सड़क पर मरीजों को ड्रिप चढ़ाते हुए देखा जा रहा है। हालांकि, सरकारी आंकड़ों में इस दिन सिर्फ 3000 केस ही बताए गए। रिपोर्ट के मुताबिक, चीन में इस महीने के शुरुआती 20 दिनों में 24 करोड़ 80 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसके पहले जनवरी में एक दिन में 40 लाख कोरोना मरीज मिले थे।

    स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चीन में इस हालात के लिए वहां की ‘जीरो कोविड पॉलिसी’ और लो वैक्सीनेशन कवरेज को जिम्मेदार ठहराया है। उनके अनुसार चीन ने अचानक ही अपने यहां सारे प्रतिबंध हटा दिए। यहां लोग जीरो कोविड पॉलिसी के तहत लागू प्रतिबंधों में रहते हुए कोरोना वायरस के प्रति काफी संवेदनशील हो चुके थे। वे अचानक वायरस के खिलाफ एक्सपोज हुए और इम्युनिटी नहीं होने के कारण बीमार पड़ने लगे।

  • होशियारपुर के 2 भाईयों का मर्डर, जांच में जुटी पुलिस

    होशियारपुर के 2 भाईयों का मर्डर, जांच में जुटी पुलिस

    रोहतकः हरियाणा के रोहतक में पंजाब के होशियारपुर के दो सगे भाइयों की हत्या करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि हमलावारों ने हत्या के बाद दोनों के शवों को सिंघपुरा के पास रेल की पटरी पर फेंक दिया। ताकि यह घटना हत्या की बजाए आत्महत्या लगे। वहीं ट्रैक पर शव पड़े होने के कारण रेल भी उनके ऊपर से गुजर गई। मृतकों की पहचान पंजाब के होशियारपुर निवासी सुखविंद्र और सतेंद्र के रूप में हुई है, जो दोनों सगे भाई थे। वह हाइड्रा मशीन चलाने का काम करते थे। दोनों भाई रोहतक के श्यामलाल मार्केट में रहते थे।

    मृतकों के पिता गिरधारी लाल ने पुलिस को बताया कि रात को उसके बेटों के पास एक फोन आया था। फोन पर सामने वाले ने कहा कि उनकी गाड़ी पलटी हुई है, उसे उठाना है। जिसके बाद दोनों भाई हाइड्रा मशीन लेकर चले गए। वहीं इसी बीच किसी अज्ञात ने दोनों भाइयों की हत्या कर दी और शवों को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। जब दोनों भाई रातभर घर नहीं लौटे तो परिवार वालों को भी चिंता हुई। इसलिए परिवार वालों ने भी उनकी खोजबीन शुरू की।

    सिंघपुरा क्षेत्र में रेलवे फ्लाईओवर के नीचे पटरियों पर दोनों के शव मिले। जांच के दौरान सामने आया है कि दोनों की हत्या करके यहां पर फेंका गया है। जिसके साक्ष्य वहां आसपास भी साफ दिखाई दे रहे हैं। घटनास्थल के आसपास घसीटने के निशान हैं। मृतकों के शरीर पर भी घसीटने के निशान साफ दिखाई दे रहे हैं। शवों को भी इस तरह पटरी पर डाला गया है कि ट्रेन केवल उनके सिर के ऊपर से गुजरे। ट्रेन से उनके सिर ही कटे हैं।

    घटनास्थल के आसपास दूर तक खून फैला हुआ है। जिससे अनुमान लगाया जा सकता है कि यहां क्या हुआ होगा। हालांकि दोनों युवकों के शव वहां पास में ही दो अलग-अलग ट्रैक पर डाले गए थे। ताकि इसे आत्महत्या दिखाया जा सके। प्राथमिक दृष्टि से लग रहा है कि पहले उनकी हत्या की गई है। बाद में आत्महत्या दिखाने के लिए उनके शवों को रेलवे लाइन पर डाला गया है। फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई। जांच के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा।

