Blog

  • Jalandhar News: मेन चौक के पास बाप-बेटे को टक्कर मारकर कार चालक फरार, देखें वीडियो

    Jalandhar News: मेन चौक के पास बाप-बेटे को टक्कर मारकर कार चालक फरार, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: चौगिटी चौंक के नजदीक बिजली घर के बाहर एक तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। दरअसल, बच्चे को स्कूल छोड़ने जा रहे बाइक सवार पिता पुत्र को कार चालक ने टक्कर मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार खून से लथपथ जमीन पर बेसुध होकर गिर गया और बच्चा भी बेसुध होकर बेहोश हो गया। घायल की पहचान 47 वर्षीय विजय कुमार निवासी सूर्या एनक्लेव ग्रीन सिटी के रूप में हुई है। इस हादसे को देख राहगीरों ने तुरंत बच्चे को पानी डालकर होश में लाया गया। वहीं एंबुलेंस को बुलाकर घायल व्यक्ति को प्राइवेट अस्पताल भेजा गया।

    मामले की जानकारी देते हुए राहगीर ने बताया कि वह चौगिटी फ्लाईओवर से यू टर्न लेकर चौक की तरफ आ रहा था। इस दौरान कार भी इसी दिशा से चौक की ओर जा रही थी। वहीं बाइक सवार व्यक्ति अपने बेटे के साथ चौक से पीएपी की तरफ जा रहा था कि जब वह बिजली घर के बाहर पहुंचा तो तेज रफ्तार कार चालक ने बाइक में टक्कर मार दी और घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया। इस घटना में बाइक सवार पिता पुत्र दोनों सड़क पर गिर गए। हादसे में व्यक्ति लहूलुहान हो गया, जबकि बच्चा गिरने से बेहोश हो गया। इस सारे मंजर को देखते ही अन्य राहगीर भी मौके पर रुक गए। तुरंत बच्चे को गोद में लेटाकर उसे पानी के छींटे दिए। जिसके बाद उसे होश आया। राहगीर ने बताया कि कार ग्रे रंग की थी।

    वहीं घटना की सूचना मिलते ही 112 और एसएसएफ की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद ट्रैफिक को सुचारू ढंग से चलवाया। वहीं मौके पर पहुंचे थाना रामामंडी के सब इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि चौगिटी के नजदीक एक हादसा हुआ है। मौके पर पहुंच कर पता चला कि एक कार सवार मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मारकर फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है, जल्द ही कार सवार को काबू कर लिया जाएगा।

  • Punjab News: वैसाखी पर्व पर 1763 श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान रवाना, फिर उठी ये मांग, देखें वीडियो

    Punjab News: वैसाखी पर्व पर 1763 श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान रवाना, फिर उठी ये मांग, देखें वीडियो

    अमृतसरः हर साल की तरह इस बार भी विसाखी खालसा साजना दिवस के मौके पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की ओर से 1763 श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान स्थित गुरधामों के दर्शन के लिए खालसा जी के जयकारों के साथ रवाना किया गया। इस धार्मिक यात्रा के दौरान संगत में खासा उत्साह देखा गया। जानकारी के अनुसार पूरे भारत से करीब 2800 सिख श्रद्धालु पाकिस्तान के ऐतिहासिक गुरधामों के दर्शन के लिए जा रहे हैं। यह जत्था अगले 10 दिनों के दौरान ननकाना साहिब, पंजा साहिब, डेरा साहिब, करतारपुर साहिब और सच्चा सौदा सहित विभिन्न पवित्र स्थानों के दर्शन करेगा।

    श्रद्धालुओं ने अपने जज़्बात सांझा करते हुए कहा कि वे पहली बार गुरधामों के दर्शन के लिए पाकिस्तान जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके मन में लंबे समय से यह चाह थी और अब वे बड़ी आशा और उम्मीद के साथ इस यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने वाहिगुरु के समक्ष अरदास की कि हर संगत को गुरधामों के दर्शन का अवसर मिले। इस मौके पर SGPC के मुख्य सचिव कुलवंत सिंह मान ने कहा कि संगत की दीर्घकालिक अरदासों के फलस्वरूप यह अवसर मिला है कि वे गुरु नानक देव जी से जुड़े पवित्र स्थान ननकाना साहिब, पंजा साहिब, डेरा साहिब और करतारपुर साहिब के दर्शन कर सकें। उन्होंने अरदास की कि यह यात्रा खुशियों और चढ़दी कला के साथ पूर्ण हो और सभी श्रद्धालु सुरक्षित वापसी करें।

    इस दौरान करतारपुर साहिब लाँघे को फिर पूरी तरह खोलने की भी मांग उठाई गई। उन्होंने कहा कि यह लाँघा सिख संगत के भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ है और संगत की सुविधाओं के लिए इसे जल्द से जल्द खोला जाना चाहिए, ताकि हर रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन कर सकें। जत्थे के नेता सुरजीत सिंह ने भी कहा कि वे पहली बार इस यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं और SGPC की ओर से प्रत्येक वर्ष यात्रियों के लिए बेहतर प्रबंध किए जाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भी यात्रा सुचारू रूप से संपन्न होगी।

