Blog

  • इस हिंसा मामले में 2 आरोपियों का एनकाउंटर

    इस हिंसा मामले में 2 आरोपियों का एनकाउंटर

    नूंहः हरियाणा के नूंह में 31 जुलाई को ब्रजमंडल धाम जलाभिषेक यात्रा के दौरान हुई हिंसक झड़प के बाद प्रशासन लगातार उपद्रवियों पर कार्रवाई कर रहा है। ताजा मामले में पुलिस ने नूंह हिंसा के दो आरोपियों का एनकाउंटर किया है। बताया जा रहा है कि उपद्रवी सिलखो गांव की पहाड़ी में छिपे थे। एनकाउंटर के दौरान एक उपद्रवी को पैर में गोली लगी है, दूसरे को गोली नहीं लगी उसे पकड़ लिया गया है। उसे घायल हालत में इलाज के लिए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

    मुठभेड़ में आरोपी ने पहले क्राइम ब्रांच तावडू के प्रभारी संदीप मोर की टीम पर फायरिंग की थी। अपने बचाव में जब इंस्पेक्टर संदीप मोर ने गोली चलाई तो वह एक आरोपी के पैर में जा लगी। बता दें कि इससे पहले आरोपियों की खोज में लगी एसटीएफ ने बुधवार सुबह ड्रोन की मदद से पहाड़ी पर ठिकाना तलाश कर नौ लोगों को हिरासत में ले लिया था। सभी नल्हड़ और मेवली गांव के रहने वाले हैं। पूछताछ कर साक्ष्य मिलने के बाद इनकी गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं, मंगलवार हिरासत में लिए गए संदिग्ध लोगों में आठ को गिरफ्तार कर लिया गया है।

    हिंसा में गिरफ्तार होने वाले आरोपियों की संख्या 189 हो चुकी है। गांव से सटी अरावली पहाड़ी बदमाशों की शरणस्थली बन रही है। नल्हड़ तथा समीपवर्ती गांव के चार सौ लोगों से अधिक मुस्लिम युवकों ने नल्हड़ मंदिर में फंसे शिव भक्तों पर गोली और पत्थर चलाए थे। नल्हड़ के पास पहाड़ी का हिस्सा नूंह की ओर तरह अधिक ऊंचा नहीं हैं। कई चोर रास्ते भी बने हुए हैं। ऐसे में एसटीएफ तथा क्राइम ब्रांच को परेशानी आ रही है। पहले ड्रोन से सटीक ठिकाने खोजे गए फिर पहाड़ी पर चढ़कर संदिग्धों को दबोच लिया।

  • जालंधरः भगवान श्री राम पर टिप्पणी करने के मामले में Ajay Khosla पर FIR दर्ज, वीडियो वायरल

    जालंधरः भगवान श्री राम पर टिप्पणी करने के मामले में Ajay Khosla पर FIR दर्ज, वीडियो वायरल

    जालंधर, ENS: भगवान श्री राम एवं हिन्दू धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में दलित नेता अजय खोसला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रही थी। जिसमें एक अजय खौंसला हिंदू धर्म के साथ-साथ भगवान राम के बार में अपशब्द बोलता दिखाई दे रहा है। उक्त व्यक्ति टाइगर फोर्स प्रमुख बताया जा रहा है। वीडियो में सुना जा सकता है कि कैसे शख्स द्वारा हिंदू धर्म के बारे में जिस तरह की शब्दावली का प्रयोग किया जा रहा है। उसका कहना है कि अगर अंग्रेज यहां होते तो यहां के चर्च और मंदिर अच्छे होते। असली अंग्रेज हिंदू लोग हैं, जिन्होंने हमें दबाने की कोशिश की है।

