Blog
-

दिल्ली के AIIMS अस्पताल में भर्ती हुए पूर्व उपराष्ट्रपति, कुछ दिन पहले भी हुए थे बेहोश
नई दिल्ली: पूर्व राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को आज दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्वेद विज्ञान संस्थान में भर्ती करवाया गया है। अधिकारियों के अनुसार, वह पिछले हफ्ते भी दो बार बेहोश हुए थे जिसके बाद डॉक्टर्स की टीम ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करके एमआरआई समेत बाकी जांच करवाने की सलाह दी। 10 जनवरी को धनखड़ को बाथरुम जाते समय दो बार बेहोश की हालात का सामना करना पड़ा था। सोमवार को वो नियमित जांच के लिए एम्स में पहुंचे थे परंतु डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए तत्काल अस्पताल में भर्ती करने का फैसला किया। -

कांग्रेस की नौटंकी केवल हाईकमान को खुश करने के लिए: जयराम ठाकुर
बोले, सिरमौर बस हादसा स्थल और अर्की अग्निकांड ने दिखाई मुख्यमंत्री की संवेदनहीनता
ऊना/शिमला/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार और उसके नेताओं पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने योजनाओं के नाम और स्वरूप को लेकर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों को ‘महज एक नौटंकी’ करार देते हुए कहा कि कांग्रेसी नेता केवल अपने दिल्ली स्थित हाईकमान की नजरों में बने रहने के लिए सड़कों पर उतर रहे हैं। शिमला से जारी बयान में जयराम ठाकुर ने स्पष्ट किया कि इन नेताओं को विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी ‘जी-राम-जी’ योजना की जमीनी हकीकत और तथ्यों की जानकारी तक नहीं है।
जयराम ठाकुर ने केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली मदद पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य के हितों की रक्षा के लिए केंद्र पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता जनता के बीच यह भ्रम फैलाना बंद करें कि प्रदेश को मिलने वाली मदद में कटौती हुई है। हिमाचल को पूर्ववत 90:10 के अनुपात में ही केंद्रीय सहायता मिलती रहेगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता केवल विरोध की राजनीति कर रहे हैं, जबकि उन्हें यह भी मालूम नहीं है कि विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी ‘जी-राम-जी’ में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है।
मनरेगा के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को यह बताना चाहिए कि क्या मनरेगा का नाम पहले नरेगा नहीं था? उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार योजनाओं में पारदर्शिता लाने और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक बदलाव कर रही है ताकि जनता को सीधा और अधिक लाभ मिल सके। इन सुधारों से बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी और पात्र लोगों को उनका हक मिलेगा।
प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता जनता को गुमराह करना छोड़ें और अपने राज्य के बिगड़ते हालातों पर मुख्यमंत्री से जवाब मांगें। उन्होंने आरोप लगाया कि आज प्रदेश में विकास के काम पूरी तरह ठप पड़े हैं। मुख्यमंत्री की संवेदनहीनता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक के बाद एक बड़े हादसे हो रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री के पास जनता का दर्द सुनने का समय नहीं है।
उन्होंने हाल की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सिरमौर में हुए दर्दनाक बस हादसे और अर्की में हुए भयंकर अग्निकांड, जिसमें लोग जिंदा जल गए, जैसी घटनाओं के बाद भी मुख्यमंत्री मौके पर नहीं गए। यह दर्शाता है कि वर्तमान सरकार को जनता के दुख-दर्द से कोई संवेदना नहीं है। ठाकुर ने कड़े शब्दों में कहा कि मुख्यमंत्री को सिर्फ अपने मित्रों के काम करने में दिलचस्पी है और वे शिमला के माल रोड की सैर से ही खुश हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि आज शेष हिमाचल की जनता विकास न होने और सरकार की बेरुखी से त्राहि-त्राहि कर रही है, लेकिन मुख्यमंत्री के पास प्रदेश की समस्याओं को सुलझाने के लिए समय नहीं है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को नसीहत दी कि वे केंद्र पर झूठे आरोप लगाने के बजाय अपनी सरकार की विफलताओं का आत्मचिंतन करें।
-