  • सीजफायर डील के बाद भी बेस पर ड्रोन से हमला

    सीजफायर डील के बाद भी बेस पर ड्रोन से हमला

    नई दिल्लीः अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर डील के बाद मिडिल ईस्ट में एक देश को छोड़कर बाकि जगह एक हद तक हिंसा रुक गई है, वह देश लेबनान है। जिसपर इजरायल ने 30 सालों में सबसे बड़ा हमला किया है। इजरायल ईरान के खिलाफ जंग रोकने पर तो सहमत हो गया है, लेकिन लेबनान में उसने तबाही मचा दी है। इजरायल का दावा है कि वह लेबनान में बसे हिज्बुल्लाह को निशाना बना रहा है। वहीं बताया जा रहा है कि अब कुवैत के बेस पर ड्रोन से हमला किया है। दरअसल, कुवैत ने आरोप लगाया है कि ईरान और उसके सहयोगी समूहों ने 2 सप्ताह के युद्धविराम के बावजूद वीरवार को ड्रोन हमले किए। वहीं, सऊदी अरब ने कहा कि हाल ही में हुए हमलों में उसकी एक अहम तेल पाइपलाइन को नुकसान पहुंचा है।

    कुवैत के विदेश मंत्रालय ने सरकारी समाचार एजेंसी KUNA के जरिए जारी बयान में कहा कि वीरवार देर रात ड्रोन हमलों में “कुवैत की कुछ महत्वपूर्ण सुविधाओं” को निशाना बनाया गया। इस घटना ने अमेरिका और ईरान के बीच शनिवार को इस्लामाबाद में होने वाली प्रस्तावित वार्ता से पहले युद्धविराम पर दबाव बढ़ा दिया है। उधर, सऊदी प्रेस एजेंसी ने एक अज्ञात अधिकारी के हवाले से बताया कि हालिया हमले में देश की महत्वपूर्ण ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन को नुकसान पहुंचा है। यह पाइपलाइन तेल को लाल सागर तक पहुंचाती है और होरमुज जलडमरूमध्य पर निर्भरता कम करती है, जिस पर ईरान का नियंत्रण माना जाता है।

    इस बीच, इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने लेबनान के साथ जल्द से जल्द सीधे वार्ता की अनुमति दे दी है। इस वार्ता का उद्देश्य ईरान समर्थित हिजबुल्लाह को निरस्त्र करना और दोनों देशों के बीच संबंध स्थापित करना है। हालांकि, नेतन्याहू ने यह भी स्पष्ट किया कि इजरायल और लेबनान के बीच कोई युद्धविराम नहीं है और उत्तरी इजरायल की सुरक्षा बहाल होने तक हिजबुल्लाह पर हमले जारी रहेंगे।

  • शेयर बाजार में आया उछाल, फिर से लौटी रौनक

    शेयर बाजार में आया उछाल, फिर से लौटी रौनक

    नई दिल्लीः सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन आज यानी शुक्रवार 10 अप्रैल को सेंसेक्स 500 अंक (0.66%) की तेजी के साथ 77,150 कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 160 अंकों की तेजी है, ये 23940 पर पहुंच गया है। हालांकि कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और मजबूत डॉलर निवेशकों के लिए चिंता का कारण बने हुए हैं। जापान, दक्षिण कोरिया और ताइवान जैसे बाजारों में 1 से 2 प्रतिशत तक की तेजी ने ग्लोबल मार्केट में पॉजिटिव माहौल बनाया है। हांगकांग और चीन के बाजार भी हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। यह रैली बताती है कि निवेशकों का रिस्क लेने का रुझान बढ़ा है। कच्चे तेल की कीमतें अभी भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं, जो भारत जैसे आयातक देश के लिए नकारात्मक संकेत है।

    वहीं डॉलर इंडेक्स में मजबूती और रुपये में कमजोरी विदेशी निवेशकों के फ्लो को प्रभावित कर सकती है। ये दोनों फैक्टर बाजार की तेजी को सीमित कर सकते हैं और वोलैटिलिटी बढ़ा सकते हैं। आज के कारोबार में बैंकिंग और ऑटो शेयरों में खरीदारी है। शेयर बाजार में कल 9 अप्रैल को गिरावट रही। सेंसेक्स 931 अंक (1.20%) नीचे 76,632 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी भी 222 अंक (0.93%) गिरकर 23,775 पर आ गया। ऑटो और बैंकिंग शेयरों में बिकवाली रही। मेटल और फार्मा शेयरों में तेजी रही। कल अमेरिकी बाजारों में भी निचले स्तरों से शानदार रिकवरी दिखी थी। नैस्डैक में करीब एक फीसदी की तेजी आई थी। ये सब भारतीय बाजारों के लिए अच्छे संकेत हैं।

  • Punjab News: Kanchan Kaur Murder का मुख्य आरोपी अमृतपाल मेहरो विदेश से गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: Kanchan Kaur Murder का मुख्य आरोपी अमृतपाल मेहरो विदेश से गिरफ्तार, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः बठिंडा में हुए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कमल कौर भाभी हत्याकांड मामले में वांटेड अमृतपाल मेहरो को दुबई में गिरफ्तार कर लिया गया है। मेहरो को दुबई की अथॉरिटी ने डिपोर्ट किया तो भारतीय जांच एजेंसी के अधिकारी उसे दुबई लेने चले गए थे। यह सूचना मिलते ही बठिंडा से डीएसपी सिटी 2 और एक पुलिस टीम दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंच गई थी। शुक्रवार सुबह जांच एजेंसी ने मेहरो को पंजाब पुलिस की टीम के हवाले कर दिया। सूत्र बताते है कि कागजी कानूनी प्रकिया पूरी करने के बाद डीएसपी सिटी अपनी पुलिस टीम समेत आरोपी मेहरो को दिल्ली एयरपोर्ट से लेकर बठिंडा के लिए रवाना हो चुके हैं।

