अमृतसरः सफाई कर्मचारियों के हक में पिछले कई दिनों से अमृतसर के भंडारी पुल पर चल रहे धरने के दौरान शनिवार को उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब विभिन्न वाल्मीकि संगठनों के नेताओं के बीच तीखी बहस हो गई। इसके बाद कुछ संगठनों के प्रतिनिधियों ने मीडिया से बातचीत करते हुए वाल्मीकि नेता ओम प्रकाश गब्बर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की मांग की। पत्रकारों से बातचीत के दौरान एक वाल्मीकि नेता ने कहा कि ओम प्रकाश गब्बर लगातार समाज के कुछ लोगों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करते हैं और गवाल मंडी के लोगों को निशाना बनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन को मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई तो समाज की बैठक कर अगला फैसला लिया जाएगा। वहीं एक महिला वाल्मीकि नेता ने कहा कि वे भूख हड़ताल पर बैठे लोगों का हालचाल पूछने के लिए भंडारी पुल पहुंचे थे, जहां ओम प्रकाश गब्बर और उनके साथियों से तकरार हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार और गाली-गलौज की गई। महिला नेता ने दावा किया कि उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दी है और मांग की है कि शिकायत की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय पर एफआईआर दर्ज न हुई तो वे भंडारी पुल पर पुनः धरना देंगे। दूसरी ओर, पुलिस अधिकारी ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि मामले संबंधी मिली शिकायतों की तस्दीक की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार जो भी उचित कार्रवाई होगी, वह की जाएगी।