  • पंजाबः शहीदी जोड़ मेले में सुरक्षा को लेकर गुरुद्वारा साहिब पहुंचे DGP गौरव यादव और DIG गुरप्रीत भुल्लर

    पंजाबः शहीदी जोड़ मेले में सुरक्षा को लेकर गुरुद्वारा साहिब पहुंचे DGP गौरव यादव और DIG गुरप्रीत भुल्लर

    फतेहगढ़ साहिब: पंजाब के डीजीपी गौरव यादव आज फतेहगढ़ साहिब में नतमस्तक हुए और प्रदेश में अमन-शांति की कामना की। इस दौरान उनके साथ डीआईजी रूपनगर रेंज गुरप्रीत भुल्लर व फतेहगढ़ साहिब के एसएसपी भी साथ मौजूद रहे। इस दौरान डीजीपी ने फतेहगढ़ साहिब में शहीदी जोड़ मेले के सुचारू संचालन के सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

    बता देंकि शहीदी जोड़ मेले में 26 से 28 दिसंबर तक जिला फतेहगढ़ साहिब में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 3000 पुलिस पदाधिकारियों तैनात किए जा रहे हैं। पूरे भारत से आने वाले श्रद्धालुओं की सहायता के लिए 5 समाधान केंद्र स्थापित किए गए हैं और एक आधुनिक कमांड सेंटर स्थापित किया गया है। वहीं मेले में भीड़ को देखते हुए निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है और आकस्मिकताओं का जवाब देने के लिए विशेष टीमों को तैनात किया गया है। पंजाब पुलिस भगवंत मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

  • इंसानियत शर्मसार  :  नाबालिग को 3 राज्यों में 5 लोगों को बेचा, आरोपियों ने बार-बार किया रेप

    इंसानियत शर्मसार : नाबालिग को 3 राज्यों में 5 लोगों को बेचा, आरोपियों ने बार-बार किया रेप

    राजस्थान : राजस्थान से एक इनसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां महज 14 साल की एक लड़की का अपहरण कर उसे बंधक बना लिया गया। बाद में उसका सौदा करने का सिलसिला शुरू हुआ। नाबालिग लड़की को 3 राज्यों में 5 अलग-अलग लोगों को बेचा गया। इस दौरान खरीदारों ने उसके साथ रेप किया। पीड़िता किसी तरह से आरोपियों के चंगुल से निकलकर जैसे-तैसे अपने घर लौटी। उसके बाद पीड़िता ने धम्बोला थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने इस मामले में अपहरण कर बेचने वाले मुख्य आरोपी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

    जानकारी के मुताबिक धम्बोला थानाधिकारी हजारीलाल मीणा ने बताया की 14 वर्षीय नाबालिग ने 17 दिसंबर को थाने में आकर अपहरण, बेचने और रेप की रिपोर्ट दी थी। अपनी रिपोर्ट में उसने बताया कि एक साल पहले वो घर से दुकान समान लेने गई थी। इस दौरान उसे वहां अलवर निवासी गट्टूलाल अहारी मिला, जिसने उसे बाइक पर छोड़ने का कहा। वह उसके साथ बाइक पर सवार हो गई। लेकिन गट्टूलाल उसे घर छोड़ने की बजाय गुजरात के मोडासा इलाके इटाडी ले गया। वहां पर गट्टूलाल ने मंजू नाम की एक महिला के सहयोग से उसे भरत मकवाना को 55 हजार रुपये में बेच दिया।

    गट्टूलाल पीड़िता का एक के बाद एक सौदा करता गया

    इसके बाद करीब एक महीने तक भरत ने उसे अपने पास रखा। वहां से मंजू के सहयोग से नाबालिग को वापस लाया गया और उसे पुनावाडा निवासी मोहन डामोर को 55 हजार लेकर बेच दिया गया। मोहन ने उसे 2 माह तक अपनी पत्नी बनाकर रखा। उसके बाद एक अन्य महिला के सहयोग से गट्टूलाल ने उसे वापस लाकर रामा डामोर को बेच दिया। रामा ने उसे 3 माह तक पत्नी बनाकर रखा। 3 माह बाद उसे वापस गट्टूलाल को सौंप दिया गया। इसके बाद गट्टूलाल ने राजस्थान के बांसवाड़ा निवासी अपने भांजे लक्ष्मण के चचेरे भाई हकरू को बेच दिया। वहां पर हकरू ने उसे 2 माह तक रखते हुए उसके साथ रेप किया।