    बता दें कि सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर कंचन कुमारी उर्फ कमल भाभी की बठिंडा में पिछले साल जून में हत्या कर दी गई थी। चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल की पार्किंग में खड़ी गाड़ी से उनका शव मिला था। कंचन कुमारी का इंस्टाग्राम पर कमल काैर भाभी नाम से अकाउंट था। कंचन कुमारी लक्ष्मण बस्ती, लुधियाना की रहने वाली थी। वह नाै जून को अपनी मां को कहकर निकली थी कि वह बठिंडा में प्रमोशनल इवेंट के लिए जा रही है।

    10 जून को उसकी हत्या हो गई। 11 जून को उसकी लाश गाड़ी से बरामद हुई। मामले में पकड़े गए दोनों आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में खुलासा किया है कि कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर की हत्या के लिए तीन माह से अमृतपाल महरों और उसके साथी रेकी कर रहे थे। कुछ दिन अमृतपाल अपने साथियों समेत कंचन के घर पास एक होटल में भी रुका रहा था। इतना ही नहीं अमृतपाल दो बार कंचन के घर भी गया था, लेकिन वो घर पर नहीं मिली थी। जब ऐसे बात न बनी तो फिर अमृतपाल ने 8 जून को कंचन से संपर्क करके कहा कि उसे कार की प्रमोशन करने के लिए बठिंडा आना है। इसके बाद कंचन उर्फ कमल कौर 9 जून को लुधियाना से अपनी कार से बठिंडा पहुंची।

    जहां पर अमृतपाल महरों, जसप्रीत सिंह और निमरजीत सिंह तीनों कंचन को मिले और उसकी गाड़ी में बैठ गए। पहले तीनों आरोपियों ने भुच्चो के समीप एक गैरेज से कंचन की गाड़ी रात के साढ़े 12 बजे तक ठीक करवाई और फिर अपनी स्कॉर्पियो को एक पेट्रोल पंप पर खड़ा करके कंचन को साथ लेकर उसी की गाड़ी में चारों सवार हो गए। आरोपियों द्वारा किए खुलासे के अनुसार अमृतपाल महरों कंचन की गाड़ी चला रहा था। जसप्रीत और निमरतजीत कंचन के साथ कार की पिछली सीट पर बैठे थे। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि अमृतपाल के कहने पर सबसे पहले उन्होंने कंचन के दोनों मोबाइल ले लिए और उससे पासवर्ड मांगा जब उसने पासवर्ड नहीं बताया तो अमृतपाल के कहने पर कंचन से दोनों ने मारपीट की। इसके बाद कमर कस्सी से दोनों ने एक सुनसान जगह पर गाड़ी में ही कंचन का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

     

     

     

  • आज का राशिफल, 10 अप्रैल 2026

    आज का राशिफल, 10 अप्रैल 2026

    आज ग्रहों की स्थिति आपके भीतर एक गहरे बदलाव का संकेत दे रही है। चंद्रदेव आज दिन की शुरुआत धनु राशि में उत्साह के साथ करेंगे, लेकिन शाम होते ही वे मकर राशि में प्रवेश कर जाएंगे, जिससे आपके स्वभाव में गंभीरता और अनुशासन बढ़ेगा। मेष राशि में विराजमान शुक्रदेव आपके व्यक्तित्व में गजब का आकर्षण और आत्मविश्वास भर रहे हैं। मीन राशि में सूर्यदेव, मंगलदेव और शनिदेव की युति आपसे थोड़े आत्म-मंथन और ऊर्जा के सही प्रबंधन की मांग कर रही है। कुंभ राशि में बुधदेव और राहु की उपस्थिति बातचीत में सावधानी बरतने का इशारा दे रही है, जबकि मिथुन राशि के बृहस्पतिदेव आपके साहस को नई दिशा दे रहे हैं। सिंह राशि में केतु की मौजूदगी आपको दिखावे से दूर रहकर अपनी जड़ों से जुड़ने की सलाह देती है।

    मेष राशि: अपनी एकाग्रता बढ़ाएं, इससे आपको स्पष्टता मिलेगी। आज सुबह की शुरुआत चंद्रदेव के आपके नौवें भाव में होने से होगी, जो आपके भीतर कुछ नया सीखने का जबरदस्त उत्साह जगाएंगे। आपके पहले भाव में बैठे शुक्रदेव आपके आकर्षण को बढ़ा रहे हैं, जिससे लोग आपकी बातों से प्रभावित होंगे। हालांकि, शाम होते ही चंद्रदेव आपके दसवें भाव यानी करियर के क्षेत्र में प्रवेश कर जाएंगे। यह बदलाव आपसे अपने काम को लेकर अधिक गंभीर और प्रैक्टिकल होने की मांग करेगा। मीन राशि के बारहवें भाव में सूर्यदेव, मंगलदेव और शनिदेव की तिकड़ी बैठी है, इसलिए फिजूलखर्ची और मानसिक थकान से बचना जरूरी है। कुंभ राशि के राहु दोस्तों के साथ छोटी-मोटी गलतफहमी पैदा कर सकते हैं, अतः ग्रुप में बातचीत करते समय सावधानी बरतें। करियर के मामले में कोई शॉर्टकट न अपनाएं।