    इन अंग्रेजों को भारत से भगाना होगा, इस शब्दावली से हिंदू धर्म के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, जिस कारण उनमें रोष भी पाया जा रहा है। जिसके बाद पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर यह एफआईआर दर्ज की है। जिसमें पुलिस को इस बात के प्रमाण मिले कि अजय खोसला ने एक आपत्तिजनक टिप्पणी की है। बताया जा रहा है कि अजय खोसला ने यह टिप्पणी एक चर्च में आयोजित सभा में दी थी। पुलिस प्रशासन के पास जब ये वीडियो पहुंची तो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया। हालांकि एक मीडिया समूह ने एडीसीपी आदित्य गुप्ता के हवाले से लिखा है कि खोसला की गिरफ्तारी जल्द हो सकती है, लेकिन सवाल यह उठता है कि बीते दिन मामला दर्ज होने के बावजूद खोसला सारा दिन अपने समर्थकों के साथ घूमता रहा लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार नहीं किया। क्या पुलिस किसी और साक्ष्य का इंतजार कर रही है या फिर अजय खोसला की गिरफ्तारी चुपचाप डाली जाएगी।

  • पंजाब: JSW Steel Company के लोहे की चोरी में SB Transport के संचालकों पर FIR दर्ज

    पंजाब: JSW Steel Company के लोहे की चोरी में SB Transport के संचालकों पर FIR दर्ज

    लुधियानाः देश की सबसे बड़ी स्टील कंपनी jsw स्टील लिमिटेड की लुधियाना ब्रांच में बीते दिन लोहे की चोरी होने का मामला सामने आया था। इस घटना को ढंडारी कलां में Bhushan power & steel limited के लोहे को रेलवे स्टेशन से कंपनी के गोदाम तक पहुंचाने वाले ठेकेदारो द्वारा अंजाम देने का अनुमान लगाया गया था। जिसको लेकर आज थाना 6 की पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। यह कार्रवाई पुलिस ने कंपनी के डीजीएम रमनदीप सिंह सोढी की शिकायत पर की है। जिसमें शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह Bhushan power & steel limited में डीजीएम के पद पर तैनात है।

    उनकी कंपनी का सामान उड़ीसा से रेलवे यार्ड के जरिए आता है। रेलवे यार्ड से फैक्ट्री तक सामान पहुंचाने के लिए SB ट्रांसपोर्ट के ट्रक लगाए गए है। उन्होंने बताया किहमारी jsw स्टील कंपनी के कर्मचारियों को 6-8-2023 को पता चला कि कंपनी का सामान ट्रक नंबर पीबी-10 एफएन- 5757 का ड्राइवर दीपक कुमार प्रतापुरा के नजदीक गुरुद्वारा साहिब के पास उतार रहा है। इस दौरान उन्होंने रेड की तो ड्राइवर दीपक कुमार मौके फरार हो गया। इस दौरान जिसके बाद पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया और थाने में ले गई। जहां ट्रक में से कुछ लोहे की पत्तियां बरामद की गई है। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। 

    बता दें कि पिछले कुछ समय से कंपनी के नुमाइंदो को लोहे की लोडिंग-अनलोडिंग के दौरान चोरी होने का शक हो रहा था। लोहे की लोडिंग का ठेका jsw स्टील ने SB ट्रांसपोर्ट को पिछले कुछ महीनो से दिया हुआ था। ट्रांसपोर्टर और उसके कारिंदे कंपनी के लोहे को ढंढारी कलां रेलवे स्टेशन से गाड़ियों में लोड करके कंपनी के गोदाम में अनलोड करते थे।  बताया जा रहा कि JSW स्टील कंपनी के नुमाइंदे जब गोदाम में ठेकेदार द्वारा अनलोड किए गए लोहे की चेकिंग करते थे तो कुछ टन लोहा गायब पाया जाता था। 

    सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को कंपनी के नुमाइंदो ने लोहे की चोरी पकड़ने के लिए ट्रैप लगा लिया। ट्रैप के दौरान ठेकेदार SB ट्रांसपोर्टर के करिंदो ने स्टेशन से jsw स्टील कंपनी का लोहा SB ट्रांस्पोर्टर के ट्रक में लोड कर कंपनी जाने की बजाय लोहा रास्ते में ही उतारना शुरू कर दिया। जिसे कंपनी के नुमाइंदो ने पकड़ लिया और लुधियाना पुलिस के डिवीजन no. 6 की पुलिस को मौके पर बुलाकर लोडेड ट्रक पुलिस के हवाले कर लिखित शिकायत भी दर्ज करवा दी थी। जिसके बाद आज पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है। 