    मौका देखकर भागी पीड़िता

    नाबालिग के साथ अत्याचार का सिलसिला यहीं नहीं रुका। गट्टूलाल ने नाबालिग को बाद में मध्यप्रदेश निवासी कमल नाम के युवक को बेच दिया। कुछ दिन नाबालिग कमल की पत्नी बनकर रही। वहां पर एक दिन कमल नाबालिग को बाजार में समान लेने के लिए साथ ले गया। इस दौरान नाबालिग मौका देखकर एक होटल वाले के पास गई और अपनी पीड़ा बताई। होटल वाले ने पीड़िता को एमपी की बाजणा पुलिस को सुपुर्द कर दिया। उसके बाद पीड़िता ने धंबोला पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया। मामला दर्ज हो जाने पर पुलिस ने मुख्य आरोपी अलवर निवासी गट्टूलाल अहारी और पुनावाडा निवासी खरीदार मोहन डामोर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

  • पंजाबः तालाब से व्यक्ति का शव मिलने से मचा हड़कंप

    पंजाबः तालाब से व्यक्ति का शव मिलने से मचा हड़कंप

    मोहालीः कुराली में स्थित बरोली गांव से बड़ी ख़बर सामने आई है। जहां आज सुबह बरोली से घड़ूआं जाने वाली सड़क के किनारे तालाब में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। तालाब से व्यक्ति के शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक जगतार सिंह पुत्र गरदेव सिंह निवासी मोरिंडा का रहने वाला है पर वह परिवार सहित घड़ूआं गांव में किराए के मकान में रहता था।

    मृतक जगतार सिंह गांव बरोली में एक मेडिकल की दुकान चलाता था। बीती रात जब वह दुकान बंद कर घर लौट रहा था तो घने कोहरे के कारण सड़क नहीं देख पाने की वजह से वह तालाब में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने परिजनों को सूचित कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

  • बांके बिहारी मंदिर में भक्तों और निजी सुरक्षाकर्मियों में हुई हाथापाई, देखें वीडियो

    बांके बिहारी मंदिर में भक्तों और निजी सुरक्षाकर्मियों में हुई हाथापाई, देखें वीडियो

    मथुराः वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर की व्यवस्थाओं को संभालने के लिए तैनात निजी सुरक्षाकर्मी गुंडई पर उतारू हो रहे हैं। आए दिन श्रद्धालुओं के साथ बदसलूकी और मारपीट की घटनाएं आम बात हो गई है। वहीं मंदिर के सेवायत भी इन सुरक्षाकर्मियों की मनमानी और दबंगई से खासे परेशान हैं। मंदिर प्रबंधन सब जानते हुए भी अनजान बना बैठा है। अब लोगों ने पुलिस प्रशासन से मंदिर के निजी सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

    बांके बिहारी मंदिर में शुक्रवार को श्रद्धालुओं के साथ निजी सुरक्षाकर्मियों ने मारपीट कर दी। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। श्रद्धालुओं का दल शुक्रवार की शाम बांके बिहारी मंदिर में दर्शन कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर श्रद्धालु और गार्ड के बीच कहासुनी हो गई। सुरक्षा कर्मी ने गुंडई दिखाते हुए मंदिर परिसर में ही श्रद्धालु के साथ मारपीट शुरू कर दी। इससे अफरातफरी मच गई। अपने बचाव में श्रद्धालुओं ने भी सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट की लेकिन इसी दौरान कई और सुरक्षाकर्मी वहां आए। सुरक्षाकर्मियों ने एकजुट होकर श्रद्धालुओं पर हमला कर दिया।