    वृषभ राशि: आपकी गहरी भावनाएं धीरे-धीरे स्पष्टता और प्रैक्टिकल समझ में बदल जाएंगी। आज सुबह चंद्रदेव आपके आठवें भाव में रहेंगे, जिससे मन में थोड़ी बेचैनी या पुरानी बातों का बोझ महसूस हो सकता है। बारहवें भाव में बैठे शुक्रदेव विलासिता पर खर्च करा सकते हैं, इसलिए अपने बजट का ध्यान रखें। जैसे ही शाम को चंद्रदेव आपके नौवें भाव में प्रवेश करेंगे, आपका नजरिया सकारात्मक होने लगेगा और गुरुओं का मार्गदर्शन मिलेगा। ग्यारहवें भाव में सूर्यदेव और शनिदेव की उपस्थिति आपकी इच्छाओं की पूर्ति में थोड़े संघर्ष के बाद सफलता दिलाएगी। करियर के मामले में दसवें भाव के राहु और बुध कुछ कन्फ्यूजन पैदा कर सकते हैं, इसलिए कोई भी बड़ा फैसला जल्दबाजी में न लें। प्यार के मामले में दिन का दूसरा हिस्सा बेहतर रहेगा। सेहत के लिए योग और ध्यान का सहारा लेना शुभ फल देगा।

    मिथुन राशि: आज रिश्तों के डायनामिक्स बदलेंगे और स्पष्ट सोच से मानसिक उलझनें दूर होंगी‌। आज सुबह सातवें भाव में चंद्रदेव के गोचर से आपका पूरा ध्यान पार्टनरशिप और दूसरों की राय पर रहेगा। आपकी अपनी राशि में बैठे बृहस्पतिदेव आपको गजब का आत्मविश्वास और सही फैसले लेने की शक्ति दे रहे हैं। शाम होते ही चंद्रदेव आपके आठवें भाव में चले जाएंगे, जिससे आपका मन थोड़ा गंभीर और आत्म-मंथन की ओर मुड़ सकता है। दसवें भाव में बैठे सूर्यदेव और मंगलदेव करियर में काम का बोझ बढ़ा सकते हैं, लेकिन यह आपकी काबिलियत साबित करने का मौका भी है। ग्यारहवें भाव के शुक्रदेव सामाजिक लोकप्रियता और धन लाभ के योग बना रहे हैं। प्यार के मामले में शाम के समय छोटी बातों को तूल न दें। आर्थिक रूप से दिन लाभप्रद है, बस जोखिम भरे निवेश से दूर रहें।

    कर्क राशि: भावनात्मक स्थिरता के साथ अपने काम और रिश्तों के बीच तालमेल बिठाएं। आज सुबह के समय छठे भाव में चंद्रदेव के होने से आपका फोकस काम निपटाने और जिम्मेदारियों को पूरा करने पर रहेगा। दसवें भाव के शुक्रदेव आपके पेशेवर क्षेत्र में चमक लाएंगे और आपको अधिकारियों से तारीफ मिल सकती है। शाम होते ही चंद्रदेव आपके सातवें भाव में प्रवेश करेंगे, जिससे आपका ध्यान कामकाज से हटकर जीवनसाथी या बिजनेस पार्टनर की ओर मुड़ जाएगा। आठवें भाव के राहु और बुध मन में अचानक कोई डर या कन्फ्यूजन पैदा कर सकते हैं, इसलिए ओवर-थिंकिंग से बचें। दूसरे भाव के केतु की वजह से वाणी में थोड़ी कड़वाहट आ सकती है, अतः शब्दों का चुनाव सोच-समझकर करें। आर्थिक स्थिति सामान्य रहेगी, लेकिन बचत पर जोर देना उपयुक्त होगा। सेहत के लिए पर्याप्त नींद और संतुलित डाइट लेना बहुत जरूरी है।

    सिंह राशि: अनुशासित कोशिशों के साथ अपनी क्रिएटिविटी को अब मेहनत और काम में बदलें। आज सुबह पांचवें भाव के चंद्रदेव आपको काफी रचनात्मक और उत्साही बनाए रखेंगे। नौवें भाव में बैठे शुक्रदेव आपको भाग्य का पूरा साथ दिला रहे हैं, जिससे अटके हुए काम बन सकते हैं। हालांकि, शाम के समय चंद्रदेव आपके छठे भाव में चले जाएंगे, जिससे आपका ध्यान रूटीन और सेहत की ओर मुड़ जाएगा। आठवें भाव में सूर्यदेव, मंगलदेव और शनिदेव की मौजूदगी भावनात्मक तनाव या अचानक खर्चे दे सकती है। सातवें भाव के राहु और बुध की वजह से पार्टनर के साथ गलतफहमी होने की आशंका है, इसलिए बातचीत साफ रखें। ग्यारहवें भाव के बृहस्पतिदेव आर्थिक लाभ के नए अवसर प्रदान करेंगे। करियर में आज मेहनत और अनुशासन की सख्त जरूरत रहेगी। शाम को थकान महसूस हो सकती है, इसलिए शरीर को आराम दें।