  • होशियारपुर के 2 युवकों की विदेश में हुई मौत

    होशियारपुर के 2 युवकों की विदेश में हुई मौत

    होशियारपुर: पंजाब के होशियारपुर जिले के गांव कोठी निवासी सचिन भाटिया (26) की कनाडा में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज बुखार के बाद सचिन की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। इसके बाद उसकी मौत हो गई। सचिन भाटिया पिछले 4 साल से कनाडा में रह रहा था। बेटे की मौत की खबर से परिवार में शोक की लहर है। मृतक के पिता बिशन दास ने बताया कि सचिन दो बहनों का इकलौता भाई था। सचिन उच्च शिक्षा ग्रहण करने 2019 में कनाडा गया था। बाद में 2019 में ही उसकी बहन सुशील कुमारी भी कनाडा पढ़ने पहुंचीं। दोनों एक साथ रहते थे। सचिन ने फोन पर पिता को तबीयत खराब होने की बात कही थी। पिता ने सचिन को जांच कराने और दवा लेने की सलाह दी थी।

    हालांकि आठ अगस्त की रात को सचिन की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बेटी सुशील कुमारी ने भाई की मौत की खबर पिता को दी। होशियारपुर जिले के ही गांव सीकरी के एक युवक की कनाडा में झील में डूबने से मौत हो गई। टांडा के सीकरी गांव का युवक अकाशदीप करीब पांच साल पहले स्टडी वीजा पर कनाडा गया था। करीब 10 दिन पहले ही उसे कनाडा की परमानेंट रेसिडेंटशिप (पीआर) मिली थी। इसे लेकर जश्न मनाने के लिए वह अपने कुछ दोस्तों के साथ चार दिन पहले कनाडा के ओन्टारियो प्रांत के पोर्ट पेरी झील गया था, जहां एक हादसे में वह डूब गया। भरसक कोशिशों के बाद दो दिन पहले उसकी लाश झील से मिली।

    मृतक 27 साल का बताया जा रहा है। आकाशदीप की मां जतिंदर कौर अपने माता-पिता के पास ही रहती हैं। आकाशदीप उनका इकलौता बेटा था। उधर, मानसा जिले के गांव चकेरियां के एक 11 साल के बच्चे की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार व गांव में शोक का माहौल है। मृतक बच्चा पांचवी कक्षा का विद्यार्थी था। जानकारी के अनुसार गांव चकेरियां का जसप्रीत सिहं अपने साइकिल पर मानसा के सुए पर किसी दोस्त के साथ पहुंचा था। इसके बाद चकेरियां सड़क पुल से सुए में छलांग लगा दी। तैरना न आने की वजह से वह डूब गया।

  • पंजाबः चिकनगुनिया, डेंगू और आई फ्लू का कहर, अचानक मामलों में हुई बढ़ौतरी

    पंजाबः चिकनगुनिया, डेंगू और आई फ्लू का कहर, अचानक मामलों में हुई बढ़ौतरी

    अमृतसरः शहर में चिकनगुनिया, डेंगू और आई फ्लू का प्रकोप जारी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक डेंगू के 50 और चिकनगुनिया के 51 मामलों की पुष्टि की जा चुकी है। जबकि ऐसे मामलों की संख्या हजारों में है क्योंकि ज्यादातर लोग निजी अस्पतालों से इलाज करवा रहे हैं। दूसरी ओर सरकार की ओर से मोहल्ला क्लीनिक खोलकर मुफ्त दवाएं उपलब्ध कराने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन आज भी लोग इन बीमारियों के इलाज के लिए बड़ी संख्या में निजी डॉक्टरों के पास जा रहे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक आई फ्लू से बच्चे ज्यादा प्रभावित होते हैं।