रूसी टैंकर समेत हिमाचल का लाल अमेरिका के कब्जे में… PM मोदी से मदद की गुहार, अगले महीने होनी है शादी
हिमाचल। वेनेजुएला के तेल को लेकर अमेरिका की कार्रवाई ने हिमाचल के एक परिवार को मुसीबत में डाल दिया है। इस मुसीबत लेकर परिवार ने देश के प्रधानमंत्री मोदी से मदद की गुहार लगाई है। आपको बतादें, कि अमेरिकी सेना ने जिस तरह से वेनेजुएला में आधी रात को धावा बोल राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को उनके बिस्तर से खींचकर न्यूयॉर्क की जेल में रखा है। जिसके बाद कार्रवाई करते हुए अमेरिका ने रूसी ध्वज वाले एक टैंकर को जब्त किया है।
परिजनों ने पीएम मोदी से लगाई मदद की गुहार
अमेरिका ने रूसी ध्वज वाले एक टैंकर को जब्त किया है। इस टैंकर के चालक दल में तीन भारतीय शामिल हैं। इनमें से एक हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के 26 वर्षीय मर्चेंट नेवी अधिकारी शामिल हैं। वहीं, जैसे इस पूरी घटना की जानकारी परिवार को लगी। वैसे ही पूरे परिवार के सदस्यों में हड़कंप मच गया। इसके बाद परिवार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से उनकी सुरक्षित भारत वापसी कराने के लिए अपील की है।अमेरिका ने किया टैंकर जब्त
अमेरिका ने रूसी झंडे वाले एक टैंकर को जब्त किया है। इस टैंकर पर कुल 28 लोग सवार थे। इसमें 3 भारतीय, 20 यूक्रेनी, 6 जॉर्जियाई और 2 रूसी शामिल थे। टैंकर पर सवार भारतीयों में एक हिमाचल का 26 वर्षीय मर्चेंट नेवी अधिकारी भी हैं।अमेरिकी अधिकारियों ने इस जहाज को उत्तरी अटलांटिक महासागर में 7 जनवरी को जब्त किया। बताया गया है कि अमेरिकी सेना ने पहले वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को उनके घर से गिरफ्तार कर न्यूयॉर्क की जेल में रखा था। इसके बाद अमेरिका ने इस रूसी टैंकर को जब्त किया। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के रहने वाले रक्षित चौहान इस टैंकर पर सवार हैं। रक्षित मर्चेंट नेवी में शामिल हैं और उन्हें उनके रूसी नियोक्ता ने वेनेजुएला की तेल डिलीवरी के लिए भेजा था।
परिवार ने बताया कि रक्षित की शादी 19 फरवरी को होनी है। उनकी मां रीता देवी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कृपया मेरे बेटे को सुरक्षित भारत वापस लाया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री से अपील की कि गोवा और केरल के अन्य दो भारतीय कर्मियों की भी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाए।
टैंकर में चालक दल के 28 सदस्य थे सवार
परिवार ने बताया कि रक्षित मर्चेंट नेवी में 1 अगस्त, 2025 को शामिल हुए थे। वेनेजुएला तेल लेने के लिए टैंकर पर भेजे गए थे। जहाज को सीमा पर 10 दिन तक रोकने के बाद रूसी कंपनी उसे वापस बुला रही थी, तभी अमेरिकी अधिकारियों ने उसे जब्त कर लिया। टैंकर पर कुल 28 लोग सवार थे। तीन भारतीय, 20 यूक्रेनी, 6 जॉर्जियाई और 2 रूसी। फिलहाल सभी चालक दल के सदस्य हिरासत में हैं।अगले महीने होनी है शादी
रक्षित की मां रीता देवी ने प्रधानमंत्री मोदी से अपील करते हुए कहा, कृपया मेरे बेटे की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करें। मीडिया को जानकारी देते हुए रीता देवी ने बताया कि रक्षित की शादी 19 फरवरी को होनी है। उन्होंने कहा, “हमारी आखिरी बार सात जनवरी को रक्षित से बात हुई थी और हम भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि वह सुरक्षित लौट आए।” साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री से यह भी अपील की कि गोवा और केरल के दो अन्य भारतीय सदस्यों की भी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाए। -