    कन्या राशि: भावनात्मक संतुलन बनाए रखें, यह आपको रचनात्मक और प्रैक्टिकल सफलता की ओर ले जाएगा। चौथे भाव में चंद्रदेव के होने से आपका मन घर-परिवार की सुख-सुविधाओं में लगा रहेगा। दसवें भाव के बृहस्पतिदेव करियर में तरक्की और नई पहचान दिलाने में आपकी मदद कर रहे हैं। शाम होते ही चंद्रदेव आपके पांचवें भाव में प्रवेश करेंगे, जिससे आपके अंदर नया आत्मविश्वास और क्रिएटिव आइडियाज आएंगे। हालांकि, सातवें भाव में बैठे सूर्यदेव और शनिदेव पार्टनर के साथ रिश्तों में थोड़ा तनाव पैदा कर सकते हैं। छठे भाव के बुधदेव और राहु काम के बोझ की वजह से मानसिक थकान दे सकते हैं। आठवें भाव के शुक्रदेव की वजह से मूड में अचानक उतार-चढ़ाव आ सकते हैं। आर्थिक तौर पर दिन स्थिर रहेगा, लेकिन जल्दबाजी में खरीदारी न करें। सेहत के लिए पेट और पाचन का खास ख्याल रखना आपके लिए जरूरी होगा।

    तुला राशि: आज आपकी बातचीत और भावनाएं मिलकर आपको सही फैसले लेने में मदद करेंगी। आज सुबह तीसरे भाव के चंद्रदेव आपके भीतर साहस और संवाद करने की बेहतरीन क्षमता जगाएंगे। सातवें भाव में बैठे शुक्रदेव रिश्तों में मधुरता और आकर्षण बनाए रखेंगे, जिससे पार्टनर के साथ संबंध मजबूत होंगे। शाम के समय चंद्रदेव आपके चौथे भाव में गोचर करेंगे, जिससे आपका ध्यान मानसिक सुकून और घर की खुशियों की ओर चला जाएगा। छठे भाव के भारी ग्रह (सूर्य, मंगल, शनि) काम का दबाव और तनाव बढ़ा सकते हैं, इसलिए सेहत को नजरअंदाज न करें। पांचवें भाव के राहु और बुध फैसलों में कन्फ्यूजन पैदा कर सकते हैं, अतः किसी बड़े निवेश से आज बचें। भाग्य भाव के बृहस्पतिदेव अनुभवी लोगों से सही सलाह दिलाएंगे। करियर में कड़ा कॉम्पिटिशन मिल सकता है, लेकिन आपकी वाणी ही आपको जीत दिलाएगी।

    वृश्चिक राशि: आज पैसों के लेन-देन और अपनी बातचीत में संतुलन और समझदारी दिखाना बहुत जरूरी है। दूसरे भाव में चंद्रदेव के होने से आपका पूरा ध्यान बैंक बैलेंस और परिवार की जरूरतों पर रहेगा। आठवें भाव के बृहस्पतिदेव आपको गुप्त समस्याओं को मैच्योरिटी के साथ सुलझाने की शक्ति देंगे। शाम होते-होते चंद्रदेव आपके तीसरे भाव में प्रवेश करेंगे, जिससे आपके साहस और बातचीत के ढंग में सुधार होगा। पांचवें भाव में सूर्यदेव और शनिदेव की मौजूदगी की वजह से संतान या प्रेम संबंधों में थोड़ी चिंता रह सकती है। चौथे भाव के राहु और बुध घर के माहौल में थोड़ी बेचैनी पैदा कर सकते हैं, इसलिए शांत रहें। छठे भाव के शुक्रदेव ऑफिस में कुछ चुनौतियां दे सकते हैं, अतः विवादों से दूर रहें। आर्थिक प्लानिंग के लिए दिन का पहला हिस्सा बहुत अच्छा है। सेहत के लिए तनाव को खुद पर हावी न होने दें।

    धनु राशि: आज आपका व्यक्तिगत फोकस अब प्रैक्टिकल और आर्थिक मजबूती की तरफ मुड़ेगा। आज सुबह चंद्रदेव आपकी अपनी ही राशि में गोचर कर रहे हैं, जिससे आप काफी ऊर्जावान और उत्साहित महसूस करेंगे। पांचवें भाव के शुक्रदेव आपकी लव लाइफ और क्रिएटिविटी में खुशियां भर रहे हैं। शाम होते ही चंद्रदेव आपके दूसरे भाव यानी धन भाव में चले जाएंगे, जिससे आपका फोकस अपनी पर्सनालिटी से हटकर बैंक बैलेंस की ओर मुड़ जाएगा। चौथे भाव में सूर्यदेव, मंगलदेव और शनिदेव की स्थिति घर में थोड़ी अशांति या मन में बेचैनी पैदा कर सकती है। तीसरे भाव के राहु और बुध बातचीत में कन्फ्यूजन ला सकते हैं, इसलिए कोई भी वादा सोच-समझकर करें। सातवें भाव के बृहस्पतिदेव पार्टनरशिप में मजबूती और सहयोग दिलाएंगे। आर्थिक मोर्चे पर शाम का समय बजट बनाने के लिए उत्तम है। सेहत के लिए भावनाओं पर काबू रखना जरूरी है।