    शहर के कुछ प्रमुख स्कूलों में करीब 20 फीसदी छात्र इस बीमारी के कारण बीमार हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने स्कूल आना बंद कर दिया है। पंजाब में इस बार बड़ी संख्या में चिकनगुनिया के मामले सामने आ रहे हैं। इसका कारण पिछले कुछ दिनों में हुई बेमौसम बारिश और इसकी वजह से पानी का जमा होना बताया जा रहा है। खासकर शहर का छेहरटा इलाका और मजीठा रोड इलाका बीमारियों से ज्यादा प्रभावित है। मिली जानकारी के मुताबिक, अधिकतर लोग जो निजी अस्पतालों में इलाज कराना पसंद कर रहे हैं, उनका जिक्र सरकारी रिकॉर्ड में नहीं है। डेंगू और चिकनगुनिया जैसे लक्षणों वाले वायरल संक्रमण छेहर्टा क्षेत्रों में अधिक प्रचलित हैं। इसके अलावा लाल आंख की समस्या (नेत्रश्लेष्मलाशोथ) से पीड़ित लोग भी बड़ी संख्या में अस्पतालों में आ रहे हैं।

  • पंजाब: स्पेशल चेकिंग मुहिम में खुलासा, गैर कानूनी चल रही 271 इमीग्रेशन कंपनियां व संस्थाएं 

    पंजाब: स्पेशल चेकिंग मुहिम में खुलासा, गैर कानूनी चल रही 271 इमीग्रेशन कंपनियां व संस्थाएं 

    चंडीगढ़ः कनाडा में 750 स्टूडेंट्स के साथ हुई धोखाधड़ी के बाद पंजाब में गैर कानूनी तरीके से चल रहीं इमीग्रेशन कंपनियों, ट्रैवल एजेंट संस्थाओं व आइलेट्स कोचिंग सेंटरों पर सरकार ने शिकंजा कसा है। जांच में 271 संस्थाएं गैर कानूनी पाई गई हैं, जिनमें से 25 पर एफआईआर तक दर्ज हुई हैं। यह जानकारी एनआरआई मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने दी। उन्होंने कहा यह चेकिंग मुहिम हर हाल में 10 सितंबर तक पूरी की जाएगी, जो संस्थाएं, एजेंसियां सही तरीके से यानी कानून और निर्धारित शर्तों के अंतर्गत काम करने की इच्छुक हैं, उनको निर्धारित शर्तें पूरी करने का मौका दिया जाएगा।

    कुछ समय पहले कनाडा में पढ़ाई के लिए गए 750 के करीब विद्यार्थी उस समय दिक्कत में आ गए थे, जब उन्हें पता चला था कि भारत के ट्रैवल एजेंटों ने उनके साथ धोखा किया है। राज्य सरकार ने इस चीज से सबक लेते हुए ट्रैवल एजेंटों व इमीग्रेशन कंपनियों के खिलाफ चेकिंग मुहिम के आदेश दिए थे। इस काम की कमान जिला स्तर पर एसएसपी को सौंपी गई थी। इस दौरान संस्थाओं व कंपनियों के दस्तावेज जांचे गए। 

    अब तक 7179 ट्रैवल एजेंटों, एजेंसियों, दफ्तरों की जानकारी एकत्रित की गई है। इस चेकिंग के दौरान 271 संस्थाएं गैर कानूनी पाई गईं। एनआरआई मिलनी समागमों के दौरान प्राप्त कुल 609 शिकायतों में से 588 का निपटारा हो चुका है और बकाया 21 मामले कार्रवाई अधीन हैं। इस मौके पर एनआरआई मामले विभाग के प्रमुख सचिव दिलीप कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।

  • पंजाबः 12 किलो हेरोइन सहित 3 तस्कर गिरफ्तार, DGP ने दी जानकारी

    पंजाबः 12 किलो हेरोइन सहित 3 तस्कर गिरफ्तार, DGP ने दी जानकारी

    अमृतसरः जिले की पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े नशा तस्करी के बड़े मॉड्यूल को तोड़ते हुए 3 तस्करों को भारी मात्रा में हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। देहात पुलिस ने 3 तस्करों को काबू करके 12 किलो हेरोइन जब्त की है। जिसकी अंतर्राष्ट्रीय कीमत 84 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। मामले की जानकारी देते हुए डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि अरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

