Home National सीवरेज लाइन के निर्माण दौरान धंसी मिट्टी, महिला सहित 3 मजदूरों की मौत

सीवरेज लाइन के निर्माण दौरान धंसी मिट्टी, महिला सहित 3 मजदूरों की मौत

0
सीवरेज लाइन के निर्माण दौरान धंसी मिट्टी, महिला सहित 3 मजदूरों की मौत

बालोदः जिले में मिट्टी धंसने से 3 मजदूरों की दबकर मौत का मामला सामने आया है। मृतकों में 2 पुरुष और एक महिला शामिल है। दल्लीराजहरा में दास पान ठेला चौक के पास यह हादसा हुआ। मजदूर सीवरेज पाइप बिछाने के लिए खुदाई कर रहे थे, तभी अचानक मिट्टी धंस गई और वे 10 फीट गहरे गड्ढे में दब गए। मृतकों की पहचान किशुन कुमार, राकेश कुमार और बैशाखिन के रूप में हुई है।

जानकारी मुताबिक, बीएसपी की सीवरेज लाइन विस्तार प्रोजेक्ट के तहत गहरी खुदाई कर पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक मिट्टी भरभराकर ढह गई और गड्ढे के भीतर काम कर रहे मजदूरों को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मजदूरों से बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के 10 फीट गहरे गड्ढे में काम कराया जा रहा था। न तो सुरक्षा बैरिकेडिंग थी और न ही मिट्टी धंसने से बचाव के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। लोगों ने निर्माण कार्य में लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप लगाए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बीएसपी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य चलाया गया, लेकिन तब तक तीनों मजदूरों की जान जा चुकी थी। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here