Punjab News: पुलिस मुठभेड़ में गोल्डी ढिल्लो गिरोह के 2 शूटर घायल, देखें वीडियो
पटियालाः जिले में पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हो गई। जहां गोल्डी ढिल्लो गिरोह के 2 शूटर पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार दोनों शूटर चमकौर साहिब इलाके के रहने वाले हैं। वहीं मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी वरुण शर्मा ने हुए बताया कि बीते 13 दिसंबर की रात को गद्दो माजरा में एक फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें गोल्डी ढिल्लो द्वारा करवाई गई।
इस फायरिंग के मामले में 75 वर्षीय बुजुर्ग बलदेव सिंह को गोली लगी थी। इस घटना में बाद में यूएसए में बुजुर्ग के बेटे को फिरौती के लिए फोन कॉल किए गए थे। एसएसपी ने कहा कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आज ये दोनों ही शूटर दिड़बा इलाके में हैं और दिड़बा से पटियाला आ सकते हैं।
जब रास्ते में पुलिस ने नाकेबंदी की तो इन लोगों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की सीआईए स्टाफ टीम ने इन दोनों शूटरों को घायल कर दिया और इन्हें पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इन व्यक्तियों के पास से 30 मिमी के 32 बोर के फॉरेन मेड हथियार बरामद किए गए हैं और इनके पास से एक चोरी का मोटरसाइकिल भी बरामद किया गया है।
-

Haryana News: मिड डे मिल योजना के कर्मियों ने लगाया धरना, रखी ये मांग, देखें वीडियो
पंचकूला: मिड डे मील योजना से जुड़े हुए कर्मियों ने आज धरना स्थल पर अपनी मांगों को लेकर धरना दिया। कर्मियों ने कहा कि जब उनका काम नियमित रुप से हो रहा है तो उनकी नौकरी को स्थायी दर्जा क्यों नहीं दिया जा रहा है। धरने पर मौजूद सभी कर्मियों ने वेतन न मिलने की समस्या उठाई।
उन्होंने यह आरोप लगाया है कि उन्हें हर महीने 7 तारीख से पहले वेतन क्यों नहीं मिलता। इससे उन्हें परिवार को चलाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार उनका वेतन लंबित ही पड़ रहता है। इसके अलावा इस दौरान सभी कर्मियों ने सरकार के सबका साथ सबका विकास नारे पर भी सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि यदि यह नारा सच्चा है तो सालों से सेवा दे रहे मिड डे मील कर्मियों को भी इसका फायदा होना चाहिए। समय पर वेतन भुगतान की मांग को लेकर उन्होंने सरकार से जल्द ही ठोस निर्णय लेने के लिए कहा है। धरना दे रहे कर्मियों ने यह चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्दी कार्रवाई नहीं हुई तो वो आंदोलन को और भी तेज कर देंगे।
-