    डीजीपी गौरव यादव की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, यह ऑपरेशन गुप्ता सूचना के आधार पर चलाया गया। अमृतसर ग्रामीण पुलिस विभाग के अंतर्गत आने वाले लोपोके थाने को हेरोइन तस्करों की इनपुट मिली थी। इसके बाद ऑपरेशन चलाया गया और पुलिस ने 3 तस्करों को पकड़ने में सफलता हासिल की। इन तीनों तस्करों के पाकिस्तानी तस्करों के साथ संबंध हैं और 12 किलो हेरोइन की इस खेप को बॉर्डर पार से ही मंगवाया गया था।

    तीनों तस्कर यह खेप आगे अन्य तस्करों को पहुंचाने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया। डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी दी कि पुलिस ने लोपोके थाने में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करके रिमांड हासिल किया जाएगा। इसके बाद आरोपियों से उनके पाकिस्तानी लिंक, आगे खेप किसे पहुंचानी थी और खेप किसके कहने पर बॉर्डर पर रिसीव करने पहुंचे थे, के बारे में विस्तृत जानकारी हासिल की जाएगी।

  • पंजाबः विजिलेंस के रडार पर 46 अधिकारी और नेता! 

    पंजाबः विजिलेंस के रडार पर 46 अधिकारी और नेता! 

    चंडीगढ़ः विजिलेंस ब्यूरो आने वाले समय में पंजाब में बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई कर सकता है। विजिलेंस को बस सिर्फ सरकार के एख इशारे का इंतजार है। विजिलेंस ब्यूरो ने करीब 46 आरोपियों की सूची बनायी है। विजिलेंस ब्यूरो विभिन्न मामलों में 46 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए संबंधित विभागों से मंजूरी का इंतजार कर रहा है। पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट को दिए हलफनामे में कहा गया है कि भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मंजूरी के लिए विभिन्न विभागों के पास 35 मामले लंबित हैं, जिनमें एफआईआर और विजिलेंस जांच शामिल हैं।

    कोर्ट को सौंपे हलफनामे में विजिलेंस ब्यूरो के ज्वाइंट डायरेक्टर (अपराध) गुरसेवक सिंह ने कहा कि यह आंकड़ा 2018 से इस साल 21 जून तक का है। इस अवधि के दौरान कुल मिलाकर 6 मामलों को शुरू में अस्वीकार कर दिया गया और 4 को मंजूरी दे दी गई। यह हलफनामा न्यायमूर्ति विनोद एस भारद्वाज की पीठ के समक्ष सरबजीत सिंह वेरका द्वारा 3 सितंबर, 2021 की मानक संचालन प्रक्रिया को रद्द करने के लिए दायर याचिका की सुनवाई के दौरान पेश किया गया। जिसके तहत केंद्र सरकार ने लोक सेवक भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम जांच की प्रक्रिया निर्धारित की थी। 

    हलफनामे में कहा गया कि एक नेता और पीसीएस अधिकारी के खिलाफ केस की मंजूरी संबंधित विभाग से मिल गई है। हालांकि, अमृतसर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन दिनेश बस्सी के अलावा आईएएस अधिकारी संजय पोपली, जीके सिंह, एसएस. बैंस और आईएफएस विशाल चौहान के खिलाफ केस की मंजूरी अभी उनके विभागों से नहीं मिली।

  • पंजाब : दुकानदार द्वारा प्रदर्शनकारी पर गोली चलाने के मामले में आया नया मोड़, देखें वीडियो

    पंजाब : दुकानदार द्वारा प्रदर्शनकारी पर गोली चलाने के मामले में आया नया मोड़, देखें वीडियो