    मकर राशि: अंदरूनी सोच-विचार अब आत्मविश्वास और खुद के लिए कुछ करने के जज्बे में बदल जाएगा। आज सुबह चंद्रदेव आपके बारहवें भाव में रहेंगे, जिससे आप थोड़ा अकेलापन या सुस्ती महसूस कर सकते हैं। छठे भाव के बृहस्पतिदेव आपको जिम्मेदारियों और मुश्किलों को बखूबी संभालने की शक्ति प्रदान करेंगे। शाम होते ही चंद्रदेव आपकी अपनी राशि में प्रवेश करेंगे, जिससे आपकी ऊर्जा और आत्मविश्वास में जबरदस्त उछाल आएगा। तीसरे भाव में बैठे सूर्यदेव और शनिदेव आपके साहस को बढ़ा रहे हैं, लेकिन भाई-बहनों से अनबन हो सकती है। दूसरे भाव के राहु और बुध पैसों के मामलों में कन्फ्यूजन पैदा कर सकते हैं, इसलिए लेन-देन में सावधानी बरतें। चौथे भाव के शुक्रदेव परिवार का पूरा सपोर्ट दिलाएंगे। करियर में शाम का समय बड़े फैसले लेने के लिए बहुत शानदार है। सेहत के लिए दिन का पहला हिस्सा थोड़ा भारी रह सकता है, पर शाम तक ताजगी महसूस होगी।

    कुंभ राशि: आज मिलने वाले लाभ अब आत्म-चिंतन और भावनात्मक गहराई की ओर मुड़ जाएंगे। ग्यारहवें भाव के चंद्रदेव आपको दोस्तों और सोशल नेटवर्क के जरिए लाभ दिलाने में मदद करेंगे। पांचवें भाव के बृहस्पतिदेव आपकी रचनात्मकता और सही निर्णय लेने की क्षमता को बढ़ा रहे हैं। जैसे ही शाम होगी, चंद्रदेव आपके बारहवें भाव में प्रवेश करेंगे, जिससे मन थोड़ा शांत और एकांत की तलाश करेगा। आपके पहले भाव में राहु और बुध की मौजूदगी ओवर-थिंकिंग या जल्दबाजी में गलत फैसले करवा सकती है, इसलिए धैर्य रखें। दूसरे भाव के सूर्यदेव और शनिदेव धन और वाणी पर दबाव बना सकते हैं, अतः परिवार में बहस से बचें। तीसरे भाव के शुक्रदेव आपकी बातचीत में आत्मविश्वास भरेंगे। आर्थिक रूप से आज लाभ के योग हैं, लेकिन शाम के समय अचानक खर्चे बढ़ सकते हैं। सेहत के लिए मेडिटेशन और पर्याप्त आराम बहुत जरूरी है।

    मीन राशि: करियर पर लगा आपका पूरा ध्यान अब लाभ और भविष्य की प्लानिंग की ओर मुड़ेगा। विशेष रूप से आज सुबह दसवें भाव में चंद्रदेव के गोचर से आपका पूरा फोकस करियर और अपनी छवि पर रहेगा। दूसरे भाव के शुक्रदेव आपकी वाणी में मिठास लाएंगे और आर्थिक लाभ के अवसर प्रदान करेंगे। शाम होते ही चंद्रदेव आपके ग्यारहवें भाव में चले जाएंगे, जिससे आपकी इच्छाओं की पूर्ति और आय के नए स्रोत बन सकते हैं। हालांकि, आपकी अपनी राशि में सूर्यदेव, मंगलदेव और शनिदेव की मौजूदगी आपको थोड़ा चिड़चिड़ा या जल्दबाज बना सकती है। बारहवें भाव के राहु और बुध फालतू के खर्चे या नींद में खलल पैदा कर सकते हैं। चौथे भाव के बृहस्पतिदेव आपको भावनात्मक सुरक्षा और परिवार का साथ दिलाएंगे। करियर में आज आपकी मेहनत को सीनियर्स द्वारा पहचाना जाएगा। सेहत के मामले में तनाव और थकान से बचने के लिए रूटीन को संतुलित रखें।

  • सोमभद्रा तट पर सजेगा भव्य राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2026

    सोमभद्रा तट पर सजेगा भव्य राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2026

    मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे उत्सव का शुभारंभ ऊना/सुशील पंडित: राज्य स्तरीय हरोली उत्सव-2026 इस वर्ष प्राकृतिक सुंदरता से परिपूर्ण सोमभद्रा नदी तट पर हरोली-रामपुर पुल के समीप रोड़ा मैदान में 11 से 14 अप्रैल तक भव्य स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है। इस राज्य स्तरीय उत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे। वे  11 अप्रैल को जलशक्ति विभाग के विश्राम गृह हरोली से आयोजन स्थल तक  निकलने वाली शोभायात्रा में सम्मिलित होकर उत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे। एसडीएम हरोली एवं उत्सव संयोजक विशाला शर्मा ने बताया कि इस वर्ष उत्सव को प्रकृति और संस्कृति के संगम के रूप में प्रस्तुत करने के उद्देश्य से पहली बार नदी तट पर इसका आयोजन किया जा रहा है, जिससे यह वैसाखी पर्व के पारंपरिक महत्व के और अधिक निकट होगा।
    प्रसिद्ध पंजाबी और स्थानीय प्रतिभाओं से सजेगी सांस्कृतिक संध्याएँ उत्सव के दौरान 4 दिन आयोजित होने वाली स्टार नाइट्स विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इसमें हिमाचल के साथ-साथ पंजाब के प्रसिद्ध कलाकार अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। वैसाखी पर्व से जुड़े इस आयोजन में प्रसिद्ध पंजाबी गायक गिप्पी ग्रेवाल और एमी विर्क समेत अनेक प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे और सोमभद्रा तट को वैसाखी के रंगों से सराबोर करेंगे। विशाल शर्मा ने बताया कि उत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम आयोजित होने वाली स्टार नाइट्स में लोकप्रिय कलाकार मंच को अपनी ऊर्जावान प्रस्तुतियों से सजायेंगे। 11 अप्रैल की संध्या में पंजाब के प्रसिद्ध कलाकार गिप्पी ग्रेवाल, 12 अप्रैल को   जी. खान और प्रभ गिल, 13  अप्रैल को हिमाचल के सुप्रसिद्ध कलाकार कुलदीप कुमार एवं अनुज शर्मा और 14 अप्रैल को गुलरेज़ अख़्तर एवं एमी विर्क राज्य स्तरीय हरोली उत्सव में अपने सुरों का जादू बिखेर कर लोगों का मनोरंजन करेंगे। वहीं, विशाल शर्मा ने बताया कि सांस्कृतिक संध्याओं में प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले स्थानीय कलाकारों के ऑडिशन भी लिए गए हैं। यादगार आयोजन के लिए प्रशासन की तैयारियाँ तेज उपमुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिला प्रशासन ने उत्सव को सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि यह उत्सव जनभागीदारी, सांस्कृतिक गौरव और क्षेत्रीय पहचान का प्रतीक बने। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं ताकि उत्सव को स्मरणीय और तैयारियों को मुकम्मल किया जा सके। विभिन्न आयोजनों से सजेगा उत्सव उत्सव में पशु मेला, डॉग शो और बेबी शो का आयोजन भी किया जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा 14 अप्रैल को रोजगार मेला भी आयोजित किया जाएगा जिनमें नामी कंपनियों भाग लेंगी। हरोली उत्सव – परंपरा, प्रकृति और प्रगति का संगम सोमभद्रा नदी तट पर आयोजित होने वाला यह उत्सव न केवल सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन करेगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और पारंपरिक महत्व को भी सुदृढ़ करेगा। प्रशासन और स्थानीय जनता की सहभागिता से यह उत्सव हरोली की पहचान को नई ऊँचाई देने वाला ऐतिहासिक आयोजन बनने जा रहा है।
  • Jalandhar News: APJ College के बाहर हुआ हंगामा, पुलिस पर लगे नशे में कार चालक को रोकने के आरोप, देखें वीडियो

    Jalandhar News: APJ College के बाहर हुआ हंगामा, पुलिस पर लगे नशे में कार चालक को रोकने के आरोप, देखें वीडियो

    जालंधर: महानगर में स्थित APJ कॉलेज के बाहर उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब ट्रैफिक पुलिस द्वारा एक युवक का चालान काटने के लिया रोका गया। मिली जानकारी के अनुसार युवक अपनी गर्भवती पत्नी को अस्पताल ले जा रहा था, क्योंकि उसे अचानक दर्द शुरू हो गया था। इस वजह से वह काफी घबराया हुआ था और जल्दी अस्पताल पहुंचना चाहता था। जब युवक ने पुलिस से कार रोकने का कारण पूछा तो पुलिस ने कहा कि उसने सीट बेल्ट नहीं लगाई हुई थी। इसी बात को लेकर मामला बढ़ गया। युवक का आरोप है कि उसने पुलिस से बार-बार विनती की कि वे उसका चालान काट लें, लेकिन उसे जाने दें क्योंकि उसकी पत्नी दर्द से परेशान थी। इसके बावजूद पुलिस ने गाड़ी को वहीं रोककर रखा। युवक ने बताया कि उसने पुलिस को मेडिकल रिपोर्ट भी दिखाईं, ताकि वे उसकी स्थिति समझ सकें, लेकिन पुलिसकर्मी डॉक्यूमेंट चेक करने पर अड़े रहे और उसकी बात नहीं सुनी। पुलिस पर शराब पीने का लगा आरोप युवक ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह पुलिसकर्मियों के पास गया, तो उसे उनसे शराब की बदबू आ रही थी। जब युवक ने पुलिस की इस हरकत का वीडियो बनाना शुरू किया, तो मौके पर मौजूद ट्रैफिक अधिकारी ने एक मुलाजिम को वहां से भगा दिया। इसके बाद अधिकारी खुद भी ट्रैफिक बूथ को ताला लगाकर वहां से चले गए। दर्द बयां करते हुए रो पड़ा युवक युवक ने बताया कि वह अपनी पत्नी को एक प्राइवेट अस्पताल ले जा रहा था। उसने पुलिस से बहुत गुहार लगाई, लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। अपनी आपबीती सुनाते हुए वह रो पड़ा और कहा कि अगर उसकी पत्नी को कुछ हो गया, तो वह जिम्मेदार पुलिसकर्मियों को नहीं छोड़ेगा।            
  • श्रीमद्भागवत कथा का दूसरा दिन: गलती हो जाए तो प्रायश्चित जरूर करें: स्वामी भागवत शरण जी महाराज

    श्रीमद्भागवत कथा का दूसरा दिन: गलती हो जाए तो प्रायश्चित जरूर करें: स्वामी भागवत शरण जी महाराज