Punjab News: 328 स्वरूप मामले में कोहली और कमलजीत को लेकर कोर्ट का आया फैसला, देखें वीडियो
अमृतसरः गुरु ग्रंथ साहिब के 328 पावन स्वरूप के मामले में गिरफ्तार एसएस कोहली और कमलजीत सिंह को एक बार फिर माननीय अदालत में पेश किया गया। जहांअदालत ने मामले की सुनवाई के बाद दोनों को 10 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश जारी किए। उल्लेखनीय है कि इस संवेदनशील मामले में पुलिस की ओर से कुल 16 व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी, लेकिन अब तक केवल 2 व्यक्ति ही गिरफ्तार किए जा सके हैं। इसी कारण जांच की रफ्तार को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले को लेकर धार्मिक और सामाजिक वर्गों की ओर से इंसाफ की मांग की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और बाकी आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बता दें कि आज श्री अकाल तख्त साहिब जी के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज द्वारा 328 पावन स्वरूपों के मामले को लेकर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए। इस संबंधी शिरोमणि कमेटी के गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने बताया कि सरकार द्वारा 328 स्वरूपों के मामले में दर्ज की गई एफआईआर और बनाई गई सिट को 328 स्वरूपों से संबंधित सभी उपलब्ध दस्तावेज़ शिरोमणि कमेटी के अध्यक्ष की अगुवाई में उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से इस मामले को लेकर बड़ा विवाद हो रहा था और इसी के कारण संगत में भ्रम पैदा हुआ कि शिरोमणि कमेटी शायद दोषियों को बचाने की कोशिश कर रही है। ऐसे में इस भ्रम को दूर करने के लिए ही अकाल तख्त साहिब से यह स्पष्ट दिशानिर्देश जारी किए गए हैं।
ग्रेवाल ने कहा कि पिछले समय में शिरोमणि कमेटी ने यह मामला श्री अकाल तख्त साहिब को सौंपा था, जिसके बाद ज्ञानी ईशर सिंह जी की अगुवाई में जांच की गई। इस जांच के दौरान 16 व्यक्तियों को दोषी पाया गया और उन्हें सज़ाएं दी गईं, जिन्हें शिरोमणि कमेटी ने पूरी तरह लागू किया। यहां तक कि हाईकोर्ट से बहाल होकर आए 4 कर्मचारी भी अकाल तख्त साहिब के आदेशों के मद्देनजर स्वीकृत नहीं किए गए। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग गुरु ग्रंथ साहिब जी के संवेदनशील मामले पर बेवजह विवाद खड़ा करके अपमानजनक या ऊंची-नीची भाषा इस्तेमाल कर रहे हैं।
उन्होंने जांच रिपोर्ट का भी हवाला देते हुए कहा कि इसी के आधार पर 16 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई हुई और लगभग 95 पर्च दर्ज किए गए, जिसमें स्पष्ट लिखा था कि कोई भी राजनीतिक पार्टी इस मामले से राजनीतिक लाभ ना उठाए। गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने कहा कि शिरोमणि कमेटी अकाल तख्त साहिब के आदेशों का पालन करने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सरकार द्वारा 328 पावन स्वरूपों के मामले में चल रही जांच के परिणाम जल्द सामने आएंगे, ताकि गुरु ग्रंथ साहिब जी प्रति पैद हो रहे सभी भ्रम और आशंकाए दूर हो सकें।
-

Elante Mall में पहुंची कमांडो और डॉग स्क्वाड टीम
चंडीगढ़ः गणतंत्र दिवस 2026 को ध्यान में रखते हुए चंडीगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दी गई है। विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल सुनिश्चित करने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ऑपरेशन सेल द्वारा इंडस्ट्रीयल एरिया फेज 1 के एलांते मॉल इलाके में एक मॉक ड्रिल की गई। इस अभ्यास का आयोजन एसपी/ऑपरेशन्स गीतांजलि कठेलवाल (आईपीएस) के निर्देशन में और डीएसपी/ऑपरेशन्स विकास शायोकंद द्वारा निगरानी में किया गया। चंडीगढ़ प्रशासन की सभी आपातकालीन सेवाओं ने मॉक ड्रिल में सक्रिय भागीदारी की।
ड्रिल के दौरान, ऑपरेशन सेल कमांडो ने एलांते मॉल को घेर लिया और खाली करवाया। इसके बाद, ऑपरेशन सेल की हिट टीमों, बम डिस्पोजल स्क्वाड और डॉग स्क्वाड द्वारा एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन किया गया। तलाशी के दौरान, मॉल के सीबीटीएल एंट्री पॉइंट के पास एक डमी बम सफलतापूर्वक बरामद किया गया। प्रशिक्षण के दौरान, क्विक रिएक्शन टीमें (क्यूआरटी), पीसीआर वैन, जीएमएसएच-16 एंबुलेंस, डॉग स्क्वाड, बम स्क्वाड, पुलिस अस्पताल सेक्टर-26 एंबुलेंस, डायल-112, फायर ब्रिगेड, सिविल डिफेंस, मोबाइल फोरेंसिक टीम और इंडस्ट्रीयल एरिया पुलिस स्टेशन की एक टीम तुरंत घटना स्थल पर पहुंची।
इसके बाद, एलांते मॉल की पूरी तलाशी ली गई, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। बरामद किए गए डमी बम को रेत से भरे वाहन में रखा गया था और एक पायलट और एस्कॉर्ट पीसीआर वैन के साथ सेक्टर 26 की पुलिस लाइनों के खुले मैदान में ले जाया गया, जहां इसे सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी आपातकालीन स्थिति में तेज प्रतिक्रिया, तालमेल और तैयारी की जांच करना था, ताकि वास्तविक जीवन की स्थिति में किसी भी खतरे का प्रभावी ढंग से मुकाबला किया जा सके।
-

