सिया के पिता प्रवीण गोयल ने भी अपनी पत्नी की बात का समर्थन किया। प्रवीण गोयल ने कहा कि उन्हें अब भी इस घटना पर विश्वास नहीं हो रहा है। केतन उनके परिवार का हिस्सा बन चुका था और वे उसे अपने बेटे की तरह मानते थे। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना बेटा खोया है, लेकिन वह हमारा भी बेटा था। हम उससे बेहद प्यार करते थे। वह होनहार, मिलनसार और मददगार लड़का था। घर में मरम्मत, प्लंबिंग या किसी भी काम में वह हमेशा आगे रहता था और कभी मना नहीं करता था।
सिया के माता-पिता का कहना है कि उन्हें चेतन चौधरी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। पूजा गोयल ने कहा कि सगाई के बाद सिया केवल केतन से ही बात करती थी। वहीं प्रवीण गोयल ने कहा कि उन्होंने आज तक चेतन को न देखा था और न ही वह कभी उनके घर आया। दोनों परिवारों के बीच वर्षों पुराने अच्छे संबंध थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार आमने-सामने की पूछताछ में सिया ने दावा किया कि वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और उसने यह बात केतन को बता भी दी थी। सिया का आरोप है कि केतन शादी तोड़ने के लिए तैयार नहीं था और उसने अपने परिवार के प्रभाव का हवाला देते कहा था कि वह इस रिश्ते से बाहर नहीं निकल पाएगी। हालांकि, सिया के इन दावों की पुष्टि अभी नहीं हुई है और उनकी सत्यता जांच के दायरे में है।