    आरोप है कि एक सुरक्षाकर्मी के हाथ में प्लास्टिक का माइक भी था, जिससे उसने श्रद्धालुओं पर हमला कर घायल कर दिया। सुरक्षाकर्मियों ने श्रद्धालुओं को पटक पटककर मारा। इस घटना से मंदिर में अफरातफरी मच गई। लोग बचने के लिए भागने लगे। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के मुनीष शर्मा ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि श्रद्धालुओं के मंदिर परिसर से न हटने पर सुरक्षाकर्मी उन्हें जाने की कह रहा था। इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। मारपीट पहले श्रद्धालुओं की ओर से की गई थी, फिर भी मारपीट करने वाले सुरक्षाकर्मी को हटा दिया गया है। घटना की जांच कराई जा रही है।

    शुक्रवार को अमावस्या का असर सुबह से ही ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दिखाई दिया। मंदिर के गेट नंबर दो और तीन पर भीड़ के कारण कई बार हालात बिगड़ते-बिगड़ते बचे। लोग धक्का-मुक्की करते हुए मंदिर में प्रवेश कर गए। इसके बाद मंदिर के अंदर परिसर में भी भीड़ का दबाव कुछ कम नहीं रहा। मंदिर के अंदर की व्यवस्था में लगे गार्ड लोगों को धक्का देकर बाहर की ओर धकेल रहे थे लेकिन भीड़ का दबाव था कि कम होने का नाम नहीं ले रहा था। आस्था में डूबे भक्त ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन पाकर जयकारे लगाते हुए निकल गए। सुबह के बाद शाम को भी भीड़ रही। 

  • कोरोना महामारी दौरान ऑक्सीजन सप्लाई को लेकर हाई अलर्ट

    कोरोना महामारी दौरान ऑक्सीजन सप्लाई को लेकर हाई अलर्ट

    स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को चिट्ठी लिखकर दिए ये निर्देश

    नई दिल्लीः कोरोना महामारी से निपटने के लिए सरकार ने कमर कसनी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को एक चिट्ठी लिखी, जिसमें कोरोना से निपटने के लिए सभी तैयारियां करने का निर्देश दिया गया है। मंत्रालय ने सभी राज्यों को कोरोना मैनेजमेंट के लिए अस्पतालों में ऑक्सीजन की सप्लाई और अन्य इक्वीपमेंट्स सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

    भारत में शनिवार को कोरोना संक्रमण के 201 मामले दर्ज किए गए हैं, जिसके साथ कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 3,397 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, संक्रमण की दैनिक दर 0.15 फीसदी और साप्ताहिक दर 0.14 फीसदी दर्ज की गई है। मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 1,36,315 सैंपल की जांच की गई।

    • पीएसए प्लांट्स को पूरी तरह चालू रखा जाए और उन्हें जांचने के लिए नियमित मॉक ड्रिल आयोजित की जाए।
    • स्वास्थ्य सुविधाओं में लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन (LMO) की उपलब्धता और उनकी रिफिलिंग के लिए बिना रुकावट के आपूर्ति चेन सुनिश्चित की जानी चाहिए।
    • बैकअप स्टॉक और मजबूती के साथ ऑक्सीजन सिलेंडरों की पर्याप्त सूची रिफिलिंग सिस्टम को बनाए रखा जाए।
    • वेंटीलेटर्स, बीआईपीएपी जैसे लाइफ़ स्पोर्टिंग इक्वीपमेंट्स की उपलब्धता और SpO2 सिस्टम की उप्लब्धता सुनिश्चित की जाए।
    • ऑक्सीजन के लिए राज्य स्तर पर ऑक्सीजन कंट्रोल रूम को फिर से सक्रिय किया जाना चाहिए।
    • ओडीएएस प्लेटफॉर्म के लिए ऑक्सीजन का इस्तेमाल करने वाली सभी स्वास्थ्य सुविधाओं की ऑन-बोर्डिंग लागू करने के लिए रोजाना ऑक्सीजन की मांग और खपत पर नजर रखी जाए।

    आंकड़ों के मुताबिक, भारत में देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक 220.4 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।