लोहड़ी और मकर संक्रांति के मौके पर हिमाचल के राज्यपाल-मुख्यमंत्री ने दी बधाई
शिमला: राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों को लोहड़ी व मकर संक्रांति के पावन अवसर पर बधाई दी है। राज्यपाल ने अपने बधाई संदेश में कहा कि यह त्योहार लोगों के जीवन में खुशहाली व समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोहड़ी का यह त्योहार सभी बुराइयों को समाप्त कर प्रदेशवासियों के जीवन में प्रसन्नता एवं बेहतर स्वास्थ्य लेकर आएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के उत्सव जहां एक ओर परिजनों के साथ खुशियां साझा करने का अवसर प्रदान करते हैं, वहीं इनसे आपसी भाईचारा भी मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार उत्सव एवं खुशियों के साथ-साथ नई फसल के आगमन का भी प्रतीक है।
-

सेब बागवानी से जुड़े विषयों पर मुख्यमंत्री की अहम बैठक
शिमला: बागवानी विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि 13 जनवरी, 2026 को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में प्रदेश के किसान और बागवान संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ सचिवालय में बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी भी इस बैठक में उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड के साथ हुआ मुक्त व्यापार समझौता प्रदेश के बागवानों के लिए चिंता का विषय है। इसी उद्देश्य के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में बागवानों और किसान-बागवान संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक में पूर्व विधायक व किसान सभा के अध्यक्ष राकेश सिंघा, संयुक्त किसान मंच के सह-संयोजक संजय चौहान, स्टोन फ्रूट ग्रोवर एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक सिंघा, प्रोग्रेसिव ग्रोवर एसोसिएशन के अध्यक्ष आशुतोष चौहान और अन्य बागवान संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
-

पीएनबी आरसेटी ऊना में 14 दिवसीय सॉफ्ट टॉय निर्माण एवं विपणन प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न
ऊना/सुशील पंडित: पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (पीएनबी आरसेटी), ऊना कार्यालय में उद्यमिता विकास कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित 14 दिवसीय सॉफ्ट खिलौने बनाने एवं उनके विपणन से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया।समापन समारोह में पंजाब नेशनल बैंक ऊना बचत भवन की वरिष्ठ शाखा प्रबंधक पूनम चंदेल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कर अब उन्हें शीघ्र ही अपना स्वयं का कार्य प्रारंभ करना चाहिए, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और समाज में रोजगार सृजन का माध्यम भी बनें। इस अवसर पर पीएनबी आरसेटी के निदेशक सुधीर कुमार शर्मा ने प्रतिभागियों को बैंक की विभिन्न ऋण एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे किसी भी कार्य को शुरू करने में संकोच न करें, आगे बढ़कर पहल करें और बैंक की ऋण योजनाओं का लाभ उठाकर पंजाब नेशनल बैंक के सहयोग से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाएं। कार्यक्रम संचालक एवं संकाय सदस्य आकाश भारद्वाज ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दुलेहड़ ग्राम पंचायत में आयोजित किया गया, जिसमें कुल 32 प्रतिभागियों ने भाग लिया। समापन अवसर पर आयोजित मूल्यांकन परीक्षा में 30 प्रतिभागियों ने सफलता पूर्वक उत्तीर्ण होकर आत्मनिर्भरता की दिशा में अपना पहला कदम रखा। आज की मूल्यांकन परीक्षा के आयोजन हेतु असेसर हरमेश राजपूत एवं पुष्पा शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रशिक्षक निर्मला देवी, समाजसेवी सुनीता रानी सहित अन्य उपस्थित रहे।