Home National सरकारी स्कूल की Class में अचानक गिरा छत का Plaster, 4 छात्राएं घायल

सरकारी स्कूल की Class में अचानक गिरा छत का Plaster, 4 छात्राएं घायल

0
सरकारी स्कूल की Class में अचानक गिरा छत का Plaster, 4 छात्राएं घायल

बांसवाड़ाः अभी 25 जुलाई को झालावाड़ के सरकारी स्कूल की घटना जिसमें छत गिरने से 7 स्टूडेंट्स की मौत हो गई थी, को लोग भूले नहीं थे कि आज फिर बांसवाड़ा के सरकारी स्कूल में हादसा हो गया। घाटोल (बांसवाड़ा) ब्लॉक स्थित अमरथून के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में छत का प्लास्टर क्लास रूम में पढ़ रहीं 4 लड़कियों के ऊपर अचानक गिर गया। गनीमत रही कि प्लास्टर का भारी हिस्सा किसी के सिर पर नहीं गिरा, लेकिन घटना में छात्रों को मामूली चोटें आई हैं।

जानकारी मुताबिक, 11वीं साइंस के क्लासरूम में सोमवार सुबह करीब सवा 9 बजे स्टूडेंट्स पढ़ाई कर रहे थे। तभी अचानक छत से प्लास्टर टूटकर नीचे आ गिरा। क्लास रूम में बैठीं 4 छात्राएं इसकी चपेट में आ गईं। मलबा टेबल-कुर्सियों पर बिखर गया। हादसे के दौरान तेज आवाज आई थी। इससे स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में गांव वाले भी आ गए थे। चडला निवासी पूजा, काली कुमारी, शारदा कुमारी और एक अन्य छात्रा घायल हुई हैं। इनको हॉस्पिटल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद लड़कियों को घर भेज दिया गया।

छात्राओं को पीठ और हाथ सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही संस्था प्रधान अरुण व्यास ने तत्काल घायलों को हॉस्पिटल भिजवाया और उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों और स्कूल प्रशासन के अनुसार विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति को लेकर कई बार ज्ञापन, प्रार्थना पत्र और सर्वे रिपोर्ट भेजी जा चुकी है। अब तक मरम्मत के लिए बजट स्वीकृत नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि जिस कक्षा में हादसा हुआ, वहां हाल ही में मरम्मत कार्य कराया गया था। इसके बावजूद प्लास्टर गिरने की घटना हुई है। यह निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े करता है।

घटना की सूचना मिलते ही मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार रावल, सीबीईओ केशवचंद्र बामणिया, अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे। बाद में डीईओ जयदीप पुरोहित, एसडीएम मनसुख डामोर, तहसीलदार हाबुलाल, पटवारी और गिरदावर ने भी मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विशेषज्ञों को बुलाकर भवन की जांच कराने, मरम्मत कार्य तेज करने, नए क्लास रूम और प्रयोगशालाओं के निर्माण के प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here