    मोगा : मणिपुर हिंसा के विरोध में पंजाब बंद की काल के दौरान पंजाब के जिला मोगा के कस्बा कोट ई सेखा में एक दुकानदार द्वारा प्रदर्शनकारी निहंग सिंह पर चलाई गोली के मामले में नया मोड़ आया है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि गोली चलाने वाला व्यक्ति व घायल व्यक्ति दोनों एक ही मोहल्ले के वासी हैं। व उनमें पहले से ही तकरार रंजिश चली आ रही है।

    फिलहाल पुलिस द्वारा गोली चलाने वाले मोबाइल विक्रेता दुकानदार गुरप्रीत सिंह एलियस गोरा को काबू कर लिया गया है। व उसके खिलाफ बनती धाराओं के तहत मामला दर्ज करने के बाद पुलिस अग्रिम जांच में जुट गई है। इसके साथ ही एसएसपी मोगा जे एलन चेझिया ने बताया कि स्थिति कंट्रोल में है। इसके साथ ही उन्होंने जहां लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है वहीं उन्होंने आम लोगों से सोशल मीडिया पर बिना वेरीफाई किए कोई भी पोस्ट डालने से गुरेज करने की अपील की है। एसएसपी मोगा ने मीडिया से यह जानकारी साझा की।

  • पंजाबः शिक्षा मंत्री को High Court ने जारी किया नोटिस, दिए ये निर्देश

    पंजाबः शिक्षा मंत्री को High Court ने जारी किया नोटिस, दिए ये निर्देश

    चंडीगढ़ः पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस और तकनीकी शिक्षा के प्रमुख सचिव प्रियांक भारती को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, एक मामले में दोनोंको हाईकोर्ट ने नोटिस जारी किया है। मिली जानकारी के मुताबिक हाईकोर्ट ने मंत्री व अन्य को जानबूझ कर आदेशों का अनुपालन नहीं करने पर अवमानना नोटिस जारी किया है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा यह नोटिस 20 अप्रैल 2023 को जारी आदेश की जानबूझकर पालना नहीं करने पर जारी किया गया है। याचिकाकर्ताओं को एक महीने की अवधि में उनके वेतन का भुगतान करने का निर्देश भी दिया गया है।

    दरअसल, मामले में अजीत सिंह और बाबा हीरा सिंह भट्टल इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी लहरागागा (संगरूर) के स्टाफ सदस्य याचिकाकर्ता हैं। हाईकोर्ट ने मामले में दायर याचिका पर 15 दिसंबर 2019 से एक महीने की अवधि के भीतर उनके वेतन का भुगतान करने का आदेश दिया था। बावजूद इसके उनके वेतन का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। याचिकाकर्ताओं ने मंत्री हरजोत बैंस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप हैं कि मंत्री बैंस टेक्निकल एजुकेशन और बाबा हीरा सिंह भट्‌ठल इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी लहरागागा (संगरूर) के गवर्नर्स बोर्ड के चेयरमैन हैं।

    वह स्टाफ की बैठकें बुला रहे हैं और इनमें प्रमुख सचिव तकनीकी शिक्षा समेत निदेशक तकनीकी शिक्षा भी शामिल रहते हैं, लेकिन न तो उनके द्वारा कर्मचारियों की तनख्वाह जारी करने के आदेश दिए गए और न ही प्रिंसिपल सेक्रेटरी व एडिशनल डायरेक्टर द्वारा कोई संज्ञान लिया गया। आरोप हैं कि सभी इन बैठकों में कर्मचारियों पर वेतन का दावा छोड़ने का दबाव डाल रहे हैं। साथ ही धमकाते हैं कि उन्हें नौकरी से हाथ धोना पड़ सकता है। याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि प्रतिवादी न्याय प्रशासन में हस्तक्षेप करके हाईकोर्ट के फैसले के कार्यान्वयन को विफल करने की कोशिश में हैं। हाईकोर्ट द्वारा रिस्पॉन्डेंट को सुनवाई से पहले बीते सप्ताह आदेश की पालना संबंधी हलफनामा जमा करने के आदेश जारी किए, लेकिन ऐसा नहीं करने पर प्रतिवादी/संबंधित अधिकारी को अदालत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थिति रहने के आदेश दिए गए थे।