    ऊना/सुशील पंडित: जीवन जीना सीखना है तो श्री रामायण से सीखो और मरना सीखना है तो भागवत गीता से सीखो। त्रिवेणी संगम में गंगा, जमुना, सरस्वती का मिलन होता है। मिलन में गंगा जमुना तो दिखाई देती हैं लेकिन सरस्वती को कोई नहीं देख पाता, सरस्वती को देखने के लिए कई बार प्रयास करने पड़ते हैं लेकिन सफलता नहीं मिलती। इसी तरह गीता में विज्ञान, वैराग्य और भक्ति है, लेकिन विज्ञान और वैराग्य तो दिखाई देता है लेकिन भक्ति नहीं दिखाई देती, भक्ति को देखने के लिए लीन होना पड़ता है।
    यह वचन कथा व्यास श्रीधाम वृंदावन से पधारे स्वामी भगवत शरण जी महाराज ने गांव बदोली में चल रही सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद भागवत कथा के दौरान दिए। इसके अलावा व्यास नारद संवाद परीक्षित जन्म वक्ता के दस लक्षण, रसिका भूवि भाविका, कुंती चरित्र, विदुर मैत्री प्रसंग की कथा श्रवण कराई। बदोली गांव के ठाकुर द्वारा मंदिर प्रांगण में आठ अप्रैल से सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा के दूसरे दिन कथा व्यास स्वामी भागवत शरण जी महाराज ने द्वितीय दिवस ज्ञान भक्ति वैराग्य की कथा श्रवण करते हुए मोक्ष प्राप्ति की कथा श्रवण कराई।
    साथ ही व्यास नारद संवाद, परीक्षित जन्म, वस्ता के दस लक्षण, रसिका भूवि भाविका, कुन्ती चरित्र सहित विदुर मैत्री प्रसंग की कथा श्रवण कराई। कथा व्यास बागेश्वर धाम सरकार ने बताया कि हमेशा मधुर मीठा बोलो, वाणी के सुर सुधार लो, जिस तरह कौवा दिन भर कांय कांय करता है लेकिन कोई नहीं सुनता लेकिन जब कोयल बोलती है तो सब ध्यान से सुनते हैं इसी लिए कोयल बनो कौवा नहीं।
    जीव का कल्याण भगवत भजन से होगा क्योंकि जीव का जन्म प्रभु की भक्ति के लिए हुआ है, प्रभु का भजन जो जीव नहीं करता है पशु के समान होता है। अगर कल्याण चाहते हैं तो जन्म मरण के चक्कर से बचना चाहते हैं तो हरी भेजों, भगवान का भजन का भजन ही सार है बाकी सब बेकार है। इसके अलावा कथा व्यास महाराज ने कई प्रसंग सुनाए।
         
  • उपायुक्त ने विद्यालयों में मधुमक्खी, ततैया एवं अन्य कीटों से सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु जारी की एडवाइजरी

    उपायुक्त ने विद्यालयों में मधुमक्खी, ततैया एवं अन्य कीटों से सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु जारी की एडवाइजरी

    ऊना/सुशील पंडित: उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने ऊना जिला के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्य / विद्यालय प्रशासन को विद्यालय परिसरों में मधुमक्खी, ततैया सहित अन्य कीटों को लेकर एडवाइजरी की है। उन्होंने कहा कि आगामी मौसम में प्रायः विद्यालय परिसरों, भवनों की छतों, पेड़ों, खाली कमरों, स्टोर, बरामदों तथा आसपास के स्थानों पर मधुमक्खियों, ततैया एवं रंगड़ (जंगली कीट) के छत्ते बन जाने की घटनाएँ देखने में आती हैं। ऐसे छत्ते विद्यार्थियों, अध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यालय के आसपास रहने वाले आमजन की सुरक्षा के लिए संभावित खतरा उत्पन्न कर सकते हैं। इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से सभी विद्यालय प्रशासन को एहतियात बरतने तथा आवश्यक निवारक उपाय समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
    सावधानियां/उपाय
    उपायुक्त ने बताया कि विद्यालय परिसर, कक्षाओं, छतों, बरामदों, स्टोर रूम, शौचालयों, पेड़ों के आसपास तथा विद्यालय की चारदीवारी के निकट नियमित रूप से सफाई बनाए रखी जाए, ताकि कीट-पतंगों के छत्ते बनने की संभावना कम रहे। साथ ही, भवनों की छत, कमरों के कोने, खिड़कियों के ऊपर, पानी की टंकियों के आसपास, पेड़ों, झाड़ियों तथा कम उपयोग में आने वाले स्थानों का समय-समय पर निरीक्षण करें, जिससे छत्ता बनने की स्थिति प्रारम्भ में ही चिन्हित की जा सके। इसके अलावा यदि किसी स्थान पर मधुमक्खी / ततैया / रंगड़ का छत्ता बनाता हुआ या बना हुआ पाया जाए तो विद्यालय प्रशासन द्वारा स्थानीय निकाय की सहायता लेकर सुरक्षित तरीके से हटवाया जाए। इस बारे में विद्यार्थियों को भी समय-समय पर जागरूक किया जाए कि वे मधुमक्खियों/ ततैया के छत्तों के पास न जाएं, पत्थर न मारें और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें।विद्यार्थियों की सुरक्षा के दृष्टिगत ऐसे स्थानों को अस्थायी रूप से प्रतिबंधित किया जाए जहाँ खतरे की संभावना हो। उन्होंने सभी उपरोक्त सावधानियों का गंभीरतापूर्वक पालन करते हुए आवश्यक निवारक एवं सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा ताकि विद्यार्थियों एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।